छत्तीसगढ़ - Newsportal | Chhattisgarh Darpan Media Group

छत्तीसगढ़

नक्सल पुनर्वास नीति में हो सकता है बदलाव, सीएम साय ने दिए संकेत...

रायपुर: छत्तीसगढ़ की विष्णु सरकार नक्सल पुनर्वास नीति में बदलाव कर सकती है। सीएम विष्णुदेव साय ने संकेत दिये हैं कि पुनर्वास नीति के कारण नक्सली आत्मसमर्पण भी कर रहे हैं। इस संबंध में देखा जा रहा है कि इस नीति में और क्या बेहतर हो सकता है। इसके साथ ही नई पुनर्वास नीति पर विचार किया जा रहा है। ऐसे में कयास लगाए जा रहे हैं कि लोकसभा चुनाव के बाद राज्य सरकार नई पुनर्वास नीति ला सकती है और इसे प्रदेश में लागू कर सकती है।


वर्तमान में पुनर्वास के प्रावधान के तहत आत्मसमर्पितों नक्सलियों को किराए का मकान दिया जाता है। इसके साथ ही पुनर्वास की राशि, रोजगार, शिक्षा समेत अन्य सुविधाएं दी जाती है। हालांकि इसमें देरी की शिकायते मिलती रही हैं। आत्मसमर्पितों नक्सलियों को निवास के लिए मनचाहे शहर या गांव का विकल्प दिया जाएगा। मकान ऐसा होगा जिसमें उनका पूरा परिवार एक साथ रह सके। रोजगार के लिए कौशल विकास योजना के तहत रोजगार दिया जायेगा। इसके तहत उन्हें प्रशिक्षण मिलेगा। स्वरोजगार चाहने वाले आत्मसमर्पित नक्सलियों को कम ब्याज पर लोन मिलेगा। इतना ही नहीं पुलिस उनके कोर्ट केसस को सुलझाने में भी मदद करेगी।

नक्सल मोर्चे पर मिल रही कामयाबी से बढ़ा उत्साह
सीएम साय ने कहा कि ये सब डबल इंजन सरकार की वजह से संभव हुआ है कि केवल तीन से चार महीने में 112 नक्सली मारे गए हैं। करीब पौने चार सौ नक्सली आत्मसमर्पण किये हैं और 153 नक्सली गिरफ्तार हुए हैं। नक्सल क्षेत्र में 28 सुरक्षा कैंप खुले हैं। 143 आईडी बरामद किए गए हैं। ये हमारी सुरक्षाबलों के लिए बड़ी सफलता है। साय बोले कि प्रधानमंत्री और गृह मंत्री इस विषय पर बहुत ही गंभीर है और जल्द ही छत्तीसगढ़ से नक्सलवाद का समापन चाहते हैं। तीन वर्ष के भीतर नक्सलियों को पूरी तरह समाप्त करने के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने जिस रोडमैप को हरी झंडी दी है। उसे मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और उप मुख्यमंत्री व गृह मंत्री विजय शर्मा आगे बढ़ा रहे हैं।

अभी ये मिलती है प्रोत्साहन राशि और सुविधा
प्रत्येक नक्सली को समर्पण पर प्रोत्साहन के लिए 25 हजार रुपये की राशि देने का नियम है। नक्सल पीड़ित के समान ही आत्मसमर्पित नक्सलियों को सुविधाएं देने का प्रावधान है। सक्रिय, पांच लाख या अधिक के इनामी नक्सली को आत्मसमर्पण पर 10 लाख की राशि पृथक से देने, समर्पित हथियार के बदले देय मुआवजा राशि का प्रावधान है। यह राशि बैंक में सावधि जमा की जाती है और इसका ब्याज समर्पित नक्सली को मिलता है। तीन साल बाद चाल चलन की समीक्षा के बाद यह राशि प्रदान किए जाने का प्रावधान है। यदि समर्पित नक्सली की ओर से तीन वर्ष के भीतर कृषि भूमि क्रय की जाती है तब दो एकड़ तक भूमि पर स्टांप ड्यूटी व पंजीयन शुल्क में पूर्ण छूट देने का प्रावधान है।

 

 

और भी

शालीमार एलटीटी ट्रेन हादसा : रेलवे ने दिए एसएजी लेवल की जांच के आदेश

 छत्तीसगढ़ स्टेट पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड के ड्रिलिंग मशीन के ड्रीलर का हेड लगने से टूटी एसी कोच की खिड़कियां : रेलवे

 

