छत्तीसगढ़ - Newsportal | Chhattisgarh Darpan Media Group

छत्तीसगढ़

मछलीपालन से बढ़ी आमदनी, सपने हो रहे पूरे

 रायपुर (छत्तीसगढ़ दर्पण)। छत्तीसगढ़ में नयी सरकार के गठन के बाद जनकल्याणकारी नीतियों ने आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के लिए भी आमदनी बढ़ाने नए द्वार खोल दिए हैं। इसकी बानगी जांजगीर-चाम्पा जिले के बम्हनीडीह विकासखंड अंतर्गत ग्राम अफरीद के किसान परिवार में देखने को मिल रही है।  

यहां किसान रमेश कुमार श्रीवास ने परम्परागत खेती के इतर मछली पालन में संभावनाएं तलाशी और उम्मीद के मुताबिक सफलता भी पायी। मछलीपालन से आर्थिक समृद्धि की ओर कदम बढ़ाकर यह किसान परिवार अपनी दैनिक जरूरतों के अलावा दूसरी भौतिक सुविधाओं के सपने को भी पूरा कर रहा है।

राज्य में मत्स्यपालन को दिया गया है कृषि का दर्जा

        गौरतलब है कि राज्य में नई सरकार ने मत्स्य पालन को कृषि का दर्जा दिया है। मछली पालन के क्षेत्र में बेहतर संभावनाओं को ध्यान में रखते हुए किसानों और ग्रामीणों को मत्स्य पालन को प्रोत्साहित किया जा रहा है। इससे प्रदेश के कई हिस्सों में छोटे और मझोले किसान धान और गेंहू जैसी परम्परागत खेती के अलावा मछली पालन जैसे उपाय अपना रहे हैं। राज्य के साथ बाहरी राज्यों में अच्छा बाजार मिलने के कारण इन किसानों को बेहतर आमदनी भी हो रही है। 

कलेक्टर तारन प्रकाश सिन्हा के निर्देशन में जांजगीर-चांपा जिले में गौठान परिसर और उसके समीप तालाब, डबरी का निर्माण महात्मा गांधी नरेगा के माध्यम से कराया गया है। इन तालाबों, डबरियों से ग्रामीणों को रोजगार के अवसर मिले इसके लिए मछली पालन करने वाले समूहों को चयनित कर मछली बीज संचयन का कार्य किया जा रहा है। इससे महिलाओं, युवाओं, ग्रामीणों को स्वावलंबन के साथ आय वृद्धि का नया जरिया मिला है।

       उल्लेखनीय है कि जांजगीर-चाम्पा कृषि प्रधान जिला है। यहां सर्वाधिक धान की पैदावार होती है। जिले में सर्वाधिक तालाब, डबरियां भी हैं, जिनका उपयोग करते हुए मछुवारा समितियों और स्व-सहायता समूहों को मछलीपालन के क्षेत्र में आगे बढ़ाया जा रहा है। इसी कड़ी में जिले के बम्हनीडीह विकासखंड अंतर्गत ग्राम अफरीद के किसान श्री रमेश कुमार श्रीवास मछली पालन कर अपनी आर्थिक स्थिति को सुधार करने का प्रयास कर रहे हैं। वे बताते हैं कि बिलासपुर जाते समय ग्राम अर्जुनी विकासखंड अकलतरा स्थित  सुखदेव मण्डल के तालाबों में किये जा रहे मत्स्य पालन और उससे होने वाली आय से प्रभावित होकर उनमें भी मछली पालन करने की इच्छा जागृत हुई। 

इसके बाद उन्होंने श्री मंडल से तकनीकी जानकारी ली और विकासखंड के मत्स्य निरीक्षक से सम्पर्क किया। उन्होंने प्रधानमंत्री मत्स्य सम्पदा योजना अंतर्गत वर्ष 2021-22 में अपनी स्वयं की 0.953 हेक्टेयर भूमि में तालाब निर्माण कराया। मत्स्य विभाग द्वारा उनको दो लाख 66 हजार रुपये अनुदान दिया गया एवं इनपुट की राशि एक लाख 53 हजार सहित कुल राशि चार लाख 19 हजार रुपये प्रदाय की गई।

लगभग 4 लाख का शुद्ध लाभ : 

रमेश द्वारा कम्पोजिट कल्चर पद्धति के तहत मिश्रित मेजर कार्य (रोहु, कतला, मृगल) ग्रास कार्प, पंगेशियस कुल 12000 मत्स्य बीज का संचयन किया गया है। वे वैज्ञानिक पद्धति से मत्स्य आहार (प्लेक्टाँन) भी अपने तालाबों में ही तैयार करते हैं। सिर्फ फ्लोटिंग फीड बाजार से खरीदते हैं। विगत 5 माह के दौरान तालाब में मछलियों का साइज औसतन लगभग 500-600 ग्राम हो गया है। मार्च-अप्रैल माह आने मछलियों का वजन औसतन एक किलोग्राम हो जाने के बाद लगभग 12,000 किलोग्राम उत्पादन अनुमानित है। इससे 110 रुपये प्रति किलोग्राम की दर से लगभग 13 लाख रुपये का उत्पादन होगा। उन्होंने बताया गया कि प्रति किलोग्राम मछली में 80 रुपये लागत की आधार पर उन्हें 3.80 लाख रूपए के शुद्ध आय का अनुमान है। आय का नया जरिया देने और उनके हौसले को सहयोग से आगे बढ़ाने का श्रेय वे छत्तीसगढ़ सरकार को दे रहे हैं।

और भी

भानुप्रतापपुर उपचुनाव : एक्जिट पोल 5 दिसम्बर शाम साढ़े छह बजे तक प्रतिबंधित

भारत निर्वाचन आयोग ने जारी की अधिसूचना

 रायपुर (छत्तीसगढ़ दर्पण)। भारत निर्वाचन आयोग ने हिमाचल प्रदेश और गुजरात में विधानसभा के आम निर्वाचन तथा देश के कई राज्यों में विभिन्न उप निर्वाचनों के मद्देनजर एग्जिट पोल करने एवं इसके परिणामों के प्रकाशन व प्रसारण को 5 दिसम्बर, अपराह्न 06.30 बजे तक प्रतिबंधित किया है। भारत निर्वाचन आयोग द्वारा इस संबंध में अधिसूचना जारी की गई है। छत्तीसगढ़ में भानुप्रतापपुर विधानसभा उप निर्वाचन के लिए 5 दिसम्बर को मतदान होना है।

भारत निर्वाचन आयोग ने लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम, 1951 के प्रावधानों के तहत एक्जिट पोल एवं इसके परिणामों के प्रकाशन और प्रसारण पर प्रतिबंध लगाया है। अधिनियम में यह निर्दिष्ट किया गया है कि कोई भी व्यक्ति कोई निर्गम मत सर्वेक्षण (Exit Poll Survey) नहीं करेगा और किसी निर्गम मत सर्वेक्षण के परिणाम का, ऐसी अवधि के दौरान जो निर्वाचन आयोग द्वारा इस संबंध में अधिसूचित की जाए, प्रिंट या इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के माध्यम से प्रकाशन या प्रचार या किसी भी प्रकार की अन्य रीति में प्रसार नहीं करेगा। साधारण निर्वाचन की दशा में यह अवधि मतदान के पहले दिन को मतदान के लिए नियत समय के आरंभ होने से प्रारंभ हो सकेगी और सभी राज्यों और संघ राज्य क्षेत्रों में मतदान समाप्त होने के आधे घंटे तक जारी रह सकेगी।

किसी उप निर्वाचन या एक साथ कराए जाने वाले अनेक उप निर्वाचनों की दशा में यह अवधि मतदान के पहले दिन से ही मतदान के लिए नियत समय के आरंभ होने से प्रारंभ हो सकेगी और मतदान समाप्त होने के पश्चात आधे घंटे तक जारी रह सकेगी। परंतु भिन्न-भिन्न दिनों में एक साथ कराए जाने वाले अनेक उप निर्वाचनों की दशा में यह अवधि मतदान के पहले दिन को मतदान के लिए नियत समय के आरंभ होने से प्रारंभ हो सकेगी और अंतिम मतदान समाप्त होने के पश्चात आधे घंटे तक जारी रह सकेगी। इस प्रतिबंध का उल्लंघन ऐसी अवधि के कारावास से, जो दो वर्ष तक की हो सकेगी या जुर्माने से या दोनों से, दंडनीय होगा।

आयोग ने पूर्व में हिमाचल प्रदेश और गुजरात की विधानसभाओं के वर्तमान साधारण निर्वाचनों के संबंध में 12 नवम्बर, पूर्वाह्न 8 बजे से 5 दिसम्बर, अपराह्न 5.30 बजे तक की अवधि को ऐसी अवधि के रूप में अधिसूचित किया था जिसमें किसी भी प्रकार के एग्जिट पोल का आयोजन करने तथा प्रिंट या इलेक्ट्रॉनिक मीडिया द्वारा इसके परिणाम के प्रकाशन या प्रचार अथवा किसी भी अन्य तरीके से उसका प्रचार-प्रसार करना प्रतिबंधित था। आयोग ने कई राज्यों में हो रहे विभिन्न उप निर्वाचनों के मद्देनजर इस संबंध में पूर्व में जारी अधिसूचना को अधिक्रमित करते हुए एग्जिट पोल और उसके परिणामों पर प्रतिबंध की अवधि को अब 5 दिसम्बर, अपराह्न 06.30 बजे तक प्रतिबंधित अवधि के रूप में अधिसूचित किया है।

