हिंदुस्तान - Newsportal | Chhattisgarh Darpan Media Group

हिंदुस्तान

एनएमडीसी को मिला राजभाषा कीर्ति पुरस्कार, प्रबंध निदेशक सुमित देब ने ग्रहण किया पुरस्कार

 नई दिल्ली (छत्तीसगढ़ दर्पण)। भारत सरकार, राजभाषा विभाग, गृह मंत्रालय द्वारा सूरत में आयोजित हिंदी दिवस समारोह के दौरान वर्ष 2021-22 के लिए राजभाषा कीर्ति पुरस्कार वितरित किए गए। समारोह की अध्यक्षता केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने की । एनएमडीसी लिमिटेड को ग क्षेत्र में स्थित सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रमों की श्रेणी में राजभाषा कीर्ति-तृतीय पुरस्कार से सम्मानित किया गया ।

एनएमडीसी के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक सुमित देब ने यह पुरस्कार राज्यसभा के उप सभापति  हरिवंश नारायण सिंह से ग्रहण किया । इस अवसर पर केंद्रीय गृह राज्य मंत्री  निशिथ प्रमाणिक, केंद्रीय गृह राज्य मंत्री  अजय कुमार मिश्रा, संसदीय राजभाषा समिति के सदस्यगण, भारत सरकार ,राजभाषा विभाग के उच्च अधिकारीगण एवं अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे । इस अवसर पर  सुमित देब ने कहा कि हिंदी के इस महापर्व पर हम संकल्प लें कि आजादी के अमृतकाल में हम हिंदी तथा भारतीय भाषाओं को उनके गौरवशाली स्थान पर स्थापित करने के लिए अपना सर्वश्रेष्ठ योगदान देंगे ।

 
 
 

वर्ष 2021 में, राजभाषा को बढ़ावा देने के क्रम में एनएमडीसी के प्रयासों को इस्पात मंत्रालय के इस्पात राजभाषा सम्मान से सम्मानित किया गया तथा नगर राजभाषा कार्यान्वयन समिति, हैदराबाद से अपने वर्ग में प्रथम स्थान प्राप्त हुआ । एनएमडीसी की रचनात्मक और तकनीकी लेखन को प्रोत्साहित करने वाली गृह पत्रिका खनिज भारती को वर्ष 2021 में प्रकाशित पत्रिका की श्रेणी में प्रथम स्थान प्राप्त हुआ ।

और भी

भारत हरित परिवर्तन के प्रति अपनी वचनबद्धताओं को कमजोर नहीं होने देगा: पुरी

 नई दिल्ली (छत्तीसगढ़ दर्पण)। केंद्रीय पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने मुंबई में हिंदुस्तान पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड के सहयोग से भारत सरकार के पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्रालय (एमओपीएंडएनजी) के तत्वावधान में उच्च प्रौद्योगिकी केंद्र (सीएचटी) द्वारा आयोजित 25वीं ऊर्जा प्रौद्योगिकी बैठक को संबोधित किया। मंत्री ने अपने नागरिकों को ऊर्जा सुरक्षा सुनिश्चित करने में भारत की प्रगति पर प्रकाश डाला और देश के ऊर्जा मिश्रण को अधिक टिकाऊ और पर्यावरण के अनुकूल बनाने के लिए सरकार की योजनाओं को रेखांकित किया।

इससे पहले इस बैठक को रिफाइनिंग और पेट्रोकेमिकल्स टेक्नोलॉजी मीट के रूप में जाना जाता था। इस वार्षिक ऊर्जा प्रौद्योगिकी बैठक में भारत और विदेशों के 1000 से अधिक प्रतिनिधियों के साथ विश्व भर के प्रतिनिधि भाग लेते हैं। इस बैठक का आयोजन इस वर्ष 15 से 17 सितंबर तक होगा, जो ऊर्जा क्षेत्र के लिए प्रत्यक्ष प्रासंगिकता के हालिया विकास और तकनीकी विकास के प्रदर्शन के लिए एक मंच प्रदान करता है। नए ऊर्जा युग में शोधन विषय के अंतर्गत, 25वीं ऊर्जा प्रौद्योगिकी बैठक देश में बदलते ऊर्जा परिदृश्य पर ध्यान केंद्रित करेगी।

 
 

सभा को संबोधित करते हुए, केंद्रीय पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने कहा कि वर्तमान वैश्विक व्यवस्था से उत्पन्न अनूठी चुनौतियों के बावजूद, भारत शून्य कार्बन उत्सर्जन की अवधारणा से जुड़ा हुआ है और हाइड्रोकार्बन की दुनिया से परिवर्तन करने के लिए प्रतिबद्ध है, जहां हरित और सतत ऊर्जा हमारी ऊर्जा जरूरतों का निर्धारण करेगी।

 

और भी

एनडीसी पाठ्यक्रम का उद्देश्य आज और भी अधिक प्रासंगिक : राष्‍ट्रपति

 नई दिल्ली (छत्तीसगढ़ दर्पण)। नेशनल डिफेंस कॉलेज (एनडीसी) के 62वें पाठ्यक्रम के शिक्षकों और सदस्यों ने राष्ट्रपति भवन में महामहिम राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मु से मुलाकात की।

इस अवसर पर अपने संबोधन में राष्ट्रपति ने कहा कि सुरक्षा एक ऐसा शब्द है, जिसका हम अक्सर अपनी बातचीत में प्रयोग करते हैं, लेकिन इसके व्यापक प्रभाव हैं। बीते दशकों में इसकी व्याख्या में काफी विस्तार हुआ है। यह पहले केवल क्षेत्रीय अखंडता तक सीमित थी, लेकिन अब इसे राजनीतिक और आर्थिक संदर्भों में भी देखा जाने लगा है।

