हिंदुस्तान - Newsportal | Chhattisgarh Darpan Media Group

हिंदुस्तान

गाड़ी में कैश मिलने के बाद शुरू हुआ आरोप-प्रत्यारोप का दौर...

 नई दिल्ली (छत्तीसगढ़ दर्पण)। पश्चिम बंगाल के हावड़ा जिले में 3 विधायकों के पास से बड़ी मात्रा में कैश मिलने से झारखंड कांग्रेस सकते में आ गई है। एक काली फॉर्च्यूनर गाड़ी से कैश इतना ज्यादा मिला है कि गिनने के लिए मशीन मंगवाई गई। पुलिस ने तीनों को पूछताछ के लिए हिरासत में ले लिया है। अभी तक तीनों विधायक पांचला थाने में ही है। कांग्रेस ने झारखंड के उन तीनों विधायकों को सस्पेंड कर दिया है, जिनकी गाड़ी से भारी मात्रा में कैश बरामद हुआ था। पश्चिम बंगाल पुलिस ने हावड़ा में इन विधायकों की SUV गाड़ी से कैश बरामद किया था, जिसके बाद रुपये गिनने वाली मशीन मंगवाई गई थी। कांग्रेस ने ये कार्रवाई रांची के खिजरी से विधायक राजेश कच्छप, कोंगारी सिमडेगा के कोलेबिरा से नमन विक्सेल कोंगारी और जामताड़ा से इरफान अंसारी के खिलाफ की है।

वहीं भाजपा सांसद निशिकांत दुबे ने इस मामले में सीबीई जांच की मांग की है। उन्होंने ट्वीट कर कहा कि झारखंड कांग्रेस के तीन विधायकों के पास भारी मात्रा में कैश पकड़ाने की जांच सीबीआई (CBI), ईडी (ED) और इनकम टैक्स विभाग को अपने हाथ में लेनी चाहिए। उन्होंने कहा कि मेरी जानकारी के अनुसार वर्तमान झारखंड सरकार ने कांग्रेस तोड़ने की साजिश रची, यह पैसा झारखंड में टेंडर मैनेज करने का है।

इस पूरे प्रकरण पर प्रतिक्रिया देते हुए कांग्रेस के राष्ट्रीय संचार प्रभारी जयराम रमेश ने ट्वीट किया कि झारखंड में भाजपा का ऑपरेशन लोटस हावड़ा में बेनकाब हो गया। उन्होंने लिखा कि दिल्ली में हम दो का गेम प्लान झारखंड में वही करना है जो उन्होंने महाराष्ट्र में ई-डी (एकनाथ शिंदे-देवेंद्र फडणवीस) जोड़ी लगाकर किया।

कांग्रेस के आरोप पर केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा ने कहा कि कांग्रेस पार्टी की आदत है कि वह अपनी गलतियों को छुपाने के लिए दूसरों पर बेबुनियाद आरोप लगाती है। उन्हें स्पष्ट करना चाहिए कि कार से बरामद सभी नकदी कहां से आई।

वहीं हावड़ा सिटी पुलिस के डीसीपी साउथ प्रतिक्षा झाखरिया ने बताया कि गाड़ी में राजेश कच्छप, नमन विक्सेल कोंगारी और इरफान अंसारी थे। मुखबिरों से जानकारी मिली थी कि पंचला थाना क्षेत्र के रानीहाटी में NH-16 से निकल रही फॉर्च्यूनर में बड़ी मात्रा में कैश है। नाकेबंदी कर हमने गाड़ी रोकी तो जानकारी सही निकली।

वाहन में सवार विधायकों की पहचान जामताड़ा के विधायक इरफान अंसारी, खिजरी के विधायक राजेश कच्छप और कोलेबिरा के विधायक नमन बिक्सल के रूप में हुई है। बताया गया कि यह नकदी जामताड़ा के विधायक के वाहन से बरामद हुई है। एसपी ने बताया कि विधायकों से पूछताछ की जा रही है। विधायकों की कार पर जामताड़ा विधायक का बोर्ड भी लगा हुआ है।

 

पुलिस सूत्रों के अनुसार, ये वाहन झारखंड के जामताड़ा से आ रहा था और बंगाल के पूर्व मेदिनीपुर जिले के कोलाघाट की तरफ जा रहा था। मामले की जांच की जा रही है। पुलिस ने बताया कि एक गुप्त सूचना के आधार पर विशेष जांच अभियान चलाकर इस कार्रवाई को अंजाम दिया गया। इस नकदी को किस उद्देश्य से और कहां ले जाया जा रहा था यह फिलहाल साफ नहीं हुआ है।

और भी

बड़ी खबर : 6 राज्यों में एनआईए की छापेमारी, मिले ISIS से जुड़े कई आपत्तिजनक दस्तावेज

 नई दिल्ली (छत्तीसगढ़ दर्पण)। आतंकवादी संगठन आईएसआईएस (ISIS) को लेकर नेशनल इन्वेस्टिगेशन एजेंसी (NIA) ने रविवार को देश के 6 राज्यों के13 जिलों में विभिन्न इलाके में छापेमारी की है। जानकारी के मुताबिक छापेमारी के दौरान अनेक आपत्तिजनक दस्तावेज एवं इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस बरामद किए गए हैं। जल्द ही इस मामले में कुछ गिरफ्तारियां भी हो सकती हैं। देश के विभिन्न राज्यों में आतंकी गतिविधियों के मामलों में एनआईए द्वारा 25 जून 2022 को आईपीसी की धारा 153ए, और 153बी और यूए (पी) अधिनियम की धारा 18, 18बी, 38, 39 और 40 के तहत मामला दर्ज किया गया था, जिसके बाद छापेमारी की जा रही है। 

NIA ने 6 राज्यों में आईएसआईएस (ISIS) से जुड़े 13 राज्यों में कई परिसरों की तलाशी ली, जिसमें मध्य प्रदेश में भोपाल और रायसेन जिले में, गुजरात में भरूच, सूरत, नवसारी और अहमदाबाद जिले में,  बिहार में अररिया जिले में, कर्नाटक में भटकल और तुमकुर जिले में  महाराष्ट्र में कोल्हापुर और नांदेड़ जिले में और उत्तर प्रदेश में देवबंद जिले में छापेमारी की गई। ये सभी जिले ISIS की गतिविधियों से संबंधित हैं। एनआईए को यह भी पता चला है कि अपनी इस साजिश के तहत सोशल साइट्स के माध्यम से लोगों को बरगला कर आतंकी संगठन आईएसआईएस में भर्ती की जा रही है। 

रविवार की सुबह राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) और यूपी एटीएस ने देवबंद में छापेमारी की और एक संदिग्ध युवक को गिरफ्तार किया है। बताया जा रहा है कि संदिग्ध युवक एक मदरसे का छात्र है और आशंका है कि वह आईएस मॉड्यूल से संपर्क में था। जानकारी के मुताबिक युवक काफी समय से एनआईए की रडार पर था। एनआईए के टीम ने उसे आज सुबह मदरसे से ही उसे धर दबोचा है। हालांकि अभी तक इस कार्रवाई की पुष्टि नहीं की गई है। बताया जा रहा है कि इस युवक के तार सीरिया में हुए बम धमाकों से भी जुड़े हैं। एटीएस युवक को अपने साथ ले गई है। 

 