भारत निर्वाचन आयोग ने यह भी स्पष्ट किया है कि हिमाचल प्रदेश और गुजरात की विधानसभाओं के साधारण निर्वाचनों एवं विभिन्न राज्यों में उप निर्वाचन से संबंधित मतदान क्षेत्रों में मतदान की समाप्ति के लिए नियत समय पर समाप्त होने वाले 48 घंटों के दौरान किसी भी इलेक्ट्रानिक मीडिया में किसी भी ओपिनियन पोल या किसी अन्य मतदान सर्वेक्षण के परिणामों सहित किसी भी प्रकार के निर्वाचन संबंधी मामले के प्रदर्शन पर प्रतिबंध होगा।

 

 

और भी

एक बार फिर हुई कवर्धा को अशांत करने की साजिश : कांग्रेस

 कवर्धा (छत्तीसगढ़ दर्पण)। कांग्रेस पार्टी ने भाजपा पर कवर्धा को अशांत करने की साजिश करने का आरोप लगाया है। कांग्रेस ने कहा है कि प्रदेश में मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के नेतृत्व में हो रहे विकास के कारण भाजपा मुद्दा विहीन है इसलिए जगह-जगह सांप्रदायिक माहौल फैलाने का प्रयास कर रही है। कवर्धा व कबीरधाम जिले में भाजपा की राजनैतिक जमीन खिसक चुकी है इस कारण भाजपा बौखलायी हुई है तथा सांप्रदायिकता फैलाकर हिंसा फैलाने में लगी है। यहॉ की जनता सारी चीजों को देख रही है इसलिए भाजपा के षड़यंत्र सफल नहीं होंगे।

कांग्रेस ने यह आरोप आज यहॉ एक प्रेस कांफ्रेस आयोजित कर लगाया। प्रेस कांफ्रेस में पार्टी के सभी प्रमुख पदाधिकारी व नेतागण उपस्थित थे। भाजपा व उसके सहयोगी संगठनों द्वारा आज कवर्धा नगर बंद का आव्हान करके जुलूस निकालकर दुकानों को बंद कराया गया। इस दौरान भाजपा, विश्व हिन्दु परिषद सहित अन्य संगठनों के कार्यकर्ता कांग्रेस भवन पहुॅच गये तथा आपत्तिजनक नारेबाजी कर वहां घुसने का प्रयास करने लगे। इसे लेकर भाजपा व कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच वाद-विवाद की स्थिति बन गई। पुलिस ने बड़ी मुश्किल से जुलूस में शामिल लोगों को वहॉ से हटाया। भाजपा व विहिप के इस कदम के बाद कांग्रेस पार्टी ने भाजपा के खिलाफ कड़ा रूख अपना लिया है।

मोहम्मद अकबर के खिलाफ भाजपा का दुष्प्रचार : नीलू
प्रेस कांफ्रेस में कबीरधाम जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष नीलू चंद्रवंशी ने कहा कि 19 नवम्बर को 2 लोगों के व्यक्तिगत विवाद को सांप्रदायिक रूप देने का भाजपा द्वारा प्रयास किया जा रहा है। प्रकाश साहू की रिपोर्ट पर 3 आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। यह मामला वहीं समाप्त हो जाता है, लेकिन भाजपा इसे सांप्रदायिक रूप देने का प्रयास कर रही है। कवर्धा के विधायक मोहम्मद अकबर अपनी कार्यशैली के कारण विकास पुरूष के रूप में जाने जाते हैं। भाजपा उनके खिलाफ दुष्प्रचार करने में लगे रहती है। आज 20 नवम्बर को नगर बंद का आव्हान कर भाजपा, विहिप व अन्य संगठनों के लोगों ने जुलूस निकालकर न केवल व्यापारियों को दबाव डालकर दुकानें बंद करायी बल्कि जुलूस में शामिल लोग कांग्रेस भवन आ गये तथा गाली-गलौच वाले शब्दों का प्रयोग करके आपत्तिजनक नारेबाजी किए। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने शालीनता के साथ इसका विरोध किया। भाजपा ने जो किया वह सरासर गुंडागर्दी है जिसका कांग्रेस पार्टी कड़ा विरोध करती है।

60 हजार वोट से हार भाजपा को हजम नहीं हो रही है : कन्हैया
प्रेस कांफ्रेस में उपस्थित छग राज्य अक्षय ऊर्जा विकास अभिकरण (क्रेडा) के सदस्य कन्हैया अग्रवाल ने कहा कि कवर्धा शांति का टापू है। यहॉ सभी धर्मों व जाति के लोग आपस में मिल-जूलकर रहते हैं। 2 लोगों के बीच हुए व्यक्तिगत विवाद की जानकारी होते ही पुलिस प्रशासन ने आरोपियों पर कड़ी कार्यवाही करी, लेकिन भाजपा सरेआम गुंडागर्दी पर उतर आई है। नगर में बलात्, दुकाने बंद करायी गई इस तरह का रवैया अपनाकर भाजपा आखिर करना क्या चाहती है। कन्हैया अग्रवाल ने कहा कि 2018 की विधानसभा चुनाव में मतदाताओं ने कांग्रेस के प्रत्याशी मोहम्मद अकबर को भरपूर आशीर्वाद देकर 60 हजार वोट से विजयी बनाया। इसके बाद से पूरी की पूरी भाजपा बौखलायी हुई है। कोरोना काल में बिगड़ी अर्थव्यवस्था से सभी लोग ले देकर उबरे है। कन्हैया अग्रवाल ने नगर बंद करा रहे भाजपा विहिप का जुलूस कांग्रेस भवन तक लाने के लिए कड़ी आलोचना की। उन्होंने कहा कि उन्होंने अपने 40 वर्षों से अधिक कार्यकाल में इस तरह की गुंडागर्दी नहीं देखने की बात कही। उन्होंने कहा कि वे भाजपा के हिंसा फैलाने के रवैये की कड़ी भर्त्तसना करते है।

भाजपा ने जबरदस्ती दुकानें बंद करायी : राजू तिवारी
कबीरधाम जिला कांग्रेस कमेटी के प्रवक्ता राजकुमार(राजू) तिवारी ने कहा कि सड़क निर्माण में गिट्टी रखने को लेकर एक स्थान पर वर्षों से अपना धंधा चलाने वाले 02 लोगों के बीच विवाद हुआ। एफ.आई.आर. होने पर त्वरित कार्यवाही की गई। इसके बावजूद भाजपा, विहिप आदि ने नगर बंद का आव्हान कर बगैर अनुमति जुलूस निकाला। लाउडस्पीकर में चिल्ला -चिल्लाकर व्यापारियों से दुकानें बंद करायी। आज नगर में जो सारी अव्यवस्था फैली उससे लोगों को परेशानी हुई है। आज लोग न ही कही आ पाये और न ही कहीं जा पायें। इस सारी परिस्थिति के लिए भाजपा ही जिम्मेदार है।

नगर बंद को साहू समाज का समर्थन नहीं : नीलकंठ
साहू समाज के नेता व कवर्धा कृषि उपज मंडी समिति के अध्यक्ष नीलकंठ साहू ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी कवर्धा के लोकप्रिय विधायक मोहम्मद अकबर की छवि धुमिल करने के प्रायस में दिनरात लगे रहती है। विवाद की घटना के बाद जिन लोगों के नाम एफ.आई.आर. में लिखवाये गये थे उन्हें गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। पुलिस प्रशासन ने सराहनीय कार्यवाही की है। लेकिन यह भाजपा, विहिप को रास  नहीं आ रहा है। साहू संघ बोड़ला ने नगर बंद की आव्हान का समर्थन नहीं किया इसलिए नगर बंद के आव्हान को समग्र साहू समाज का समर्थन मिलने की बात सही नहीं है। उनके द्वारा कवर्धा के विधायक की छवि को खराब करने का प्रयास किया जा रहा है। इसकी वही कड़ी निन्दा करते है।

 इस अवसर पर उपस्थित नगर पालिका परिषद अध्यक्ष ऋषि शर्मा ने बताया कि भाजपा, विहिप की जुलूस में शामिल लोगों में जिस तरह कांग्रेस भवन आकर गाली-गलौच किया, आपत्ति जनक नारे लगाये तथा कांग्रेस भवन के कार्यालय में घुसने की कोशिश की वह निंदनीय है। इसके एफ.आई.आर. करायी जायेगी।

इस अवसर पर प्रमुख रूप से कवर्धा ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष होरीराम साहू, सहसपुर लोहारा ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष रामचरण पटेल, नगर पंचायत पिपरिया अध्यक्ष महेन्द्र कुम्भकार, बोड़ला नगर पंचायत अध्यक्ष सावित्री साहू, बोड़ला ब्लॉक कांगेस कमेटी अध्यक्ष पीताम्बर वर्मा, नगर पंचायत पांडातराई अध्यक्ष फिरोज खान, पांडातराई के भीषण तिवारी, कवर्धा कृषि उपज मंडी उपाध्यक्ष चोवा साहू, कवर्धा जनपद सदस्य पंचू कोसरिया, कवर्धा के पार्षदगण अशोक सिंह, भीखम कोशले, सुनील साहू, संतोष यादव, विकास केशरी, एल्डरमेन गुड्डू कौशिक तथा गनपत गुप्ता, कलीम खान, कुलेश चंद्रवंशी, बलदाउ चंद्रवंशी,  पिछड़ा वर्ग संगठन की नेता पूर्णिमा चंद्राकर आदि कांग्रेसजन उपस्थित थे।

और भी

बड़ी खबर : कांग्रेस ने भाजपा प्रत्याशी पर लगाया संगीन आरोप, प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा...