रायपुर: दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे रायपुर रेल मंडल में उरकुरा स्टेशन से गाड़ी संख्या 18030 शालीमार एलटीटी एक्सप्रेस गुजर रही थी। घटना स्थल पर छत्तीसगढ़ स्टेट पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड (CSPDCL) के कांट्रेक्टर  द्वारा रेलवे को संज्ञान में लाये बिना ड्रिलिंग मशीन से रेलवे लाइन के नीचे ड्रिलिंग किया जा रहा था उसी समय ड्रीलर का हेड लगने से ट्रेन के एसी कोच बी-4,बी-5,बी-6 के खिड़कियों के कांच टूटने की घटना घटित हुई ।

जिसमें ट्रेन में चलने वाले ओबीएचएस (सफाई कर्मी) स्टाफ नारायण चंद बाग उम्र 30 साल को एवं एक अन्य यात्री (व्यक्ति) देवारी लाल धीवर उम्र 30 साल हाथ में चोट आई । एक रेल यात्री उम्र 12 साल जो अपने परिवार के साथ खड़गपुर से एलटीटी की यात्रा कर रहे थे उन्हें आंख के पास चोट आई इन्हें उपचार के उपरांत परिवार सहित विशाखापट्टनम-एलटीटी एक्सप्रेस से लोकमान्य तिलक टर्मिनस के लिए रेलवे द्वारा टिकट की व्यवस्था कर भेजा गया ।



रायपुर स्टेशन पर ट्रेन के पहुंचने के 5 मिनट के अंदर डॉक्टर एवं एंबुलेंस की टीम पहुंच गई एवं यात्रियों को प्राथमिक उपचार दिया गया और घायल यात्रियों को नारायणा हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया जहां उनकी हालत बेहतर है।

घटना की जानकारी लगते ही रायपुर रेल मंडल के मंडल रेल प्रबंधक संजीव कुमार, अपर मंडल रेल प्रबंधक (इंफ्रा) आशीष मिश्रा, अपर मंडल रेल प्रबंधक (परिचालन) आर के साहू, रायपुर स्टेशन पर पहुंचे । 10.20 बजे शालीमार-एलटीटी एक्सप्रेस के रायपुर पहुचते ही स्टेशन पर कार्यरत सभी कर्मचारी वाणिज्य निरीक्षक, वरिष्ठ प्रचार निरीक्षक,  रेलवे सुरक्षा बल के जवान तत्परता के साथ यात्रियों की देखभाल में लग गए । घायल यात्रियों को  नारायणा हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया एवं अन्य सभी यात्रियों की सरंक्षा की पुष्टि के उपरांत 11:40 बजे रायपुर स्टेशन से ट्रेन को आगे के लिए रवाना कर दिया गया। 

चोटिल यात्रियों से मिलने नारायणा हॉस्पिटल में मंडल रेल प्रबंधक श्री संजीव कुमार द्वारा चोटिल यात्रियों से बात की गई उनके परिजनों से बात कर संतुष्टि जाहिर की। रेलवे द्वारा चोटिल यात्रियों के लिए बेहतरीन चिकित्सा एवं खानपान की व्यवस्था व्यवस्था उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए । मंडल रेल प्रबंधक ने मुख्य चिकित्सा अधीक्षक को चोटिल यात्रियों को उचित  एवं त्वरित इलाज सुनिश्चित करने तथा वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक को अनुग्रह राशि दिए जाने को सुनिश्चित करने के लिए निर्देशित किया ।

तत्पश्चात सरंक्षा एवं अन्य  मंडलीय अधिकारियों ने घटना स्थल का निरीक्षण किया साथ ही मुख्यालय से अधिकारियों की टीम ने भी घटना स्थल का निरीक्षण किया। दोषियों के विरुद्ध कार्यवाही हेतु रेलवे सुरक्षा बल द्वारा प्रकरण दर्ज कर लिया गया है । इसके साथ ही छत्तीसगढ़ स्टेट पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड (CSPDCL) के  अधिकारियों को घटनास्थल पर बुलाकर जानकारी ली गई उनके द्वारा यह माना गया की घटना स्थल पर निर्धारित मानकों को अनदेखा कर ठेकेदार द्वारा कार्य संपन्न किया जा रहा था । घटना की विस्तृत जानकारी पूरी जांच होने के बाद दी जाएगी ।

घटना के विषय में रेल का खंबा गिरने की खबर भ्रामक है घटना का कारण भूमिगत ड्रिलिंग सॉफ्ट का जमीन से ऊपर आकर रेल कोच से टकराना पाया गया है जिससे यात्रीगण चोटिल हुए हैं ।

चोटिल यात्रियों में देवारी लाल धीवर ही पाए गए उनके पिता खमन लाल दीवार को सहायक वाणिज्य प्रबंधक श्री अविनाश कुमार आनंद द्वारा अनुग्रह राशि (Ex-Gratia)  पचास हजार (50000) रुपए सौंपी गई ।

