छत्तीसगढ़ - Newsportal | Chhattisgarh Darpan Media Group

छत्तीसगढ़

50 फीसदी से ज्यादा आरक्षण असंवैधानिक : हाईकोर्ट

 बिलासपुर (छत्तीसगढ़ दर्पण)। हाईकोर्ट ने 50 फीसदी से ज्यादा आरक्षण को असंवैधानिक करार दिया है। यह मामला 2012 में राज्य सरकार द्वारा सरकारी नियुक्तियों और मेडिकल, इंजीनियरिंग व अन्य कॉलेजों में एडमिशन पर 58 फीसदी आरक्षण के फैसले से जुड़ा है। इस पर फैसला सुनाते हुए छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट के चीफ जस्टिस अरूप कुमार गोस्वामी और जस्टिस पीपी साहू की डिविजन बैंच ने 58 फीसदी आरक्षण को रद्द कर दिया है।


2012 में तत्कालीन सरकार ने 58 फीसदी आरक्षण देने का फैसला किया था। इससे क्षुब्ध होकर डॉ. पंकज साहू एवं अन्य, अरुण कुमार पाठक एवं अन्य ने अधिवक्ता मतीन सिद्दीकी, विनय पांडेय एवं अन्य के जरिए हाईकोर्ट में याचिका लगाई थी। याचिकाकर्ताओं ने निवेदन किया था कि 50 फीसदी से ज्यादा आरक्षण सुप्रीम कोर्ट के दिशा निर्देशों के विरुद्ध और असंवैधानिक है। इन सभी मामलों की सुनवाई करते हुए चीफ जस्टिस अरूप कुमार गोस्वामी और जस्टिस पीपी साहू की डिविजन बैंच ने फैसला सुरक्षित कर लिया था। इस पर सोमवार को फैसला सुनाते हुए यह आदेश दिया है कि 50 फीसदी से ज्यादा आरक्षण का प्रावधान असंवैधानिक है। इसे रद्द करते हुए डिविजन बैंच ने याचिकाओं को स्वीकृत कर लिया है।

 

 

और भी

राजमार्ग की जर्जर स्थिति की शिकायत केंद्रीय मंत्री गडकरी से...

रायगढ़ (छत्तीसगढ़ दर्पण)। इन दिनों जशपुर जिले के सड़कों की जर्जर स्थिति सोशल मिडिया में जमकर वायरल हो रही है। इन सड़कों में लोग अपनी जान जोखिम में डालकर रास्तों से होकर गुजरने को मजबूर है। आए दिनों  बरसात की वजह से सड़कों में बड़े बड़े गड्ढों बन जाते है। जिससे राहगीरों, स्कूली बच्चों, एवं वाहनों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है।

इन सड़कों से प्रतिदिन सैकड़ों ट्रक एवं यात्री बसें सहित अन्य वाहन अन्य राज्य को जाती है। जर्जर सड़कों के कारण लगातार दुर्घटनाएं होती रहती हैं। कई घंटों तक जाम की स्थिति बनी होती है। जिससे सड़कों में तालाबनुमा गड्ढों से लोगों को आर्थिक, मानसिक और शारीरिक रूप से जूझना पड़ रहा है। वहीं जशपुर भाजयुमो के जिला महामंत्री अवधेश गुप्ता व सौरभ शर्मा ने नागपुर में केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री नितिन जयराम गडकरी से उनके कार्यालय में मुलाकात कर सड़कों की बदहाल स्थिति को लेकर ज्ञापन सौंपा है। 

लिखित आवेदन के अनुसार कटनी से गुमला तक को जोड़ने वाली नेशनल हाईवे 43 के सड़क का कार्य रुका हुआ है। पत्थलगांव से अम्बिकापुर को जोड़ने वाली एचएच. 43 सड़क का पत्थलगांव शहर से लेकर फुलेता चौक तक जो लगभग 3 किलोमीटर की स्थिति बहुत ही जर्जर हो गई है। सड़क पर विगत 2- 3 वर्षों से बरसात के दिनों में हर 2-3 दिन में 10-10 घंटे की जाम लग रही है। साथ ही पत्थलगांव शहर से जशपुर को जोड़ने वाली एच. एच. 43 की सड़क भी पत्थलगांव शहर से लेकर पत्थलगांव शासकीय महाविद्यालय तक जिसकी दूरी लगभग 2 किलोमीटर है जो कि बहुत ही जर्जर अवस्था में है लगभग 2-3 वर्षों से बरसात के दिनों में हर दो तीन दिन बाद जाम की स्थिति बनती है।

शहर के इन दोनों मुख्य मार्गों के जर्जर स्थिति के कारण कई अप्रिय घटना घट चुकी है, और कई लोग अपने जान गवा चुके है। दोनों मुख्य मार्ग की जर्जर स्थिति होने के कारण पत्थलगांव शहर में आये दिन घंटो जाम लगता है। साथ ही पत्थलगांव शहर का जिला मुख्यालय जशपुर है जो कि पत्थलगांव से 113 कि.मी. पर स्थित है। सड़क के जर्जर स्थिति के कारण जिले से जुड़े किसी भी शासकीय कार्य के लिए वहां पहुंचने में 5 से 6 घंटा का समय लगता है। शहर के दोनों मुख्य मार्गों के खराब होने के कारण स्कूली बच्चों को समय पर स्कूल पहुंचने में विलम्ब होता है जिससे उनके भविष्य खराब होने की चिन्ता बनी रहती है । साथ ही पत्थलगांव शहर से रायगढ़ की दूरी 110 कि.मी. है, इस सड़क की स्थिति की बहुत ही जर्जर है, और स्वास्थ्य से जुड़े गम्भीर मामलों में भी बड़े शहरों के अस्पतालों में पहुचना असंभव लगता है । इन सभी मसलों को लेकर यहां के ग्रामीणों में सरकारों के प्रति भारी आक्रोश है। इन तीनों मुख्य मार्गो के अलावा पत्थलगांव वासियों का अन्य कोई भी आवागमन का साधन नहीं है। लोगों की जान की सुरक्षा को देखते हुये इस सड़क का कार्य जल्द से जल्द कराने को लेकर मांग की है।

वहीं भाजयुमो जिला महामंत्री अवधेश गुप्ता ने बताया कि केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी ने आश्वाशन दिया है कि कुछ समस्याओं को वजह से सड़क का कार्य रुका हुआ था जल्द ही सड़क का कार्य तीव्रता से शुरू किया जाएगा। जिससे जर्जर सड़कों से निजात मिलेगी। फिलहाल उन्होंने सड़क के सुधारीकरण का आश्वाशन दिया है।

और भी

संदिग्ध हालत में मिली लापता महिला की लाश, शव को बाहर निकालकर जांच में ऊटी पुलिस

 रायगढ़ (छत्तीसगढ़ दर्पण)। बड़े अतरमुड़ा-माझापारा क्षेत्र में रविवार को सुबह एक महिला का शव जमीन में गड़े होने की सूचना मिलते ही क्षेत्र में हडक़ंप की स्थिति बन गई थी, वहीं पुलिस तत्काल मौके पर पहुंचकर घर के आंगन में जमीन के अंदर मानव अंग देखते ही मौका मुआयना कर कानूनी प्रक्रिया के तहत खुदाई किया गया तो करीब तीन फीट नीचे एक महिला की सड़ी-गली लाश बरामद किया गया है।

