छत्तीसगढ़ - Newsportal | Chhattisgarh Darpan Media Group

छत्तीसगढ़

सिकल सेल को छुपाने की नहीं बल्कि इससे लडऩे की आवश्यकता : मुख्यमंत्री

 राजनांदगांव (छत्तीसगढ़ दर्पण)। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने आज बसंतपुर स्थित जिला चिकित्सालय में सिकल सेल प्रबंधन केन्द्र का वर्चुअल शुभारंभ किया। मुख्यमंत्री बघेल ने कहा समाज में सिकल सेल की बीमारी के प्रति अज्ञानता के कारण इसे छुपाया जाता है। यदि कोई इस बीमारी का वाहक है तथा अन्य सिकल सेल से पीडि़त व्यक्ति से विवाह होने पर आने वाली पीढ़ी को जिन्दगी भर तकलीफ हो सकती है। 

सिकल सेल एक अनुवांशिक बीमारी है और आने वाली पीढ़ी को इससे सुरक्षित करना है। इस बीमारी को छुपाने की जरूरत नहीं बल्कि लडऩे की आवश्यकता है। सामाजिक जनजागरूकता से हम इस बीमारी से लडऩे में सफल होंगे। कुंडली मिलाने से ज्यादा जरूरी है कि ऐसी बीमारियों के प्रति जागरूकता रखते हुए इसकी रोकथाम की जाएं। शासन की ओर से शिक्षा व स्वास्थ्य पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। सभी के स्वास्थ्य लाभ के लिए सरकार निरंतर कार्य कर रही है। हॉस्पिटल भवन, स्टॉफ, डॉक्टर, भर्ती की जा रही है। वहीं दवाईयों की उपलब्धता भी सुनिश्चित की जा रही है। बड़ी संख्या में हमर लैब की स्थापना की गई है। जहां 20 से 40 प्रकार की जांच नि:शुल्क की जा रही है। विभिन्न प्रकार की बीमारियों की जांच मंहगी होती है जिसे देखते हुए यह कदम उठाया गया है। उन्होंने कहा कि सिकल सेल की जांच के लिए मितानीन को किट देकर प्रदेश भर में इसके लिए सर्वे किया जा सकता है। सिकल सेल के लिए बहुत से शोध किए जा रहे हैं, जिसके अच्छे परिणाम मिल रहे हैं। इसका डाटा बेस तैयार होना चाहिए तथा व्यापक पैमाने पर उपचार के लिए दवाईयां दी जा सकती हैं। उन्होंने कहा कि शीघ्र ही प्रदेश में सिकल सेल के लिए रिसर्च सेंटर प्रारंभ किया जाएगा। जो इस दिशा में महत्वपूर्ण व कारगर साबित होगा।

स्वास्थ्य मंत्री टीएस सिंह देव ने कहा कि स्वास्थ्य विभाग की ओर से बेहतर कार्य किया जा रहा है। राष्ट्रीय स्तर के उच्चतम श्रेणी के रिसर्च सेंटर की दिशा में कार्य किया जा रहा है। इस संस्थान की एक ईकाई का शीघ्र ही लोकार्पण मुख्यमंत्री करेंगे। सिकल सेल प्रबंधन केन्द्र की ओर से नि:शुल्क जांच, उपचार एवं परामर्श की सुविधाएं दी जाएगी। जिससे नागरिकों को राहत मिलेगी। उन्होंने बताया कि सिकल सेल के उपचार के लिए हाईड्रोक्सी यूरिया उपयोगी साबित हो रही है, जिससे रक्त की आवश्यकता काफी कम होती है। विशेषज्ञों की सलाह से इसका उपयोग किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि सिकल सेल से आने वाली पीढ़ी को सुरक्षित रखने के लिए जनजागरूकता जरूरी है। उन्होंने कहा कि बच्चों को निमोनिया की बीमारी से सुरक्षित रखने के लिए वैक्सीन जरूर लगाएं।

महापौर हेमा देशमुख ने कहा कि जिले में सिकल सेल प्रबंधन के प्रारंभ होने से जिलेवासियों को नि:शुल्क जांच, उपचार व परामर्श की सुविधा मिल सकेगी। आम जनता इससे लाभान्वित होगी। कलेक्टर डोमन सिंह ने कहा कि यह एक अच्छी पहल है और इससे जिलेवासियों को राहत मिलेगी। सिकल सेल एनीमिया एक अनुवांशिक बीमारी है। यहां मरीजों को जांच की सुविधा मिलने से बीमारी के बारे में शीघ्र पता चल सकेगा और उपचार मिलेगा। कई बार देर से पता चलने पर इलाज में देर होती है। उल्लेखनीय है कि सिकल सेल रोग लाल रक्त कोशिकाओं के समूह में उत्पन्न एक अनुवांशिक विकृति है। इस बीमारी में लाल रक्त कोशिकाएं कठोर और हंसिया आकार की हो जाती है, जिसकी वजह से आक्सीजन के प्रवाह में बाधा उत्पन्न होती है। रक्त वाहनियों में इस प्रकार के बाधा के कारण तीव्र दर्द, अंगों में खराबी, संक्रमण और स्ट्रोक का भी खतरा हो सकता है। राज्य में लगभग 2 से 3 लाख लोग सिकल सेल रोग से प्रभावित हैं। इसकी रोकथाम के लिए शासन की ओर से यह प्रभावी पहल की गई है। इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष गीता साहू, जिला पंचायत सीईओ अमित कुमार, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. बंसोड़ सहित जनप्रतिनिधि व अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित थे।

 
और भी

खरपतवार नाशी रसायन ग्लाइफोसेट के विक्रय पर प्रतिबंध

 राजनांदगांव (छत्तीसगढ़ दर्पण)। कृषि व किसान कल्याण मंत्रालय भारत सरकार की ओर से खरपतवारनाशी रसायन ग्लाइफोसेट के उपयोग पर निर्बधित (प्रतिबंधित) लगा दिया गया है। भारत सरकार का राजपत्र के माध्यम से भारत सरकार कृषि व किसान कल्याण मंत्रालय नई दिल्ली की ओर से ग्लाइफोसेट (खरपतवारनाशी रसायन) के उपयोग पर निर्बधन आदेश 2022 नाम दिया गया है। 