इस प्रकार, सामरिक, आर्थिक, वैज्ञानिक, राजनीतिक और राष्ट्रीय रक्षा के औद्योगिक पहलुओं का अध्ययन करने संबंधी एनडीसी पाठ्यक्रम का उद्देश्य आज और भी अधिक प्रासंगिक हो चुका है। उन्‍होंने इस बात पर प्रसन्‍नता प्रकट की कि बीते वर्षों में एनडीसी पाठ्यक्रम अपने प्रतिभागियों में इन मुद्दों के प्रति गहन समझ उत्‍पन्‍न करने के अपने उद्देश्य पर खरा उतरा है।

इस बात पर गौर करते हुए कि 62वें एनडीसी पाठ्यक्रम में सशस्त्र बलों से 62, सिविल सेवाओं से 20, मित्र देशों से 35 और कॉरपोरेट क्षेत्र से एक प्रतिभागी शामिल हैं, उन्होंने कहा कि यह इस पाठ्यक्रम की अनूठी विशेषता है, जिसने अत्यधिक सराहना बटोरी है। उन्होंने कहा कि यह पाठ्यक्रम के सदस्यों को विभिन्न दृष्टिकोणों को जानने का अवसर देता है, जिससे उनके विचारों और समझ के क्षितिज का विस्तार होता है।

राष्ट्रपति ने कहा कि हम एक गतिशील दुनिया में निवास करते हैं, जहां एक छोटे से बदलाव का भी व्यापक प्रभाव हो सकता है। उन्‍होंने कहा कि कभी-कभी, इसके सुरक्षा संबंधी निहितार्थ भी हो सकते हैं। कोविड महामारी की गति और वेग महज उस खतरे का एक उदाहरण है, जिसका सामना आज मानवता को करना पड़ रहा है। यह हमें मानवजाति के असहाय होने का एहसास कराता है।

हर खतरा हमें उससे मुकाबला करने और उसकी पुनरावृत्ति को रोकने की आवश्यकता के बारे में सोचने पर मजबूर करता है। हमें न केवल पारंपरिक खतरों, बल्कि प्रकृति की अनिश्चितताओं सहित अनदेखे खतरों का भी सामना करने के लिए खुद को तैयार करने की जरूरत है। जलवायु परिवर्तन और सतत विकास के मुद्दे आज सर्वाधिक महत्‍वपूर्ण हैं।

आज जरूरत इस बात की है कि सभी देश एक साथ आएं और उनके समाधान की दिशा में काम करें। यही वह बिंदु है, जिस पर रणनीतिक नीतियों को देशों की विदेश नीतियों के अनुरूप होना चाहिए। यह एक बहु-विषयक और बहु-आयामी दृष्टिकोण है, जिसके लिए हमें स्वयं को तैयार करने की जरूरत है।

राष्ट्रपति ने कहा कि भारत एक राष्ट्र के रूप में, आत्मानिर्भर भारत बनने की दिशा में कदम उठा रहा है। इस विजन को साकार करने के लिए विभिन्न नीतिगत कदम उठाए जा रहे हैं। यही वह विजन है, जो भारत को विकास और प्रगति के पथ पर ले जाता है।

 

उन्होंने कहा कि हाल ही में जब स्वदेशी तकनीक से निर्मित पहले विमानवाहक पोत विक्रांत को भारतीय नौसेना में शामिल किया गया, तो प्रत्येक भारतीय के लिए यह गर्व का क्षण था। इस तरह के कदम भारत के लोगों में नई उम्मीद और प्रेरणा का संचार करते हैं। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि हम प्रगति के इस पथ पर निरंतर बढ़ते रहेंगे।

और भी

परिवहन क्षेत्र में वैकल्पिक ईंधन, नई प्रौद्योगिकियों और नवाचारों की खोज की जानी चाहिए : गडकरी

 नई दिल्ली (छत्तीसगढ़ दर्पण)। केंद्रीय सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने इनसाइट 2022: हरित और स्वस्थ परिवहन के लिए सतत और अभिनव वित्त पर अंतर्राष्ट्रीय सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा कि सार्वजनिक-निजी भागीदारी मोड में बिजली पर आधारित व्यावसायिक प्रबंधन वाली सार्वजनिक परिवहन प्रणाली में लोग अच्छी रुचि दिखाएंगे। उन्होंने कहा कि अगर लागू करने के लिए एक सही मॉडल है तो पूंजी निवेश कोई समस्या नहीं है।

उन्होंने कहा कि निजी वाहनों के इस्तेमाल में कमी लाने के प्रयास किए जाने चाहिए। लंदन परिवहन मॉडल की सराहना करते हुए सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्री ने कहा कि लोग कम खर्च में अधिक आराम चाहते हैं। उन्होंने बस निगमों को होने वाले नुकसान को रोकने और यात्रा में आसानी को बढ़ावा देने के लिए बसों में भौतिक टिकट प्रणाली के स्थान पर कार्ड या क्यूआर कोड आधारित प्रवेश-निकास प्रणाली के इस्तेमाल का प्रस्ताव दिया। 

नितिन गडकरी ने जोर देकर कहा कि इलेक्ट्रिक बसों के आने से प्रदूषण में कमी आएगी और हमडीजल और कच्चे तेल के आयात को भी कम कर पाएंगे। श्री गडकरी ने कहा कि हम 15 लाख करोड़ का ऑटोमोबाइल उद्योग बनाने की कोशिश कर रहे हैं, क्योंकि यह वह उद्योग है जिसमें देश में 4 करोड़ रोजगार पैदा करने की अधिकतम रोजगार क्षमता है और इस उद्योग ने राज्य और केंद्र सरकारों को अधिकतम राजस्व दिया है।

श्री गडकरी ने सीईएसएल को 5450 ई-बसों के टेंडर के लिए बधाई दी, जो दुनिया में सबसे बड़ी है। उन्होंने कहा कि 50000 ई-बसों के बजाय 5 लाख बसों का लक्ष्य होना चाहिए। श्री गडकरी ने कहा कि हरित हाइड्रोजन आवागमन का भविष्य है। उन्होंने दिल्ली से जयपुर तक ई-रोड स्थापित करने का भी प्रस्ताव रखा। उन्होंने कहा कि आर्थिक व्यवहार्यता और सतत विकास के लिए परिवहन क्षेत्र में वैकल्पिक ईंधन, नई प्रौद्योगिकियों और नवाचारों की खोज की जानी चाहिए।

 

 

और भी

75 साल बाद फिर देश के जंगलों में फर्राटे भरेंगे चीते, ख़ास विमान से आ रहे भारत...

