छत्तीसगढ़ - Newsportal | Chhattisgarh Darpan Media Group

छत्तीसगढ़

कृषि उत्पादन से स्वावलंबन प्रशिक्षण

 दंतेवाड़ा (छत्तीसगढ़ दर्पण)। जिला जेल दंतेवाड़ा में विचाराधीन बंदियों के आजीविका संवर्धन के लिए 10 दिवसीय कृषि उत्पादन का प्रशिक्षण एनआरएलएम व ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान (आरसेटी) के माध्यम से 35 बंदियों को प्रशिक्षण हुआ। 

जिला पंचायत सीईओ ललितादित्य नीलम ने प्रशिक्षणार्थियों को संबोधित करते हुए प्रशिक्षणार्थियों को भविष्य में मुख्यधारा से जोड़कर एक अच्छे नागरिक का जीवन व्यतीत करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने अन्य उत्पाद का भी निर्माण करने के लिए जिला जेल अधीक्षक को निर्देश दिये, साथ ही पढऩे के इच्छुक बंदियों को साक्षरता व पढ़ाई के लिए सुनियोजित योजना बनाकर कार्य करने को कहा गया। कृषि के प्रशिक्षण को मुलभूत प्रशिक्षण बनाते हुए जीवन के लिए उपयोगी बताया। प्रशिक्षण में जी. एस सोरी जेल अधीक्षक की ओर से जिला में अन्य ट्रेड के प्रशिक्षणों की जानकारी दी गई। भविष्य में आजीविका संवर्धन के लिए सतत प्रशिक्षण आयोजित करने को कहा। ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान निर्देशक लक्ष्मीनारायण सिबू ने सभी प्रशिक्षणार्थियों को प्रशिक्षण लेने पर बधाई व शुभकामनाएं दी, साथ ही सभी प्रशिक्षणार्थियों को प्रमाण पत्र का भी वितरण किया। जिला जेल में कैदियों को स्वरोजगार के लिए विभिन्न उत्पादों को बनाने का प्रशिक्षण दिया गया है। ताकि कैद से बाहर जाने पर समाज में स्वरोजगार के बूते अपना कारोबार कर सकें।

 
और भी

जिले में स्थित विभिन्न खाद्य प्रतिष्ठानों का किया औचक निरीक्षण

 दंतेवाड़ा (छत्तीसगढ़ दर्पण)। कलेक्टर के आदेशानुसार व अनुविभागीय अधिकारी दन्तेवाड़ा के निर्देशन में विभाग की ओर से दंतेवाड़ा जिले में स्थित विभिन्न खाद्य प्रतिष्ठानों का औचक निरीक्षण किया गया। जिले में ट्रांसफेट सर्व अभियान के तहत जांच के लिए नमूना संग्रहण कर प्रयोगशाला जांच के लिए भेजा गया। 

उल्लेखनीय है कि भारत सरकार की ओर से खाद्य पदार्थों में ट्रांसफेटी एसिड को कम कर दो प्रतिशत लाने का लक्ष्य है। ट्रांसफेटी एसिड शरीर में कोलेस्ट्रॉल का लेवल बढ़ता है, जिससे हृदय संबंधी बिमारियों का खतरा बढ़ता है। इस संबंध में स्नस्स््रढ्ढ भारत सरकार की ओर से एन.सी. एम. एल. लेब के माध्यम से पूरे देश में ट्रांसफेट सर्वे चलाया गया। इस सर्वे अंतर्गत जिले का भी चयन नमूना जांच के लिए किया गया था। जो 9 से 11 नवंबर तक चलाया गया।

इस सर्वे अभियान अंतर्गत अग्रवाल प्रोव्हीजन, सपना किराना स्टोर, सौरभ डेली नीड्स, बैंगलोर एयंगर बेकरी, कन्हैया बीकानेर स्वीट्स, गुप्ता स्वीट्स आदि फर्म से नमकीन, मिठाईयां, बेकरी प्रोडक्ट, तेल, फ्रोजन फूड, तले हुए खाद्य पदार्थ, कन्फेक्शनरी आइटम, चॉकलेट आदि का नमूना संग्रहण किया गया। इस दौरान 52 सैंपल विभिन्न खाद्य प्रतिष्ठानों से लिया गया एवं जांच हेतु एन.सी.एम. एल. लैब चेन्नई परीक्षण के लिए भेजा गया।
 
और भी

गढत हे नवा छत्तीसगढ़ : प्रदेश की आंचलिक खबरें एक नजर में

 जगदलपुर : किसान क्रेडिट कार्ड बनवाने धान खरीदी केंद्रों में आयोजित किए जा रहे शिविर


कमिश्नर श्याम धावड़े की ओर से बस्तर जिले के राजस्व वन अधिकार पट्टा धारी किसानों का चिन्हान कर शत-प्रतिशत किसान क्रेडिट कार्ड तैयार करने के निर्देश दिया गया है। जिसके परिपालन में कृषि विभाग द्वारा जिले के सभी धान उपार्जन केन्द्रों में धान खरीदी के दौरान शिविर आयोजित कर कृषकों का केसीसी प्रकरण तैयार किया जा रहा है।

बेमेतरा : पशुओं में लम्पी त्वचा रोग संक्रमण से बचाव के लिए किया जा रहा टीकाकरण

बेमेतरा जिले के बेरला विकासखंड के ग्राम कठिया में गौवंशीय पशुओं में लम्पी त्वचा रोग जैसे लक्षण दिखाई देने पर 10 अक्टूबर 2022 को 5 प्रभावित पशुओं के नमूने लिए गए व 12 अक्टूबर 2022 को 4 पशुओं के नमूने एकत्रित कर राष्ट्रीय उच्च सुरक्षा अनुसंधान प्रयोगशाला भोपाल (निशाद) भेजा गया था।

बालोद : कलेक्टर ने धनेली के शासकीय उचित मूल्य की दुकान संचालक एजेंसी को अनियमितता बरतने पर किया निलंबित

कलेक्टर कुलदीप शर्मा ने गुरूर विकासखंड के ग्राम धनेली के शासकीय उचित मूल्य दुकान का आकस्मिक निरीक्षण कर जायजा लिया। उन्होंने राशन दुकान संचालक से राशन वितरण के संबंध में जानकारी ली। इस दौरान कलेक्टर ने उपस्थित राशनकार्डधारियों से समय पर राशन मिलने की जानकारी ली गई। 

कोरिया : शासन की ओर से निर्धारित नियमानुसार धान खरीदी करें, रकबा समर्पण की कार्यवाही शुरू करें : कलेक्टर

जिले में धान खरीदी का औचक निरीक्षण करने कलेक्टर विनय कुमार लंगेह आज एसपी त्रिलोक बंसल के साथ पोड़ी बचरा, जिल्दा तथा बैमा उपार्जन केंद्र पहुंचे। पोड़ी बचरा में किसान श्याम लाल साहू के धान को स्वयं अपने सामने तौलकर कलेक्टर लंगेह ने माप की जांच की, इसके साथ ही उन्होंने रैंडम बोरियों का भी तौल कराया। 


