हिंदुस्तान - Newsportal | Chhattisgarh Darpan Media Group

हिंदुस्तान

हिमाचल प्रदेश चुनाव 2022: ओपिनियन पोल में BJP की शानदारी वापसी, कांग्रेस सत्ता से दूर, AAP का क्या होगा? जानिए


हिमाचल (छत्तीसगढ़ दर्पण)।  हिमाचल प्रदेश में 12 नवंबर को चुनाव हो रहे हैं, लेकिन उससे पांच दिन पहले आए दो ओपिनियन पोल ने राज्य में सत्ता परिवर्तन की परंपरा बदलने की भविष्यवाणी करते हुए भाजपा की शानदार वापसी का अनुमान जताया है। इन ओपिनियन पोल्स के मुताबिक सीटों के मामले में भाजपा की कुछ सीटें कम हो सकती हैं, लेकिन उसे बड़ा बहुमत मिलेगा। जबकि, कांग्रेस की कुछ सीटें बढ़ सकती हैं, लेकिन वह बीजेपी के आसपास कहीं नहीं टिकेगी। जहां तक आम आदमी पार्टी का सवाल है तो इस भविष्यवाणी के मुताबिक फिलहाल वह संघर्ष से बाहर है।

हिमाचल में भाजपा की शानदार वापसी की भविष्यवाणी-सर्वे
हिमाचल प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए 12 नवंबर को वोटिंग होनी है, लेकिन उससे पहले हुए दो-दो ओपिनियन पोल में भारतीय जनता पार्टी की सत्ता में शानदार वापसी की भविष्यवाणी की गई है। हिमाचल प्रदेश में विधानसभा की कुल 68 सीटें हैं और ओपिनियन पोल के लिए पूरे राज्य में सर्वे किया गया है। इसके आधार की गई भविष्यवाणी में राज्य में हर चुनाव में सरकारें बदलने की परंपरा इस बार टूटने की बात की गई है। बीजेपी के लिए खुद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी वोटरो से इसी लाइन पर अपील कर रहे हैं।

भाजपा को 47% समर्थन- एबीपी न्यूज-सी वोटर
हिमाचल विधानसभा चुनाव के लिए प्रचार अभियान पूरे जोरों से चल रहा है। इस दौरान एबीपी न्यूज-सी वोटर सर्वे 2022 के मुताबिक 47 प्रतिशत लोगों ने भाजपा की जीत का समर्थन किया है, जबकि सिर्फ 31 फीसदी लोग ही कांग्रेस की जीत की बात कर रहे हैं। उनमें भी 22 फीसदी इसको लेकर पूरी तरह आश्वस्त नहीं दिखाई दे रहे हैं कि कांग्रेस की जीत होने वाली है। कुल मिलाकर वोटिंग से कुछ दिन पहले आए इन ओपिनियन पोल के नतीजों से भाजपा कार्यकर्ताओं का जोश और बढ़ने की संभावना है।

कांग्रेस को 42% वोट मिलने का अनुमान- इंडिया टीवी-मैट्रिज
उधर इंडिया टीवी-मैट्रिज ओपिनियन पोल ने भी हिमालय के इस प्रदेश में भाजपी की वापसी का अनुमान जताया है। इस पोल के मुताबिक बीजेपी को हिमाचल प्रदेश में 46% वोट मिल सकते हैं, जबकि कांग्रेस को 42 फीसदी वोट मिलने की संभावना है। लेकिन, इस ओपिनियन पोल का नतीजा आम आदमी पार्टी का सपना चकनाचूर कर सकता है। क्योंकि, इसके अनुसार प्रदेश में अरविंद केजरीवाल की पार्टी को महज 2 फीसदी वोट मिलने की संभावना है। इस सर्वे के मुताबिक हिमाचल में 10 फीसदी वोट बाकी पार्टियों और निर्दलीय उम्मीदवारों के खाते में जा सकते हैं।

भाजपा को 41, कांग्रेस को 25 सीट- इंडिया टीवी-मैट्रिज
अगर इंडिया टीवी-मैट्रिज ओपिनियन पोल के नतीजों को सीटों के आधार पर देखें तो 68 सीटों वाली हिमाचल प्रदेश विधानसभा में इसबार बीजेपी को 41 सीटें मिल सकती हैं। यह भविष्यवाणी उसकी मौजूदा 44 सीटों से संख्या में 3 कम है। जबकि, कांग्रेस के खाते में 25 सीटें जाने की संभावना जताई गई है। मतलब, कांग्रेस अपनी 2017 की टैली में 4 सीटें और जोड़ सकती है। आम आदमी पार्टी के लिए तो इस ओपिनियन पोल में अच्छी खबर नहीं दी गई है। इसके मुताबिक पार्टी राज्य में उत्तराखंड की तरह अपना खाता खोल पाने में भी नाकाम रहेगी।

हिमाचल प्रदेश में 12 नंबर को वोटिंग, 8 दिसंबर को मतगणना
चुनाव आयोग ने हिमाचल प्रदेश चुनाव एक ही चरण में करवाने का ऐलान किया है। इसके लिए 12 नवंबर को वोट डाले जाने हैं। प्रदेश में वोटों की गिनती गुजरात के साथ ही 8 दिसंबर को होगी, जहां दिसंबर में दो चरणों में वोटिंग करवाने की घोषणा की गई है। चुनाव के ऐलान के साथ ही हिमाचल में 17 अक्टूबर से आदर्श आचार संहिता लागू हो चुकी है और प्रत्याशियों ने 17 अक्टूबर से 25 अक्टूबर के बीच नामांकन दाखिल कर दिए हैं।
और भी

जब खाद से भरा ट्रक पलटा..... और लोग उठा कर ले जाने लगे खाद की बोरियां

 राजगढ़ (छत्तीसगढ़ दर्पण)। आपदा में भी अवसर ढूंढने वालों की कमीं नहीं हैं। सोमवार को खाद से भरा हुआ एक ट्रक पलट गया। ट्रक के पलटने के साथ ही आसपास लोगों की भीड़ जमा हो गई। इसी के साथ कई लोग खाद के बोरियों को उठाकर खेतों के रास्ते भाग निकले। ट्रक से खाद गायब होता देख ट्रक चालक ने डायल 100 पर सूचना दी। इसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने स्‍थ‍िति को संभाला। 