 नई दिल्ली (छत्तीसगढ़ दर्पण)। 75 साल पहले देश से विलुप्त हो चुका दुनिया के सबसे तेज जानवर चीता अब फिर भारत के जंगलों में अपनी रफ़्तार का जादू दिखाएगा। नामीबिया से भारत में आ रहे इन मेहमानों को लेकर लोगों में काफी उत्सुक्ता है। पूरा देश इन चीतों का बेसब्री से इंतजार कर रहा है।


प्रोजेक्ट चीता के तहत नामीबिया से आठ चीतों को लाने के लिए विशेष विमान वहां पहुंचा है। विमान पर चीते की पेंटिंग बनाई गई है। नामीबिया से लाए जाने वाले चीतों में तीन नर और पांच मादा हैं। इनमें दो सगे भाई भी हैं। अभी ये नामीबिया के एक प्राइवेट रिजर्व में रह रहे हैं। इन्हें मध्य प्रदेश के कूनो नेशनल पार्क में छोड़ा जाएगा। कल यानी 17 सितंबर को इन चीतों को भारत लाया जाएगा।

पीएम मोदी के जन्मदिन पर लाए जा रहे चीते
खास बात है कि 17 सितंबर को पीएम मोदी का जन्मदिन भी है। पीएम का ये जन्मदिन खास रहने वाला है। दरअसल, इन सभी चीतों को कल दो हेलीकाप्टरों द्वारा कुनो ले जाया जाएगा और मोदी क्वारंटाइन सेंटर से उन्हें पार्क में छोड़ देंगे। इसके बाद पीएम कराहल में आयोजित महिला स्वसहायता समूहों के सम्मेलन को भी संबोधित करेंगे। इस कार्यक्रम में वे श्योपुर की दो महिलाओं से चर्चा भी करेंगे।

 

 

और भी

AAP की मान्यता रद्द करने 56 सेवानिवृत्त नौकरशाहों ने चुनाव आयोग को लिखा पत्र

 नई दिल्ली (छत्तीसगढ़ दर्पण)। दिल्ली के सीएम और आम आदमी पार्टी के संयोजक अरिवंद केजरीवाल के बयान को पूर्व सेवानिवृत्त नौकरशाहों ने गैर-संवैधानिक बताया है। 56 पूर्व सिविल सेवकों ने भारत के चुनाव आयोग (ईसीआई) को पत्र लिखकर आम आदमी पार्टी की मान्यता वापस लेने का आग्रह किया है। अरविंद केजरीवाल द्वारा की गई "असंतुलित और विवादास्पद" टिप्पणी की ओर इशारा करते हुए उन्होंने कहा कि उन्होंने सरकारी अधिकारियों के अलावा ड्राइवर, कंडक्टर जैसे लोक सेवकों से पूछने की उनकी अपील असंतुलित और विवादास्पद है।


भारत निर्वाचन आयोग को भेजे गए पत्र में राजकोट में दिल्ली के सीएम की एक प्रेस कांफ्रेंस का हवाला दिया गया है। आरोप है कि अरविंद केजरीवाल ने इस पत्रकार सम्मेलन में सिविल सर्वेंट्स को आम आदमी पार्टी के पक्ष में काम करने की सख्त चेतावनी दी थी और कहा था कि यदि वे ऐसा नहीं करते हैं, तो कुछ महीनों बाद गुजरात की सत्ता में आने के बाद ऐसे अधिकारियों पर कार्रवाई की जाएगी जो उनकी बात नहीं मानेंगे। अधिकारियों ने इसे वर्तमान अधिकारियों को दबाव में लाने की संवैधानिक कोशिश बताया है।

सीएम के बयान पर यह किया पलटवार
कर्नाटक के पूर्व अतिरिक्त मुख्य सचिव एम मदन गोपाल ने कहा कि, लगभग 20 दिन पहले राजकोट में प्रेस कॉन्फ्रेंस में (दिल्ली के सीएम) केजरीवाल के बयान ने संविधान में विश्वास करने वालों को आहत किया। ड्राइवर, कंडक्टर और पुलिस अधिकारियों जैसे लोक सेवकों से पूछने की उनकी अपील असंतुलित, विवादास्पद है। भारत के संविधान के प्रति हमारी निष्ठा है, यह लोकतांत्रिक प्रक्रियाओं के लिए सही नहीं है। कानून के शासन और भारत के संविधान के प्रावधानों में दृढ़ विश्वास रखने वाले अधिकारियों, लगभग 56 सेवानिवृत्त नौकरशाहों ने चुनाव आयोग को शिकायत दी है।  इस तरह के उल्लंघनों को एक प्रवृत्ति बनने से पहले रोकने की जरूरत है।

 

 

और भी

नड्डा-शाह की उपस्थिति में 19 को भाजपा की सदस्यता लेंगे कैप्टन अमरिंदर

 पीएलसी का भी होगा पार्टी में विलय

चंडीगढ़ (छत्तीसगढ़ दर्पण)। पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह सोमवार 19 सितंबर को नई दिल्ली में भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की मौजूदगी में भाजपा में शामिल होंगे। इस दौरान वह अपनी पार्टी पंजाब लोक कांग्रेस (पीएलसी) का भी भाजपा में विलय करेंगे। कैप्टन के साथ पंजाब के छह पूर्व मंत्रियों के अलावा उनके पुत्र रनिंदर सिंह, बेटी जयइंदर कौर और पोता निर्वाण सिंह भी भाजपा की सदस्यता लेंगे। इस बीच, पंजाब भाजपा के पुनर्गठन की तैयारी भी चल रही है, जिसमें माना जा रहा है कि कैप्टन पंजाब भाजपा का प्रमुख चेहरा होंगे और पार्टी उन्हीं के नेतृत्व में अपने दम पर अगले चुनावों में उतरेगी।


