हिंदुस्तान - Newsportal | Chhattisgarh Darpan Media Group

हिंदुस्तान

गुजरात विस चुनाव : दोपहर 3 बजे तक हुआ 48.48 फीसदी मतदान

 अहमदाबाद (छत्तीसगढ़ दर्पण)। गुजरात विधानसभा चुनाव के पहले चरण का मतदान जारी है। राज्य की 89 विधानसभा सीटों पर गुरुवार सुबह 8 बजे वोटिंग शुरू हो गई थी। पहले घंटे में लगभग पांच फीसदी मतदान दर्ज किया जा चुका था, जबकि सुबह 11 बजे तक 18.95 फीसदी मतदान हुआ। कई पोलिंग बूथ पर सुबह से ही मतदाताओं की लाइन लगनी शुरू हो गई थी। अभी भी पोलिंग बूथ के बाहर लोग अपनी-अपनी बारी का इंतजार कर रहे हैं। चुनाव आयोग के मुताबिक, गुजरात में दोपहर तीन बजे तक 48.48 फीसदी मतदान दर्ज किया गया है।

गुजरात के मुख्य निर्वाचन अधिकारी के अनुसार, पहले चरण में दक्षिण गुजरात और कच्छ-सौराष्ट्र क्षेत्र के 19 जिलों में 788 उम्मीदवार मैदान में हैं। इन उम्मीदवारों में 70 महिलाएं और 339 निर्दलीय हैं। 89 सीटों में से 14 अनुसूचित जनजाति और सात दलितों के लिए आरक्षित हैं।

गुजरात के अमरेली जिले में 32.01 फीसदी, मोरबी में 38.61 फीसदी, भरूच में 35.98 फीसदी, नर्मदा में 46.13 फीसदी, भावनगर में 32.74 फीसदी, नवसारी में 39.20 फीसदी, बोटाड में 30.26 फीसदी जबकि पोरबंदर में 30.20 फीसदी मतदान हुआ है।

दोपहर एक बजे तक तापी जिले में सबसे ज्यादा 46.35 फीसदी मतदान हुआ है। इसके बाद डैंग में 46.22 फीसदी और नर्मदा में 46.13 फीसदी मतदान हुआ है।

चुनाव आयोग के मुताबिक, गुजरात में दोपहर तीन बजे तक 48.48 फीसदी मतदान दर्ज किया गया है।

 

 

और भी

वकीलों से लेता था 'डिजिटल' बख्शीश, हाईकोर्ट जज का अर्दली निलंबित...

 प्रयागराज (छत्तीसगढ़ दर्पण)। डिजिटल युग में अब हर चीज डिजिटल हो गई है, यहां तक कि बक्शीश भी। ऐसा ही एक मामला यूपी के इलाहाबाद हाईकोर्ट का है, जहां न्यायाधीश का अर्दली (जमादार) क्यूआर कोड के जरिए वकीलों से बख्शीश लेता था। अर्दली की यह करतूत सोशल मीडिया में वायरल होने के बाद फिलहाल उसे निलंबित कर दिया गया है।

दरअसल इलाहाबाद हाईकोर्ट जज के अर्दली राजेन्द्र कुमार कमर में पेटीएम का क्यूआर कोड स्कैनर लगाकर वकीलों से ऑनलाइन बख्शीश लेता था। अर्दली की यह करतूत सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल होने के बाद चीफ जस्टिस ने इसे गंभीरता से लिया और रजिस्ट्रार को कार्रवाई के लिए निर्देश दिया।  जिस पर हाईकोर्ट के महानिबंधक आशीष गर्ग  निलंबन आदेश दिया है। मुख्य न्यायाधीश जस्टिस राजेश बिंदल के आदेश पर राजेन्द्र कुमार निलंबित कर दिया गया। निलंबन अवधि के दौरान राजेंद्र कुमार नजारत सेक्शन से संबद्ध रहेगा ।