मंडल रेल प्रबंधक संजीव कुमार ने इस घटना की जांच कराने का आदेश सम्बंधित अधिकारीयों को दिये, भविष्य में इस तरह की घटना की पुनरावृत्ति ना हो यात्रियों की सुरक्षा एवं सरंक्षा सर्वोपरि प्राथमिकता है  इस हेतु सभी की निदेशित किया । साथ ही मुख्यालय ने  सीनियर एडमिनिस्ट्रेटिव ग्रेड के अधिकारीयों द्वारा एसएजी (SAG) लेवल की जांच के आदेश दिए हैं।

 

 

और भी

रायपुर रेलवे स्टेशन में हुआ बड़ा हादसा, ट्रेन के ऊपर गिरा बिजली का खम्बा

 

रायपुर रेलवे स्टेशन से गुजरने वाली शालीमार लोकमान्य तिलक एक्सप्रेस ट्रेन के B6 AC कोच में एक खंभा गिरने से हादसा हो गया है जिसके कारण AC कोच की खिड़की टूट गई है खिड़की के पास बैठे यात्री घायल हो गए हैं जिसमें एक युवक का हाथ कट गया है और एक की आंख पर चोट आई है घायलों को अस्पताल भेज दिया गया है.


सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार हादसे में AC कोच की खिड़की टूटने से कांच और लोहे के टुकड़े की वजह से चोटे आई है हादसे में कई यात्री घायल हुए हैं हादसे की खबर मिलते ही डीआरएम और रेलवे की वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। जिसके बाद  ट्रेन को रवाना किया गया.
 
रायपुर रेलवे के सीनियर पब्लिसिटी इंस्पेक्टर शिव प्रसाद ने का कहना है कि यह काम CSEB के द्वारा अवैध रूप से किया गया था जिसमें सुरक्षा को ताक पर रखा गया था हादसे के बाद स्टेशन स्टाफ तुरंत हरकत में आया और रेलवे के अधिकारी स्टेशन पहुंच गये रेलवे के तरफ से सभी जरूरी कार्रवाई की गयी है।
और भी

दक्षिणी छत्तीसगढ़ में वर्षा के आसार

 रायपुर: प्रदेश में वर्षा की गतिविधियां अभी पूरी तरह से खत्म नहीं हुई हैं। मौसम विज्ञानी एपी चंद्रा के अनुसार दक्षिण बिहार के ऊपर 0.9 किलोमीटर ऊंचाई तक चक्रीय चक्रवाती परिसंचरण विस्तारित है, जिसकी वजह से शुक्रवार को एक-दो स्थानों पर हल्की वर्षा होने अथवा गरज-चमक के साथ छीटे पड़ने की संभावना है। वहीं, राजधानी में आकाश आंशिक रूप से मेघमय रहने के आसार हैं और अधिकतम तापमान 41 डिग्री सेल्सियस, जबकि न्यूनतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस रहने के आसार हैं।

इसी बीच गुरुवार को राजधानी सहित प्रदेश के लैलूंगा में तीन-तीन सेमी, घरघोरा, सीतापुर और कटघोरा में एक-एक सेमी वर्षा दर्ज की गई। प्रदेश में अधिकतम तापमान 43.8 डिग्री सेल्सियस कोरबा में और न्यूनतम तापमान 21.2 डिग्री सेल्सियस नारायणपुर में दर्ज किया गया।

राजनांदगांव में औसत से ज्यादा तापमान

मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार अधिकतम तापमान राजनांदगांव को छोड़कर शेष अन्य स्थानों पर औसत से कम है। यह राजनांदगांव में दो डिग्री सेल्सियस अधिक है। इसके अलावा माना, बिलासपुर व जगदलपुर में यह तीन डिग्री कम, दुर्ग, अंबिकापुर व पेंड्रा रोड में यह सामान्य औसत से दो डिग्री सेल्सियस तक कम है।

उतार-चढ़ाव भरा है न्यूनतम तापमान

इसके अलावा न्यूनतम तापमान कुछ क्षेत्रों में औसत से कम, तो कुछ क्षेत्रों में औसत से ज्यादा है। जगदलपुर में यह 1.2 डिग्री, बिलासपुर में 0.8 डिग्री, पेंड्रा रोड में 0.3 डिग्री सेल्सियस अधिक है, जबकि दुर्ग में 4.1 डिग्री, अंबिकापुर में 2.3 डिग्री और माना में 0.1 डिग्री सेल्सियस तक कम है।

 

 

