हिंदुस्तान - Newsportal | Chhattisgarh Darpan Media Group

हिंदुस्तान

प्रधानमंत्री श्री मोदी के प्रवास ने बदली जिंदगी की दिशा

 एक दशक पहले अपने दंतेवाड़ा प्रवास के दौरान प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी दिव्यांग बच्चों के संस्थान 'सक्षम' के एक छोटे से दृष्टिबाधित बच्चे की प्रतिभा से मुग्ध हो गए थे। उस बच्चे का नाम था अंजन। जब अंजन ने अपना गाना सुनाया तब प्रधानमंत्री जी इतने खुश हुए थे कि उन्होंने बड़े ही स्नेहिल भाव से उसके सर पर हाथ फेरकर उसे प्रोत्साहित किया था।  


देश के प्रधानमंत्री का प्रोत्साहन एक बच्चे के जीवन में कितना बड़ा बदलाव ला सकता है,  अंजन इसका उदाहरण है। पहले अंजन दूसरों के लिखे गीत गाता था, आज अंजन  स्वयं गीत लिखता है, इसे कंपोज भी करता है और गाता भी है। अभी हाल ही में अंजन ने अयोध्या धाम में श्री रामलला की प्राण प्रतिष्ठा होने के अवसर पर एक गीत लिखा और उसे कंपोज भी किया है। 
अंजन की संगीत में रुचि को देखते हुए संस्थान में उसे आर्गन, कांगो और ढोलक का प्रशिक्षण दिया गया। 

दंतेवाड़ा में हर साल बारसूर महोत्सव का आयोजन होता है। इस बार के आयोजन में अंजन अपने रामलला पर लिखे गीत की प्रस्तुति देगा। अंजन अभी 11वीं कक्षा में पढ़ रहा है, अब इस संस्थान में दसवीं तक की पढ़ाई संस्थान के भीतर ही होती है। मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय की पहल पर संस्थान में सभी बुनियादी व्यवस्था उपलब्ध कराई गई है। उल्लेखनीय है कि सक्षम संस्था में शैक्षणिक व्यवस्था डीएमएफ के माध्यम से होती है।  उनका यह मानना था कि खनन प्रभावित इलाकों में विकास के कार्यों के लिए डीएमएफ के माध्यम से निधि स्थापित की जाए। आज अंजन जैसे बच्चों का सपना डीएमएफ के माध्यम से पूरा हो रहा है।

जब पैदा हुआ तो दादाजी ने कहा, यह क्या करेगा इसको कहीं छोड़ दो

  अंजन बीजापुर के अंदरूनी नक्सल प्रभावित इलाके का रहने वाला है। नक्सल समस्या की वजह से माता-पिता को गांव छोड़ना पड़ा। अंजन बचपन से ही दृष्टिबाधित है। जब वह पैदा हुआ तो उसके दादाजी को बड़ी निराशा हुई और उन्होंने कहा कि इसका क्या होगा, यह क्या करेगा, इसको छोड़ दो। मां बहुत प्यार करती थी। मां ने कहा कि नहीं इसे पालेंगे। बाद में सक्षम संस्था के बारे में पता चला और सक्षम में एडमिशन दिलाया। सक्षम के टीचरों को इसके गायन की प्रतिभा और संगीत में रुचि के बारे में पता चला और अब अंजन की दुनिया ही बदल गई है। प्रधानमंत्री श्री मोदी के साथ ही पूर्व राष्ट्रपति श्री रामनाथ कोविंद भी अंजन की प्रतिभा से प्रभावित हो चुके हैं।

गहरी प्रतिभा और अथाह उत्साह से सबको मिलती है प्रेरणा

अंजन ने आज सब बच्चों के साथ लुई ब्रेल को पुष्पांजलि दी। लुई ब्रेल ऐसे व्यक्ति है जिनकी वजह से दृष्टिबाधित बच्चे भी फर्राटे से पढ़ सकते हैं। सक्षम कैंपस में हेलेन केलर की तस्वीर भी है, जो यह बताती है कि दुनिया की सबसे अच्छी चीजों को ना देख सकते हैं न छू सकते हैं, उन्हें केवल महसूस कर सकते हैं।
और भी

देशभर में नए साल की धूम, राष्ट्रपति मुर्मू और पीएम मोदी ने देशवासियों को दी बधाई

 आज देशभर में नए साल का जश्न मनाया जा रहा है। बीते साल को पीछे छोड़ नए साल 2025 में प्रवेश करने के लिए लोगों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है, जिसके लिए सभी एक दूसरे को बधाई देकर अपनी खुशी भी जाहिर कर रहें हैं। इसी बीच राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी सोशल मीडिया के माध्यम से देशवासियों को बधाई दी है। 

पीएम मोदी की शुभकामनाएं और उम्मीद  

नए साल के अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी  देशवासियों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने सोशल मीडिया को प्लेटफॉर्म एक्स पर देशवासियों को नववर्ष की शुभकामनाएं देते हुए उम्मीद जताई कि यह वर्ष नए अवसर, सफलता और अनंत खुशी लेकर आएगा। उन्होंने कहा कि 2025 की शुभकामनाएं! यह वर्ष सभी के लिए नए अवसर, सफलता और अनंत खुशी लेकर आए। सभी को उत्तम स्वास्थ्य और समृद्धि का आशीर्वाद मिले।"

 

राष्ट्रपति मुर्मू ने दी शुभकामनाएं

पीएम मोदी के बाद राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने बुधवार को देशवासियों को नववर्ष की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने भारत और दुनिया के लिए एक उज्जवल, समावेशी और टिकाऊ भविष्य बनाने के लिए मिलकर काम करने की प्रतिबद्धता को फिर से मजबूत करने का आह्वान किया।

 

उन्होंने एक्स पर एक पोस्ट में लिखा देशवासियों को नववर्ष की हार्दिक शुभकामनाएं! वर्ष 2025 सभी के लिए खुशी, सद्भाव और समृद्धि लेकर आए! इस अवसर पर, आइए हम भारत और दुनिया के लिए एक उज्जवल, समावेशी और टिकाऊ भविष्य बनाने के लिए मिलकर काम करने की अपनी प्रतिबद्धता को नवीनीकरण करें।

 

 

