छत्तीसगढ़

4 साल में हुआ बैंकिंग सुविधाओं का विस्तार, बीसी सखी कर रही पंचायत स्तर पर खाता के माध्यम से भुगतान

 जिला सीईओ ने अंदरूनी पंचायतों में भुगतान प्रक्रिया का लिया जायजा

बीजापुर (छत्तीसगढ़ दर्पण)। जिला बीजापुर में बैंकिंग क्षेत्र में विस्तार की आवश्यकता लगातार महसूस की जाती रही है। बैंकिंग सुविधाओं के अभाव में शासकीय योजनाओं से ग्रामीणों को लाभान्वित करना जिला प्रशासन के लिए एक बड़ी समस्या रही है। जिले में सभी बैंको के मात्र 38 शाखाएं ही संचालित है, जिसके कारण सुदूर ग्रामीण क्षेत्रों में बैंकिंग सेवा से हितग्राहियों को जोडऩा कठिन था। प्राय: यह देखने में आ रहा था, कि वंचित समुदाय व जरूरतमंदों के पास बैंक खाते नहीं होने के कारण वे शासकीय योजनाओं के लाभ से वंचित हो रहे थे। किंतु विगत 4 साल में जिला प्रशासन की ओर से लगातार प्रयास किये जा रहे हैं। 

कलेक्टर राजेन्द्र कटारा ने हाल ही में 66 ग्राम पंचायतों में एयरटेल पेमेंट बैंक और बीसी सखी के माध्यम से बैंकिग सेवा पहुंचाने की कार्ययोजना तैयार कर उसमें अमल भी होने लगे है। इन 66 ग्राम पंचायतों में एयरटेल पेमेंट बैंक और बीसी सखी के माध्यम से हितग्राहियों तक बैंकिंग सेवा पहुंचाई जा रही है। हितग्राहियों को भुगतान का जायजा लेने के लिए शनिवार को जिला पंचायत मुख्य कार्यपालन अधिकारी रवि कुमार साहू ने ग्राम पंचायत हीरापुर के बीसी सखी कविता कड़ती से खाते से 500 रुपए का ट्राजेंक्सन कर डिजिटल प्रणाली का अवलोकन किया। बीसी सखी ने जिला पंचायत सीईओ को अवगत कराया कि वो प्रतिदिन 25 हजार से अधिक राशि का ट्राजेंक्सन कर लेती है। डिजिटल बैंकिंग प्रणाली और बीसी सखी के माध्यम से जिले में केन्द्रीय योजनाओं जैसे एनआरएलएम के अंतर्गत महिला स्व सहायता समूह की महिलाओं के आपसी लेन-देन की राशि का हस्तांतरण, महात्मा गांधी नरेगा के श्रमिकों को मजदूरी भुगतान, सामाजिक सुरक्षा पेंशन की राशि के अलावा अन्य शासकीय योजनाओं की राशि हितग्राहियों तक पहुंचाई जा रही है।

Leave Your Comment

Click to reload image