कोर्ट की अनुमति के बिना अपना स्टेशन भी नहीं छोड़ सकेगा ।इस दौरान उसे निलंबन भत्तों का भुगतान होता रहेगा। आरोप है कि वह कोर्ट कैंपस में अपनी वर्दी पर पेटीएम का वैलेट लगाकर घूमता था।फुटकर न होने की दशा में उसी पर वकीलों से बख्शीश मांगता था। पेटीएम वॉलेट के जरिए वकीलों से ऑनलाइन टिप लेता था ।

और भी

रिजर्व बैंक ने एक दिसंबर से खुदरा डिजिटल रुपए की करेगा शुरुआत

  नई दिल्ली (छत्तीसगढ़ दर्पण)। भारतीय रिजर्व बैंक ने इस वर्ष पहली दिसंबर से प्रायोगिक आधार पर खुदरा डिजिटल रुपया शुरू करने की घोषणा की है। रिजर्व बैंक की प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार इसके लिए आठ बैंकों की पहचान की गई है। पहले चरण में इसकी शुरूआत चार शहरों में भारतीय स्‍टेट बैंक, आई सी आई सी आई बैंक, यस बैंक और आई डी एफ सी फर्स्ट बैंक से की जाएगी।

बाद में बैंक ऑफ बड़ौदा, यूनियन बैंक ऑफ इंडिया, एच डी एफ सी बैंक और कोटक महिंद्रा बैंक सहित चार और बैंक इसमें शामिल किए जायेंगे। प्रायोगिक आधार पर डिजिटल रूपये की शुरूआत मुंबई, नई दिल्ली, बेंगलुरु और भुवनेश्वर शहरों में की जायेगी। बाद में इसका विस्‍तार अहमदाबाद, गंगटोक, गुवाहाटी, हैदराबाद, इंदौर, कोच्चि, लखनऊ, पटना और शिमला तक किया जाएगा। आवश्यक होने पर इसका दायरा धीरे-धीरे बढ़ाया जा सकता है।

 

 

और भी

विस्तारा एयरलाइन्स का एअर इंडिया में विलय होगा

 नई दिल्ली (छत्तीसगढ़ दर्पण)। सिंगापुर की विस्तारा एयरलाइन्स का एअर इंडिया में विलय होगा। टाटा सन्‍स और सिंगापुर एयरलाइंस की ओर से आज जारी संयुक्‍त विज्ञप्ति में कहा गया है कि नियामक मंजूरी मिलने के साथ ही विलय की यह प्रक्रिया मार्च 2024 तक पूरी हो जाएगी। नई कंपनी में टाटा सन्‍स की करीब 75 फीसदी और सिंगापुर एयरलाइन्‍स की 25 फीसदी हिस्‍सेदारी होगी। विलय प्रक्रिया के तहत विस्‍तार एयरलाइन्‍स एअर इंडिया में 2 हजार करोड् रूपए का निवेश करेगी।

विस्‍तारा के आ जाने से एअर इंडिया के विमानों और उडानों की संख्‍या में अच्‍छी खासी बढोतरी होगी जिससे उसकी घरेलू और अंतरराष्‍ट्रीय उडानों का किराया भी कम होने की उम्‍मीद है।

 

 

और भी

भारत ने मालदीव को सौ मिलियन अमरीकी डॉलर की वित्‍तीय सहायता प्रदान की

 नई दिल्ली (छत्तीसगढ़ दर्पण)। भारत ने मालदीव को सौ मिलियन अमरीकी डॉलर की वित्‍तीय सहायता प्रदान की है। द्वीप -समूह के इस देश में कठिन आर्थिक स्थिति पर काबू पाने के लिए बजट के रूप में वित्‍तीय सहायता का इस्‍तेमाल किया जायेगा। यह सहायता बिना किसी शर्त के लिए दी गयी है और मालदीव इसका आर्थिक बहाली के लिए अपनी समझ-बूझ के आधार पर उपयोग करेगा।