राजपत्र में अंतिम प्रकाशन की तारीख से ग्लाइफोसेट के उपयोग को निर्बधन (प्रतिबंधित) किया गया है और नाशीजीव नियंत्रक प्रचालकों के अलावा कोई व्यक्ति ग्लाइफोसेट का उपयोग नहीं करेंगे। यदि कोई व्यक्ति जिसके पास पंजीकरण का प्रमाण पत्र है। खंड (3) के निर्देष्ट 3 महीने के अवधि के भीतर पंजीकरण समिति को प्रमाण पत्र वापस करने में विफल रहता है, तो अधिनियम में अंर्तविष्ट उपबंधों के अधीन कार्रवाई की जाएगी।

 
और भी

यूआईडीएआई ने दी डाक्यूमेंट अपडेट की सुविधा, कलेक्टर ने की आधार डॉक्यूमेंट अपडेट कराने अपील

शासकीय योजनाओं व सेवाओं का लाभ लेने के लिए महत्वपूर्ण व्यक्तिगत पहचान है आधार नंबर

 राजनांदगांव (छत्तीसगढ़ दर्पण)। विगत 10 वर्षों के दौरान आधार नंबर व्यक्ति की पहचान के प्रमाण के रूप में उभरा है। आधार नंबर का उपयोग विभिन्न शासकीय योजनाओं व सेवाओं का लाभ लेने के लिए किया जा रहा है। इन योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ लेने के लिए जनसामान्य को व्यक्तिगत नवीनतम विवरण से आधार डाटा को अपडेट रखना है, ताकि आधार प्रमाणीकरण व सत्यापन में असुविधा न हो। 

कलेक्टर डोमन सिंह ने ऐसे व्यक्ति जिन्होंने अपना आधार 10 वर्ष पूर्व बनवाया था व बाद के वर्षों में कभी अपडेट भी नहीं करवाया है, ऐसे आधार नंबर धारकों को डॉक्यूमेंट अपडेट करवाने का आग्रह किया है। इस सम्बन्ध में आधार नंबर धारकों को भारतीय विशिष्ट पहचान प्राधिकरण (यूआईडीएआई) ने डॉक्यूमेंट अपडेट की सुविधा निर्धारित शुल्क के साथ प्रदान की गई है। जिला ई-प्रबंधक सौरभ मिश्रा ने बताया कि यूआईडीएआई की ओर से आधार नंबर धारक व्यक्तिगत पहचान के प्रमाण (पीओआई) और पते के प्रमाण (पीओए) दस्तावेजों को आधार डाटा में अपडेट किया जा रहा है। इस सुविधा को वेबसाइड के माध्यम से ऑनलाइन एक्सेस किया जा सकता है या नागरिक 50 रुपए शुल्क देकर किसी भी नजदीकी लोक सेवा केन्द्र पर जाकर इस योजना से लाभान्वित हो सकते हैं।

और भी

समर्थन मूल्य पर धान बेचने किसान अब घर बैठे ऑनलाईन कटा सकेंगे टोकन

 अम्बिकापुर (छत्तीसगढ़ दर्पण)। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की पहल पर समर्थन मूल्य पर धान बेचने वाले किसानों को अब धान बेचने के लिए घर बैठे ऑनलाइन टोकन प्राप्त करने की सुविधा मिलेगी। मुख्यमंत्री के निर्देश पर पंजीकृत किसान को धान विक्रय के लिए टोकन जारी करने की प्रक्रिया के सरलीकरण व सुव्यवस्थित प्रबंधन के उद्देश्य से एन.आई.सी. की ओर से एन्ड्रॉयड एप टोकन तुंहर हाथ विकसित किया गया है। इस एप्प को किसान एंड्रॉयड मोबाइल के प्ले स्टोर से डाउनलोड कर सकते हैं।

टोकन तुंहर हाथ एप की सहायता से प्रत्येक पंजीकृत किसान संबंधित उपार्जन केन्द्र में स्वयं निर्धारित तिथि में धान विक्रय के लिए टोकन प्राप्त कर सकेंगे। इस एप के जरिए किसान को समिति की ओर से दर्ज किसान की जानकारी, पंजीकृत रकबा, बैंक खाता, टोकन व धान खरीदी आदि की सभी नवीन जानकारियां प्राप्त होंगी। साथ ही एप के उपयोग से पंजीकृत किसानों की ओर से संबंधित समिति अथवा उपार्जन केन्द्रों में आगामी सात दिनों तक टोकन प्राप्त किया जा सकता है। बताया गया है कि एप के जरिए संबंधित समिति अथवा उपार्जन केन्द्र में हर दिन की खरीदी क्षमता के 30 प्रतिशत की सीमा तक ऑनलाइन टोकन प्राप्त किया जा सकेगा। उक्त सीमा में भी सीमांत, लघु और दीर्घ किसानों को उनकी पंजीकृत संख्या के अनुपात में टोकन के लिए समान अवसर उपलब्ध होगा। संबंधित समिति व उपार्जन केन्द्र में शेष 70 प्रतिशत खरीदी क्षमता की मात्रा ऑफलाइन टोकन के लिए उपलब्ध रहेगी, ताकि ऐसे किसान जो एप के माध्यम से टोकन प्राप्त करने में असुविधा महसूस करते हैं, उन्हें पूर्व की भांति समिति मॉड्यूल से टोकन प्राप्त हो सके।