और भी

नवीन पटनायक ने ओडिशा में कुशासन का कीर्तिमान स्थापित किया : पुरंदर मिश्रा

रायपुर: ओडिशा के संबलपुर में एक चुनावी सभा को संबोधित करते हुए प्रदेश भाजपा सह प्रभारी एवं रायपुर उत्तर के विधायक पुरंदर मिश्रा ने कहा कि नवीन पटनायक ने ओडिशा में कुशासन का कीर्तिमान स्थापित किया है। केंद्र की योजनाओं पर बाधा अटकाने एवं मोदी सरकार की योजनाओं पर अपने नाम की लीपापोती करने के अलावा कोई काम नहीं किया है। ओडिशा को हर मोर्चे पर आज पिछड़ा हुआ बना दिया है। तमाम खनिज संसाधन, मेहनतकश प्रदेशवासी, केंद्र सरकार द्वारा निरंतर भेजी जा रही भारीभरकम सहायता राशि का भी पटनायक सरकार ने दुरुपयोग किया है। उन्होंने कहा एक पीएम नो सीएम है नवीन बाबू।

उन्होंने कहा अब बहुत हुआ इसको शासन का अंत करीब आ गया है जनता बदलाव और परिवर्तन के लिए छटपटा रही है जिस प्रकार केंद्र में मोदी सरकार लोग कल्याण का एक नया कीर्तिमान स्थापित कर रही है उसे देख कर जनता भी ओडिसा की कमान भाजपा को सौंपने जा रही है ताकि डबल इंजन की रफ्तार से प्रदेश का विकास हो सके न कि एक पार्टी विशेष और परिवार विशेष का। पुरंदर मिश्रा के साथ भाजपा जिलाध्यक्ष समेत जिला भाजपा के तमाम पदाधिकारी उपस्थित रहे। इस दौरान भाजपा के लिए जनता ने मजबूत समर्थन दिखाया।

और भी

ओडिशा में भाजपा की डबल इंजन की सरकार चुनने का यह अच्छा मौका: अरुण साव

रायपुर/संबलपुर:  भाजपा मंत्रियों विधायकों एवं पदाधिकारियों ने गुरुवार को ओडिशा से अलग-अलग लोकसभा एवं विधानसभा क्षेत्र में प्रचार अभियान जारी रखा। इसमें छत्तीसगढ़ के उप मुख्यमंत्री अरुण साव बरगढ़ एवं संभलपुर, वरिष्ठ मंत्री बृजमोहन अग्रवाल कांटाभांजी लोकसभा क्षेत्र, मुख्यमंत्री विजय शर्मा बरगढ़ एवं मयूरभंज, मंत्री ओपी चौधरी बरगढ़ एवं सुंदरगढ़, मंत्री टंकराम वर्मा सुंदरगढ़, पूर्व मंत्री राजेश मूणत भुवनेश्वर, भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष शिवरतन शर्मा ने संबलपुर साहित पार्टी पदाधिकारी व कार्यकर्ता प्रचार अभियान में जुटे हुए है।


उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी से बेहतर विकल्प ओडिशा के लिए कोई और नहीं है  क्योंकि जिस प्रकार पिछले 25 वर्षों से ओडिशा का शोषण किया गया है। उसके विदाई का ओडिसा की जनता ने मन बना लिया है। ओडिसा की जनता इस चुनाव को भाजपा की डबल इंजन की सरकार बनाने के सुनहरे अवसर के रूप में देख रही है।

ओडिशा की तकदीर और तस्वीर बदलने के लिए भाजपा जरुरी: विजय शर्मा
उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कहा कि ओडिशा की तकदीर एवं तस्वीर बदलने के लिए भाजपा जरुरी है। क्योंकि नवीन पटनायक सरकार का रवैया ओडिशा के विकास के लिए निष्क्रिय है। पटनायक सरकार केवल सत्ता को अपना उद्देश्य मानती है सेवा को नहीं। भाजपा इस बार लोकसभा एवं विधानसभा चुनावों में प्रचंड विजय दर्ज करेगी।

ओडिशा की उन्नति के लिए भाजपा को मिल रहा है भरपूर समर्थन: बृजमोहन अग्रवाल
वरिष्ठ मंत्री बृजमोहन अग्रवाल ने कहा कि पटनायक सरकार ने पिछले ढाई दशकों से प्रदेश को भ्रष्टाचार का अड्डा बनाकर रखा है। पिछले 10 वर्षों में केंद्र की हर कल्याणकारी योजनाओं में अड़ंगा लगाकर ओडिशा को शोषित बनाकर रखा है। लेकिन अब ओडिशा की जनता ने प्रदेश की उन्नति के लिए भाजपा को जिताने का संकल्प कर लिया है और इसीलिए भाजपा को मजबूत समर्थन मिल रहा है।

 

 