सूरजपुर: कलेक्टर ने किया तहसील कार्यालय का औचक निरीक्षण


कलेक्टर इफ्फत आरा ने आज तहसील कार्यालय रामानुजनगर का आकस्मिक निरीक्षण किया। उनके द्वारा तहसील कार्यालयों में संधारित नामांतरण, बंटवारा, सीमांकन पंजी, प्रतिलिपि शाखा, कोटवार पंजी, पटवारियों का पासबुक सहित विभिन्न राजस्व प्रकरणों के पंजी का अवलोकन किया गया एवं प्रकरणों के निराकरण की जानकारी तहसीलदारों से ली गई। 

धमतरी : धान खरीदी के लिए पंजीयन 21 नवंबर तक करा सकते हैं छूटे हुए किसान


जिले के ऐसे सभी किसान, जो चालू खरीफ  विपणन वर्ष में समर्थन मूल्य पर धान बेचने के लिए पंजीयन नहीं करा पाएं हैं, वे तहसीलदार अथवा समिति मॉड्यूल में पंजीयन करा सकते हैं। कलेक्टर पी.एस. एल्मा ने बताया कि धान खरीदी के लिए किसान पंजीयन का काम कृषि विभाग के एकीकृत किसान पोर्टल के जरिए 31 अक्टूबर तक किया जाना था।

बलौदाबाजार : आसानी से करें वोटर आईडी को आधार से लिंक


भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार मतदाता सूची को शुद्ध व त्रुटिरहित बनाने के उद्देश्य से मतदाता परिचय पत्र को आधार कार्ड से लिंक किया जा रहा है। जिले के लगभग 70 प्रतिशत मतदाताओं के लिए इसके लिए फॉर्म भरा जा चुके है। ग्रामीण क्षेत्र की तुलना में शहरी क्षेत्रों में अपेक्षाकृत इसका प्रतिशत कम है। इसलिए मतदाताओं से इसमें अधिक से अधिक सहभागिता की अपेक्षा है।

उत्तर बस्तर कांकेर : विधानसभा उप निर्वाचन-2022 : व्यय प्रेक्षक पहुंचे कांकेर

विधानसभा क्षेत्र क्रमांक-80 भानुप्रतापपुर (अजजा) में हो रहे उप निर्वाचन के दौरान व्यय के मदों की निगरानी के लिए भारत निर्वाचन आयोग की ओर से प्रवीण रेड्डी जी.पी. को व्यय प्रेक्षक नियुक्त किया गया है, वे कांकेर पहुंच चुके हैं, उनका मोबाइल नंबर +91-83052-83926 है।


नारायणपुर : स्वच्छ भारत मिशन के तहत अब पंचायतों में भी हो रहा है कचरा प्रबंधन


कलेक्टर ऋतुराज रघुवंशी व देवेश कुमार धु्रव मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत नारायणपुर के निर्देशानुसार अब पंचायतों में भी कचरा प्रबंधन का कार्य स्व सहायता समूहों के माध्यम से किया जा रहा है। जिले के सभी ग्रामों में 2024 तक कचरा प्रबंधन शेड निर्माण पूर्ण करने का लक्ष्य है।

नारायणपुर : एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय खेल महोत्सव में शामिल हुए जिले के छात्र

एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय खेल महोत्सव 2022-23 के राज्य स्तरीय खेल प्रतियोगिता बिलासपुर और धमतरी में आयोजित हुआ, जिसमें नारायणपुर के एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय छेरीबेड़ा और ओरछा के छात्र-छात्राओं ने भाग लिया और उसमें से विभिन्न खेल विधाओं में एथलेटिक्स में 4, फूटबॉल में 6, कबड्डी में 3, बास्केटबॉल में 5, खो खो में 13, और वालीबॉल में 8 कुल 37 खिलाडिय़ो का चयन हुआ है।
 
और भी

स्वदेशी मतलब देश, समाज, परिवार और मैं स्वयं : बृजमोहन

 बिलासपुर (छत्तीसगढ़ दर्पण)। साइंस कालेज,बिलासपुर के मैदान में आयोजित स्वदेशी मेला में हर दिन जबरदस्त भीड़ देखने को मिली। मंगलवार को अंतिम दिन होने के कारण हजारों लोगों ने मेले का भरपूर लुत्फ उठाया। झूले से लेकर मनोरंजन व घर की साजो-सामग्री तक से जुड़ी चीजों से लोग जमकर मौज मस्ती व खरीदारी करते रहे। इतना ही आयोजन समिति के द्वारा रंग भरो प्रतियोगिता, चित्रकला प्रतियोगिता और शिशु वेशभूषा प्रतियोगिता जैसी तमाम प्रतियोगितायें आयोजित की गई। जिसमें 500 से भी अधिक बच्चों ने हिस्सा लेकर अपनी प्रतिभा दिखाईं।


इस मेले के दिवस पर समापन समारोह रखा गया, जिसमें विगत वर्षों की भाँति इस वर्ष भी विधायक व पूर्व मंत्री बृजमोहन अग्रवाल विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल हुए। उनके साथ भाजपा प्रदेश अध्यक्ष व बिलासपुर सांसद अरुण साव, बेलतरा विधायक रजनीश सिंह, लोरमी विधायक धर्मजीत सिंह व बिलासपुर विधायक शैलेश पांडेय मौजूद रहे।



इस स्वदेशी मेले के समापन समारोह में विधायक बृजमोहन अग्रवाल ने कहा कि यहाँ आते हुए मुझे दस साल हो गए, इस बार का आना थोड़ा मुश्किल लग रहा था पर आप  लोगों का प्यार मुझे यहां फिर से खींच लाया। मुझे यहां आने में थोड़ी देर हुई, लेकिन उस देरी में मैने इस कार्यक्रम की सफलता का अंदाजा लगा लिया। क्योंकि इस मेले में इतने आगंतुकों ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई की मैं जाम में फसा रह गया। मैं इसे आयोजन की बड़ी सफलता मानता हूं और इसके लिए आयोजकों को बहुत बहुत बधाई व धन्यवाद देता हूं।

बृजमोहन ने आगे यह भी कहा कि, हमारी बीमारियां क्यों बढ़ रही है..? क्योंकि हम विदेशी चीजो के प्रति आकर्षित हो रहे है और स्वदेशी चीजों को भूलते जा रहे है। स्वदेशी के मूलमंत्र को हमें हर हाल में आगे बढ़ाना है, क्योंकि हम नहीं बढ़ेंगे तो परिवार आगे नही बढ़ेगा; और जब परिवार आगे नही बढ़ेगा तो समाज भी आगे नही बढ़ेगा। जबकि देश के आगे बढ़ने के लिए हर व्यक्ति, परिवार व समाज सभी के बढ़ने की आवश्यकता है। इसलिए हमें अपने देश को आत्मनिर्भर व सशक्त बनाने हेतु स्वदेशी को अपनाना होगा। हमें स्वदेशी को उसी चाव के साथ अपनाना होगा, जिस प्रकार हम विदेशी चीजों को अपनाकर इठलाते है।