ज्ञातव्य है कि एप के जरिए टोकन जारी करने की व्यवस्था पूर्व वर्षों में समिति मॉड्यूल से टोकन जारी करने की व्यवस्था के अतिरिक्त की जा रही है। इस तरह किसानों को ऑनलाइन व ऑफलाईन दोनों माध्यमों से टोकन प्राप्त हो सकेगा। इस एप के उपयोग से समिति या उपार्जन केन्द्रों में टोकन प्राप्त करने के लिए किसानों की भीड़ में कमी आएगी। किसानों को घर बैठे धान बेचने के लिए टोकन मिल सकेगा। उन्हें समिति या उपार्जन केन्द्रों में जाने की जरूरत नहीं होगी। कलेक्टर कुन्दन कुमार के मार्गदर्शन में जिले में 1 नवम्बर से समर्थन मूल्य पर धान खरीदी की तैयारी चेक लिस्ट अनुसार पूरी कर ली गई है। सभी उपार्जन केन्द्रों में ट्रॉयल रन पूरा हो चुका है। इस वर्ष अनुमानित 2 लाख 20 हजार मीट्रिक टन धान जिले 39 समितियों के 46 उपार्जन केन्द्रों के जरिए आगामी 1 नवम्बर से समर्थन मूल्य पर खरीदी की जाएगी। सभी उपार्जन केन्द्रों में नए तथा पुराने बारदाने पर्याप्त मात्रा में पहुंचाए जा चुके हैं। इस बार 2356 नए किसानों ने पंजीयन के लिए आवेदन दिए है। पंजीयन 31 अक्टूबर तक होगी। इस वर्ष भी केन्द्रों से उपार्जित धान को मिलर्स सीधे उठाएंगे।

 
और भी

एकता दौड़ का आयोजन 31 को

कलेक्टर ने नागरिकों से एकता दौड़ में शामिल होने के लिए किया आह्वान 

 राजनांदगांव (छत्तीसगढ़ दर्पण)। देश के प्रथम गृह मंत्री सरदार वल्लभभाई पटेल के जन्म दिवस के अवसर पर 31 अक्टूबर को राष्ट्रीय एकता दिवस पर एकता दौड़ का आयोजन किया गया है। एकता दौड़ का आयोजन सुबह 7.30 बजे सर्वेश्वरदास नगर पालिका निगम उच्चतर माध्यमिक विद्यालय से किया जाएगा। इस अवसर पर सायकिल रैली व मोटर सायकिल रैली का भी आयोजन किया जाएगा। जिला प्रशासन की ओर से राष्ट्र की सुरक्षा, एकता व अखंडता के संकल्प के साथ आयोजित एकता दौड़ में सहभागिता के लिए नागरिकों को आमंत्रित किया गया है। कलेक्टर डोमन सिंह ने नागरिकों से एकता दौड़ में शामिल होने के लिए आह्वान किया है।

 
और भी

जिले में राज्योत्सव की तैयारी जोरों पर, कलेक्टर ने राज्योत्सव की तैयारी का लिया जायजा

 राजनांदगांव (छत्तीसगढ़ दर्पण)। जिले में राज्योत्सव की तैयारी जोरों से चल रही है। कलेक्टर सिंह ने स्टेट हाई स्कूल मैदान पहुंचकर राज्योत्सव की तैयारी का जायजा लिया। उन्होंने शासन की योजनाओं से संबंधित सभी विभागों के प्रदर्शनी के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। 

कलेक्टर डोमन सिंह ने मंच, बैठक व्यवस्था, पंडाल, लाईट, पेयजल, सांस्कृतिक कार्यक्रम के लिए अधिकारियों को निर्देशित किया। उन्होंने राज्योत्सव में जिला पंचायत, कृषि, उद्यानिकी, पशु चिकित्सा विभाग, शिक्षा व खेल विभाग, आदिम जाति कल्याण विभाग, वन विभाग, राजस्व विभाग व राजगामी सम्पदा, महिला एवं बाल विकास विभाग, नगर पालिक निगम की ओर से श्री धन्वंतरी, स्वास्थ्य व परिवार कल्याण विभाग, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी व सिंचाई विभाग, लीड बैंक एवं भारतीय जीवन बीमा निगम, विधिक सेवा प्राधिकरण, जनसंपर्क विभाग, पुलिस विभाग, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन, महिला स्व सहायता समूह व्यंजन स्टॉल, नगर पालिक निगम महिला समूह व्यंजन स्टॉल के लिए निर्देशित किया। इस अवसर पर जिला पंचायत सीईओ अमित कुमार, अपर कलेक्टर सीएल मार्कण्डेय, नगर निगम आयुक्त डॉ. आशुतोष चतुर्वेदी, एसडीएम अरूण वर्मा सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।

 
और भी

बड़ी खबर : अमलीडीह स्थित खाली प्लाॅट से लावारिस हालत में नशे का जखीरा बरामद

 रायपुर (छत्तीसगढ़ दर्पण)। लावारिस हालत में प्रतिबंधित नशीली टेबलेट का जखीरा किया गया जप्त। थाना न्यू राजेन्द्र नगर क्षेत्रांतर्गत अमलीडीह स्थित खाली प्लाॅट से लावारिस हालत में मिला प्रतिबंधित नशीली टेबलेट का जखीरा बरामत हुआ। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक महोदय  प्रशांत अग्रवाल द्वारा रायपुर पुलिस के समस्त पुलिस राजपत्रित अधिकारियों, थाना प्रभारियों सहित प्रभारी एण्टी क्राईम एवं सायबर यूनिट को प्रतिबंधित नशीली टेबलेट/सिरप की अवैध रूप से खरीदी-बिक्री एवं अवैध रूप से इस व्यवसाय में संलिप्त लोगों की पतासाजी कर कार्यवाही करने निर्देशित किया गया है। जिस पर समस्त पुलिस राजपत्रित अधिकारियों एवं थाना प्रभारियों सहित एण्टी क्राईम एवं सायबर यूनिट टीम द्वारा कार्य योजना तैयार कर इस पर प्रभावी रूप से अंकुुश लगाने हेतु थाना क्षेत्र में मुखबीर लगाकर लगातार पेट्रोलिंग व सूचना संकलन कर अवैध नशीली टेबलेट/सिरप के कारोबार की सूचना एकत्रित की जा रही है। 

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पश्चिम देव चरण पटेल के नेतृत्व में थाना न्यू राजेन्द्र नगर पुलिस टीम द्वारा थाना न्यू राजेन्द्र नगर क्षेत्रांतर्गत अमलीडीह स्थित खाली प्लाॅट में अल्प्राजोलम एवं स्पास्मों प्रतिबंधित नशीली टेबलेट का जखीरा बरामद किया गया। उक्त प्रतिबंधित नशीली टेबलेट किसका है, इस संबंध में जांच की जा रही है। जो प्रतिबंधित नशीली टेबलेट प्राप्त हुए है वह थाना टिकरापारा एवं आजाद चैक में पूर्व में पकड़े गये कंपनी के ही प्रतिबंधित नशीली टेबलेट है। 