 रायपुर (छत्तीसगढ़ दर्पण)। छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने भानुप्रतापपुर विधानसभा उपचुनाव के लिए भाजपा प्रत्याशी ब्रह्मानंद नेताम पर संगीन आरोप लगाए हैं।कांकेर में रविवार को कांग्रेस ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बड़ा खुलासा करते हुए भाजपा प्रत्याशी पर बलात्कार जैसे गंभीर आरोप लगाए हैं। दरअसल यह मामला झारखंड के जमशेदपुर जिला के थाना टेल्को का है, जहां क्रमांक 84 /2019 को 15 मई 2019 को 366ए, 376,376(3) 376डीबी 120 बी भादवि 4,6 पास्को एक्ट एवं 4,5,6,7, 9 अनैतिक देह व्यापार निवारण अधिनियम दर्ज है। कांग्रेस के इस बड़े खुलासे से भानुप्रतापपुर उपचुनाव में भाजपा को बहुत बड़ा असर पड़ सकता है। ब्रह्मानंद नेताम पर झारखंड के जमशेदपुर के थाना बेल को अंतर्गत एक 15 साल की बच्ची के साथ बलात्कार और देह व्यापार में धकेलने जैसे गंभीर आरोप हैं।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष मोहन मरकाम ने रविवार को कांकेर में प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित कर भाजपा प्रत्याशी ब्रह्मानंद नेताम पर बड़ा आरोप लगाया है। प्रेस वार्ता कर भाजपा प्रत्याशी ब्रहमानन्द नेताम को झारखंड में पाक्सो एक्ट का आरोपी बताया है साथ ही नामाकन फार्म में जानकारी छुपाने का आरोप लगाया है। ब्रह्मानंद नेताम का कहना है जमशेदपुर के टेलको थाने में मामला दर्ज है। आगे प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष मोहन मरकाम ने कहा है कि भानुप्रतापपुर उपचुनाव कांग्रेस पार्टी की उम्मीदवार सावित्री मंडावी ही जीतेंगी।

कांग्रेस ने दिवंगत मनोज मंडावी की पत्नी सावित्री मंडावी को पार्टी का उम्मीदवार बनाया है। मोहन मरकाम ने कहा कि सावित्री मंडावी उच्च शिक्षित और संवेदनशील महिला हैं। वे मनोज मंडावी के जनकल्याणकारी कार्यों में उनकी सक्रिय भागीदार रही हैं। मोहन मरकाम ने कहा है कि भानुप्रतापपुर की जनता अपने विधायक को श्रद्धांजलि स्वरूप सावित्री मंडावी के पक्ष में ही मतदान करेगी। भानुप्रतापपुर का एक-एक कांग्रेस कार्यकर्ता कांग्रेस उम्मीदवार के पक्ष में मतदान करवाने के लिये सक्रिय हो चुका है। सरकार के 4 साल के काम ही हमारी जीत का आधार बनेगी।

मरकाम ने प्रेसवार्ता में मीडिया से कहा कि झारखंड के जमशेदपुर में एक 15 वर्षीय नाबालिग लड़की के साथ दुष्कर्म में भाजपा प्रत्याशी के शामिल होने का आरोप है। दुष्कर्म के आरोपी को भाजपा ने प्रत्याशी बनाया है. मोहन मरकाम ने कहा कि राज्य निर्वाचन आयोग से ब्रम्हानंद नेताम से आपराधिक जानकारी छुपाई है। झांरखण्ड के मुख्यमंत्री से शिकायत कर गिरफ्तारी की मांग की जाएगी। राज्य निर्वाचन आयोग से भी शिकायत की जाएगी. तत्काल नामांकन निरस्त करने की मांग की।

मरकाम ने कहा कि 5 आरोपियों के खिलाफ अपराध दर्ज है, जिसमें ब्रम्हानंद नेताम का नाम भी शामिल है। ब्रम्हानंद नेताम बलात्कार, देह व्यापार, पॉक्सो एक्ट के आरोपी हैं। आपराधिक जानकारी छुपाई है। चालान में अपराधी घोषित हैं। जमशेदपुर में बलात्कार और देह व्यापार में धकेले जाने में एक हैं। मोहन मरकाम ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी अपने आप को चरित्रवान कहती है। शेष आरोपियों की गिरफ्तारी बाकी है. ब्रम्हानंद भी जेल जाने के कगार में हैं। मामले की जांच के दौरान शीतल निवासी सरदानी दरबार, सुरेंद्र कुमार सिंह को भी मई में गिरफ्तार किया गया था। इन सबका भाजपा प्रत्याशी ब्रम्हानंद नेताम ने अपने नाम निर्देशन पत्र में उल्लेख नहीं किया है।

ये धाराएं दर्ज
मरकाम के मुताबिक इस संबंध में जिला जमशेदपुर के थाना टेल्को में अपराध कमांक 84 / 2019 धारा दिनांक 15.06.2019 धारा 366 ए, 376, 376(3), 376 डी बी 120 बी भादवि 4.6 पॉक्सो एक्ट एवं 4,5,6,7,9 अनैतिक देह व्यापार निवारण अधिनियम दर्ज है।

और भी

कांग्रेस की पीसी के बाद भूपेश ने भाजपा पर साधा निशाना, कहा- किसके कहने पर...

 रायपुर (छत्तीसगढ़ दर्पण)। भानुप्रतापपुर उपचुनाव से पहले ही सियासी धमसान मच गया है। रविवार को पीसीसी चीफ मोहन मरकाम ने पत्रकारवार्ता आयोजित कर भाजपा के प्रत्याशी पर नाबालिग से बलात्कार और देह व्यापार में धकेले जाने का आरोप लगाया है। उन्होंने बकायदा इसके सबूत भी प्रस्तुत किये। इसके बाद राजनीति तेज हो गई है। मुख्यमंत्री बघेल ने भाजपा पर निशाना साधते हुए ट्वीट किया है। उन्होंने अपने ट्विटर हैंडल पर लिखा- '15 साल की बच्ची के बलात्कार और देह व्यापार में धकेले जाने के मामले के एक अभियुक्त ब्रह्मानंद नेताम को #भाजपा ने भानुप्रतापपुर विधानसभा उपचुनाव में प्रत्याशी बनाया है। भाजपा प्रत्याशी ने झारखंड में पॉक्सो एक्ट में दर्ज अपराध को निर्वाचन शपथ पत्र में किसके कहने पर छुपाया?'


जमशेदपुर के टेल्को थाने में केस

भाजपा के भानुप्रतापपुर उपचुनाव के भाजपा प्रत्याशी ब्रम्हानंद नेताम पर बलात्कार, सामुहिक बलात्कार, नाबालिक का देह शोषण, अनैतिक देह व्यापार में धकेलने का आरोप है। झारखंड के जमशेदपुर जिले के टेल्को थाने में दर्ज है। 15 -5-2019 को केस दर्ज हुआ, तब झारखंड में भाजपा की रघुवर दास की सरकार थी।
और भी

मछुआरा सम्मेलन 21 को, मुख्यमंत्री बघेल होंगे शामिल

 रायपुर (छत्तीसगढ़ दर्पण)। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के मुख्य आतिथ्य में विश्व मात्सिकी दिवस के अवसर पर 21 नवम्बर को राज्य स्तरीय मछुआरा सम्मेलन का आयोजन  पूर्वान्ह 11.30 बजे से पंडित दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम रायपुर में होगा। इस अवसर पर कार्यक्रम की अध्यक्षता कृषि एवं जल संसाधन मंत्री रविन्द्र चौबे करेंगे। मछुआरा सम्मेलन में प्रदेश के विभिन्न अंचलों के उत्कृष्ट मत्स्य पालकों, मछुआ सहकारी समिति एवं मछुआ समूहों के सदस्य शामिल होंगे।

इस अवसर पर स्कूल शिक्षा मंत्री डॉ. प्रेमसाय सिंह टेकाम, संसदीय सचिव विकास उपाध्याय, कुवंरसिंह निषाद एवं शकुन्तला साहू, विधायक धरसींवा श्रीमती अनिता योगेन्द्र शर्मा, महापौर एजाज ढेबर, मछुआ कल्याण बोर्ड के अध्यक्ष एम.आर. निषाद, अध्यक्ष खनिज विकास बोर्ड गिरीश देवांगन, उपाध्यक्ष मछुआ कल्याण बोर्ड राजेन्द्र धीवर, सदस्य जिला पंचायत रायपुर हरिशंकर निषाद, सभापति नगरपालिक निगम बिरगांव कृपाराम निषाद, श्रीमती गायत्री कैवर्त, सुरेश कुमार धीवर, देवव्रत आदित्य, भुवनलाल अवसरिया, संतोष मल्लाह, मोहन लाल निषाद, मछुआ कल्याण बोर्ड के सदस्य दिनेश फूटान, देवकुमार निषाद, आर.एन.निषाद, श्रीमती अमृता निषाद, प्रभु मल्लाह, विजय धीवर कार्यक्रम में विशिष्ठ अतिथि होंगे।