जानकारी के मुताबिक जीरापुर थाना क्षेत्र के गांव जेतपुरा के समीप शाम के समय खाद से भरा हुआ एक ट्रक अचानक अनियंत्रित होकर पलट गया। ट्रक पलटने के साथ ही खाद की बोरियां सड़क पर बिखर गईं। बोरियां सड़क पर आने के साथ ही राहगीर व आसपास के किसान जमा हो गए। देखते ही देखते नागरिक खाद की बोरियों को उठाकर ले जाने लगे। ट्रक चालक ने नागरिकों को ऐसा करने से रोकना चाहा, लेकिन किसी ने उनकी बात को नहीं सुना और खाद की बोरियां ले गए। इसके बाद उन्होंने डायल 100 को सूचना दी।

डायल 100 पर सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और खाद को लुटने से बचाया गया। ट्रक चालक ने पुलिस को बताया कि यदि कुछ समय और पुलिस नहीं आती तो पूरा खाद यहां से गायब हो जाता और सिर्फ खाली ट्रक ही रह जाता। खाद कहां के लिए जा रहा था इसको लेकर टीम जांच कर रही है। थाना प्रभारी मुकेश गौर ने बताया कि जेतपुरा के समीप ट्रक पलटने की जानकारी मिली थी, हमने पुलिस टीम भेज दी है। खाद की बोरियां ले जाने की जानकारी नहीं है।

 

 

और भी

कॉपीराइट केस: बेंगलुरु कोर्ट का आदेश- कांग्रेस और भारत जोड़ो यात्रा का ट्विटर अकाउंट हो ब्लॉक

 

बेंगलुरु (छत्तीसगढ़ दर्पण)। कांग्रेस (Congress) को बड़ा झटका लगा है, जहां बेंगलुरु की एक अदालत ने कांग्रेस और भारत जोड़ो यात्रा (Bharat Jodo Yatra) के ट्विटर हैंडल को ब्लॉक करने का आदेश दिया है। भारत जोड़ो यात्रा राहुल गांधी कर रहे हैं, जो कन्याकुमारी से कश्मीर तक की है। इस यात्रा में इस्तेमाल हुए वीडियोज में कॉपीराइट उल्लंघन का आरोप लगा है। इसी पर सुनवाई करते हुए अब कोर्ट ने ये आदेश जारी किया। कांग्रेस के वकील इस आदेश को ऊपरी अदालत में चुनौती देंगे।

दरअसल केजीएफ (KGF) के मेकर्स ने आरोप लगाया था कि कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा के लिए बहुत से मार्केटिंग वीडियो तैयार किए गए हैं। जिसमें उनकी फिल्म के गानों का इस्तेमाल हुआ। ऐसे में ये सीधे तौर पर कॉपीराइट एक्ट का उल्लंघन है। याचिकाकर्ता ने कोर्ट में सीडी के जरिए ये सिद्ध किया कि कांग्रेस ने उनके गानों में सिर्फ हल्का बदलाव किया है। इस वजह से उसके ऊपर कार्रवाई की जानी चाहिए।

अदालत ने सुनवाई के दौरान पाया कि कांग्रेस के वीडियो एमआरटी म्यूजिक के स्वामित्व वाले वैधानिक कॉपीराइट का उल्लंघन करते हैं। ऐसे में उनको तुरंत सोशल मीडिया से हटाया जाए। इसके अलावा कोर्ट ने कांग्रेस और भारत जोड़ो यात्रा के ट्विटर अकाउंट को भी अस्थायी रूप से ब्लॉक करने का आदेश दिया।

एमआरटी म्यूजिक ने कही ये बात
एमआरटी म्यूजिक के मुताबिक उन्होंने केजीएस के गानों के राइट्स लेने के लिए काफी पैसे खर्च किए हैं। अब एक राष्ट्रीय स्तर की राजनीतिक पार्टी उनके गानों का इस्तेमाल बिना इजाजत अपने प्रमोशन वीडियो में कर रही। ये कॉपीराइट नियमों के घोर अवहेलना को दर्शाता है। इस वजह से उन्होंने यशवंतपुर पुलिस स्टेशन में कांग्रेस नेता राहुल गांधी, जयराम रमेश, सुप्रिया श्रीनेत के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करवाई थी। ये केस आईपीसी की धारा 403, 465, 120बी आर/डब्ल्यू, धारा 34 और सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम, 2000 की धारा 66, धारा 63 कॉपीराइट अधिनियम, 1957 के तहत है।
और भी

बड़ा हादस : भिड़ंत के बाद कार में लगी आग, 4 की मौत...

 मथुरा (छत्तीसगढ़ दर्पण)। यूपी के मथुरा जिले में शुक्रवार/शनिवार सात बड़ा हादस हो गया। यहां दो कार आपस में भिड़ गईं। भिड़ंत के बाद एक कार में आग लगने से 4 लोगों की मौत हो गई। मामला जिले के सूरीर थाना क्षेत्र का है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार यमुना एक्सप्रेसवे के माइलस्टोन 87 पर शुक्रवार/शनिवार रात दो कार आपस में भिड़ गईं। टक्कर के बाद एक कार में आग लग गई। हादसे में 4 लोगों की मौत हो गई और चार अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। पुलिस ने घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया है। घायलों में एक महिला ,एक बच्चा और दो पुरुष है।

 

 