विदेश मंत्री डॉक्‍टर एस. जयशंकर ने वित्‍त्तीय सहायता प्रदान करने के समारोह को वर्चुअल रूप से सम्‍बोधित करते हुए कहा कि यह वित्‍तीय सहायता मालदीव को तीव्र आर्थिक विकास की गति में आगे बढ़ने में सहायक सिद्ध होगी। भारत द्वारा प्रदान की गयी वित्‍तीय सहायता से दोनों देशों के बीच सम्‍बन्‍धों में लचीलापन और विश्‍वसनीयता का पता चलता है। आज प्रदान की गयी वित्‍तीय सहायता इस बात का प्रमाण है कि भारत, मालदीव सरकार और वहां की जनता के साथ सहयोग करता रहेगा।

और भी

राष्ट्रपति ने सभी से श्रीमद्भगवद्गीता के ज्ञान को जीवन में आत्मसात करने का आह्वान किया

 नई दिल्ली (छत्तीसगढ़ दर्पण)। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने सभी से श्रीमद्भगवद्गीता के ज्ञान को जीवन में आत्मसात करने का आह्वान किया। वे आज कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय में अंतरराष्ट्रीय गीता महोत्सव-2022 के अंतर्गत आयोजित अंतरराष्ट्रीय गीता संगोष्ठी को संबोधित कर रही थीं। इस अवसर पर हरियाणा के राज्यपाल बंडारू दत्तात्रेय और मुख्यमंत्री मनोहर लाल तथा नेपाल के राजदूत शंकर प्रसाद शर्मा और अन्य गणमान्य व्यक्ति भी उपस्थित थे।

उन्होंने कहा कि सभी देशवासी आजादी का अमृत महोत्सव मना रहे हैं और स्वतंत्रता संग्राम के नायकों को याद किया जा रहा है। राष्ट्रपति मुर्मू ने कहा कि महात्मा गांधी सहित स्वतंत्रता सेनानी श्रीमद्भगवद गीता से मार्गदर्शन लेते थे। उन्होंने विदेशों में पवित्र ग्रंथ को लोकप्रिय बनाने के हरियाणा सरकार के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि गीता और योग शास्त्र पूरी मानवता को भारत की देन हैं।

राष्ट्रपति ने विभिन्न क्षेत्रों में विकास और समाज के सभी वर्गों के उत्थान के लिए उठाए गए कदमों के लिए हरियाणा सरकार की प्रशंसा भी की। उन्होंने हरियाणा परिवहन-नेशनल कॉमन ई-मोबिलिटी कार्ड और निरोगी हरियाणा योजना की ई-टिकटिंग प्रणाली का  वर्चुअल रूप से उद्घाटन किया। श्रीमती मुर्मू ने 950 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले सिरसा मेडिकल कॉलेज का शिलान्यास भी किया।

आयोजन से पहले राष्ट्रपति ने गीता पूजन किया और गीता यज्ञ में पूजा अर्चना की। उन्होंने राज्य प्रदर्शनी, हरियाणा पवेलियन और शिल्प उद्यान का भी उद्घाटन किया। राष्ट्रपति दो दिन के हरियाणा दौरे पर हैं।

 

 

और भी

पॉलीग्राफी टेस्ट में आफताब ने कबूला श्रद्धा की हत्या का गुनाह

 दिल्ली  (छत्तीसगढ़ दर्पण)। श्रद्धा मर्डर केस के आरोपी आफताब ने पॉलीग्राफी टेस्ट में श्रद्धा की हत्या करना स्वीकार कर लिया है और आरोपी ने कहा है कि उसे इसका कोई पछतावा नहीं है। आरोपी का पॉलीग्राफी टेस्ट करने वाले फॉरेंसिक अधिकारियों के हवाले से यह जानकारी सामने आई है। 

आरोपी ने इस टेस्ट के दौरान कई लड़कियों से संबंध होने,  श्रद्धा की हत्या के बाद शव के टुकड़े जंगल में फेंकने की बात भी कबूल की है। पॉलीग्राफी टेस्ट की रिपोर्ट को जाँच अधिकारी को सौंपी जाएगी जिससे  पुलिस को जांच में सहयोग मिल सकता है। बता दे कि 1 दिसंबर को आरोपी का नार्को टेस्ट होना है।  

 

 

और भी

OMG : चूहे को पानी में डुबोकर मारा... दर्ज हुई FIR...