और भी

शराब पीकर गाड़ी चलाई तो हो सकता है 35 हजार का जुर्माना और जेल

 नए वर्ष के स्वागत के लिए पूर्व संध्या पर जश्न का आनंद उठाना चाहते हैं या फिर 35 हजार रुपये के जुर्माने के साथ जेल। यह खुद लोगों को तय करना है। दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने शराब पीकर वाहन चलाने व शरारत करने वालों को पकड़ने के लिए कड़े इंतजाम किए हैं। सिर्फ नई दिल्ली जिले मेें 398 ट्रैफिक पुलिसकर्मी तैनात होंगे। स्थानीय पुलिस के अलावा पीसीआर यूनिट के पुलिसकर्मी भी तैनात होंगे।

ट्रैफिक पुलिस की नई दिल्ली रेंज के पुलिस उपायुक्त ढाल सिंह ने बताया कि नए साल की पूर्व संध्या पर जश्न के लिए काफी संख्या में लोगों के नई दिल्ली के कनॉट प्लेस व इंडिया गेट आदि स्थानों पर आने की संभावना है। इसके लिए ट्रैफिक पुलिस ने कड़े इंतजाम किए हैं।
अगर कोई शराब पीकर वाहन चलाते हुए पकड़ा जाता है तो उसका तय मात्रा से अधिक शराब की मात्रा आने पर पहली बार 1000 रुपये का जुर्माना व एक साल की जेल हो सकती है। अगर वह दूसरी बार पकड़ा जाता है तो 10000 रुपये का जुर्माना व दो साल की सजा हो सकती है। साथ ही खतरनाक ड्राइविंग का भी चालान किया जाएगा। इसके तहत पहली बार 10000 रुपये का चालान के साथ लाइसेंस जब्त किया जाएगा।


अगर दूसरी बार पकड़ा जाता है तो 15 हजार रुपये का जुर्माना किया जाएगा। उन्होंने बताया कि अगर चालक ने तय मात्रा से ज्यादा शराब पी रखी है तो उसके वाहन को जब्त कर लिया जाएगा। अगर चालक ने बहुत ज्यादा मात्रा में शराब पी रखी है तो वाहन को जब्त कर उसके परिजनों को सूचना दी जाएगी। साथ ही परिजनों को मौके पर बुलाया जाएगा।

नई दिल्ली जिला पुलिस ने उठाए ये कदम-

    शराब पीकर वाहन चलाने वालों को पकडऩे के लिए विभिन्न चौराहों, मार्गों व होटल-पब के पास तैनात किए जाएंगे ट्रैफिक पुलिसकर्मी -398
    शराब पीकर वाहन चलाने वालों को पकडऩे के लिए शराब की मात्रा जानने के लिए एल्कोमीटर के साथ टीमें तैनात -20
    20 टीमों में ट्रैफिक पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं -46
    वाहनो को टो करने के लिए क्रेन तैनात -16
    ट्रैफिक कर्मी की इतनी टीमें मोटरसाइकिलों पर पेट्रोलिंग करेंगी-50
    विशेष पुलिस आयुक्त अजय चौधरी, अतिरिक्त पुलिस आयुक्त सत्यबीर कटारा व पुलिस उपायुक्त ढाल सिंह आदि सीनियर ट्रैफिक अधिकारी गश्त पर रहेंगे

सलाह
दिल्ली ट्रैफिक पुलिस के विशेष पुलिस आयुक्त अजय चौधरी ने लोगों को सलाह दी कि लोग नए साल के आगमन में एन्जॉय करें। शराब पीकर वाहन न चलाएं। शराब का सेवन किया है तो वाहन न चलाए, कैब आदि से घर जाएं।

और भी

हिमाचल-उत्तराखंड समेत 3 राज्यों में बर्फबारी जारी, 5 राज्यों में शीतलहर का अलर्ट

 नए साल की शुरुआत के साथ ही देशभर में मौसम ने करवट ली है। ऐसे में हम आपको बता रहे हैं कैसा है आज का मौसम। साथ ही यह भी बताएंगे कि कल का मौसम कैसा रहेगा।

तो चलिए पहले पहाड़ी राज्यों से शुरू करते हैं। इस समय देश के 3 राज्यों- जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में बर्फबारी हो रही है। इन तीनों राज्यों में सड़के-हाईवे बंद हैं। हजारों टूरिस्ट फंसे हुए हैं।

 

मैदानी इलाकों की बात करें तो 5 राज्यों, राजस्थान, उत्तर प्रदेश, पंजाब, हरियाणा और मध्य प्रदेश में शीतलहर का अलर्ट जारी किया गया है। वहीं, देश के 10 राज्यों, उत्तर प्रदेश, बिहार, हरियाणा, पंजाब, राजस्थान, मध्य प्रदेश, असम, मेघालय, नगालैंड और त्रिपुरा में घने कोहरे का अलर्ट है।

हिमाचल प्रदेश के ऊंचाई वाले इलाकों में भारी बर्फबारी हो रही है। कल्पा, कुफरी, और मुरंग जैसे स्थानों में 10 सेमी से ज्यादा बर्फ गिर चुकी है। न्यूनतम तापमान सामान्य से 5 डिग्री तक कम हो गया है। बर्फबारी के कारण सड़कों पर फिसलन बढ़ गई है और यातायात प्रभावित हो रहा है। मौसम विभाग ने अगले कुछ दिनों तक बर्फबारी और शीतलहर का अलर्ट जारी किया है। हिमाचल प्रदेश के कल्पा में 14.9 सेमी, कुफरी में 14.5 सेमी, पूह में 12 सेमी, मुरंग में 12 सेमी, खदराला में 10 सेमी, सांगला में 8.5 सेमी, केलंग में 8 सेमी और कुकमसेरी में 1.6 सेमी ताजा बर्फबारी हुई है। इससे न्यूनतम तापमान सामान्य से 1 से 5 डिग्री सेल्सियस तक कम रिकॉर्ड किया गया है। हिमाचल में भी कई सड़कें और हाईवे बर्फबारी की वजह से बंद हैं। स्नोकटर मशीनों की मदद से सड़क से बर्फ हटाकर रास्ता बहाल करने की कोशिश की जा रही है। 

 

उत्तराखंड में पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी का दौर जारी है। मसूरी और नैनीताल जैसे पर्यटक स्थलों पर तापमान शून्य से नीचे चला गया है। मौसम विभाग ने अगले 48 घंटों में राज्य के ऊंचाई वाले इलाकों में और बर्फबारी होने का अनुमान लगाया है। मैदानी इलाकों में शीतलहर का असर देखा जा रहा है।  ने स्थानीय प्रशासन को सतर्क रहने और लोगों को सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी है। उत्तराखंड में ठंड का असर पहाड़ी राज्यों में ज्यादा दिख रहा है। भारी बर्फबारी की वजह से कई ग्रामीण इलाकों का शहरी इलाकों के बीच आवाजाही में लोगों को परेशानी हो रही है।