और भी

हमारी विचारधारा ही हमारी पार्टी : बीडी शर्मा

 उमडा कार्यकर्ताओं का जनसैलाब, जयघोषों से गुंजायमान

बालाघाट (छत्तीसगढ़ दर्पण)। बालाघाट जिले की सरजमी प्रदेश अध्यक्ष बनने के उपरांत प्रथम आगमन पर सांसद बीडी शर्मा का भाजपा कार्यकर्ताओं, पदाधिकारियों और जनप्रतिनिधियों ने जगह-जगह गर्मजोशी से आत्मीय स्वागत-सत्कार और सम्मान किया। शनिवार को सिवनी में भारतीय जनता युवा मोर्चा की कार्यशाला में शामिल होने के बाद भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बीडी शर्मा जिले का प्रवेश द्वार कंजई में पहुंचे। वहां से काफिले के साथ लालबर्रा, गर्रा होते हुए नगर की सीमा पर श्री शर्मा बालाघाट नगर में आगमन हुआ। यहां भाजपा जिला अध्यक्ष रमेश भटेरे के नेतृत्व में नगर भाजपा ने उनका तहेदिल से अगवानी की। सुभाष चौपाटी में नगर पालिका परिषद बालाघाट और भारतीय जनता युवा मोर्चा ने प्रदेश अध्यक्ष का आतिशबाजी और बैंड बाजे के साथ किया गया।

ऐतिहासिक अभिनंदन देखते ही बना। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष जिला भाजपा कार्यालय पहुंचकर कार्यकर्ताओं से मेल मुलाकात की। क्रम में नूतन कला निकेतन में स्थानीय समाचार समूह के जनसंवाद कार्यक्रम में अपनी मौजूदगी दी। बाद स्थानीय तुरकर भवन में आयोजित कार्यकर्ता सम्मेलन में कार्यकर्ताओं से रूबरू होकर उनसे मन की बात की। इस अवसर पर भारतीय जनता पार्टी जिला अध्यक्ष व पूर्व विधायक रमेश दिलीप भटेरे, आयुष मंत्री रामकिशोर 'नानो' कावरे, राज्य पिछड़ा वर्ग कल्याण आयोग अध्यक्ष व विधायक गौरीशंकर बिसेन, सांसद डॉक्टर ढालसिंह बिसेन, पूर्व सांसद केडी देशमुख, भाजपा नेत्री श्रीमती लता लेकर, पूर्व विधायक डॉ योगेन्द्र निर्मल, भगत सिंह नेताम, ओमकार सिंह बिसेन, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती रेखा बिसेन, पूर्व जिलाध्यक्ष रमेश रंगलानी

राजकुमार रायजादा, अभय सेठिया, महेंद्र सुराना, श्रीमती भारती पारधी, भाजपा जिला महामंत्री मौसम बिसेन, सुरेंद्र गुड्डा मरकाम, डॉक्टर नरेंद्र भैरम, जिला उपाध्यक्ष संजय खंडेलवाल, संजय मिश्रा, संजय गौतम, सत्यनारायण अग्रवाल, श्रीमती अनुपमा नेताम, गौरव पारधी, आनंद कोछड, नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती भारती सुरजीत सिंह ठाकुर, भाजपा निर अध्यक्ष सुरजीत सिंह ठाकुर समेत बड़ी तादाद में भाजपा कार्यकर्ता, पदाधिकारी और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। भाजपा जिला अध्यक्ष रमेश भटेरे ने इस ऐतिहासिक आयोजन को सफल बनाने में अहम योगदान देने वाले सभी देवतुल्य कार्यकर्ताओं का हार्दिक आभार जताया।

कार्यकर्ता ही हमारी अनमोल पूंजी : बीडी शर्मा

प्रवास के दौरान कार्यकर्ताओं का उमरा जनसैलाब देखते ही बना। भारत माता की जय, वंदे मातरम भारतीय जनता पार्टी जिंदाबाद का जयघोष किया। वही उनके साथ अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद में कार्य कर चुके पूर्व कार्यकर्ताओं ने जयस्तंभ चौक में कार्यकर्ताओं ने प्रदेश अध्यक्ष को लड्डुओं से तौला जिससे अभिभूत होकर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कार्यकर्ताओं को प्रणाम और स-सम्मान करते हुए कहा कि बालाघाट की पावन धरा पर आकर मैं गौरवान्वित हूं। कार्यकर्ताओं का इतना प्यार और स्नेह मुझे मिला जो भाजपा संगठन को आगे बढ़ाने में सहायक सिद्ध होगा।

भाजपा के कार्यकर्ता ही हमारी अनमोल पूंजी और मूल पहचान है। हमारी विचारधारा ही हमारी पार्टी है। इसी के दम पर भारतीय जनता पार्टी विश्व की सबसे बड़े लोकतांत्रिक पार्टी के रूप में उभरी है। उसी का नतीजा है कि आज नरेंद्र मोदी नित केंद्र सरकार मां भारती के वैभव सारे विश्व में अलोकित कर रही है। बाद में तुरकर भवन विशाल कार्यकर्ता सम्मेलन में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने शिरकत करते हुए अपना संबोधन दिया। सम्मेलन का सफल संचालन भाजपा जिला महामंत्री मौसम बिसेन ने किया।

 

 

और भी

उपराष्ट्रपति ने देश के प्राकृतिक संसाधनों के विवेकपूर्ण उपयोग पर बल दिया

 नई दिल्ली (छत्तीसगढ़ दर्पण)। उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने देश के प्राकृतिक संसाधनों के विवेकपूर्ण उपयोग पर बल दिया है। उपराष्ट्रपति ने ग्रेटर नोएडा में आयोजित सातवें भारतीय जल सप्ताह के समापन भाषण में भारतीय संस्कृति और ग्रामीण पारिस्थतकीय व्यवस्था में तालाबों और प्राकृतिक जलाशयों  की महत्ता और इन्हें पुनर्जीवित करने पर बल दिया। उन्होंने कहा कि भारतीय संविधान में प्राकृतिक संसाधनों के समान वितरण पर जोर दिया गया है। श्री धनखड़ ने प्राकृतिक संसाधनों के अंधाधुन दोहन पर चिंता व्यक्त की।

