छत्तीसगढ़ - Newsportal | Chhattisgarh Darpan Media Group

छत्तीसगढ़

इस्ताक खान ने प्रनाम की पहल पर किया देहदान

 भिलाई (छत्तीसगढ़ दर्पण)। देहदान के माध्यम से मानवता की भलाई का जज्बा लिए नगरी, जिला धमतरी के इस्ताक खान ने देहदान की अनुकरणीय मिसाल कायम की। देहदान के बारे में आवश्यक जानकारी के लिए उन्होंने भिलाई की संस्था प्रनाम के अध्यक्ष पवन केसवानी से संपर्क कर उनसे काउंसलिंग प्राप्त कर देहदान किया। इस दौरान अपनी बेटी आशया खान के साथ देहदानी इस्ताक खान ने विभिन्न धार्मिक और व्यावहारिक अड़चनों को गहराई से समझने के बाद एम्स रायपुर के नाम वसीयत जारी की। 

विगत 14 सालों से ज्यादा समय से देहदान के लिए हजारों काउंसलिंग कर चुके प्रनाम के पवन केसवानी ने बताया कि, उनके द्वारा पहली बार किसी मुस्लिम व्यक्ति की देहदान की काउंसलिंग के बाद वसीयत प्राप्त की गई। प्रनाम की देहदान की अभिनव पहल पर अब देहदान के लिए लोग दूर दूर से देहदान से जुड़ी भ्रांतियों और आशंकाओं को दूर कर पहले से कहीं ज्यादा संख्या में मानवता की भलाई के लिए देहदान कर रहे हैं।

और भी

जिला-पुलिस प्रशासन अच्छा कार्य कर रहे हैं, लेकिन कई जगह सुधार की आवश्यकता : भूपेश बघेल

 कलेक्टर्स-एसपी कॉन्फ्रेंस में मुख्यमंत्री ने की कानून व्यवस्था की स्थिति की समीक्षा

रायपुर (छत्तीसगढ़ दर्पण)। मुख्यमंत्री बघेल ने शनिवार को न्यू-सर्किट हाउस में दो-दिवसीय कलेक्टर-एसपी कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए कहा कि जिला प्रशासन और पुलिस-प्रशासन अच्छा काम कर रहें है, इसमें कोई दो राय नहीं है, लेकिन कई जगह सुधार की भी आवश्यकता है। प्रशासन और पुलिस के बीच बेहतर समन्वय होना चाहिए। प्रदेश में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए सभी अधिकारी सजग रहकर कार्य करें। पुलिस अपने सूचना तंत्र को मजबूत बनाए। कई घटनाओं को पुलिस ने कम समय में ही सुलझाया है इससे राज्य की अच्छी छवि बनी है। उन्होंने कहा कि चाकूबाजी, सट्टे बाजी, अवैध शराब, ऑनलाईन गैम्बलिंग पर कड़ाई से अंकुश लगाने की जरूरत है। बेसिक पुलिसिंग पर ज्यादा फोकस होना चाहिए। सोशल मीडिया में अफवाहों का तत्काल जवाब आना चाहिए। मीडिया, जनप्रतिनिधि, जनता सभी से पुलिस और प्रशासन का लगातार संवाद बना रहे। चौक चौराहों पर पुलिस की उपस्थिति दिखनी चाहिए। साथ ही सड़क हादसे को रोकने के लिए ठोस और प्रभावी कदम उठाने की जरूरत है।


मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के कलेक्टर और एसपी कॉन्फ्रेंस में प्रदेश में कानून और व्यवस्था की स्थिति, अवैध शराब, जुआ, सट्टा, चिटफंड कम्पनियों के विरूद्ध कार्रवाई, नक्सली इलाकों में सुरक्षा, विकास और आत्म समर्पित नक्सलियों के पुनर्वास, सड़क दुर्घटना रोकने के कार्याे की विस्तृत समीक्षा की। बैठक में मुख्य सचिव अमिताभ जैन, पुलिस महानिदेशक अशोक जुनेजा, मुख्यमंत्री के अपर मुख्य सचिव सुब्रत साहू, प्रदेश के सभी संभागायुक्त, अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक, आईजी, कलेक्टर, पुलिस अधीक्षक उपस्थित थे।  

चिटफंड प्रकरणों की विवेचना में तेजी लाये
मुख्यमंत्री ने कॉन्फ्रेंस में कहा कि चिटफंड कम्पनी के डायरेक्टर जिनकी गिरफ्तारी नहीं हुई है, उन्हें गिरफ्तार किया जाए। अभी तक कुछ प्रकरणों में ही संपत्ति कुर्की की कार्यवाही हुई है। मुख्यमंत्री ने नाराजगी जताते हुए चिटफंड कम्पनियों पर तेजी से कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बचे हुए मामले में भी संपत्ति चिन्हित कर कुर्की की कार्यवाही करायें और निवेशकों को अधिक से अधिक राशि वापस दिलाएं। मुख्यमंत्री ने राजनीतिक प्रकरण की वापसी के बचे हुए प्रकरणों में शीघ्र कार्यवाही करने तथा आदिवासियों के विरूद्ध दर्ज प्रकरणों की वापसी में भी तेजी लाने के निर्देश दिए।

नशीले पदार्थों की तस्करी के नेटवर्क को तोड़ें
मुख्यमंत्री ने कहा कि नक्सल क्षेत्रों में विकास कार्यों के लिए पर्याप्त सुरक्षा मुहैया करायी जाए। इन क्षेत्रों में व्हीआईपी भ्रमण के दौरान सुरक्षा का ध्यान रखा जाए। नशे की गोलियां, इंजेक्शन, सीरप के सेवन की प्रवृत्ति पर पूर्ण रूप से विराम लगाये एवं विक्रेताओं पर कड़ी कार्यवाही करें। गांजा परिवहन व विक्रय पर भी अंकुश लगायें, सीमावर्ती जिलों में चेकपोस्ट मजबूत करें। मुख्यमंत्री ने कहा कि नशे के कारोबार के नेटवर्क को जड़ से ख़त्म करने के लिए पुलिस सख्त कार्रवाई करें। अन्य राज्यों से हर स्तर पर जरूरी समन्वय करें। नशीले पदार्थ के उत्पादक और इससे जुड़े नेटवर्क के स्रोत तक पहुँचकर कार्रवाई करें। उन्होंने नशीले पदार्थो की तस्करी को तोड़ने के साथ नशा मुक्ति केन्द्रों के सुदृढ़ीकरण पर जोर दिया।

महिलाओं के विरुद्ध अपराधों को रोकने पीसीआर वाहन शीघ्र शुरू होंगे
मुख्यमंत्री ने कहा कि पुलिस के अधिकारी फील्ड में अधिक समय दें, लोगों से सम्पर्क बढ़ायें और विजिबल पुलिसिंग की अवधारणा पर काम करें। एसपी स्वयं रात्रि गश्त में निकलें। महिलाओं व बच्चियों के लिए सुरक्षित माहौल बनायें, ’हमर बेटी, हमर मान” अभियान को बेहतर ढंग से संचालित करें। उन्होंने महिलाओं के विरूद्ध अपराध रोकरने के लिए शीघ्र पीसीआर वाहन शुरू करने के निर्देश दिए। सायबर ठगी की घटनाएं लगातार बढ़ रही है, इससे बचने के लिए जन-जागरूकता कार्यक्रम चलायें। धान खरीदी प्रारंभ होने वाली है, पड़ोसी राज्यों से अवैध धान परिवहन पर अंकुश लगाने की ठोस कार्य योजना बनाए। अनूसूचित जाति, जनजाति के विरुद्ध अपराधों में पीड़ित को सहायता राशि शीघ्रता से उपलब्ध कराएं। उन्होंने सड़क सुरक्षा हेतु किए गये प्रयासों की समीक्षा करते हुए सड़क दुर्घटनाओं को रोकने हेतु पूरे प्रयास करने के निर्देश दिये।

