दुनिया-जगत

पाकिस्तान की विधानसभा में मर्यादा तार-तार, महिला विधायक से छेड़खानी, सैकड़ों की भीड़ में खींचा दुपट्टा

इस्लामाबाद (छत्तीसगढ़ दर्पण)। पाकिस्तान की संसद में हाथ-पाई की घटना आम बात है। वहां पहले भी जनप्रतिनिधियों द्वारा एक दूसरे पर हमला करने की खबरें आती रही हैं। लेकिन सोमवार को विधानसभा में इस हाथापाई ने उस वक्त बदसूरत मोड़ ले लिया जब पीपीपी के एक विधायक ने कथित तौर पर पीटीआई की महिला विधायक दुआ भुट्टो का दुपट्टा छीन लिया। 

विधायक ने की माफी की मांग 
यह घटना पाकिस्तान के सिंध प्रांत के विधानसभा की है। इस घटना पर आपत्ति जताते हुए पीटीआई की नेता राबिया अजफर निजामी ने पीपीपी के विधायक से माफी की मांग की है। उन्होंने सिंध विधानसभा की डिप्टी स्पीकर रेहाना लेघारी से कहा कि इस घटना पर उन्होंने अब तक कोई कार्रवाई नहीं की है, जिससे महिला विधायकों को निराशा हुई है। 

डिप्टी स्पीकर से की शिकायत 
राबिया ने डिप्टी स्पीकर से कहा, 'आपके ऊपर हमें मान था, लेकिन आपसे मान टूटा है, इस एसेंबली के अंदर एक खातून का दुपट्टा खींचा गया। हम आपके पास आए...आज छठा दिन है...बल्कि सातवां दिन है। हमने इंतजार किया कि आपकी रिपोर्ट आ जाएगी। इससे ज्यादा नहीं मांगा था हमने... हमने कहा था कोई कमिटी नहीं चाहिए, कोई जांच नहीं चाहिए। पीपीपी विधायक को बस आप ये बोलते कि वो खड़े होकर विधानसभा में माफी मांगें लेकिन आपने ऐसा नहीं किया। 

डिप्टी स्पीकर ने दिया आश्वासन 
राबिया ने आगे कहा कि आपने अपना कमिटमेंट पूरा नहीं किया। मुझे किसी और से गिला नहीं... आप खुद एक औरत हैं.. आप जिस कुर्सी पर बैठी हैं, उससे मान था हमारा, हमारा मान टूटा है। डिप्टी स्पीकर ने राबिया को समझाने की कोशिश की कि अभी भी बहुत देर नहीं हुई है और उन्हें निराश नहीं होना चाहिए। उन्होंने कहा, 'मेरे पास रिपोर्ट आ जाए और उसके बाद अगर दोषी के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं होती... फिर आप निराश होइएगा। ऐसा मत कहिए। अभी रिपोर्ट आनी बाकी है। 

बीते सोमवार की है घटना 
डिप्टी स्पीकर की बातों से पीटीआई विधायक जरा भी संतुष्ट नहीं हुईं और उन्होंने अपनी बात जारी रखते हुए कहा कि जांच हो या न हो, उन्हें कोई फर्क नहीं पड़ता, सभा में उनका मान टूटा है। बता दें कि सोमवार को सिंध की विधानसभा को संबोधित करते हुए दुआ भुट्टो, जो विपक्ष के नेता हलीम आदिल शेख की पत्नी भी हैं, ने पीपीपी सांसदों पर एक दिन पहले उनके साथ कथित तौर पर छेड़छाड़ करने का आरोप लगाया था। उन्होंने कहा था- मेरा दुपट्टा उतार दिया गया। जो अपनी मां या बहनों का सम्मान नहीं करते, वे ही ऐसा कर सकते हैं। 

Leave Your Comment

Click to reload image