स्वच्छता के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान पर जेंजरा की सरपंच हीरामणी साहू दिल्ली में साझा करेंगी अपने अनुभव
गरियाबंद (छत्तीसगढ़ दर्पण)। राजधानी रायपुर से 100 किमी की दूरी पर स्थित जिला गरियाबंद के जेंजरा ग्राम पंचायत की सरपंच हीरामणी साहू के द्वारा अपने गांव को स्वच्छ बनाने के लिए दिये गये योगदान के कारण उन्हें नई दिल्ली में 2 अक्टूबर गांधी की जयंती के दिन आयोजित स्वच्छ भारत दिवस कार्यक्रम में शामिल होने का न्योता मिला है।
उक्त कार्यक्रम में सरपंच हीरामणी की ओर से अपने गांव में किये जा रहे स्वच्छता के अभूतपूर्व कार्यो को साझा करने का मौका मिलेगा। यह कार्यक्रम पेयजल व स्वच्छता विभाग, जल शक्ति मंत्रालय की ओर से नई दिल्ली के विज्ञान भवन में आयोजित किया जा रहा है। इस कार्यक्रम में पूरे प्रदेश से 11 लोगों का चयन हुआ है, जिसमें 6 महिलाएं व 5 पुरुष शामिल है। रायपुर से दिल्ली आने जाने के लिए हवाई यात्रा, भोजन व ठहरने की व्यवस्था राज्य स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) की ओर से किया गया है।

