जल जीवन मिशन : निर्माण कार्यों को अनुबंधित सुरक्षा मानदंडों का पालन कर शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश
कांकेर (छत्तीसगढ़ दर्पण)। जल जीवन मिशन अंतर्गत समस्त ठेकेदारों की ओर से किए जा रहे निर्माण कार्यों की समीक्षा लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी खंड कांकेर के कार्यपालन अभियंता एस.आर. नेताम की अध्यक्षता में जिला पंचायत के सभा कक्ष में गत दिवस बैठक हुई।
लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी, खंड कांकेर में जल जीवन मिशन अंतर्गत अनुबंधित सिंगल विलेज योजना, रेट्रोफिटिंग योजना, सोलर आधारित हर घर नल, हर घर जल योजना में कार्य कर रहे समस्त ठेकेदारों एवं टी.पी.आई प्रतिनिधियों के साथ प्रगतिरत कार्यों जैसे क्रियाशील घरेलु नल कनेक्शन, पाईपलाईन, पानी टंकी, विद्युत कनेक्शन, बाउंड्रीवॉल, ग्रामों में हर घर नल हर घर जल प्रमाणीकरण पत्र, दीवार लेखन आदि विषयों पर विस्तृत रूप से समीक्षा की गई व कार्यों में प्रगति लाने के लिए कार्य शीघ्र पूर्ण करने निर्देशित किए। उनके द्वारा ठेकेदारों को निर्माण कार्यों के दौरान अनुबंधित सभी सुरक्षा मापदंडों को कड़ाई से पालन व सभी क्रियाशील घरेलु नल कनेक्शन में क्रमांक अंकित करने निर्देश दिए। उन्होंने जिले में ग्राम वार चल रहे जल जीवन मिशन की तकनीकी एवं प्रगति की जानकारी लेकर ठेकेदारों व टी.पी.आई. को अनुबंधित समय-सीमा में निर्माण कार्यों को गुणवत्तायुक्त बनाने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी उपखंड भानुप्रतापपुर के सहायक अभियंता वाई.के. गुरू, उपखंड कांकेर के सहायक अभियंता जगदीश प्रसाद देशमुख, उपखंड अंतागढ़ के सहायक अभियंता व जल जीवन मिशन जिला नोडल अधिकारी नवीन कुमार साहू, उप अभियंता व्हाई के संगोरिया, एस.के. प्रधान, गिरेन्द्र कुमार साहू, तुला राम मधुकर, कपिल नेताम, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभागखंड कांकेर में जल जीवन मिशन अंतर्गत कार्यरत समस्त ठेकेदार, समस्त थर्ड पार्टी इंस्पेक्शन सहित विभाग के अधिकारी, कर्मचारी उपस्थित थे।