अग्रवाल ने पीएम नरेंद्र मोदी को तारीफ करते हुए आगे यह कहा कि स्वदेशी के प्रभाव को अब हम अपने आस पास बहुत ही तेजी से होते हुए देख रहे हैं। जबसे देश की बागडोर नरेंद्र मोदी ने संभाली है तबसे यह कार्य अपनी बेहतर गति पर पहुँच गया है। हमे इसे निरंतर जारी रखने की आवश्यकता है, ताकि हमारा देश विश्व गुरु बन सके। मोदी भारत के नव निर्माण करने का प्रयास किया है, इसे एकता के सूत्र में पिरोने हेतु प्रयास किया है। हम सभी को मिलकर उनका साथ देना है। उन्होंने सभी को प्रेरित करते हुए यह भी कहा कि स्वदेशी मतलब देश, स्वदेशी मतलब समाज, स्वदेशी मतलब परिवार, स्वदेशी मतलब मैं स्वयं...ये मान कर हम स्वदेशी को अपनाना होगा। इस दौरान विभिन्न प्रतियोगिताओं में भाग लेने तमाम प्रतिभावान बच्चों को बृजमोहन अग्रवाल ने अपने हाथों से पुरस्कृत कर उनका सम्मान किया।

 

 

और भी

महिलाएं अब डेयरी व्यवसाय की ओर हो रही अग्रसर

 अम्बिकापुर (छत्तीसगढ़ दर्पण)। अधिक लाभ मिलने वाला व्यवसाय होने तथा बिहान योजना से आर्थिक सहायता मिलने से महिलाएं अब डेयरी व्यवसाय की ओर अग्रसर होकर आर्थिक रुप से आत्मनिर्भर बन रही है। अम्बिकापुर जनपद के ग्राम चठिरमा निवासी कविता बराल भी उन्हीं महिलाओं में से है, जो डेयरी संचालन से करीब 15 हजार रुपए मासिक आय प्राप्त कर रही है और आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर होने की और अग्रसर है।

कविता बराल ने बताया कि वह साईं बाबा महिला स्व सहायता समूह से जुड़ी है। बिहान योजना के तहत पशु पालन का प्रशिक्षण लिया और गाय पालन से डेयरी व्यवसाय शुरू किया। बिहान योजना से कम ब्याज दर पर 60 हजार रुपए ऋण मिला जिससे गाय, औजार व पशु आहार खरीदी। अब डेयरी में साथ-साथ डेयरी उत्पाद से पनीर, खोवा दही आदि का भी विक्रय कर रही हैं। कविता ने बताया कि संकुल संगठन से अच्छा सहयोग मिल रहा है, जिससे डेयरी के कार्य को बड़े स्तर पर शुरू करने की तैयारी कर रही है ताकि उसका डेयरी उत्पाद शहर तक भी पहुंचे।

 
और भी

बाल संरक्षण सुरक्षा सप्ताह अंतर्गत बाल संसद का हुआ आयोजन

 कोरिया (छत्तीसगढ़ दर्पण)। महिला व बाल विकास विभाग की जिला कार्यक्रम अधिकारी ने बताया कि बाल दिवस के अवसर पर बाल संरक्षण सुरक्षा सप्ताह का आयोजन 14 नवम्बर को सरस्वती शिशु मंदिर बैकुण्ठपुर में किया गया। 

इस अवसर पर बाल संरक्षण, बाल अधिकार व बाल विवाह तथा बाल श्रम के संबंध मे जानकारी दी गई, चाईल्ड लाइन की ओर से बैकुण्ठपुर के मानापारा व सरडी के प्राथमिक शाला में भी कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसके साथ ही 16 नवम्बर को रामानुज हायर सेकेण्डरी स्कूल बैकुण्ठपुर महिला बाल विकास विभाग से संरक्षण अधिकारी अली अहमद की ओर से बच्चों को किशोर न्याय, बाल अधिकार चाईल्ड लाईन, लैगिंक शोषण के संबध में विस्तार पूर्वक जानकारी दिया गया, साथ ही पुलिस विभाग से पुलिस थाना प्रभारी अश्वनी सिंह की ओर से बाल सुरक्षा सप्ताह को सफल बनाने के लिए आयोजित किए जाने वाले कार्यक्रमो तथा महेश मिश्रा की ओर से यातायात सुरक्षा व बाल सुरक्षा के संबध मे जानकारी दी गई।

 
और भी

नरवा विकास से वनांचल की 5 लाख हेक्टेयर से अधिक भूमि होगी उपचारित : वन मंत्री अकबर

 रायपुर (छत्तीसगढ़ दर्पण)। राज्य सरकार द्वारा संचालित सुराजी गांव योजना के तहत नरवा विकास कार्यक्रम अंतर्गत कैम्पा की वार्षिक कार्ययोजना 2021-22 में 403 करोड़ 67 लाख रूपए की राशि स्वीकृत की गई है। इसमें 5.70 लाख हेक्टेयर जल ग्रहण क्षेत्र में लगभग 73 लाख 57 हजार भू-जल संरक्षण संबंधी संरचनाओं का निर्माण प्रगति पर है।  


मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की विशेष पहल और वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री मोहम्मद अकबर के मार्गदर्शन में राज्य के वन क्षेत्रों में भू-जल संरक्षण तथा संवर्धन के लिए बड़े तादाद में जल स्रोतों, नदी-नालों और तालाबों को पुनर्जीवित करने का कार्य लिया गया है। कैम्पा की वार्षिक कार्ययोजना 2021-22 के तहत प्रदेश के दो राष्ट्रीय उद्यान, दो टाईगर रिजर्व, 01 सामाजिक वानिकी तथा 01 एलीफेंट रिजर्व सहित विभिन्न वन मंडलों के नालों में भू-जल संवर्धन संबंधी संरचनाएं निर्मित की जा रही है। छत्तीसगढ़ राज्य प्रतिकरात्मक वनरोपण, निधि प्रबंधन एवं योजना प्राधिकरण (कैम्पा) मद से बनने वाली इन जल संग्रहण संरचनाओं से वनांचल में रहने वाले लोगों और वन्य प्राणियों के लिए पेयजल की उपलब्धता सुनिश्चित होगी। साथ ही नाले में पानी का भराव रहने से आस-पास की भूमि में नमी बनी रहेगी। इससे खेती-किसानी में सुविधा के साथ-साथ आय के स्रोत और हरियाली में भी वृद्धि होगी।



इस संबंध में प्रधान मुख्य वन संरक्षक एवं वन बल प्रमुख संजय शुक्ला ने बताया कि नरवा विकास योजना के तहत कैम्पा की वार्षिक कार्ययोजना 2021-22 के अंतर्गत गुरू घासीदास राष्ट्रीय उद्यान सरगुजा में 2 लाख 44 हजार तथा कांगेर घाटी राष्ट्रीय उद्यान जगदलपुर में 1389 संरचनाओं का निर्माण किया किया जा रहा है। इसी तरह इन्द्रावती टायगर रिजर्व बीजापुर में 4 लाख से अधिक तथा अचानकमार टाईगर रिजर्व लोरमी में 3 लाख 68 हजार संरचनाओं का निर्माण हो रहा है। इसके अलावा एलीफेंट रिजर्व सरगुजा में 85 हजार तथा अनुसंधान एवं विस्तार जगदलपुर अंतर्गत 58 हजार संरचनाओं का निर्माण किया जा रहा है।