विगत वर्षों में नक्सल घटनाओं में उल्लेखनीय कमी आयी
मुख्यमंत्री ने नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में विकास कार्यों की समीक्षा के दौरान कहा कि ग्रामीणों की सुरक्षा के लिए इन क्षेत्रों में स्थापित किए जा रहे कैम्पों के साथ ही ग्रामीणों को शिक्षा, स्वास्थ्य, बिजली की सुविधा उपलब्ध कराने के साथ-साथ लोगों को रोजगार से जोड़ा जाए। बस्तर में नक्सल समस्या समाप्त करने हेतु रोजगार मूलक कार्यों को प्रोत्साहित करने की आवश्यकता है। नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में कई महत्वपूर्ण सड़क निर्माण पूर्ण हो चुका है, इससे वहां विकास की गति बढ़ी है। सड़क निर्माण से कनेक्टिविटी बढ़ने से अंदरूनी क्षेत्रों में विकास कार्य संभव हुये हैं। मुख्यमंत्री ने अंदरूनी नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में मोबाईल टॉवर की स्थापना तेजी से करने के निर्देश दिए। अधिकारियों ने बताया कि अंदरूनी नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में 525 मोबाईल टॉवर को 4-जी में परिवर्तित किया जा रहा है। अधिकांश इलाकों को मोबाईल कनेक्टिविटी से जोड़ लिया गया है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि नक्सल क्षेत्रों में विकास कार्यों के लिए पर्याप्त सुरक्षा मुहैया करायी जाए। नक्सल क्षेत्रों में व्हीआईपी भ्रमण के दौरान सुरक्षा का ध्यान रखा जाए।

मुख्य सचिव अमिताभ जैन ने कहा कि कलेक्टर और एसपी बेहतर समन्वय के साथ कार्य करें। यह समन्वय भी निचले स्तर पर भी दिखना चाहिए। दुर्घटना के समय त्वरित कार्यवाही के लिए एसओपी तैयार की जाए।

कॉन्फ्रेंस के दौरान पुलिस महानिदेशक ने बताया कि कानून व्यवस्था पर प्रभावी नियंत्रण हेतु पुलिस अधीक्षक, रायपुर प्रशांत अग्रवाल, चिटफंड कम्पनियों एवं नशीले पदार्थों के खिलाफ कार्यवाही तथा सामुदायिक पुलिसिंग के कार्य हेतु तत्कालीन पुलिस अधीक्षक, राजनांदगांव संतोष सिंह एवं नक्सल अभियान के दौरान प्रभावी नक्सल विरोधी अभियान हेतु पुलिस अधीक्षक, सुकमा सुनील शर्मा के कार्यों की प्रशंसा करते हुए उन्हें उक्त क्षेत्र में श्रेष्ठ जिला के रूप में चिन्हित किया गया।

इसी तरह अपराध नियंत्रण, अपराधिक प्रकरणों के निराकरण, महिला, बच्चों एवं अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति वर्ग के व्यक्तियों का संरक्षण, थानोें से प्रदान की जाने वाली सेवाओं, दुर्घटनाओं पर नियंत्रण, सामुदायिक पुलिसिंग, नवाचार आदि बिन्दुओं पर प्रदेश के थानों की रैंकिंग की गई, जिसमें थाना कोतवाली, रायगढ़ को उत्कृष्ट शहरी थाना एवं थाना पाटन, जिला दुर्ग को उत्कृष्ट ग्रामीण थाना के रूप में चिन्हित किया गया। जबकि नक्सल विरोधी अभिमान में सर्वश्रेष्ठ कार्य हेतु थाना कोहकामेटा, जिला नारायणपुर को चिन्हित किया गया।

और भी

जिले के आधार ऑपरेटर दिलीप साहू आधार एक्सीलेंस अवार्ड से सम्मानित*

*ई सेवाओं के लिए विभाग की प्रशंसा की गई 

जांजगीर-चांपा (छत्तीसगढ़ दर्पण)। कार्यालय ई गवर्नन्स जांजगीर चाम्पा के आधार ऑपरेटर श्री दिलीप साहू तहसील नवागढ़ को रजिस्ट्रार इलेक्ट्रॉनिक्स एंड आईटी,गवर्न्मेंट ऑफ़ छत्तीसगढ़ के अंतर्गत पूरे छत्तीसगढ़ में उत्कृष्ट कार्य हेतु क्षेत्रीय कार्यालय UIDAI हैदराबाद द्वारा मुख्य सचिव  अमिताभ जैन सर के हाथों 7 अक्टूबर को आधार एक्सीलेंस अवार्ड  से सम्मानित किया गया और ई सेवाओं हेतु विभाग की प्रशंसा की गयी।

 ई जिला प्रबंधक सुनील कुमार साहू ने बताया कि जिला जांजगीर चाम्पा कलेक्टर श्री तारन प्रकाश सिन्हा सर के निर्देश में ई-गवर्नन्स जांजगीर चिप्स विभाग द्वारा जिले में ई-गवर्नन्स सेवाओं को सरल व सुगम बनाने हेतु लगातार प्रयास किया जा रहा है,जिससे यह सफलता पायी गयी है।

और भी

धान बेचने में किसानों को न हो कोई दिक्कत : भूपेश बघेल

 धान खरीदी को लेकर मुख्यमंत्री ने कलेक्टरों को दिए निर्देश

रायपुर (छत्तीसगढ़ दर्पण)। मुख्यमंत्री बघेल ने खरीफ विपणन वर्ष 2022-23 के लिए समर्थन मूल्य धान खरीदी को लेकर पूरी तैयारी रखने के निर्देश सभी जिला कलेक्टरों को दिए हैं। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट रूप से कहा कि, धान बेचने में किसानों को किसी भी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए। मुख्यमंत्री बघेल ने आज से राजधानी रायपुर में आयोजित दो दिवसीय कलेक्टर-एसपी कॉन्फ्रेंस को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कानून-व्यवस्था समेत प्रदेश में धान खरीदी तैयारियों और विभिन्न शासकीय योजनाओं के क्रियान्वयन की समीक्षा भी की।

कलेक्टर-एसपी कॉन्फ्रेंस के पहले दिन मुख्यमंत्री बघेल ने खरीफ विपणन वर्ष 2022-23 के लिए धान खरीदी को लेकर जिला स्तर पर तैयारियों पर जिला कलेक्टर से सीधी बात की। इस दौरान उन्होंने निर्देशित करते हुए कहा कि, प्रदेश में नवम्बर से धान खरीदी प्रारंभ होने वाली है, इस लिहाज से पूर्ण तैयारी रखें। गौरतलब है कि मुख्यमंत्री बघेल की घोषणा के अनुरूप छत्तीसगढ़ राज्य में 1 नवंबर से धान खरीदी शुरू कर दी जाएगी। खरीफ विपणन वर्ष 2022-23 के लिए समर्थन मूल्य पर धान खरीदी का लक्ष्य 1 करोड़ 10 लाख मीट्रिक टन निर्धारित किया गया है। ऐसे में धान केन्द्रों केन्द्रों में आवश्यक व्यवस्था और सुविधाएं समेत प्राथमिकता के साथ बारदाना की उपलब्धता पर जोर दिया गया।

