हिंदुस्तान - Newsportal | Chhattisgarh Darpan Media Group

हिंदुस्तान

सोनिया गांधी से ईडी की पूछताछ पर लोकसभा में कांग्रेस का हंगामा

 नई दिल्ली (छत्तीसगढ़ दर्पण)। संसद के मॉनसून सत्र में महंगाई और जीएसटी के मुद्दे पर विपक्षी आज फिर हंगामा कर रहा है। कांग्रेस सांसदों ने आज सोनिया गांधी से ईडी से पूछताछ को लेकर लोकसभा में जमकर बवाल काटा और पोस्टर लहराए। सत्र के पहले तीन दिन विपक्षी सांसदों के हंगामे के बाद राज्यसभा और लोकसभा की कार्यवाही को स्थगित करनी पड़ी। विपक्षी दल महंगाई और खुले सामान पर बढ़ी जीएसटी वापस लेने की मांग पर अड़े हुए हैं।

 

 

और भी

द्रौपदी की जीत का जश्न मनाने को पूरा गांव छुट्टी पर, फूलों से सजाया गया हर घर

 नई दिल्ली  (छत्तीसगढ़ दर्पण)। ओडिशा की राजधानी भुवनेश्वर से 260 किमी दूर हरे भरे जंगलों के बीच कुसमुई ब्लॉक पड़ता है। इसी ब्लॉक में उपरबेड़ा गांव तलहटी पर स्थित है। आज यह छोटा सा गांव पूरे विश्व में सुर्खियां बटोर रहा है। इसी गांव की द्रौपदी मुर्मू देश की पहली आदिवासी राष्ट्रपति बनने जा रही है।

उपरबेड़ा गांव में रोड बनी है जो 15 किमी दूर रायरंगपुर जोड़ती है। जहां द्रौपदी ने अपने राजनीतिक जीवन की शुरुआत 1997 में एक पार्षद के रूप में की थी। रायरंगपुर में, व्यापारी समुदाय कम से कम 40,000 लोगों के बीच बांटने के लिए मिठाई तैयार कर रहा है।

द्रौपदी के छोटे भाई तरनसेन ने कहा कि वे सभी बहुत उत्साहित हैं। इस गांव को कुछ दिनों पहले तक कोई नहीं जानता था। द्रौपदी मुर्मू को एनडीए ने राष्ट्रपति पद का उम्मीदवार घोषित किया तो यह गांव पूरे विश्व में छा गया। गुरुवार सुबह से ही इस गांव में जश्न का माहौल है क्योंकि यही वह गांव है जहां द्रौपदी मुर्मू का जन्म हुआ था।

उपरबेड़ा के लोग द्रौपदी मुर्मू की जीत का ऐलान होने से पहले ही खुशियां मना रहे हैं। ग्रामीणों ने गुरुवार को गांव में 'विजय दिवस' मनाने की तैयारी की है। पूरा गांव को यह विश्वास कि उनकी बेटी ही राष्ट्रपति बनेगी।

और भी

राष्ट्रपति चुनाव : एनडीए उम्‍मीदवार द्रौपदी मुर्मू को अब तक मिले 71.79 फीसदी वोट

 नई दिल्ली  (छत्तीसगढ़ दर्पण)। देश को आज नया राष्ट्रपति मिलने जा रहा है। 18 जुलाई को हुए राष्ट्रपति चुनाव के नतीजे आज घोषित होने वाले हैं। संसद भवन में वोटों की गिनती जारी है। पहले चरण की गिनती में सांसदों के वोट गिने गए। राज्यसभा के महासचिव पीसी मोदी ने बताया कि द्रौपदी मुर्मू ने 3,78,000 के मूल्य के साथ 540 वोट हासिल किए हैं और यशवंत सिन्हा ने 1,45,600 के मूल्य के साथ 208 वोट हासिल किए हैं। कुल 15 वोट अवैध थे।