पिछले दो महीने से पीएलसी के भाजपा में विलय की बातें चल रही थी। हालांकि इस सवाल को कैप्टन टालते रहे लेकिन विदेश से लौटने के बाद कैप्टन ने सबसे पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की। उसके बाद गृह मंत्री अमित शाह और भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा के साथ भी बैठक की। इस बीच, भाजपा हाईकमान ने पंजाब भाजपा की नई कार्यकारिणी का ऐलान सितंबर माह के दौरान करने का फैसला भी ले लिया है। कैप्टन की पीएम, गृहमंत्री और भाजपा अध्यक्ष के साथ बैठकों ने पीएलसी के भाजपा में जल्द विलय की चर्चा को तेज कर दिया है।

आगामी सोमवार को कैप्टन और उनकी पार्टी के भाजपा में समाहित होने के बाद कैप्टन ही पंजाब भाजपा का मुख्य चेहरा होंगे। दरअसल, पंजाब भाजपा के पास इस समय कोई भी ऐसा कद्दावर नेता नहीं है, जो अपने बूते पर पार्टी को प्रदेश की सत्ता तक पहुंचा सके। भाजपा हाईकमान का मानना है कि किसान आंदोलन ने पंजाब में भाजपा को काफी नुकसान पहुंचाया है। दिल्ली की सीमाओं पर करीब एक साल चले आंदोलन के दौरान पंजाब में भाजपा का काडर बिखर गया और पार्टी वर्कर भी किनारा कर गए। इससे पहले, विजय सांपला को हटाकर अश्विनी शर्मा को अध्यक्ष बनाए जाने से भी प्रदेश इकाई दोफाड़ हुई और कई सीनियर नेताओं ने पार्टी से दूरी बना ली। अकाली दल के साथ 25 साल के गठबंधन ने भी भाजपा को पंजाब में नुकसान ही पहुंचाया है। इस दौरान न तो भाजपा का काडर बढ़ सका और न ही सीटें। पार्टी सूबे के ग्रामीण इलाकों तक न पहुंचकर शहरों में ही सिमटी रही, जहां हिंदू और दलित वोट भी बिखरे रहने से भाजपा को घाटा ही हुआ।

 



कैप्टन ने 2022 विधानसभा चुनाव के दौरान अपनी पार्टी का गठन करके भाजपा के साथ मिलकर चुनाव लड़ा था। हालांकि आप की लहर के चलते कैप्टन अपनी सीट भी नहीं बचा सके लेकिन भाजपा हाईकमान कैप्टन के पार्टी में आने को अपने लिए महत्वपूर्ण अवसर के रूप में देख रही है। दरअसल, प्रदेश इकाई के पुनर्गठन के दौरान उसने जाने-माने सिख चेहरों को पार्टी के साथ जोड़ने की रणनीति भी बनाई है। कैप्टन जोकि लंबे अरसे तक पंजाब में कांग्रेस के पर्याय रहे हैं, भाजपा के लिए सबसे महत्वपूर्ण चेहरा साबित हो सकते हैं।

 

 

 
और भी

12 राज्यों के शिवसेना प्रमुखों ने किया शिंदे को समर्थन देने का ऐलान

 मुंबई (छत्तीसगढ़ दर्पण)। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने उद्धव ठाकरे के खेमे वाली शिवसेना में बड़ी सेंधमारी की है। शिवसेना के 15 में से 12 राज्यों के स्टेट यूनिट चीफ ने शिंदे गुट को समर्थन देने का ऐलान किया है। शिंदे गुट को समर्थन देने वाले नेताओं में दिल्ली, मणिपुर, मध्यप्रदेश, छत्तीसगढ़ के स्टेट यूनिट चीफ शामिल हैं।

मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने बुधवार को बैठक बुलाई थी। इस बैठक में शिवसेना के 15 में से 12 राज्यों के स्टेट यूनिट चीफ शामिल हुए। शिंदे गुट के सभी विधायक और सांसद भी बैठक में मौजूद थे। इस दौरान 12 राज्यों के शिवसेना प्रदेश यूनिट चीफ ने एकनाथ शिंदे खेमे को समर्थन देने का ऐलान किया।

और भी

समाज सुधारकों के उपदेशों के विपरीत नफरत और गुस्सा फैला रहे हैं भाजपा और संघ: राहुल गांधी

 तिरुवनंतपुरम (छत्तीसगढ़ दर्पण)।  कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने भारतीय जनता पार्टी और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ पर हमले जारी रखते हुए आरोप लगाया कि वे देश में हिंसा, नफरत तथा गुस्सा फैला रहे हैं जो श्री नारायण गुरु जैसे प्रख्यात समाज सुधारकों की शिक्षा के विपरीत है। कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा के तहत बुधवार को केरल दौरे के चौथे दिन शाम को यात्रा राज्य के कोल्लम जिले में पहुंची और उसने 150 किलोमीटर की दूरी पूरी की।

गांधी ने इस अवसर पर कहा कि श्री नारायण गुरु, अय्यनकली और चत्ताम्पी स्वामीकल जैसे समाज सुधारकों ने हिंसा, नफरत या गुस्से की शिक्षा नहीं दी थी। उन्होंने कहा, हालांकि भाजपा और संघ की विचारधारा नफरत और गुस्से की है जो देश को बांट रही है और कमजोर कर रही है। राज्य के वायनाड से सांसद राहुल गांधी ने कोल्लम में पल्लीमुक्कू जंक्शन के पास बड़ी संख्या में जमा हुए लोगों को संबोधित करते हुए कहा, वे (भाजपा और संघ) एक दूसरे के विचारों के लिए सम्मान, सहिष्णुता, अपने विरोधियों के प्रति स्नेह तथा अहिंसा की भारत की सबसे बड़ी शक्तियों को कमजोर कर रहे हैं।