 

जम्मू-कश्मीर में बीते 24 घंटों के दौरान भारी बर्फबारी और शीतलहर ने मुश्किलें बढ़ा दी हैं। कश्मीर घाटी में गुलमर्ग और पहलगाम जैसे ऊंचाई वाले इलाकों में शीतलहर तेज हो गया है। गुलमर्ग में बीते दिन तापमान -8.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि पहलगाम में -6.5 डिग्री सेल्सियस रहा। मैदानी इलाकों में भी पारा सामान्य से नीचे है। श्रीनगर में न्यूनतम तापमान -2.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।मौसम विभाग  के अनुसार, अगले 48 घंटों में राज्य के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में और बर्फबारी हो सकती है। घाटी के निचले इलाकों में हल्की बारिश के भी आसार हैं। शीतलहर का असर अगले सप्ताह तक जारी रहने की संभावना है। बर्फबारी के कारण जम्मू-श्रीनगर नेशनल हाईवे बंद कर दिया गया है। सड़कों पर बर्फ जमने से यातायात बाधित है, जिससे वाहनों की आवाजाही रोकनी पड़ी। कई उड़ानें रद्द की गई हैं।गुलमर्ग, सोनमर्ग और पहलगाम जैसे पर्यटक स्थलों पर पहुंचे सैकड़ों पर्यटक फंसे हुए हैं। कई जगहों पर फंसे पर्यटकों को सुरक्षित जगहों तक पहुंचाने के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन चलाए जा रहे हैं।

 

 

और भी

पीएम मोदी से मिले विश्व शतरंज चैंपियन गुकेश

 सबसे युवा विश्व शतरंज चैंपियन और भारत के गौरव डी गुकेश ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से शनिवार को मुलाकात की। पीएम मोदी ने गुकेश को बधाई देते हुए कहा, मेरी उनके साथ शानदार बातचीत हुई! मैं पिछले कुछ सालों से उनके साथ निकटता से बातचीत कर रहा हूं, और उनके बारे में जो बात मुझे सबसे ज़्यादा प्रभावित करती है, वह है उनका दृढ़ संकल्प और समर्पण। उनका आत्मविश्वास वाकई प्रेरणादायक है। दरअसल, मुझे कुछ साल पहले उनका एक वीडियो याद है जिसमें उन्होंने कहा था कि वह सबसे कम उम्र के विश्व चैंपियन बनेंगे - एक भविष्यवाणी जो अब उनके अपने प्रयासों की बदौलत सच साबित हुई है।

उल्लेखनीय है कि सबसे कम उम्र के विश्व शतरंज चैंपियन, 18 वर्षीय डी गुकेश ने सिंगापुर में विश्व शतरंज चैंपियनशिप के फाइनल में गत चैंपियन चीन के डिंग लिरेन को हराया था। गुकेश महान विश्वनाथन आनंद के नक्शेकदम पर चलते हुए यह उपलब्धि हासिल करने वाले केवल दूसरे भारतीय बन गए।

 

पीएम मोदी ने कहा, आत्मविश्वास के साथ-साथ गुकेश में शांति और विनम्रता भी है। जीतने के बाद, वह शांत था, अपनी महिमा में डूबा हुआ था और इस कठिन जीत को कैसे प्राप्त किया जाए, यह पूरी तरह से समझता था। आज हमारी बातचीत योग और ध्यान की परिवर्तनकारी क्षमता के इर्द-गिर्द घूमती रही।

उन्होंने कहा, हर एथलीट की सफलता में उसके माता-पिता की अहम भूमिका होती है। मैंने गुकेश के माता-पिता की हर मुश्किल परिस्थिति में उसका साथ देने के लिए प्रशंसा की। उनका समर्पण उन युवा उम्मीदवारों के अनगिनत माता-पिता को प्रेरित करेगा जो खेल को करियर के रूप में अपनाने का सपना देखते हैं।

 

गुकेश ने पीएम मोदी को शतरंज की वह बिसात भेंट की जिस पर उन्होंने विश्व खिताब जीता था। पीएम मोदी ने कहा, मुझे गुकेश से उस खेल की असली शतरंज की बिसात प्राप्त करके भी खुशी हुई, जिसे उसने जीता था। शतरंज की बिसात, जिस पर उसके और डिंग लिरेन दोनों के हस्ताक्षर हैं, एक यादगार स्मृति है।

 

 

और भी

वरिष्ठ नागरिकों को मिलेगी ट्रेन टिकट पर छूट, रेलवे कर रहा विचार...

 भारतीय रेल, जो दुनिया की सबसे बड़ी रेल सेवाओं में से एक है, ने यात्रियों की सुविधा के लिए बड़े कदम उठाए हैं। कोरोना महामारी के दौरान बंद की गई वरिष्ठ नागरिकों को ट्रेन टिकट में छूट के संबंध में नई जानकारी सामने आई है। रेल मंत्रालय ने संकेत दिए हैं कि इस छूट को पुनः शुरू करने पर विचार किया जा रहा है।


लोकसभा में उठा मुद्दा
लोकसभा के शीतकालीन सत्र में यह सवाल उठाया गया कि वरिष्ठ नागरिकों को दी जाने वाली ट्रेन टिकट छूट को फिर से लागू किया जाएगा या नहीं। इस पर रेल मंत्रालय ने स्पष्ट किया कि वर्तमान में विभिन्न श्रेणियों में छूट जारी है। दिव्यांगजन की चार श्रेणियां, मरीजों की 11 श्रेणियां और छात्रों की 8 श्रेणियां इसमें शामिल हैं।

रेलवे की मौजूदा सब्सिडी
मंत्रालय ने बताया कि 2022-23 में रेलवे ने यात्रियों को सब्सिडी के रूप में ₹56,993 करोड़ खर्च किए। उदाहरण के तौर पर, अगर एक यात्री के टिकट की कीमत ₹100 है, तो रेलवे सिर्फ 54 रुपए ही वसूलता है। यह दर्शाता है कि रेलवे पहले से ही 46% की छूट प्रदान कर रहा है।

वरिष्ठ नागरिकों के लिए सुविधाओं में सुधार
रेलवे का उद्देश्य वरिष्ठ नागरिकों की यात्रा को और अधिक आरामदायक बनाना है। उन्हें प्राथमिकता के आधार पर निचली सीट (लोअर बर्थ) आवंटित की जाती है।