इस संबंध में मिली जानकारी के अनुसार चक्रधरनगर थाना क्षेत्र के टीवी टावर-बड़े अतरमुड़ा-माझापारा निवासी शांति यादव (42 वर्ष) जिला जशपुर थाना पत्थलगांव ग्राम कंडोला की रहने वाली है। महिला कुछ साल पहले अपने पति को छोडक़र अतरमुड़ा में रहती थी। शांति यादव के 2 बेटे व एक बेटी है जिसमें बेटी बड़ी होने के चलते उसका विवाह हो चुका है।

वहीं मृतिका के बेटे व स्वजनो ने पुलिस को बताया कि महिला जशपुर जिला के लोटापानी निवासी अजय उर्फ खगेश्वर के साथ उक्त निवास में लम्बे समय से दम्पति की तरह रह रही थी। वही उसके घर में दोनों बेटे का आना जाना व फोन पर सम्पर्क भी होता था। किन्तु विगत 1 सितंबर से महिला के बहन व बेटे जब उससे संपर्क करते तो उसका मोबाइल बंद मिलता था एवं खगेश्वर के पास जब उसकी सुध लेते तो वह उन्हें गुमराह कर रायपुर में किसी रिश्तेदार के यहां होना बताता था। इस दरमियान 2 दिन पहले मृतिका का मंझला बेटा उसके घर आया और देखा कि घर में कई तरह के बदलाव नजर आया, साथ ही आंगन में घास व मक्के की खेती हुई थी। वहीं एक जगह में मिट्टी भी उधड़ी नजर आई लेकिन वह उसे नजर अंदाजकर वहां रहने लगा, लेकिन बीती रात जब वह लघुशंका के लिए बाहर आया तो मक्के के खेत के करीब मिट्टी के पास कुछ संदेहास्पद मानव अंग नजर आया। जिसके बाद वह वापस घर आकर सो गया। ततपश्चात सुबह फिर से उक्त स्थल में गया तो पाया कि वहां मानव अंग बारिश के चलते बाहर आ गया था। जिससे महिला के बेटे ने अपने परिजनों को बताते हुए चक्रधर नगर पुलिस को भी अवगत कराया। ऐसे में पुलिस की मौजूदगी में छनबीन की गई तो मानव अंग मिला। ततपश्चात न्यायीक दण्डाधिकारी को अवगत कराते हुए खुदाई का आदेश लिया गया और उनके ही समक्ष खुदाई की गई तो उक्त लापता महिला की लाश मिट्टी के अंदर मिली। जिससे महिला के रिश्तेदार व पुत्र ने शिनाख्त किया, जिसके बाद शव का पीएम उपरांत परिजनेां को सौंप दिया है।

मामले की जांच में जुटी पुलिस

महिला की हत्याकांड को लेकर पुलिस ने जहां मर्ग कायम कर ली है तो वहीं हत्या का जुर्म दर्ज करने में रविवार दिन भर जुटी रही। इन सभी वस्तु स्थिति के मध्य चक्रधर नगर पुलिस संवेदनशील प्रकरण मानते हुए हर पहलुओं में पड़ताल कर रही है, साथ ही मृतिका के रिश्तदार, पुत्र व आसपास के लोगों से भी पूछताछ जारी है।

और भी

इस बार 102 फीट के रावण, 70-70 फीट के मेघनाथ, कुंभकरण का होगा दहन

डब्ल्यू.आर.एस. दशहरा उत्सव की तैयारियां जोरों पर, रावण का पुतला बनना शुरू

 रायपुर (छत्तीसगढ़ दर्पण)। रायपुर के प्रसिद्ध डब्ल्यू. आर. एस. दशहरा उत्सव में इस बार एक सौ फीट से अधिक ऊंचे रावण और लगभग 70-70 फीट के मेघनाथ और कुंभकरण के पुतले जलेंगे। डब्ल्यू. आर. एस मैदान पर दशहरा उत्सव की तैयारियां जोरों पर है। यहां बडे़-बडे़ बांसों से रावण का पुतला भी बनना शुरू हो गया है।

आज दोपहर कलेक्टर डॉ. सर्वेश्वर भुरे ने छ.ग. गृह निर्माण मंडल के अध्यक्ष व विधायक कुलदीप जुनेजा, महापौर एजाज ढेबर और दशहरा समिति के पदाधिकारियों के साथ डब्ल्यू.आर.एस. मैदान पर विजयदशमी के ऐतिहासिक दशहरा उत्सव के लिए की जा रही तैयारियों का जायजा लिया। नगर निगम कमिश्नर मयंक चतुर्वेदी सहित पुलिस एवं अन्य विभागों के अधिकारी भी इस दौरान साथ रहे।

कलेक्टर डॉ. भुरे ने आज इस आयोजन से जुड़ी सभी तैयारियों का विस्तार से जायजा लिया एवं अधिकारियों को जरूरी निर्देश दिए। दशहरा उत्सव समिति के पदाधिकारियों ने अब तक की गई तैयारियों की उन्हें विस्तृत जानकारी दी। कलेक्टर ने अधीनस्थ अधिकारियों को निर्देशित किया है कि इस गरिमामय आयोजन से जुड़ी सभी तैयारियां सुनिश्चित की जाएं एवं जन सुविधा, लोक सुरक्षा, आवागमन, पेयजल, साफ-सफाई जैसी बुनियादी सुविधाओं का विशेष ध्यान रखें। 

डब्ल्यू.आर.एस. कॉलोनी मैदान पर रावण का पुतला बनना शुरू हो गया हैं। बडे़-बडें़ बांसो को नारियल की गीली रस्सी से बॉधकर भव्य पुतला खड़ा करने के काम में 15 से अधिक कारीगर लगें हैं। दशहरा समिति के पदाधिकारियों ने बताया कि पुतले बनने के लिए पश्चिम बंगाल के खड़गपुर के कारीगरों की मदद ली जा रही है। बांस की उपयुक्त कटाई, छटाई और पतली-लम्बी खपच्चियां बनाने के काम में गंडई से आए बांस कला में पारंगत कंडरा समाज के लगभग 10 कारीगर लगें है। दशहरा समिति के पदाधिकारियों ने अगले 2-3 दिनों में तीनों पुतलों के ढ़ांचे पूरे हो जाने की उम्मीद जताई है। इसके बाद ढ़ांचो को रावण, मेघनाथ और कुंभकरण के अनूरूप सजाने का काम शुरू होगा। इस वर्ष दशहरा उत्सव के दौरान सुरक्षा के भी व्यापक इंतजाम होंगे। 