इससे पहले राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) ने बिहार के छह जिलों में गुरुवार की सुबह को छापेमारी की थी। पटना के फुलवारी शरीफ मामले में पॉपुलर फ्रंट ऑफ इंडिया (PFI) संगठन से जुड़े कनेक्शन को लेकर एनआईए की टीम ने कई जगह छापेमारी की थी। फुलवारी शरीफ के अलावा बिहार के दरभंगा, पटना, नालंदा और पूर्वी चंपारण जिलों में भी गुरुवार को एक साथ छापेमारी की गई थी।

और भी

मैं न तो झुकूंगा, और न ही पार्टी छोडूंगा : संजय राउत

 ईडी ने शिवसेना सांसद को हिरासत में लिया

मुंबई (छत्तीसगढ़ दर्पण)। प्रवर्तन निदेशालय ने रविवार को शिवसेना नेता और राज्यसभा सांसद संजय राउत को हिरासत में ले लिया है। महाराष्ट्र के 1000 करोड़ से ज्यादा के पात्रा चॉल जमीन घोटाला मामले में ईडी की टीम संजय राउत से पूछताछ कर रही थी। ईडी ने करीब आठ घंटे की पूछताछ के बाद राउत को हिरासत में लिया है। टीम राउत को लेकर ईडी दफ्तर रवाना हो गई है। अब यहां ईडी संजय राउत से पूछताछ करेगी।

इस दौरान शिवसेना नेता संजय राउत ने कहा कि मेरे खिलाफ झूठी कार्रवाई, झूठे सबूत लोगों को मार-पीटकर बनाए जा रहे हैं। ये सिर्फ महाराष्ट्र और शिवसेना को कमजोर करने के लिए है लेकिन महाराष्ट्र और शिवसेना कमजोर नहीं होगी। संजय राउत झुकेगा नहीं और पार्टी भी नहीं छोड़ेगा।

इससे पहले संजय राउत को 27 जुलाई को ईडी ने तलब किया था। हालांकि, वह अधिकारियों के सामने पेश नहीं हुए थे। इसके बाद ईडी के अधिकारी उनके घर पहुंचे। राउत पर जांच में सहयोग न करने का आरोप है। सूत्रों की मानें तो अगर संजय राउत ईडी के सवालों का जवाब नहीं देते हैं, तो उन्हें गिरफ्तार भी किया जा सकता है।

क्या है मामला?
मामला मुंबई के गोरेगांव इलाके में पात्रा चॉल से जुड़ा है। यह महाराष्ट्र हाउसिंग एंड एरिया डेवेलपमेंट अथॉरिटी का भूखंड है। इसमें करीब 1034 करोड़ का घोटाला होने का आरोप है। इस केस में संजय राउत की नौ करोड़ रुपये और राउत की पत्नी वर्षा की दो करोड़ रुपये की संपत्ति जब्त हो चुकी है। आरोप है कि रीयल एस्टेट कारोबारी प्रवीण राउत ने पात्रा चॉल में रह रहे लोगों से धोखा किया। एक कंस्ट्रक्शन कंपनी को इस भूखंड पर 3000 फ्लैट बनाने का काम मिला था। इनमें से 672 फ्लैट पहले से यहां रहने वालों को देने थे। शेष एमएचएडीए और उक्त कंपनी  को दिए जाने थे, लेकिन वर्ष 2011 में इस विशाल भूखंड के कुछ हिस्सों को दूसरे बिल्डरों को बेच दिया गया था।

कैसे उजागर हुआ?
दरअसल, वर्ष 2020 में महाराष्ट्र में सामने आए पीएमसी बैंक घोटाले की जांच हो रही थी। तभी प्रवीण राउत की उक्त कंस्ट्रक्शन कंपनी का नाम सामने आया था। तब पता चला कि बिल्डर राउत की पत्नी के बैंक खाते से संजय राउत की पत्नी वर्षा राउत को 55 लाख रुपये का कर्ज दिया गया था। आरोप है कि संजय राउत ने इसी पैसों से दादर में एक फ्लैट खरीदा था। प्रवीण राउत गुरु आशीष कंस्ट्रक्शन प्राइवेट लिमिटेड के पूर्व निदेशक हैं।

शिवसेना नेता संजय राउत के आवास के बाहर बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी तैनात हैं। उनके आवास के बाहर समर्थकों का जमावड़ा लगने लगा है। पात्रा चावल भूमि घोटाला मामले में उनके आवास पर छापेमारी के बाद ईडी ने उन्हें हिरासत में लिया है।

ईडी के अधिकारी शिवसेना नेता संजय राउत को मुंबई में उनके आवासीय परिसरों पर छापेमारी के बाद हिरासत में लेने के बाद अपने साथ ले गए। मौके पर भारी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता मौजूद हैं।

 

और भी

बड़ी खबर : अधीर रंजन चौधरी ने अपने बयान के लिए राष्ट्रपति को लिखा पत्र...

 

भूलवश एक गलत शब्द का किया इस्तेमाल : अधीर रंजन

 नई दिल्ली (छत्तीसगढ़ दर्पण)। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से अपनी उस टिप्पणी के लिए कांग्रेस सांसद अधीर रंजन चौधरी ने माफी मांग ली, जिसमें उन्होंने राष्ट्रपति को ‘राष्ट्रपत्नी’ कहकर संबोधित किया था। उन्होंने राष्ट्रपति को चिट्ठी लिखकर कहा कि उन्होंने राष्ट्रपति पद के लिये भूलवश एक गलत शब्द का इस्तेमाल किया।

चौधरी ने कहा, ‘मैं आपको विश्वास दिलाता हूं कि यह जुबान फिसलने से कारण हुआ। मैं माफी मांगता हूं और आपसे आग्रह करता हूं कि आप इसे स्वीकार करें।’ कांग्रेस के वरिष्ठ नेता ने इसी विषय को लेकर शनिवार को राष्ट्रपति से मुलाकात का समय मांगा है।

गौरतलब है कि कांग्रेस नेता अधीर रंजन चौधरी के खिलाफ मध्य प्रदेश के डिंडोरी में आईपीसी की धारा 153 (बी) और 505 (2) के तहत मामला दर्ज किया गया है। डिंडोरी के एएसपी जगन्नाथ मार्कन ने बताया कि एफआईआर को दिल्ली भेजा जा रहा है। हम एक-एक करते आपको दोनों धाराओं के बारे में बताते हैं।

धारा 153 (बी) तब लगाई जाती है जब राष्ट्रीय एकता के खिलाफ प्रभाव डालने वाले भाषण देना या लांछन लगाना जैसी बात कही गई हो। यह भी अजमानतीय है (नॉन बेलेबल), और संज्ञेय है । इसमें 3 साल की जेल और जुर्माना दोनों हो सकते हैं। यदि ऐसा अपराध सार्वजनिक पूजा स्थल पर किया जाए, तो यह अपराध गंभीर हो जाता है। इसमें 5 वर्ष की जेल और जुर्माना हो सकता है। यह भी संज्ञेय किस्म का अपराध है और यह अजमानतीय भी है।

 

 
और भी

बिग ब्रेकिंग : अब पटरी पर दौड़ेंगी सभी बंद ट्रेनें, इस हफ्ते 500 का शुरू होगा संचालन

