बोरवेल में गिरे 8 साल के तन्मय की मौत, सीएम ने जताया शोक, किया मुआवजे का ऐलान...
बैतूल (छत्तीसगढ़ दर्पण)। मध्य प्रदेश के बैतूल में बोरवेल में गिरे आठ साल के तन्मय को बचाया नहीं जा सका, शनिवार सुबह 6 बजे उन्हें बोरवेल से बाहर निकाला गया, लेकिन मौके पर मौजूद मेडिकल टीम ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेजा गया।
जानकारी के मुताबिक, पोस्टमार्टम के बाद शव को परिजनों को सौंप दिया गया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में चेस्ट कन्जेकशन और रिब्स ब्रेक होना मौत की वजह पाया गया। वहीं परिजनों ने बैतूल जिला अस्पताल से शव को लेकर मांडवी गांव के लिए रवाना हुए।
सीएम शिवराज सिंह चौहान ने ट्वीट कर कहा कि 'दुःख की इस घड़ी में तन्मय का परिवार स्वयं को अकेला न समझे, मैं और संपूर्ण मध्य प्रदेश परिवार के साथ है। राज्य सरकार की ओर से पीड़ित परिवार को 4 लाख की आर्थिक सहायता दी जायेगी। ईश्वर दिवंगत आत्मा को अपने श्री चरणों में स्थान दें। विनम्र श्रद्धांजलि!
55 फीट में फंसा था तन्मय
मध्य प्रदेश के बैतूल में 8 साल का तन्मय 6 दिसंबर मंगलवार शाम से ही बोरवेल में फंसा हुआ था। 55 फीट की गहराई पर फंसे तन्मय को बचाने के लिए 62 घंटे से राहत कार्य जारी था, लेकिन पानी और पत्थरों की वजह से प्रशासन को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा था और मासूम के रेस्क्यू में देर होती जा रही थी। जानकारी के मुताबिक, प्रशासन तन्मय की पहुंच से काफी दूर थे। बच्चे को डायरेक्ट बोरवेल से निकालना मुश्किल था, इसलिए टीम ने बगल में एक गड्ढा खोदकर सुरंग के जरिए तन्मय तक पहुंचने का प्लान बनाया था। कल तक 8 फीट तक सुरंग खोदी जा चुकी थी, लेकिन 2 फीट बाकी थी। बचाव दल शनिवार सुबह सुरंग तक पहुंचे, लेकिन तब तक तन्मय की सांसें थम चुकी थी।