और भी

बलात्कार के आरोपी कांग्रेस नेता पर हो कड़ी कार्रवाई

 रायगढ़ (छत्तीसगढ़ दर्पण)। छत्तीसगढ़ के चिरमिरी भरतपुर जिले में युवक कांग्रेस के अध्यक्ष शाहनवाज अली के खिलाफ दर्ज नाबालिग लड़की के साथ बलात्कार की घटना को दबाने की कोशिश की जा रही है। भारतीय जनता पार्टी अल्पसंख्यक मोर्चा की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की सदस्य एवं भाजपा नेता नजमा खान ने यह आरोप लगाया है। भाजपा नेत्री  नजमा ने एक बयान में कहा है कि भरतपुर चिरमिरी जिले के कांग्रेस नेता शाहनवाज अली के विरुद्ध एक नाबालिग लड़की के साथ सामूहिक बलात्कार की रिपोर्ट पुलिस थाने में पीड़िता के परिजनों ने दर्ज कराई है। पुलिस ने इस मामले में शाहनवाज अली के चार सहयोगियों और शाहनवाज अली की परिचित युवती प्रीति पांडे को गिरफ्तार कर लिया है।

कांग्रेस नेता शाहनवाज अली को कांग्रेस पार्टी से निष्कासित करने की मांग करते हुए भाजपा नेत्री नजमा खान ने कहा  कि नाबालिग लड़की का कांग्रेस नेता और उसके सहयोगी विगत 7 महीने से शोषण कर रहे थे। हर बार पीड़िता को धमकी देकर चुप कराया जाता रहा जब पीड़िता ने अपने ऊपर हुए शारीरिक और मानसिक अत्याचार की जानकारी अपने परिजनों को दी तब यह मामला पुलिस थाने तक पहुंचा। फिलहाल पुलिस ने पीड़िता की रिपोर्ट पर कार्रवाई करते हुए आरोपियों को हिरासत में तो लिया है लेकिन कांग्रेस अध्यक्ष शाहनवाज अली जो इस जघन्य कांड के मुख्य आरोपी हैं उन्हें बचाने की कोशिश की जा रही है। नजमा खान ने कहा कि समाज में महिलाओं पर अत्याचार करने वाले ऐसे असामाजिक तत्वों को राजनीतिक दलों में भी कोई जगह नहीं मिलनी चाहिए। उन्होंने मांग की है कि कांग्रेस के आरोपी नेता को तत्काल पार्टी से बाहर निकाला जाए और उनके कड़ी धाराएं लगाकर कड़ी सजा दी जाए।

और भी

मुख्यमंत्री बघेल 10 को वनांचल क्षेत्र झलमला और सहसपुर लोहारा के प्रवास पर

 कवर्धा (छत्तीसगढ़ दर्पण)। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल भेंट-मुलाकात अभियान के तहत 10 अक्टूबर को कवर्धा विधानसभा क्षेत्र के वनांचल क्षेत्र झलमला और सहसपुर लोहारा के दौरे पर आ रहे है। प्रदेश सरकार की योजनाओं व कार्यक्रमों का जमीनी स्तर पर आंकलन करने और आम नागरिकों से सरकार की योजनाओं का फीडबैक लेने प्रदेश व्यापी भेंट मुलाकात कार्यक्रम को बेहतर प्रतिसाद मिल रहा है। मुख्यमंत्री इस दौरान आम लोगों से रू-ब-रू भी हो रहे है। मुख्यमंत्री बघेल इससे पहले जिले के पंडरिया विधानसभा क्षेत्र के लोगों से अपने भेंट मुलाकात कर चुके हैं।

गौरतलब है कि मुख्यमंत्री ने प्रदेश के सभी 90 विधानसभा क्षेत्रों में आम जनता से भेंट-मुलाकात के अभियान की शुरुआत 4 मई से की है। मुख्यमंत्री अब तक भेंट-मुलाकात अभियान के तहत 17 जिलों के 35 विधानसभा क्षेत्रों का दौरा कर चुके हैं। विधानसभा क्षेत्र दौरा में सरगुजा संभाग की 14 विधानसभा, बस्तर संभाग की 12 विधानसभा, बिलासपुर संभाग गौरेला-पेण्ड्रा-मरवाही जिले की मरवाही विधानसभा तथा रायगढ़ जिले के रायगढ़, लैलूंगा, खरसिया व धरमजयगढ़, बालोद जिले की डौडीलोहारा, गुण्डरदेही और संजारी बालोद, कबीरधाम जिले के पंडरिया विधानसभा शामिल हैं। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल संपर्क-संवाद समाधान के ध्येय के साथ अपने भेंट-मुलाकात कार्यक्रम के माध्यम से आम जनता से सीधी बात और उनकी समस्याओं को जानकर उनका निराकरण भी कर रहे हैं। भेंट-मुलाकात कार्यक्रम के दौरान जनता जनार्दन की मांग पर मुख्यमंत्री क्षेत्र के विकास के लिए घोषणाएं भी कर रहे हैं।

और भी

पूर्व महापौर प्रमोद दुबे को हिमाचल प्रदेश की मंडी विधानसभा की पर्यवेक्षक की जिम्मेदारी

 रायपुर (छत्तीसगढ़ दर्पण)। पूर्व महापौर व नगर निगम रायपुर के सभापति प्रमोद दुबे को हिमाचल प्रदेश विधानसभा चुनाव में जिला मंडी के मंडी विधानसभा 33 के पर्यवेक्षक नियुक्त किया गया। यह नियुक्ति एआईसीसी के हिमाचल प्रदेश के प्रदेश प्रभारी व कांग्रेस वर्किंग कमेटी के सदस्य एवं राज्यसभा सांसद राजीव शुक्ला की ओर से की गयी।

 
और भी

पाँच किमी लम्बे सांस्कृतिक मार्च के साथ जसम के सम्मेलन का आग़ाज़!

 रायपुर (छत्तीसगढ़ दर्पण)। फासीवाद के ख़िलाफ़ प्रतिरोध, आजादी और लोकतंत्र की संस्कृति के लिए एकजुटता का आह्वान करते हुए आज छत्तीसगढ़, रायपुर के पंजाब केसरी भवन में जसम का राष्ट्रीय सम्मेलन शुरू हुआ। सम्मेलन स्थल, परिसर, सभागार और मंच को मुक्तिबोध, कॉमरेड बृजबिहारी पांडे, रामनिहाल गुंजन, मंगलेश डबराल व हबीब तनवीर को समर्पित किया गया था।

सम्मेलन में शिरकत करने देश के विभिन्न राज्यों, उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड, राजस्थान, छत्तीसगढ़, गुजरात, बंगाल, दिल्ली, उत्तराखंड, आंध्र प्रदेश आदि से लेखक, कलाकार, नाटककार, संस्कृतिकर्मी व सामाजिक कार्यकर्ता आए हुए हैं।

सम्मेलन की शुरुआत एक प्रतिरोध मार्च से हुई। मार्च आशीर्वाद भवन से चलकर डॉ अम्बेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण करते हुए शहीद ए आज़म भगत सिंह की मूर्ति तक पहुँची। जन संस्कृति मंच के अध्यक्ष प्रो राजेंद्र कुमार ने एक संक्षिप्त वक्तव्य में मौजूदा निज़ाम के ख़िलाफ़ सम्विधान की हिफ़ाज़त और लोकतंत्र की लड़ाई के लिए एकजुटता का आह्वान किया।

सम्मेलन के उद्घाटन सत्र का आरंभ सम्मेलन स्वागत समिति के संयोजक राजकुमार सोनी ने किया। मुक्तिबोध व हबीब तनवीर आदि रचनाकारों और शंकर गुहा नियोगी आदि शहीदों को याद करते हुए उन्होंने कहा कि फ़ासीवादी ताक़तें इस देश की अवाम को तबाह कर रही हैं, उनके संसाधन लूट रही हैं और कारपोरेट के कंधों पर चढ़कर जनता पर दमन ढ़ा रही हैं। भाजपा-संघ के फ़ासीवादी निज़ाम से लड़ने की रणनीति खोजने को फ़ौरी जरूरत बताते हुए उन्होंने अतिथियों व भागीदारों का स्वागत किया।