रेल मंत्रालय ने यह भी कहा कि यात्री सुविधाओं को बेहतर बनाने और लागत को संतुलित रखने के प्रयास लगातार जारी हैं। वरिष्ठ नागरिकों के लिए टिकट छूट पुनः शुरू करने के संबंध में जल्द ही निर्णय लिया जा सकता है।

 

 

और भी

पूर्व की गहलोत सरकार का फैसला भजनलाल सरकार ने पलटा, 9 नए जिलों को किया रद्द

 राजस्थान की भजनलाल सरकार ने पिछली अशोक गहलोत सरकार के दौरान घोषित 9 नए जिलों को रद्द करने का बड़ा फैसला लिया है. इसके साथ ही तीनों नए संभाग भी समाप्त कर दिए गए हैं. राजस्थान सरकार ने जिन 9 जिलों को रद्द कर दिया है, उनमें- दूदू, केकड़ी, शाहपुरा, नीमकाथाना, गंगापुरसिटी, जयपुर ग्रामीण, जोधपुर ग्रामीण, अनूपगढ़, सांचौर जिले शामिल हैं. अब राजस्थान में अब राजस्थान में 7 संभाग और 41 जिले रहेंगे.

सीएम भजनलाल शर्मा ने आज कैबिनेट की बैठक बुलाई. इसमें पिछली कांग्रेस सरकार से जुड़े फैसलों पर अमल किया गया. दरअसल, पिछली गहलोत सरकार ने राजस्थान विधानसभा चुनाव से पहले 17 नए जिले और 3 संभाग बनाए थे. इनमें 9 नए जिले खत्म कर दिए गए हैं और तीनों नए संभाग को भी रद्द कर दिए हैं. लिहाजा इन 17 नए जिलों में अब 8 जिले ही रहेंगे. इनमें- बालोतरा, व्यावर, डीग, डीडवाना-कुचामन, कोटपूतली-बहरोड़, खैरथल-तिजारा, फलौदी और सलूम्बर शामिल हैं.

 

कैबिनेट की बैठक के बाद मंत्री जोगाराम पटेल ने कहा कि कांग्रेस सरकार ने बिना परीक्षण कराए नए ज़िले बना दिए थे, जिसकी ज़रूरत नहीं थी और सरकार पर अतिरिक्त वित्तीय बोझ आ रहा था, जिसके लिए भजनलाल सरकार ने नए ज़िलों की ज़रूरत है या नहीं, यह परीक्षण कराने के लिए रिटायर्ड IAS अधिकारी ललित के. पंवार की अध्यक्षता में एक कमेटी गठित की थी, इस कमेटी की रिपोर्ट के आधार पर ये 9 ज़िले और तीन संभाग समाप्त किए गए हैं. उधर, भजनलाल सरकार की ओर से समाप्त किए गए जिलों में कांग्रेस ने कल से ही जन आंदोलन शुरू करने की चेतावनी दी है.

 

 

और भी

खरगे-सोनिया-राहुल-प्रियंका ने मनमोहन को श्रद्धा सुमन अर्पित किया

 कांग्रेस संसदीय दल की नेता सोनिया गांधी, पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी तथा महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के अंतिम दर्शन करते हुए उनके पार्थिव शरीर पर पुष्पांजलि अर्पित की है।

डॉ. सिंह को श्रद्धा सुमन अर्पित करने के लिए कांग्रेस नेतृत्व के साथ ही विभिन्न दलों के प्रमुख नेता पहुंच रहे हैं। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, गृहमंत्री अमित शाह, कई अन्य केंद्रीय मंत्रियों तथा प्रमुख नेताओं ने डॉ. सिंह के पार्थिव शरीर पर पुष्पांजलि अर्पित की है।

 

 

और भी

ग्वालियर और जबलपुर स्थित 6 ठिकानों पर ईडी का छापा

 लोकायुक्त और आयकर विभाग के बाद अब प्रवर्तन निदेशालय ( ईडी) ने भी सौरभ और उसके करीबियों से जुड़े छह स्थानों पर भोपाल, ग्वालियर और जबलपुर में शुक्रवार सुबह छापेमारी की है।

लोकायुक्त पुलिस द्वारा आय से अधिक संपत्ति के मामले में दर्ज एफआईआर के आधार पर तीन दिन पहले प्रवर्तन निदेशालय ने सौरभ के विरुद्ध प्रकरण कायम किया था। अब छापेमारी में ईडी की टीम संपत्ति और दस्तावेजों का परीक्षण कर रही है। भोपाल में सौरभ शर्मा के ई 7 स्थित और अरेरा कॉलोनी स्थित आवास पर छापे की कार्रवाई चल रही है।

 

 

ईडी की टीम द्वारा जबलपुर के शास्त्री नगर में रोहित तिवारी के घर छापेमारी की सूचना है। बताया जा रहा है कि टीम सुबह पांच उनके घर पहुंची। रोहित तिवारी जबलपुर में बिल्डर का काम करते हैं। उनकी पूर्व वित्त मंत्री तरुण भनोत से नजदीकी है। हालांकि ईडी के छापे और कार्रवाई के संबंध में कोई अधारिक पुष्टि अभी नहीं है।

 

रोहित के काम में सौरभ ने किया है निवेश

जबलपुर में जांच दल सुबह प्रेस लिखी कार से रोहित तिवारी के घर पहुंचा था। तिवारी की जबलपुर के गढ़ा और भेड़ाघाट क्षेत्र में निर्माणाधीन कॉलोनियां है। कुछ प्रभावशाली लोगों के साथ भी वह काम में साझेदार है। सूत्रों के मुताबिक, सौरभ शर्मा ने बिल्डर तिवारी की कंपनी ओमेगा रियलकॉन प्राइवेट लिमिटेड में बड़ी रकम निवेश की थी। दोनों आपस में रिश्तेदार है।

 

 

और भी

योगी ने सुनी लोगों की समस्याएं, कहा- मकान दिलाएंगे, इलाज भी कराएंगे

 उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गोरखपुर प्रवास के दौरान रविवार सुबह गोरखनाथ मंदिर में आयोजित जनता दर्शन में लोगों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं। इस दौरान उन्होंने आवास के लिए जरूरतमंद लोगों को सरकारी योजना से मकान दिलाने और गंभीर बीमारियों से पीड़ितों के इलाज में भरपूर आर्थिक सहायता देने का आत्मीय संबल दिया।