पुलिस टीम द्वारा लगभग 60 हजार नग अल्प्राजोलम एवं स्पास्मों नामक प्रतिबंधित नशीली टेबलेट कीमती लगभग 2,00,000/- रूपये जिसका खुदरा मुल्य लगभग 7,00,000/- रूपये है को धारा 102 जा.फौ. के तहत जप्त की गई है तथा जांच लगातार जारी है। रायपुर पुलिस द्वारा विगत 20 दिनों में थाना आजाद चैक, थाना टिकरापारा, थाना तेलीबांधा एवं थाना न्यू राजेन्द्र नगर क्षेत्र में लाखो रूपये कीमत की 3,20,000 नग प्रतिबंधित नशीली टेबलेट जप्त किया जा चुका है।

और भी

स्मार्ट सिटी मिशन बंद करना जनता से धोखा : कांग्रेस

मोदी सरकार अपने एक भी चुनावी वायदे को पूरा नहीं कर पाई : मोहन मरकाम, भाजपा बताये 100 में से कितने स्मार्ट सिटी बनाये

 रायपुर (छत्तीसगढ़ दर्पण)। केंद्र सरकार द्वारा स्मार्ट सिटी मिशन बंद किए जाने पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष मोहन मरकाम ने कहा कि मोदी सरकार के इस रवैय्ये से एक बार फिर से भाजपा का छत्तीसगढ़ विरोधी चरित्र प्रदर्शित हो रहा  है। मोदी सरकार अपने एक भी चुनावी वायदों को पूरा नहीं किया है। जिन वादों को पूरा नहीं कर पाती उससे पल्ला झाड़ने के लिए बहानेबाजी करने लगती है छत्तीसगढ़ से तीन शहरों रायपुर, नवा रायपुर, बिलासपुर को देश के 100 स्मार्ट शहरों में शामिल किया गया था। इन शहरों का काम पूरा नहीं हुआ है मोदी सरकार स्मार्ट सिटी मिशन पर ही ताला लगाने जा रही है। छत्तीसगढ़ ही नही देश के लगभग सारे स्मार्ट सिटी प्रोजेक्टो को मोदी सरकार बंद करने जा रही है। मोदी सिर्फ जुबानी और वायदों की सरकार चला रहे मोदी सरकार द्वारा चलाई जा रही विभिन्न योजनाओं के समान स्मार्ट सिटी योजना भी दम तोड़ चुकी है।

 

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष मोहन मरकाम ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 2014 में जनता जनता के हर एक के खाते में 15 लाख देने, विदेश से काला धन वापस लाने, पेट्रोल डीजल के दाम 35 रु. लीटर करने, देश में 100 स्मार्ट सिटी बनाने, हर साल दो करोड़ युवाओं को रोजगार देने, किसानों की आय 2022 में दुगनी करने के सपने दिखाया था, लेकिन सत्ता में आने के 5 साल बाद भी मोदी सरकार ने अपने एक भी वायदे को पूरा नहीं किया है। उल्टे वायरो को चुनावी जुमलेबाजी बताकर पल्ला झाड़ने की कोशिश भाजपा के शीर्ष नेताओं ने अनेक बार किया।

 

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष मोहन मरकाम ने कहा कि 9 साल में मोदी सरकार के खाते में एक भी उपलब्धि नही जो जनता को बता सके। मोदी सरकार के पास बताने के लिये सिर्फ नोटबंदी और जीएसटी है। जिनके कारण देश की अर्थव्यवस्था उद्योग धंधे चौपट हो गये, लोगो की नौकरियां चली गयी, देश में बेरोजगारी दर 40 सालों के रिकार्ड स्तर तक पहुंच गयी है। किसान परेशान है, देश की जीडीपी न्यूनतम स्तर पर है, रिजर्व बैंक का रिजर्व फंड तक सरकार ने खर्च कर दिया। महंगाई के कारण आम आदमी का जीना दूभर हो  गया है। मोदी सरकार देश की जनता पर एक आपदा बन गयी है।  

 

 

और भी

निगम मंडल, आयोगों में नियुक्ति के लिये आलाकमान और मुख्यमंत्री भूपेश बघेल का आभार : कांग्रेस

 रायपुर (छत्तीसगढ़ दर्पण)। विभिन्न निगम मंडलों, आयोगों, में अध्यक्षों, उपाध्यक्षों, सदस्यों के रूप में कार्यकताओं की नियुक्ति के लिए कांग्रेस नेतृत्व और मुख्यमंत्री भूपेश बघेल का, कांग्रेस संगठन का आभार। प्रदेश कांग्रेस संचार विभाग अध्यक्ष सुशील आनंद शुक्ला ने कहा कि पार्टी के प्रति निष्ठावान कार्यकर्ताओं को सरकार ने सम्मान किया हैै। विपक्ष में रहने के दौरान संगठन में सक्रिय रहकर तत्कालीन भाजपा सरकार के कुशासन के खिलाफ लड़ाई लड़ने वाले कांग्रेसजनों के योगदान को पार्टी ने सम्मानित किया है। निश्चित तौर पर इन नियुक्तियों से सरकार के जनहित कार्यो को संपादित करने के लिये बहुत ज्यादा सहुलियत होगी। इन कांग्रेसजनों का अनुभव सार्वजनिक जीवन में उनकी सक्रियता और जनमानस से जीवंत संपर्क से सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन और प्रचार-प्रसार में ओर तेजी आयेगी।

 

प्रदेश कांग्रेस संचार विभाग अध्यक्ष सुशील आनंद शुक्ला ने कहा कि भाजपा को इन नियुक्तियों से किस बात की पीड़ा हो रही है। 15 साल तक जब भाजपा की सरकार तब भाजपा कार्यकर्ताओ को विभिन्न निगम, मंडल, आयोगों में नियुक्तिया दी थी कांग्रेस पार्टी की सरकार है। कांग्रेस संगठन और कांग्रेस की विचारधारा के आधार पर राजनैतिक रूप से कार्य करने वाले कार्यकर्ताओं को सम्मानित किया गया हैै। भाजपा के द्वारा इन नियुक्तियों के संदर्भ में की जा रही बयानबाजी अनैतिक और अनुचित और अवांक्षित है। भाजपा को यह नियुक्तियां गलत लगती है तो वह रमन सरकार के तीनों कार्यकाल के दौरान विभिन्न निगम मंडल, आयोगों में की गयी नियुक्तियों को भी गलत मानती है क्या? छत्तीसगढ़ में मुद्दाविहीन भाजपा मानसिक दिवालियेपन के दौर से गुजर रही है। भाजपा की सरकार ने नियुक्तियां किया था तो ठीक कांग्रेस की सरकार नियुक्तियां कर रही तो गलत, यह दोेहरा रवैया भाजपा के असली चरित्र को दिखाता है।