अगर द्रौपदी मुर्मू ये चुनाव जीतती हैं तो वह पहली आदिवासी महिला होंगी जो राष्ट्रपति बनेंगी। मुर्मू का राष्ट्रपति चुना जाना तय माना जा रहा है। कई राज्यों में द्रौपदी मुर्मू के पक्ष में हुई क्रास वोटिंग से भी उनकी जीत पक्की मानी जा रही है। बता दें कि मौजूदा राष्ट्रपति राम नाथ कोविन्द का कार्यकाल 24 जुलाई को खत्म हो रहा है। नए राष्ट्रपति का शपथ ग्रहण 25 जुलाई को होगा।

द्रौपदी मुर्मू के राष्ट्रपति पद का चुनाव जीतने के करीब पहुंच चुकी हैं। दिल्ली में भाजपा मुख्यालय के बाहर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। भाजपा मुख्यालय के बाहर जमा हुए लोग द्रौपदी मुर्मू की जीत का जश्न मना रहे हैं। राष्ट्रपति चुनाव को लेकर अधिकारी ने जानकारी दी है कि अब तक हुए कुल मतों में से एनडीए की द्रौपदी मुर्मू को 71.79 फीसदी वोट मिले हैं।

राज्यसभा, महासचिव, पीसी मोदी ने जानकारी दी कि दूसरे दौर के बाद, जिसमें पहले 10 राज्यों के मतपत्रों की वर्णानुक्रम (Alphabetically) में गणना की गई है। कुल वैध मत 1138 और उनका कुल मूल्य 1,49,575 है। इस गणना के मुताबिक, द्रौपदी मुर्मू को 809 वोट मिले, जिनकी कीमत 1,05,299 और यशवंत सिन्हा को 329 वोट मिले, जिनकी कीमत 44,276 है।

और भी

15वें राष्ट्रपति के रूप में शपथ लेंगीं द्रौपदी मुर्मू, पीएम मोदी ने दी बधाई

 नई दिल्ली  (छत्तीसगढ़ दर्पण)। राष्ट्रपति चुनाव में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन की उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू ने बृहस्पतिवार को तीसरे दौर की मतगणना के बाद कुल वैध मतों का 50 फीसद का आंकड़ा पार कर लिया। इसके साथ ही उनके राष्‍ट्रपति पद पर निर्वाचित होने का रास्‍ता साफ हो गया है। राज्यसभा महासचिव पीसी मोदी ने कहा कि द्रौपदी मुर्मू को 812 वोट मिले जबकि यशवंत सिन्हा को 521 मत प्राप्‍त हुए।

सभी वोटों की गिनती के बाद उनकी जीत की आधिकारिक घोषणा होने की उम्मीद है। मुर्मू को पहले ही 5,77,777 वोट मिल चुके हैं, जो 18 जुलाई को हुए चुनाव में डाले गए कुल वैध वोटों के आधे से अधिक हैं। रिटर्निंग अधिकारी पीसी मोदी ने घोषणा की कि मुर्मू को पहले ही कुल वैध वोटों का 53 प्रतिशत से अधिक प्राप्त हो चुका है। 10 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के मतों की गिनती अभी चल रही है। अब तक के हर दौर की मतगणना में मुर्मू को दो तिहाई से ज्यादा वोट मिले हैं।

राज्यसभा महासचिव ने बताया कि तीसरे दौर की मतगणना में कर्नाटक, केरल, मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र, मणिपुर, मेघालय, मिजोरम, नगालैंड, ओडिशा और पंजाब शामिल हैं। इस दौर में कुल वैध मत 1,333 हैं जिनकी कुल वैल्यू 1,65,664 है।

पीएम मोदी ने द्रौपदी मुर्मू को बधाई देते हुए कहा- आज भारत ने इतिहास लिखा है। जब भारत आज़ादी का अमृत महोत्सव मना रहा है, तो पूर्वी भारत के सुदूर हिस्से में पैदा हुई एक आदिवासी समुदाय की बेटी को राष्ट्रपति चुना गया है। द्रौपदी मुर्मू को बधाई। प्रधानमंत्री मोदी और भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा ने NDA की राष्ट्रपति उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू से उनके आवास पर मुलाकात की। जेपी नड्डा ने कहा- जनजातीय समाज की महिला का राष्ट्रपति पद तक पहुंचना, देश के लिए स्वर्णिम क्षण है।