श्री धनखड़ ने राज्यों के बीच जल विवाद को संघीय भावना के अनुरूप सुलझाने का आग्रह किया। उपराष्ट्रपति ने सातवें भारतीय जल सप्ताह के सफल आयोजन के लिए जल शक्ति मंत्रालय की सराहना की। उन्होंने कहा कि इस तरह के आयोजन आम लोगों को प्राकृतिक संसाधनों और उनके सही इस्तेमाल के प्रति जागरुक करते हैं। ग्रेटर नोएडा के इंडिया एक्सपो सेंटर में आयोजित सातवें भारतीय जल सप्ताह 2022 का विषय था- सतत विकास के लिए जल सुरक्षा। 

 

 

और भी

मानव के समग्र स्वास्थ्य को बेहतर बनाने में प्राकृतिक चिकित्सा निभा रही महत्वपूर्ण भूमिका : सर्बानंद सोनोवाल

 नई दिल्ली (छत्तीसगढ़ दर्पण)। केन्द्रीय आयुष मंत्री सर्बानंद सोनोवाल ने राष्ट्रीय प्राकृतिक चिकित्सा संस्थान, पुणे (एनआईएन) का दौरा किया। श्री सोनोवाल ने संस्थान में चल रही विभिन्न गतिविधियों का अवलोकन किया। प्रो. डॉ. के. सत्य लक्ष्मी, निदेशक, एनआईएन, पुणे ने संगठन द्वारा चलाई जा रही विभिन्न गतिविधियों के बारे में एक विस्तृत प्रस्तुति दी। केन्द्रीय मंत्री ने संस्थान के कर्मचारियों और छात्रों के साथ बातचीत भी की।

इस अवसर पर सर्बानंद सोनोवाल ने कहा, आयुष प्रणाली को व्यापक रूप से स्वीकार किया गया है और इसने मानवता को कई चीजें प्रदान की हैं। इस प्रणाली में और भी ज्यादा देने की क्षमता है। हमारे प्रधानमंत्री ने एक स्वतंत्र मंत्रालय बनाने और योग के माध्यम से दुनिया के हर व्यक्ति में भारत के प्रति सम्मान की भावना जगाने जैसे अपने अथक प्रयासों से आयुष क्षेत्र को काफी आगे बढ़ाया है। उन्होंने कहा कि भारत के लोग एक भारत, श्रेष्ठ भारत के तहत एकजुट हैं और आत्मनिर्भर भारत का सपना निश्चित रूप से बहुत जल्द साकार होने वाला है। आयुष मंत्रालय और स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय अब एक साथ काम कर रहे हैं और पूरी निष्ठा के साथ प्रतिबद्ध हैं।

राष्ट्रीय प्राकृतिक चिकित्सा संस्थान को 'बापू भवन' के नाम से भी जाना जाता है, जोकि पुणे के ताड़ीवाला रोड पर स्थित है। महात्मा गांधी जब भी पुणे आते थे तो इस संस्थान को अपना निवास स्थान बना लेते थे। उन्होंने यहां विभिन्न अंतरालों पर लगभग 156 दिनों तक निवास किया और प्राकृतिक चिकित्सा से संबंधित विभिन्न प्रयोग भी किए।

 

 

और भी

सीओपी 27 में भाग लेने के लिए शर्म अल-शेख पहुंचे जलवायु परिवर्तन मंत्री भूपेंद्र यादव

 नई दिल्ली (छत्तीसगढ़ दर्पण)। केंद्रीय पर्यावरण, वन और जलवायु परिवर्तन मंत्री भूपेंद्र यादव  6 से 18 नवंबर, 2022 तक आयोजित होने वाले यूएनएफसीसीसी (सीओपी 27) दलों के सम्मेलन के 27वें सत्र में शामिल होने के लिए मिस्र के शर्म अल-शेख पहुंचे। भूपेंद्र यादव इस सम्मेलन में भारतीय प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व कर रहे हैं। केंद्रीय पर्यावरण मंत्री श्री यादव ने कहा, दुनिया जलवायु परिवर्तन से लड़ने के स्थायी तरीकों पर विचार-विमर्श करने के लिए एकत्रित हुई है।

सीओपी27 को 'सीओपी ऑफ एक्शन' होना चाहिए, जिसमें जलवायु वित्त को परिभाषित करने, अनुकूलन और हानि एवं क्षति परिणामों जैसे प्रमुख मामलों पर विशेष रूप से ध्यान केंद्रित करना चाहिए। बैठक में, भारत, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा पर्यावरण के लिए दिए गए जीवन शैली के मंत्र, लाइफ पर चर्चा करेगा। मिशन लाइफ वैश्विक समुदाय को स्मरण कराएगा कि सीओपी 27 को भूले हुए एसडीजी-12 पर ध्यान केंद्रित करना चाहिए जो स्थायी खपत और उत्पादन व्यवस्था को सुनिश्चित करने का समर्थन करता है।

लाईफ की अवधारणा को प्रधानमंत्री द्वारा 1 नवंबर 2021 को ग्लासगो में सीओपी26 में प्रस्तुत किया गया था। भारत ने 5 जून 2022 को  विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर शिक्षाविदों, शोधकर्ताओं और स्टार्ट-अप्स को आमंत्रित करते हुए लाईफ ग्लोबल मूवमेंट का शुभारंभ करते हुए लाईफ के दृष्टिकोण को आगे बढ़ाया ताकि पर्यावरण संकट को दूर करने के लिए सामूहिक कार्रवाई की पूरी क्षमता का उपयोग करते हुए दुनिया भर में विशिष्ट और वैज्ञानिक तरीकों के बारे में विचार-विर्मश किया जा सके। इस आंदोलन को वैश्विक नेताओं का रिकॉर्ड समर्थन मिला है।


मिशन लाइफ- मिशन-मोड, वैज्ञानिक और ध्यान देने योग्य कार्यक्रम के माध्यम से लाइफ के विचारों और आदर्शों को कार्यान्वित करेगा और जलवायु परिवर्तन पर चर्चा करने के संदर्भ में भारत की प्रतिबद्धता को भी प्रदर्शित करेगा। मिशन लाइफ़ को 2022 से 2027 की समयावधि में कम से कम एक अरब भारतीयों और अन्य वैश्विक नागरिकों के द्वारा पर्यावरण की रक्षा और संरक्षण के लिए व्यक्तिगत और सामूहिक कार्रवाई करने के उद्देश्य से तैयार किया गया है। भारत के भीतर, कम से कम 80% तक सभी गांवों और शहरी स्थानीय निकायों को 2028 तक पर्यावरण अनुकूल बनाने का लक्ष्य है।

 
और भी

भाजपा ने जारी किया अपना घोषणा पत्र, शामिल हैं ये 11 संकल्‍प...