छत्तीसगढ़ का देश में छठवां स्थान
छत्तीसगढ़ राज्य मत्स्य उत्पादन एवं मत्स्य बीज उत्पादन के क्षेत्र में निरंतर नई उंचाईयों की ओर अग्रसर है। लैण्डलॉक प्रदेश होने के बावजूद भी इस मामले में राज्य देश में छठवें स्थान पर है। राज्य में अब तक 6843 हेक्टेयर नवीन तालाबों का निर्माण कर राज्य का जलक्षेत्र 1.96 लाख हेक्टेयर तक विकसित कर लिया गया है। छत्तीसगढ़ राज्य 302 करोड़ मत्स्य बीज (स्टैण्डर्ड फ्राई) का उत्पादन और 5.91 लाख मीट्रिक टन, मछली का उत्पादन करके देश में छठवें स्थान पर है।

छत्तीसगढ़ से मछली एवं मछली बीज का निर्यात अन्य राज्यों को किया जा रहा है। उपभोक्ताओं तक ताजी मछली के विपणन हेतु विगत 3 वर्षों में राज्य के मछुओं को 3303 मोटर सायकल सह आइस बाक्स, जीवित मछलियों के परिवहन के लिए 10 पिकअप वाहन, एवं 03 वातानुकूलित वाहन उपलब्ध कराये गये हैं। राज्य के मछुआरों को तकनीकी रूप से सशक्त करने के लिए विभाग की शिक्षण-प्रशिक्षण योजना के तहत् प्रति वर्ष राज्य के लगभग 17 हजार मछुआरों को प्रशिक्षण देकर तकनीकी रूप से उन्नत किया गया है।

राज्य में मत्स्य कृषक केज कल्चर, आर.ए.एस., बायो-फ्लॉक जैसी नवीन तकनीक को अपना कर राज्य में मत्स्य विकास में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। राज्य में अब तक 19 जलाशयों एवं 02 खदानों में 4021 केज की स्थापना की गई है। इसी प्रकार 06 आर.ए.एस. और 165 बायोफ्लॉक इकाईयां स्थापित की गई है, जो पंगेसियस, मोनोसेक्स तिलापिया के साथ-साथ विलुप्त हो रही आर्थिक महत्व की अन्य महत्वपूर्ण मछलियों जैसे देशी मोंगरी, सिंधी, पाबदा जैसी मछलियों के पालन व उत्पादन में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। राज्य में गुणवत्तापूर्ण पर्याप्त मत्स्य बीज की उपलब्धता में वृद्धि के लिए नवीन मत्स्य बीज हेचरियों की स्थापना को बढ़ावा दिया जा रहा है। राज्य में मत्स्य आहार की सहज उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए मत्स्य आहार संयंत्र की स्थापना को प्रोत्साहित किया जा रहा है। विगत वर्षों में उच्च क्षमता की 02 एवं मध्यम क्षमता की 04 फीड मिल की स्थापना की जा चुकी है।

मछुआरों के परिजनों की आर्थिक सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए समूह दुर्घटना बीमा योजना के तहत् राज्य के 2.21 लाख मछुआरों का बीमित किया गया है। बीमित मछुआरा की दुर्घटनावश मृत्यु हो जाने पर नामित वारिस को राशि रूपये 5 लाख एवं स्थाई विकलांगता की स्थिति में रूपये 2.50 लाख की आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जाती है ताकि संकट की घड़ी में परिजनों को आजीविका की समस्या से न जूझना पडे़।

कबीरधाम जिले में स्व. पुनाराम निषाद मात्स्यिकी महाविद्यालय की स्थापना की गई है। नवीन मात्स्यिकी पॉलीटेक्निक कालेज राजपुर की स्थापना विकासखंड धमधा जिला दुर्ग में की गई है। राज्य में मात्स्यिकी के क्षेत्र में अनुसंधान, प्रशिक्षण तथा उन्नत प्रजातियों की मछलियों के विकास के लिए ब्रूड बैंक एवं अनुसंधान इकाई की स्थापना ग्राम अकोली जिला बेमेतरा में की जा रही है। छत्तीसगढ़ में मछलीपालन कार्य को कृषि का दर्जा देकर राज्य के मधुओं, मत्स्य उत्पादकों को बड़ी राहत दी गई है। जिससे मछुआरों को भी कृषि के समान विद्युत दर, सिंचाई दर एवं संस्थागत ऋण सहायता कम दर पर प्राप्त हो रही हैं, जिससे उत्पादन लागत में कमी आई है।

और भी

भानुप्रतापपुर में भाजपा मुद्दाविहीन : मरकाम

 रायपुर (छत्तीसगढ़ दर्पण)। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष मोहन मरकाम ने कहा कि भानुप्रतापपुर में भाजपा मुद्दाविहीन है। इसके विपरीत कांग्रेस के पास अपनी सरकार के 4 सालों के काम की लंबी फेहरिस्त है। जनता, कांग्रेस सरकार बनाम भाजपा के 15 साल की तुलना कर रही है। भाजपा ने 2003 में आदिवासियों को 10 लीटर दूध वाली गाय देने का वायदा किया था, हर आदिवासी परिवार से एक को सरकारी नौकरी का वायदा किया था, पूरा नहीं किया। कांग्रेस सरकार ने आदिवासियों से किए वादों को पूरा किया। तीन साल में आदिवासी वर्ग के हित के लिए अनेक जनकल्याणकारी योजना बनाई गई। आदिवासियों के शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार, जल, जंगल, जमीन, उनके कानूनी अधिकारों के लिए काम किया गया है।


पूर्व की रमन सरकार के दौरान सबसे ज्यादा पीड़ित, प्रताड़ित और शोषित आदिवासी वर्ग था। आदिवासियों के जल, जंगल, जमीन पर कब्जा करने के लिए उनके कानूनी अधिकारों का हनन किया गया। आदिवासी वर्ग के शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार, उनके मूलभूत जरूरतों को पूरा करने के लिए किसी प्रकार से काम नहीं किया गया था। कांग्रेस की सरकार ने आदिवासी वर्ग के चहुमुखी विकास के लिए रोजगार मूलक योजनाएं बनाई। बस्तर क्षेत्र में आदिवासी के वर्ग शिक्षा के लिए 300 से अधिक बंद स्कूलों को खोला गया। नक्सलवाद को खत्म करने के लिए विश्वास, विकास और सुरक्षा के नीतियों के तहत काम किया गया। रमन सरकार के दौरान दस गांवों के 1707 आदिवासी परिवार से छीनी गई 4200 एकड़ जमीन को लौटाई गई, जेल में बंद निर्दोष आदिवासियों को जेल से मुक्त कराया गया। तेंदूपत्ता का मानक दर 2500 रु से बढ़ाकर 4000 रु प्रति बोरा किया गया, 52 वनोपज की समर्थन मूल्य में खरीदी की गई, चरणपादुका खरीदने नगद राशि दी गई, बस्तर में मक्का प्रोसेसिंग प्लांट लगाया गया। 24827 व्यक्तिगत 20,000 से अधिक सामुदायिक व 2200 वन संसाधन पट्टे वितरित किए गए, 16 लाख से अधिक हेक्टर भूमि आदिवासी वर्ग को वितरित किया गया है। 4,38,000 से अधिक व्यक्तिगत वन अधिकार पत्र वितरित किया गया। 44,300 से अधिक सामुदायिक वन अधिकार पत्र वितरित किया गया। 2175 से अधिक वन संसाधन अधिकार ग्राम सभा को प्रदान की गई। मिलेट मिशन शुरू किया गया और बस्तर के वनोपज को देश-विदेश तक पहुँचाया गया।

राजीव गांधी किसान न्याय योजना के माध्यम से धान, गन्ना, मक्का, कोदो, कुटकी, रागी, मक्का, दलहन-तिलहन, फलदार वृक्ष, सब्जी लगाने वाले आदिवासी किसानों को 10,000 रू. प्रति एकड़ इनपुट सब्सिडी दी जा रही है। बिजली बिल हाफ की सुविधाएं। सिंचाई कर माफ किया गया। बस्तर बटालियन में स्थानीय युवाओं के नौकरी के द्वार खोले गए। एनएमडीसी में स्थानीय स्तर के युवाओं को रोजगार के अवसर दिया गया। आदिवासी वर्ग की बहुप्रतीक्षित मांग आदिवासी विकास प्राधिकरण में नेतृत्व देने की मांग को पूरा किया गया। बस्तर विकास प्राधिकरण, सरगुजा विकास प्राधिकरण, मध्य क्षेत्र विकास प्राधिकरण के माध्यम से आदिवासी वर्गों के विकास के रोडमैप तैयार करने की जिम्मेदारी उन्हीं वर्ग को दी गई पेशा कानून को लागू करने के लिए प्रपोजल मंगाया जा रहे हैं एक मजबूत पेशा कानून बनाया जा रहा है।