इसके साथ ही विपक्ष के उम्‍मीदवार यशवंत सिन्हा ने द्रौपदी मुर्मू को बधाई दी। उन्‍होंने कहा- मैं राष्ट्रपति चुनाव 2022 में द्रौपदी मुर्मू को उनकी जीत पर बधाई देता हूं। देश को उम्मीद है कि गणतंत्र के 15वें राष्ट्रपति के रूप में वे बिना किसी भय या पक्षपात के संविधान के संरक्षक के रूप में कार्य करेंगी।

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने राष्ट्रपति चुनाव में इस बढ़त पर द्रौपदी मुर्मू को बधाई दी है। उन्‍होंने कहा कि द्रौपदी मुर्मूं गांव, गरीब, वंचितों के लोक कल्याण के लिए सक्रिय रहीं हैं। यह भारतीय लोकतंत्र की ताकत की देन है कि वह आज उनके बीच से निकल कर सर्वोच्च संवैधानिक पद तक पहुंची हैं।  

इसके साथ ही द्रौपदी मुर्मू के पैतृक स्थान ओडिशा के मयूरभंज जिले के रायरंगपुर के महुलडीहा में लोगों ने जश्न मनाना शुरू कर दिया है। रायरंगपुर के महुलडीहा स्थित उनके आवास के बाहर ढोल, नगाड़े की धुन पर पारंपरिक वेशभूषा में लोग नाच-गा रहे हैं।

मालूम हो कि देश के 15वें राष्ट्रपति के लिए 18 जुलाई को हुए चुनाव में सांसदों और विधायकों ने अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया था। यह देश का 16वां राष्ट्रपति चुनाव रहा जिसमें मतदाता सूची में शामिल 4,796 सांसदों एवं विधायकों में से 98.9 प्रतिशत ने वोट डाले थे। कई राज्यों में विपक्षी दलों के विधायकों ने पार्टी लाइन से हटकर मुर्मू के पक्ष में वोटिंग किया था। बताया जाता है कि आठ सांसद रहे मतदान से अनुपस्थित रहे थे। सूत्रों ने कहा कि विपक्षी दलों के 17 सांसदों ने मुर्मू के समर्थन में क्रास वोटिंग की है।

 

और भी

कृषि व खाद्य क्षेत्र में भारत के काम की वर्ल्ड फूड प्रोग्राम के कार्यकारी निदेशक ने की सराहना

 नई दिल्ली (छत्तीसगढ़ दर्पण)। केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर और वर्ल्ड फूड प्रोग्राम (डब्ल्यूएफपी) के कार्यकारी निदेशक डेविड बेस्ली के बीच नई दिल्ली में बैठक हुई। इस दौरान श्री बेस्ली ने कृषि एवं खाद्य क्षेत्र में भारत के कामकाज की खुलकर सराहना करते हुए अपेक्षा व्यक्त की कि वर्ल्ड फूड प्रोग्राम के साथ मिलकर दुनिया में खाद्यान्न की सुचारू आपूर्ति के लिए भारत अपना सहयोग प्रदान करता रहे।

श्री तोमर ने श्री बेस्ली सहित वर्ल्ड फूड प्रोग्राम के प्रतिनिधिमंडल का स्वागत करते हुए कहा कि भारत व डब्ल्यूएफपी खाद्य सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए कृषि क्षेत्र में 1968 से घनिष्ठता से काम कर रहे हैं। श्री तोमर ने किसानों के कल्याण के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत सरकार द्वारा चलाई जा रही विभिन्न योजनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि हमारी सार्वजनिक वितरण प्रणाली (पीडीएस) के माध्यम से सरकार ने कोरोना महामारी के संकटकाल में भारत की 80 करोड़ लोगों को मुफ्त अनाज वितरित किया, वहीं वसुधैव कुटुम्बकम् की भारत की प्राचीन परंपरा व महत्व को दर्शाते हुए श्री तोमर ने कहा कि भारत ने अपनी घरेलू आवश्यकताओं की पूर्ति करने के अलावा दुनिया के अनेक देशों को भी खाद्यान्न उपलब्ध कराया है।