 बदायूं (छत्तीसगढ़ दर्पण)। उत्तरप्रदेश के बदायूं शहर में अनोखा मामला सामने आया है, जहां चूहे की हत्या के आरोप में एक व्यक्ति पर एफआईआर दर्ज हुई है। यह पूरा मामले बदायूं शहर के पनवड़िया मुहल्ले का है, जहां रहने वाले मनोज के खिलाफ एक पशु प्रेमी ने चूहे की हत्या के आरोप में प्राथमिकी दर्ज की गई है।


मनोज के खिलाफ पशु क्रूरता अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज हो गई और शांति भंग में चालान भी हो गया। देश विदेश में सुर्खियां बटोरने वाली इस खबर के केंद्र मनोज ने अब एक सवाल किया है। उनका कहना है कि जब चूहे को मारने पर कार्रवाई हो सकती है, तो मुर्गे, बकरे आदि को काटने वालों पर केस क्यों दर्ज नहीं किया जाता।

चूहे की हत्या में फंसे मनोज ने कहा कि चूहों से उन्हें कितना नुकसान हुआ यह वही जानते हैं, लेकिन मुर्गा बकरा तो किसी को नुकसान नहीं पहुंचा रहे, फिर उन्हें क्यों काटा जा रहा है। पशु प्रेमी को इस ओर भी ध्यान देना चाहिए, उन्हें इन पशुओं की भी हत्या बंद करानी चाहिए।

पनवड़िया मुहल्ले में मनोज का घर उसी नाले के पास है, जिस नाले में उन्होंने चूहे को डुबो कर मार दिया था। वह कहते हैं नाले के पास घर होने के चलते चूहे उनके और आसपास के घरों में घुसे ही रहते हैं। पूरे मुहल्ले के लोग चूहा पकड़ कर लाते हैं और नाले के पास छोड़ जाते हैं। किसी से मना करो तो विवाद खड़ा हो जाता है।

मनोज बताते हैं कि वह अपने माता पिता, पत्नी और तीन बेटियों के साथ रहते हैं। मिट्टी के बर्तन का काम करते हैं। जरा सा ध्यान भटक जाए तो चूहे उनके बनाए हुए मिट्टी के बर्तन तोड़ जाते हैं। बताते हैं कि एक बार बनाया हुआ बर्तन जरा सा सूख जाए तो वह मिट्टी किसी काम नहीं आती।

मनोज ने चूहाें से जुड़ी एक दर्द भरी कहानी भी बयां की। बताया कि उनकी सबसे छोटी बेटी जब गोद में थी। उस समय एक चूहा उसके हाथ की खाल नोंच ले गया था। बेटी बोल भी नहीं पाती थी, जब वह रोई तब वह लोग पहुंचे तो चूहा भाग गया। उस समय उसके इलाज में काफी रुपये खर्च हुआ था। उस समय तो कोई पशु प्रेमी नहीं आया था। उन्होंने पशु प्रेमी विकेंद्र को लेकर कहाकि वह सच्चे पशु प्रेमी हैं तो देश भर में कट रहे मुर्गे, बकरों को बचाएं। बोले- मैं अपने किए पर माफी मांग रहा हूं।

दरअसल 24 नवंबर को मनोज ने एक चूहे की पूंछ में पत्थर बांधकर उसको नाले में फेंक दिया था। ये घटना एक पशु प्रेमी विकेंद्र ने देख ली थी। विक्रेंद्र ने चूहे को बाहर भी निकाला और मनोज के खिलाफ शिकायत की। इसके बाद पुलिस ने मनोज को थाने बुलाया और फिर उसको छोड़ दिया था। बरेली में चूहे का पोस्टमार्टम भी करवाया। फिर मनोज के खिलाफ पशु क्रूरता का केस 28 नवंबर को दर्ज हुआ है।