इसी तरह वन मंडलवार बिलासपुर में 3 लाख 81 हजार, मरवाही में 8 लाख 97 हजार, कोरबा में 5 लाख 84 हजार तथा कटघोरा में एक लाख 89 हजार संरचनाओं का निर्माण किया जा रहा है। रायगढ़ में 19 हजार, धरमजयगढ़ में 2 लाख 70 हजार, जांजगीर-चांपा में 19 हजार तथा मुंगेली में 2 लाख 60 हजार संरचनाओं का निर्माण किया जा रहा है। इसके अलावा खैरागढ़ वनमंडल अंतर्गत एक लाख 6 हजार, बालोद में 57 हजार, राजनांदगांव में 2 लाख 79 हजार तथा कवर्धा में 2 लाख 27 हजार संरचनाओं का निर्माण हो रहा है।

रायपुर में 87 हजार, बलौदाबाजार में 72 हजार, धमतरी में 13 हजार, सुकमा में 3 लाख 30 हजार, बीजापुर में एक लाख 34 हजार तथा दंतेवाड़ा में 32 हजार संरचनाओं का निर्माण हो रहा है। जशपुर में 77 हजार, सरगुजा में एक लाख 47 हजार, सूरजपुर में एक लाख 5 हजार, बलरामपुर में 7 लाख 62 हजार संरचनाओं का निर्माण किया जा रहा है। कोरिया में 2 लाख 67 हजार, मनेन्द्रगढ़ में एक लाख 68 हजार संरचनाओं का निर्माण हो रहा है। इसी तरह वनमंडलवार दक्षिण कोण्डागांव में एक लाख 94 हजार तथा नारायणपुर में एक लाख 25 हजार संरचनाओं का निर्माण प्रगति पर है।

 

 

और भी

सोशल मीडिया में फेक न्यूज पर नियंत्रण के लिए होगी विशेष मॉनिटरिंग : कलेक्टर

 दुर्ग (छत्तीसगढ़ दर्पण)। कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिये कलेक्टर पुष्पेन्द्र कुमार मीणा की अध्यक्षता एवं पुलिस अधीक्षक की उपस्थिति में जिला प्रशासन व पुलिस प्रशासन के प्रमुख अधिकारियों की बैठक संपन्न हुई। बैठक में कलेक्टर मीणा ने पुलिस अधीक्षक से जिले में सुरक्षा व्यवस्था की तैयारियों की जानकारी ली। उन्होंने सड़क सुरक्षा, सामाजिक सौहाद्रता, सोशल मीडिया में भ्रामक जानकारियां फैलने की स्थिति, वी.आई.पी आयोजन एवं पुलिस विभाग के सूचना तंत्र के विषय में अधिकारियों से चर्चा कर आवश्यक निर्देश दिए। इस मौके पर पुलिस अधीक्षक ने सभी अधिकारियों को संयम से काम लेने और सभ्य भाषा के इस्तेमाल की हिदायत दी। किसी भी हालत में अभद्र भाषा का प्रयोग पुलिस अधिकारी, कर्मचारी न करें इस बात का विशेष ध्यान रखा जाए।

सोशल मीडिया में भ्रामक जानकारियां रोकने के लिए अधिकारी करेंगे मॉनिटरिंग - कलेक्टर ने जिले में सामाजिक सौहाद्रता और अखंडता बनाए रखने के लिए सोशल मीडिया पर फेक न्यूज के नियंत्रण हेतु हर संभव प्रयास के लिए अधिकारियों को निर्देशित किया। उन्होंने कहा कि जिले के विभिन्न व्हाट्सएप गु्रप्स की मॉनिटरिंग जिला प्रशासन द्वारा की जाएगी, ताकि इस तरह के मामलों पर रोक लगाया जा सके। सामाजिक सौहाद्रता, देश की एकता, अखंडता में बाधा उत्पन्न करने वाले लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस विभाग के अधिकारियों से जानकारी मांगने पर कोई अधिकारी जानकारी देने के लिए घबराएं नहीं जो जांच कर रहा है टाईमली रिस्पांड करें ताकि पब्लिक के बीच कोई भ्रांति न फैले।

जिले में शांति बनाए रखने के लिए पुलिस करेगी अदातन बदमाशों की निगरानी
अपराधिक मानसिकता के लोगों व आदतन बदमाशों की सूची बनाकर उनकी गतिविधियों की लगातार निगरानी होती रहनी चाहिए ताकि अपराध की संभावनाओं में कमी लाई जा सके।

कोटवारों को प्रशिक्षित कर जिले के इनफॉर्मेशन स्ट्रक्चर को किया जाएगा मजबूत
जिले के इनफॉर्मेशन स्ट्रक्चर को मजबूत करने के लिए कलेक्टर ने एसडीएम को जिले के कोटवारों की सूची बनाकर उनके कार्यों की समीक्षा करने के निर्देश दिए। साथ ही अयोग्य कोटवारों को सेवा से मुक्त कर नियमानुसार योग्य लोगों को नियुक्त किया जाए। कोटवारों को ब्लॉक और जिला स्तर पर पुलिस एवं जिला प्रशासन द्वारा प्रशिक्षण दिया जाए। कोटवार पुलिस विभाग के इनफार्मेसन सिस्टम की इकाई है उस इकाई को इतना मजबूत करें कि ग्रामीण स्तर पर छोटी से छोटी सूचना मिल पाए।

सड़क दुर्घटनाएं रोकना एक मानवीय कार्य है और प्रशासन की जिम्मेदारी
सड़क दुर्घटना में एस.डी.एम. व थानेदार मौके पर जाकर कारणों की समीक्षा करें एवं इसकी रिपोर्ट दें, ताकि दुर्घटनाओं को रोकने के लिए संभावित प्रयास किए जा सकें। हाईवे/पुलिस पेट्रोलिंग और पुलिस चौकियों के साथ कम्युनिकेशन स्थापित किया जाए जिससे सड़क दुर्घटनाओं और अन्य गतिविधियों पर मानिटरिंग की जा सके। साथ ही ड्रिंक एंड ड्राइव और रात में बेवजह घूमने वालों पर सख्ती से कार्यवाही करने के निर्देश दिए।