 नई दिल्ली (छत्तीसगढ़ दर्पण)। कोरोना के दौरान बंद सभी ट्रेनों का संचालन इसी सप्ताह शुरू हो जाएगा। रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने इसके लिए मंत्रालय को निर्देश दिया है। संबंधित जोन से सप्ताह भर के भीतर अपनी तैयारी कर लेने को कहा गया है। कोरोना के दौरान बंद सभी ट्रेनों का संचालन इसी सप्ताह शुरू हो जाएगा। रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने इसके लिए मंत्रालय को निर्देश दिया है। संबंधित जोन से सप्ताह भर के भीतर अपनी तैयारी कर लेने को कहा गया है। इस सप्ताह 500 ट्रेनों का संचालन शुरू हो जाएगा। मुश्किलें झेल रहे यात्रियों को इससे भारी राहत मिलेगी। इसके बाद महामारी के समय बंद हुई सारी ट्रेनें पटरियों पर दौड़ने लगेंगी।

चरणबद्ध तरीके से शुरू होगा संचालन : कोरोना के मामले घटने के बाद जरूरत और मांग के मद्देनजर ट्रेनों का संचालन चरणबद्ध तरीके से शुरू किया गया। फिलहाल 2,300 ट्रेनों का संचालन हो रहा है। 500 ट्रेनों का संचालन अब भी नहीं हो पाया है। सरकार के इस फैसले के बाद चलाई जाने वाली 500 ट्रेनों में एक सौ से अधिक ट्रेनें मेल व एक्सप्रेस श्रेणी की हैं। बाकी 400 ट्रेनें पैसेंजर हैं। इन पैसेंजर ट्रेनों के बंद होने से स्थानीय स्तर पर चलने वाले दैनिक यात्रियों की समस्या बढ़ गई थी।

मानसून सत्र में ट्रेनों को चलाने की मांग उठी : बंद ट्रेनों को चलाने के लिए विभिन्न क्षेत्रों से मांग बढ़ गई थी। मानसून सत्र के दौरान भी कई सांसदों ने वैष्णव से मिलकर बंद ट्रेनों को चलाने का आग्रह किया। वर्तमान में चलाई जा रही 2,300 ट्रेनों में 1,770 ट्रेनें मेल व एक्सप्रेस श्रेणी की हैं। अगले सप्ताह इनकी संख्या 1,900 से अधिक हो जाएंगी। कोरोना के बाद स्थिति सामान्य होने पर भी ज्यादातर पैसेंजर ट्रेनों का संचालन शुरू नहीं हो पाया था। कुछ पैसेंजर ट्रेनों का संचालन किया जा रहा था, तो यात्रियों की संख्या घटाने के उद्देश्य से मेल व एक्सप्रेस का किराया वसूला जा रहा था।

दो और वंदे भारत ट्रेने चलाई जाएंगी : इस साल अगस्त तक दो और वंदे भारत ट्रेनों का संचालन होने की उम्मीद है। ये ट्रेने चेन्नई में इंटीग्रल कोच फैक्ट्री (ICF) द्वारा निर्मित की जा रहीं हैं जो अंतिम चरण में हैं। नवनिर्मित वंदे भारत ट्रेनों का ट्रायल रन अगस्त के दूसरे सप्ताह में शुरू होगा। इन ट्रेनों के सफल परीक्षण के बाद प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी हरी झंडी देंगे। इन ट्रेनों के रूट अभी तय नहीं हुए हैं, जो विभिन्न विभागों से NOC मिलने के बाद किया जाएगा।

और भी

गृहमंत्री अमित शाह के सामने 30 हजार किलो ड्रग्स नष्ट करेगी एनसीबी

 नई दिल्ली (छत्तीसगढ़ दर्पण)। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह शनिवार को चंडीगढ़ में नशीली दवाओं की तस्करी और राष्ट्रीय सुरक्षा पर राष्ट्रीय सम्मेलन को संबोधित करेंगे। कार्यक्रम के दौरान गृह मंत्री के सामने नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (NCB) की टीमें दिल्ली, चेन्नई, गुवाहाटी और कोलकाता में बरामद 30 हजार किलो से अधिक ड्रग्स नष्ट करेंगी।

केंद्रीय गृह मंत्रालय के एक आला अधिकारी के मुताबिक, इस तरह का यह पहला राष्ट्रीय सम्मेलन है जिसमें देश के गृहमंत्री के साथ विभिन्न राज्यों के मुख्यमंत्री और मादक पदार्थों (Drugs) पर लगाम लगाने वाली एजेंसी एक मंच पर होंगी। इस कार्यक्रम में हरियाणा, हिमाचल प्रदेश और पंजाब के मुख्यमंत्री के अलावा चंडीगढ़ के प्रशासक, सीमा सुरक्षा बल, नेशनल इन्वेस्टिगेशन एजेंसी, नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो के अधिकारियों के साथ राज्यों के मादक पदार्थ निरोधक शाखा प्रमुख आदि भी उपस्थित रहेंगे।

मंत्रालय के आला अधिकारी के मुताबिक, इस दौरान केंद्रीय गृह मंत्री के सामने दिल्ली से बरामद 19320 किलोग्राम, तमिलनाडु के चेन्नई से बरामद 1309 किलोग्राम, असम के गुवाहाटी से बरामद 6761 किलोग्राम, पश्चिम बंगाल के कोलकाता से बरामद 3077 किलोग्राम यानी कुल मिलाकर 30 हजार किलोग्राम से अधिक मादक पदार्थ नष्ट किया जाएगा। गृह मंत्रालय के मुताबिक, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आजादी के अमृत महोत्सव के आवाहन पर गृह मंत्री अमित शाह के नेतृत्व में नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो ने आजादी के 75 साल में 75000 किलोग्राम ड्रग्स नष्ट करने का संकल्प लिया था।

1 जून 2022 से नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो द्वारा शुरू किए गए इस अभियान में 29 जुलाई तक 11 अलग-अलग राज्यों में कुल 51 हजार किलोग्राम से ज्यादा मादक पदार्थ नष्ट किया जा चुका है। शनिवार को केंद्रीय गृह मंत्री के सामने नष्ट किए जाने वाले ड्रग्स को मिलाकर इसकी कुल मात्रा 81 हजार किलोग्राम से ज्यादा हो जाएगी।

और भी

इज़ ऑफ़ डूइंग बिजनेस और ईज ऑफ़ लिविंग की तरह ही ईज ऑफ़ जस्टिस भी जरूरी : नरेंद्र मोदी

डीएलएस मीट को पीएम मोदी ने किया संबोधित

 नई दिल्ली (छत्तीसगढ़ दर्पण)। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी शनिवार को विज्ञान भवन में पहली अखिल भारतीय जिला कानूनी सेवा प्राधिकरण बैठक के उद्घाटन सत्र को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि यह समय हमारी आजादी के अमृतकाल का समय है। ये समय उन संकल्पों का समय है जो अगले 25 वर्षों में देश को नई ऊंचाई पर ले जाएंगे। देश की इस अमृतयात्रा में Ease of Doing Business और Ease of Living की तरह ही Ease of Justice भी उतना ही जरूरी है।

ज्यूडिशियल इंफ्रास्ट्रक्टर को मजबूत करने के लिए तेज गति से हुआ काम
पीएम मोदी ने कहा, 'किसी भी समाज के लिए Judicial system तक access जितना जरूरी है, उतना ही जरूरी justice delivery भी है। इसमें एक अहम योगदान judicial infrastructure का भी होता है।पिछले आठ वर्षों में देश के judicial infrastructure को मजबूत करने के लिए तेज गति से काम हुआ है।