मलेरिया मुक्त बस्तर अभियान, मुख्यमंत्री हाट बाजार क्लिनिक, मुख्यमंत्री सुपोषण अभियान के माध्यम से बीहड़ वन क्षेत्रों तक स्वास्थ्य सुविधाएं सुपोषित आहार पहुंचाया गया। 85 विकास खंडों में वनों उपज प्रोसेसिंग यूनिट की स्थापना के लिए आठ करोड 50 लाख रुपए प्राधिकरण मद से दिया गया। जनजाति सलाहकार परिषद छत्तीसगढ़ राज्य अनुसूचित जाति जनजाति आयोग बैगा विकास अभिकरण चिराग परियोजना, आमचो बस्तर के माध्यम से कॉफी, काजू, हल्दी जो बस्तर में उत्पादित होते हैं, उनकी ब्रांडी की गई। महारानी अस्पताल का उन्नयन किया गया। आदिवासी संस्कृति के संरक्षण हेतु देवगुड़ी का विकास। अधोसंरचना का विकास, नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में सौर ऊर्जा विद्युतीकरण, गोधन न्याय योजना के माध्यम से गोबर खरीदी पशुधन का नस्ल सुधार, पशुओं का संरक्षण एवं पशुपालकों को लाभान्वित किया जा रहा है, विश्व आदिवासी दिवस के दिन 9 अगस्त को सार्वजनिक अवकाश, राष्ट्रीय आदिवासी नृत्य महोत्सव का आयोजन सहित अनेक जनकल्याणकारी योजना बनाकर आदिवासी वर्ग को आर्थिक रूप से मजबूत सक्षम बनाने के लिए काम किया गया। भानुप्रतापपुर की जनता कांग्रेस प्रत्याशी सावित्री मंडावी को आर्शिवाद देगी।

 

 

और भी

रमन सिंह ने भूपेश बघेल का नहीं छत्तीसगढ़ियों का अपमान किया है : सुशील

 रायपुर (छत्तीसगढ़ दर्पण)। रमन सिंह द्वारा मुख्यमंत्री भूपेश बघेल को मुसवा बताये जाने पर कांग्रेस ने माफी की मांग की है। प्रदेश कांग्रेस संचार विभाग के अध्यक्ष सुशील आनंद शुक्ला ने कहा कि रमन सिंह ने मुख्यमंत्री के लिये जिस भाषा का उपयोग किया है वह बेहद ही आपत्तिजनक और अशिष्ट है। 15 साल मुख्यमंत्री रहे रमन सिंह सत्ता जाने के बाद उतना ज्यादा बौखला गये कि वह तीन चौथाई बहुमत के साथ निर्वाचित मुख्यमंत्री के लिये अभद्र और अशिष्ट भाषा प्रयोग करने के स्तर तक उतर गये है। रमन सिंह ने सिर्फ भूपेश बघेल का नहीं छत्तीसगढ़ियो का अपमान किया है। रमन सिंह भूल रहे है जिसे वे चूहा समझ रहे है उसी बब्बशेर ने 2018 में उनको दुम दबाकर सरकार से भागने को मजबूर कर दिया था।

सुशील आनंद शुक्ला ने कहा कि 15 साल मुख्यमंत्री रहने के दौरान छत्तीसगढ़ के हितों के लिये जो काम वे नहीं कर पाये भूपेश बघेल 4 साल की सरकार में अपनी योजनाओं से लोगों का दिल जीत लिये है। छत्तीसगढ़ की तीज त्योहार, संस्कृति, लोककला, खेलकूद, छत्तीसगढ़ महतारी की मूर्ति स्थापना, भगवान राम वनगमन मार्ग, कौशल्या माता मंदिर के पुर्ननिर्माण से आम छत्तीसगढ़िया भूपेश बघेल में अपना अक्स देखता है, जिसको रमन सिंह बर्दाश्त नहीं कर पा रहे। उनके अंदर की सामंती प्रवृत्ति जाग गयी। वे अब राजनैतिक विरोध की मर्यादा को भूलकर मुख्यमंत्री को अपमानित करने पर तुले है। किसानों का कर्जा माफी, 2500 में धान खरीदी, स्वामी आत्मानंद स्कूल में गरीबों के बच्चों को मुफ्त शिक्षा, आदिवासियों की जमीन वापसी, बिजली बिल हाफ योजना, मुख्यमंत्री शहरी स्लम, दाई दीदी क्लिनिक जैसी लोक कल्याणकारी योजनाओं के कारण भूपेश बघेल जनता के दुलारे मुख्यमंत्री बन गये है।

 
 
 

सामान्य किसान जिसे इस प्रदेश की जनता ने दिल खोलकर अपनाया और मुख्यमंत्री बनाया वह व्यक्ति डॉक्टर रमन सिंह और भाजपा के आंखों में खटक रहा है। भूपेश बघेल के मुख्यमंत्री बनने के बाद से प्रदेश में आउटसोर्सिंग बंद हो गई, जिन चिटफंड कंपनियों को डॉक्टर रमन सिंह ने खाद और पानी देकर जनता का खून चूसने के लिए खुला छोड़ दिया था उन पर लगातार कार्रवाई हो रही है, भाजपाइयों के भ्रष्टाचार की कमाई बंद हो गई, छत्तीसगढ़ की संस्कृति और परंपराओं को सहेजा जा रहा है लेकिन भाजपा और डॉ रमन सिंह इन सब कामों से खुश नहीं हैं। डॉ रमन सिंह जब भी भूपेश बघेल के कामों को देखते हैं यह सोचकर कुढ़ने लगते हैं कि 15 साल में मैंने जो नहीं किया वह एक सामान्य किसान केवल 4 साल में कैसे कर सकता है। वह जब भी भूपेश बघेल को देखते हैं तो उन्हें अपने 15 साल  का निकम्मापन और नाकामी दिखाई देती है। इन्हीं सब कारणों से डॉ रमन सिंह लगातार कुंठित होते जा रहे हैं और आपा खोकर उल्टी-सीधी शब्दावली का उपयोग कर रहे हैं।

 

 

 
और भी

विश्व शौचालय दिवस पर स्वच्छता रन का आयोजन

 जशपुरनगर (छत्तीसगढ़ दर्पण)। विश्व शौचालय दिवस पर कलेक्टर डॉ. रवी मित्तल के निर्देशन एवं मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत के मार्गदर्शन में जिले के विभिन्न ग्राम पंचायतों में स्वच्छता रन का आयोजन किया गया। स्वच्छता रन में ग्रामीणों के साथ साथ स्कुली बच्चे, पंचायत प्रतिनिधि, स्वच्छाग्रहियों एवं जय हो जशपुर की टीम ने दौड़ में भाग लिया। जनपद पंचायत जशपुर के ग्राम पंचायत गम्हरिया में स्वच्छता रन का आयोजन किया गया। इस दौरान सभी लोगों ने व्यक्तिगत एवं सार्वजनिक शौचालयों के रखरखाव एवं नियमित उपयोग का शपथ लिया गया।

 

 

और भी

किसानों को घर बैठे मिल रहा धान बेचने टोकन बेरोकटोक हो रही है धान खरीदी : कांग्रेस

 रायपुर (छत्तीसगढ़ दर्पण)। प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता धनंजय सिंह ठाकुर ने कहा कि मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की सरकार चालू खरीफ  वर्ष में किसानों को मोटा धान की कीमत 2640 रुपए व पतला धान की कीमत 2660 रुपए प्रति क्विंटल दे रही है। छत्तीसगढ़ के अलावा किसी भी अन्य राज्य में किसानों को धान की कीमत इतनी नहीं मिल रही है। 1 नवंबर से धान खरीदी महाअभियान की शुरुआत हुई है। धान बेचने पंजीकृत लगभग 25 लाख 93 हजार किसानों से 110 लाख मैट्रिक टन धान की खरीदी करने का लक्ष्य रखा गया है। 1 नवंबर से अभी तक 262000 किसानों से 8 लाख 67 हजार मैट्रिक टन धान की खरीदी किया जा चुका है। किसानों को 1777 करोड़ रुपए की भुगतान की जा चुकी है। टोकन तुंहर द्वार एप के माध्यम से किसानों को घर बैठे धान बेचने टोकन मिल रहा है। पर्याप्त मात्रा में बारदाना की उपलब्धता करवाई गई है धान बेचने के तुंरत बाद किसानों को भुगतान भी किया जा रहा है।

प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता धनंजय सिंह ठाकुर ने कहा कि 15 साल के रमन सरकार के दौरान 12 से 13 लाख किसान धान बेचने पंजीयन कर आते थे और 7 से 8 लाख किसानों से ही धान की खरीदी होती थी 15 साल में औसत प्रतिवर्ष 50 लाख मीट्रिक टन की धान की खरीदी की गई पूर्व रमन सरकार ने वादानुसार किसानों को धान की कीमत 2100 रु और 300 रु बोनस देने का वादा कर वादाखिलाफी किया गया था। प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता धनंजय सिंह ठाकुर ने कहा कि मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की सरकार ने किसानों का कर्जा माफ किया किसानों की सिंचाई कर्म आपकी सिंचाई के लिए स्थाई पंप कनेक्शन दिया गया और धान की कीमत वादा अनुसार 2500 रुपए क्विंटल दिया गया, इस वर्ष 2640 एवं 2660 रुपए दे रही है और आने वाले दिनों में 2800 रु प्रति क्विंटल धान की कीमत  किसानों को मिल सकता है? कांग्रेस सरकार किसान हितैषी सरकार है छत्तीसगढ़ में कृषि लाभकारी हुआ है धान उत्पादक किसानों की संख्या में ऐतिहासिक वृद्धि हुई है और धान पैदावार का रकबा भी बढा है।