 

 

और भी

बिलकिस बानो ने सामूहिक दुष्कर्म मामले में सुप्रीम कोर्ट में दायर की पुनर्विचार याचिका

 दिल्ली (छत्तीसगढ़ दर्पण)। सामूहिक दुष्कर्म मामले की पीड़िता बिलकिस बानो ने रिहा हुए 11 लोगों के खिलाफ सुप्रीम कोर्ट में पुनर्विचार याचिका दायर की है जिसमे उन्होंने 13 मई के आदेश पर दोबारा विचार की मांग की है। 

सुप्रीम कोर्ट ने इस मामले में 1992 में बने नियमों का हवाला देते हुए दोषियों की रिहाई का आदेश दिया था।  

उल्लेखनीय है कि 13 मई को सुप्रीम कोर्ट ने एक दोषी की याचिका को सुनते हुए कहा था कि सज़ा 2008 में मिली, इसलिए रिहाई के लिए 2014 में गुजरात में बने कड़े नियम लागू नहीं होंगे बल्कि 1992 के नियम लागू होंगे। 

गुजरात सरकार ने इसी आधार पर 14 साल की सज़ा काट चुके लोगों को रिहा किया था। अब बिलकिस बानो 13 मई के आदेश पर पुनर्विचार की मांग कर रही हैं। उनका कहना है कि जब मुकदमा महाराष्ट्र में चला, तो नियम भी वहां के लागू होंगे गुजरात के नहीं।  

 

 

और भी

मुठभेड़ में दो नक्सली ढेर, एक घायल... सर्चिंग जारी...

 मंडला (छत्तीसगढ़ दर्पण)। मध्यप्रदेश-छत्तीसगढ़ सीमा पर सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच गोलीबारी हो गई। बुधवार सुबह नक्सल मूवमेंट की सूचना पर मंडला-बालाघाट जिले की संयुक्त हॉकफोर्स टीम सर्चिंग पर निकली थी। इस दौरान कान्हा किसली पार्क से आगे सूपखार इलाके में सुरक्षाबलों और नक्सलियों का आमना-सामना हो गया। गोलीबार में दो नक्सलियों के मारे जाने की खबर है। वहीं एक नक्सली घायल है, जिसकी तलाश जारी है। मंडला जिले के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक गजेंद्र सिंह ने इसकी पुष्टि की है।


बताया जा रहा है कि पुलिस को इलाके में नक्सलियों के मूवमेंट की सूचना मिली थी। जिसके बाद मंडला-बालाघाट जिले की संयुक्त हॉकफोर्स टीम मौके पर पहुंची। इस दौरान नक्सिलयों ने टीम को देखते ही फायरिंग कर दी, जिसके बाद हॉकफोर्स टीम ने भी जवाबी कार्रवाई करते हुए 2 नक्सलियों को मार गिराया। फिलहाल मंडला-बालाघाट जिले की संयुक्त हॉकफोर्स टीम इलाके में सर्चिंग ऑपरेशन कर रही है। टीम ऑपरेशन से जुड़े फोटो-वीडियो को लेकर जल्द खुलासा कर सकती है।

यह मुठभेड़ बालाघाट, मंडला और छत्तीसगढ़ की सीमावर्ती क्षेत्र सुपखार-मोतीनाला के पास हुई। जवानों ने 2 नक्सलियों के मार गिराया। एक और नक्सली को गोली लगी है, जिसकी तलाश जारी है। बताया जा रहा है कि मुठभेड़ के समय मौके पर 20 से अधिक नक्सली थे। गोलीबारी के बाद बाकी भाग निकले। बालाघाट और मंडला जिले के पुलिस अधिकारी घटना स्थल पर मौजूद हैं। मारे गए नक्सली कान्हा भोरम देव कमेटी के सक्रिय नक्सली थे। पुलिस ने अभी तक आधिकारिक तौर पर पुष्टि नहीं की है। मंडला एसपी यशपाल सिंह राजपूत भी मौके पर मौजूद हैं। उन्होंने बताया कि जंगल में सर्चिंग कर रहे हैं।