श्री बेस्ली ने कृषि क्षेत्र के विकास व खाद्य सुरक्षा पर डब्ल्यूएफपी व भारत के काम पर संतोष व्यक्त किया, साथ ही भारत की प्रगति के लिए सराहना करते हुए कहा कि वे यूएस कांग्रेस की आगामी बैठक में कृषि क्षेत्र में भारतीय प्रयासों के बारे में बताएंगे। श्री तोमर द्वारा यह बताने पर कि अगले वर्ष अंतरराष्ट्रीय पोषक-अनाज वर्ष भारत की अगुवाई में मनाया जाएगा, श्री बेस्ली ने इस संबंध में डब्ल्यूएफपी की ओर से पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया।

और भी

नामीबिया के उप प्रधानमंत्री से मिले विदेश मंत्री जयशंकर

 

नई दिल्ली (छत्तीसगढ़ दर्पण)। विदेश मंत्री एस जयशंकर ने नामीबिया के उप प्रधानमंत्री और अंतर्राष्ट्रीय संबंध मंत्री नेतुंबो नंदी नदैतवा से मुलाकात की। उन्होंने ट्वीट कर बताया कि ऊर्जा, डिजिटल और स्वास्थ्य क्षेत्रों के साथ हमारे संबंधों का विस्तार करने पर चर्चा की गई। चीता और फोरेंसिक विज्ञान सहयोग के पुन: परिचय पर समझौतों पर हस्ताक्षर किए गए।

और भी

देसी शराब पीने से 7 लोगों की मौत

 कोलकाता (छत्तीसगढ़ दर्पण)। पश्चिम बंगाल के हावड़ा में देसी शराब पीने से 7 लोगों की मौत हो गई है। जबकि कई लोग बीमार हैं। हावड़ा के पुलिस आयुक्त प्रवीण कुमार त्रिपाठी ने कहा कि पोस्टमार्टम के बाद मौत के कारणों का पता चल सकेगा। अब तक 7 लोगों की मौत हुई है, 6 लोगों का अस्पताल में इलाज चल रहा है।

और भी

गृहमंत्री शाह ने ली केन्द्रीय पुलिस प्रशिक्षण संस्थानों की समीक्षा बैठक

 नई दिल्ली (छत्तीसगढ़ दर्पण)। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने बुधवार को केन्द्रीय पुलिस प्रशिक्षण संस्थानों की समीक्षा बैठक ली। बैठक में गृहमंत्री शाह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा शुरू किए गए मिशन कर्मयोगी के अंतर्गत एक होलिस्टिक अप्रोच के तहत कॉंस्टेबल, एसआई और डीएसपी स्तर तक के पुलिसकर्मियों के प्रशिक्षण की व्यवस्था होनी चाहिए। सभी पुलिसकर्मियों के प्रशिक्षण का 60 प्रतिशत सबके लिए समान होना चाहिए, जबकि 40 प्रतिशत ट्रेनिंग बल-आधारित होनी चाहिए, इससे हम अपनी प्रशिक्षण क्षमताओं का सर्वोत्तम उपयोग कर पाएंगे।

उन्होंने कहा कि आधुनिक तकनीकों के साथ-साथ पुलिसकर्मियों में देशभक्ति की भावना, फ़िटनेस, अनुशासन, संवेदनशीलता और स्वयं को समर्पित करने का जज़्बा पैदा करने की ज़रूरत है। पुलिसकर्मियों के प्रशिक्षण में समय के साथ बदलाव बेहद ज़रूरी, प्रशिक्षण में सख़्ती और संवेदनशीलता पर ज़ोर देना चाहिए। आज के युग में तकनीक का उपयोग समय की जरुरत है लेकिन साथ ही हमें बेसिक पुलिसिंग पर भी बल देना चाहिए और उसे प्रैक्टिस में लाना चाहिए

और भी

बगल में चल रही कार पर पलटा ट्रक, 5 की मौत...