 

प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता धनंजय सिंह ठाकुर ने कहा कि किसानों के नाम से राजनीति करने वाली भाजपा हमेशा किसानों के साथ छल और धोखा की है, देश के कई राज्यों में भाजपा की सरकार है, लेकिन वहां किसानों की हालत खराब है, किसान कर्ज में दबे हुए हैं। किसानों को उनकी उपज का सही कीमत नहीं मिल रहा है और केंद्र में बैठी मोदी भाजपा की सरकार किसानों के हित के खिलाफ नीति बना रही है कांग्रेस किसान हितैषी सरकार है किसानों के साथ खड़ी हुई है।

 

प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता धनंजय सिंह ठाकुर ने कहा कि मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की सरकार धान खरीदी में अपने ही रिकार्ड को तोड़कर नया रिकॉर्ड बना रही है इस वर्ष 110 लाख मिट्रिक टन का लक्ष्य रखा गया है। राज्य में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी का रिकार्ड साल दर साल टूट रहा है। बीते साल 97.97 लाख मीट्रिक टन धान खरीदी का नया रिकार्ड बना है। वर्ष 2021 में 92 लाख मीट्रिक टन धान, वर्ष 2020 में 83.94 लाख मीट्रिक तथा 2019 में 80.37 लाख मीट्रिक टन धान की खरीदी हुई थी।

और भी

सीजीएमएससी के अध्यक्ष ने किया आईटीआई भवन का भूमिपूजन

 अम्बिकापुर (छत्तीसगढ़ दर्पण)। छत्तीसगढ़ मेडिकल सेविसेज कॉपोरेशन के अध्यक्ष व लुण्ड्रा विधायक डॉ प्रीतम राम ने शनिवार को लुण्ड्रा जनपद के डडगांव में 3 करोड़ 30 लाख 35 हजार रुपये की लागत से बनने वाले आईटीआई भवन निर्माण कार्य का भूमिपूजन किया। इसके साथ ही ग्राम पंचायत उदारी एवं लुण्ड्रा के शासकीय हाई स्कूल में अतिरिक्त कक्ष प्रत्येक 19.60 एवं 19.60 लाख निर्माण कार्य का भी भूमिपूजन किया।

डॉ राम ने छत्तीसगढ़ शासन की महत्वकांक्षी सरस्वती साइकिल योजना के तहत शासकीय हाई स्कूल उदारी में कक्षा 9 वीं की छात्राओं को निःशुल्क साइकिल वितरण किया।  इस दौरान ग्रामवासियों के द्वारा गांव में विकास कार्यों के संबंध में मांग किये जाने पर शासन स्तर पर पत्र प्रस्ताव प्रेषित करने का आश्वासन दिए।

 

कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष  मधु सिंह, जनपद सभापति त्रिलोकी सिंह, सरपंच सुमरसाय, उप सरपंच मनीष सोनी,  यूनुस खान, एसडीएम, तहसीलदार जनपद सीईओ सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं बड़ी  संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।

 

 

और भी

दुर्ग रेंज के नये आईजी आनंद छाबड़ा सोमवार को करेंगे पदभार ग्रहण

 भिलाई (छत्तीसगढ़ दर्पण)। दुर्ग रेंज के आईजी डॉ. आनंद छाबड़ा संभवत: सोमवार को दुर्ग रेंज की कमान संभालेंगे। बडे ही सरल व मृदुभाषी स्वभाव के छाबड़ा इस दुर्ग जिले के व्हीव्हीआईपी जिले में सीएम भूपेश बघेल की गुडबुक में शामिल हैं। छाबड़ा दुर्ग रेंज के कवर्धा और दुर्ग जिले में बतौर पुलिस अधीक्षक के रूप में सेवा दे चुके हैं। तब तत्कालीन सरकार भाजपा की थी। उनका कार्यकाल दोनो ही जिलों में बेहतरीन रहा। प्रदेश में कांग्रेस की सरकार आने के बाद छाबड़ा के प्रमोशन के बाद उन्होंने राजधानी रायपुर के आईजी व एंटेलिजेंस की भूमिका भी बखूबी निभा चुके हैं।

पुलिस विभाग के प्रशासनिक मसलों में भी और अधिकारियों के बीच में भी उनकी छवि बेदाग है। और उनकी इस मिलनसार सरल स्वभाव का लाभ  दुर्ग रेंज की पुलिसिंग व आम जनता को अब मिलेगा। चूंकि आगामी 2023 और 24 वर्ष चुनावी वर्ष हैं, उसे देखते हुए भी  छाबड़ा को दुर्ग रेंज की कमान सौंपी गई है। बेहतरीन पुलिसिंग व जनप्रतिनिधि व मीडिया से अच्छे तालुकात रखने वाले छाबड़ा को दुर्ग रेंज कीकमान मिलने से पुलिस विभाग सहित  जनप्रतिनिधयो में हर्ष की लहर है। छाबड़ा आने वाले समय में प्रदेश सरकार के मुखिया भूपेश सरकार की मंशा अनुरूप दुर्ग रेंज में बेहतरीन ढंग से काम करेंगे।

 

 

और भी

दुर्ग में मनाई गई पूर्व प्रधानमंत्री प्रियदर्शिनी की जयंती

 दुर्ग (छत्तीसगढ़ दर्पण)। भारत की पूर्व प्रधानमंत्री प्रियदर्शिनी स्व. श्रीमती इंदिरा गांधी की जयंती शनिवार को दुर्ग इंदिरा मार्केट में मनाई गई।  दुर्ग विधायक व छत्तीसगढ़ राज्य  वेयर हाउस के चेयरमैन अरुण वोरा , छत्तीसगढ़ राज्य पिछड़ा वर्ग आयोग के उपाध्यक्ष आरएन वर्मा हुआ ग्रुप के महापौर धीरज बाकलीवाल सभापति  राजेश यादव जिला कांग्रेस अध्यक्ष गया पटेल मदरसा बोर्ड के चेयरमैन अलताफ अहमद ने भी स्व. इंदिरा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उनको भावभीनी श्रद्धांजलि दी।

इस दौरान वहां उपस्थित सभी लोगों ने भी मूर्ति पर माल्र्यापण कर पुष्पांजली अर्पित कर उनको नमन किया गया। इस अवसर पर दुर्ग विधायक अरुण वोरा ने कहा कि श्रीमती इंदिरा गांधी जी को दृढ़ निश्चय, साहसपूर्ण पहल और देश के हित में सर्वोच्च त्याग एवं बलिदान के लिये सदैव याद किया जाएगा। प्रधानमंत्री पद पर लंबी अवधि के दौरान उन्होंने अनेक ऐतिहासिक निर्णय लिए जैसे-बैंको को राष्ट्रीकरण, प्रीवीयर्स की समाप्ति, गरीबी हटाओ एवं हरितकाति कार्यक्रम। उनके द्वारा प्रारंभ किया गया 20 सूत्रीय कार्यक्रम का मुख्य ध्येय गरीब वर्ग के लोगों के पिछड़ेपन में सुधार लाकर उनकी जीवन स्तर को उंचा उठाना था वे प्रतिक्रियावादियों की विरोधी थी और राष्ट्रीय सामंजस्य के लिये सदैव प्रयत्नशील रही है।

 

पिछड़ा वर्ग आयोग के उपाध्यक्ष आर एन वर्मा ने कहा कि प्रियदर्शनी स्वर्गीय श्रीमती इंदिरा गांधी जी के आदशों पर हमारे गणतंत्र की एकता तथा अखण्डता टिकी हुई है देश को मजबूत एवं संगठित बनाने के उनके प्रयास हमेशा याद किए जायेंगे जिसके लिए उन्होंने अपना बलिदान दिया ।पूर्व पीएम के जयंती कार्यक्रम में विशेष रूप से पार्षद भोला महोबिया, प्रवक्ता नासिर खोखर, संदीप श्रीवास्तव ब्लॉक अध्यक्ष अजय मिश्रा, राजकुमार पाली, राजकुमार साहू, महीप सिंह भुवाल, मदन जैन ,गोलू गुप्ता,मनीष यादव, शंकर ठाकुर, अनूप चंदनिया रत्ना नारमदेव, देव सिन्हा, जगमोहन ढीमर, कन्या ढीमर विशाल देशमुख कल्याण सिंह ठाकुर हेमंत तिवारी गणेश सोनी आनंद कपूर ताम्रकार विकास यादव,बृजमोहन तिवारी प्रीतम देशमुख तिलक राजपूत बृजमोहन तिवारी प्रीति साहू, अनूप पाटिल अशोक मेहरा निशांत गोडबोले राहुल अग्रवाल आबिद अली अली असगर गणेश वाघमारे मोहन सिन्हा संदीप बक्शी मनीष यादव निरुपमा जस्सल एनी पीटर मीना मानिकपुरी छोटी साहू भूमिका देशमुख सहित अन्य कांग्रेसी उपस्थित थे ।

और भी

महाकौशल कला वीथिका में मधुमेह पर आधारित राष्ट्रीय पोस्टर कला प्रदर्शनी का उद्घाटन