राजधानी रायपुर के डब्ल्यू.आर.एस. कॉलोनी मैदान पर पिछले 52 वर्षों से लगातार ऐतिहासिक दशहरा उत्सव का आयोजन किया जा रहा है। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की भी इस ऐतिहासिक आयोजन में बतौर मुख्य अतिथि शामिल होने की उम्मीद है। डब्ल्यू.आर.एस. कॉलोनी मैदान में इस वर्ष दशहरा उत्सव में प्रसिद्ध टीवी सीरियल रामायण में भगवान राम और सीता की भूमिका निभाने वाले अभिनेता अरुण गोविल एवं अभिनेत्री दीपिका चिखलिया भी शामिल होगी। आयोजन समिति द्वारा शोभायात्रा, आकर्षक आतिशबाजी के साथ पूरे आयोजन को भव्य स्वरूप दिया जा रहा है। इस आयोजन को लेकर अंचल में विशेष उत्साह रहता है एवं लाखों की संख्या में शहरवासी रावण वध देखने इस मैदान में एकत्र होते हैं।

और भी

भेंट मुलाकात : मालीघोरी में नरवा योजना से आई है खुशहाली

 रायपुर (छत्तीसगढ़ दर्पण)। मालीघोरी में भेंट मुलाकात के दौरान कुदारी के किसान परसादीराम भी पहुंचे। उन्होंने बताया कि जब कका (मुख्यमंत्री भूपेश बघेल) ने नरवा योजना लाई तो पता नहीं था इससे मेरे खेत के कुआँ का जलस्तर भी बढ़ जाएगा। 

2 साल पहले जब योजना बन गई तो पहले साल में जलस्तर 2 फ़ीट  बढ़ गया। फिर अगले साल 2 फ़ीट और बढ़ गया।   कुआँ गर्मी के मौसम में सूख जाता था। अब जून  माह में भी  पानी रहता है। इससे सब्जी की फसल लेने लगा हूँ। इस साल 21 हजार रुपये की सब्जी बेची है।

नरवा योजना से खुशहाली आई है बंजारीडीह के ललित देशमुख ने बताया कि मेरे खेतों के लिए नरवा योजना से खुशहाली आई है। मेरे गांव और आसपास के गांव भरीटोला, कुच्चेटोला में जलस्तर काफी बढ़ गया है।

खेती किसानी के लिए 6 किमी में फैला गाड़ाघाट नाला वरदान बन गया है। सैकड़ों किसान अब गर्मी फसल लेने लगे हैं। हम मुख्यमंत्री को धन्यवाद देने आए हैं।

 

 

और भी

बिग ब्रेकिंग : छत्तीसगढ़ में 1 नवंबर से शुरू होगी धान खरीदी, तैयारियां तेज...

 रायपुर (छत्तीसगढ़ दर्पण)। छत्तीसगढ़ में इस साल सरकार धान खरीदी जल्द शुरू करने जा रही है। राज्य के कृषि मंत्री रविंद्र चौबे ने इस सम्बन्ध में सोमवार को बयान देते हुए कहा, धान खरीदी की तैयारी के लिए अधिकारियों को पहले ही निर्देश दिए जा चुके हैं। 

चौबे ने कहा, भूपेश सरकार किसानों की सरकार है। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल किसान पुत्र हैं, किसानों के मुद्दे पर संवेदनशील हैं। 

और भी

केरल विधान सभा की ' पर्यावरण समिति’ने किया छत्तीसगढ़ विधान सभा का भ्रमण

 विधान सभा सचिव से की सौजन्य भेंट.

रायपुर (छत्तीसगढ़ दर्पण)। केरल विधान सभा की पर्यावरण समिति छत्तीसगढ़ राज्य के अपने दो दिवसीय प्रवास पर आज रायपुर पहुंची। समिति के मान. सभापति ई.के. विजयन, एवं समिति के मान. सदस्य पी. के बसीर, यू. प्रतिभा, जाॅब माइकल, लिन्टो जोसेफ, के.डी. प्रसन्नन आज अपरान्ह 03.00 बजे विधानसभा सचिवालय पहुंचे तथा विधान सभा परिसर का भ्रमण किया। प्रतिनिधि मंडल ने विधान सभा सचिव दिनेश शर्मा से सौजन्य भेंट भी की। दोनो पक्षों में संसदीय व्यवहारों, नियमों एवं परंपराओं को और अधिक सृदृढ़ करने पर विचार विमर्श भी हुआ।

और भी

शासन की योजनाओं के क्रियान्वयन में तेजी से कार्य करें : निलेशकुमार क्षीरसागर

 कलेक्टर की अध्यक्षता में जिला अल्पसंख्यक कल्याण समिति की बैठक आयोजित

महासमुंद (छत्तीसगढ़ दर्पण)। कलेक्टर निलेशकुमार क्षीरसागर की अध्यक्षता में सोमवार को कलेक्टोरेट के सभाकक्ष में पहले अल्पसंख्यक कल्याण 15 सूत्रीय कार्यक्रम एवं जिला अल्पसंख्यक कल्याण समिति की बैठक हुई। उन्होंने अल्पसंख्यक कल्याण के सामाजिक, आर्थिक एवं शैक्षणिक विकास के लिए संचालित योजनाओं की समीक्षा भी की। कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को शासन की योजनाओं के क्रियान्वयन में और तेज गति से कार्य करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने कहा कि शासन के विभिन्न विभागों में संचालित योजना का लाभ जल्द और बेहतर ढंग से अल्पसंख्यक वर्ग को मिलेगा तभी शासन की योजनाओं का उद्देश्य पूरा होगा। इस सब में आपकी महती भूमिका है। बैठक में आदिवासी विकास विभाग के सहायक आयुक्त एल.आर. कुर्रे, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. एस.आर. बंजारे, महिला एवं बाल विकास विभाग के जिला कार्यक्रम अधिकारी समीर पांडेय, कृषि विभाग के उप संचालक अमित मोहंती, जिला श्रम अधिकारी डी.के. राजपूत, मुख्य नगरपालिका अधिकारी आशीष तिवारी सहित जिला अल्पसंख्यक कल्याण समिति के सदस्य तरवेज खान एवं अन्य सदस्यगण उपस्थित थे।


कलेक्टर निलेशकुमार क्षीरसागर ने पूर्व बैठक की भी जानकारी ली। उन्होंने अल्पसंख्यक कल्याण के लिए प्रधानमंत्री के 15 सूत्रीय कार्यक्रम में किए गए कार्यों की भी जानकारी ली। उन्होंने अल्पसंख्यक समुदाय के अभ्यर्थियों को सरकार के विभिन्न योजनाओं के साथ-साथ अन्य प्राथमिकता वाले ऋणों का लाभ अल्पसंख्यक वर्ग के बच्चों को मिले। इसके लिए गम्भीरता से और प्रयास करने की जरूरत है। खासकर अल्पसंख्यक वर्ग के छात्र-छात्राओं से संबंधित छात्रवृत्ति का क्रियान्वयन पारदर्शिता के साथ करें। इसके अलावा पात्र हितग्राहियों को इन योजनाओं से लाभान्वित करें और उनकी सूची भी उपलब्ध कराएं। कलेक्टर ने कहा अंत्यावसायी वित्त एवं विकास निगम की ओर से योजना के प्रचार-प्रसार के लिए शिविर लगाया जाए।