उन्होंने कहा कि सरकार हर जरूरतमंद और पात्र व्यक्ति को कल्याणकारी योजनाओं का लाभ दिलाने तथा हर समस्या के प्रभावी निस्तारण के लिए संकल्पित है। जनता दर्शन में लोगों की समस्याएं सुनते हुए मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे जन समस्याओं पर त्वरित संवेदनशीलता दिखाएं। रविवार सुबह गोरखनाथ मंदिर में आयोजित जनता दर्शन के दौरान सीएम योगी ने करीब 150 लोगों से मुलाकात की।

 

महंत दिग्विजयनाथ स्मृति भवन के बाहर लगी कुर्सियों पर बैठाए गए लोगों तक मुख्यमंत्री खुद पहुंचे और एक-एक कर उनकी समस्याओं को सुना। ध्यान से बात सुनते हुए उनके प्रार्थना पत्र लिए और निस्तारण के लिए संबंधित प्रशासनिक व पुलिस अधिकारियों को संदर्भित कर निर्देशित किया कि सभी समस्याओं का निस्तारण समयबद्ध, निष्पक्ष और सन्तुष्टिपरक होना चाहिए।

 

जनता दर्शन में कुछ महिलाओं ने पक्के मकान की समस्या बताई। मुख्यमंत्री योगी ने उन्हें आश्वस्त किया कि उन्हें प्रधानमंत्री आवास योजना या मुख्यमंत्री आवास योजना के तहत मकान की सुविधा दी जाएगी। सरकार की मंशा है कि हर व्यक्ति के पास पक्का मकान हो। जनता दर्शन में हर बार की तरह इस बार भी कुछ लोग इलाज के लिए आर्थिक मदद की गुहार लेकर आए थे। मुख्यमंत्री ने उन्हें भरोसा दिया कि धन के अभाव में किसी का इलाज नहीं रुकेगा।

 

उन्होंने अफसरों को निर्देश दिया कि जो भी जरूरतमंद हैं, प्रशासन उनके उच्च स्तरीय इलाज का एस्टीमेट शीघ्रता से बनवाकर उपलब्ध कराएं। एस्टीमेट मिलते ही सरकार तुरंत धन उपलब्ध कराएगी। अधिकारी सुनिश्चित करें कि जिन लोगों के पास आयुष्मान कार्ड है, उन्हें इलाज में किसी तरह की दिक्कत न हों।

साथ ही जो पात्र लोग किन्हीं कारणों से वंचित हैं, उनके आयुष्मान कार्ड बनवाए जाएं। कुशीनगर की एक महिला ने गंभीर बीमारी के इलाज के लिए मदद का अनुरोध किया तो मुख्यमंत्री ने कहा कि आयुष्मान कार्ड होने के बाद यदि इलाज में किसी तरह की आर्थिक दिक्कत आएगी तो भी उसकी व्यवस्था करने में मदद उपलब्ध कराई जाएगी।

 

अपराध व जमीन कब्जा किए जाने से संबंधी शिकायतों पर सीएम योगी ने पुलिस को अपराधियों व भू माफिया के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने का निर्देश दिया है। उन्होंने कहा यदि कोई दबंग, माफिया किसी की जमीन पर जबरन कब्जा कर रहा हो तो उसके खिलाफ कठोर से कठोर कार्रवाई की जाए।

गरीबों को उजाड़ने वाले कतई न बख्शे जाएं। जनता दर्शन में परिजनों के साथ आए बच्चों को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने खूब दुलारा और आशीर्वाद दिया। साथ ही उन्हें खूब पढ़ने के लिए प्रेरित करते हुए चॉकलेट गिफ्ट किया।

 
और भी

रोजगार मेले में प्रधानमंत्री मोदी 71,000 युवाओं को सौंपेंगे नियुक्ति पत्र

 प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी सोमवार को भर्ती अभियान ‘रोजगार मेला' में 71,000 से ज्यादा युवाओं को नियुक्ति पत्र सौंपेंगे। इस अवसर पर पीएम मोदी युवाओं को वीडियो कांफ्रेंस के जरिए संबोधित भी करेंगे।

प्रधानमंत्री कार्यालय ने रविवार को एक बयान जारी कर यह जानकारी दी। प्रधानमंत्री मोदी देश भर में एक साथ 45 जगहों पर आयोजित कार्यक्रमों में वीडियो कॉन्फ्रेंस के जरिए सुबह 10:30 बजे कार्यक्रम से जुड़ेंगे। यह नियुक्तियां गृह मंत्रालय, डाक विभाग, उच्च शिक्षा विभाग, स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्रालय, वित्तीय सेवा विभाग सहित विभिन्न मंत्रालयों/विभागों में की गई हैं।

पीएमओ के अनुसार, रोजगार सृजन को सर्वोच्च प्राथमिकता देने की प्रधानमंत्री की प्रतिबद्धता को पूरा करने की दिशा में ये एक और कदम है। यह युवाओं को राष्ट्र निर्माण और आत्म-सशक्तिकरण में उनकी भागीदारी के लिए सार्थक अवसर प्रदान करेगा।

इससे पहले 29 अक्टूबर को, पीएम मोदी ने रोजगार मेले को संबोधित किया था और वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए सरकारी विभागों और संगठनों में नवनियुक्त 51,000 से अधिक युवाओं को नियुक्ति पत्र वितरित किए थे।

उस दौरान पीएम मोदी ने जॉब लेटर पाने वाले युवाओं से कहा कि आप जनता के सेवक हैं शासक नहीं इसलिए आप गरीबों-पिछड़ों की सेवा कीजिए। अगले 25 सालों में आप ही विकसित भारत बनाएंगे।

लोकसभा चुनाव के बाद प्रधानमंत्री मोदी के तीसरे कार्यकाल का पहला रोजगार मेला (29 अक्टूबर) था। रोजगार मेले की शुरुआत अक्टूबर 2022 में हुई थी। इसके तहत अब तक 13 मेलों का आयोजन किया जा चुका है। जिसमें साढ़े आठ लाख से ज्यादा युवाओं काे नौकरी दी जा चुकी है। पहले समारोह के दौरान 75,000 से अधिक नियुक्ति पत्र सौंपे गए थे।

भर्ती केंद्रीय मंत्रालयों और विभागों द्वारा स्वयं और यूपीएससी, एसएससी और रेलवे भर्ती बोर्ड जैसी भर्ती एजेंसियों के माध्यम से की जाती है। चयन प्रक्रिया को सरल और तकनीकी रूप से कुशल बताया जाता है।

 

 

