छत्तीसगढ़

गढत हे नवा छत्तीसगढ़ : प्रदेश की आंचलिक खबरें एक नजर में

कांकेर : ई-जनचौपाल में 22 आवेदकों ने बताई कलेक्टर को अपनी समस्या

सोमवार को आयोजित ई-जनचौपाल में 22 लोगों  ने कलेक्टर डॉ. प्रियंका शुक्ला को अपनी समस्या बताई, जिनके निराकरण के लिए उनके द्वारा संबंधित विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया गया है। ई-जनचौपाल में आज अंतागढ़ विकासखंड से 3, चारामा व भानुप्रतापपुर विकासखंड के 01-01 और नरहरपुर विकासखंड से 2 व्यक्तियों ने वीडियो कॉन्फ्रेसिंग के जरिये कलेक्टर को अपनी समस्या बताई।

कोण्डागांव : विश्व मानसिक स्वास्थ्य दिवस पर कलेक्ट्रेट में हुआ नुक्कड़-नाटक

सोमवार को कलेक्ट्रेट कार्यालय में स्वास्थ्य विभाग के कार्यकर्ताओं की ओर से 10 अक्टूबर विश्व मानसिक स्वास्थ्य दिवस के अवसर पर लोगों को मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करने के लिए नुक्कड़-नाटक का आयोजन किया गया। जिले में कलेक्टर दीपक सोनी के मार्गदर्शन में संवेदना कार्यक्रम के अंतर्गत मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता लाने के लिए कार्यक्रम चलाये जा रहे हैं।

बलौदाबाजार : 15 दिनों के भीतर मिलेगी शहर को दो बड़ी सौगातें, गढ़कलेवा व आडोटोरियम की होगी जल्द ही शुरुआत

कलेक्टर बंसल के निर्देश पर जिला मुख्यालय को 15 दिनों के भीतर दो बड़ी सौगाते मिलनें वाली है। पहली ग्रामीण यंत्रिकी सेवा विभाग की ओर से बनाएं जा रहें 9 लाख 20 हजार रुपए के गढ़कलेवा व दूसरी लोक निर्माण विभाग की ओर से बनाएं जा रहें लगभग 5 करोड़ रुपये के अत्याधुनिक आडोटोरियम। दोनों के प्रारंभ होने से जिला मुख्यालय के सुन्दरता बढऩे के साथ ही सुविधाओं में विस्तार व नगर को एक नयी पहचान मिलेंगी।

कोरिया : आयुष्मान भारत जागरूकता ऑनलाईन प्रश्नोत्तरी में कक्षा 9वीं से 12वीं तक के विद्यार्थी ले सकेंगे हिस्सा

मुख्य चिकित्सा व स्वास्थ्य अधिकारी ने बताया कि जिले में आयुष्मान भारत जागरूकता ऑनलाईन प्रश्नोत्तरी का आयोजन राज्य नोडल एजेंसी, आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना, डॉ. खूबचन्द बघेल स्वास्थ्य सहायता योजना रायपुर द्वारा कक्षा 9वीं से 12वीं  तक के छात्र-छात्राओं के लिए किया जा रहा है, वेबपोर्टल के माध्यम से छात्रों को वैकल्पिक प्रश्नों के उत्तर देने होंगे और सही जवाब देने वालों को ऑनलाईन सहभागिता प्रमाण पत्र उनके व्हाट्सएप नंबर पर उपलब्ध करा दिया जाएगा।

गौरेला-पेंड्रा-मरवाही : ग्रामीण क्षेत्रों में छत्तीसगढिय़ा ओलंपिक की धूम

छत्तीसगढिय़ा ओलंपिक के तहत राजीव युवा मितान क्लब स्तर पर विगत 6 अक्टूबर से प्रदेश की 14 पारंपरिक खेलों का आयोजन किया जा रहा है। ओलंपिक के पांचवेे दिन आज जिले के विभिन्न ग्राम पंचायतों और नगरीय क्षेत्रों में 18 वर्ष तक के तथा 18 से 40 वर्ष आयुवर्ग के प्रतिभगियों ने कबड्डी, खो-खो, 100 मीटर दौड़, लम्बी कूद, रस्साकसी, गिल्लीडंडा, बिल्लस, लंगड़ी दौड़ आदि खेलों में उत्साह से भाग लिया। 