वीडियो कान्फ्रेंसिंग इन्फ्रास्ट्रक्चर का किया जा रहा विस्तार
प्रधानमंत्री ने कहा, 'e-Courts Mission के तहत देश में virtual courts शुरू की जा रही हैं। Traffic violation जैसे अपराधों के लिए 24 घंटे चलने वाली courts ने काम करना शुरू कर दिया है। लोगों की सुविधा के लिए courts में वीडियो कान्फ्रेंसिंग इनफ्रास्ट्रक्चर का विस्तार भी किया जा रहा है।'
टेक्नोलाजी निभा सकती है बड़ी भूमिका

एक आम नागरिक संविधान में अपने अधिकारों से परिचित हो, अपने कर्तव्यों से परिचित हो, उसे अपने संविधान, और संवैधानिक संरचनाओं की जानकारी हो, rules और remedies की जानकारी हो, इसमें भी टेक्नोलाजी एक बड़ी भूमिका निभा सकती है।

मुख्य न्यायाधीश और कानून मंत्री भी रहे मौजूद
DLAs बैठक के उद्घाटन सत्र में भारत के मुख्य न्यायाधीश एन. वी. रमना और केंद्रीय कानून मंत्री किरेन रिजिजू भी मौजूद रहे। उन्होंने भी बैठक को संबोधित किया।

जन-जन तक न्याय की पहुंच आज भी बड़ी चुनौती : रिजिजू
केंद्रीय क़ानून मंत्री किरण रिजिजू ने उद्घाटन सत्र को संबोधित करते हुए कहा, 'आज पहली बार अखिल भारतीय जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की बैठक दिल्ली में हो रही है। हमारे देश में जन-जन तक न्याय की अंतिम मील तक पहुंच आज भी एक बहुत बड़ी चुनौती है। उन्होंने कहा कि कानूनी सेवाओं के वितरण में समता, जवाबदेही और सुलभ पहुंच इन तीन आवश्यकताओं को सुरक्षित करने के लिए हम नागरिकों की भागीदारी को अमल में ला सकते हैं।

केंद्रीय कानून मंत्री ने कहा, 'राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण (NALSA) ने पात्र कैदियों की पहचान करने के लिए 16 जुलाई से एक अभियान 'रिलीज UTRC@75' शुरू किया है और ट्रायल रिव्यू कमेटी के तहत फिट मामलों को जारी करने की सिफारिश की है। न्याय विभाग और राष्ट्रीय कानूनी सेवा प्राधिकरण सामान्य हित के 3 क्षेत्रों में कानूनी सेवाओं की एकीकृत डिलीवरी प्रदान करता है- टेली-ला के माध्यम से परामर्श को मजबूत करके, नि: शुल्क वकीलों के आधार का विस्तार करके और कानूनी साक्षरता के साथ नागरिकों को सशक्त बनाकर।

'हमारी असली ताकत युवाओं में है'
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए भारत के मुख्य न्यायाधीश एन.वी.रमना ने कहा कि हमारी असली ताकत युवाओं में है। दुनिया के 1/5 युवा भारत में रहते हैं। कुशल श्रमिक हमारे कार्यबल का केवल 3% हैं। हमें अपने देश के कौशल बल का उपयोग करने की आवश्यकता है और भारत अब वैश्विक अंतर को भर रहा है।

बहुसंख्यक न्याय वितरण तंत्र का अनुसरण नहीं कर सकते
उन्होंने कहा कि बहुसंख्यक न्याय वितरण तंत्र का अनुसरण नहीं कर सकते। न्याय तक पहुंच सामाजिक मुक्ति का एक साधन है। अगर आज हम न्याय के साथ लोगों के दरवाजे तक पहुंच पाए हैं, तो हमें योग्य न्यायाधीशों, उत्साही अधिवक्ताओं और सरकारों को धन्यवाद देना होगा।

पीएम मोदी ने ट्वीट कर दी जानकारी
पीएम मोदी ने ट्वीट कर इसकी जानकारी दी।उन्होंने कहा, 'सुबह 10 बजे दिल्ली में आयोजित प्रथम अखिल भारतीय जिला विधिक सेवा प्राधिकरण बैठक के उद्घाटन सत्र को संबोधित करुंगा। यह मंच सभी डीएलएसए को न्यायपालिका से संबंधित विभिन्न पहलुओं पर विचार-विमर्श करने और सभी के लिए न्याय सुनिश्चित करने के लिए एक साथ लाता है।'

30-31 जुलाई को DLSA की पहली राष्ट्रीय स्तर की बैठक
प्रधानमंत्री कार्यालय (पीएमओ) के अनुसार, राष्ट्रीय कानूनी सेवा प्राधिकरण (एनएएलएसए) द्वारा विज्ञान भवन में 30-31 जुलाई 2022 तक जिला कानूनी सेवा प्राधिकरण (डीएलएसए) की पहली राष्ट्रीय स्तर की बैठक आयोजित की जा रही है।

देश में 676 जिला विधिक सेवा प्राधिकरण
देश में कुल 676 जिला विधिक सेवा प्राधिकरण (DLSA) हैं।
वे जिला न्यायाधीश के नेतृत्व में होते हैं जो प्राधिकरण के अध्यक्ष के रूप में कार्य करते हैं।
डीएलएसए और राज्य कानूनी सेवा प्राधिकरण (SLSA) के माध्यम से नालसा द्वारा विभिन्न कानूनी सहायता और जागरूकता कार्यक्रम लागू किए जाते हैं।

अदालतों का कम होगा बोझ
डीएलएसए नालसा द्वारा आयोजित लोक अदालतों को विनियमित करके अदालतों पर बोझ को कम करने में भी योगदान करते हैं।

 

और भी

कोरोना अपडेट : 24 घंटे में सामने आए 20 हजार से अधिक केस, 54 मौत

 नई दिल्ली (छत्तीसगढ़ दर्पण)। देश में कोरोना वायरस के मामलों ने एक बार फिर रफ्तार पकड़ ली है। स्वास्थ्य मंत्रालय द्वारा जारी किए गए आंकड़ों के अनुसार, बीते 24 घंटे में कोरोना वायरस के 20 हजार से अधिक मामले सामने आए हैं। भारत में पिछले 24 घंटों में कोरोना वायरस के 20,408 नए मामले मिले हैं। इसके अलावा देश में बीते 24 घंटे में 20,958 लोग ठीक हुए हैं। वहीं, 54 लोगों की कोरोना वायरस से जान गई है।

देश में Covid-19 के सक्रिय मामलें में आई कमी
स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार, देश में सक्रिय मामलों की संख्या में काफी कमी आई है। बीते दिन के मुकाबले देश में सक्रिय मामलों की संख्या 1 लाख 43 हजार 384 है। जबकि दैनिक सकारात्मकता दर 5.05% है। एक दिन पहले देश में सक्रिय मामले संख्या 1 लाख 43 हजार 988 थे।

तीसरे दिन मिले 20 हजार से अधिक केस
बता दें कि देश में 28 जुलाई को Covid-19 के 20,557 नए मामले मिले थे। इस दौरान 44 लोगों की मौत भी हुई। वहीं, 29 जुलाई को भारत में कोरोना के 20 हजार 409 नए मामले सामने आए। जबकि 32 लोगों की मौत हुई। साथ ही आज देश में 20 हजार 408 नए केस मिले हैं और 54 लोगों की मौत हुई है।
क्या कहती है कोरोना की ताजा रिपोर्ट