 
 
 

उन्होंने कहा, भाजपा और संघ की विचारधारा आज हमारी सच्ची ताकतों को कमजोर कर रहे हैं। कांग्रेस पार्टी की यह यात्रा तमिलनाडु के कन्याकुमारी से शुरू हुई थी और 150 दिन में 3,570 किलोमीटर का सफर तय कर जम्मू कश्मीर में इसका समापन होगा। यात्रा के केरल के चरण में राहुल गांधी लगातार भाजपा और संघ पर हमले बोल रहे हैं। कोल्लम में पदयात्रा के दो चरणों के बीच के समय में राहुल गांधी ने ऑटोरिक्शा चालकों और काजू किसानों समेत समाज के अनेक वर्गों के लोगों तथा छात्रों से मुलाकात की।

 
 
 

बातचीत के अनुभव साझा करते हुए राहुल ने कहा, भारत जोड़ो यात्रा का उद्देश्य भारत के लोगों, विशेष रूप से वंचित तबकों को जोड़ना है। हम यहां उनकी चिंताएं सुनने आये हैं। मैं आज सुबह परायिल गांव में मिले प्यार से अभिभूत हूं, लेकिन उनके संघर्ष को देखकर उनता ही दुखी भी हूं। कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष आज सुबह यात्रा की शुरुआत करने से पहले तिरुवनंतपुरम में प्रख्यात समाज सुधारक श्री नारायण गुरु को श्रद्धांजलि देने के लिए शिवगिरि मठ गए। शिवगिरि मठ में राहुल ने संन्यासियों से मुलाकात की और संत श्री नारायण गुरु के आगे शीश नवाया।

और भी

भ्रष्टाचार के मामले में येदियुरप्पा और अन्य के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच के आदेश

 बेंगलुरु (छत्तीसगढ़ दर्पण)।  कर्नाटक के बेंगलुरु में अतिरिक्त शहर दीवानी एवं सत्र न्यायाधीश अदालत ने पूर्व मुख्यमंत्री बी एस येदियुरप्पा और उनके परिवार के सदस्यों पर भ्रष्टाचार का आरोप लगाने वाली एक निजी शिकायत पर प्राथमिकी दर्ज करने और जांच करने का आदेश दिया। यह आदेश कर्नाटक उच्च न्यायालय द्वारा सात सितंबर को विशेष न्यायालय को भ्रष्टाचार की शिकायत पर नए सिरे से सुनवाई करने का निर्देश देने के ठीक एक सप्ताह बाद आया है।

गौरतलब है कि निचली अदालत ने इस मामले में आठ जुलाई को शिकायत खारिज कर दी थी, क्योंकि राज्यपाल ने शिकायतकर्ता टी जे अब्राहम को मंजूरी देने से इनकार कर दिया था। हालांकि, उच्च न्यायालय ने फैसला सुनाया कि शिकायतकर्ता राज्यपाल से मंजूरी लेने के लिए सक्षम प्राधिकारी नहीं था। यह शिकायत तत्कालीन मुख्यमंत्री येदियुरप्पा और उनके परिवार के सदस्यों के खिलाफ है, जिसमें आरोप लगाया गया था कि उन्होंने बीडीए (बैंगलोर विकास प्राधिकरण) के अनुबंध देने के बदले में रिश्वत ली थी।

 
 
 

अदालत के इस आदेश पर प्रतिक्रिया देते हुए येदियुरप्पा ने कहा कि उन्हें न्यायपालिका पर पूरा भरोसा है। उन्होंने कहा, इनमें से किसी भी आरोप में कोई सच्चाई नहीं है। मैं इन सभी मामलों से बाहर आऊंगा। ये चीजें स्वाभाविक हैं, मुझे इससे कोई फर्क नहीं पड़ता। यह पूछे जाने पर कि क्या उनके खिलाफ कोई साजिश है, उन्होंने कहा कि निश्चित तौर पर यह एक साजिश है।

 
 
 

येदियुरप्पा के अलावा इस मामले में उनके बेटे बी वाई विजयेंद्र (भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष), पोते शशिधर मराडी, दामाद संजय श्री, व्यापारी चंद्रकांत रामलिंगम, विधायक एवं तत्कालीन बीडीए अध्यक्ष एस टी सोमशेखर, भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) अधिकारी जीसी प्रकाश, के रवि और विरुपक्षप्पा अन्य आरोपी हैं।

और भी

आने वाले समय में करना पड़ सकता है कोरोना वायरस की खतरनाक लहर का सामना

 नई दिल्ली(छत्तीसगढ़ दर्पण)। विश्व स्वास्थ्य संगठन ने कहा है कि लोगों को आने वाले समय में कोरोना वायरस की खतरनाक लहर का सामना करना पड़ सकता है। विश्व स्वास्थ्य संगठन के अध्यक्ष ने कहा है कि लोगों को आने वाले समय में कोरोना वायरस की खतरनाक लहर का सामना करना पड़ सकता है। इसके लिए दुनिया भर की सरकारों को सतर्क रहने और किसी भी खतरे का जवाब देने के लिए तैयार रहने को कहा गया है।

 

 