और भी

बाल अधिकारों पर समीक्षा बैठक

 बालोद (छत्तीसगढ़ दर्पण)। छत्तीसगढ़ राज्य बाल अधिकार संरक्षण आयोग की अध्यक्ष  तेज कुंवर नेताम की अध्यक्षता में  सर्किट हाउस बालोद में बाल अधिकारों पर समीक्षा बैठक सह उन्मुखीकरण कार्यशाला आयोजित की गई। अध्यक्ष  नेताम ने बैठक में एजेण्डावार समीक्षा की और संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया। उन्होंने कहा कि बच्चों को नशापान से दूर रखने जागरूकता लाएॅ। उन्होंने लैंगिक अपराधों से बच्चों का संरक्षण अधिनियम 2012 के तहत दर्ज प्रकरणों व निराकरण की समीक्षा करते हुए विशेषतः मुआवजा राशि दिलाने हेतु पुलिस विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया।

उन्होंने जिला शिक्षा अधिकारी को अनिवार्य एवं निःशुल्क शिक्षा अधिनियम 2009 के क्रियान्वयन एवं शिक्षा विभाग द्वारा संचालित स्कूल भवनों की जानकारी लेते हुए जर्जर भवनों का प्रस्ताव बनाने तथा स्कूल में प्रवेशित बच्चों को नशा और मोबाईल से दूर रखने के निर्देश दिए। अध्यक्ष  नेताम ने जिले में बाल संरक्षण से संबंधित विभिन्न विषयों पर की गई कार्रवाई की समीक्षा की। उन्होंने जिले में बच्चों से संबंधित संस्थाओं, बालगृह और अनुसूचित जाति जनजाति कल्याण विभाग द्वारा संचालित गृहों में बच्चों के उत्तम विकास, देखभाल तथा सुरक्षा संबंधी सम्पूर्ण व्यवस्था की जानकारी ली। उन्होंने जिले में बाल विवाह, बाल श्रम, बाल अधिकारों के संबंध में की गई कार्रवाई की समीक्षा की।

उन्होंने जिले में बच्चों के कोविड टीकाकरण, सामान्य टीकाकरण, पोषण पुनर्वास केन्द्र सहित जिला चिकित्सालय में शिशुओं के लिए उपलब्ध स्वास्थ्य सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने श्रम विभाग के अधिकारी को बाल श्रमिक मिलने की सूचना पर तत्काल नियोक्ता पर कार्यवाही करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी  विभाग आपस में समन्वय कर बाल संरक्षण के मुद्दो पर कार्रवाई करें। समीक्षा बैठक में छत्तीसगढ़ राज्य बाल संरक्षण आयोग के सदस्य  पुष्पा पाटले,  आशा संतोष यादव सहित पुलिस विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग, श्रम विभाग, आबकारी विभाग, शिक्षा विभाग, स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी मौजूद थे।

और भी

बच्चों की तकदीर गढ़ने वाला कुशल कारीगर है शिक्षक - मंत्री भेंडिया

 बालोद (छत्तीसगढ़ दर्पण)। महिला एवं बाल विकास तथा समाज कल्याण मंत्री  अनिला भेेंडिया ने कहा कि शिक्षक बच्चों की तकदीर गढ़ने वाला कुशल कारीगर है। उन्होंने कहा कि शिक्षक अपने मेहनत, साधना एवं अपने कार्य के प्रतिबद्धता के बदौलत बच्चों को कुशल आकार दे सकता है। भेंडिया आज कलेक्टोरेट सभाकक्ष में छत्तीसगढ़ राज्य बाल अधिकार संरक्षण आयोग द्वारा बाल अधिकारों के संरक्षण विषय पर आयोजित जिला स्तरीय समीक्षा बैठक सह कार्यशाला ‘‘मोर मयारू गुरूजी‘‘ को संबोधित कर रही थी। कार्यशाला में छत्तीसगढ़ राज्य बाल अधिकार आयोग की अध्यक्ष तेज कुंवर नेताम, सदस्य पूजा खनुजा,  आशा संतोष यादव,  पुष्पा पाटले,अगस्टीन बर्नाड एवं  सोनल कुमार गुप्ता सहित जिला पंचायत सदस्य  चंद्रप्रभा सुधाकर, गणमान्य नागरिक  पीयूष सोनी के अलावा बाल संरक्षण आयोग के सचिव  प्रतीक खरे, एडीएम  योगेन्द्र श्रीवास, डिप्टी कलेक्टर अमित श्रीवास्तव सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण एवं अधिकारी व शिक्षक मौजूद थे।

 भेंडिया ने कहा कि माता-पिता के बाद बच्चों को शिक्षा एवं संस्कार देने का कार्य हमारे शिक्षकों की ही होती है। उन्होंने कहा कि हमारे शिक्षकों के कंधो पर देश के भावी भविष्य की निर्माण की महती जिम्मेदारी है। अतः बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए शिक्षकों को निष्ठापूर्वक अपने दायित्वों का निर्वहन करना अत्यंत आवश्यक है।  भेंडिया ने कहा कि राज्य सरकार के द्वारा राज्य में बाल अधिकारों के संरक्षण हेतु निरंतर उपाय सुनिश्चित किए जा रहे हैं। इस अवसर पर उन्होंने कार्यशाला में उपस्थित शिक्षकों से बालोद जिले में शिक्षा गुणवत्ता सुनिश्चित करने हेतु पूरे लगन से कार्य करने की अपील भी की। इस अवसर पर राज्य बाल अधिकार संरक्षण आयोग की अध्यक्ष तेजकुंवर नेताम ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए बाल अधिकार संरक्षण आयोग के कार्यों एवं उद्देश्यों के संबंध में विस्तारपूर्वक जानकारी दी। राज्य बाल अधिकार संरक्षण आयोग के सचिव  प्रतीक खरे ने बच्चों के कुशल परवरिश के साथ-साथ शिक्षित एवं संस्कारी बनाने के विभिन्न प्रविधियों के संबंध में रोचक एवं प्रेरणास्पद जानकारियाॅ दी। कार्यक्रम के अंत में आभार प्रदर्शन डिप्टी कलेक्टर  अमित श्रीवास्तव द्वारा किया गया। 