 

रायबरेली (छत्तीसगढ़ दर्पण)। उत्तर प्रदेश के रायबरेली जिले में इलाहाबाद हाईवे पर मंगलवार की देर रात रफ्तार का कहर देखने को मिला। एक बेकाबू ट्रक साइड में चल रही कार पर पलट गया। हादसे में कार पर सवार दो बच्चों समेत पांच लोगों ने दम तोड़ दिया, दर्दनाक हादसे में तीन अन्य लोग भी घायल हो गए। पांच मृतकों में से तीन एक ही परिवार के हैं।

जानकारी के अनुसार लखनऊ की तरफ जा रहा तेज रफ्तार ट्रक अचानक बेकाबू होकर कार के ऊपर पलट गया है। इससे कार सवार सभी आठ लोग कार के अंदर ही दब गए। चीख-पुकार मचने पर आसपास के लोग एकत्र हो गए। काफी देर बाद क्रेन की व्यवस्था हुई। इसके बाद क्रेन की मदद से कार के ऊपर पलटे ट्रक को हटाकर घायलों को बाहर निकाला गया। आनन-फानन सभी घायलों को जिला अस्पताल लाया गया, जहां पांच लोगों को मृत घोषित कर दिया गया। वही दर्दनाक हादसे में घायल तीन अन्य लोगों का ईलाज जारी है।

और भी

आयकर कानून के तहत इन मामलों की सुनवाई के लिए सुप्रीम कोर्ट ने तय किए सिद्धांत...

 नई दिल्ली (छत्तीसगढ़ दर्पण)। सुप्रीम कोर्ट ने ने बुधवार को एक अहम फैसला देते हुए आयकर अधिनियम के तहत तलाशी और जब्ती से जुड़े मामलों की सुनवाई की खातिर उच्च न्यायालयों के लिए सिद्धांत तय किए। शीर्ष अदालत ने कहा कि राजस्व विभाग के दस्तावेजों पर राय बनाना या विश्वास करना न्यायिक या अर्ध न्यायिक कार्य नहीं है बल्कि प्रशासनिक चरित्र का है।

न्यायमूर्ति हेमंत गुप्ता और न्यायमूर्ति वी. रामसुब्रमण्यण की पीठ ने इसके साथ ही गुजरात उच्च न्यायालय के उस आदेश को रद्द कर दिया जिसमें सात अगस्त 2018 को आयकर विभाग के प्रधान निदेशक (अन्वेषण) द्वारा जारी तलाशी और जब्ती वारंट को खारिज कर दिया गया था।

शीर्ष अदालत ने कहा,‘‘हमने पाया कि उच्च न्यायालय द्वारा सात अगस्त 2018 को तलाशी की अनुमति संबंधी वारंट को रद्द करना न्यायोचित नहीं है। इसलिए, अपील को स्वीकार किया जाता है और उच्च न्यायालय द्वारा पारित आदेश को रद्द किया जाता है। इसके साथ ही राजस्व विभाग को आजादी है कि वह आयकरदाता के खिलाफ कानून के तहत कार्रवाई करे।’’

उच्च न्यायालय ने अहमदाबाद के एक कारोबारी की याचिका पर आदेश पारित किया था जिसने गोवा में एक मनोरंजन कंपनी में निवेश किया था और राजस्व विभाग ने उसके परिसरों की तलाशी व जब्ती की कार्रवाई की थी। शीर्ष अदालत ने कहा कि पूर्व के फैसलों के आलोक में तलाशी और जब्ती के प्राधिकरण की वैधता पर विचार करने के दौरान दर्ज किए गए कारणों की उपयुक्ता या अनुपयुक्तता पर विचार नहीं किया जा सकता। पीठ ने कहा कि वह आयकर अधिनियम की धारा- 132 के तहत तलाशी और जब्ती से जुड़े मामलों में रिट याचिका पर सुनवाई करने के लिए विस्तृत सिद्धांत देगी।

न्यायालय ने कहा कि किसी भी बाहरी या अप्रासंगिक सामग्री पर विचार करने से विश्वास प्रभावित होगा।

पीठ ने कहा, ‘‘अधिकारियों के पास सूचना होनी चाहिए जिसके आधार पर तार्किक विश्वास बनता है कि व्यक्ति ने खाता या अन्य दस्तावेज छिपाया है या उसे पेश करने में असफल रहा है, जिसके बारे में नोटिस जारी किया गया या समन किया गया है...।’’

और भी

रक्षा क्षेत्र में आत्मनिर्भरता की दिशा में परिवर्तन के दौर से गुजर रहा है भारत : राजनाथ सिंह