महिला एवं बाल विकास विभाग के जिला कार्यक्रम अधिकारी ने बताया कि इस वर्ष अल्पसंख्यक वर्ग के 73630 बच्चों, शिशुवती एवं गर्भवती महिलाओं को विभिन्न योजनाओं से लाभान्वित किया गया है। इसी तरह मुख्यमंत्री बाल सन्दर्भ योजना, नोनी सुरक्षा योजना, प्रधानमंत्री मातृवंदना योजना एवं सुकन्या समृद्धि योजना में 130 हितग्राहियों को लाभान्वित किया जा चुका है। इसी तरह समाज कल्याण, कृषि, शिक्षा, श्रम, आदिम जाति कल्याण विभाग के योजनाओं से हितग्राहियों को लाभान्वित किया जा रहा है।

और भी

विश्व ओजोन दिवस पर आरईएल ने किया लोगों को जागरूक

 रायपुर (छत्तीसगढ़ दर्पण)। ओजोन संरक्षण के प्रति अधिक से अधिक लोगों को जागरूक करने के उद्देश्य से रायपुर एनेर्जेन लिमिटेड (आरईएल) के पर्यावरण विभाग द्वारा शासकीय उच्चत्तर माध्यमिक विद्यालय, रायखेड़ा में शुक्रवार को विश्व ओजोन दिवस मनाया गया। अदाणी फाउंडेशन के सहयोग से आयोजित इस जागरूकता कार्यक्रम में 300 से अधिक विद्यार्थियों ने हिस्सा लिया। इस विषय पर आयोजित चित्रकला प्रतियोगिता में 35 छात्राओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।


विश्व ओजोन दिवस के मुख्य उद्देश्यों का जिक्र करते हुए आरईएल के पर्यावरण विभाग प्रमुख अमित श्रीवास्तव ने उपस्थित विद्यार्थियों को बताया कि, "सन  1913 में फ्रांस के भौतिक शास्त्री फैबरी चार्ल्स और हेनरी बोसोन ने ओजोन परत की खोज की थी। ओजोन पृथ्वी के वायुमंडल का एक परत है, जो सूर्य से आने वाली अल्ट्रावायलेट किरणों से हमें बचाती है। घरों में एसी, फ्रिज तथा विभिन्न प्रकार के परफ्यूम, नाइट्रस ऑक्साइड, प्राकृतिक क्लोरीन और ज्वालामुखी से निकलने वाली गैसों से ओजोन परत को नुकसान पहुंचता है। पहली बार 16 सितंबर 1995 को समूचे विश्व में विश्व ओजोन दिवस मनाया गया। इसके बाद से हर वर्ष यह दिन 16 सितम्बर को मनाया जाता है।"

वहीं कार्यक्रम में उपस्थित प्राचार्य जी. के. वर्मा  ने बताया कि, "ओजोन परत को मजबूत और सुरक्षित बनाए रखने के लिए पौधारोपण और हरियाली सबसे कारगार उपाय है। अतः हमें अधिक से अधिक पौधारोपण पर ध्यान देना चाहिए। प्रकृति के संतुलन को बनाये रखने हेतु हमें अपने क्रियाकलापों को  पर्यावरण के अनुकूल बनाना चाहिए और अधिक से अधिक पेड़ लगाने चाहिए।"

इस अवसर पर विद्यालय परिवार से श्रीमती निक्की अग्रवाल, श्रीमती  सरिता वर्मा, श्रीमती रंजना ध्रुव, श्रीमती नीलम वर्मा, श्रीमती मोती सिंह ध्रुव, श्रीमती अन्नु वर्मा, श्रीमती गीतांजलि ध्रुवे सहित छात्र छात्राओं ने भी अपने विचार प्रस्तुत किये। कार्यक्रम के अंत में आरईएल के अमित श्रीवास्तव, योगेश कुमार और अदाणी फाउंडेशन के दीपक कुमार एवं श्रीमती प्रीति प्रजापति द्वारा चित्रकला के विजेताओं और प्रतिभागियों को पुरस्कार प्रदान किया गया।

 

 

और भी

सखी वन स्टॉप सेन्टर की पहल से युवती को मिला उसका परिवार

 कवर्धा (छत्तीसगढ़ दर्पण)। विगत दिनों बस स्टैण्ड पण्डरिया में एक नाबालिक बालिका के बैठे होने की जानकारी आस-पास के लोगों द्वारा थाना पण्डरिया को सूचना दी गई। पूछताछ के दौरान बालिका ने अपना नाम संध्या पिता भीखूराम चौधरी उम्र 14 वर्ष  निवासी ग्राम पटखौली थाना बगहा जिला पश्चिम चम्पारण राज्य बिहार बताया। रात्रि अधिक होने के कारण थाना पण्डरिया द्वारा बालिका को सखी वन स्टॉप सेन्टर लाया गया। चाईल्ड लाईन एवं सखी वन स्टॉप सेन्टर के संयुक्त टीम के प्रयास से बालिका द्वारा बताए गए पते अनुसार थाना बगहा जिला पश्चिम चम्पारण राज्य बिहार से सम्पर्क किया गया जहा पर थाना प्रभारी द्वारा नाबालिक बालिका के गुमशुदगी परिजनों द्वारा दर्ज करने की जानकारी प्राप्त हुई।

सखी वन स्टॉप सेन्टर एवं चाईल्ड लाईन के संयुक्त प्रयास से बालिका के माता-पिता से दूरभाष के माध्यम से सम्पर्क कर बालिका को सखी वन स्टॉप सेन्टर में सुरक्षित होने की जानकारी दी गई। 18 सितबंर को बालिका के परिजन सखी वन स्टॉप सेन्टर में उपस्थित हुए, रात्रि अधिक होने के कारण बालिका की माता को सखी वन स्टॉप सेन्टर में आश्रय प्रदान किया गया। नाबालिक प्रकरण होने के कारण बालिका को बाल कल्याण समिति कवर्धा के समक्ष प्रस्तुत कर बालिका को उनके परिजनों को सुपूर्द किया गया। बालिका के परिजन बालिका से मिलकर अत्यंत प्रसन्न हुए साथ ही सखी वन स्टॉप सेन्टर एवं चाईल्ड लाईन के कार्य की सराहना करते हुए धन्यवाद ज्ञापित किया गया।

और भी

खराब सड़कों के लिए सारे विभागों के फैसले खुद लेने वाले मुख्यमंत्री भूपेश बघेल जिम्मेदार : राजेश मूणत

 रायपुर (छत्तीसगढ़ दर्पण)। पूर्व पीडब्लूडी मंत्री राजेश मूणत ने प्रदेश की खराब सड़को के लिए जिम्मेदार मानते हुए लोक निर्माण विभाग के ईएनसी को हटाए जाने पर रविवार को कटाक्ष किया। उन्होंने तंज कसा कि इन दिनों मुख्यमंत्री भूपेश बघेल सारे विभागों के फैसले खुद ले रहे है, और मंत्रियों को खबर ही नही लग रही। कल ही स्वाइन फ्लू को लेकर स्वास्थ मंत्री के जानकारी के बैगर निर्देश जारी कर दिए और आज लोक निर्माण विभाग के ईएनसी को बदल दिया और विभागीय मंत्री को खबर ही नही लगी। वैसे मुख्यमंत्री को सर्वाधिकार है, मगर तालमेल का जो आभाव दिख रहा है, उसके लिए सरकार खुद जिम्मेदार है। 