और भी

विधायक ने लंरगू राम के परिजनों को 4 लाख की आर्थिक सहायता राशि का सौंपा चेक

 जिला प्रशासन ने दो दिन के भीतर चेक तैयार करवाया

जशपुरनगर (छत्तीसगढ़ दर्पण)। विधायक विनय भगत ने आज विशेष पिछड़ी जनजाति पहाड़ी कोरवा लंरगू राम की पत्नी मंगरीबाई को जिला प्रशासन की ओर से चार लाख की आर्थिक सहायता राशि का चेक सौंपा। और भगत ने संवेदना व्यक्त करते हुए दु:ख इस घड़ी में परिवार को सहनशक्ति प्रदान करने ईश्वर से प्रार्थना की। इस अवसर पर सन्ना तहसीलदार सुनील गुप्ता उपस्थित थे।

जिला प्रशासन ने गंभीरता से लेते हुए प्रभावित परिवार को दो दिन के भीतर आर्थिक सहायता राशि चेक सौंपा गया। सन्ना तहसीलदार से प्राप्त जानकारी के अनुसार विगत दिवस 26 अक्टूबर 2022 को समय लगभग 12 बजे लंरगू राम, पिता बुंध जाति पहाड़ी करेवा उम्र 55 वर्ष, ग्राम मुढ़ी बीजाघाट निवासी कैलाश यादव के बाड़ी में लगे टमाटर की रखवाली करने के लिए रात में झोपड़ी में चूल्हा के पास सो रहा था। झोपड़ी में आग पकडऩे पर 90 प्रतिशत जल गया। जिससे बगीचा हॉस्पिटल ले जाते समय रास्ते में लगभग 04 से 4.30 बजे मृत्यु हो गयी है।

और भी

विधायक पत्थलगांव रामपुकार सिंह ने प्रिंस बंजारे को पढ़ाई के लिए 50 हजार राशि का चेक सौंपा

 जशपुरनगर (छत्तीसगढ़ दर्पण)। पत्थलगांव विधायक रामपुकार सिंह ने शुक्रवार को रेस्ट हाउस में पत्थलगांव निवासी छात्र प्रिंस बंजारे को पढ़ाई के लिए 50 हजार रुपए का चेक सौंपा गया। इस अवसर पर कलेक्टर डॉ. रवि मित्तल, रत्ना पैंकरा और जनप्रतिनिधिगण उपस्थित थे। सामाजिक संगठनों के सार्थक प्रयास से आज प्रिंस को आर्थिक सहायता दी गई है, प्रिस के पिता संतोष कुमार बंजारे ने अपने बेटे प्रिंस बंजारे को पढ़ाने में कोई कसर नहीं छोड़ी स्वयं दर्जी का काम करते हैं। आज इसी का परिणाम है कि प्रिंस बंजारे का चयन आईआईटी खड़कपुर में हुआ है पूरे गांव में खुशियों से झूम उठा है।

कलेक्टर ने छात्र प्रिंस की पढ़ाई के प्रति लगन को देखते हुए हर संभव सहयोग का भरोसा दिलाया है। प्रिंस बंजारे शुरू से प्रतिभावान छात्र रहे हैं नवोदय विद्यालय में पढ़ाई करते हुए उन्होंने अपनी मेहनत और लगन से पूरे छत्तीसगढ़ का नाम रोशन किया है। प्रिंस अपनी सफलता का श्रेय मां-बाप और परिवार के साथ-साथ सभी गुरुजनों को देते हैं प्रथम प्रयास में ही उन्होंने की  सफलता हासिल की हैं।

और भी

जिला प्रशासन, सामाजिक संगठन व जन सहयोग से बाकी नदी की साफ-सफाई की गई

 जशपुरनगर (छत्तीसगढ़ दर्पण)। जिला प्रशासन, सामाजिक संगठन और जन सहयोग से बाकी नदी की साफ-सफाई की गई है। बांकी नदी जीर्णोद्धार समिति की ओर से वन स्टॉप डम को छठ-घाट के रूप में विकसित किया गया है। पूजा के लिए आवश्यक सुविधाओं की व्यवस्था की गई है। जो भी श्रद्धालु इच्छुक हों पूजा संपन्न कर सकते है। बांकी में बहती निर्मल जल पूर्ण रूप से स्वच्छ और साफ  है। छठ पूजा के लिए प्रकाश की भी व्यवस्था की गई है।

 
और भी

कलेक्टर ने पत्थलगांव के केराकछार, कोतबा, तमता, कोनपारा व कांसबोल के धान खरीदी केन्द्र का किया निरीक्षण

 जशपुरनगर (छत्तीसगढ़ दर्पण)। कलेक्टर मित्तल ने शुक्रवार को पत्थगांव विकासखंड के केराकछार, कोतबा, कोनपारा, तमता और कांसाबेल विकासखंड के धान खरीदी केन्द्र का आकस्मिक निरीक्षण किया और सुविधाओं की जानकारी ली। इस अवसर पर एसडीएम पत्थलगांव आर.एस.लाल, खाद्य विभाग, विपणन विभाग व सहाकारिता विभाग के अधिकारीगण उपस्थित थे।