 नई दिल्ली (छत्तीसगढ़ दर्पण)। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा है कि भारत रक्षा क्षेत्र में एक बड़े बदलाव से गुजरते हुए आत्म-निर्भरता की ओर बढ़ रहा है। श्री सिंह ने कहा कि रक्षा क्षेत्र के सार्वजनिक उपक्रमों के वरिष्ठ अधिकारियों को मिलकर यह सुनिश्चित करना चाहिए कि‍ उनकी कंपनियां दुनिया की सर्वश्रेष्ठ कंपनियों में शामिल हों। एक कार्यक्रम में श्री सिंह ने कहा कि रक्षा मंत्रालय ने 2025 तक पौने दो लाख करोड़ रुपये के रक्षा उत्पादन का लक्ष्य रखा है।

इसमें 35,000 करोड़ रुपये का निर्यात लक्ष्‍य भी शामिल है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रम 70-80 प्रतिशत योगदान के साथ यह लक्ष्य हासिल करने में प्रमुख भूमिका निभाएंगे। श्री सिंह ने आत्मनिर्भरता प्राप्त करने के रक्षा मंत्रालय के उपायों का भी उल्लेख किया। उन्‍होंने कहा कि रक्षा अधिग्रहण प्रक्रिया 2020 के तहत रक्षा उपकरणों का अधिग्रहण सरल बनाया गया है। स्वचालित मार्ग से प्रत्यक्ष विदेशी निवेश की सीमा बढ़ाकर 74 प्रतिशत और सरकारी प्रक्रिया के तहत 100 प्रतिशत कर दी गयी है।

और भी

राष्ट्रीय प्लास्टिक सर्जरी दिवस पर सुश्रुत फिल्म महोत्सव आयोजित करेगा एम्‍स

 नई दिल्ली (छत्तीसगढ़ दर्पण)। अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्‍थान-एम्‍स नई दिल्ली का बर्न एंड प्लास्टिक सर्जरी विभाग भारत के प्‍लास्टिक सर्जनों की संस्‍था APSI के सहयोग से इस महीने की 15 तारीख को 12वें राष्ट्रीय प्लास्टिक सर्जरी दिवस पर सुश्रुत फिल्म महोत्सव आयोजित करेगा।
 
बर्न एंड प्लास्टिक सर्जरी विभाग के प्रमुख डॉ. प्रोफेसर मनीष सिंघल ने बताया कि इस फिल्म महोत्‍सव का विषय प्लास्टिक और रिकंस्ट्रक्टिव सर्जरी से लोगों के जीवन में बदलाव पर केंद्रि‍त है। उन्होंने कहा कि प्लास्टिक सर्जनों के योगदान को प्रोत्‍साहित करने के लिए फिल्म महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है।
   
फिल्‍म महोत्‍सव के दौरान प्लास्टिक सर्जरी पर आधारित बेहतरीन फिल्में दिखाई जाएंगी। डॉ. प्रोफेसर मनीष सिंघल ने कहा कि यह महोत्सव प्लास्टिक सर्जरी और इसके विभिन्न उपयोगों के बारे में जनता की धारणा बदलने में मदद करेगा।

और भी

संसद में इस्तेमाल नहीं किए जा सकेंगे जुमलाजीवी, तानाशाह और भ्रष्ट समेत कई शब्द, प्रतिबंध लगा

 नई दिल्ली (छत्तीसगढ़ दर्पण)। लोकसभा सचिवालय ने ऐसे शब्दों की नई सूची जारी की है जिनका संसद में इस्तेमाल करना असंसदीय माना जाएगा और इन्हें सदन की कार्यवाही की रिकॉर्डिंग से हटा दिया जाएगा। इन शब्दों में भ्रष्ट, नौटंकी और शर्मिंदा जैसे कई ऐसे शब्द शामिल हैं जिनका प्रयोग बेहद आम है और सरकार पर निशाना साधने के लिए विपक्षी सांसद अक्सर इनका इस्तेमाल करते हैं। इसी कारण विपक्ष के कई सांसदों ने नए नियमों के लिए सरकार पर हमला बोला है।