उन्होंने कहा कि राज्य की सड़कों के खस्ताहाल, जर्जर और रखरखाव के अभाव के लिए जितने जिम्मेदार अफसर माने जाते है, उतने ही बडी जिम्मेदारी सरकार की भी होती है, क्योंकि जनचर्चा है कि कांग्रेस की सरकार बनते ही पहले दिन से निर्माण कार्यो में मोटा कमीशन और भाई भतीजावाद को खूब बढ़ावा दिया गया। जबकि यह विभाग समन्यव बनाकर काम करने वाला विभाग है। उन्होंने आरोप लगाया कि निर्माण विभागों में  सरकार ने कभी भी समन्वय बनाने की कोशिश ही नही की। यही कारण रहा कि आज राज्य की सड़कों की हालत खराब हो गई और पूर्ववर्ती भाजपा शासन काल मे बनी सड़को को भी सरकार मेंटेन नही कर पाई। 

श्री मूणत ने आरोप लगाया कि, कांग्रेस सरकार में एक पैसे का कोई काम नही हुआ है, ऐसा कोई काम सरकार के पास बताने के लिए भी नही है, जिसका भूमिपूजन करने के बाद लोकार्पण किया हो। उन्होंने कहा कि 4 साल गुजर गए है, अब एक साल बाकी है, तब तक कितना भी जनता को विश्वास दिलाते रहे कि बारिश के बाद सड़क बनेगी , मगर अब जनता किसी भी झांसे में नही आने वाली है।

 

 

और भी

अजय देवगन की फिल्म थैंक्स गॉड को लेकर कायस्थ समाज में रोष, थाने में सौंपा शिकायत पत्र...

 अंबिकापुर (छत्तीसगढ़ दर्पण)। फ़िल्म अभिनेता अजय देवगन द्वारा अभिनीत फिल्म थैंक्स गॉड के हाल में जारी हुए ट्रेलर को लेकर पूरे देश मे कायस्थ समाज के साथ ही हिंदुओं में भारी आक्रोश व्याप्त है। इस फ़िल्म के ट्रेलर में चित्रगुप्त को फिल्माते हुए उसका प्रस्तुतिकरण फूहड़ एवं अश्लील ढंग से किया गया है। यह फ़िल्म 25 अक्टूबर को चित्रगुप्त पूजा के ठीक एक दिन पूर्व रिलीज की जा रही है। पूरे भारत में कायस्थ समाज इस  फ़िल्म में चित्रगुप्त भगवान के विवादास्पद फिल्मांकन पर आंदोलित है।

इस क्रम में 15 सितंबर को चित्रगुप्त मंदिर में कायस्थ सभा ने बैठक कर निंदा प्रस्ताव पारित किया है। समाज ने फ़िल्म और इसकी पूरी टीम के विरुद्ध वैधानिक करवाई का निर्णय लिया है। इस निर्णय के तहत आज शनिवार को समाज ने जिलाध्यक्ष हेमंत सिन्हा के नेतृत्व में कोतवाली अम्बिकापुर में फ़िल्म अभिनेता अजय देवगन सहित फ़िल्म की पुरी प्रोडक्शन टीम के विरुद्ध शिकायत पत्र सौंपा है। इस दौरान कायस्थ समाज के अनिल कुमार सिन्हा, योगेश श्रीवास्तव, क्रिनेश सिन्हा, संजीव मंदिलवार, विकास वर्मा, जयेश वर्मा, अनूप मेहता, संजीव वर्मा, प्रभात रंजन सिन्हा, अखिलेश सिन्हा, निशांत अम्बष्ठ, सचिन सिंह, गोपाल सिन्हा, दीपक श्रीवास्तव, कुमार सिन्हा आदि उपस्थित थे।

और भी

मंत्री अकबर की उपस्थिति में सांसद संतोष पाण्डेय के भाई विजय पाण्डेय ने ली कांग्रेस की सदस्यता

 जिला भाजपा के नोटिस से क्षुब्ध होकर छोड़ी पार्टी

कवर्धा (छत्तीसगढ़ दर्पण)। प्रदेश की राजनीति में आज उस समय भूचाल आ गया जब राजनांदगांव लोकसभा क्षेत्र भाजपा सांसद संतोष पाण्डेय के चचेरे भाई विजय पाण्डेय ने भाजपा छोड़कर कांग्रेस में प्रवेश कर लिया। कैबिनेट मंत्री व कवर्धा के विधायक मोहम्मद अकबर के शासकीय निवास कार्यालय पहुंचकर उन्होंने कांग्रेस पार्टी की सदस्यता ले ली। मंत्री मोहम्मद अकबर ने उनका तिरंगा गमछा पहनाकर स्वागत किया।


लगभग पिछले तीन दशक से भाजपा में रहने वाले विजय पाण्डेय ने यह कदम कबीरधाम जिला भाजपा द्वारा उन्हें दिये गये नोटिस से क्षुब्ध होकर उठाया है। विजय पाण्डेय कबीरधाम जिला भाजपा व्यापार प्रकोष्ठ के अध्यक्ष पद पर आसिन थे। इसके आलावा वे हिन्दुस्तान पेट्रोलियम डीलर्स ऐसोशिएशन के प्रदेश अध्यक्ष भी है। ऐसोशिएशन के कार्यालय के लिए भूखंड आबंटन हेतु चर्चा के लिए उन्होंने मंत्री मोहम्मद अकबर को 13 सितम्बर को बोड़ला स्थित अपने पेट्रोल पंप के परिसर में आमंत्रित किया था। मोहम्मद अकबर जब पहुंचे तो पेट्रोल पंप के कार्यालय में विजय पाण्डेय ने अतिथि परंपरा का निर्वहन करते हुए चाय पान कराते हुए उनका स्वागत किया। यह बात कबीरधाम जिला भाजपा को नागवार गुजरी तथा 17 सितम्बर को विजय पाण्डेय को नोटिस जारी कर 03 दिनों के भीतर जिला भाजपा अध्यक्ष के समक्ष जवाब प्रस्तुत करने का आदेश देते हुए उनसे पूछा गया कि क्यों ना उन्हें पार्टी से निलंबित कर दिया जाए। पार्टी की नोटिस जिला महामंत्री के हस्ताक्षर से जारी की गई थी, लेकिन महामंत्री का नाम नहीं दर्शाया गया था। नोटिस में कहा गया था कि मंत्री का स्वागत भाजपा के जिले के पद में रहते हुए किया गया जो कि अनुशासनहीनता की श्रेणी में आता है।



विजय पाण्डेय को नोटिस जारी करना उनके भाजपा छोड़ने व कांग्रेस प्रवेश की पटकथा तैयार कर गया। उन्होंने इसे अपना अपमान मानते हुए 1994 से भाजपा से जुड़ाव को समाप्त करने का निर्णय ले लिया। उन्होंने कैबिनेट मंत्री मोहम्मद अकबर को कांग्रेस प्रवेश करने की अपनी इच्छा से अवगत कराया। उनके कांग्रेस की सदस्यता लेने के अवसर पर छत्तीसगढ़ राज्य अक्षय उर्जा विकास अभिकरण (क्रेडा) के सदस्य कन्हैया अग्रवाल व कबीरधाम जिला के सक्रिय कांग्रेस पदाधिकारी गोरेलाल चंद्रवंशी भी उपस्थित थे।