बालोद : मंत्री ताम्रध्वज साहू ग्राम सिवनी में शहीद नारद निषाद की प्रतिमा का किया अनावरण

प्रदेश के लोक निर्माण, गृह, जेल, धार्मिक न्यास व धर्मस्व, पर्यटन मंत्री ताम्रध्वज साहू ने आज जिले के ग्राम सिवनी में शहीद नारद निषाद की प्रतिमा का अनावरण कर उन्हें पुष्पांजलि अर्पित करते हुए नमन किया। इस अवसर पर प्रदेश की महिला व बाल विकास तथा समाज कल्याण मंत्री अनिला भेंडिया, संसदीय सचिव व गुण्डरदेही विधायक कुंवर सिंह निषाद और संजारी-बालोद विधायक संगीता सिन्हा ने भी शहीद की प्रतिमा को नमन किया। 

बेमेतरा : गौ-मूत्र से निर्मित उत्पाद से कृषकों एवं स्वसहायता समूहों की आय में हो रही वृद्धि

छ.ग. शासन की फ्लैगशिप योजना नरवा, गरुवा, घुरुवा, बाड़ी योजनांतर्गत गौ-मूत्र क्रय व इससे निर्मित उत्पाद से कृषकों एवं स्वसहायता समूहों की आय में वृद्धि हो रही है। विदित हो कि जिला बेमेतरा के गौठान मौहाभाठा व गौठान ओडिया विकासखंड साजा में 20 जुलाई 2022 को गौ-मूत्र क्रय प्रारंभ किया गया है। इस योजना में स्व-सहायता समूह की महिलाओं की ओर से गांव के कृषकों से गौ-मूत्र क्रय किया जा रहा है। 

बीजापुर : पारंपरिक खेलों के आयोजन से भावी पीढ़ी को पारंपरिक खेलों को मिल रही जानकारी : बेनहूर रावतिया

नगरपालिका बीजापुर क्षेत्र में छत्तीसगढिया ओलंपिक में खिलाडिय़ों को उत्साहवर्धन करते हुए नगरपालिका के अध्यक्ष बेनहूर रावतिया ने छत्तीसगढिया ओलंपिक के आयोजन पर मुख्यमंत्री भूपेश बघेल को धन्यवाद ज्ञापित करते हुए कहा कि अपनी परंपरा व संस्कृति को जीवंत बनाए रखने के लिए मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की ओर से अभिनव पहल की जा रही है।

दुर्ग : केंद्रीय कार्यशाला दुर्ग का होगा रिवाइवल, पहले की तरह अपनी पूरी कैपेसिटी में काम करेगी यूनिट, इसके लिए बनेगी कार्ययोजना

भिलाई स्थित केंद्रीय कर्मशाला के रिवाइवल के लिए प्रोजेक्ट बनाने के निर्देश कलेक्टर पुष्पेंद्र कुमार मीणा ने दिए। कलेक्टर मीणा आज वर्कशॉप के निरीक्षण के लिए पहुंचे थे। उनके साथ मुख्यमंत्री के ओएसडी मनीष बंछोर भी मौजूद रहे।

जांजगीर-चांपा : छत्तीसगढिय़ा ओलंपिक: क्या बच्चा, क्या बुजुर्ग, युवा, महिला और पुरुष सहित सभी आयु वर्ग के प्रतिभागी उत्साहपूर्वक ले रहे भाग

मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के मंशानुसार कलेक्टर तारन प्रकाश सिन्हा के मार्गदर्शन में छत्तीसगढ़ के पारंपरिक और स्थानीय खेलों को बढ़ावा देने जिले में छत्तीसगढिय़ा ओलंपिक का आयोजन किया जा रहा है। 6 अक्टूबर से शुरू हुए छत्तीसगढिय़ा ओलंपिक में बच्चे, बुजुर्ग, युवा, महिला, पुरुष सहित सभी आयु वर्ग के प्रतिभागी स्वस्फुर्त बढ़-चढ़कर हिस्सा ले रहे हैं।

जगदलपुर : धान की फसल में पेनिकल माइट के आक्रमण से बचाव के लिए कृषि विभाग ने दी सलाह

राज्य के कुछ जिलों में धान की खेतों में एक अदृश्य मकड़ी ने हमला बोल दिया है, जिसका वैज्ञानिक नाम स्टेनोटासनेमस स्पिंकी है यह एक ऐसा माईट ध् मकड़ी है जो पोषक तत्वों को चूस कर धान में बालियां बनने नहीं देता है यह शुष्क भूमि में तेजी से फैलता है। 