और भी

USBRL भारतीय रेल के स्वर्णिम भविष्य का एक चमकता हुआ अध्याय

 उधमपुर-श्रीनगर-बारामूला रेल लिंक परियोजना यानि USBRL भारतीय रेल के स्वर्णिम भविष्य का एक चमकता हुआ अध्याय है। जो देश के हर हिस्से को कश्मीर तक की अबाध यात्रा के मार्ग से जोड़ रही है। यह राष्ट्रीय परियोजना न केवल देश की इंजीनियरिंग क्षमताओं का प्रदर्शन है, बल्कि यह जम्मू-कश्मीर की भौगोलिक चुनौतियों पर विजय का प्रतीक भी है।

 

विकास के पुल से जुड़े। पहाड़ों के दिल

चिनाब ब्रिज 

हिमालय की ऊंचाइयों में चल रहे प्रोजेक्ट का सबसे चमकदार मोती है चिनाब ब्रिज। जो दुनिया का सबसे ऊंचा रेल पुल है। यह पुल समुद्र तल से 359 मीटर की ऊंचाई पर स्थित है, जो एफिल टॉवर से 35 मीटर ऊंचा है और कुतुब मीनार से पांच गुना ऊंचा। 266 किलोमीटर प्रति घंटे चलती हवा की रपत्तार को भी चिनाब ब्रिज आसानी से झेल सकता है।

 

अंजी खड्डू ब्रिज 96 केबल के सहारे निर्मित 725 मीटर लंबा अंजी खड्डू ब्रिज देश का पहला केबल आधारित रेल ब्रिज है। कटरा-बनिहाल रेल खंड का हिस्सा ये पुल समुद्र तल से 331 मीटर ऊपर है। यह अद्भुत संरचना न केवल भारतीय रेल की उपलब्धियों की गाथा गाती है, बल्कि कश्मीर घाटी को विकास की मुख्य धारा से जोड़ने का भी वादा करती है।

 

आर्थिक विकास से राष्ट्र सुरक्षा तक का सेतु

 

USBRL न केवल भारत के लिए सामरिक दृष्टि से महत्वपूर्ण है, बल्कि यह क्षेत्र के सामाजिक और आर्थिक विकास के लिए भी मील का पत्थर साबित होगी।

 

आर्थिक विकासः रेल लिंक से करमीर घाटी में व्यापारिक गतिविधियां तेज होगी, जिससे कृषि उत्पादों, शिल्प और स्थानीय उद्योगों को बड़े बाजारों तक पहुंच मिलेगी।

 

 

पर्यटन को बढ़ावाः इस रेल लिंक के जरिए करमौर में पर्यटन को नई ऊंचाई मिलेगी। पर्यटकों के लिए घाटों तक पहुंचना आसान और किफायती होगा।

 

 

रोजगार के अवसरः परियोजना के निर्माण के दौरान हजारों लोगों को रोजगार मिला और इसके संचालन के बाद भी कई स्थानीय निवासियों को रोजगार मिलेगा।

 

 

पुख्ता राष्ट्र सुरक्षाः रेल लिंक से न केवल सेना को त्वरित आवाजाही संभव होगी, बल्कि आपातकालीन परिस्थितियों में संसाधनों की

तेज आपूर्ति भी सुनिश्चित होगी।

 

आकर्षक इंजीनियरिंग और साहस की मिसाल

 

USBRL को भारतीय रेल के लिए एक आर्किटेक्चरल वंडर माना जा रहा है। इस परियोजना की लंबाई 272 किलोमीटर है। जिसका अधिकांश हिस्सा दुर्गम पहाड़ियों, बर्फीले इलाकों और गहरी घाटियों से होकर गुजरता है। इसमें 943 छोटे-बड़े पुल और 36 मैन सुरंग शामिल हैं। जिसमें भारत की सबसे लंबी रेलवे सुरंग टी-50 भी है जो करीब 12.77 किलोमीटर है। भारत के सबसे कठिन रेल निर्माण प्रोजेक्ट में से एक USBRL की लागत करीब 37 हजार करोड़ रुपए है।

 

उम्मीदों की पटरी

 

USBRI. न केवल रेल की पटरी है, बल्कि वह उन उम्मीदों का मार्ग है, जो कश्मीर के भविष्य को उज्जवल बनाने की ओर अग्रसर है। इसमें ऐसे कई महत्वपूर्ण रेलवे स्टेशन हैं जो जम्मू कश्मीर की तरक्की, सुरक्षा, सुविधा और समृद्धि को सुगम करते हैं। कश्मीर घाटी का प्रवेश द्वार कहे जाने जाने वाला काजीगुंड स्टेशन दक्षिणी कश्मीर को शेष क्षेत्र से जोड़ने की अहम कड़ी है। पंपोर, श्रीनगर, सोपोर, अनंतनाग जैसे रेलवे स्टेशन घाटी के प्रमुख व्यापारिक केंद्रों में से एक है। वहीं रियासी और कटरा रेलवे स्टेशन का विश्व प्रसिद्ध माता वैष्णो देवी मंदिर के निकट होने के कारण इसका महत्व बढ़ जाता है।

 

उधमपुर-श्रीनगर-बारामूला रेल लिंक परियोजना सिर्फ एक रेल संपर्क नहीं, बल्कि कश्मीर घाटी को भारत के बाकी हिस्सों से मजबूती से जोड़ने वाला एक ऐतिहासिक कदम है। भारतीय रेल ने इस परियोजना के साथ करनीर घाटी को विकास की मुख्यधारा में शामिल करने की जो प्रतिबद्धता जताई थी, वो जमीन पर साकार हो रही है।

 

 

और भी

संसद परिसर में धक्का-मुक्की: BJP के दो सांसद घायल, राहुल गांधी पर आरोप

 संसद भवन परिसर में मंगलवार को बाबा साहेब अंबेडकर पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के बयान के बाद उपजे विवाद के दौरान बड़ा हंगामा हुआ। प्रदर्शन के दौरान विपक्ष और भाजपा सांसदों के बीच जमकर धक्का-मुक्की हुई, जिसमें भाजपा के दो सांसद गंभीर रूप से घायल हो गए।


क्या है विवाद की जड़?
मंगलवार को राज्यसभा में गृह मंत्री अमित शाह ने बाबा साहेब अंबेडकर पर बयान दिया, जिसे विपक्ष ने "अंबेडकर का अपमान" करार दिया। बयान के विरोध में कांग्रेस और INDIA गठबंधन के सांसदों ने लोकसभा नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी और प्रियंका गांधी वाड्रा के नेतृत्व में संसद परिसर में प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान उन्होंने अमित शाह से माफी और इस्तीफे की मांग की।

