छत्तीसगढ़

जिला अस्पताल में निःशुल्क डायलिसिस सुविधा से मरीजों को मिली राहत

 जांजगीर चांपा (छत्तीसगढ़ दर्पण)। छत्तीसगढ़ में मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के नेतृत्व में जन-जन तक स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाने की दिशा में निरंतर काम हो रहा है। इसी कड़ी में जिला अस्पतालों में किडनी की समस्या से ग्रस्त मरीजों के लिए डायलिसिस की सुविधा शुरु की गई है। जिला अस्पतालों में मरीजों को यह सुविधा निःशुल्क प्रदान की जा रही है। ऐसे में जिला कलेक्टर तारन प्रकाश सिन्हा के विशेष प्रयासों से जिला चिकित्सालय जांजगीर में डायलिसिस यूनिट में मरीजों को निःशुल्क स्वास्थ्य सेवाएं अबाधित रूप से दी जा रही है। इससे जिले के डायलिसिस की सुविधा लेने वाले मरीजों को बड़ी राहत मिली है। जांजगीर के जिला चिकित्सालय में रोजाना औसतन 10 डायलिसिस हो रहे हैं। जिला चिकित्सालय में डायलिसिस की सुविधा शुरु होने के बाद से अब तक 1621 बार डायलिसिस की प्रक्रिया की जा चुकी है।

स्वास्थ्य विभाग की जानकारी के अनुसार मुख्यमंत्री की मंशा अनुरूप जिला चिकित्सालय जांजगीर में 29 अप्रैल से 5 बिस्तरीय डायलिसिस की सुविधाएं प्रारंभ की  है, जो निरंतर उपलब्ध कराई जा रही है। जिला चिकित्सालय में वर्तमान में कुल 26 मरीज डायलिसिस का निःशुल्क लाभ ले रहे हैं। जिले में अभी तक कुल 1621 बार डायलिसिस किया जा चुका है। ज्ञात हो  कि जिला चिकित्सालय में डायलिसिस यूनिट के प्रारंभ होने से पहले मरीजों को रायगढ़, बिलासपुर कोरबा और रायपुर के अस्पतालों पर निर्भर रहना पड़ता था, जिससे उनके समय के साथ आर्थिक रूप से भी परेशानी का सामना करना पड़ता था। जांजगीर जिला चिकित्सालय में ही डायलिसिस सुविधा शुरु होने से अब मरीजों को अन्य जिले जाने की जरूरत नहीं पड़ती और  जिले के किडनी संबंधी बीमारी से ग्रसित मरीजों को डायलिसिस कराने दूर शहर जाने और इलाज के महंगे खर्चों से भी राहत मिल रही है।

जिला चिकित्सालय में डायलिसिस की 5 मशीनें हैं और  प्रतिदिन लगभग 10 डायलिसिस होता है। जिला प्रशासन के सहयोग से स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग जांजगीर-चाम्पा जिले के आम जनमानस को बेहतर स्वास्थ्य सुविधा प्रदान करने के लिए इस दिशा में लगातार कार्य कर रहा है। जिले के स्वास्थ्य सुविधाओं को भी सुदृढ़ बनाया जा रहा है। जिला चिकित्सालय में डायलिसिस यूनिट होने से समय पर उपचार सुनिश्चित होने से मरीज की जान बचाई जा रही है। साथ ही निःशुल्क सुविधा होने से उपचार में आने वाले खर्च से भी लोगों को बड़ी राहत मिल रही है। डायलिसिस सेवा ले रहे मरीज चिकित्सालय की व्यवस्थाओं और  मरीजों को प्रदान की जा रही सेवाओं के संबंध में संतुष्टि व्यक्त कर रहे हैं।

 

 

Leave Your Comment

Click to reload image