इस सत्र के मुख्य अतिथि जाने-पहचाने गाँधीवादी और मानवाधिकार कार्यकर्ता हिमांशु कुमार थे। उन्होंने गाँधी जी को याद करते हुए कहा कि वे अंग्रेजी विकास के मॉडल को शैतानी मॉडल कहा करते थे। दरअसल विकास का यह मॉडल कहता है कि जिसके पास ज्यादा है, वही विकसित है। यही ज्यादा हासिल करने के लिए पूँजीपति सरकारों के सहारे जल-जंगल-जमीन और तमाम संसाधनों की लूट में जुटे हुए हैं। उन्होंने कहा कि भारत की सरकार ने जनता के खिलाफ सम्पूर्ण युद्ध इन्हीं संसाधनों की लूट के लिए शुरू किया है और भारत का लोकतंत्र पूरी तरह सैन्यतंत्र में बदल चुका है। अपने व्यक्तिगत अनुभव साझा करते हुए उन्होंने कहा कि आदिवासियों की अगुवाई में हम इस फ़ासीवादी निज़ाम से बिना डरे लड़ें हैं। उन्होंने कहा कि हमारा काम फ़ासीवादी निज़ाम के खिलाफ लड़ रहे लोगों की लड़ाई में शामिल होना है।

विशिष्ट अतिथि भँवर मेघवंशी ने सम्मेलन को सम्बोधित करते हुए कहा कि हमारे देश में लोकतांत्रिक मूल्यों का क्षरण हो रहा है। उन्होंने कहा कि इस फ़ासीवादी निज़ाम को सिर्फ राजनीति के मोर्चे पर ही नहीं संस्कृति के मोर्चे पर भी शिकस्त देनी होगी। फ़ासीवाद को परास्त करने के लिए उन्होंने छोटी-छोटी प्रतिरोध लड़ाइयों का व्यापक साझा मोर्चा बनाने की अपील की। 

युवा कार्यकर्ता और ट्राली टाइम्स की सम्पादक मंडल की सदस्य नवकिरन नट ने कहा कि किसान आंदोलन ने इस निज़ाम से लड़ने की एक राह विकसित की है। उन्होंने किसान आंदोलन में किए गए बहुत से सांस्कृतिक प्रयोगों को रेखांकित करते हुए संस्कृति के मोर्चे पर लड़ाई को बहुत जरूरी बताया।

सम्मेलन में बिरादराना संगठनों के प्रतिनिधियों ने भी शिरकत की। दलित लेखक संघ की ओर से संरक्षक हीरालाल राजस्थानी का संदेश आँचल बाबा ने पढ़ा। प्रगतिशील लेखक संघ की ओर से कथाकार रणेंद्र ने और जनवादी लेख संघ की ओर से नासिर अहमद सिकंदर ने सम्मेलन के लिए संदेश दिया और मौजूदा दौर में सभी संघर्ष की ताक़तों की एकजुटता का आह्वान किया।

सम्मेलन का संचालन आलोचना पत्रिका के सम्पादक आशुतोष कुमार ने लिया और धन्यवाद ज्ञापन जसम के रायपुर अध्यक्ष आनंद बहादुर ने किया।

इस सत्र की अध्यक्षता जन संस्कृति मंच के राष्ट्रीय अध्यक्ष प्रो राजेंद्र कुमार ने की।

सम्मेलन स्थल पर एक कला-प्रदर्शनी का भी आयोजन किया गया था। युवा चित्रकार राकेश दिवाकर को सामर्पित इस प्रदर्शनी में वरिष्ठ कवि व चित्रकार अजय कुमार के पोस्टकार्ड-चित्रों की प्रदर्शनी है, युवा कलाकार नितिन की चित्र प्रदर्शनी है और विभिन्न कविताओं के पोस्टर लगाए गए हैं, जिन्हें युवा चित्रकारों अनुपम, नितिन व लाबनी ने तैयार किया है। सम्मेलन स्थल पर पुस्तक प्रदर्शनी भी लगाई गयी है।

और भी

14 समाजों को मुख्यमंत्री के हाथों मिली सामाजिक भवनों के लिए भूमि

 रायपुर (छत्तीसगढ़ दर्पण)। विश्व प्रसिद्ध बस्तर दशहरा पर्व के प्रमुख रस्मों में एक मुरिया दरबार में शामिल होने जगदलपुर पहुँचे मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने 14 विभिन्न समाजों को सामाजिक भवनों के निर्माण के लिए भूमि की सौगात दी। टॉउन क्लब मैदान में आयोजित कार्यक्रम में उन्होंने बढ़ाई समाज, कायस्थ समाज, घसिया समाज, नाई समाज, कलार समाज, यादव समाज, विश्वकर्मा समाज, राजपूत क्षत्रिय समाज, सुंडी समाज, उरांव(कुडुख) समाज, साहू समाज, मुंडा समाज पोटानार व सौतनार और भतरा समाज के सामाजिक भवनों के निर्माण के लिए पट्टा प्रदान किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि समाज को भवनों के मालिकाना हक, पट्टा मिलने से सामाजिक कार्यों सहित अपने समाज के उन्नति और विकास में भवनों का उपयोग करेंगे। उन्होंने पट्टा वितरण के लिए समाज के साथ-साथ जिला प्रशासन के राजस्व विभाग को बधाई और शुभकामनाएं दी। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने बस्तर  जिले के 437 ग्राम पंचायतों में प्रशासनिक सुविधाओं के लिए ग्रामीण सचिवालय का शुभारंभ किया। साथ ही टी बी मुक्त्त बस्तर अभियान के लिए निःक्षय बस्तर का शुभारंभ किए। इसके अलावा स्कूलों की मॉनिटरिंग के लिए विद्या जतन एप्प का लॉच किये। मुख्यमंत्री के समक्ष जिले के 108 ग्रामों में फ्री वाई फाई सेवा के लिए जिला प्रशासन और बी एस एन एल के मध्य  एमओयू पर हस्ताक्षर किया गया।



इस अवसर पर उद्योग व जिले के प्रभारी मंत्री कवासी लखमा, सांसद दीपक बैज, बस्तर क्षेत्र आदिवासी विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष लखेश्वर बघेल,उपाध्यक्ष संतराम नेताम, विक्रम मंडावी, संसदीय सचिव रेखचन्द जैन, हस्त शिल्प विकास बोर्ड के अध्यक्ष चंदन कश्यप, कोंडागांव  विधायक मोहन मरकाम,चित्रकोट विधायक राजमन बेंजाम, महापौर श्रीमती सफीरा साह, नगर निगम सभापति श्रीमती कविता साह, कमिश्नर श्याम धावड़े, आई जी सुंदर राज पी., कलेक्टर चंदन कुमार, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जितेंद्र मीणा सहित अन्य  जनप्रतिनिधि,विभिन्न समाजों के पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित थे।

 

 

और भी

खैरागढ़ संभाग में एरियर्स वसूली के लिए चला अभियान : 670 बकायेदार उपभोक्ताओं से वसूले 61 लाख 60 हजार की बकाया राशि, 496 बकायादारों के काटे गये बिजली कनेक्शन