कलेक्टर डॉ. रवि मित्तल ने केन्द्रों में तौल मशीन, विद्युत, तिरपाल, कांटा-बांट, कैंप कव्हर, आद्र्रतामापी यंत्र, कम्प्यूटर, प्रिंटर आदि की व्यवस्था, खरीदी केन्द्रो में नये एवं पुराने बारदानों की उपलब्धता, नये खरीदी केन्द्रों के लिए आवश्यक तैयारी, किसान पंजीयन की स्थिति, कस्टम मिलिंग की तैयारी की जानकारी ली और कोचियों-बिचौलियों पर नजर रखने के निर्देश दिए। खरीदी केन्द्रों में किसानों के लिए सभी पेयजल, बैठक सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं दुरुस्त करने के लिए कहा है। उन्होंने अधिकारियों को कड़ी हिदायदत देते हुए कहा कि धान खरीदी में बारदाने की समस्या न होने पाए। कलेक्टर ने चेक पोस्ट में ड्यूटी करने वाले अधिकारी-कर्मचारी को कड़ी निगरानी रखने के  निर्देश दिए है।

उल्लेखनीय है कि जिले में 20 चेक पोस्ट बनाए गए हैं जहॉ अधिकारी-कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई हैं। 01 नवम्बर से जिले में 25 समितियों के माध्यम से 35 धान खरीदी केन्द्रों में लगभग 35 हजार किसानों से धान खरीदी की जाएगी।  

 
और भी

विशेष लेख : पहाड़ी कोरवा परिवार के सदस्यों को 697 व्यक्तियों को दिया गया व्यक्तिगत वन अधिकार पट्टा

जशपुरनगर (छत्तीसगढ़ दर्पण)। जशपुर जिला प्रशासन की ओर से विशेष पिछडी पहाड़ी कोरवा जनजाति के लोगों की जीवन की दशा बदलने के लिए कई प्रयास किये जा रहे है, जिससे समुदाय  के लोग की अब आर्थिक और सामाजिक प्रगति की कर रहे है। निश्चित ही आने वाले समय में पहाड़ी कोरवा समाज के लिए एक मिसाल बनेंगे। जिस तरह से जिला प्रशासन पहाड़ी कोरवा जनजाति के लिए शिक्षा, स्वास्थ्य क़ृषि रोजगार, स्वरोजगार और अन्य क्षेत्रों में प्रगति का मार्ग प्रशस्त कर रहा है, उसमें आने वाले समय वे तेजी से दौड़ते हुए दिखेंगे।  


पिछले दो साल में जिला खनिज न्यास निधि से 115 विशेष पिछडी पहाड़ी कोरवा जनजाति के शिक्षित युवक युवतियों को अतिथि शिक्षक की नौकरी दी गईं है। इसके अतिरिक्त पूर्व में  36 को शिक्षक, तृतीय श्रेणी के पदों पर 23, चतुर्थ श्रेणी (नियमित) 33, चतुर्थ श्रेणी (कंटीजेंसी) 221 पदों पर भर्ती की गईं है। अब तक पहाड़ी कोरवा समुदाय के  कुल 428 शिक्षित युवक युवतियों को शासकीय नौकरी में नियुक्ति प्रदान कर उनके जीवन में खुशियों का नया रंग भर दिया गया है।

जिला प्रशासन की सोंच है कि विशेष पिछडी पहाड़ी कोरवा जनजाति के बदलाव और उनके उत्थान का एकमात्र रास्ता शिक्षा है, जिसके माध्यम से वे विकास के अनेक सोपान तय कर सकते है इसके लिए आदिम जाति विकास विभाग की ओर से उनके लिए छात्रावास आश्रम की स्थापना की गईं है। जिसमें वर्तमान में कुल 850 बालक बालिका है। पहाड़ी कोरवा समुदाय के बच्चों के लिए पृथक से पहाड़ी कोरवा आवासीय विद्यालय रूपसेरा में स्थापित है, जहां कक्षा 1लीं से 10 तक प्रत्येक कक्षा में 10 बालक और 10 बालिकाओं के लिए सीट स्वीकृत है, जिसमें 200 सीटें स्वीकृत है। इसके अतिरिक्त भी कई अन्य स्कूलों में पहाड़ी कोरवा बच्चे अध्ययनरत है। पहाड़ी कोरवा बालिकाओं के लिए तीन कन्या व एक बालक आश्रम को आदर्श आश्रम के रूप में विकसित किया गया है। जिले के एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय में कुल 71 बच्चे, प्रयास आवासीय में 2 बच्चे अध्ययनरत है।


मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के महत्वकांयोजना स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालय बगीचा में वर्तमान में 12 बच्चे अध्ययन कर रहे है। जो यह प्रदर्शित कर रहा है कि जिला प्रशासन की ओर से पहाड़ी कोरवा समुदाय के बच्चों को शिक्षा के क्षेत्र में आगे बढ़ाने की दिशा में किये जा रहे प्रयास अब सफल हो रहे हैं। अन्य शासकीय स्कूलों में वर्तमान में 1652 छात्र छात्राएं कक्षा 1से 12 तक अध्यनरत कर रहे है। अब तक 91 पहाड़ी कोरवा बसाहटो में विशेष स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया है, जिसमें 2439 पहाड़ी कोरवा मरीजों को लाभान्वित करते हुए आवश्यकतानुसार औषधि वितरण किया गया है व उनमें बीमारियों के रोकथाम के लिए जागरूकता लाई जा रही है। विशेष पिछडी जनजाति पहाड़ी कोरवाओं के विभिन्न योजनाओं के तहत लाभान्वित किया गया है जिसमें पूरक पोषण आहार में 4377, मुख्यमंत्री सुपोषण अभियान में 856, अतिरिक्त पोष्टिक आहार से लाभान्वित 3168, मुख्यमंत्री बाल संदर्भ योजना 571, मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना में 06 हितग्राहियों को लाभान्वित किया गया है।