 शिमला (छत्तीसगढ़ दर्पण)। हिमाचल प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस के बाद अब भाजपा ने रविवार को अपना घोषणा पत्र जारी कर दिया यह। भाजपा ने घोषणा पत्र को इस बार संकल्‍प पत्र नाम दिया है। भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा ने आज 'संकल्प पत्र' को सार्वजनिक किया है।

इस पत्र में भाजपा ने कहा है कि सरकार बनने पर समान नागरिक संहिता लागू लागू होगी। इसके अलावा वक्‍फ बोर्ड से जुड़ी प्रापर्टी का सर्वे के बाद ज्‍यूडिशियल दायरे में लाकर सत्‍यता जांची जाएगी व गैर कानूनी प्रयोग होने पर कार्रवाई की जाएगी। महिलाओं को रोजगार में 33 प्रतिशत आरक्षण और छात्राओं को साइकिल और स्‍कूटी देने का वादा किया है। महिलाओं को तीन मुफ्त गैस सिलेंडर देने की भी हामी भरी है।

भाजपा के 11 संकल्‍प :
    हिमाचल में भाजपा सरकार यूनिफार्म सिव‍िल कोड लेकर आएगी। इसके लिए समिति बनाई जाएगी।
    भाजपा सरकार बनने पर अन्‍नदाता सम्‍मान निधि योजना के तहत तीन हजार रुपये सालाना दिए जाएंगे।
    आठ लाख से ज्‍यादा रोजगार मुहैया करवाया जाएगा।
    हिमाचल प्रदेश के सभी गांव पक्‍की सड़कों के साथ जोड़े जाएंगे
    धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए 12000 करोड़ खर्च किए जाएंगे। आधारभूत ढांचा सुदृढ़ किया जाएगा।
    12 प्रतिशत जीएसटी पर पैकेजिंग मैटेरियल मिलेगा। बाकी का भुगतान सरकार करेगी।
    पांच नए मेडिकल कालेज खोले जाएंगे। मोबाइल वैन की संख्‍या दोगुनी की जाएगी।
    हिम स्‍टार्टअप योजना चलाई जाएगी। 900 करोड़ के बजट का प्रावधान किया जाएगा।
    सैनिकों के परिवार की आर्थिक मदद बढ़ाएगी।
    वक्‍फ की प्रापर्टी का सर्वे किया जाएगा। यदि गैर कानूनी तरीके से प्रयोग हो रहा है तो उस पर रोक लगाई जाएगी।
    कर्मचारियों की सुविधाओं व हक को लेकर 11वां संकल्‍प है। वेतन विसंगतियों को दूर करने का वादा किया गया है।

महिलाओं के लिए प्रतिबद्धता, छात्राओं को साइकिल और स्‍कूटी
महिलाओं को तीन घरेलू गैस सिलेंडर देने की बात कही है। बारहवीं कक्षा में टाप पांच हजार छात्राओं को ढाई हजार रुपये प्रतिमाह छात्रवृत्ति दी जाएगी। छठी से 12वीं तक की छात्राओं को साइकिल और 12वीं के बाद स्‍कूटी दी जाएगी। महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण रोजगार में दिया जाएगा।

    मुख्‍यमंत्री शगुन योजना के तहत बीपीएल परिवार की बेटी की शादी के लिए 31 की बजाय 51 हजार रुपये दिए जाएंगे।
    स्‍कूल जाने वाली छठी से बारहवीं कक्षा की छात्राओं को साइकिल दी जाएगी। उच्‍च शिक्षा ग्रहण करने वाली छात्राओं को स्‍कूटी दी जाएगी।
    महिलाओं को 500 करोड़ रुपये ब्‍याज मुक्‍त लोन दिया जाएगा।
    गर्भवती महिलाओं को 25000 रुपये दिए जाएंगे, ताकि वह सुरक्ष‍ित बच्‍चे को जन्‍म दे सके।
    गरीबी रेखा से नीचे रह रही महिलाओं को तीन गैस सिलेंडर मुफ्त मुहैया करवाए जाएंगे।
    30 साल से ज्‍यादा उम्र की गरीब महिलाओं को अटल पेंशन योजना का लाभ दिया जाएगा।
    बारहवीं कक्षा में टाप पांच हजार छात्राओं को आगे की शिक्षा के लिए 2500 रुपये मासिक छात्रवृत्ति दी जाएगी।

वादों से बढ़कर काम किया : नड्डा
जेपी नड्डा ने कहा हमने जो वादे किए थे वह तो पूरे किए ही इसके अलावा भी बढ़कर काम किया है। प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत हजारों को आवास दिया गया है। इस मौके पर मुख्‍यमंत्री जयराम ठाकुर सहित हिमाचल भाजपा के अध्‍यक्ष सुरेश कश्‍यप और केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर मौजूद रहे।

 

 

और भी

बर्बाद होने की कगार पर है कोवाक्सिन की 5 करोड़ खुराक, कंपनी ने बताई यह वजह...