और भी

कलेक्टर व एसपी ने अतिसंवेदनशील क्षेत्र बेचापाल और हुर्रेपाल का किया भ्रमण

 बीजापुर (छत्तीसगढ़ दर्पण)। जिले के सुदूर अंचलों को विकास की मुख्यधारा से जोडऩे जिला प्रशासन लगातार प्रयास कर रही है। कलेक्टर राजेन्द्र कुमार कटारा स्वयं विकास कार्यों का गहनता से परीक्षण लगातार कर रहे हैं। बेचापाल ऐसे ही एक सुदूर क्षेत्र के रूप में जाना जाता है, बिजली व सड़क सहित विभिन्न विकास कार्य बेचापाल में संचालित हो रही है, कलेक्टर राजेन्द्र कुमार कटारा और पुलिस अधीक्षक आंजनेय वाष्र्णेय ने विभिन्न विकास कार्यों का जायजा लेते हुए बेचापाल एवं सुदूर क्षेत्र हुर्रेपाल तक पहुंचे, जहां बेचापाल से गंगालूर तक डामरीकरण सड़क निर्माणधीन है। सड़क का निर्माण कार्य पूर्ण हो जाने से भैरमगढ़ व बीजापुर ब्लाक के बड़ी आबादी को परिवहन और यातायात सुगम होगा, वहीं स्वास्थ्य, शिक्षा, कृषि, व्यापार पारिवारिक संबंधों के निर्वहन के लिए ग्रामीणों को सहूलियत होगी, उक्त निर्माणधीन सड़क को गुणवत्तापूर्वक समय-सीमा में पूर्ण करने सड़क मार्ग पर निर्मित होने वाली विभिन्न पुल-पुलियों की जानकारी लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों ने विस्तृत रूप से बताया। वहीं बेचापाल स्थित राशन दुकान, प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र, आंगनबाड़ी का भी निरीक्षण किया राशन दुकान में बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद थे। 

धूप में ग्रामीणों को बैठा देख कलेक्टर ने त्वरित छाया के लिए शेड निर्माण की स्वीकृति दी। वहीं प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र में मरीजों की दैनिक ओपीडी, दवाई की उपलब्धता इत्यादि के बारे में जानकारी लिया ईलाज के लिए आयी एक बच्ची को मलेरिया पाजिटिव्ह होने पर उसका उचित उपचार करने के निर्देश दिए। वहीं स्वास्य कार्यकर्ताओं ने पेयजल की समस्या बताई, जिस पर कलेक्टर कटारा ने राशन दुकान में शेड निर्माण और स्वास्थ्य केन्द्र में मोटर पंप तत्काल उपलब्ध कराने सीईओ जिला पंचायत रवि कुमार साहू को फोन के माध्यम से निर्देशित किया। बेचापाल में नवनिर्मित आंगनबाड़ी को तत्काल साफ-सफाई कर आंगनबाड़ी का संचालन करने मौके पर उपस्थित जिला कार्यक्रम अधिकारी लुपेन्द्र महिनाग को निर्देश दिए। ताकि बच्चे, माताएं सहित अन्य हितग्राही लाभान्वित हो सकें। सड़क बिजली के बाद ग्रामीणों की लंबे समय से मांग पूरी हुई सुदूर क्षेत्र में अब मोबाईल कनेक्टीविटी शुरू हो गई है।

और भी

कार को टक्कर मारकर पलटी बस, 2 दर्जन से ज्यादा घायल...

 अम्बिकापुर (छत्तीसगढ़ दर्पण)। अंबिकापुर जिले में यात्री बस दुर्घटना का शिकार हो गई है। जानकारी के अनुसार ये हादसा ग्राम भपौली के गंजास नाले के पास हुआ है। दुर्घटना में 2 दर्जन से अधिक लोग घायल हो गए है।


बताया जा रहा है कि अम्बिकापुर से दुमरडीह जा रही शिवा यात्री बस सामने से आ रही कार से जा टकराई और अनियंत्रित हो पलट गई। हादसे में 2 दर्जन से ज्यादा यात्री घायल हो गए है। वही कार सवार 2 लोगों को गंभीर चोटें आई है जिन्हें अम्बिकापुर मेडिकल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। फिलहाल मौके पर पुलिस पहुंच चुकी है और राहत कार्य मे जुट गई है।

 

 

और भी

पोल से टकराकर खेत में घुसी कार, चालक की मौत...

 महासमुंद (छत्तीसगढ़ दर्पण)। जिले में भीषण सड़क हादसा हुआ है। एक तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर पोल से टकराने के बाद खेत में जा घुसी। हादसा इतना भयानक था कि चालक की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस मामले की जांच कर रही है।


प्राप्त जानकारी के अनुसार बागबाहरा से महासमुंद आ रही कार झालखम्हरिया के पास अनियंत्रित होकर पोल से टकराकर खेत में जा घुसी। हादसे में कार चालक नितेश मार्टीन निवासी बागबाहरा की मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गई।

 

 

और भी

दबिश देने पहुंची थी वन विभाग की टीम, युवक ने टांगी लेकर रेंजर को दौड़ाया...

 बिलासपुर (छत्तीसगढ़ दर्पण)। बिलासपुर में वन विभाग की टीम पर एक युवक ने हमला कर दिया। उसने पहले तो टांगी लेकर महिल रेंजर को दौड़ाया। इसके बाद दूसरे वनकर्मियों के साथ मारपीट की है। बताया गया है कि वन विभाग की टीम उसके घर में दबिश देने गई थी। जिसके बाद यह घटना हुई है। मामला बेलगहना चौकी क्षेत्र का है।

वन विकास निगम परियोजना बेलगहना की रेंजर इंद्राणी बंदे ने मारपीट और शासकीय काम में बाधा की शिकायत की है। रेंजर ने बताया कि जंगल से पेड़ों की कटाई की सूचना मिली थी। इस पर वे डिप्टी रेंजर रवि कुमार जगत, वनकर्मी अशोक कुमार साहू, मनोज करियाम, उपेंद्र कुमार देवांगन, क्षेत्र रक्षक नंदकिशोर सिंह, अरविंद बंजारे, चौकीदार शिवकुमार यादव के साथ ग्राम करवा पहुंचीं थी।

मंगलवार को वनकर्मियों की टीम ने गांव में राजू पात्रे के घर में दबिश दी। इस दौरान उसके घर से सागौन लकड़ी से बने फर्नीचर मिले। इसके दस्तावेज नहीं होने पर वनकर्मी इसे जब्त कर वन विभाग के वाहन में भरवा रहे थे। इसी बीच राजू पात्रे वहां पहुंच गया।

 

 

और भी

अम्बागढ़ चौकी में मुख्यमंत्री 17 को लेंगे अधिकारियों की बैठक

 रायपुर (छत्तीसगढ़ दर्पण)। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल 17 नवम्बर को सवेरे 10 बजे मोहला-मानपुर-अम्बागढ़ चौकी जिले के अम्बागढ़ चौकी में अधिकारियों की समीक्षा बैठक लेंगे। वे इस अवसर पर विभिन्न विकास कार्यों का शिलान्यास एवं लोकार्पण भी करेंगे। मुख्यमंत्री बघेल इसके पश्चात् पूर्वान्ह 11.30 बजे कॉलेज ग्राउण्ड हेलीपेड अम्बागढ़ चौकी से हेलीकॉप्टर द्वारा जिला कांकेर के लिए प्रस्थान करेंगे। वे शाम 5 बजे पुलिस ग्राउण्ड हेलीपेड रायपुर लौट आएंगे।

 

 