प्रदर्शन के दौरान बाबासाहेब अंबेडकर की प्रतिमा पर विरोध मार्च निकाला गया और सांसदों ने 'मकर द्वार' पर जमकर नारेबाजी की।

धक्का-मुक्की में बीजेपी सांसद घायल
प्रदर्शन के दौरान धक्का-मुक्की के बीच भाजपा सांसद प्रताप चंद्र सारंगी और मुकेश राजपूत घायल हो गए। ओडिशा के सांसद प्रताप चंद्र सारंगी के सिर में गंभीर चोटें आई हैं। उनके माथे पर टांके लगाए गए हैं, और उन्हें अस्पताल में भर्ती किया गया है। वहीं फर्रुखाबाद से सांसद मुकेश राजपूत गंभीर रूप से घायल हुए हैं। उन्हें आरएमएल अस्पताल के आईसीयू में भर्ती कराया गया है। डॉक्टरों की टीम उनकी स्थिति स्थिर करने की कोशिश कर रही है।

प्रधानमंत्री और केंद्रीय मंत्रियों की प्रतिक्रिया
घटना की जानकारी मिलते ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने घायल सांसदों से फोन पर बातचीत की और उनका हालचाल जाना। केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान और प्रहलाद जोशी ने अस्पताल में मुलाकात की। शिवराज सिंह चौहान ने इस घटना को "संसद के इतिहास का काला दिन" बताते हुए कहा, "राहुल गांधी और कांग्रेस ने गुंडागर्दी की है। लोकतंत्र में ऐसा आचरण अस्वीकार्य है।"

बीजेपी का आरोप: राहुल गांधी ने धक्का मारा
घटना को लेकर भाजपा सांसद प्रताप चंद्र सारंगी ने कहा, "राहुल गांधी ने एक सांसद को धक्का दिया, जिसके कारण वह मुझ पर गिर गए और मैं नीचे गिर गया। मैं सीढ़ियों के पास खड़ा था, तभी राहुल गांधी आए और यह घटना हुई।"

इस मामले में भाजपा के वरिष्ठ नेता अनुराग ठाकुर और दिल्ली से सांसद बांसुरी स्वराज ने राहुल गांधी के खिलाफ संसद मार्ग थाने में शिकायत दर्ज कराई है।

राहुल गांधी की सफाई
राहुल गांधी ने इन आरोपों का खंडन करते हुए कहा, "मैं संसद के प्रवेश द्वार से अंदर जा रहा था, लेकिन भाजपा सांसदों ने मुझे रोकने की कोशिश की। उन्होंने मुझे धमकाया और रास्ता रोका। मुख्य मुद्दा यह है कि वे संविधान पर हमला कर रहे हैं।"

कांग्रेस का पलटवार
कांग्रेस ने राहुल गांधी का बचाव करते हुए भाजपा सांसदों पर संसद में प्रवेश रोकने का आरोप लगाया। कांग्रेस प्रमुख मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा, "यह घटना भाजपा सांसदों की साजिश है। मेरे घुटने में भी चोट आई है, और मैंने इस संबंध में लोकसभा अध्यक्ष को पत्र लिखा है।"

क्या होगी आगे की कार्रवाई?
संसद परिसर में हुई इस घटना ने राजनीतिक गलियारों में उथल-पुथल मचा दी है। भाजपा और कांग्रेस, दोनों ने एक-दूसरे पर गंभीर आरोप लगाए हैं। इस मामले में पुलिस जांच शुरू हो चुकी है।

यह घटना संसद की गरिमा और लोकतांत्रिक मर्यादा पर गंभीर सवाल खड़े करती है।

 

 

और भी

मुंबई नौका दुर्घटना में मृतकों के परिजनों को राहत कोष से 2-2 लाख रुपए

 प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने आज महाराष्ट्र के मुंबई में हुई नाव दुर्घटना में लोगों की मृत्यु पर शोक व्यक्त किया। उन्होंने प्रत्येक मृतक के निकटतम परिजनों को प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष से 2-2 लाख रुपए तथा घायलों को 50,000 रुपए की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की।

 

प्रधानमंत्री कार्यालय के हैंडल से एक्स पर पोस्ट किया गया:

 

 

"मुंबई में नाव दुर्घटना दु:खद है। शोक-संतप्त परिवारों के प्रति मेरी संवेदनाएं। मैं प्रार्थना करता हूं कि घायल लोग जल्द स्वस्थ हो जाएं। प्रभावित लोगों को अधिकारियों द्वारा सहायता प्रदान की जा रही है: 

 

"प्रधानमंत्री ने मुंबई में नाव दुर्घटना में मारे गए प्रत्येक व्यक्ति के परिजनों को प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष से 2-2 लाख रुपए की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की है। घायलों को 50,000 रुपए दिए जाएंगे।"

 

 

और भी

लोकसभा में स्वीकार हुआ एक देश एक चुनाव विधेयक

 लोकसभा और विधानसभा चुनाव एकसाथ कराने संबंधी संविधान संशोधन विधेयक मंगलवार को लोकसभा में स्वीकार कर लिया गया। संविधान (129वां संशोधन) विधेयक, 2024 जिसे एक राष्ट्र-एक चुनाव विधेयक के रूप में जाना जाता है, इसे केंद्रीय कानून मंत्री अर्जुनराम मेघवाल ने पेश किया। इसके साथ ही राज्यसभा में 'संविधान पर चर्चा' हुई।


लोकसभा में एक देश एक चुनाव विधेयक स्वीकार कर लिया गया है। इसके लिए मतदान हुआ, जिसमें 269 वोट विधेयक के पक्ष में पड़े और 198 सांसदों ने विधेयक का विरोध किया। विधेयक को विस्तृत चर्चा के लिए संयुक्त संसदीय समिति (जेपीसी) के पास भेजा गया है। मतदान के बाद सदन की कार्यवाही दोपहर तीन बजे तक स्थगित कर दी गई। 

 

 

और भी

ठिठुर रही दिल्ली, सुबह-शाम धुंध

 राजधानी में पहाड़ों से आने वाली हवाओं ने ठिठुरन बढ़ा दी है। लोगों को सुबह-शाम के साथ दिन में भी ठंड महसूस होने लगी है। यही नहीं, गिरते तापमान को देखते हुए लोगों ने रात के समय ठंड से बचने के लिए अलाव व रूम हीटर का सहारा लेना शुरू कर दिया है। रविवार को अच्छी ठंड रही। हालांकि, शीत लहर से लोगों को राहत मिली। ऐसे में न्यूनतम तापमान सामान्य से चार डिग्री कम के साथ 4.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं, कुछ इलाकों में न्यूनतम तापमान चार डिग्री के करीब रिकॉर्ड हुआ। अगले पांच दिन तक ठंड कंपकंपाएगी।