 हैदराबाद (छत्तीसगढ़ दर्पण)। कोरोना वायरस के खिलाफ कारगर वैक्सीन 'कोवाक्सिन' बनाने वाली कंपनी भारत बायोटेक ने बताया कि उसके पास पड़ी हुई कोरोना वैक्सीन की पांच करोड़ खुराक 2023 की शुरुआत में एक्सपायर होने जा रही है। कंपनी ने कहा कि खराब मांग के कारण कोई खरीदार नहीं मिल पा रहा है जिससे चलते भारी नुकसान की आशंका है।

कंपनी ने कहा कि हमने अपने आपूर्ति दायित्व पूरे कर लिए हैं और टीके की मांग में आई कमी को देखते हुए अस्थाई रूप से इसके उत्पादन को फिलहाल बंद करने का फैसला लिया है। हमारे पास अभी पर्याप्त मात्रा में खुराक मौजूद हैं बल्कि पांच करोड़ से अधिक खुराक एक्सपायर होने की कगार पर हैं। कंपनी ने कहा कि आने वाले समय में कंपनी लंबित सुविधा रखरखाव, प्रक्रिया और सुविधा अनुकूलन गतिविधियों पर ध्यान केंद्रित करेगी। इसने कहा कि कोरोना वायरस महामारी के रूप में आए स्वास्थ्य आपातकाल के दौरान कंपनी की सभी मौजूदा सुविधाओं को कोवाक्सिन के उत्पादन के लिए उसी के अनुसार बदला गया था। पिछले साल लगातार इसका उत्पादन हुआ था।

राष्ट्रव्यापी टीकाकरण अभियान के तहत अब तक कोवाक्सिन सहित कोविड-19 टीकों की 219.71 करोड़ खुराकें दी जा चुकी हैं। चूंकि वैश्विक स्तर पर संक्रमण दर में तेजी से गिरावट आ रही है, इसलिए कोवाक्सिन के निर्यात पर विदेशी देशों द्वारा खराब उठान का नकारात्मक प्रभाव पड़ा है। रिपोर्ट के अनुसार अब COVID-19 को अब विश्व स्तर पर खतरा नहीं माना जा रहा है। वहीं इससे पहले अप्रैल 2022 में, विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) ने कहा कि उसने संयुक्त राष्ट्र की खरीद एजेंसियों के माध्यम से कोवाक्सिन की आपूर्ति के निलंबन की पुष्टि की और सिफारिश की कि वैक्सीन का उपयोग करने वाले देश उचित कार्रवाई करें।

ब्राजील सरकार ने भी आयात पर लगाई थी रोक
वहीं जब 2021 के दौरान COVID-19 संक्रमण अपने चरम पर था, ब्राजील सरकार ने विवाद के बाद कोवाक्सिन की  दो करोड़ खुराक आयात करने के अपने निर्णय को निलंबित कर दिया।

और भी

उत्तर भारत के इन शहरों में भूकंप के झटके, इतनी रही तीव्रता...

 देहरादून (छत्तीसगढ़ दर्पण)। उत्तर भारत में रविवार सुबह भूकंप के झटके महसूस किए गए हैं। उत्तराखंड के कई शहरों में आज सुबह भूकंप के झटके महसूस किए गए। जानकारी के अनुसार, सुबह करीब 8:33 बजे राजधानी देहरादून, उत्तरकाशी, बड़कोट, टिहरी और मसूरी में लोगों ने भूकंप महसूस किया।


बताया जा रहा है कि उत्तरकाशी में चिन्यालीसौड़ से 35 किलोमीटर दूर जमीन से 5 किलोमीटर नीचे भूकंप का केंद्र था। भूकंप की तीव्रता रिक्टर पैमाने पर 4.7 मैग्नीट्यूड मापी गई। बता दें कि उत्तरकाशी में बीती दो अक्तूबर को भी भूकंप के झटके महसूस किए गए थे।

वहीं, टिहरी जिले में भूकूंप की तीव्रता 4.5 थी। जिला आपदा प्रबंधन कार्यालय से बताया गया कि भूकंप से टिहरी जिले में नुकसान की कोई सूचना नहीं है।

जोन चार और पांच में है उत्तराखंड का ज्यादातर इलाका
वाडिया इंस्टीट्यूट ऑफ हिमालयन जियोलॉजी के भूकंप विज्ञानियों की मानें तो उत्तराखंड भूकंप के लिहाज से बेहद संवेदनशील है। उत्तराखंड का ज्यादातर इलाका भूकंप के लिहाज से जोन चार और पांच में हैं।

 

 

और भी

2 लाख करोड़ है इस मंदिर की कुल संपत्ति, 10 टन सोना और बैंक में 5 हजार करोड़...

 तिरुपति (छत्तीसगढ़ दर्पण)। तिरुमला-तिरुपति देवस्थानम ट्रस्ट ने अपनी संपत्ति की घोषणा की है। तिरुमला-तिरुपति देवस्थानम ट्रस्ट ने जानकारी देते हुए बताया है कि उसके पास 10.3 टन सोना और बैंकों में 5,300 करोड़ रुपये जमा हैं। इसके साथ ही तिरुमला-तिरुपति देवस्थानम के पास 15,938 करोड़ रुपये की नकदी भी है।

तिरुपति मंदिर का प्रबंधन करने वाले तिरुमला-तिरुपति देवस्थानम (टीटीडी) ने श्वेत पत्र जारी कर अपनी संपत्ति की घोषणा की है। टीटीडी के मुताबिक उसकी कुल संपत्ति 2.26 लाख करोड़ रुपये की है। 2019 में अलग-अलग बैंकों में इसकी 13,025 करोड़ रुपये की फिक्स्ड डिपोजिट थी, जो अब बढ़ कर 15,938 करोड़ रुपये की हो गई है। यानी पिछले तीन साल के दौरान इस निवेश में 2,900 करोड़ रुपये का इजाफ़ा हुआ है।

 

 

और भी

हार्ट अटैक से जवान की मौत, राजकीय सम्मान के साथ हुआ अंतिम संस्कार

 उत्तर प्रदेश (छत्तीसगढ़ दर्पण)। उन्नाव जिले के जनपद के गंगाघाट कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत ऋषिनगर निवासी 38 वर्षीय आशीष कुमार दीक्षित इंडियन आर्मी में नायब सूबेदार के पद पर ऊधमपुर जम्मू-कश्मीर में तैनात थे । विगत 2 नवंबर को डुयूटी से लौटने के बाद रात में उन्हें हार्ट अटैक आया उपचार के लिए उन्हें सेना के अस्पताल में भर्ती कराया गया , लेकिन 3 नवंबर की सुबह उनकी मौत हो गई।