स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार, देश में अब तक कोरोना महामारी से 4 करोड़ 33 लाख 30 हजार 442 लोग रिकवर हो चुके हैं। इसके अलावा 5 लाख 26 हजार 312 लोगों की कोरोना से मौत हो चुकी है। देश में अब डेली पाजिटिविटी दर 5.05 फीसद है। बता दें कि देश में अब तक कोरोना की 203 करोड़ से ज्यादा वैक्सीन लगाई जा चुकी हैं।

और भी

गावों में खेती के साथ कुटीर उद्योग को बढ़ावा देने की जरूरत : प्रो. रजनीश शुक्‍ल

 ग्रामीण प्रबंधन और ग्रामीण भागीदारी पर दो दिवसीय कार्यशाला का समापन

वर्धा (छत्तीसगढ़ दर्पण)। महात्‍मा गांधी अंतरराष्‍ट्रीय हिंदी विश्‍वविद्यालय में ग्रामीण प्रबंधन और ग्रामीण भागीदारी विषय पर दो दिवसीय (29- 30 जुलाई) राष्‍ट्रीय कार्यशाला के समापन समारोह की अध्‍यक्षता करते हुए कुलपति प्रो. रजनीश कुमार शुक्‍ल ने कहा कि गावों में खेती के साथ-साथ  कुटीर उद्योग को बढ़ावा देने की जरूरत है।

कार्यशाला का समापन शनिवार को  कस्‍तूरबा सभागार में किया गया। इस अवसर पर महात्‍मा गांधी राष्‍ट्रीय ग्रामीण शिक्षा परिषद, हैदराबाद के अध्‍यक्ष डॉ. डब्‍ल्‍यू. जी. प्रसन्‍ना,  ब्रीसबेन इन्‍स्टीट्यूट ऑफ स्‍ट्रेंथ बैस प्रैक्टिस के फाउंडर प्रोफेसर डॉ. वेंकट पोल्‍ला, वर्धा समाज कार्य संस्‍थान के निदेशक प्रो. मनोज कुमार एवं दूर‍ शिक्षा निदेशालय के निदेशक डॉ. के. बालराजु  मंचासीन थे। कुलपति प्रो. शुक्‍ल ने कहा कि गांधी की विचारधारा ग्रामीण विकास के संदर्भ में शिल्‍प और कृषि‍ पर बल  देती है और व्‍यवहारिक लक्ष्‍य की बात करती है। उन्‍होंने कहा कि गांधीजी ने किसान और कारीगर को एक साथ लाकर आश्रम तैयार किया जो एक आदर्श के रूप में उपस्थित है। कुशल और क्षमतावान लोगों को जोड़ने का आहवान करते हुए उन्‍होंने कहा कि कोरोना काल में शहरों से ग्रामों की ओर मजदूरों का जो स्‍थलांतर हुआ उससे साबित होता है कि भारत के गांव संकट के समय में बचाव के महत्‍वपूर्ण कारण बनते हैं।

डॉ. वेंकट पोल्‍ला ने कहा कि बदलते परिदृश्‍य और आवश्‍यकता को देखते हुए अनुसंधान होना चाहिए। विद्यार्थियों को पाठ्यक्रमों के माध्‍यम से सृजनात्‍मकता और नवाचार के अवसर उपलब्‍ध कराने चाहिए। डॉ. डब्‍ल्‍यू. जी. प्रसन्‍ना ने कहा कि समाज की जरूरतों और स्‍थानीय आवश्‍यकताओं को ध्‍यान में रखकर पाठ्यक्रम का निर्माण करना चाहिए। और शोध प्रक्रिया में दर्शन और भाषा विभागों की मदद ली जानी चाहिए। कार्यशाला में शामिल प्रतिभागियों को  कुलपति प्रो. रजनीश कुमार शुक्‍ल की ओर से प्रमाण पत्र प्रदान किये गये। कार्यशाला का प्रतिवेदन डॉ. के. बालराजु ने प्रस्‍तुत किया।

कार्यक्रम का प्रारंभ कुलगीत से तथा समापन राष्‍ट्रगीत से किया गया। कार्यक्रम का संचालन सहायक प्रोफेसर डॉ. मिथिलेश कुमार ने किया तथा आभार सहायक प्रोफेसर डॉ. शिव सिंह बघेल ने ज्ञापित किया। इस अवसर पर प्रतिकुलपति प्रो. चंद्रकांत रागीट, प्रो. के.के.सिंह, प्रो. कृपाशंकर चौबे, डॉ. जयंत उपाध्‍याय सहित अधिष्‍ठातागण, विभागाध्‍यक्ष, अध्‍यापक, प्रतिभागी, शोधार्थी एवं विद्यार्थी उपस्थित थे।

और भी

रनवे से फिसलकर कीचड़ में फंसा इंडिगो का विमान, अटकी रही यात्रियों की सांस...

 जोरहाट (छत्तीसगढ़ दर्पण)। निजी विमानन कंपनी इंडिगो की एक फ्लाइट हादसे का शिकार होने से बच गई है। कोलकाता जा रही इंडिगो की फ्लाइट रनवे पर फिसल गई। रनवे से फिसलकर विमान कीचड़ में फंस गया। गनीमत रही कि कोई भी यात्री हताहत नहीं हुआ, लेकिन इस दौरान उनकी सांसें अटकी रहीं। फ्लाइट ने असम के जोरहाट से कोलकाता के लिए उड़ान भरी थी।

जांच के लिए टीम का गठन
इंडियो एयरलाइन्स ने इस घटना की जानकारी दी है। एयरलाइन्स के हवाले से कहा गया कि जोरहाट से टेकआफ के दौरान विमान रनवे पर फिसल गया और कीचड़ में फंस गया। इस घटना में किसी यात्री को चोट नहीं आई है। विमानन कंपनी ने ये भी कहा कि इस घटना की जांच के लिए एक टीम का गठन किया गया है। विमान के प्रारंभिक निरीक्षण के दौरान कोई असामान्यता नहीं देखी मिली।

विमान में 98 यात्री थे सवार
विमान में कुल 98 यात्री सवार थे। इंडिगो की फ्लाइट 6E-757 ने गुरुवार दोपहर 2.20 बजे टेक आफ किया था। टेक आफ के दौरान विमान के पहिए रनसे से हट गए और कीचड़ में फंस गए। घटना की जानकारी संबंधित अधिकारियों को दी गई। भारतीय वायु सेना की मदद से यात्रियों को विमान से उतारा गया। बता दें कि भारतीय वायुसेना एयरपोर्ट की देखरेख कर रही है। बाद में फ्लाइट को रद कर दिया गया।

इंडियो एयरलाइन्स ने बयान जारी कर कहा, 'पायलट ने एहतियात के तौर पर टैक्सी प्रक्रिया को अंजाम दिया और आवश्यक निरीक्षण के लिए कहा। विमान को निरीक्षण के लिए जोरहाट वापस ले जाया गया। प्रारंभिक निरीक्षण के दौरान कोई असामान्यता नहीं देखी गई। घटना का गहन निरीक्षण शुरू किया गया है। इसके बाद उड़ान को रद कर दिया गया।'

गौरतलब है कि बीते कुछ दिनों में इंडिगो की फ्लाइट्स के साथ कई घटनाएं हुए हैं। हाल ही में, नागरिक उड्डयन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने लोकसभा में एक लिखित उत्तर में कहा कि 1 जुलाई 2021 और 30 जून 2022 के बीच विमानों में तकनीकी खराबी से संबंधित कुल 478 घटनाएं हुईं।

और भी

दिल्ली-यूपी में आज ऐसा रहेगा मौसम, जानें आपके राज्य का हाल...