और भी

शिष्ट समाज के सदाचार संबंधी मर्म का प्रतिनिधित्व करता है वसुधैव कुटुम्बकम

 नई दिल्ली (छत्तीसगढ़ दर्पण)। उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने कहा कि वसुधैव कुटुम्बकम (दुनिया एक परिवार है) की अवधारणा हमारे हमारे शिष्ट समाज के सदाचार संबंधी मर्म का प्रतिनिधित्व करती है। नई दिल्ली के नेशनल डिफेंस कॉलेज में इंडियाज कोर वैल्यूज इंट्रस्ट्स एंड ऑबजेक्टिव्स पर एक व्याख्यान देते हुए उप-राष्ट्रपति ने कहा कि हमारे संविधान की प्रस्तावना में हमारे कई मूल तत्वों का उल्लेख है। कोविड-19 महामारी के दौरान शुरू की गई 'वैक्सीन मैत्री' पहल का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि इतिहास में भारत का दृष्टिकोण कभी भी विस्तारवादी नहीं रहा है।

भारत में रणनीतिक अध्ययन के सबसे दुर्जेय केंद्रों में से एक के रूप में खुद को स्थापित करने के लिए एनडीसी की प्रशंसा करते हुए, श्री धनखड़ ने कहा कि इस महान संस्थान ने पिछले छह दशकों में अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिष्ठा और कद दोनों में वृद्धि की है। लेफ्टिनेंट जनरल मनोज कुमार मागो,  कमांडेंट नेशनल डिफेंस कॉलेज, फैकल्टी के सदस्य और 62वें एनडीसी कोर्स के प्रतिभागियों ने इस कार्यक्रम में भाग लिया।

और भी

2020 बैच के 175 आईएएस अधिकारियों से उपराष्ट्रपति ने मुलाकात की

 नई दिल्ली (छत्तीसगढ़ दर्पण)। उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने आईएएस अधिकारियों से आह्वान किया कि वे अपनी पहचान की गोपनीयता के सिद्धांत को बरकरार रखते हुए नागरिकों को सेवाओं की डिलिवरी और शिकायत निवारण में सुधार लाने के लिए समर्पन के साथ काम करें। विभिन्न मंत्रालयों में सहायक सचिव के रूप में तैनात 2020 बैच के 175 आईएएस अधिकारियों ने उपराष्ट्रपति निवास जाकर उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ से मुलाकात की। उनके साथ कार्मिक एवं प्रशिक्षण विभाग (डीओपीटी) की सचिव श्रीमती एस राधा चौहान और डीओपीटी के अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद थे।

श्री धनखड़ ने अधिकारियों को संबोधित करते हुए कहा कि सिविल सेवक के रूप में आप संविधान के प्रति अपनी सर्वोच्च निष्ठा रखते हैं और आपको इसके तहत दिए गए अधिकारों को संरक्षित एवं बरकरार रखने के लिए हमेशा प्रयास करना चाहिए। आपको किसी एक पक्ष पर ध्यान केंद्रित करने या राजनीतिक पक्ष लेने से किसी भी कीमत पर बचना चाहिए।

उपराष्ट्रपति ने अधिकारियों को यह याद रखने की सलाह दी कि आज का नागरिक नीति निर्माण एवं कार्यान्वयन की प्रक्रियाओं में अपनी आवाज उठाना चाहता है। उन्होंने सुझाव दिया कि आम नागरिक के प्रति सिविल सेवक का सहानुभूतिपूर्ण रवैया सरकारी सेवाओं से उनकी संतुष्टि को निर्धारित करता है। उन्होंने अधिकारियों से आह्वान किया कि वे दृष्टिकोण में बदलाव के लिए सरकार के इस मिशन के लिए रोल मॉडल बनें।

उपराष्ट्रपति ने अधिकारियों से बातचीत के दौरान देखा कि इस बैच में इंजीनियरिंग, चिकित्सा, प्रबंधन, कानून और कला जैसे विविध शैक्षिक पृष्ठभूमि के लोग मौजूद हैं। उन्होंने सुझाव दिया कि वे शासन में नवाचार और उच्च गुणवत्ता के साथ आउटपुट देने के लिए अपनी शैक्षणिक पृष्ठभूमि का उपयोग करें।

उपराष्ट्रपति को यह देखकर भी अच्‍छा लगा कि इस बैच में बड़ी संख्या में महिला आईएएस अधिकारी शामिल हैं। उन्‍होंने कहा कि यह एक उत्साहजनक बात है कि महिलाएं अब शासन एवं प्रशासन सहित सभी क्षेत्रों में अग्रणी भूमिका निभा रही हैं। उन्होंने 2020 के बैच के आईएएस अधिकारियों को शुभकामनाएं दीं।


 

 

और भी

राष्ट्रीय इस्पात निगम लिमिटेड ने लगातार चौथी बार जीता राजभाषा कीर्ति प्रथम पुरस्कार

 नई दिल्ली (छत्तीसगढ़ दर्पण)। सूरत में आयोजित राष्ट्रीय हिंदी दिवस समारोह में राजभाषा विभाग, गृह मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा राष्ट्रीय इस्पात निगम लिमिटेड-विशाखापत्तनम इस्पात संयंत्र को देश के सर्वोत्कृष्ट राजभाषा कीर्ति सम्मान से सम्मानित किया गया है । यह उल्लेखनीय है कि आर आई एन एल को लगातार चौथी बार ‘ग’ श्रेणी में प्रथम पुरस्कार प्रदान किया गया है।

सूरत मेंआयोजित द्वितीय अखिल भारतीय राजभाषा सम्मेलन  में गृह मंत्री, सहकारिता मंत्री अमित शाह की उपस्थिति में,  राज्य के मुख्यमंत्री भूपेंद्र भाई पटेल ने  राष्ट्रीय इस्पात निगम लिमिटेड के अध्यक्ष-सह-प्रबंध निदेशक अतुल भट्ट को  यह पुरस्कार प्रदान किया । हिंदी गृहपत्रिका श्रेणी में भी आर आई एन एल की हिंदी पत्रिका सुगंध को प्रथम पुरस्कार प्राप्त हुआ है। यह पुरस्कार ‘सुगंध’ के संपादक एवं आर आई एन एल के महाप्रबंधक (राजभाषा) एवं प्रशासन प्रभारी ललन कुमार ने संसदीय राजभाषा समिति के उपाध्यक्ष भर्तृहरि महताब के कर कमलों से ग्रहण किया।