शुक्रवार रात लगभग 12 बजे उनका शव गंगाघाट के ऋषिनगर स्थित घर पहुँचा । शव देख कर परिवार में कोहराम मच गया। वही शनिवार को सुबह सेना की यूनिट की मौजूदगी में राजकीय सम्मान के साथ गंगाघाट के पक्के घाट पर उनका अंतिम संस्कार किया गया।

आशीष के परिजनों और मित्रो में जहां शोक की लहर है वही आशीष के बहन कृतिका ने सेना के अफसरों का शव को समय भेजने और अविलंब कार्यवाही के लिए अभार प्रकट किया। आशीष अपने पीछे मां किरन ,भाई सतीश, बहन कृतिका , पत्नी शालिनी के साथ 2 बच्चे छोड़ गए।

और भी

कांग्रेस को तगड़ा झटका : इस वरिष्ठ नेता ने दिया इस्तीफा, पार्टी पर लगाया आरोप...

 अहमदाबाद (छत्तीसगढ़ दर्पण)। गुजरात विधानसभा चुनाव से ठीक पहले कांग्रेस को तगड़ा झटका लगा है। पार्टी पर आरोप लगाए हुए गुजरात कांग्रेस सचिव हिमांशु व्यास ने ओवरसीज कांग्रेस के प्रभारी पद से भी इस्तीफा दे दिया है। हिमांशु व्यास ने पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे को अपना इस्तीफा भेजा है।



वहीं सूत्रों से पता चला है कि हिमांशु भारतीय जनता पार्टी में शामिल होने वाले हैं। सुरेंद्रनगर की वडवान सीट से दो बार चुनाव लड़ चुके हिमांशु व्यास को दोनों बार भाजपा प्रत्याशी ने हरा दिया था। हिमांशु व्यास को सैम पित्रोदा का करीबी माना जाता है।

कांग्रेस से इस्तीफा देने के बाद हिमांशु व्यास ने पार्टी पर आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस में हमें अहमियत नहीं दी जाती और न ही हमारी बात सुनी जाती है। उन्होंने यह भी कहा कि दिल्ली में राहुल गांधी से काफी कम लोग मिल पाते हैं। उनसे मुलाकात करना मुश्किल काम है।

हिमांशु व्यास ने कहा गुजरात में एक बार फिर भाजपा की ही सरकार होगी। आम आदमी पार्टी के आने से कांग्रेस नुकसान में है। कांग्रेस से इस्तीफा देने वाले हिमांशु व्यास ने यह भी कहा कि पूरे समर्पण के साथ काम करने के बावजूद पार्टी में महत्व नहीं है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की तारीफ की। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने विदेशों में देश मजबूत स्थिति बनाई है।

और भी

राज्य सरकार से नाराज चल रहे हैं राज्यपाल, ले सकते हैं कोई बड़ा फैसला...

 रांची (छत्तीसगढ़ दर्पण)। झारखण्ड के राज्यपाल रमेश बैस प्रदेश सरकार से नाराज चल रहे हैं। इसके चलते वे कोई बड़ा फैसला ले सकते हैं। इससे मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की मुश्किलें बढ़ सकती हैं।

दरअसल राज्यपाल सह कुलाधिपति रमेश बैस ने विश्वविद्यालयों में नियुक्ति से संबंधित नियमावलियों (स्टैच्यूट) के गठन में हो रही देरी पर एक बार फिर नाराजगी प्रकट की है। उन्होंने शुक्रवार को राजभवन में नियमावलियों के गठन की समीक्षा की। इस क्रम में उन्होंने कहा कि नियमावलियों के गठन में देरी होने से विश्वविद्यालयों में नियुक्ति नहीं हो पा रही है।

राज्यपाल ने बैठक में कहा कि राज्य में उच्च शिक्षा के क्षेत्र में विकास के लिए कार्यप्रणाली में गति लाने की नितांत आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि कार्य में शिथिलता शिक्षा जगत एवं राज्य के विकास में बाधक है। वर्ष 2010 एवं 2018 के स्टैच्यूट निर्माण की समीक्षा करते हुए नाराजगी प्रकट करते हुए कहा कि अबतक इसके निर्माण नहीं होने से विश्वविद्यालय के विभिन्न महत्वपूर्ण पदों पर नियुक्ति प्रक्रिया काफी लंबे समय से लंबित है।

राज्यपाल ने बैठक में सहायक प्राध्यापकों की नियुक्ति में दिव्यांग अभ्यर्थियों को दिए जा रहे आरक्षण पर चर्चा करते हुए कहा कि विभिन्न श्रेणी के दिव्यांगों को चार प्रतिशत का आरक्षण सुनिश्चित किया जाय। उच्च एवं तकनीकी शिक्षा सचिव राहुल पुरवार ने बताया कि पूर्व के प्रविधान के अनुसार पर एक ही श्रेणी के दिव्यांग को लाभ मिलने की संभावना बनी रहती थी, जिसे दूर करने की दिशा में कार्रवाई की जा रही है। राज्यपाल ने कहा कि दिव्यांग के उल्लेखित श्रेणी में किसी एक श्रेणी का अभ्यर्थी उपलब्ध नहीं होने पर दिव्यांग के अन्य श्रेणियों के अभ्यर्थियों की नियुक्ति करने पर चर्चा हुई, ताकि पद रिक्त न रहे।

राज्यपाल ने कहा कि झारखंड लोक सेवा आयोग को दिव्यांगों के लिए विशेष भर्ती अभियान चलाने के बारे में सोचें जिससे कि उनकी बैकलॉग पदों पर नियुक्ति हो सके। बैठक में झारखंड लोक सेवा आयोग की अध्यक्ष डा. मेरी नीलिमा केरकेट्टा, राज्यपाल के प्रधान सचिव डा. नितिन कुलकर्णी, उच्च शिक्षा निदेशक सूरज कुमार व अन्य अधिकारी उपस्थित थे।