और भी

गढत हे नवा छत्तीसगढ़ : प्रदेश की आंचलिक खबरें एक नजर में

 बलौदाबाजार : वन्यप्राणियों के शिकार करने विद्युत तार बिछाते 2 आरोपी गिरफ्तार

बलौदाबाजार वनमंडलाधिकारी मयंक अग्रवाल के निर्देश पर संतोष चौहान वन परिक्षेत्र अधिकारी अर्जुनी के मार्गदर्शन में अर्जुनी परिक्षेत्र अंतर्गत सतत् रूप से बीटगस्त किया जा रहा है। बीटगस्त के दौरान सिरमाल परिसर के आरक्षित वन कक्ष क्रमांक 336 सलिहा नाला के पास रोहिना छापर (स्थानीय नाम) स्थान पर 02 व्यक्ति प्रेमलाल पिता चौतराम सिदार ग्राम बिलाड़ी (ज), राजेन्द्र पिता दासो निषाद ग्राम बिलाड़ी की ओर से विद्युत तार से वन्यप्राणियों के शिकार के लिए लगा रहे थे। 

बलौदाबाजार : डायलिसिस बना गरीब मरीजों के लिए वरदान, अन्य जिलों से पहुंचकर ले रहे स्वास्थ्य लाभ

कलेक्टर रजत बंसल के निर्देश पर जिला चिकित्सालय में डायलिसिस मशीनों ने काम करना शुरू कर दिया है। जिले के दूर दराज के ग्रामीण क्षेत्रों से मरीजों का डायलिसिस के लिए यहां आना होता है, ऐसे में उन्हें इसका पूरा लाभ मिल रहा है।

बिलासपुर : मशरूम की खेती के लिए मिलेगा प्रशिक्षण, पंजीयन शुरू

मुख्यमंत्री कौशल विकास योजना के अंतर्गत उद्यान विभाग की ओर से मशरूम की खेती का प्रशिक्षण दिया जाएगा। इच्छुक व्यक्ति कोनी स्थित उद्यान विभाग के कार्यालय में प्रशिक्षण के लिए पंजीयन करा सकते हैं। प्रशिक्षण के इच्छुक व्यक्ति की उम्र अधिकतम 50 वर्ष, न्यूनतम शैक्षणिक योग्यता 8वीं पास होना चाहिए। प्रशिक्षण कार्यक्रम अगले दस दिवस में शुरू होने की संभावना है।

जशपुरनगर : फरसाबहार के गंझियाडीह धान खरीदी केंद्र में 115 अवैध धान जप्त 

कलेक्टर डॉ. रवि मित्तल ने अवैध धान परिवहन करने वाले कोचियों पर कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश दिए थे। सभी चेक पोस्ट पर तैनात अधिकारियों और कर्मचारियों को सचेत होकर कार्य करने के लिए कहा गया था।

जशपुरनगर : कलेक्टर ने फरसाबहार के एसडीएम और तहसील कार्यालय का किया निरीक्षण

कलेक्टर डॉ. रवि मित्तल ने आज फरसाबहार विकासखंड के एसडीएम और तहसील कार्यालय का आकस्मिक निरीक्षण किया। उन्होंने नामांतरण, रिकार्ड दुरुस्तीकरण, सीमांकन, आय, जाति, निवास और राजस्व के लंबित प्रकरणों की जानकारी ली। 

मुंगेली : संभागायुक्त ने धान उपार्जन केन्द्र जरहागांव और गुरूवाईनडबरी का किया निरीक्षण

बिलासपुर राजस्व संभाग के संभागायुक्त डॉ. संजय अलंग ने आज कलेक्टर राहुल देव के साथ मुंगेली विकासखंड के धान उपार्जन केन्द्र जरहागांव और लोरमी विकासखंड के गुरूवाईनडबरी का आकस्मिक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। 

रायगढ़ : सड़क निर्माण में लापरवाही पर एसडीओ पीडब्ल्यूडी धरमजयगढ़ और ठेकेदार को कलेक्टर ने जारी किया नोटिस

कलेक्टर रानू साहू ने सड़क निर्माण कार्य की समीक्षा बैठक ली। उन्होंने जिले में चल रहे है, विभिन्न सड़कों के निर्माण कार्यों के प्रगति की जानकारी ली व काम में तेजी लाने के निर्देश दिए। इस दौरान कलेक्टर साहू ने घरघोड़ा-लैलूंगा मार्ग के निर्माण व मरम्मत कार्य में लापरवाही बरतने के कारण अनुविभागीय अधिकारी लोक निर्माण विभाग धरमजयगढ़ एस. बरवा व संबंधित ठेकेदार मेसर्स मनोज कुमार केडिया सारंगढ़ को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। 

सुकमा : अनुपस्थित तीन शिक्षकों की एक वार्षिक वेतन वृद्धि रोकने की हुई कार्रवाई

जिला शिक्षा कार्यालय से प्राप्त जानकारी के अनुसार विकासखंड कोण्टा के प्राथमिक शाला जगाराम में कार्यरत सहायक शिक्षक चुडामणि मंडलोई का एक वेतन वृद्धि जिला शिक्षा अधिकारी की ओर से रोकी गई है। शाला मानिटरिंग के दौरान संकुल समन्वयक के द्वारा प्रेषित प्रतिवेदन अनुसार मंडलोई 12 नवम्बर से शाला में बिना किसी पूर्व सूचना के अनुपस्थित थे।

अम्बिकापुर : केंद्रीय सचिवालय सेवा के अनुभाग अधिकारियों ने कलेक्टर को सौंपी अपनी रिपोर्ट

केन्द्रीय सचिवालय के 42 अनुभाग अधिकारियों ने जिले के विलेज अटैचमेंट कम एक्सपोजर विजिट के पश्चात बुधवार को कलेक्टर श्री कुंदन कुमार को अपनी रिपोर्ट सौंपी। कलेक्टर कुंदन कुमार ने सभी अधिकारियों से परिचय प्राप्त किया। कलेक्टर ने कहा कि किसी गांव का अध्ययन करने के लिए 2 दिन का समय बहुत कम होता है। इसमें हम सारी जानकारी अच्छे से एकत्र नहीं कर पाते।

बीजापुर : कलेक्टर व एसपी ने किया अतिसंवेदनशील क्षेत्र बेचापाल एवं हुर्रेपाल का भ्रमण

जिले के सुदूर अंचलों को विकास की मुख्यधारा से जोडऩे जिला प्रशासन लगातार प्रयास कर रही है। कलेक्टर राजेन्द्र कुमार कटारा स्वयं विकास कार्यों का गहनता से परीक्षण लगातार कर रहे हैं। बेचापाल ऐसे ही एक सुदूर क्षेत्र के रूप में जाना जाता है, बिजली व सड़क सहित विभिन्न विकास कार्य बेचापाल में संचालित हो रही है।

बिलासपुर : किसान के नाम पर धान बेचते बिचौलिया रंगे हाथ पकड़ाया

कोटा विकासखंड के करगीखुर्द उपार्जन केन्द्र में किसान के नाम पर धान बेचने का प्रयास करते हुये बिचौलिया पकड़ाया गया। उससे तीन किसानों के नाम पर बेचने लाये 152 बोरी धान कट्टा जब्त कर प्रकरण दर्ज कर ली गई है। कलेक्टर सौरभकुमार के निर्देश पर कोटा एसडीएम हरिओम द्विवेदी के नेतृत्व में निरीक्षण टीम की ओर से धरपकड़ की कार्रवाई की गई।