 

रविवार को सुबह-शाम धुंध रही। हालांकि, धूप खिलने के बाद मौसम में बदलाव आया। ऐसे में लोगों ने धूप का आनंद लिया। वहीं, पार्क में बच्चों से लेकर युवा खेलते दिखे। शाम होते-होते लोगों को अच्छी-खासी ठंड का अहसास हुआ। वहीं, अधिकतम तापमान भी सामान्य रहा, जोकि 23.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। सोमवार को अधिकतम तापमान 23 डिग्री और न्यूनतम तापमान 5 डिग्री रहने का अनुमान है। कमोबेश यही स्थिति कई दिन तक रहेगी। ऐसे में ठंड लोगों को कंपकपाएगी।

 

 

और भी

संसद में पेश होगा 'एक देश,एक चुनाव' बिल, BJP ने जारी किया व्हिप

 भाजपा ने अपने सांसदों को व्हिप जारी किया है। मंगलवार को लोकसभा में रहने का व्हिप जारी किया गया है। लोकसभा में 'एक देश,एक चुनाव' बिल पेश होगा। केंद्रीय मंत्री अर्जुन मेघवाल बिल पेश करेंगे।


बीजेपी के वरिष्ठ नेता एवं केंद्रीय कानून मंत्री अर्जुन मेघवाल कल लगभग 12 बजे लोकसभा में बिल पेश करेंगे। बताया जा रहा है कि इसके बाद बिल को जेपीसी में भेज दिया जाएगा। हालांकि पीएम मोदी कल जयपुर दौरे पर हैं। ऐसे में गजेन्द्र सिंह शेखावत वहां मौजूद रहने के लिए कहा गया है। ऐसे में उन्हें व्हिप से छूट रहेगी।

 

 

और भी

तीन महीनों में तुअर और उड़द की खुदरा कीमत में गिरावट

पिछले तीन महीनों में मंडी कीमतों में गिरावट के साथ तुअर और उड़द की खुदरा कीमतों में गिरावट आई है या वे स्थिर बनी हुई हैं। उपभोक्ता मामले विभाग दालों की मंडी और खुदरा कीमतों के रुझानों पर विचार-विमर्श करने के लिए भारतीय खुदरा विक्रेता संघ (आरएआई) और संगठित खुदरा श्रृंखलाओं के साथ नियमित बैठकें कर के यह सुनिश्चित करता है कि खुदरा विक्रेता खुदरा मार्जिन को उचित स्तर पर बनाए रखें।

खुदरा बाजार में सीधे हस्तक्षेप करने के लिए सरकार ने बफर स्टॉक से दालों के एक हिस्से को भारत दाल ब्रांड के तहत उपभोक्ताओं को सस्ती कीमतों पर खुदरा बिक्री के लिए उपलब्ध करवाया है। इसी तरह, भारत ब्रांड के तहत खुदरा उपभोक्ताओं को रियायती कीमतों पर आटा और चावल वितरित किया जाता है। थोक बाजारों में उच्च मूल्य वाले उपभोक्ता केंद्रों और खुदरा दुकानों के माध्यम से कीमतों को कम करने के लिए बफर स्टॉक से प्याज को एक संतुलित और लक्षित तरीके बाजार में उतारा जाता है। प्रमुख उपभोग केंद्रों में स्थिर खुदरा दुकानों और मोबाइल वैन के माध्यम से खुदरा उपभोक्ताओं के बीच प्याज 35 रुपये प्रति किलोग्राम की दर से वितरित किया जाता है। इन उपायों से दालों, चावल, आटा और प्याज जैसी आवश्यक खाद्य वस्तुएं उपभोक्ताओं को सस्ती कीमतों पर उपलब्ध कराने और कीमतों को स्थिर करने में मदद मिली है।घरेलू उपलब्धता बढ़ाने के लिए दालों का सुचारू और निर्बाध आयात सुनिश्चित करने हेतु, तुअर और उड़द के आयात को 31.03.2025 तक 'मुक्त श्रेणी' में रखा गया है और मसूर के आयात पर 31.03.2025 तक कोई शुल्क नहीं लगाया गया है। इसके अतिरिक्त, सरकार ने घरेलू बाजार में दालों की आपूर्ति बढ़ाने के लिए 31.03.2025 तक देसी चना के शुल्क मुक्त आयात की भी अनुमति दी है। तुअर, उड़द और मसूर की स्थिर आयात नीति व्यवस्था देश में तुअर और उड़द की निरंतर आपूर्ति सुनिश्चित करने में प्रभावी रही है, क्योंकि आयात का प्रवाह निरंतर बना हुआ है, जिससे दालों की उपलब्धता बनी हुई है और कीमतों में असामान्य वृद्धि पर अंकुश लगा है।

 

उपभोक्ता मामलों के विभाग ने किसानों के जागरूकता अभियान, आउटरीच कार्यक्रम, बीज वितरण आदि के लिए एनसीसीएफ और नैफेड को सहायता प्रदान की। सरकार ने नैफेड और एनसीसीएफ के माध्यम से मूल्य समर्थन योजना (पीएसएस) और पीएम-आशा योजना के मूल्य स्थिरीकरण कोष (पीएसएफ) घटकों के तहत तुअर और उड़द की सुनिश्चित खरीद के लिए किसानों का पूर्व-पंजीकरण लागू किया है। 22.11.2024 तक एनसीसीएफ और नैफेड द्वारा कुल 10.66 लाख किसानों को पंजीकृत किया गया है।

खरीफ फसलों की स्थिति अच्छी है और मूंग, उड़द जैसी कम अवधि वाले फसलों की कटाई पूरी हो चुकी है, जबकि तुअर की फसल की कटाई अभी शुरू ही हुई है। फसल के लिए मौसम भी अनुकूल रहा है, जिससे उपभोक्ताओं तक आपूर्ति श्रृंखला में अच्छा प्रवाह बना हुआ है, और दालों की कीमतों में नरमी आने की उम्मीद है।

 

केंद्रीय उपभोक्ता मामले, खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति राज्य मंत्री और सार्वजनिक वितरण मंत्री श्री बी.एल. वर्मा ने आज लोक सभा में एक लिखित उत्तर में यह जानकारी दी।

और भी