 

 

और भी

मुर्गे की बांग से डॉक्टर परेशान, थाने पहुंचा मामला

 इंदौर (छत्तीसगढ़ दर्पण)। शहर के एक डॉक्टर सुबह सुबह मुर्गे की बांग से परेशान होकर थाने पहुँच गए है।  ये मामला पलासिया थाना क्षेत्र का है। 

पुलिस के मुताबिक, पीड़ित डॉ.आलोक मोदी ने अपनी शिकायत में बताया कि वो लेट नाइट हॉस्पिटल से घर लौटते हैं और मुश्किल से जब नींद लगी ही होती है तो सुबह सुबह पड़ोसी के घर में पल रहे मुर्गे बांग देना शुरू कर देते हैं जिससे वो काफी ज्यादा परेशान हो जाते है।

पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर पब्लिक न्यूसेंस के तहत मामला दर्ज करके पडोसी को बुलाया और ऐसा न करने की समझाइश दी है। 

और भी

दुबई से लौटे चार तस्कर गिरफ्तार, करोडो रुपए का सोना जप्त

 दिल्ली (छत्तीसगढ़ दर्पण)। कस्टम विभाग के अधिकारीयों ने दिल्ली स्थित इंदिरा गाँधी अंतर्राष्ट्रीय  हवाई अ़़ड्डे पर सोने की तस्करी करने के आरोप में चार भारतीय नागरिकों को गिरफ्तार किया है। विभाग ने आरोपियों से कुल 2.763 किलोग्राम सोना जब्त किया  है, जिसकी कीमत 1.37 करोड़ रुपये है। 

जानकारी के मुताबिक, चारों भारतीय नागरिक दुबई से भारत आ रहे थे। आरोपियों की संदिग्ध  गतिविधि को देखते हुए विभागीय अधिकारीयों ने उनकी तलाशी ली, जहाँ विभाग ने उनसे सोने के आभूषण जप्त किये। विभाग ने एक्ट  के तहत सोना जप्त  कर सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया और इस मामले में आगे की जांच जारी है। 

 

और भी

दिल्ली आबकारी नीति मामले में ईडी को आरोपी अमित अरोड़ा की दी 7 दिन की कस्टडी

 दिल्ली (छत्तीसगढ़ दर्पण)। पीएमएलए कोर्ट ने दिल्ली आबकारी नीति मामले में बुधवार को कारोबारी अमित अरोड़ा से पूछताछ के लिए 7 दिन की प्रवर्तन निदेशालय की अभिरक्षा में भेज दिया है।   

आरोपी अरोड़ा जो गुरुग्राम स्थित ‘बडी रिटेल प्राइवेट लिमिटेड’ के निदेशक है। ईडी  ने इस मामले में अबतक कुल छः लोगों को गिरफ्तार किया है। अरोड़ा को मंगलवार रात को गिरफ्तार किया गया था।

सीबीआई ने मामले में हाल ही में दायर आरोपपत्र में दावा किया है कि अमित अरोड़ा और दो अन्य आरोपी दिनेश अरोड़ा और अर्जुन पांडे दिल्ली के उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया के ‘करीबी सहयोगी’ हैं और वे आरोपी लोक सेवकों के लिए शराब लाइसेंस धारियों से जुटाए गए धन के अवैध वित्तीय प्रबंधन एवं हेराफेरी करने में सक्रिय रूप से शामिल थे।

 

 