सारंगढ़-बिलाईगढ़ : सीमावर्ती, संवेदनशील व अतिसंवेदनशील क्षेत्रों में धान खरीदी के दौरान रखें विशेष निगरानी : कलेक्टर 

कलेक्टर डॉ. फरिहा आलम ने आज जिले के सभाकक्ष में खाद्य विभाग के अधिकारियों-कर्मचारियों की समीक्षा बैठक ली। उन्होंने ओडि़शा राज्य के बरगढ़ जिले से सीमा में आने वाले धान खरीदी मंडियों पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए। 

 

 

और भी

नवसर्वेसित गांव की बदल रही तस्वीर : कलेक्टर ऋतुराज रघुवंशी ने एकडा के देवगुड़ी में लगायी चौपाल, ग्रामीणों की सुनी समस्या

 नारायणपुर (छत्तीसगढ़ दर्पण)।  कलेक्टर ऋतुराज रघुवंशी ने आज अपने सघन दौरा कार्यक्रम के तहत् नारायणपुर जिले के नवसर्वेक्षित गांव हीतुलनाड़, कातुलबेड़ा एवं एड़का पहुचे। कलेक्टर रघुवंशी को देख नवसर्वेक्षित गाँव के ग्रामीण काफी उत्साहित नजर आए, सर्वेषित होने के उपरांत विकास पहुचने लगा। कलेक्टर ने खेत मे उतरकर फसल देखी। किसान ने बताया की मिट्टी ठीक नही होने के कारण फसल ठीक नही हुआ, कलेक्टर ने तत्काल मिट्टी परीक्षण करने और फसल बीमा दिलाने की बात कही। कलेक्टर नव सर्वेक्षण उपरांत खेत में भूमि समतलीकरण, किसान क्रेडिट कार्ड, सोलर ड्यूल पंप, मुर्गी शेड, बकरी शेड देने ले निर्देश दिए। कलेक्टर रघुवंशी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि घर-घर जाकर नव सर्वेक्षित गांवों के ग्रामीणों को शासन की योजनाओं से जोड़े तथा स्वीकृत किये गये कार्यों को जल्द से जल्द पूरा करें। 

कलेक्टर ने एड़का के देवगुड़ी में लगाई चौपाल, सुनी ग्रामीणों की समस्या

 

कलेक्टर रघुवंशी ने एड़का के देवगुड़ी में आज चौपाल लगायी। इस दौरान उन्होंने गांव के सरपंच, जिला पंचायत सदस्य, गायता, पुजारी एवं ग्रामीणों के साथ बैठकर गांव के विकास हेतु चर्चा की। ग्रामीणों ने गांव में सड़क, बिजली और पानी पहुँचने की जानकारी दी। ग्रामीणों ने देवगुड़ी की भी तारीफ की। कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देशित की नवसर्वेसित गांव में किसी प्रकार की समस्या न हो, सभी समस्या का निराकरण करें। उन्होंने पानी की समस्या से निजाद दिलाने हेतु हितुलनाड गांव में शीघ्र ही बोर खनन एवं फिल्टर लगाने के निर्देश दिये। इस अवसर पर जिला पंचायत सदस्य मंगली कावड़े, जनपद पंचायत सदस्य श्री बुधराम वड्डे, जनप्रतिनिधी मंगलूराम कावड़े, सरपंच एड़का श्रीमती सुनीता मंडावी के अलावा सहायक आयुक्त आदिवासी  संजय चंदेल, उप संचालक कृषि बी एस बघेल, ई ई जलसंसाधन चौधरी, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत नारायणपुर घनश्याम जांगड़े उपस्थित थे।  

 

कलेक्टर ने हितुलनाड़ के ग्राम देवी-देवताओं का किया दर्शन

कलेक्टर  ऋतुराज रघुवंशी ने आज अपने एड़का ग्राम पंचायत के प्रवास के दौरान ग्राम हितुलनाड़ की आराध्य देवी-देवाताओं का दर्शन किया। उन्होंने कहा कि देवस्थलों का पारम्परिक स्वरूप को संरक्षित करते हुए उन्नयन का कार्य किया जाये। इस दौरान उन्होंने गांव में देवगुड़ी और गोटुल निर्माण के संबंध में ग्रामीणों से विस्तृत चर्चा की। उन्होंने कहा कि देवगुड़ी और गोटुल को आपके अनुसार ही बनाया जायेगा। आप सभी ग्रामवासी इस पर विचार बतायें। 

 

 

और भी

दिव्यांग शमशेर को मिला ट्राइसिकल, जनचौपाल में मिले 99 आवेदनों का निराकरण के निर्देश

 अम्बिकापुर (छत्तीसगढ़ दर्पण)। अम्बिकापुर के बाबूपारा निवासी दिव्यांग शमशेर खान को मंगलवार को आयोजित जनचौपाल में मोटराइज्ड ट्राइसिकल दिया गया। इस अवसर पर सीईओ जिला पंचायत विश्वदीप व नगर निगम आयुक्त  प्रतिष्ठा ममगई ने हितग्राही को ट्राइसिकल का चाबी सौंपा। जनचौपाल में 99 आवेदन प्राप्त हुए जिनका गुणवत्तापूर्ण निराकरण समय पर करने के निर्देश दिए गए।

जनदर्शन में बाबूपारा अम्बिकापुर निवासी शमशेर खान के आवेदन पर त्वरित कार्यवाही करते हुए उन्हें तत्काल मोटराइज्ड ट्राइसिकल प्रदान किया गया। जनदर्शन में दूर-दूर से आवेदक अपनी समस्या लेकर कलेक्ट्रेट पहुंचे। लोगों ने बारी-बारी से अपनी मांग तथा समस्या बताई। इसमें प्रमुख रूप से आर्थिक क्षतिपूर्ति राशि, मुआवजा, रोजगार की मांग, राशन वितरण में अव्यवस्था, अधिक बिजली का बिल की शिकायत, दिव्यांगता प्रमाण पत्र, मृत्यु प्रमाण पत्र, ईलाज के लिए सहायता राशि, आंगनबाड़ी की मांग, सीसी रोड की मांग, अपूर्ण मजदूरी भुगतान, वनाधिकार पत्र की मांग, नामांतरण, बंटवारा, नकल निकालने की समस्या, पेंशन प्रकरण, भूअर्जन के प्रकरण में मुआवजा, बेजा कब्जा, डायवर्सन तथा अन्य प्रकार के कुल 99 आवेदन प्राप्त हुए। सभी प्राप्त आवेदन पत्रों को संबंधित विभागों को भेजकर त्वरित निराकरण करने के लिए निर्देशित किया गया।

और भी

टीचर लिस्ट में खेला होबे : बंगाल में ममता-शाह ने दी शिक्षक भर्ती परीक्षा?....मेरिट लिस्ट में दीदी को 92 तो शाह को 93 नंबर मिले

