आईएएस विश्नोई की पत्नी ने ईडी पर लगाए गंभीर आरोप, सीएम को सौंपा पत्र...
रायपुर (छत्तीसगढ़ दर्पण)। ईडी ने आईएएस अधिकारी समीर विश्नोई को गिरफ्तार कर गुरुवार को अदालत में पेश किया। जहां से उन्हें और सुनील अग्रवाल, लक्ष्मीकांत तिवारी को 8-8 दिनों की रिमांड पर भेज दिया गया। इस दौरान समीर विशनोई की पत्नी प्रीति विशनोई ने ईडी पर गंभीर आरोप लगाए हैं। प्रीति सिंह ने मुख्यमंत्री बघेल से मामले की शिकायत की है।
प्रीती विश्नोई ने पुलिस लाइन हेलीपैड पर मुख्यमंत्री बघेल को तीन पेज का एक पत्र सौंपा। सीएम शाम को ही सक्ती जिले के दौरे से लौटे थे। पत्र में ईडी के खिलाफ गंभीर आरोप है। पत्र में कहा गया है कि ईडी के अधिकारियों ने समीर व उनकी पत्नी को धमकाया और कहा कि हम जो कह रहे हैं वही बयान दो। बात नहीं मानने पर जेल में सड़ा देने की धमकी दी गई है और करियर बर्बाद करने की बात कही गई है। शिकायत के मुताबिक ईडी ने मुख्यमंत्री समेत अन्य लोगों का नाम लेने के लिए भी कहा। इसके साथ ही कई कागजों पर जबरन हस्ताक्षर करवाए गए हैं। कहा गया है कि आप लोग हमारे अनुसार कथन दें, तथा सरकारी गवाह बन जाएं नहीं तो हम आपको जेल में सड़ा देंगे।