 राजनांदगांव/खैरागढ़ (छत्तीसगढ़ दर्पण)। खैरागढ़ संभाग में छत्तीसगढ़ स्टेट पॉवर डिस्ट्रीब्यूसन कंपनी द्वारा बकायेदार उपभोक्ताओं से एरियर्स वसूली के लिए सघन अभियान चलाया गया एवं छुईखदान, गंडई एवं खैरागढ़ उपसंभाग के सभी वितरण केन्द्रों में बकायेदार उपभोक्ताओं के कनेक्शनों के विच्छेदन की कार्यवाही करते हुए ऐसे 496 विद्युत कनेक्शन विच्छेदित किये गये। साथ ही 670 बकायादार उपभोक्ताओं से 61 लाख 60 हजार रूपए की राशि  का भुगतान भी प्राप्त किया गया। गौरतलब है कि बिजली विभाग द्वारा उपभोक्ताओं को निर्धारित समयावधि पर बिजली बिल के भुगतान के लिए बिल वितरण की व्यवस्था कराई जाती है। उसके बाद बिजली बिल के देयको के भुगतान में विलंब होने पर बार-बार ध्यान आकृश्ट कराये जाने के बाद भी बिल नही पटाने वाले उपभोक्ताओं के बिजली कनेक्शन  को काटने की कार्यवाही की जा रही है। इस कार्यवाही के दरमियान विद्यमान सर्विस कनेक्शनों  में बायपास एवं हुकिंग कर बिजली चोरी के प्रकरण पाये जाने पर उनके विरूद्ध भी कार्यवाही की जा रही है।

खैरागढ़ संभाग के कार्यपालन अभियंता छगन शर्मा ने बताया कि सहायक अभियंता एवं कनिश्ठ अभियंता स्तर के अधिकारियों के द्वारा कार्यवाही करते हुए 496 उपभोक्ताओं द्वारा 45 लाख 70 हजार रूपये बकाया भुगतान नहीं किये जाने पर उनके विद्युत कनेक्शन काट दिए गये हैं। इस दौरान मीटर रीडिंग के लिए अनुबंधित रीडरों द्वारा संपादित किये जा कार्यो का भी निरीक्षण किया जा रहा है। उन्होने बकायादार उपभोक्ताओं से अपील करते हुए कहा है कि विद्युत देयकों का भुगतान नियमित रूप से करें ताकि विच्छेदन की कार्यवाही से होने वाली असुविधा से बचा जा सके।

और भी

शोक संतप्त परिवार से भेंटकर मंत्री अकबर ने प्रकट की संवेदना

 कवर्धा (छत्तीसगढ़ दर्पण)। वन मंत्री व कवर्धा विधायक मोहम्मद अकबर शुक्रवार को अपने एक दिवसीय कबीरधाम प्रवास के दौरान विभिन्न कार्यक्रमों में शामिल हुए। मंत्री अकबर प्रवास के दौरान ग्राम तरेगावं जंगल में स्व. लक्ष्मण मेरावी के निवास में पहुंचकर उनके परिवार के सदस्यों से भेंट मुलाकात कर अपनी संवेदना प्रकट की। इस अवसर पर क्रेडा के सदस्य कन्हैया अग्रवाल, नीलकंठ चंद्रवंशी, जनपद अध्यक्ष श्रीमती लीला धनुक वर्मा, मंडी अध्यक्ष नीलकंठ साहू, उपाध्यक्ष चोवा साहू, अशोक चोपड़ा सहित जनप्रतिनिधि, उपस्थित थे।

और भी

मार्केट में बूम : दीपावली पर जमकर चमकेगा सराफा व कपड़ा बाजार

 रायपुर (छत्तीसगढ़ दर्पण)। राजधानी केे बाजारों में दीपावली की रौनक बढ़ गई हैं। वही मुख्य सड़कों पर साज सज्जा और त्यौहार की सामाग्री की दूकानें सजी नजर आने लगी हैं ।जबकि हर रोज खरीदारी के लिए दिन में भीड़ बढ़ रही है। यातायात को नियंत्रित व व्यवस्थित करने पुलिस विभाग ने जवानों की तैनाती शुरू की है। रायपुर के सदर सराफा बाजार और पंडरी के कपड़ा व्यापारियों ने ग्राहकों को लुभाने के लिए बाजार में कई प्रकार की वैरायटी लेकर आए है और उम्मीद कर रहे है कि इस बार दीपावली पर सराफा बाजार में 100 और कपड़ा बाजार में 150 करोड़ का व्यापार होने की उम्मीद है ।

सोने की कीमत में उछाल- दीपावली पर सराफा बाजार में बने ट्रेंड पर जनजागरूकता से बातचीत में सदर सराफा ऐसोंसिएशन के अध्यक्ष सुरेश  भंसाली ने बताया कि सदर सराफा बाजार में इस बार अच्छा माहौल है । बाजार में 50 से 75 प्रतिशत ग्रोथ आई है। इसीलिए सोने के दाम में पिछले एक हफते में काफी उछाल आया है और सोने का भाव प्रति 10 ग्राम 51 हजार से बढ़कर 53 हजार प्रति 10 ग्राम हो गया है इसमें 2 हजार रूप्ए की तेजी आई है ऐसे में सभी व्यापारी उम्मीद कर रहे है कि बहुत अच्छा सेल होगा इस दीपावली मेें 100 करोड़ के व्यापार की उम्मीद है। उनका कहना था कि सोने के दाम में बढ़ोत्तरी के कारण ग्राहक कम वजन वाले सोने के आभूषण को पसंद व मांग कर रहे है। आने वाले दिनों में दीपावली के बाद शादियों का सीजन शुरू हो जाएगा इसीलिए आम लोग दोनोे उत्सव को ध्यान में रखकर खरीदी कर रहे है। यही वजह की ग्राहक एडवांस में बुकिंग कर रहे है ताकि भाव में परिवर्तन आने पर भी विशष असर न हो । उन्होनें बताया कि व्यापारी दीपावली और शादी के मददेनजर स्टॉक लाकर रखा है । उनके अनुसार इस समय बाजार के सभी पैरामीटर सही है ।

राज्य सरकार से मिल रहा अच्छा सहयोग -ऐसों के अध्यक्ष भंसाली ने बताया कि दीपावली पर राज्य सरकार से अच्छा सहयोग मिल रहा है। व्यापार बढ़ाने के लिए अच्छा सहयोग मिल रहा है यहां कोविड के 2 साल बाद व्यापार को लेकर यातायात सहित सभी तरह की सुविधाएं मिल रही है

ग्राहकों की विशेष मांग इस बार ग्राहक बजट के अनुसार कम वजन के सोने के आभूषण को पसंद कर रहे है। चैन, कंगन कान की बाली फैंसी ज्वेलरी व कुंदन मोती की विशेष मांग की जा रही है ।

3 प्रतिषत जी एस टी- भंसाली ने बताया कि सोने सहित सभी तरह के आभूषण में 3 प्रतिशत जी एस टी लगाया जाता है इसके बाद भी ग्राहक और व्यापारी सभी तरह के कर जमा करने के लिए तैयार है और जमा कर रहे हैं।

मध्य भारत का सबसे बड़ा मार्केट बना रायपुर

150 करोड़ रूप्ए का होगा व्यापार- पंडरी कपड़ा मार्केट की स्थिति पर चर्चा करते हुए जनजागरूकता को रायपुर थोक कपड़ा व्यापारी संघ के पूर्व अध्यक्ष वर्तमान में सरंक्षक चंदर विधानी ने बताया कि अच्छी ग्राहकी हो रही है। व्यापारियों ने अच्छा कलेक्न किया है ताकि ग्राहकों को हर वैरायटी  के कपड़े उपलब्ध करा सके। उन्होनें बताया कि रायपुर में ओड़िसा, झारखंड विदर्भ, महाकोषल से खरीदी के लिए काफी व्यापारी आते है साथ ही आम लोग भी खरीदी करते है इसी वजह से रायपुर का पंडरी कपड़ा मार्केट मध्यभारत का सबसे बड़ा मार्केट बन गया है । अच्छा कलेक्षन और वैरायटी  के कारण अब उच्च घराने के लोग भी त्यौहार या पारिवारिक फेस्टीवल में खरीदी के लिए अब कोलकाता मुंबई नही जाते है रायपुर आकर खरीदी करना पसंद करते है। यही नहीं उनका कहना था कि मध्यम वर्गीय परिवार को खरीदी के अच्छे शो रूम और आउटलेट रायपुर में उपलब्ध हो गए है ।

