म्यूनिख (छत्तीसगढ़ दर्पण)। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी-7 शिखर सम्मेलन में भाग लेने के लिए आज जर्मनी के शहर म्यूनिख पहुंचे। वहां रह रहे भारतीय समुदाय के लोगों ने श्री मोदी का गर्मजोशी से स्वागत किया। इस दौरान उन्होंने बच्चों से बातचीत भी की।
श्री मोदी जी-7 देशों और आमंत्रित अंतर्राष्ट्रीय संगठनों के साथ विचार-विमर्श में भाग लेने के अलावा विभिन्न मुद्दों पर द्विपक्षीय वार्ताएं भी करेंगे। जी-7 देशों में कनाडा, फ्रांस, जर्मनी, इटली, जापान, ब्रिटेन और अमरीका शामिल हैं।
प्रधानमंत्री ने एक ट्वीट में कहा कि वे विश्व नेताओं से सार्थक बातचीत करने के इच्छुक हैं। यात्रा से पहले श्री मोदी ने एक बयान में कहा था कि वे जर्मनी के चांसलर ओलाफ शोल्ज़ के निमंत्रण पर जी-7 शिखर सम्मेलन में भाग लेने के लिए जर्मनी जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि पिछले महीने भारत-जर्मनी अंतर सरकारी परामर्श के बाद श्री शोल्ज़ से फिर मिलना काफी सुखद होगा। जर्मनी ने अर्जेंटीना, इंडोनेशिया, सेनेगल और दक्षिण अफ्रीका जैसे लोकतांत्रिक देशों को भी सम्मेलन में आमंत्रित किया है। इसमें यूरोपीय संघ का प्रतिनिधित्व यूरोपीय परिषद के अध्यक्ष चार्ल्स माइकल और यूरोपीय आयोग की अध्यक्ष उर्सुला वोन डेर लियन करेंगी।
प्रधानमंत्री ने कहा कि वे जर्मनी में यूरोप के विभिन्न देशों में रह रहे भारतीय समुदाय के लोगों से भी मिलने के उत्सुक हैं जो उन देशों के साथ भारत के संबंधों को समृद्ध करते हुए उनकी अर्थव्यवस्था में महत्वपूर्ण योगदान दे रहे हैं।
जी-7 शिखर सम्मेलन महत्वपूर्ण वैश्विक मुद्दों पर व्यापक विचार-विमर्श के लिए सदस्य देशों को एक साथ लाने का प्रभावी मंच है। इस वर्ष शिखर सम्मेलन उथल-पुथल के इस दौर में प्रगति, शांति, सुरक्षा और समृद्धि पर बल देते हुए एकता का सशक्त संदेश देने का महत्वपूर्ण अवसर है। सम्मेलन के सात सत्रों में वैश्विक अर्थव्यवस्था, विकासशील देशों की भागीदारी, विदेश और सुरक्षा नीति, खाद्य सुरक्षा, बहुपक्षवाद और डिजिटल बदलाव जैसे विभिन्न मुद्दों पर विचार-विमर्श किया जाएगा।
जर्मनी से वापस लौटते हुए श्री मोदी संयुक्त अरब अमारात के अबू धाबी में रूकेंगे। वे मंगलवार को वहां के राष्ट्रपति और अबू धाबी के शासक शेख मोहम्मद बिन जायद अल नहयान से मुलाकात करेंगे। इस अवसर पर श्री मोदी अमारात के पूर्व राष्ट्रपति और अबू धाबी के शासक शेख खलीफा बिन जायेद अल नहयान के निधन पर व्यक्तिगत रूप से संवेदना व्यक्त करेंगे।