और भी

बारिश से राहत के बाद फिर तेज गर्मी शुरू

रायपुर: सूर्य की तपिश ने कुछ दिनों की राहत के बाद फिर अपना प्रकोप दिखाना शुरू कर दिया है। कुछ दिनों तक जारी रही वर्षा की गतिविधियों के बाद अब वापस से तेज गर्मी शुरू हो रही है। मौसम विज्ञानी एचपी चंद्रा के अनुसार अगले पांच दिनों में उत्तर एवं मध्य छत्तीसगढ़ के अधिकतम तापमान दो से तीन डिग्री तक बढ़ने की संभावना है। दक्षिणी छत्तीसगढ़ में अधिकतम तापमान में कोई खास परिवर्तन होने के संकेत नहीं हैं। वहीं प्रदेश में एक-दो स्थानों पर हल्की वर्षा का अनुमान लगाया जा रहा है। एक-दो स्थानों पर गरज-चमक के साथ अंधड़ चलने, वज्रपात होने के भी आसार हैं। वर्षा का क्षेत्र मुख्यत: दक्षिणी छत्तीसगढ़ ही रहने की संभावना है। राजधानी में आसमान में हल्के बादल छाए रहने से अधिकतम तापमान 41 डिग्री और न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। बुधवार को राजधानी सहित मध्य एवं उत्तर छत्तीसगढ़ में तेज धूप ने लोगों को परेशान किया। कुछ जगहों पर हल्के बादल भी छाए रहे। इसके साथ ही सहसलोहरा में तीन सेमी वर्षा भी दर्ज की गई। वहीं प्रदेश में सर्वाधिक तापमान 41.6 डिग्री सेल्सियस रायगढ़ में, जबकि न्यूनतम तापमान 19.8 डिग्री नारायणपुर में दर्ज किया गया। 

यह बन रहा है सिस्टम

एक ऊपरी हवा का चक्रीय चक्रवाती परिसंचरण पूर्वी विदर्भ के ऊपर 0.9 किलोमीटर ऊंचाई तक विस्तारित है। साथ ही एक द्रोणिका दक्षिण अंदरूनी कर्नाटक से विदर्भ तक 0.9 किमी ऊंचाई तक विस्तारित है। इसकी वजह से प्रदेश में गुरुवार को एक दो स्थानों पर हल्की वर्षा होने अथवा गरज-चमक के साथ छींटे पड़ने की संभावना है, जबकि अधिकतम तापमान में कोई विशेष परिवर्तन होने के संकेत नहीं हैं।

अधिकतम तापमान की स्थिति

मौसम विभाग के पिछले तीस वर्षों के आंकड़ों के अनुसार अधिकतम तापमान लगभग सभी क्षेत्रों में सामान्य औसत से कम ही चल रहा है। यह अंबिकापुर, जगदलपुर व बिलासपुर में तीन डिग्री सेल्सियस, दुर्ग व माना में दो डिग्री सेल्सियस और पेंड्रा रोड में औसत से एक डिग्री सेल्सियस कम है। इसके अलावा न्यूनतम तापमान माना, बिलासपुर व पेंड्रा रोड में सामान्य औसत के बराबर है, जबकि जगदलपुर में एक डिग्री सेल्सियस अधिक और दुर्ग में चार डिग्री व अंबिकापुर में सामान्य औसत से दो डिग्री सेल्सियस कम है।

और भी

समस्त शासकीय विद्यालयों में समर कैम्प का शुभारम्भसमस्त शासकीय विद्यालयों में समर कैम्प का शुभारम्भ

दुर्ग: कलेक्टर  ऋचा प्रकाश चौधरी के निर्देशानुसार एवं जिला शिक्षा अधिकारी अरविंद मिश्रा के मार्गदर्शन में जिले के समस्त शासकीय प्राथमिक / पूर्व माध्यमिक / हाईस्कूल / हायर सेकण्डरी/पी.एम.श्री स्कूल / सेजस विद्यालय में 15 मई 2024 से 15 दिवसीय समर कैम्प प्रारम्भ किया गया है। इस कैम्प हेतु प्रातः 6ः30 से 8ः30 तक का समय निर्धारित है। जिले के समस्त संकुल प्राचार्याे की देखरेख एवं संकुल समन्वयकों के सहयोग से 15 विधाओं में विभिन्न गतिविधियों पर आधारित समर कैम्प आयोजित किये जायेगें। जिले के 11 पी.एम.श्री विद्यालयों में भी समर कैम्प आयोजित किये जा रहे है।