मंत्री अकबर के समक्ष कांग्रेस पार्टी की सदस्यता लेने के बाद उन्होंने संवाददाताओं के समक्ष कहा कि वे छत्तीसगढ़ में मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के नेतृत्व में हो रहे विकास कार्यों व समाज के सभी वर्गों के हित हेतु किये जा रहे कार्यों से प्रभावित है। समाज के सभी वर्गों को साथ लेकर चलने की कांग्रेस की नीति उन्हें अच्छी लगती है। इसे देखते हुए वे कांग्रेस पार्टी में प्रवेश कर रहें हैं। कांग्रेस पार्टी के सिपाही के रूप में छत्तीसगढ़ के सर्वागीण विकास के लिये कार्य करने का प्रयास करेंगे। कवर्धा विधानसभा के विधायक व कैबिनेट मंत्री मोहम्मद अकबर की प्रशंसा करते हुए विजय पाण्डेय ने कहा कि कवर्धा व कबीरधाम जिले में विकास के कार्य लगातार किये जा रहे हैं। वहां के सभी लोगों से मोहम्मद अकबर का सीधा संपर्क है। मोहम्मद अकबर अपनी सादगी और सरलता के कारण लोगों को अपनी ओर आकर्षित करते हैं।

कांग्रेस प्रवेश करने के पश्चात विजय पाण्डेय ने मंत्री मोहम्मद अकबर का आभार जताया कि उन्होंने कांग्रेस प्रवेश कराने में अपना सहयोग दिया।

इस अवसर पर संवादाताओं के सवालो का जवाब देते हुए मंत्री मोहम्मद अकबर ने कहा कि विजय पाण्डेय कांग्रेस पार्टी में पूरा सम्मान किया जाएगा। कांग्रेस में पुराने व नए कार्यकर्ता का कोई भेदभाव नहीं रहता। एक जवाब में उन्होंने ने कहा कि कांग्रेस में आने वाले सभी लोगों का स्वागत है।

और भी

स्वरा के सुर में क्या शिक्षा देना चाहते हैं, जवाब दें भूपेश : चौधरी

 रायपुर (छत्तीसगढ़ दर्पण)। छत्तीसगढ़ प्रदेश भाजपा महामंत्री ओपी चौधरी ने विवादों में घिरी रहने वाली अभिनेत्री स्वरा भास्कर को आत्मानन्द स्कूल में आमंत्रित किए जाने पर तीखे सवाल खड़े करते हुए कहा है कि देश के लोगों की आस्था को हमेशा अपने बयानों से पीड़ा पहुंचाने वाली, सदैव घोर विवादित बयान देने के लिए चर्चा में रहने वाली स्वरा भास्कर को बच्चों की शिक्षा के मंदिर आत्मानंद स्कूल बुलाकर कांग्रेस सरकार नई पीढ़ी को क्या सिखाना चाहती है? क्या कांग्रेस सरकार चाहती है कि स्वरा भास्कर छत्तीसगढ़ के बच्चों की रोल मॉडल बने?

भाजपा प्रदेश महामंत्री ओपी चौधरी ने कहा कि टुकड़े टुकड़े गैंग को समर्थन देने वाली, हिन्दू आतंकवाद जैसे विचार गढ़ने वाली, हिंदुत्व की तुलना तालिबानी से करने वाली, मां शक्ति का अपमान जनक पोस्टर जारी करने वाली मणिमेखला और उनका समर्थन करने वाली तृणमूल कांग्रेस की महुआ मोइत्रा का समर्थन करते हुए हिंदुत्व के विरुद्ध जहर उगलने वाली स्वरा भास्कर से मुख्यमंत्री भूपेश बघेल हमारे बच्चों को कौन से संस्कार दिलाना चाहते हैं, कौन सी शिक्षा देना चाहते हैं, किस अपसंस्कृति की खाई में धकेलना चाहते हैं, इसका जवाब दें। अब तक मुख्यमंत्री के बापूजी, बापू के राम को गरिया रहे थे। क्या अब मुख्यमंत्री नव प्रयोग से हिंदुत्व के विरोध का वैचारिक दायरा बढ़ा रहे हैं?

भाजपा प्रदेश महामंत्री ओपी चौधरी ने कहा कि पहली बात तो यह कि पहले से चल रहे स्कूल बंद कर, बिना बिल्डिंग, बिना बजट के आत्मानंद स्कूल खोल दिए। स्कूल खोलने का विरोध नहीं है। विरोध यह है कि पहले से चल रहे स्कूल क्यों बंद कर दिए। भूपेश बघेल सरकार में छत्तीसगढ़ स्कूली शिक्षा के क्षेत्र में बेहद निचले स्तर पर है। 30 राज्यों में छत्तीसगढ़ से बेहतर स्थिति है। ऐसे में जिस आत्मानंद स्कूल के नाम पर भूपेश बघेल आत्ममुग्ध हैं, वहां स्वरा संस्कृति को न्यौता गया। यह छत्तीसगढ़ संस्कृति के साथ साथ हिंदुत्व का अपमान तो है ही, भावी पीढ़ी के भविष्य के लिए सबसे ज्यादा खतरनाक है।

 

 

और भी

आदिवासी सभ्यता और संस्कृति प्रकृति से जुड़े है : राज्यपाल उइके

गरियाबंद ((छत्तीसगढ़ दर्पण)। राज्यपाल अनुसुईया उइके ने कहा है कि आदिवासी सभ्यता और संस्कृति प्रकृति से जुड़े है। आदिवासी संस्कृति प्रकृति पूजक हैं। जल,जंगल और जमीन से उनका गहरा नाता होता  है। गोंड़ी धर्म और संस्कृति को पुनर्जीवित करने के लिए इस  प्रकार के आयोजन एक अच्छी पहल है। उन्होंने पवित्र धार्मिक नगरी राजिम में गोंड़ी धर्म संस्कृति को पल्लवित करने, आयोजको को बधाई दी। गोंड़ी धर्म संस्कृति संरक्षण समिति और छत्तीसगढ़ गोंड़वाना संघ के  संयुक्त तत्वावधान में रविवार को आयोजित राष्ट्रीय चिल्हीडार महापुजा एवं बेटा जौतिया महाव्रत कार्यक्रम में राज्यपाल अनुसुईया उइके बतौर मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की।