इसी समारोह में नगर राजभाषा कार्यान्वयन समिति (उपक्रम), विशाखापत्तनम को भी ‘ग’ श्रेणी में द्वितीय पुरस्कार प्रदान किया गया। यह पुरस्कार भी नगर राजभाषा कार्यान्वयन समिति (उपक्रम), विशाखापत्तनम के अध्यक्ष एवं आर आई एन एल के अध्यक्ष-सह-प्रबंध निदेशक अतुल भट्ट ने उप सभापति राज्य सभा हरिवंश और संसदीय राजभाषा समिति के उपाध्यक्ष भर्तृहरि महताब की उपस्थिति में गृह राज्यमंत्री निशीथ प्रमाणिक के कर कमलों से ग्रहण किया। इसी मंच पर नराकास (उपक्रम), विशाखापत्तनम के सदस्य सचिव ललन कुमार को , उप सभापति राज्य सभा, हरिवंश, ने प्रमाण-पत्र देकर सम्मानित किया।

और भी

5.47 करोड़ की अवैध शाराब पर चला बुलडोज़र...

 विजयवाड़ा (छत्तीसगढ़ दर्पण)। आंध्र प्रदेश पुलिस ने बुधवार को तेलंगाना से अवैध रूप से ले जाई गई 2.43 लाख शराब की बोतलों पर बुलडोजर चलाकर नष्ट कर दिया। पुलिस के मुताबिक, बोतलों में 5.47 करोड़ रुपये की शराब थी। आंध्रप्रदेश के एनटीआर जिले में अधिकारियों ने जांच के दौरान इन अवैध बोतलों को जब्त किया था। विजयवाड़ा के पुलिस आयुक्त कांथी राणा टाटा ने कहा कि तेलंगाना से अवैध रूप से शराब की बोतलें लाई गई थीं। राज्य सरकार के आदेश पर, आंध्र प्रदेश पुलिस शहर के बाहरी इलाके में चेक पोस्ट पर औचक छापेमारी कर रही है। अन्य राज्यों से आंध्र प्रदेश में अवैध शराब परिवहन की रिपोर्टों के बाद यह कदम उठाया गया था। इस साल की शुरुआत में, विशेष प्रवर्तन ब्यूरो (एसईबी) ने कुरनूल से लगभग दो करोड़ रुपये की 66,000 बोतल शराब जब्त की थी।

पिछले जून में, आंध्र प्रदेश पुलिस ने एलुरु जिले में 80 लाख रुपये की 33,934 अवैध शराब की बोतलों को नष्ट कर दिया। एलुरु के पुलिस अधीक्षक (एसपी) राहुल देव ने कहा था कि आंध्र प्रदेश में, हमने राज्य के बाहर से आने वाली अवैध शराब पर कार्रवाई की है। हम पिछले दो वर्षों से कार्रवाई कर रहे हैं। हम सीमा पर छापेमारी कर रहे हैं। चेक पोस्ट।जब भी हमें अवैध शराब के संबंध में सूचना मिली, हमने उस पर कार्रवाई की है।

और भी

पूर्व मुख्यमंत्री समेत कांग्रेस के 8 विधायक भाजपा में होंगे शामिल...

 पणजी (छत्तीसगढ़ दर्पण)। कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी पार्टी को मजबूत करने के लिए भारत जोड़ो यात्रा निकाल रहे हैं। इसी बीच, गोवा में कांग्रेस को बड़ा झटका लगने वाला है। कांग्रेस के आठ विधायक आज भाजपा में शामिल होने जा रहे हैं।

गोवा में कांग्रेस के कद्दावर नेता दिगंबर कामत, माइकल लोबो समेत आठ विधायक अपनी पार्टी छोड़कर भाजपा में शामिल हो रहे हैं। भाजपा ज्वाइन करने से पहले बागी विधायकों ने मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत से मुलाकात भी की है। इससे पहले भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष सदानंद तनवड़े ने इन आठ विधायकों के भाजपा में शामिल होने का दावा किया था।

ये 8 विधायक भाजपा में होंगे शामिल
पूर्व मुख्यमंत्री दिगंबर कामत, माइकल लोबो, दलीला लोबो, राजेश फलदेसाई, केदार नाइक, संकल्प अमोनकर, एलेक्स सिकेरा और रुडोल्फ फर्नांडिस।

गोवा में कांग्रेस के 11 विधायक
बता दें कि 40 विधानसभा सीटों वाले गोवा में सत्ताधारी भाजपा के 20 विधायक हैं। वही, कांग्रेस के पास कुल 11 विधायक हैं। इससे पहले, जुलाई 2019 में कांग्रेस के 10 विधायक भाजपा में शामिल हो गए थे।

 

 

और भी

खाई में गिरी बस : 12 लोगों की मौत, राष्ट्रपति-उपराज्यपाल ने जताया दुःख

 पुंछ (छत्तीसगढ़ दर्पण)। जिला पुंछ में बुधवार सुबह हुई सड़क दुर्घटना में करीब 12 लोगों की मौत हो गई जबकि कई अन्य घायल हैं। घायलों का इलाज जिला पुंछ अस्पताल में चल रहा है। जम्मू संभाग के जिला पुंछ में नियंत्रण रेखा से सटे सब्जियां इलाके में आज सुबह एक बस खाई में लुढ़क गई। हादसे के तुरंत बाद ही सेना, पुलिस व स्थानीय लोगों की मदद से बचाव कार्य चलाया गया। बताया जा रहा है कि छह लोगों की मौत घटनास्थल पर ही हो गई थी जबकि छह गंभीर रूप से घायल लोगों ने अस्पताल या फिर रास्ते में ही दम तोड़ दिया। करीब 23 लोग अभी घायल बताए जा रहे हैं। इनमें आठ लोगों की हालत गंभीर बनी हुई है।

