स्वस्थ्य सुविधाओं का विस्तार कर लोगों तक पहुंचाना हमारी प्राथमिकताः सिंहदेव
स्वास्थ्य मंत्री ने किया मंगरढोढ़ा में हमर क्लिनिक का उद्घाटन
अम्बिकापुर (छत्तीसगढ़ दर्पण)। छत्तीसगढ़ शासन के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री टीएस सिंहदेव ने बुधवार को वार्ड क्रमांक-22 के मंगरढोढा में हमर क्लिनिक का फीता काटकर उद्घाटन किया। उन्होंने उद्घाटन के पश्चात अधिकारियों के साथ हमर क्लिनिक का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और बेहतर निर्माण के लिए सराहना किया। श्री सिंहदेव ने स्थानीय पार्षदों की मांग पर मंगरढोढा में सामुदायिक भवन निर्माण के लिए 5 लाख देने तथा गांधीनगर वार्ड में हमर क्लिनिक खोलने की घोषणा की। कार्यक्रम में मितानिन दिवस के अवसर पर मितानिनों को उपहार भेंट कर सम्मानित किया गया।
मंत्री श्री सिंहदेव ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि स्वास्थ्य सुविधाआें का विस्तार कर लोगों तक पहुंचाना हमारी सरकार की प्राथमिकता है इसी कड़ी में अपने मोहल्ले में ओपीडी की सुविधा, खून जांच की सुविधा के लिए हमर क्लिनिक की शुरुआत की जा रही है। इस क्लिनिक से लोगों को ओपीडी और जांच के लिए जिला अस्पताल जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी। 15 वे वित्त के राशि का सदुपयोग करते हुए प्रदेश में पहले चरण में 183 हमर क्लिनिक खोला जा रहा है। सरगुज़ा जिले में अब तक 16 हमर क्लिनिक की स्वीकृति मिल चुकी है जिसमें से 3 का उद्घाटन हो चुका है। इन्होंने कहा कि हमर क्लिनिक के ओपीडी में प्रातः 9 से दोपहर 1 बजे तक तथा संध्या 5 से 8 बजे तक 2 शिफ्ट में एमबीबीएस डॉक्टर उपलब्ध रहेंगे। शेष समय मे स्टॉफ नर्स व फार्मासिस्ट हमेशा उपलब्ध रहेंगे। इस क्लिनिक में अभी 10 प्रकार की खून जांच निःशुल्क होगी। अन्य जांच के लिए खून का सैम्पल जिला अस्पताल को भेजी जाएगी लेकिन रिपोर्ट यहीं मिल जाएगी। मोबाइल से सूचना भी मिलेगी। इसीप्रकार करीब 121 प्रकार की दवाइयां यहां मुफ्त मिलेगी। इस संस्था का भरपूर उपयोग करें और किसी प्रकार की दिक्कत हो तो स्थानीय जनप्रतिनिधि तथा अधिकारियों को बताएं।