गोंडवाना गुरूदेव दुर्गेभगत एवं करूणामयी माता दुर्गेदुलेश्वरी की मौजूदगी में आयोजित इस कार्यक्रम में प्रथम पंचायत मंत्री एवं राजिम विधायक अमितेश शुक्ल, विधायक  बिन्द्रानवागढ़  डमरूधर पुजारी, सांसद  चुन्नीलाल साहू, पूर्व मंत्री  बृजमोहन  अग्रवाल, केदार  कश्यप एवं महेश गागड़ा  और  पूर्व  सांसद चंदूलाल साहू भी सम्मिलित हुए। महामहिम राज्यपाल उइके  ने  कहा कि समाज की माताएं  अपने  बच्चों और परिवार की आशीर्वाद के लिए चिल्हीडार  महापूजा एवं बेटा जौतिया महाव्रत करती हैं। आयोजन का यह 15वां वर्ष है। गोंड़ी धर्म संस्कृति के आयोजन मे शिरकत करते हुये मुझे सुखद खुशी की अनुभूति हो रही है। आदिवासी  सभ्यता एवं  संस्कृति प्रकृति से जुड़ा है। समाज के लिए प्रकृति पूज्य है। सहजता, सरल और स्वाभिमान की  जिन्दगी जीना आदिवासियो की पहचान है। वर्तमान  परिस्थिति में अपनी  संस्कृति को बनाये रखना भी  एक महान कार्य है। राज्यपाल ने कहा कि आदिवासी  संस्कृति , कला, नृत्य, संगीत  की  नकल  आज  देश दुनिया के लोग कर रहे हैं। अपनी  संसकृति को  बढ़ावा देने के लिए यह एक प्रससंनीय कार्य है। राज्यपाल ने कहा कि भारत के संविधान में समाज के विकास के लिए व्यवस्था की  गई है। 5वीं अनसूची में विशेष कानून पेशा के तहत  ग्रामसभा को अधिकार दिया गया है। लेकिन  आज भी  समाज  मूलभूत  समस्याओ  से जूझ रहा है।

राज्यपाल उइके ने समाज के विकास के लिए केंद्र और राज्य सरकार के माध्यम से अपनी प्रयासों को विस्तार पूर्वक रेखांकित किया। राज्यपाल ने  अवगत कराया कि मात्रात्मक त्रुटि की वजह से लाभ से  वंचित 12 जनजातियों को अब अपनी  जाति का लाभ मिलेगा। पेशा कानून के लिए छत्तीसगढ़  शासन  ने  नियम  बनाकर कानून का रूप दिया है। समाज द्वारा आवश्यक संशोधन हेतु पहल करने का सुझाव दिया गया है। राज्यपाल ने समाज के लोगों से राज्य और केंद्र सरकार की योजनाओ लाभ उठाने का आह्वान किया। उन्होंने  धार्मिक  सद्भावनाओ पर जोर देते हुए कहा कि  देश  मे  अन्य  धर्माे की भान्ति गोड़ी  धर्म को भी  मान्यता मिलना चाहिए। इससे पूर्व राज्यपाल उइके ने कार्यक्रम स्थल पर स्थापित चिल्हीडार पर श्रद्धासुमन अर्पित किया। क्षेत्रीय विधायक अमितेश  शुक्ल ने  अपने  उद्बोधन में  समाज  के  विकास के लिए राज्य सरकार के प्रयासों को रेखांकित किया उनहोंने धर्म  नगरी राजिम में धर्म संस्कृति से जुड़े इस आयोजन के लिए समाज के लोगों  को  बधाई दी। कार्यक्रम में पूर्व मंत्री बृजमोहन अग्रवाल और विधायक डमरूधर पुजारी ने भी अपने विचार व्यक्त किये। इस अवसर पर गोंड़ी धर्म संस्कृति संरक्षण समिति और गोंडवाना संघ के पदाधिकारी तथा बड़ी संख्या में छत्तीसगढ़, मध्यप्रदेश, उड़ीसा से पहुंचे समाज के लोग उपस्थित थे।

और भी

पारंपरिक महत्व के 200 पौधों के रोपण से सुशोभित हो रहा खैरागढ़ का कृष्ण कुंज

 रायपुर (छत्तीसगढ़ दर्पण)। राज्य सरकार द्वारा प्रदेश के नगरीय निकायों में कृष्ण कुंज विकसित किए जा रहे हैं। इस तारतम्य में वन मंडल खैरागढ़ अंतर्गत कृष्ण कुंज के निर्माण में वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग को स्वीकृत सभी कार्य पूर्ण करा लिए गए हैं। इसके तहत खैरागढ़ का कृष्ण कुंज पारंपरिक महत्व के विभिन्न प्रजातियों के पौधों के रोपण से हरियाली से ओत-प्रोत होकर सुशोभित होने लगा है।


वन मंडलाधिकारी खैरागढ़ से प्राप्त जानकारी के अनुसार इनमें आंवला, आम, कदम्ब, बरगद, पीपल, बहेड़ा, करंज, महुआ, नीम, कचनार तथा गुलमोहर आदि 200 पौधों का रोपण तथा विकसित किए जा रहे कृष्ण कुंज के एक एकड़ क्षेत्र का फेंसिंग कार्य सहित गेट का निर्माण किया गया है। उक्त तीनों कार्य वर्तमान में पूर्णता की स्थिति में है। खैरागढ़ के कृष्ण कुंज में वृक्षारोपण बहुत अच्छा है। वहां वृक्षारोपण का कार्य माह जुलाई में ही हो गया था। अभी गेट को और सुसज्जित करने का कार्य प्रगति पर है। इसे चालू माह में पूर्ण कर लिया जाएगा।



गौरतलब है कि मुख्यमंत्री बघेल द्वारा ‘कृष्ण कुंज’ को विकसित करने के संबंध में घोषणा की गई है कि हमारे देश में बरगद, पीपल, कदंब तथा अन्य वृक्षों की पूजा करने की परंपरा अत्यंत प्राचीन है। मनुष्य के लिए वृक्षों की अत्यधिक उपयोगिता होने के कारण ही हमारी पंरपराओं में इन्हें महत्वपूर्ण स्थान दिया गया है, परंतु विगत वर्षों में नगरीय क्षेत्रों का तीव्र विकास होने के कारण वृक्षों की हो रही अंधाधुंध कटाई से वृक्षों का अस्तित्व ही खतरे में पड़ गया है। अगर यही स्थिति जारी रही तो कदाचित भावी पीढ़ियों को इन वृक्षों के परंपरागत महत्व के बारे में जानकारी तक नहीं हो सकेगी। इसलिए वृक्षों की अमूल्य विरासत का संरक्षण हम सबका परम कर्तव्य है। यह अत्यंत आवश्यक है कि मनुष्य के लिए जितने भी जीवनपयोगी वृक्ष हैं, उन्हें सभी नगरीय क्षेत्रों में बड़े पैमाने पर लगाया एवं संरक्षित किया जाए।

और भी

बड़ी खबर : जनता कांग्रेस ने विधायक धर्मजीत सिंह को पार्टी से किया निष्कासित

रायपुर (छत्तीसगढ़ दर्पण)। जनता कांग्रेस के विधायक धर्मजीत सिंह को पार्टी से निष्कासित कर दिया है। जनता कांग्रेस की अध्यक्ष रेणु जोगी ने उन्हें निलंबित कर दिया है। धर्मजीत सिंह को जनता कांग्रेस विधायक दल के नेता से हटाने के लिए पार्टी अध्यक्ष ने विधानसभा अध्यक्ष को खत लिखा है। उन्हें 6 वर्ष के लिए पार्टी से निष्कासित किया गया है। अब रेणु जोगी विधायक दल की नेता होंगी।

आरोप है कि पार्टी विरोधी गतिविधियों के चलते उन्हें निष्कासित किया गया है। कई बार यह आरोप भी लगा है पार्टी के संस्थापक अजीत जोगी के निधन के बाद से अमित जोगी पार्टी को अपने हिसाब से चलना चाहते हैं, लेकिन धर्मजीत सिंह की वजह से ऐसा नहीं कर पा रहे थे।