उपराष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने पुंछ सड़क हादसे पर गहरा दुख प्रकट करते हुए लिखा कि पुंछ के साब्जियां में हुए दर्दनाक सड़क हादसे में लोगों की मौत अत्यंत दुखद है। मेरी संवेदनाएं और प्रार्थनाएं शोक संतप्त परिवारों के साथ हैं। मैं घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करती हूं।

वहीं उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने पुंछ सड़क हादसे पर अपना गहरा दुख जाहिर करते हुए मृतकों के परिजनों को राहत राशि के तौर पर पांच लाख रुपये देने की घोषणा की है। उन्होंने पुंछ के साब्जियां में हुई इस सड़क दुर्घटना में घायल हुए अन्य यात्रियों को भी बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं प्रदान करने के निर्देश दिए। अपने अपने ट्वीटर हैंडल पर इस दुर्घटना पर दुख जाहिर करते हुए कहा कि मैं पुंछ के साब्जियां में घटित सड़क दुर्घटना में हुई मौतों से दुखी हूं। शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना है। इसी के साथ उन्होंने घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना भी की।

पुलिस ने बताया कि पुंछ के साब्जियां इलाके से गुजर रही बस जब एक तीखे मोड़ पर पहुंची तो चालक वाहन पर से नियंत्रण खो बैठा और गाड़ी सीधा खाई में लुढ़क गई। हादसे की जानकारी मिलते ही सेना, पुलिस व बचाव दल के कर्मी वहां पहुंच गए। खाई में उतरने के बाद उन्होंने घायलों को बस से निकाला और मुख्य सड़क से एम्बुलेंस व अन्य वाहनों की मदद से उन्हें अस्पताल पहुंचाया। बताया जा रहा है कि 12 लोगों की अब तक मौत हो गई है। मरने वालों में तीन महिलाएं दो युवा भी शामिल हैं। अभी भी 23 लोग घायल हैं जिनमें आठ लोगों की हालत गंभी बताई जा रही है।

 
 
 
 
और भी

मौसम ने ली अंगड़ाई : छत्तीसगढ़-मप्र सहित इन राज्यों में बारिश की चेतावनी

 नई दिल्ली (छत्तीसगढ़ दर्पण)। बंगाल की खाड़ी के उपर बने लो प्रेशर एरिया के कारण मौसम ने एक बार फिर से करवट ली है। मौसम विभाग ने, महाराष्ट्र, गुजरात, एमपी, छत्तीसगढ़, ओडिशा, बिहार, उत्तराखंड और यूपी समेत कई राज्यों में बारिश  होने की संभावना जताई है। हालांकि, मध्य प्रदेश, ओडिशा, पश्चिम बंगाल जैसे राज्यों में बारिश की वजह से मौसम सुहावना बना हुआ है। दिल्ली-एनसीआर की बात करें तो यहां सुबह से बादल छाए हुए है। ज्यादातर जगहों पर तेज हवा के हाथ हल्की बारिश हो सकती है।

दिल्ली में तेज हवाओं के साथ वर्षा की उम्मीद
मौसम विभाग के मुताबिक दिल्ली-एनसीआर में बुधवार को दिन भर बादल छाए रहेंगे। गर्जन वाले बादल बनने और ज्यादातर जगहों पर हल्की वर्षा होने के आसार है। इस दौरान 30 से 40 किमी प्रति घंटे की गति से तेज झोंकेदार हवा भी चलेगी । अधिकतम व न्यूनतम तापमान रह सकता क्रमश: 34 और 25 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहेगी। विस्तृत खबर यहां पढ़ें

यूपी के इन जिलों में गरज-चमक के साथ होगी बारिश
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, बुधवार को यूपी (UP Rains) के कई जिलों में हल्की से मध्यम हो सकती है।  पूर्वी उत्तर प्रदेश में महाराजगंज, गोरखपुर, कुशीनगर, मऊ और बलिया के साथ पश्चिमी उत्तर प्रदेश में आगरा, फिरोजाबाद, इटावा, औरैया और जालौन में गरज चमक और तेज हवाओं के साथ भारी बारिश के लिए चेतावनी जारी की गई है। इन जिलों के अलावा प्रदेश भर के लगभग 50 जिलों में गरज चमक के साथ बारिश के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है। यहां क्लिक कर पढ़ें विस्तृत खबर।

बिहार के 25 जिलों में भारी बारिश की चेतावनी
मौसम विभाग के मुताबिक, बुधवार को बिहार के अधिकांश जिलों में अच्छी बारिश होने के अनुमान हैं। राजधानी पटना में सुबह से रिमझिम बारिश हो रही है। मौसम विभाग ने  25 जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया है। इसमें से आज 8 जिलों में भारी बारिश की संभावना है। इन जिलों में रोहतास, औरंगाबाद, कैमूर, नवादा, गया, भागलपुर, बांका और जमुई शामिल है। इन जिलों में आकाशीय बिजली गिरने की भी आशंका है। वहीं लगातार बारिश से कई जिलों में नदियां उफान पर हैं। बाढ़ का पानी गांवों में भी घुस गया है। जिससे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। बिहार में मानसून अगले एक सप्ताह पूरे तरीके से एक्टिव रहेगा। कुछ जिले छोड़कर अधिकांश हिस्सों में अच्छी बारिश तो कही मध्यम दर्जे की बारिश की संभावना है। पूरी खबर पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें।

हिमाचल में अगले तीन दिन भारी बारिश का अलर्ट
हिमाचल प्रदेश में बुधवार को मौसम साफ रहने का अनुमान है। मौसम विभाग ने 15, 16 व 17 सितंबर को प्रदेश के लगभग सभी जिलों में भारी वर्षा व आंधी का यलो अलर्ट जारी किया है। पंजाब में बुधवार को कुछ स्थानों पर छाएंगे बादल, 16 व 17 को होगी वर्षा। कुछ क्षेत्रों में बुधवार को भी बादल छाए रहेंगे।

और भी