अवैध खनन पर प्रशासन की बड़ी कार्रवाई, 12 वाहन जब्त
बलौदाबाजार (छत्तीसगढ़ दर्पण)। कलेक्टर बंसल के निर्देश पर जिले में अवैध रेत व चूना पत्थर खनन व परिवहन के मामलों में तेज़ी से कार्रवाई की जा रही है। अवैध खनन और भंडारण के विरुद्ध प्रशासन की ओर से विगत एक सप्ताह से सख्त कार्रवाई की जा रही है। खनिज विभाग की ओर से सिमगा तहसील अंतर्गत सुहेला क्षेत्र में व कसडोल तहसील अंतर्गत गिधौरी क्षेत्र में अवैध परिवहन करते हुए 12 वाहनों को जप्त किया गया है। जिसमें 6 हाईवा व 6 ट्रैक्टर शामिल है। जिला खनिज अधिकारी के के बंजारे के नेतृत्व में उक्त कार्रवाई किया गया है।
खनिज अधिकारी बंजारे ने बताया की उक्त वाहनों में 3 हाइवा व 1 ट्रैक्टर में रेत, 3 हाइवा व 5 ट्रैक्टर में खनिज चूना पत्थर गिट्टी का अवैध परिवहन किया जा रहा था। उक्त अवैध परिवहन हो रहे वाहनों से लगभग 2 लाख 50 हजार जुर्माने की वसूली खनिज विभाग की ओर से की जाएगी। सभी वाहनों को जब्त कर निकट थाना में सुपुर्दगी में रखा गया है। उक्त कार्रवाई छत्तीसगढ़ गौण खनिज नियम 2015 व एमएमडीआर एक्ट 1957 की धारा 21 से 23 के अंतर्गत किया गया है। इन वाहन मालिकों पर नियमानुसार जुर्माने की कार्रवाई की जा रही है। गौरतलब है की कलेक्टर रजत बंसल ने जिले में रेत सहित अन्य अवैध कारोबार के मामले में अधिकारियों को कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश जारी किए हैं। बंजारे ने कहा है कि ऐसी कार्रवाईयां आगे भी जारी रहेंगी। अवैध रेत खनन व मरुम, चुनापत्थर उत्खनन करने वालों पर प्रशासन की पैनी नजर है और ऐसे अवैध धंधे व परिवहन करते पकड़े जाने पर सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी।