जिला मिशन समन्वयक समग्र शिक्षा से प्राप्त जानकारी अनुसार समर कैम्प के दौरान  स्पोकन इंगलिश, गणित से जुड़ी मनोरंजक गतिविधियाँ, करसिव राइटिंग, स्टोरी टैलिंग, लेखन कला (हिन्दी, अंग्रेजी), बेस्ट ऑफ वेस्ट, कला और काफ्ट, अभिव्यक्ति कौशल, इन्डोर गेम-शतरंज कैरम, चौस, चायनिस चेकर्स, योग / प्राणायाम, गायन/वादन, नृत्य, ड्राईंग और पेंटिंग,, रंगोली / मेंहदी, आदि गतिविधियाँ आयोजित की जा रही है। समर कैम्प के प्रथम दिवस विद्यार्थियों ने बड़े उत्साह के साथ विभिन्न गतिविधियों में भाग लिया। शिक्षक जो विभिन्न विधाओं में पारंगत है उनके द्वारा बच्चों को सम्बधिंत विधाओं की बारीकियाँ सिखाई जा रही है। समग्र शिक्षा के जिला मिशन समन्वयक सुरेन्द्र पाण्डेय को समर कैम्प की समस्त गतिविधियों के सुचारू सम्पादन का दायित्व दिया गया है।

और भी

मिशन 400 पार को सफल बनाने के लिए भाजपा महिला मोर्चा संकल्पित

रायपुर: भाजपा महिला मोर्चा मिशन 400 पार को सफल बनाने के लिए देश के विभिन्न राज्यों में लगातार भाजपा की जीत के लिए चुनावी मैदान में उतर चुका है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का मिशन 400 पार सफल बनाने के लिए भारतीय जनता पार्टी हर तरह से संकल्पित है। इसी कड़ी में छत्तीसगढ़ महिला मोर्चा की टीम भी बढ़ चढ़कर हिस्सा ले रही। छत्तीसगढ़ प्रदेश की महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष शालिनी राजपूत के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ महिला मोर्चा की तीन टोली  बनाई गई। पहली टोली हरियाणा, दूसरी टोली बिहार और तीसरी टोली उड़ीसा के लिए रवाना हुई है। जिसका नेतृत्व स्वयं महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष शालिनी राजपूत कर रही है।


महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्षशालिनी राजपूत ने कहा कि हम अपनी टीमों को अच्छी तरह से भाजपा के रीती नीति और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मिशन को पूरा करने के लिए अपनी संपूर्ण ताकत लगाकर बिहार एवं हरियाणा के घर-घर जाकर महिलाओं को देश के प्रति सनातन के प्रति भारतीय जनता के पार्टी के प्रति जागरूक कर उन्हें नरेंद्र मोदी के पक्ष में कमल पर वोट देने के लिए आग्रह करेंगें। मुझे आशा ही नहीं पूर्ण विश्वास है कि हमारी टीम जिस प्रकार से अपने कुशल नेतृत्व और कुशल कार्यशैली से छत्तीसगढ़ विधानसभा चुनाव में ऐतिहासिक विजय प्राप्त की ठीक उसी प्रकार से लोकसभा में भी विजय प्राप्त कर 11 में 11 सीटे जीतेगी। साथ ही साथ पूरे भारत में मोदी लहर कि सुनामी 400 पार कर एक नई क्रांति का आगाज करेगी। हमारे छत्तीसगढ़ की महिलाएं बड़ी बहादुर और होनहार है जिस प्रदेश में प्रचार करेंगी वहां पर कुछ कहने की बात नहीं रिजल्ट देखिएगा सत प्रतिशत आएगा इतना कहते हुए शालिनी राजपूत के मार्गदर्शन में सभी महिलाओं ने जय श्री राम का उद्घोष करते हुए अपनी टीम को लेकर आगे के लिए रवाना हुई।

इस दौरान महिला मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष शालिनी राजपूत, प्रदेश उपाध्यक्ष मीनल चौबे,  प्रदेश कोषाद्यक हेमलता शर्मा, प्रदेश सहकोषाध्यक्ष संध्या तिवारी, प्रदेश मीडिया सह प्रभारी आयुषी पांडे, निशा चौबे, आशा दुबे, कार्यकारिणी सदस्य मंजू सिंह, स्विटी कौशिक, मोहन कुमारी साहू, किरण साहू, वैशाली रत्नपारखी, निलिमा गोश्वामी, पार्वती प्रधानी, ममता गुप्ता, रीता मंडल, दिव्या कलिहारी, उमा शर्मा, रीता मंडल ,चेतना गुप्ता, मोनिका देवांगन, सोभा शर्मा, पूनम सोलंकी, सावित्री रजक, नमिता सिन्हा, रूपेशवरी साहू, सीमा साहू, तिलेश्वरी वर्मा, माया शर्मा, संगीता जैन, अरुणा सिंह, पुनीता डहरिया एवम प्रदेश के वरिष्ठ महिला मोर्चा पदाधिकारी, जिला अध्यक्ष एवम जिला पदाधिकारी सम्मिलित है।

 

 