अब नहीं करें घंटी आधारित शिक्षकों की नियुक्ति

राज्यपाल ने घंटी आधारित शिक्षकों के संदर्भ में चर्चा करते हुए कहा कि उच्च शिक्षण संस्थानों में विभिन्न विषयों में विद्यार्थियों के अनुपात में शिक्षकों की उपलब्धता हो ताकि शिक्षकों को अधिक से अधिक शिक्षण का अवसर प्राप्त हो। इस अवसर पर घंटी आधारित शिक्षकों के प्रति घंटी मानदेय में वृद्धि के संदर्भ में चर्चा हुई। साथ ही उन्होंने कहा कि घंटी आधारित शिक्षकों की नियुक्ति भविष्य में न की जाय। राज्यपाल ने बैठक में झारखंड प्राैद्योगिकी विश्वविद्यालय के कुलपति की नियुक्ति प्रक्रिया की भी जानकारी प्राप्त की। कहा कि राज्य के उच्च शिक्षण संस्थानों में ज्ञान-विज्ञान का ऐसा बेहतर माहौल बने जिससे अधिक-से-अधिक विद्यार्थी यहां उच्च शिक्षा ग्रहण करने के प्रति रुचि रखें।
 

 

और भी

शालीमार एक्सप्रेस की बोगी में लगी आग, मचा हड़कंप...

 नासिक (छत्तीसगढ़ दर्पण)। महाराष्ट्र के नासिक रोड स्टेशन में उस वक्त हड़कंप मच गया जब शालीमार एलटीटी एक्सप्रेस के लगेज कंपार्टमेंट में आग लग गई। इससे आगे वाले डिब्बे में सवार में यात्रियों में भगदड़ मच गई। घटना शनिवार सुबह 8.45 बजे की है। हालांकि, आनन-फानन में पहुंचे बचाव दल ने कंपार्टमेंट को ट्रेन से अलग कर दिया।


सेंट्रल रेलवे के चीफ पब्लिक रिलेशन ऑफिसर शिवाजी एम सुतार ने सोशल मीडिया पर जानकारी देते हुए लिखा कि इंजन के बगल में लगे सामान डिब्बे/पार्सल वैन को ट्रेन से अलग कर दिया गया है। आग लगने के कारणों का अभी पता नहीं चला है।

 

 

और भी

अफसर रह गए दंग, जब सामने खड़ा हुआ मुर्दा... जानें क्या है मामला...

 झारखण्ड (छत्तीसगढ़ दर्पण)। झारखण्ड के बोकारो  जिले में अधिकारी उस समय दंग  रह गए जब एक मृत व्यक्ति ने साक्षात उनके सामने आकर अपने जीवित होने का प्रमाण दिया। सरकारी दस्तावेजों में बुजुर्ग को मृत घोसित कर दिया गया है।  यह मामला  जिले के गोमिया प्रखंड के होसिर मध्य विद्यालय मैदान का है।


बताया जा रहा है कि बीते शुक्रवार को आयोजित आपकी योजना-आपकी सरकार-आपके द्वार कार्यक्रम में 64 वर्षीय बुजुर्ग घमु प्रजापति ने कहा कि साहब मैं तो जिंदा हूं। सरकारी दस्तावेजों में मृत घोषित कर मेरी पेंशन रोक दी गई है। कई बार प्रशासन को अवगत करवा चुका हूं, लेकिन कोई नहीं सुनता है। बुजुर्ग ने अधिकारियों के सामने प्रमाण के तौर पर दस्तावेज भी दिखाया, जिसे देखते ही अधिकारियों ने उन्हें आश्वासन देते हुए कहा कि नए सिरे से पेंशन के लिए आवेदन दें तो शीघ्र ही राशि मिलनी शुरू हो जाएगी।

इस मामले में गोमिया विधायक डॉ लंबोदर महतो ने कहा  कि ये सिर्फ एक ही मामला नहीं है। इस तरह के लगभग हजार मामले गोमिया विधानसभा क्षेत्र में है, जहां जिंदा व्यक्ति को मृत घोषित कर वृद्धा और विधवा पेंशन बंद कर दी गई है। उन्होंने कहा कि वे लोग इस संबंध में सरकार और  जिला प्रशासन से मांग करते हैं कि इस मामले में संज्ञान लेते हुए त्वरित गति से इसका संशोधन करें, जिससे पुनः ऐसे लाचार व्यक्तियों का पेंशन चालू हो सके।

 
और भी

दर्दनाक हादसे में 7 महिलाओ की मौत, 11 घायल...

 बेंगलुरु (छत्तीसगढ़ दर्पण)। कर्नाटक के बीदर में एक ट्रक और ऑटो रिक्शा की टक्कर में सात महिलाओं की मौत हो गई। जबकि 11 लोग घायल हैं। घटना चिटगुप्पा इलाके में हुई। इस दुर्घटना में जान गंवाने वाली सभी महिलाएं दिहाड़ी मजदूर थीं। वे काम ख़त्म कर ऑटो रिक्शा में बैठकर अपने घर लौट रही थीं।

इसी दौरान एक ट्रक ने बेमलाखेड़ा सरकारी स्कूल के पास ऑटो को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में ऑटो में सवार सभी महिलाओं की मौत हो गई। पुलिस के मुताबिक, हादसे में जान गंवाने वाली महिलाओं में पार्वती (40), प्रभावती (36), गुंडम्मा (60), यदम्मा (40), जगम्मा (34), ईश्वरम्मा (55) और रुक्मिणी बाई (60) शामिल हैं। घायलों में ट्रक और ऑटो रिक्शे के ड्राइवर समेत 11 लोग शामिल हैं। पुलिस का कहना है कि इनमें दो लोगों की हालत नाजुक है। पुलिस ने हादसे को लेकर केस दर्ज कर लिया है। 

और भी