विधानसभा उपचुनाव के लिए भाजपा ने नियुक्त किए पर्यवेक्षक
रायपुर (छत्तीसगढ़ दर्पण)। भानुप्रतापपुर विधानसभा के लिए उपचुनाव की घोषणा के बाद भाजपा ने प्रत्याशी चयन के लिए पर्यवेक्षकों की नियुक्ति की है। इनकी अगुआई पूर्व मंत्री रामविचार नेताम करेंगे। भाजपा ने 4 पर्यवेक्षक नियुक्त किए हैं, जो क्षेत्र का दौरा करेंगे और स्थानीय कार्यकर्ताओं से रायशुमारी करेंगे।
पर्यवेक्षकों में राजनांदगांव के सांसद संतोष पांडेय, शिवरतन शर्मा, और धमतरी विधायक रंजना साहू हैं। पर्यवेक्षक प्रदेश भाजपा को रिपोर्ट सौपेंगे, इसके बाद चुनाव समिति की बैठक बुलाकर पैनल तैयार किया जाएगा। खबर है कि 10 या 11 नवंबर को प्रत्याशी की अधिकृत घोषणा हो सकती है। दावेदारों में पूर्व विधायक ब्रम्हानंद नेताम, परमानंद त्रेता, डॉ. गंभीर सिंह ठाकुर और हेमंत ठाकुर सहित कई नाम है।