और भी

लोकसभा अध्‍यक्ष ओम बिरला ने हिन्‍दी पखवाड़ा के विजेताओं को दिये पुरस्कार

 नई दिल्ली (छत्तीसगढ़ दर्पण)। लोकसभा अध्‍यक्ष ओम बिरला ने हिन्‍दी पखवाड़ा-2022 के विजेताओं को पुरस्कार दिये। कार्यक्रम का आय़ोजन लोकसभा सचिवालय ने संसद परिसर में किया। श्री बिरला ने इस अवसर पर कहा कि हिन्दी पखवाड़ा, हिन्दी भाषा के महत्व को समझने का उत्सव है। उन्होंने कहा कि यह उन दो भाषाओं में से एक है जो लोगों को जोड़ती है। लोकसभा अध्यक्ष ने कहा कि भाषाई विविधता देश की ताकत है। यह भावनात्मक रूप से लोगों को एक साथ लाकर राष्ट्र को एकजुट करने में मदद करती है।

श्री बिरला ने कहा कि लोकसभा सचिवालय के अधिकारियों और कर्मचारियों की यह जिम्मेदारी बनती है कि वे सांसदों को उनकी मनपसंद भाषा में कामकाज करने की सुविधा उपलब्ध कराएं।

 

 

और भी

भारत और फ्रांस ने परस्‍पर सैन्य सहयोग की समीक्षा की और समुद्री सहयोग को मजबूत करने पर चर्चा की

 नई दिल्ली (छत्तीसगढ़ दर्पण)। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह फ्रांस के रक्षा मंत्री सेबेस्टियन लेकोर्नू के साथ नई दिल्ली में चौथी भारत-फ्रांस वार्षिक रक्षा वार्ता में शामिल हुए। रक्षा मंत्रालय के ओर से जारी बयान में कहा गया है कि वार्ता सौहार्दपूर्ण माहौल में हुई। इसमें द्विपक्षीय, क्षेत्रीय, रक्षा और रक्षा उद्योग के क्षेत्र में सहयोग सहित विस्तृत विषयों पर चर्चा की गई।

दोनों मंत्रियों ने हाल के वर्षों में सैन्य स्तर पर बढ़ते सहयोग की समीक्षा की। उन्होंने समुद्री क्षेत्र में सहयोग बढ़ाने की संभावनाओं और संयुक्त सैन्य अभ्यास की जटिलताओं को दूर करने के उपायों पर भी विचार-विमर्श किया। उन्होंने हाल ही में वायु सेना के जोधपुर बेस पर भारत और फ्रांस के बीच आयोजित संयुक्त वायु सैनिक अभ्यास-गरूड की सफलता पर संतोष व्यक्त किया।

 

द्विपक्षीय वार्ता में भविष्‍य में मेक इन इंडिया के तहत रक्षा उद्योग के क्षेत्र में सहयोग बढ़ाने पर भी चर्चा की गई। दोनों मंत्री इस बात पर सहमत हुए कि इस पर अगले वर्ष भारत और फ्रांस के तकनीकि समूह बातचीत को आगे बढ़ाएगें। भारत और फ्रांस हिंद-प्रशांत क्षेत्र को केंद्र में रखकर सामरिक और रक्षा से जुड़े कई मुददों पर साथ आने के अलावा  द्विपक्षीय, क्षेत्रीय और बहुस्तरीय सहयोग बढ़ाने पर भी सहमत हुए।

 

भारत की यात्रा पर आए फ्रांस के रक्षा मंत्री नौसेना के दक्षिणी कमान मुख्यालय में स्वदेशी तकनीक से निर्मित पहले विमान वाहक पोत आईएनएस-विक्रांत को देखने गए। रक्षा के क्षेत्र में फ्रांस भारत का एक सबसे विश्वसनीय सहयोगी है। दोनों देश 2023 में रक्षा सहयोग की 25वीं वर्षगांठ मनाने जा रहे है। इस बीच, विदेश मंत्री डॉक्‍टर सुब्रह्मण्‍यम जयशंकर ने नई दिल्ली में फ्रांस के रक्षा मंत्री सेबेस्टियन लेकोर्नु से मुलाकात की। एक ट्वीट में डॉक्‍टर जयशंकर ने कहा कि उनके बीच समसामयिक सामरिक विकास के बारे में व्यापक चर्चा हुई।