और भी

राज्य स्तरीय हैमरबॉल सेमिनार एवं सलेक्शन टूर्नामेंट का दो दिवसीय आयोजन

जांजगीर: राज्य स्तरीय हैमरबॉल सेमिनार एवं सलेक्शन टूर्नामेंट का दो दिवसीय आयोजन हाई स्कूल मैदान जांजगीर में एसोसिएशन ऑफ छत्तीसगढ़ के तत्वावधान में 11 से 12 मई तक सम्पन्न हुआ कार्यक्रम में मुंगेली, महासमुंद, बिलासपुर, रायपुर, राजनांदगांव, मानपुर मोहला, रायगढ़, कोरबा, जांजगीर चाम्पा जिलों से लगभग 100 महिला, पुरूष हैमरबॉल खिलाड़ियों ने खेल की बारीकियों को सीखा एवं आगामी 9 से 12 जून तक जगन्नाथपुरी ओड़िसा में होने वाली नेशनल हैमरबॉल चेम्पियनशिप के लिए ट्रायल दिए, कार्यक्रम के समापन एवं पुरस्कार वितरण समारोह के मुख्यातिथि अमर सुलतानियाँ (उपाध्यक्ष जिला भाजपा) अध्यक्षता जितेन्द्र तिवारी सचिव जिला ओलम्पिक संघ विशिष्ट अतिथि एस एस बघेल सहायक अधिकारी खेल एवं युवा कल्याण विभाग,वरुण पाण्डेय अध्यक्ष हैमरबॉल एसोसिएशन ऑफ छत्तीसगढ़ के गरिमामयी आतिथ्य में सम्पन्न हुआ,कार्यक्रम का संचालन अखिलेश आदित्य सचिव हैमरबॉल एवं वीरेंद्र डडसेना कोषाध्यक्ष ने किया उक्त आयोजन में दीपक दुबे बिलासपुर, रूखमणी रानू बलौदाबाजार, सेवती टोप्पो राजनांदगांव, दीपक टण्डन रायपुर, मनीषा चौहान रायपुर, अभिषेक कसेर रायगढ़, सूर्यकांत मिश्रा महासमुंद, का योगदान सराहनीय रहा, समापन अवसर पर सभी खिलाड़ियों को प्रमाण पत्र एवं ऑफिसियल को मुव्हमेंटो प्रदान कर सम्मानित किया गया मुख्यातिथि अमर सुलतानियाँ ने कहा कि जांजगीर जिले को खेल के क्षेत्र में नई इन्फ्रास्ट्रक्चर के साथ विकसित करने के लिए सरकार हर संभव मदद करेगी, नई जनरेशन पर हैमरबॉल एक पारंपरिक खेल होने के साथ साथ मनोरंजनात्मक खेल है जिसमे खिलाड़ी जिले और प्रदेश का नाम रोशन करेगे, संगठन के मांग पर उन्होंने चयनित खिलाड़ियों को यूनिफॉर्म उपलब्ध कराने का आश्वासन दिए जितेंद्र तिवारी ने कहा कि समय समय पर खेलों के आयोजन से खिलाड़ियों को अच्छा प्लेटफार्म मिलता है और खेल के माध्यम से वे अपना सर्वागीण विकास कर सकते हैं कार्यक्रम को एस एस बघेल ने भी सम्बोधित किया। 

और भी

डिप्टी सीएम शर्मा ने जिला पंचायत की सदस्यता से दिया इस्तीफा

 कबीरधाम: उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने जिला पंचायत कबीरधाम की सदस्यता से त्याग-पत्र दे दिया है। उपमुख्यमंत्री शर्मा ने विगत विधानसभा चुनाव में कवर्धा विधानसभा से निर्वाचित होने के उपरांत मंगलवार को अध्यक्ष, जिला पंचायत कबीरधाम को अपना त्यागपत्र सौंपा। प्रारूप "क"(नियम 3 का उप नियम (1) तथा नियम 6) के अंतर्गत प्रेषित सूचना में कहा है कि मैं, एतद द्वारा जिला पंचायत के क्षेत्र क्रमांक 09, जिला कबीरधाम, छत्तीसगढ़ के जिला पंचायत के सदस्य के पद से त्यागपत्र देता हूं। ज्ञात हो कि विजय शर्मा पिछले पंचायत चुनाव में कबीरधाम जिला पंचायत के क्षेत्र क्रमांक 09 से निर्वाचित हुए थे। विगत विधानसभा चुनाव में कवर्धा विधानसभा से निर्वाचित होने के बाद अब वे प्रदेश के उप मुख्यमंत्री हैं तथा गृह एवं जेल, तकनीकी शिक्षा एवं रोजगार, विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग के साथ ही पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्रालय का दायित्व भी उनके पास है।