असंसदीय शब्द 2021 सूची में जिन शब्दों पर प्रतिबंध लगाया गया है, उनमें जुमलाजीवी, बाल बुद्धी, कोविड स्प्रेडर, स्नूपगेट (जासूसी कांड), शकुनी, जयचंद, लॉलीपॉप, चांडाल चौकड़ी, गुल खिलाए और पिट्ठू आदि शामिल हैं। इसके अलावा बहरी सरकार, दोहरा चरित्र, दलाल, दादागिरी, दंगा, तानाशाह, तानाशाही, विनाश पुरुष, खालिस्तानी और खून की खेती आदि शब्दों पर भी प्रतिबंध लगाया गया है। शर्मिंदा, भ्रष्ट, निकम्मा, नौटंकी, ढिंढोरा पीटना, धोखा देना और अक्षम जैसे आम बोलचाल के शब्दों के उपयोग पर भी प्रतिबंध रहेगा।

और भी

महाराष्ट्र में पेट्रोल 5 और डीजल 3 रुपये सस्ता

 मुंबई (छत्तीसगढ़ दर्पण)। महाराष्ट्र CM एकनाथ शिंदे ने अधिकारियों से चर्चा होने के बाद पेट्रोल पर 5 रुपये प्रति लीटर और डीजल पर 3 रुपये प्रति लीटर कीमतें कम करने का निर्णय लिया है । मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने इसकी जानकारी मीडिया को दी है।

और भी

छत्तीसगढ़ सहित इन राज्यों में होगी भारी बारिश, IMD ने जारी की चेतावनी

 नई दिल्ली (छत्तीसगढ दर्पण)। देश के अधिकतर हिस्सों में मानसून  पहुंच गया है और उत्तरी मैदानी इलाकों में गर्मी से राहत मिली है। हालांकि कई राज्यों में भारी बारिश कहर बरपा रही है, जिसकी वजह से बाढ़ जैसे हालात पैदा हो गए हैं। महाराष्ट्र, गुजरात और मध्य प्रदेश में बारिश से संबंधित घटनाओं में छह बच्चों समेत कम से कम 18 लोगों की मौत हो गई। तेलंगाना, कर्नाटक, आंध्र प्रदेश और केरल सहित कई राज्यों में बारिश ने सामान्य जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के नए पूर्वानुमान में कई राज्यों में भारी बारिश चेतावनी जारी की गई है।

मौसम विभाग के अनुसार, गोवा, गुजरात, मध्य महाराष्ट्र और कोंकण में कुछ स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना है। राजस्थान, मध्य प्रदेश (पश्चिम), महाराष्ट्र (विदर्भ), छत्तीसगढ़ और कर्नाटक (तटीय और दक्षिण आंतरिक) सहित राज्यों में अलग-अलग स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है। जम्मू और कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, मध्य प्रदेश (पूर्व), ओडिशा, असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, त्रिपुरा, महाराष्ट्र (मराठवाड़ा), आंध्र प्रदेश (तटीय), तेलंगाना, कर्नाटक (उत्तर आंतरिक) और केरल में भारी बारिश होने की संभावना है।

आईएमडी ने मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र (विदर्भ), छत्तीसगढ़, झारखंड, पश्चिम बंगाल (गंगा), अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, त्रिपुरा, आंध्र प्रदेश (तटीय), तमिलनाडु और पुडुचेरी में अलग-अलग स्थानों पर बिजली गिरने के साथ आंधी की चेतावनी भी जारी की है।

मौसम विभाग ने बताया है कि शुक्रवार को मध्य महाराष्ट्र में अलग-अलग जगहों पर भारी से बहुत भारी बारिश होने का अनुमान है। देश के कुछ हिस्सों में छिटपुट स्थानों पर भारी वर्षा होगी। इसमें राजस्थान (पूर्व), मध्य प्रदेश, ओडिशा, गुजरात शामिल हैं. इसके अलावा जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, राजस्थान (पश्चिम), महाराष्ट्र (विदर्भ), छत्तीसगढ़, असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, त्रिपुरा, आंध्र प्रदेश (तटीय), तेलंगाना, कर्नाटक और केरल में भी भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।