 नई दिल्ली (छत्तीसगढ़ दर्पण)। देश के कई राज्यों में इस साल भारी बारिश हो रही है। जिसके चलते कई जगह बाढ़ जैसे हालात हैं। इसके मद्देनजर मौसम विभाग ने आज फिर बारिश का अलर्ट जारी किया है। विभाग के अनुसार अगले 24 घंटे में कई राज्यों में बारिश की संभावना है। वहीं दिल्ली, यूपी और बिहार में भी अगले 24 घंटों में बारिश की संभावना जताई गई है। उधर महाराष्ट्र और राजस्थान जहां के कई जिलों में भारी बारिश के चलते बाढ़ जैसे हालात हैं, वहां भी इस दौरान बारिश हो सकती है।

मौसम विभाग की माने तो दिल्ली-एनसीआर में अगले कुछ दिनों तक गरज के साथ बारिश होगी। अगले 24 घंटे में दिल्ली, नोएडा और गाजियाबाद में बारिश का अलर्ट है। इसके अलावा हरियाणा के कुछ जिलों में भी बारिश होने का अनुमान है। IMD की रिपोर्ट के अनुसार दिल्ली में आज का अधिकतम तापमान 31 डिग्री और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस रहेगा। आज हल्के बादल छाए रह सकते हैं और बूंदाबांदी भी हो सकती है।

स्काईमेट के अनुसार 31 जुलाई तक हिमाचल प्रदेश और पंजाब के कुछ इलाकों, हरियाणा, उत्तराखंड और चंडीगढ़ में भारी बारिश के आसार हैं। बता दें कि पूर्वी उत्तर प्रदेश में 1 अगस्त तक भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। पूर्वानुमान के अनुसार आज बंगाल तो कल झारखंड और 1 अगस्त को बिहार में भारी बारिश की संभावना है।

उत्तराखंड में आरेंज अलर्ट
मौसम विभाग की माने तो उत्तराखंड के कई जिलों में आज बारिश हो सकती है। इस बीच देहरादून और नैनीताल समेत छह जनपद में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। आइएमडी ने इसके लिए आरेंज अलर्ट भी जारी कर दिया है। वहीं दूसरे जिलों में हल्की बारिश का अनुमान जताया गया है।

और भी

कोरोना अपडेट : 24 घंटे में 20 हजार नए मामले, 32 मौत

 नई दिल्ली (छत्तीसगढ़ दर्पण)। भारत में कोरोना वायरस के मामले लगातार बढ़ रहे हैं। स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से जारी आंकड़ों के मुताबिक, पिछले 24 घंटे में 20 हजार 409 नए मामले सामने आए हैं। जबकि एक्टिव मामलों की संख्या बढ़कर 1 लाख 43 हजार 988 हो गई है।

भारत में अब तक 43,30,984 लोग कोरोना वायरस से संक्रमित होने के बाद ठीक हो चुके हैं। अब तक वायरस से 5 लाख 26 हजार 258 लोगों की मौत हो चुकी है। वैक्सीनेशन की बात करें तो अब तक दो अरब तीन करोड़ 60 लाख 46 हजार 307 लोगों को वैक्सीन की डोज लग चुकी है। भारत ने हाल ही में 2 अरब टीकाकरण का वर्ल्ड रिकार्ड बनाया है।

एक्टिव मामलों में आई कमी
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के शुक्रवार को अपडेट किए गए आंकड़ों के अनुसार, पिछले 24 घंटे में सक्रिय मामलों की संख्या में 2,335 मामलों की कमी आई है। इस दौरान 32 लोगों की मौत हो गई, जिसके बाद अब मरने वालों की संख्या बढ़कर 5,26,258 हो गई है।

मंत्रालय ने कहा कि सक्रिय मामलों में कुल संक्रमणों का 0.33 प्रतिशत शामिल है, जबकि राष्ट्रीय कोविड​​​​-19 रिकवरी रेट 98.48 प्रतिशत दर्ज की गई है।

 

 

भारत में कोरोना वायरस के 7 अगस्त 2020 को 20 लाख, 23 अगस्त को 30 लाख, 5 सितंबर को 40 लाख और 16 सितंबर को 50 लाख को पार कर गया था। यह 28 सितंबर को 60 लाख और 11 अक्टूबर को 70 लाख, 29 अक्टूबर को 80 लाख, 20 नवंबर को 90 लाख और 19 दिसंबर को एक करोड़ से अधिक मामले सामने आए थे।

25 जनवरी को वायरस ने पार किया चार करोड़ का आंकड़ा
देश में कोरोना वायरस ने पिछले साल 4 मई को दो करोड़ और 23 जून को तीन करोड़ का आंकडा पार किया था। वहीं, इस साल 25 जनवरी को इसने चार करोड़ का आंकड़ा पार कर लिया।

और भी

एसटीएफ की बड़ी कार्रवाई : ड्रग तस्करों की 3 करोड़ से अधिक की संपत्ति जब्त...

कोलकाता (छत्तीसगढ़ दर्पण)। नारकोटिक्स ड्रग्स एंड साइकोट्रोपिक सब्सटेंस एक्ट के तहत एक सक्षम प्राधिकारी ने ओडिशा के गंजम जिले के दो गांजा तस्करों के स्वामित्व वाली 3 करोड़ रुपये से अधिक की संपत्तियों को जब्त करने का आदेश दिया है। पुलिस ने कहा कि गंजम में बुगुडा क्षेत्र के दो भाइयों बनमाली प्रधान और अरुण कुमार प्रधान की संपत्तियों को जब्त करने के लिए ओडिशा पुलिस के विशेष कार्य बल (एसटीएफ) द्वारा की गई सिफारिश के अनुसार आदेश पारित किया गया है।

106 किलो गांजा और 517 ग्राम अफीम जब्त
एसटीएफ ने 29 अप्रैल 2022 को दोनों भाइयों के कब्जे से 106 किलोग्राम गांजा और 517 ग्राम अफीम जब्त की थी। उन्होंने कहा कि बाद में, वित्तीय जांच के दौरान, पुलिस ने पाया कि अरुण और बनमाली ने कथित तौर पर अवैध नशीले पदार्थों के व्यापार से 3 करोड़ रुपये से अधिक की संपत्ति अर्जित की है।
वित्तीय जांच के जरिए एसटीएफन ने की संपत्ति की पहचान

आधिकारिक अधिसूचना के अनुसार, 'वित्तीय जांच के जरिए अवैध रूप से प्रतिबंधित गांजा और अफीम के कारोबार से आरोपी व्यक्तियों द्वारा अर्जित 3 करोड़ रुपये से अधिक की अवैध संपत्ति की पहचान की गई और उसे जब्त कर लिया गया। एनडीपीएस अधिनियम, 1985 की धारा 68 (एफ) के प्रावधान के अनुसार, अवैध ड्रग्स व्यवसाय से अर्जित संपत्तियों की जब्ती / जब्ती की पुष्टि के लिए एक विस्तृत प्रस्ताव एनडीपीएस अधिनियम, कोलकाता के सक्षम प्राधिकारी और प्रशासक के कार्यालय को भेजा गया था।