जशपुरनगर : कलेक्टर ने पहुंच विहीन क्षेत्रों तक लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के दिए निर्देश

कलेक्टर डॉ. रवि मित्तल ने आज कलेक्टोरेट सभाकक्ष में स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा बैठक लेकर स्वास्थ्य सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने दूरस्थ और पहुंच विहीन क्षेत्रों तक लोगों तक बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य सुविधाएं में किसी तरह की लापरवाही नहीं चलेगी इसका विशेष ध्यान रखें।

कोरबा : नगरीय निकाय एवं निवेश क्षेत्र में अवैध भवनों का होगा नियमितीकरण

नगरीय निकाय व नगर तथा ग्राम निवेश क्षेत्र अंतर्गत 14 जुलाई 2022 से पूर्व निर्मित अवैध भवनों का नियमितिकरण होगा। इस संबंध में छत्तीसगढ़ अनाधिकृत विकास का नियमितिकरण अधिनियम 2002 संशोधित अधिनियम, 2022 14 जुलाई 2022 को अधिसूचना घोषित किया जा चुका है।

कोरबा : जिला प्रशासन के सहयोग से किसानों की मेहनत ला रही रंग

कलेक्टर संजीव झा के मार्गदर्शन में विभागीय सहयोग से जिले के किसानों की मेहनत रंग ला रही है। प्रशासन की ओर से किसानों को उन्नत खेती करने और अधिक आर्थिक लाभ प्रदान करने के उद्देश्य से उचित सहयोग प्रदान किया जा रहा है। किसानों को आवश्यक तकनीकी मार्गदर्शन के साथ खाद, बीज और खेती किसानी के उपकरण भी उपलब्ध कराए जा रहे हैं।

कोरबा : प्रधानमंत्री गरीब कल्याण योजना अंतर्गत दिसंबर 2022 तक चावल का आबंटन जारी

प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना के अंतर्गत माह अक्टूबर से दिसम्बर 2022 तक योजना का विस्तार करते हुए चावल का आबंटन जारी किया गया है। राज्य की उचित मूल्य दुकानों में माह अक्टूबर 2022 के खाद्यान्न का भंडारण किया जा चुका है। राज्य शासन की ओर से निर्धारित उपभोक्ता दर पर खाद्यान्न का वितरण हितग्राहियों को करने के निर्देश जारी किए गए है।

मुंगेली : जिला चिकित्सालय मुंगेली में एक मरीज के हाथ का हुआ सफल ऑपरेशन

जिला चिकित्सालय में विगत दिनों नवागढ़ के एक मरीज के हाथ का सफल ऑपरेशन किया गया। इससे मरीज को नया जीवन प्राप्त हुआ। सिविल सर्जन सह मुख्य अस्पताल अधीक्षक आनंद मांझी ने बताया कि दो माह पूर्व एक झोला छाप डॉक्टर के द्वारा बेमेतरा जिले के नवागढ़ की रोशनी सोनकर को गलत तरीके से इंजेक्शन लगाए जाने के कारण उनके बाएं हाथ की भुजा में मवाद भर गया था। 

रायगढ़ : लक्ष्य प्राप्ति के लिए दृढ़ संकल्प और सकारात्मक सोच है जरुरी : राज्यपाल उइके

राज्यपाल अनुसुईया उइके अपने एक दिवसीय रायगढ़ प्रवास के दौरान आज ओपी जिंदल विश्वविद्यालय के द्वितीय दीक्षांत समारोह में शामिल हुई। यहां उन्होंने उपाधि प्राप्त छात्रों को बधाई  देते हुए कहा की दीक्षांत समारोह आपके जीवन के एक महत्वपूर्ण चरण के पूरा होने का प्रतीक है।

गरियाबंद : मुख्यमंत्री शहरी स्लम स्वास्थ्य योजना से लोगों को मिल रही बेहतर स्वास्थ्य सुविधा

मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के लोगों के प्रति संवेदनशील सोच से आज प्रदेश के हर वर्ग के लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिल रही है। प्रदेश में लोगों को घर के नजदीक ही नि:शुल्क और उत्तम स्वास्थ्य सुविधा मुहैया कराने के लिए छत्तीसगढ़ शासन लगातार प्रयासरत है।

Leave Your Comment

Click to reload image