 नईदिल्ली/कोलकाता (छत्तीसगढ़ दर्पण)। बंगाल के टीचर लिस्ट में खेला होबे .... जी हाँ यह चौकाने वाली जानकारी पश्चिम बंगाल में टीचर एलिजिबिलिटी टेस्ट के नतीजे की लिस्ट में सामने आई है। हैरानी की बात यह है कि इस लिस्ट में CM ममता बनर्जी, अमित शाह और पश्चिम बंगाल के नेता विपक्ष शुभेंदु अधिकारी का भी नाम है। जबकि तीनों ने न तो परीक्षा दी, न ही परीक्षा देने के लिए वे एलिजिबल हैं। यह सब तब सामने आया है, जब पश्चिम बंगाल में शिक्षक भर्ती घोटाले की जांच चल रही है। राज्य के शिक्षा मंत्री रहे पार्थ चटर्जी इस घोटाले में जेल में बंद हैं।


इस लिस्ट में ममता बनर्जी को 92 मार्क्स मिले हैं, जबकि बंगाल भाजपा नेता शुभेंदु अधिकारी ने पूरे 100 अंक हासिल किए हैं। दिलीप घोष और सुजान चक्रबर्ती को भी 92 अंक मिले हैं। इस लिस्ट में गृहमंत्री अमित शाह का भी नाम है। उन्हें 93 अंक मिले हैं। यह लिस्ट वेस्ट बंगाल बोर्ड ऑफ प्राइमरी एजुकेशन  ने जारी की है।

TET परीक्षा के नतीजे की पूरी लिस्ट जारी की गई, जिसमें  1,832 पन्नों की लिस्ट में 1 लाख 25 हजार उम्मीदवारों के नाम, उनकी कैटेगरी और स्कोर भी दिया गया है। TET मेरिट लिस्ट को लेकर आरोप लगते रहे हैं कि कई अयोग्य लोगों को नौकरी दे दी गई थी। इस लिस्ट के जारी होने के बाद बंगाल सरकार पर आरोप तेज हो गए हैं।

वकीलों के एक समूह ने कलकत्ता हाईकोर्ट के जस्टिस अभिजीत गंगोपाध्याय के सामने यह मुद्दा उठाया है। इन वकीलों ने कोर्ट से अपील की है कि यह पता लगाया जाए कि जिन बड़े नेताओं के नाम इस लिस्ट में हैं, वे परीक्षा देने वाले कैंडिडेट हैं या नहीं।

इस लिस्ट में अमित शाह का रोल नंबर 075020639 है और उनकी कैटेगरी OBC लिखी गई है। भाजपा नेता शुभेंदु अधिकारी जनरल कैटेगरी के हैं और उनका रोल नंबर 060038134 है। दिलीप घोष का रोल नंबर 165010207 है, वे OBC-B कैटेगरी के हैं।

इस सूची में बंगाल के पूर्व शिक्षा मंत्री पार्थ चटर्जी और शिक्षा बोर्ड के अध्यक्ष गौतम पाल का नाम भी है। पार्थ चटर्जी का नाम शिक्षक भर्ती घोटाले में आया था। उनकी करीबी अर्पिता मुखर्जी के घरों पर छापे में करीब 50 करोड़ कैश और गोल्ड ज्वेलरी बरामद हुई थी।
 
और भी

सफलता की कहानी : महात्मा गांधी नरेगा के सहयोग से रज्जू ने लगाए 500 अमरुद के पौधे

 बेमेतरा (छत्तीसगढ़ दर्पण)। महात्मा गांधी नरेगा अंतर्गत बहुत से ऐसे कार्य हैं, जिनकी प्रत्यक्ष व अप्रत्यक्ष रूप से लाभ स्पष्ट परिलक्षित होता है योजना के महत्वपूर्ण उद्देश्यों की पूर्ति के लिए जिला बेमेतरा में महात्मा गांधी नरेगा अंतर्गत विभिन्न प्रकार के कार्य कराए जा रहे हैं। 

इसी क्रम में जनपद पंचायत साजा क्षेत्र के ग्राम पंचायत करमू के आश्रित ग्राम तोरण में हितग्राही रज्जू पिता रामजी की ओर से अपने व्यक्तिगत भूमि पर वित्तीय वर्ष 2020-21 में फलदार पौधे का रोपण किया गया था। जिसका स्पष्ट परिणाम वर्तमान में परिलक्षित हो रहा है। हितग्राही के लगभग एक एकड़ भूमि में 500 अमरूद के पौधे रोपित किए गए थे, जो कि लगभग 2 साल में फलों से लदा हुआ है। हितग्राही रज्जू की ओर से बताया गया कि इस वर्ष फलों से लगभग एक से डेढ़ लाख रुपए का सीधे तौर पर लाभ उनको होगा। योजना का उद्देश्य ना केवल लोगों को रोजगार उपलब्ध कराना है, वरन उससे लोगों को आर्थिक रूप से सशक्त करना है, जिससे ना केवल वह खुद की आर्थिक स्थिति मजबूत कर सके और अन्य लोगों को भी रोजगार दे सके। किसान रज्जू द्वारा उक्त भूमि पर पूर्व में सब्जी आदि की खेती की जा रही थी, परंतु महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना अंतर्गत जनपद पंचायत साजा से पौधरोपण कराये जाने की जानकारी प्राप्त होने पर उनके द्वारा परंपरागत खेती से हटकर कुछ नया प्रयोग करने के लिए मन बनाया, जिसका लाभ उनको अब होने लगा है। 

इस कार्य से ना केवल हितग्राही को सीधे तौर पर लाभ हो रहा है बल्कि गांव के कुछ अन्य श्रमिकों को भी इससे रोजगार उपलब्ध हो रहे हैं। जनपद पंचायत साजा के मुख्य कार्यपालन अधिकारी व कार्यक्रम अधिकारी की ओर स बताया गया कि लोग ऐसे कार्यों का अनुसरण जरूर करें व परंपरागत खेती के अलावा महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना के माध्यम से अन्य प्रकार की खेती को भी बढ़ावा दे सकते हैं। जिसमें प्रमुख रूप से मूनगा, नींबू, आम, जामुन, अमरूद आदि का वृक्षारोपण व मत्स्य पालन के साथ-साथ पशुपालन प्रमुख रूप से शामिल है। परियोजना अधिकारी की ओर से अधिक से अधिक ग्रामीण परिवारों को इन कार्यों से जुडऩे के लिए अपील की गई, साथ ही जल संरक्षण के कार्यों को प्राथमिकता से कराए जाने के लिए व्यक्तिगत जमीन पर निजी डबरी का निर्माण कर संरक्षित जल से सिंचाई के साथ-साथ मत्स्य पालन कर दोहरे लाभ लेने की समझाइश दी गई। योजनांतर्गत उक्त सभी कार्य नि:शुल्क रूप से पात्र ग्रामीण हितग्राहियों को प्रदाय किया जा रहा है। योजना की विस्तृत जानकारी के लिए हितग्राही संबंधित ग्राम पंचायत अथवा जनपद पंचायत साजा में संपर्क कर सकते हैं। वर्तमान में जहां किसान परंपरागत खेती से हटकर दूसरी प्रकार की खेती करने से घबराते हैं, वहीं रज्जू की ओर से अपने जमीन पर पौधरोपण का कार्य कराया जाना एक सकारात्मक उदाहरण है।

और भी