छह वर्षों की भीतर अर्जित की गई संपत्ति
दोनों की जब्त की गई संपत्ति में बुगुडा में पांच व्यावसायिक भवन, आठ जमीन की संपत्ति, विभिन्न बैंकों के 19 खातों में जमा राशि, दो वाहन और 595 ग्राम सोने के गहने शामिल हैं। अधिकारियों ने कहा कि ये संपत्तियां पिछले छह वर्षों के भीतर मादक पदार्थों की तस्करी के अवैध धन से आरोपी व्यक्तियों के साथ-साथ उनके रिश्तेदारों के नाम पर खरीदी गई थीं।

26 जुलाई को पारित किया गया संपत्ति जब्त करने का आदेश

26 जुलाई, 2022 को, एनडीपीएस अधिनियम के तहत सक्षम प्राधिकारी, कोलकाता ने फ्रीजिंग / जब्ती आदेश की पुष्टि करने के लिए आदेश पारित किया है, जिसमें एनडीपीएस अधिनियम 1985 की धाराओं के तहत एसटीएफ मामले में 3 करोड़ रुपये की भारी मात्रा में संपत्ति जब्त की गई है। बता दें, सक्षम प्राधिकारी एनडीपीएस अधिनियम के तहत अवैध रूप से अर्जित संपत्ति को जब्त करने के लिए आदेश पारित करने के लिए एक अर्ध-न्यायिक प्राधिकरण है।

सोने के आभूषण बरामद
जब्त की गई संपत्तियों में बुगुडा स्थित पांच व्यावसायिक भवन, 8 जमीन जायदाद, विभिन्न बैंकों के 19 खातों में बैंक बैलेंस, दो वाहन और 595 ग्राम सोने के आभूषण शामिल हैं। यह संपत्ति पिछले छह वर्षों के भीतर मादक पदार्थों की तस्करी के अवैध धन से आरोपी व्यक्तियों के नाम पर और साथ ही उनके परिजनों और रिश्तेदारों के नाम पर खरीदी गई थी।

 

और भी

बाड़मेर में क्रैश हुआ मिग-21 : 2 पायलट शहीद, रक्षा मंत्री ने जताया शोक...

 जोधपुर (छत्तीसगढ़ दर्पण)। भारतीय वायु सेना का दो सीटों वाला लड़ाकू विमान मिग-21 राजस्थान में बाड़मेर के पास एक प्रशिक्षण उड़ान के दौरान क्रैश हो गया। इस हादसे में विमान में सवाल दोनों पायलट शहीद हो गए। विमान बाड़मेर के बायतु थाना क्षेत्र के भीमडा गांव में दुर्घटनाग्रस्‍त हुआ। विमान के क्रैश होने पर जिले के भीमडा गांव में जहां उसका मलबा गिरा, वहां बड़ा गढ्ड़ा हो गया। वायुसेना ने हादसे की वजहों का पता लगाने के लिए कोर्ट ऑफ इंक्वायरी के आदेश दिए हैं।

रक्षा मंत्री ने वायुसेना प्रमुख से हादसे की जानकारी ली  
समाचार एजेंसी एएनआइ की रिपोर्ट के मुताबिक रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने वायुसेना प्रमुख एयर चीफ मार्शल वीआर चौधरी से इस हादसे के बारे में बात की है। वायुसेना प्रमुख ने रक्षा मंत्री को हादसे की पूरी डिटेल साझा की है।

राजनाथ सिंह ने जताया शोक
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने एक ट्वीट कर दोनों पायलटों की शहादत पर दुख जताया। राजनाथ सिंह ने कहा कि दुर्घटना में दो वायु योद्धाओं की जान जाने से गहरा दुख हुआ है। देश के प्रति उनकी सेवा को कभी भुलाया नहीं जा सकेगा। दुख की इस घड़ी में मेरी संवेदनाएं शोक संतप्त परिवारों के साथ हैं।

भारतीय वायुसेना ने कहा कि विमान गुरुवार शाम को राजस्थान के उतरलाई हवाई अड्डे से प्रशिक्षण के लिए रवाना हुआ था। रात करीब नौ बजकर 10 मिनट पर बाड़मेर के पास वह क्रैश हो गया। इसमें दोनों पायलट वीरगति को प्राप्त हो गए। सेना ने इस पर अफसोस जताया है। हालांकि, उसने दोनों पायलटों के नाम नहीं बताए हैं। सेना ने कहा है कि वह पायलटों के शोक संतप्त परिवारों के साथ मजबूती से खड़ी है। इसके साथ ही हादसे के कारणों का पता लगाने के लिए जांच के आदेश दिए हैं।

एक किलोमीटर तक बिखरा मलबा
जानकारी के अनुसार विमान के क्रैश होते ही उसमें आग लग गई। इसके साथ ही उसका मलबा करीब एक किलोमीटर दूर तक बिखर गया। एक पायलट का शव बुरी तरह से जल गया और दूसरे के चिथड़े उड़ गए। हादसे को लेकर इंटरनेट मीडिया पर कई वीडियो और फोटो वायरल हो गए। उधर, सूचना मिलने के बाद स्थानीय प्रशासन भी हादसा स्थल पर पहुंच गया।

वायुसेना के बड़े विमान हादसे

21 अक्टूबर, 2021 को मध्य प्रदेश के भिंड जिले में वायुसेना का मिराज 2000 विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया था।
25 अगस्त, 2021 को राजस्थान के बाड़मेर में एक प्रशिक्षण मिशन के दौरान वायुसेना का एक मिग-21 विमान क्रैश हो गया था।
20 मई, 2021 को पंजाब के मोगा जिले में मिग-21 विमान दुर्घटनाग्रस्‍त हो गया था जिसमें वायुसेना के एक पायलट की मौत हो गई थी।
17 मार्च 2021 को मध्य प्रदेश के ग्वालियर में मिग-21 बाइसन विमान क्रैश हो गया था जिसमें वायुसेना के एक ग्रुप कैप्टन की मौत हो गई थी।
5 जनवरी, 2021 को राजस्थान के सूरतगढ़ में मिग 21 बाइसन विमान लैंडिंग के दौरान दुर्घटनाग्रस्त हो गया था।
फरवरी 2019 में IAF की एरोबेटिक टीम सूर्य किरण के दो विमान एक-दूसरे से हवा में टकराने के बाद दुर्घटनाग्रस्त हो गए थे।
अक्टूबर 2017 में अरुणाचल प्रदेश में तवांग के पास भारतीय वायु सेना का हेलिकाप्टर के दुर्घटनाग्रस्त होने से कम से कम सात लोगों की मौत हो गई थी।
दिसंबर 2015 में बीएसएफ के जवानों को ले जा रहा विमान दिल्ली हवाई अड्डे के पास दुर्घटनाग्रस्त हो गया था।


प्रत्‍यक्षदर्शियों ने बताया कि विमान में ऊपर ही आग लग गई थी इसलिए इसे लैंड कराने के लिए पायलट ने भीमड़ा गांव के ऊपर 2 से 3 चक्कर लगाए। अंतत: गांव से थोड़ी दूर पर विमान क्रैश हो गया। विमान के क्रैश होने की सूचना से गांव में अफरा तफरी मच गई। गांव के लोग घटनास्‍थल की ओर दौड़े लेकिन दोनों ही पायलट शहीद हो चुके थे। यह घटना करीब रात 9 बजे की बताई जा रही है। पहले भी मिग-21 विमानों के क्रैश होने की घटनाएं सामने आती रही हैं। पिछले साल 21 दिसंबर को भारतीय वायुसेना का एक मिग-21 लड़ाकू विमान राजस्थान के जैसलमेर के पास दुर्घटनाग्रस्त हो गया था।

और भी

सोने-चांदी की कीमत में उछाल, 50 हजार के पार पहुंचा सोना...