बता दें कि जनता कांग्रेस ने अजीत जोगी के निधन के बाद धर्मजीत सिंह को विधायक दल का नेता चुना था। वर्ष साल 2018 के विधानसभा चुनाव में जनता कांग्रेस ने बसपा के साथ गठबंधन करके प्रदेश की 90 में से पांच सीट पर जीत दर्ज की थी। अजीत जोगी मरवाही, देवव्रत सिंह खैरागढ़ से विधायक चुने गए थे। इनके निधन के बाद दोनों सीट पर कांग्रेस का कब्जा हो गया था। वर्तमान में जनता कांग्रेस के तीन विधायक हैं, जिसमें रेणु जोगी, धर्मजीत सिंह और प्रमोश शर्मा शामिल हैं।

 

 

और भी

रक्तदान-महादान परिकल्पना साकार : एमबीडीडी ने एक बार फिर रचा इतिहास

 रायपुर (छत्तीसगढ़ दर्पण)। रक्तदान : जीवनदान की परिकल्पना को साकार कर एक बार फिर मेगा ब्लड डोनेशन ड्राइव एमबीडीडी ने इतिहास रच डाला है। आचार्य महाश्रमण के मंगल आशीर्वाद से सेवा संस्कार संगठन के क्षेत्र में कार्यरत अग्रणी संगठन अखिल भारतीय तेरापंथ युवक परिषद् ने शनिवार को पूरे भारत और साथ ही 22 अन्य देशों में एक साथ रक्तदान के 6185 शिविरों का आयोजन कर 1,68,000 यूनिट से ज्यादा रक्त एकत्र कर रक्तदान के क्षेत्र में एक नया कीर्तिमान स्थापित किया। देश भर में हुए शिविरों में राजनीतिक और सामाजिक हस्तियों ने मौजूद रह कर रक्तदाताओं का हौसला बढ़ाया। वहीं कई व्यक्तियों ने खुद भी रक्तदान कर इस पुनीत भागीरथी प्रयास में अपना सहयोग दिया। शिविर में युवाओं ने जहां बढ़-चढ़  कर भाग लिया, वहीं महिलाएं भी किसी से पीछे नजर नहीं आई। शिविरों में एकत्र ब्लड के स्टोरेज की व्यवस्था के लिए स्थानीय स्तर पर ब्लड बैंक के साथ तालमेल रखा गया था। शिविर में एकत्र ब्लड ज्यादा से ज्यादा जरूरतमंदों के काम में आ सके इसके लिए अभातेयुप अपनी सभी इकाइयों में मॉनिटरिंग करने के साथ-साथ तालमेल बैठाने में सहयोग भी करेगी।
अभातेयुप  राष्ट्रीय अध्यक्ष पंकज डागा ने बताया कि प्रधानमंत्री जी के नेतृत्व में देश ने कोविड की जंग को जीता। सम्पूर्ण देश की जनता को वेक्सीनेशन किया गया। अब इस रक्तदान अभियान के माध्यम से सम्पूर्ण भारत में एकता व रक्तदान के प्रति जागरूकता का संदेश प्रसारित करने के लिए भारत सरकार के स्वास्थ्य मंत्रालय ने अभातेयुप जैसी गौरवशाली संस्था को प्रतिनिधित्व करने का अवसर प्रदान किया था। शनिवार को स्वास्थ्य मंत्रालय की तरफ से मेगा ब्लड डोनेशन ड्राइव में सहयोग दिया गया।

 एमबीडीडी राष्ट्रीय संयोजक हितेश भांडिया ने बताया कि इस मेगा आयोजन में  भारत के विभिन्न शहरों, जिला मुख्यालयों तथा 22 अन्य राष्ट्रों में भी रक्तदान शिविर आयोजित किए गए। इस महाअभियान के साथ सैंकड़ों की संख्या में स्वयंसेवी संस्थाओं का सहयोग अभातेयुप को मिला। रक्तदान कैंप में डाटा संकलन का काम भी ऑनलाइन किया गया। सभी शिविरों के आंकड़े देर रात तक अपडेट होते रहे।

रायपुर शहर में यह शिविर 21 जगह आयोजित किया गया। सवेरे से लेकर देर शाम तक चले शिविर में 1383 यूनिट ब्लड एकत्र किया गया। रक्तदान शिविर के आयोजन में छत्तीसगढ़ चेंबर ऑफ कॉमर्स, रायपुर मिल मशीनरी मर्चेंट एसोसिएशन,  रायपुर इलेक्ट्रिकल मर्चेंट एसोसिएशन, वर्धमान मित्र मंडल, छत्तीसगढ़ कंप्यूटर डीलर एसोसिएशन, पंडित रवि शंकर विश्वविद्यालय, कलिंगा विश्वविद्यालय आदि द्वारा सहयोग  किया गया। स्थानीय प्रवक्ता  निर्मल बेंगाणी , अध्यक्ष मनीष दूगड़ एवं मंत्री महेश गोलछा ने बताया कि शिविर में मुख्य रूप से सुनील सोनी (सांसद रायपुर), कुलदीप जुनेजा (विधायक रायपुर उत्तर), बृजमोहन अग्रवाल (विधायक रायपुर दक्षिण), संजय शर्मा  (ए आई जी ट्राफिक) , गौतम चंद चौरसिया (पूर्व न्यायाधीश छत्तीसगढ़ उच्च न्यायालय) मौजूद रहे।

अभातेयुप के नाम है पहले से रक्तदान शिविर लगवाने का रिकॉर्ड
अभातेयुप के राष्ट्रीय महामंत्री पवन मांडोत ने बताया कि संस्था ने 17 सितम्बर 2012 को एक दिन में देश के 276 शहरों एवं कस्बों में 651 रक्तदान शिविरों के माध्यम से 96,600 यूनिट रक्त संग्रह का कीर्तिमान रचा था। संस्था ने 6 सितंबर 2014 को देश के 286 स्थानों पर 682 रक्तदान शिविरों के माध्यम से 100212 यूनिट रक्तदान के साथ अपना नाम गिनिज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में नाम दर्ज करवाया था। सन् 2016 में एक वर्ष तक निरंतर 366 दिन तक 410 स्थानों पर 468 रक्तदान शिविरों के साथ विश्व के सबसे लंबे समय तक निरंतर चलने वाले रक्तदान अभियान के रूप में इण्डिया बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में नाम दर्ज हुआ। सन् 2020 में कोविड-19 की विकट परिस्थितियों व लॉकडाउन की स्थिति में भारत सरकार के अनुरोध पर 55000 यूनिट रक्तदान एवं एक माह में 2000 प्लाज्मा डोनेशन के साथ एशिया बुक ऑफ रिकॉर्ड, इण्डिया बुक ऑफ रिकॉर्ड, ग्लोबल रिकॉर्ड एण्ड रिसर्च फाउण्डेशन, एशिया पेसिफिक रिकॉर्ड्स और ग्लोबल रिकॉर्ड्स में अभातेयुप का नाम दर्ज हुआ।

और भी