 रायपुर (छत्तीसगढ़ दर्पण)। महाकौशल कला वीथिका में शनिवार को मधुमेह पर आधारित राष्ट्रीय पोस्टर कला प्रदर्शनी का उद्घाटन हुआ। महाकौशल कला परिषद, रायपुर द्वारा लायंस क्लब रायपुर फ्रेंड्स, शासकीय नागार्जुन स्नातकोत्तर विज्ञान महाविद्यालय, रायपुर की रेड क्रॉस सोसाइटी व एनएसएस के सहयोग से डॉ विनोद जोशी ने इस प्रदर्शनी का उद्घाटन किया।


इस प्रदर्शनी में भारत के 108 कलाकारों की रचनाएं जो मधुमेह के प्रभाव को इंगित करती हैं प्राप्त हुई थी। उसमें से 48 रचनाओं को प्रदर्शित किया गया है। यह कला प्रदर्शनी रविवार 20 नवंबर को प्रातः 10 से 12 के मध्य दर्शकों के अवलोकनार्थ निशुल्क खुली रहेगी।

 
 
 

इस कला प्रदर्शनी में जल, तैल ,पेस्टल ,ऐक्रेलिक ,कोलाज एवं ऑयल कलर का इस्तेमाल कलाकारों ने रचना की निर्माण के लिए किया है। इस प्रदर्शनी में अजय तिवारी (अहमदाबाद), मनीष महानंद (मुंबई), धनंजय पंवार (लखनऊ), आदित्य (भोपाल), दिशा ठाकुर, शांभवी शर्मा, नियति वत्स,अंशुमन शर्मा,अमृता भट्टाचार्य,ए व्ही आदित्य, पिनाका नाग, पवित्रा नत्थानी, शुभ नागपाल, शुभ अग्रवाल, सायंतिका चक्रवर्ती, पार्थना रायसागर,पीहू दुबे, सार्थ राय सागर, पाखी दुबे, परियुल  जैन, आर्यन शर्मा,  प्रीति लच्छवानी, हनी लच्छवानी, रोमा लच्छवानी, आदि कलाकारों ने इसमें भाग लिया है।

 

 

 
और भी

आंगनवाड़ी कार्यकर्ता सम्मेलन में गृहमंत्री ने 450 आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को किये सम्मानित

 दुर्ग (छत्तीसगढ़ दर्पण)। ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र स्तरीय आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिका का सम्मेलन व सम्मान समारोह का आयोजन समीपस्थ ग्राम नगपुरा में क्षेत्रिय विधायक गृहमंत्री ताम्रध्वज साहू के मुख्य आतिथ्य में संम्पन्न हुआ। जिसमें बड़ी संख्या में क्षेत्र के जनप्रतिनिधि व आंगनबाड़ी कार्यकर्ता व सहायिका उपस्थित रहे। उल्लेखनीय है कि एकीकृत महिला एवं बाल विकास परियोजना दुर्ग ग्रामीण के विभिन्न क्षेत्रो में कार्यरत महिलाएं,जिन्होंने पारिवारिक व सामाजिक आयामो मे उल्लेखनीय व सराहनीय योगदान दिया है। आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और सहायिका दोनो ही विभाग की रीढ़ है इनके प्रयास से ही महिलाओं और कुपोषित बच्चों को सुपोषित करने तेजी से कार्य हो रहा है ।सरकार की सभी योजनाओं को जन जन तक पहुचाने के लिए दृढ़ संकल्पित है । महिला एवं बाल विकास विभाग की सभी 450आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं का मुख्य अतिथि के रुप उपस्थित मंत्री ताम्रध्वज साहू ने सम्मानित किया।

कार्यक्रम की शुरुआत छत्तीसगढ़ की राजगीत अरपा पैरी के धार के साथ हुआ। यहां स्थानीय बच्चों व महिलाओ ने पारंपरिक वेशभूषा में विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुतियां दीं। तो वहीं मंत्री ताम्रध्वज साहू ने आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के माध्यम से आई गर्भवती महिलाओं की गोद भराई एवं अन्न प्रसन्न का कार्यक्रम भी हुआ और  मुख्य अतिथि के हाथों आसपास के आंगनबाड़ी से आये धात्री।माताओ के नन्हें बच्चों का खीर खिलाकर अन्न प्रसान भी कराया गया। आंगनबाड़ी कार्यकर्ता सहायिकाओं की ओर से नगपुरा सेक्टर की कार्यकर्ता तारा देशमुख अपनी मांगो को लेकर एक प्रतिवेदन प्रस्तुत किया गया जिसपर गृहमंत्री ने कहा कि वे उनकी मांगों को पूरा समर्थन देते हैं और सभी मांगो को मुख्यमंत्री तक पहुंचाएंगे और पूरा करने का प्रयास करेंगे । कार्यक्रम को दुर्ग जिला पंचायत अध्यक्ष शालिनी यादव ने सम्बोधित करते हुए कहा कि कभी मैं स्वयं 10 वर्षों तक आंगनबाड़ी की कार्यकर्ता रही हूं , इसलिए मै जानती हूं कि आगनवाड़ी कार्यकर्ताओं पर गांवो में गर्भवती महिलाओं और छोटे छोटे बच्चों के स्वास्थ्य व संतुलित पोषण सहित बहुत सी जिम्मेदारियां होती है  जिसे वे पूरी जिम्मेदारी से निभाती है आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिका का हो रहे सम्मान के वाजिब हकदार है  इसलिए मंत्री ताम्रध्वज साहू के द्वारा हमसब के मंशा अनुरूप आज यह सम्मान कार्यक्रम का आयोजन किया गया था।

 
 
 

आयोजन के विषय में क्षत्रिय विधायक ताम्रध्वज साहू ने कहा कि आंगनबाड़ी कार्यकर्ताएं बहनें हमारी सरकार की सबसे जरूरी, सबसे छोटी और सबसे नीचे की योजनाओं को क्रियान्वित करती है। गांव के बच्चों व महिलाओं का हर स्तर में शासन की योजनाओं को पहुचाती हैंऔर लाभ दिलाती है। हमने सोचा कि क्यों ना इन बहनों के लिए एक ऐसा कार्यक्रम आयोजित किया जाए जहा ऐसे माहौल में सभी का आपस में मिलना जुलना हो , सम्मेलन हो और इनकी सेवाओं के लिए सम्मान कार्यक्रम का आयोजन भी हो जाए इसी परिपेक्ष्य में इस विशाल कार्यक्रम का आयोजन हुआ था।

 
 
 

इस आयोजन में जिला पंचायतअध्यक्ष शालनी रिवेंन्द्र यादव, विशेष अतिथि  केश शिल्प बोर्ड के नवनियुक्त अध्यक्ष नंद कुमार सेन , कृषि मंडी बोर्ड सदस्य तारकेश्वर चन्द्राकर,प्रदेश कांग्रेस महामंत्री जितेंद्र साहू,सरपँच संघ अध्यक्ष मुकुंद पारकर,बोर्ड के नवनियुक्त अध्यक्ष नंद कुमार सेन , जनपद अध्यक्ष देवेंद्र देशमुख, जनपद उपाध्यक्ष झमित गायकवाड,सरपँच संघ अध्यक्ष मुकुंद पारकर, समाज सेवी हर्ष साहू, सहकारिता प्रकोष्ट अध्यक्ष रिवेंन्द्र यादव ,जनपद सदस्य सरस्वती सेन,सरपँच ग्राम पंचायत नगपुरा  भूपेन्द्र रिगरी, सेवा सहकारी समिति उतई दिवाकर गायकवाड, सेवा सहकारी समिति कुथरेल अध्यक्ष शिवनारायण दिल्लीवार, समिति कोडिय़ा अध्यक्ष भरत चंद्राकर, जनपद सदस्य रूपेश देशमुख,ज्ञानेश्वर विक्की मिश्रा जनपद पंचायत दुर्ग ग्रामीण विधायक प्रतिनिधि डा.पिलेश्वर साहू, नोहर साहू,बाबू लाल देशमुख, तारा शर्मा,सरपंच बोरई पदमा साहू ,सरपंच तिरगा घसियाराम देशमुख ,सरपंच रासमडा ममता साहू ,सरपंच पीपरछेड़ी बालकिशन ठाकुर ,सरपंच कोटनी मनोज साहू ,सरपंच घुघसीडीह गोवर्धन बारले ,सरपंच कोडिया तेजराम चंदेल ,हिरा मणी देशमुख, जनपद सदस्य दीपिका चंद्राकर, भुनेश्वरी ठाकुर, प्रिति वैष्णव, पूर्व जिला पंचायत सदस्य नन्द कुमार साहू,केंद्रीय जेल संदर्शक भरत साहू, जनपद सदस्य अजय वैष्णव,जनपद सदस्य हेमकुमारी देशमुख, घसिया देशमुख कैलाश सिन्हा ,ताम्रध्वज सिन्हा ,नरेंद्र देशमुख ,लोकेश बंजारे ,किशोर यादव ,गोपाल साहू ,सहित महिला बाल विकास के।परियोजना अधिकारी उषा झा ,पर्यवेक्षक इंदु मिश्रा ,शशि रैदास,प्रमिला वर्मा, कर्मचारी  मौजूद थे , इस कार्यक्रम के मंच संचालन दिल्ली से सम्मानित खिलेंद्र संजू यादव ने किया।

 

 