150 करोड़ के व्यापार की उम्मीद- संघ के सरंक्षक विधानी ने बताया कि रेडीमेड और होलसेल का बड़ा मार्केट होने के  कारण इस बार 150 करोड़ से अधिक के व्यापार की उम्मीद व्यापारी कर रहे है। कोरोना के 2 साल बाद बाजार पूरी तरह से खुले है आम से लेकर खास सभी मिलकर जमकर खरीदी कर रहे है।

2 हजार से 2 लाख तक घाघराचोली, लांचा उपलब्ध- उन्होने बताया कि आने वाले दिनों मे दीपावली के तुंरत बाद शादियों का सीजन आ जाएगा इसीलिए व्यापारियों ने लांचा और घाघराचोली ब्रांडेड साड़ियां ट्रेडीसनल साड़ियां का स्टॉक तैयार किया है इसमें 2 हजार से लेकर 2 लाख रूप्ए तक वैरायटी उपलब्ध है। युवाओं में अच्छे ब्रैेंड ब्लेैकबेरी, क्लीयर्स, के शो रूम है जहां खरीदी हो रही है।

महानगरीय शोरूम की झलक- उनका कहना था कि रायपुर में महानगरीय संस्कृति वाले शो रूम खुल गए है जहां खरीदी की जा रही है पाष्चात्य पंसद के कपड़े उपलब्ध है इसमें मध्यमवर्गीय परिवार के लिए बजट अनुसार सलवार कुर्ते शेरवानी मोदी जैकेट कुर्ता पैजामा आदि विषेष है जो पंसद किए जा रहे है और मांग भी है। शेरवानी ओैर घाघराचोली तो शादियों में विषेष उपयोगी होती है इसीलिए अभी से मांग में है।

आर्डर बनाकर देते हेै पसंद के कपड़े- पंडरी कपड़ा बाजार में अब खुबियां है कि ग्राहक को ललचा सकती है क्योंकि फोटो के अनुसार ग्राहक को कपड़ा तेैयार कर दिए जाने लगा है हर रेंज के कपड़े आर्डर बनाकर दिए जाते है।

ग्राहक की खरीदी क्षमता में इजाफा-बताया जा रहा हेै कि कपड़ा बाजार में अब सस्ता माल व कपड़ा आना बंद हो गया सैलरी बढ़ने के कारण हर किस्म के ग्राहक मंहगे कपड़े खरीदना पसंद कर रहे है डिमांड भी बढ़ रही है एक आम ग्राहक 1हजार से 1लाख तक की खरीदी सीजन में करने लगा है । इसमें ग्राहकी की मांग और आवष्यकता भी देखी जाती है।

कपड़े पर 5 से 12 प्रतित जीएस टी- व्यापारी विधानी ने बताया कि कपड़े पर 5से लेकर 12 प्रतिशत तक जीएसटी लगता है इसमें 12 प्रतिशत रेडीमेड पर जीएसटी लगता है जो कपड़े के दाम में शामिल होता है। फिर भी ग्राहकी अच्छी है और अच्छी होने की उम्मीद है।

और भी

संसदीय सचिव ने किया राज्य स्तरीय प्रतियोगिता का शुभांरभ

 महासमुंद (छत्तीसगढ़ दर्पण)। संसदीय सचिव व विधायक विनोद सेवनलाल चंद्राकर ने शहर के मिनी स्टेडियम में जिला प्रशासन के सहयोग से छग बास्केटबॉल संघ व जिला बास्केटबॉल संघ द्वारा आयोजित 19वीं सब जूनियर राज्य स्तरीय बास्केटबॉल प्रतियोगिता का शुभारंभ किया। इस दौरान उन्होंने प्रतियोगिता के सफल आयोजन की शुभकामनाएं दी।

6 अक्टूबर से स्थानीय मिनी स्टेडियम में 19वीं सब जूनियर राज्य स्तरीय बास्केटबॉल प्रतियोगिता का आयोजन किया गया है। गुरूवार की शाम आयोजित प्रतियोगिता के शुभांरभ कार्यक्रम के मुख्य अतिथि संसदीय सचिव व विधायक विनोद सेवनलाल चंद्राकर थे। अध्यक्षता सरपंच संघ के अध्यक्ष वीरेंद्र चंद्राकर ने की। विशेष अतिथि के रूप में पार्षद अमन चंद्राकर, मुन्ना देवार, गौरव चंद्राकर मौजूद थे। अपने संबोधन में मुख्य अतिथि संसदीय सचिव चंद्राकर ने कहा कि भूपेश सरकार के द्वारा प्रदेश में खेलों के विकास के लिए निरंतर कार्य किए जा रहे हैं। उन्होंने जीवन में खेल के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि विद्यार्थियों के समक्ष खेल के क्षेत्र में भी आगे बढऩे की व्यापक संभावनाएं हैं। उन्होंने कहा कि समाज के अन्य क्षेत्रों की भांति खेलकूद के क्षेत्र में भी व्यक्ति के लिए आगे बढऩे व उपलब्धि हासिल करने की असीम संभावनाएं हैं। उन्होंने खिलाडिय़ों के उज्जवल भविष्य की कामना भी की। इसके पूर्व उन्होंने खिलाडिय़ों से परिचय प्राप्त किया। मंच संचालन राजेश शर्मा ने किया। बालिका वर्ग में पहला लीग मैच भिलाई कार्पोरेशन विरुद्ध रायपुर कॉरपोरेशन में मध्य खेला गया। जिसमें भिलाई कार्पोरेशन जीत हासिल की। बालक वर्ग में पहला लीग मैच महासमुंद जिला विरूद्ध रायपुर जिला के मध्य खेला गया, जिसमें महासमुंद जिला ने 63 -22 से मैच जीता। तीसरा मैच बालिका वर्ग में दुर्ग जिला विरूद्ध सरगुजा जिला के मध्य खेला गया जिसमें दुर्ग जिला ने 41-16 से जीता। 

जिला बॉस्केटबाल संघ के अध्यक्ष संघ नुरेन चंद्राकर ने बताया कि राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए 24 बालक 24 बालिका का चयन किया जाएगा। जो दिसम्बर माह में हिमाचल प्रदेश में आयोजित किया जाना है। कार्यक्रम में प्रमुख रूप से जिला बॉस्केटबाल संघ के अध्यक्ष संघ नुरेन चंद्राकर, कामेश लाल, आरएस गौर, मनोज घृतलहरे खेल अधिकारी, संतोष सोनी, इमरान अली, अजय शर्मा, अदनान पॉल, सतीश नायर, कराटे संघ के अध्यक्ष प्रफुल्ल दुबे, बास्केटबॉल संघ के उपाध्यक्ष मनीष वास्तव, सचिव विवेक मंडल, हिरेन्द्र सोनी, विजय महतो, पुरन साहू, राहुल सोनवानी, शुभम तिवारी, कुंदन चंद्राकर उपस्थित रहे।

और भी

जल उपलब्धता बढ़ाने जिले के किसानों का दो दल शैक्षणिक भ्रमण के लिए रवाना

 महासमुंद (छत्तीसगढ़ दर्पण)। प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना- 2.0  के अंतर्गत विकासखंड महासमुंद व पिथौरा से अंतर्राज्यीय क्षमता निर्माण सह शैक्षणिक भ्रमण के लिए परियोजना अधिकारी वाटरशेड डेवलपमेंट योजना से 45-45 किसानों का दो दल 7 दिवसीय शैक्षणिक भ्रमण के लिए महाराष्ट्र के रालेगण सिद्धी व हिरवे बाजार के लिए रवाना हुए। पिथौरा ब्लॉक में अध्यक्ष जिला पंचायत उषा पटेल ने बस को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया

वहीं महासमुंद में पूर्व जनपद उपाध्यक्ष व विधायक प्रतिनिधि महासमुंद दाऊलाल चंद्राकर ने बस को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। महासमुंद में उपसंचालक कृषि अमित कुमार मोहंती सहायक संचालक कृषि  यू.एस.तोमर उपस्थित रहे। वहीं पिथौरा में उपाध्यक्ष जनपद पंचायत मुकेश यादव, भीमराव घोड़ेसवार सहायक भूमि संरक्षण अधिकारी, दिलीप सिंह दीवान कृषि विकास अधिकारी, ओ.पी.पटेल व कमलेश दीवान ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी उपस्थित थे।

 
और भी

मुख्यमंत्री बघेल ने धुरागांव में स्थापित इमली प्रसंस्करण संयंत्र का किया शुभारंभ

 रायपुर (छत्तीसगढ़ दर्पण)। मुख्यमंत्री बघेल ने शुक्रवार को एक दिवसीय बस्तर प्रवास के दौरान लोहंडीगुड़ा विकासखंड के धुरागांव में इमली प्रसंस्करण संयंत्र का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उद्योग एवं जिले के प्रभारी मंत्री कवासी लखमा, सांसद दीपक बैज, हस्तशिल्प विकास बोर्ड के अध्यक्ष चंदन कश्यप, स्थानीय विधायक राजमन बेंजाम, मुख्य वन संरक्षक मोहम्मद शाहिद, कलेक्टर चंदन कुमार सहित जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।


मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर संयंत्र का अवलोकन किया और संयंत्र संचालक से इसकी तकनीकी, क्षमता एवं आवश्यक मानव संसाधन के संबंध में जानकारी ली। उन्होंने धुरागाँव में इमली प्रसंस्करण संयंत्र की स्थापना पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि इससे क्षेत्र में औद्योगिक निवेश की संभावना बढ़ेगी। उन्होंने कहा कि यहां रोजगार सृजन के लिए स्थानीय वनोपज और कृषि उपज का यहीं प्रसंस्करण आवश्यक है तथा यह संयंत्र इस दिशा में एक बड़ी उपलब्धि है।



संयंत्र के संचालक कार्तिक कपूर ने बताया कि इस संयंत्र में प्रतिदिन 10 मिट्रिक टन इमली गुदा, 5 मिट्रिक टन इमली चपाती और 3 मिट्रिक टन इमली बीज का पाउडर बनाने की क्षमता है। यह संयंत्र सभी आधुनिक सुविधाओं के साथ पीईबी और पफ पैनल में कुल निर्माण के 35000 वर्ग फुट के साथ 2 एकड़ में फैला हुआ है। खाद्य प्रयोगशाला का निर्माण यहां किया गया है। इसके साथ ही , उपकरणों के तौर पर प्रीमियम गुणवत्ता वाला स्टील का उपयोग किया गया है। यहां एफएसएसएआई के सभी मानदंडों का कड़ाई से पालन किया जाएगा। यह संयंत्र पूरी तरह से स्वचालित है, पावर बैकअप, निर्बाध निर्माण के लिए मैनुअल मोड में काम करने का प्रावधान है।

और भी

भाजपा आदतन महिला विरोधी : वंदना राजपूत

 रायपुर (छत्तीसगढ़ दर्पण)।  प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता वंदना राजपूत ने भारतीय जनता पार्टी पर आरोप लगाया कि जिस-जिस राज्य में भाजपा सरकार है वहां महिलाओं पर अत्याचार चरम पर है। छत्तीसगढ़ राज्य में ही पूर्ववर्ती भाजपा सरकार के समय झलियामारी कांड, मीना खलको, पेद्दागेलूर छत्तीसगढ़ के माथे पर काला धब्बा लग गया है। पूर्ववर्ती सरकार के ओएसडी रहे ओपी गुप्ता के द्वारा एक नाबालिग बच्ची के साथ बलात्कार की घटना को अंजाम दिया है और बलात्कारी को संरक्षण देने के काम भाजपा की नेत्री करती है। जब पीड़िता न्याय के लिए रिपोर्ट दर्ज कराने थाना पहुंचती थी तो रिपोर्ट दर्ज नहीं करते थे उल्टा पीड़िता को डराया धमकाया जाता था। लेकिन कांग्रेस सरकार ने आरोपी को जेल के सलाखों के पीछे कर दिया क्योंकि आरोपी कोई भी हो उसे कांग्रेस सरकार बक्शा नहीं करती।

उत्तर प्रदेश में भी बढ़ रही अपराध पर चिंता जताते हुये आरोप लगाया कि उत्तर प्रदेश सरकार चाहे वह अनुष्का कांड, हाथरस कांड, हाथरस कांड पार्ट-2, उन्नाव कांड और कई घटना को सरकार के इशारे पर छुपा दिया जाता है। उत्तरप्रदेश में एसपी ने रेप पीडिता को डांटकर भगाया, न्याय न मिलने पर फांसी लगाकर जान दे दी। ये अंबेडकर नगर उत्तरप्रदेश की ही घटना है। क्या महिला राष्ट्रीय आयोग को इनका संज्ञान है? वहीं हाल ही मध्यप्रदेश की है। कटनी में पुलिस कार्यप्रणाली को लेकर लोगों में गुस्सा है। तीन साल की बच्ची से दुष्कर्म की घटना घटती है और जब आरोपी को जनता पुलिस के हवाले करते है तो आरोपी पुलिस की गिरफ्त से भाग जाता है ऐसे जंगलराज चलता है भाजपा शासन में न जाने कितने महिलाओं, बच्चियों के रेप के कांड को छुपा दिया जाता है या आरोपी को संरक्षण दिया जाता है। 

गुजरात में भी महिलाओं की स्थिति बहुत ही दयनीय है। बिलकिस बानो, जिनका 2002 के गुजरात दंगों के दौरान सामूहिक बलात्कार हुआ था। हम जिस समाज में रहते है वहां बलात्कार पीड़िताओं के लिए आगे बढ़ना एक आम जिंदगी जीना कितना मुश्किल होता है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के के द्वारा जिस दिन लालकिले की प्राचीर से महिलाओं के सम्मान की बात कही गई ठीक उसी दिन गुजरात दंगों के दौरान एक महिला का गैंगरेप करके परिवार की हत्या करने वाले दोषी गोधरा की जेल से बाहर आ जाते है। बिलकिस बानो के आरोपियों को भाजपा सरकार रिहा कर देती है और न जाने कितने बलात्कार का केस दबा व छुपा लेते है। ये है भाजपा के असली चेहरा, हमेशा से ही आरोपी को संरक्षण देना और आरोपी को बचाने के लिए झण्डा लेकर निकल पड़ते है भाजपा नेता। भाजपा आदतन महिला विरोधी है।

और भी

आदिम परंपराओं और विरासत के संरक्षण के लिए सरकार कटिबद्ध : भूपेश बघेल

 जगदलपुर (छत्तीसगढ़ दर्पण)। अपने एकदिवसीय बस्तर प्रवास पर पहुंचे मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने यहां कहा कि हमारी संस्कृति में आज भी आदिम परंपराओं की खूबसूरती है। छत्तीसगढ़ आदिवासियों का प्रदेश है यही इसकी सबसे बड़ी सुंदर पहचान है। बस्तर दशहरा, बस्तर अंचल की ही नहीं बल्कि पूरी दुनिया में प्रसिद्ध है। जिसे यहां के आदिवासी समाज के साथ हर वर्ग के लोग पूरी आस्था और श्रद्धा के साथ मनाते आ रहे हैं। मेरा सौभाग्य है कि बस्तर दशहरा पर्व के ऐतिहासिक मुरिया दरबार में विगत 4 वर्षों से उपस्थित होने का सौभाग्य मिल रहा है। यहां पर मुरिया दरबार के मांझी-चालकी, मुखिया, मेंबर-मेंबरिन और सदस्यों से मिलकर बस्तर के विकास को लेकर चर्चा करने सहित हम विकास की नीतियां और योजनाएं बना रहे हैं। जिससे बस्तर के समग्र विकास को एक नई दिशा देने में कामयाबी मिली है। ये बातें मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने बस्तर दशहरा पर्व के ऐतिहासिक मुरिया दरबार को संबोधित करते हुए कही।