 मुंबई (छत्तीसगढ़ दर्पण)। बड़ी गिरावट के बाद एक फिर से सोने-चांदी की कीमत में उछाल देखा जा रहा है। एमसीएक्स के मुताबिक गुरुवार (28 जुलाई,2022) को अगस्त के वायदा में 24 कैरेट के 10 ग्राम सोने के भाव 151 रुपए या 0.30 फीसदी बढ़कर 50,735 रुपए हो गया है। वहीं, चांदी के सितंबर वायदा की कीमत 196 रुपए या 0.36 फीसदी बढ़कर 54,911 रुपए प्रति किलोग्राम हो गई है। स्पॉट पर 24 कैरेट के 10 ग्राम शुद्ध सोने का भाव 50,680 रुपए है। वहीं, 22 कैरेट के 10 ग्राम सोने का भाव 46,450 रुपए है।

और भी

आरबीआई की एमपीसी की बैठक में हो सकता है बड़ा ऐलान...

 मुंबई (छत्तीसगढ़ दर्पण)। भारतीय रिजर्व बैंक एक बार फिर रेपो रेट में बढ़ोतरी का ऐलान कर सकता है, जिससे ब्याज दरें बढ़ने की संभावना है। आरबीआई अगले सप्ताह होने वाली MPC मीट में ब्याज दरों में बढ़ोतरी का ऐलान कर सकता है। आर्थिक मामलों के जानकारों का मानना है कि RBI ब्याज दरों में 0.35 फीसदी तक की बढ़ोतरी कर सकता है। RBI ने पिछली दो नीतिगत बैठकों में महंगाई पर काबू पाने के लिए ब्याज दरों में कुल 0.90 फीसदी की वृद्धि की है।

और भी

शेयर बाजार अपडेट : एक्सपायरी के दिन सेंसेक्स 500, निफ्टी 140 अंक ऊपर

 मुंबई (छत्तीसगढ़ दर्पण)। बढ़ती महंगाई से निपटने के लिए US फेडरल रिजर्व ने ब्याज दरों में 75 बेसिस प्वाइट्स का इजाफा कर दिया है। लगातार दूसरी बार फेडरल रिजर्व ने ब्याज बढ़ाने का फैसला लिया है। वहीं फेड चेयरमैन जेरोन पॉवेल ने आर्थिक सुस्ती से इनकार किया है। बाजार ने इस पर पॉजिटिव रिस्पांस दिया है।

घरेलू शेयर बाजार में वीकली एक्सपायरी के दिन मजबूती दिख रही है। इस दौरान सेंसेक्स 503.69 अंक ऊपर उछलकर खुला है जबकि निफ्टी में 141 अंकों की बढ़त दिखी है। गुरुवार को बाजार खुलने पर सेंसेक्स 56323.60 अंकों पर ट्रेड कर रहा है जबकि निफ्टी 16782.10 के लेवल पर कारोबार कर रहा है। निफ्टी एक बार फिर 16700 के लेवल को पार करने में सफल रहा है।

इससे पहले, बढ़ती महंगाई से निपटने के लिए US फेडरल रिजर्व ने ब्याज दरों में 75 बेसिस प्वाइट्स का इजाफा कर दिया है। लगातार दूसरी बार फेडरल रिजर्व ने ब्याज बढ़ाने का फैसला लिया है। वहीं फेड चेयरमैन जेरोन पॉवेल ने आर्थिक सुस्ती से इनकार किया है। फेडरल रिजर्व का फैसला आने के बाद अमेरिकी बाजारों में तेजी देखी गई। Dow Jones 436 अंक और Nasdaq 470 अंक ऊपर जाकर बंद हुआ। SGX निफ्टी में भी बढ़त दिख रही है, यह भी 100 अंक बढ़कर 16750 के लेवल को पार कर गया है।

शेयर बाजार में गुरुवार को शुरुआती कारोबार में एमटीएनल के शेयरों में 11% की बढ़त जबकि एयरलाइन कंपनी स्पाइसजेट के शेयरों आठ प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई है। बाजार में आज के कारोबार में आईटी और मेटल सेक्टर के शेयरों में तेजी दिख रही है।

और भी

कोरोना अपडेट : 24 घंटे में सामने आए 20 हजार से ज्यादा नए मामले, एक्टिव केस भी बढ़े...

 नई दिल्ली (छत्तीसगढ़ दर्पण)। देश में कोरोना वायरस ने फिर रफ्तार पकड़ ली है। कोरोना के नए मामले 20 हजार के पार हो गए हैं। स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया कि बीते 24 घंटे में कोरोना के 20,557 नए मामले सामने आए हैं। इस दौरान 44 लोगों की मौत भी हुई है।

कोरोना के नए मामलों के साथ ही एक्टिव केस में भी बढ़ोतरी हुई है। मंत्रालय ने बताया कि बीते 24 घंटे में कोरोना से 19,216 लोग रिकवर हुए हैं। इसके साथ ही एक्टिव केस बढ़कर 1,46,323 हो गए हैं। 27 जुलाई को सक्रिय मरीजों की संख्या 1 लाख 45 हजार 26 थी।

रिपोर्ट के मुताबिक, देश में अब तक इस संक्रमण के कुल 4 करोड़ 39 लाख 59 हजार 321 मामले सामने आ चुके हैं। वहीं, अब तक महामारी से 4 करोड़ 32 लाख 86 हजार 787 लोग रिकवर हो चुके हैं। इसके अलावा 5 लाख 26 हजार 211 लोगों की कोरोना से मौत हो चुकी है। देश में अब डेली पाजिटिविटी दर 5.18 फीसद है। साप्ताहिक पाजिटिविटी दर 4.71 फीसद है। रिकवरी दर 98.47 फीसद है। कोरोना के अब तक कुल 87.40 करोड़ टेस्ट किए जा चुके हैं। वहीं 24 घंटे में 3,96,783 टेस्ट किए गए।

203 करोड़ के पार हुआ वैक्सीनेशन का आंकड़ा
देश में अब तक कोरोना की 203 करोड़ से ज्यादा वैक्सीन लगाई जा चुकी है। बीते 24 घंटे में 42 लाख 20 हजार 625 वैक्सीन लगाई गई। कोविन वेबसाइट पर जारी आंकड़ों के मुताबिक, 102 करोड़ से ज्यादा लोगों को पहली खुराक दी जा चुकी है। वहीं, 93 करोड़ से ज्यादा दूसरी खुराक दी गई है। प्रीकाशन डोज 8 करोड़ से ज्यादा लोगों को दी गई है।

 

और भी