और भी

प्रिंस अब पढ़ेगा, आगे बढ़ेगा : घूमंतू बच्चों का भविष्य संवारने कलेक्टर ध्रुव की अभिनव पहल

 रायपुर (छत्तीसगढ़ दर्पण)। चिरमिरी में बीते चार सालों से निवासरत राजा पनिका का 8 वर्षीय पुत्र प्रिंस अब स्कूल में पढ़ाई कर अपना भविष्य गढ़ेगा, जीवन में आगे बढ़ेगा। कलेक्टर पी.एस. ध्रुव की विशेष पहल से प्रिंस को कचरा बिनने से छुटकारा मिल गया है। सोमवार को उसका दाखिला चिरमिरी के पोड़ी बाजार स्थित सरकारी स्कूल में हो जाएगा। प्रिंस को स्कूल जाने के लिए नया ड्रेस, पुस्तक, कॉपी और बैग मिल गया है। नगर निगम चिरमिरी के अधिकारी प्रिंस को अपने साथ ले जाकर उसे स्कूल में प्रवेश दिलाएंगे। वह नियमित रूप से स्कूल जाए और अच्छे से पढ़ाई करे, इसकी मॉनिटरिंग भी की जाएगी।

मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर जिले में कलेक्टर पी.एस. ध्रुव ने प्रिंस जैसे घूमंतू, कचरा बिनने वाले, अनाथ और बेसहारा बच्चों को शिक्षा की व्यवस्था कर उनका भविष्य को संवारने के लिए बाल-जतन अभियान की शुरूआत की है। प्रथम चरण में यह अभियान जिले के सभी नगरीय क्षेत्रों में संचालित होगा। नगरीय निकाय और शिक्षा विभाग के अधिकारी संयुक्त रूप से घूमंतू, कचरा बिनने वाले, अनाथ और बेसहारा बच्चों को चिन्हित कर उनका स्कूल में दाखिला कराएंगे। इन बच्चों को पठन-पाठन सामग्री सहित अन्य सुविधाएं भी शासकीय योजनाओं एवं गैर-शासकीय संगठनों के माध्यम से उपलब्ध कराई जाएंगी।

गौरतलब है कि कलेक्टर ध्रुव शनिवार सुबह 6 बजे कड़ाके की ठंड के बावजूद आकस्मिक रूप से चिरमिरी नगर पहुंचे और यहां विभिन्न चौक-चौराहों और वार्डाें में पैदल घूमकर साफ-सफाई की व्यवस्था का जायजा लिया। इस दौरान पोड़ी बाजार के करीब उनकी नजर कचरा बिनते 8 वर्षीय बालक प्रिंस पर पड़ी। कलेक्टर ने उसके पास पहुंचे। उसका नाम, पता और पढ़ाई-लिखाई के बारे में पूछताछ की। कलेक्टर ने प्रिंस को स्कूल जाकर पढ़ाई करने के लिए प्रेरित किया और कहा कि अभी उसकी उम्र पढ़ने-लिखने की है। उन्होंने उसे कचरा बिनने का काम बंद करने और स्कूल जाने की समझाइश दी। यहां यह उल्लेखनीय है कि कलेक्टर ध्रुव के पूछने पर प्रिंस ने बताया कि वह कक्षा दूसरी में पढ़ता है, जबकि बाद में यह हकीकत सामने आयी कि वह स्कूल ही नहीं जाता। कलेक्टर ने नगर पालिक निगम आयुक्त को प्रिंस को पठन-पाठन, सामग्री ड्रेस उपलब्ध कराने के साथ ही उसका पोड़ी बाजार स्कूल में दाखिला कराने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने कहा कि जिले में बाल-जतन अभियान के माध्यम से अनाथ, बेसहारा और घूमंतू बच्चों की शिक्षा-दीक्षा में सहयोग के लिए स्वयं सेवी, समाज सेवी संगठनों की भी भागीदारी होगी।

और भी

जनता कांग्रेस नेताओं ने एफआईआर वापस लो और मुर्दाबाद के नारे लगाए, फूंका पुतला

 रायगढ़ (छत्तीसगढ़ दर्पण)। जनता कॉंग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष अमित जोगी की पत्नी श्रीमती ऋचा जोगी के खिलाफ जाति मामला में मुंगेली कोतवाली में एफ आईआरदर्ज किया गया है, इसे लेकर जनता कांग्रेस नेताओं में आक्रोश है। जनता कांगेस नेता नवल राठिया के नेतृत्व में शनिवार को मुख्यमंत्री भूपेश बघेल का पुतला दहन किया गया। जनता कांग्रेस नेता नवल राठिया ने कहा कि मुख्यमंत्री जी ऋचा जोगी की अकलतरा पदयात्रा और अमित जोगी के जन अधिकार यात्रा से इतना डर गए हैं कि पहले  स्व. अजित जोगी जी को जाति मामले में फसाया फिर अमित जोगी जी को, अब ऋचा जोगी जी को।

मुख्यमंत्री और कांग्रेसी जोगेरिया बीमारी से ग्रसित हो गए हैं, जिसके विरोध में रायगढ़ जिले के धरमजयगढ़ के छाल में मुख्यमंत्री का पुतला फूंका गया। इस दौरान वहाँ भारी पुलिस बल तैनात थी। मगर नवल राठिया रुके नहीं। कार्यक्रम में जोगी कांग्रेस के 50 से भी अधिक कार्यकर्ता मौजूद थे, जिन्होंने मुख्यमंत्री मुर्दाबाद, एफआईआर वापस लो के नारे लगाए और भूपेश बघेल के पोस्टर पर अंडा मार कर विरोध किया।

और भी

हर जिले में शुरू होंगे मॉडल उचित मूल्य दुकान : राशन सामग्री के साथ-साथ मिलेंगी अन्य उपभोक्ता वस्तुएं

 रायपुर (छत्तीसगढ़ दर्पण)। छत्तीसगढ़ के सभी जिलों में मॉडल शासकीय उचित मूल्य दुकान प्रारंभ होंगे। ये दुकानें जिलों में चरणबद्ध ढंग से शुरू की जाएंगी। खाद्य सचिव टोपेश्वर वर्मा ने खाद्य अधिकारियों को इसके लिए तैयारियां शुरू करने के निर्देश दिए हैं। मॉडल उचित मूल्य दुकानों में राशन सामग्र्री के साथ अन्य उपभोक्ता वस्तुओं की बिक्री के अलावा बैंकिंग कॉरस्पोंडेंट आदि की सुविधा भी दी जाएगी।

खाद्य सचिव टोपेश्वर वर्मा ने खाद्य विभाग की समीक्षा बैठक में खाद्य अधिकारियों को राज्य के हर जिले में जिला प्रशासन के सहयोग से मॉडल राशन दुकान शुरू करने के लिए आवश्यक तैयारी करने के निर्देश दिए हैं। बैठक में उन्होंने सार्वजनिक वितरण प्रणाली, समर्थन मूल्य पर धान खरीदी और कस्टम मिलिंग की भी समीक्षा की। उन्होंने कहा कि नवीन धान खरीदी केन्द्रों में सभी आवश्यक व्यवस्था सुनिश्चित कर ली जाए। सभी जिलों में राईस मिलों के पंजीयन का कार्य पूर्ण कर धान का उठाव तेजी से किया जाए।

 

खाद्य विभाग के संचालक सत्यनारायण राठौर ने बैठक में कहा कि माह नवम्बर की राशन सामग्री का भण्डारण समय पर करने के साथ ही क्लोजिंग स्टॉक की गणना की कार्यवाही सभी जिलों द्वारा पूर्ण कर ली जाए। उन्होंने कहा कि राशनकार्डों में आधार सीडिंग हेतु शेष सदस्यों की कार्यवाही नवम्बर माह में पूर्ण की जाये, नवीन जिलों में प्रोग्रामर एवं कम्प्यूटर ऑपरेटर की व्यवस्था की जाये। उचित मूल्य दुकानों के संचालन को आर्थिक रूप से अधिक लाभदायक बनाये जाने के लिए इंडिया पोस्ट पेमेंट बैंक, दूरसंचार विभाग, ऑयल कंपनियों तथा नागरिक आपूर्ति निगम द्वारा दिए गए सुझाव अनुसार नवीन योजनायें उचित मूल्य दुकानों में लागू की जाए।

 

सार्वजनिक वितरण प्रणाली, समर्थन मूल्य पर धान खरीदी, कस्टम मिलिंग तथा विभाग के अन्य मुद्दों पर विस्तृत प्रशिक्षण भी अधिकारियों को इस मौके पर दिया गया। इसके साथ ही शासकीय उचित मूल्य दुकानों के जरिए उपभोक्ताओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए इंडिया पोस्ट पेमेंट बैंक, दूरसंचार विभाग, ऑयल कंपनियों और नागरिक आपूर्ति निगम द्वारा विस्तार से जानकारी दी गई। खाद्य सचिव वर्मा ने कहा कि बैठक में खाद्य विभाग के अपर संचालक राजीव जायसवाल, अजय कुमार अग्रवाल, संयुक्त संचालक श्रीमती दयामणी मिंज, विक्रमराम भगत, नागरिक आपूर्ति निगम के कंपनी सचिव संदीप अग्रवाल, सहायक महाप्रबंधक संतोष अग्रवाल एवं प्रदेश के सभी खाद्य नियंत्रक एवं खाद्य अधिकारी उपस्थित थे।

और भी