मुख्यमंत्री बघेल ने कहा कि मुरिया दरबार में जो घोषणाएं विगत वर्षों में की गई थी उसे पूरा किया गया है। उन्होंने बस्तर दशहरा समिति के अध्यक्ष की मांग पर बस्तर दशहरा पर्व के मांझी-चालकी, मेंबर-मेंबरिन और पारंपरिक सदस्यों के पोशाक हेतु 5 लाख रुपए प्रदान करने की घोषणा की। वहीं शासकीय महाविद्यालय तोकापाल का नामकरण शहीद हरचंद तथा शासकीय महाविद्यालय बकावंड का नामकरण जरकरण भतरा के नाम से करने की घोषणा की।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ने विगत वर्षों में समाज के सभी वर्गों के हितों के लिए समुचित कदम उठाएं हैं। इस ओर राजीव गांधी किसान न्याय योजना, राजीव गांधी ग्रामीण भूमिहीन कृषि मजदूर न्याय योजना, गोधन न्याय योजना, नरवा, गरुआ, घुरवा और बाड़ी सहित विभिन्न जनहितकारी योजनाओं से आम जनता के साथ ही किसान, मजदूर और महिलाओं को विकास की दिशा में अग्रसर होने का सुअवसर मिला है। राज्य सरकार की पहल पर राजीव युवा मितान क्लब योजना से अब युवा वर्ग मुख्यधारा से जुड़कर राज्य के विकास में मुख्य भूमिका निभा रहे हैं। मुख्यमंत्री ने वन आधारित और कृषि उत्पाद के मूल्य प्रसंस्करण उद्यमों की स्थापना पर बल देते हुए कहा कि राज्य सरकार प्रत्येक ब्लॉक में ग्रामीण औद्योगिक पार्क बना रही है, जिससे स्थानीय स्तर पर उत्पाद को तैयार कर उसके विपणन के लिए व्यवस्था सुलभ होगी। वहीं युवाओं, महिलाओं और स्थानीय उद्यमियों को रोजागार सुलभ होगी। उन्होंने कहा कि लोहंडीगुड़ा में इमली प्रसंस्करण फैक्ट्री की शुरूआत हो रही है। इसके साथ ही कांकेर जिले में कोदो-कुटकी और रागी के प्रसंसकरण हेतु देश का सबसे बड़ा मिलेट प्लांट स्थापित किया जा रहा है। वहीं कोंडागांव में मक्का प्रसंस्करण पर आधारित एथेनॉल प्लांट स्थापित किया जा रहा है। राज्य में स्थानीय उत्पादों के विपणन व्यवस्था के लिए सभी जिले में सी-मार्ट स्थापित किए गए हैं और अब जगदलपुर में संभागीय सी-मार्ट की शुरूआत की गई है, जिससे स्थानीय उत्पाद देश ही नहीं बल्कि दुनिया के लोगों तक पहुंचेगी। मुख्यमंत्री बघेल ने कहा कि छत्तीसगढ़ सरकार पेसा कानून को लागू करने के लिए महत्वपूर्ण पहल की है। पेसा कानून के नियम बन जाने से अब इसका क्रियान्यवयन सरल हो गया है। उन्होंने बस्तर अंचल में देवगुड़ियों और आस्था केंद्रों के विकास को बढ़ावा देने सहित पुरातन संस्कृति के संरक्षण और संवर्धन के लिए कटिबद्धता व्यक्त की। इसके साथ ही सामाजिक और सांस्कृतिक केंद्र के रूप में घोटुल के संरक्षण पर बल दिया।



इस मौके पर राज्य के उद्योग मंत्री एवं जिला प्रभारी मंत्री कवासी लखमा ने राज्य सरकार के द्वारा बस्तर अंचल के विकास हेतु किए जा रहे प्रयासों को रेखांकित किया। वहीं सांसद बस्तर एवं बस्तर दशहरा समिति के अध्यक्ष दीपक बैज ने बस्तर दशहरा पर्व में शामिल होने के लिए प्रदेश के मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त करते हुए मांझी-चालकी और बस्तर दशहरा पर्व के पारंपरिक सदस्यों की मांग के बारे में अवगत करवाया। आरंभ में बस्तर दशहरा समिति के उपाध्यक्ष बलराम मांझी और कलेक्टर चंदन कुमार ने स्वागत उद्बोधन में बस्तर दशहरा पर्व के सफल संचालन के बारे में अवगत करवाया। कार्यक्रम में मांझी चालकी और बस्तर दशहरा समिति के पारंपरिक के सदस्यों ने मुख्यमंत्री को स्मृति चिन्ह भेंट किया। इस अवसर पर माटी पुजारी कमलचंद भंजदेव, अध्यक्ष बस्तर क्षेत्र आदिवासी विकास प्राधिकरण लखेश्वर बघेल, बविप्रा के उपाध्यक्ष संतराम नेताम, विक्रम मंडावी, संसदीय सचिव रेखचंद जैन, अध्यक्ष छत्तीसगढ़ हस्तशिल्प विकास बोर्ड चंदन कश्यप, उपाध्यक्ष बस्तर क्षेत्र आदिवासी विकास प्राधिकरण विक्रम मंडावी, विधायक कोंडागांव मोहन मरकाम, विधायक चित्रकोट राजमन बेंजाम, अध्यक्ष मछुआ कल्याण बोर्ड एम.आर.निषाद, अध्यक्ष छत्तीसगढ़ अक्षय ऊर्जा विकास अभिकरण मिथिलेश स्वर्णकार, महापौर श्रीमती सफीरा साहू, सभापति नगर पालिक निगम श्रीमती कविता साहू सहित कमिश्नर बस्तर श्याम धावडे़, पुलिस महानिरिक्षक सुंदरराज पी., वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जितेंद्र मीणा और मांझी, चालकी, मेंबर, मेंबरिन एवं दशहरा समिति के पदाधिकारी क्षेत्र के जनप्रतिनिधि व बड़ी संख्या में नागरिक मौजूद थे।

और भी

जिले के सभी विकासखंड स्तर में हेल्थ मेला का आयोजन

 दंतेवाड़ा (छत्तीसगढ़ दर्पण)। राज्य से प्राप्त दिशा निर्देशानुसार जिले में आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना व डॉ. खूबचंद बघेल स्वास्थ्य सहायता योजना के अंतर्गत लगातार व्यापक स्तर पर योजना से लोगों को जोडऩे प्रयास किया जा रहा है। इसी क्रम में जिले के सभी विकासखंड स्तर में हेल्थ मेला का आयोजन किया जा रहा है। साथ ही जन सामान्य को आयुष्मान योजना से लाभ लेने जानकारी दी जा रही है। 

उक्त हेल्थ मेले में लोगों का उपचार किया गया, साथ ही निशुल्क दवाइयों का वितरण भी किया गया। मेले में आए हुए लोगों को आयुष्मान भारत के अंतर्गत विभिन्न प्रकार की सेवाएं के बारे में व्यापक स्तर पर समझा कर अधिक से अधिक योजना का लाभ उठाने के लिए प्रेरित भी किया गया।

और भी