और भी

संसद के मानसून सत्र से पहले रविवार को होगी सर्वदलीय बैठक

 नई दिल्ली (छत्तीसगढ दर्पण)। संसद का मॉनसून सत्र 18 जुलाई से शुरू हो रहा है। सरकार ने मॉनसून सत्र से पहले रविवार को सर्वदलीय बैठक बुलाई है। संसदीय कार्यमंत्री प्रल्‍हाद जोशी द्वारा बुलाई गई इस बैठक में सदन में सभी राजनीतिक दलों के नेताओं को आमंत्रित किया गया है।
 
हमारे संवाददाता ने खबर दी है कि आगामी संसद सत्र में विपक्ष, भारत-चीन सीमा गतिरोध, सशस्‍त्र सेनाओं में लघु अवधि के लिए भर्ती योजना अग्निपथ सहित कई अन्‍य मुद्दे उठा सकता है।
 
इससे पहले, एन डी ए नेताओं ने मॉनसून सत्र से पहले आगे की रणनीति पर विचार के लिए दस जुलाई को विस्‍तृत रूप से विचार विमर्श किया था।
 
संसद सत्र के पहले दिन 18 जुलाई को नए राष्‍ट्रपति का चुनाव होगा और उप-राष्‍ट्रपति पद के लिए छह अगस्‍त को चुनाव कराया जाएगा। यह सत्र 12 अगस्त तक चलेगा।

और भी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राष्ट्रपति भवन में राष्ट्रपति राम नाथ कोविंद से मुलाकात की

 नई दिल्ली (छत्तीसगढ दर्पण)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राष्ट्रपति भवन में राष्ट्रपति राम नाथ कोविंद से मुलाकात की। श्री कोविंद का कार्यकाल 24 जुलाई को समाप्त हो रहा है। श्री कोविंद पिछले महीने उत्तर प्रदेश में अपने पैतृक गांव परोंख गये थे। उन्होंने चार सौ वर्ग गज का मकान और ढाई बीघा ज़मीन सहित अपनी सारी पैतृक सम्पत्ति दान की है।


परोंख गांव में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने डॉ. भीमराव अम्बेडकर भवन में स्मार्ट पुस्तकालय का उद्घाटन किया था और सामुदायिक केंद्र का भी दौरा किया था। इस भवन के लिए राष्ट्रपति कोविंद ने भूमि दान की है। सामुदायिक केंद्र में महिलाओं को स्वाबलम्बी बनाने के लिए सिलाई, बुनाई, कढ़ाई सहित विभिन्न पाठ्यक्रम चलाए जाएंगे।

और भी

भारत में गरीबी पर मुद्रास्फीति का बहुत कम असर होगा : निर्मला सीतारामन

 नई दिल्ली (छत्तीसगढ दर्पण)। वित्‍त मंत्री निर्मला सीतारामन ने कहा है कि हाल ही में संयुक्‍त राष्‍ट्र विकास कार्यक्रम- यू.एन.डी.पी. की रिपोर्ट से पता चलता है कि भारत में गरीबी पर मुद्रास्फीति का बहुत कम असर होगा। वित्‍त मंत्री ने ट्विटर पर यू.एन.डी.पी. रिपोर्ट का हवाला देते हुए कहा कि चिन्‍हित आबादी के खातों में नकद राशि हस्‍तांतरित करने से मूल्‍य वृद्धि से निपटने में मदद मिली है।

उन्‍होंने कहा कि रिपोर्ट- विकासशील देशों में जीवन यापन का संकट यह दर्शाती है कि भारत में कोई भी व्‍यक्ति एक दशमलव नौ डॉलर प्रति दिन के गरीबी रेखा के पैमाने से नीचे नहीं जाएगा। रिपोर्ट में कहा गया है कि खाद्य पदार्थों और ईंधन  की कीमतों में बढोत्‍तरी से पूरे विश्‍व में लगभग सात करोड़ 10 लाख लोग गरीब हो जाएंगे। रिपोर्ट के अनुसार लक्षित और समयबद्ध तरीके से नकद हस्‍तांतरण से इसके असर से प्रभावी ढंग से निपटा जा सकता है।

और भी