पहाड़ी कोरवाओं की जीविका का मुख्य आधार कृषि है, उन्हें उन्नत व आधुनिक खेती की दिशा में वे धीरे से आगे बढ़ें। इसके लिए जिला प्रशासन पहाड़ी कोरवाओं को आधुनिक कृषि के लिए प्रशिक्षित व जागरूक कर रहा है। जशपुर जिले के इस जनजातीय समुदाय के लिए डबरी निर्माण, भूमि सुधार, कुंआ निर्माण, जैसे कार्य किये जा रहे है। सौर सूजला योजनातर्गत पहाड़ी कोरवाओं को 44 सोलर पम्प उपलब्ध कराये गए है। साथ ही सब्जी व मसाला मिनी किट, स्प्रिंकलर सेट भी प्रदान किया गया है। जिसके माध्यम से उन्होंने उन्नत कृषि से अपनी आय में बढ़ोतरी भी की है। वर्तमान में उन्हें चाय कॉफी की खेती की दिशा में भी प्रोत्साहित किया जा रहा है। पहाड़ी कोरवा परिवार के सदस्यों को 697 व्यक्तियों को 535.708 हेक्टेयर व्यक्तिगत वन अधिकार पत्र, 421 को 10747.216 हेक्टेयर वन अधिकार पत्र व 48 को 20164.577 हेक्टेयर सामुदायिक वन संसाधन अधिकार पत्र भी वितरित किया गया है।

पहाड़ी कोरवाओं जनजातीय परिवार के युवाओं को आर्थिक विकास के लिए स्वरोजगार से जोडऩे का प्रयास जिला प्रशासन की ओर से किया गया है।  

 

 

और भी

रोज कीजिए 30 मिनट मेडिटेशन, छूट जाएगी मेडिसिन : ललितप्रभ

 दादावाड़ी में संबोधि योग शिविर के दूसरे दिन सैकड़ों साधकों ने किया ध्यान योग का अभ्यास

रायपुर (छत्तीसगढ़ दर्पण)। राष्ट्र संत ललितप्रभ ने कहा कि निर्मल और तनावमुक्त जीवन जीने के लिए हर रोज 30 मिनट मेडिटेशन कीजिए, आपको कभी किसी न्यूरो मेडिसिन की जरूरत नहीं पडेगी। मानसिक शांति और आध्यात्मिक स्वास्थ्य के लिए ध्यानयोग संसार का सर्वश्रेष्ठ मार्ग है। ध्यान-साधना का मार्ग हमें अन्तर्जगत में ले जाता है जहाँ परमात्मा का साम्राज्य है। ध्यान का लक्ष्य है - अंतर्मन की शांति, अंतर्मन की शुद्धि, अंतर्मन में दिव्य आनंद की अनुभूति। हम श्वास, शरीर और अंतर्मन के साथ एकलयता साधें, और स्वयं को अधिकतम सहज और शांतिमय बनाएँ।

संत प्रवर शनिवार को एमजी रोड स्थित जैन दादावाड़ी में पांच दिवसीय संबोधि ध्यान योग शिविर के दूसरे दिन सैकड़ों साधक भाई बहनों को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि ध्यान ऐसे स्थान पर करें जहाँ शान्ति, स्वच्छता और एकान्त हो। उस कक्ष में ध्यान करना अधिक श्रेष्ठ है, जिसका ध्यान के लिए नियमित उपयोग होता है। ध्यान में नियमित बैठक के लिए सूर्याेदय का समय अधिक उपयुक्त है। सुबह के समय वातावरण में सहज शान्ति और सौम्यता रहती है। शुरुआत में ध्यान की बीस से तीस मिनट की बैठक हो। ज्यों-ज्यों तन-मन में शांति और सौम्यता आती जाएगी, बैठक का समय स्वत: एक घंटे तक बढ़ता जाएगा।

उन्होंने कहा कि ध्यान में तरक्की के लिए भोजन सदा सात्त्विक करें। ताजा, हल्का और पोषक भोजन करना साधना के लिए उपयुक्त है और स्वास्थ्य के लिए भी। विचारों को सहज-स्वस्थ-सकारात्मक रखें। विपरीत निमित्त या वातावरण उपस्थित हो जाने पर भी मन की शांति को मूल्य दें और प्रत्येक परिस्थिति में प्रसन्न रहें। इस अवसर पर डॉ मुनि शांतिप्रिय सागर महाराज ने अंतर मन की शांति और आध्यात्मिक विकास के लिए संबोधि ध्यान एवं सक्रिय योगाभ्यास करवाया।

रविवार को शैलेंद्र नगर में होंगे प्रवचन और सत्संग -

चातुर्मास समिति के अध्यक्ष त्रिलोक चंद बरडिया ने बताया कि जैन दादावाड़ी में रविवार को सुबह 6 बजे संबोधि ध्यान योग शिविर का आयोजन और 9:30 बजे शैलेंद्र नगर, बैंक ऑफ बड़ौदा के पास बरडिया निवास में प्रवचन और सत्संग का आयोजन होगा।

 

 

और भी

सांकरा मंडल में हुंकार रैली की तैयारी बैठक संपन्न

 पिथौरा (छत्तीसगढ़ दर्पण)। भारतीय जनता पार्टी महिला मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष शालिनी राजपूत  के निर्देश पर भारतीय जनता पार्टी महिला मोर्चा सांकरा मंडल की बैठक आगामी महतारी हूंकार रैली को सफल बनाने बैठक संपन्न।

शराबबंदी,अनाचार ,अत्याचार ,लाचार कानून व्यवस्था, कर्जमाफी महिला स्व सहायता समूह ,प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत आवास  आमंटित नहीं करने आदि मुद्दे को लेकर 11 नवंबर को प्रदेश स्तर पर महतारी हुंकार रैली निकाली जाएगी जिसके  रणनीति बनाने हेतु भाजपा महिला मोर्चा सांकरा की बैठक रखी गयी।

जिसमे मुख्य रूप से प्रदेश महिला मोर्चा महामंत्री विभा अवस्थी, जिला महामंत्री महिला मोर्चा  पुष्पलता चौहान , मंडल अध्यक्ष कृष्ण कुमार साहू , महामंत्री रामलाल मलिक , महिला मोर्चा मंडल अध्यक्ष जशोवंती पटेल , भाजयुमो जिला सोशल मीडिया प्रभारी विकाश बघेल, किसान मोर्चा मंडल अध्यक्ष राजेश विशाल,युवा मोर्चा मंडल अध्यक्ष गोविंद साहू, मुरली यदुराज, रजनी कश्यप,गायत्री डडसेना,टिकेश्वरी साहू,हीरा बंजारा, अंजु यादव,नितिशा ग्वाल, सुरजा बरिहा,चंद्रिका यादव, साधना सिंह, ओमकार ठाकुर,बाबूलाल साव, उपस्थित रहें।

 

 

और भी