और भी

सरकार ने विदेश सचिव का कार्यकाल बढ़ाया

 नई दिल्ली (छत्तीसगढ़ दर्पण)। सरकार ने विदेश सचिव विनय मोहन क्‍वात्रा का कार्यकाल बढ़ा दिया है। भारतीय विदेश सेवा के अधिकारी का कार्यकाल इस वर्ष 31 दिसम्‍बर को समाप्‍त हो रहा था। वे 30 अप्रैल 2024 या अगले आदेश तक इस पद पर बने रहेंगे।

 


और भी

SSC जीडी कांस्टेबल में 45 हजार 284 पदों पर होगी भर्ती

 नई दिल्ली (छत्तीसगढ़ दर्पण)।  SSC जीडी ने पहले से जारी पदों की संख्या में दोगुनी कर दी है। अब 45 हजार 284 पदों पर भर्ती होगी। इसमें सबसे अधिक BSF के लिए 20 हजार 765 लोगों की भर्ती की जाएगी। CRPF में 11 हजार 169 पदों पर नियुक्ति दी जाएगी।

 

 

और भी

हस्तशिल्प हमारी जीवंत विरासत हैं; उन्हें बढ़ावा देने के लिए सभी प्रयास किए जाने चाहिए : उपराष्ट्रपति

 नई दिल्ली (छत्तीसगढ़ दर्पण)। उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने कहा कि हमारे हस्तशिल्प हमारी जीवंत विरासत है, साथ ही उन्होंने हस्तशिल्प के सभी उपभोक्ताओं से स्थानीय निर्मितियों की सराहना करने और इसके बारे में मुखर होने का आग्रह किया। उन्होंने भारतीय हस्तशिल्प उत्पादों के संगठित विपणन और उनकी ब्रांडिंग को बढ़ावा देने की आवश्यकता पर बल देते हुए कहा कि आतंरिक वास्तुशिल्पियों (इंटीरियर डिजाइनरों) को इस समृद्ध सम्पदा पर भी ध्यान देना चाहिए। नई दिल्ली के विज्ञान भवन में वर्ष  2017, 2018, 2019 के लिए शिल्प गुरु और राष्ट्रीय पुरस्कार प्रदान करने के बाद उपस्थित जन समुदाय को संबोधित करते हुए उपराष्ट्रपति ने कहा कि हमारे उत्कृष्ट शिल्पकारों की अनूठी प्रतिभा भारत का प्रतिनिधित्व करती है। उन्होंने उपस्थित शिल्प गुरुओं से कहा, अपनी सूक्ष्म कारीगरी से, आप भारत की सांस्कृतिक विविधता को सुशोभित और समृद्ध करते हैं। आप कौशल और शिल्प कौशल की भारत की समृद्ध परंपरा का प्रतिनिधित्व करते हैं।

श्री धनखड़ ने भारतीय शिल्पकारों को देश की संस्कृति और रचनात्मकता का प्रभावशाली दूत बताते हुए कहा कि उन्हें सम्मानित कर राष्ट्र उन अज्ञात कुशल शिल्पकारों की असंख्य पीढ़ियों का सम्मान कर रहा है, जो अपने पीछे इतनी समृद्ध विरासत छोड़ गए हैं। यह देखते हुए कि इन कौशलों में महारत प्राप्त करने के लिए कई पीढ़ियों के प्रशिक्षण की आवश्यकता होती है, उपराष्ट्रपति ने कहा कि आप सबकी रचनात्मकता, कौशल और कड़ी मेहनत के कारण, भारत की हस्तकला की विश्व में सबसे अधिक मांग है। उन्होंने कहा आप भारत की रचनात्मक परंपरा का प्रतिनिधित्व करते हुए शिल्प कौशल की भारत की अमूर्त विरासत को आगे बढ़ाते हैं।

और भी