जिला पंचायत का अनुभव अब विधानसभा में काम आ रहा : विजय शर्मा
त्यागपत्र देने के बाद उप-मुख्यमंत्री शर्मा ने मीडिया से चर्चा में करते हुए कहा कि जितना अनुभव इन चार वर्षों में यहां काम करके मिला है, एक सदन में बैठने का, सदन में विषय रखने का और उसके माध्यम से निर्णय निकाल ले आने का, वो सब कुछ आज विधानसभा में काम आ रहा है। वो जो कुछ हम लोगों ने गांव में घूम-घूमकर देखा है कि क्या होना चाहिए, वो सब कुछ आज विभागों की योजनाओं को बनाने में काम आ रहा है। मैं अब जब पंचायतराज के मंत्री के रूप में काम कर रहा हूं, विष्णु देव की सरकार में तो हम लोगों ने यह भी देखा था कि गांव में महिलाओं के लिए बैठने की जगह नहीं होती थी, तो महतारी सदन हर एक पंचायत में बनाने का निर्णय लिया गया है। हर एक पंचायत में सीएससी को पंचायत के साथ जोड़कर सरकार जनता को सारी सुविधाएं मुहैया कराना चाहती है।

 

 

और भी

दोनों चुनावों में बेहतर प्रदर्शन के लिए मुख्यमंत्री ने दी भाजपा मीडिया विभाग को बधाई

 सीएम हाउस में रखा गया मीडिया विभाग के लिए विशेष कार्यक्रम

 

रायपुर: मुख्यमंत्री निवास में भाजपा मीडिया विभाग के लिए विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने मीडिया विभाग को विधानसभा और लोकसभा चुनावों में बेहतर प्रदर्शन के लिए बधाई दी।

उन्होंने कहा विधानसभा चुनावो में विपरीत परिस्थितियों में भी मीडिया विभाग पूरी तरह सक्रिय रहा और लोकसभा चुनावो में भी सभी ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई,इसके लिए मैं सभी को बधाई देता हूं। आप सभी के साथ मुलाकात करने का मन काफी दिनों से था आज सभी से मिलकर बहुत अच्छा लग रहा है आपमें से 90 प्रतिशत को को नाम से जानता हूं लगातार आप लोगो को टीवी पर देखता भी हूं सभी ने बहुत अच्छा काम किया है।

कार्यक्रम के दौरान प्रवक्तागण के सुझावों पर बोलते हुए सीएम साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ की भाजपा सरकार ने नक्सलवाद के खिलाफ एक बड़ी मुहिम छेड़ी है हमे बस अब कुछ वर्षो में छत्तीसगढ़ से नक्सलवाद से मुक्त कराना है ताकि छत्तीसगढ़ में संपूर्ण विकास हो सके। छत्तीसगढ़ में अपार संभावनाएं है नक्सल समस्या से मुक्ति पर छत्तीसगढ़ का पर्यटन बहुत बढ़ जायेगा।विकास तेज गति से होगा,हम गांव गांव तक सुविधा केंद्र खोल रहे है जिससे सरकार की योजनाएं प्राथमिकता से वहां पहुंच सके।प्रवक्तागण ने इस दौरान कृषि,नक्सल,शिक्षा,स्किल डेवलपमेंट  सहित कई मुद्दों पर सुझाव भी रखे।



इस दौरान सीएम साय ने  हाल ही का किस्सा साझा करते हुए बताया कि वैसे वो शांत स्वभाव के है लेकिन जनता की समस्या का निवारण न होने पर क्रोधित हो जाते है हाल ही के एक जिले में बिजली समस्या ठीक न होने पर उन्होंने अधिकारियों को अल्टीमेटम दे दिया था कि अगर कल तक बिजली समस्या ठीक न हुई तो सभी सस्पेंड होंगे।

अब छत्तीसगढ़ में विकास होने से कोई नही रोक सकता : विजय शर्मा
कार्यक्रम में उपस्थित उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की तारीफ करते हुए कहा कि उन्होंने मंत्रिमंडल के सभी सदस्यों को कार्य करने की बहुत स्वतंत्रता दी है जिससे सभी पूरे जोश के साथ कार्य कर रहे है।शर्मा ने आगामी कई योजनाओं के बारे में भी जानकारी साझा की और कहा अब छत्तीसगढ़ में विकास होने से कोई नही रोक सकता विकास में रुकावट लाने वाली हर बाधा को दूर करेंगे। शर्मा ने कहा प्रदेश सरकार नक्सल समस्या और जन सामान्य के सुरक्षा के विषयो पर बहुत गंभीरता से काम कर रही है यह सरकार की प्राथमिकता में है। विजय शर्मा ने इस दौरान सरकार के आगामी विजन को भी सामने रखा और मीडिया विभाग के सभी सदस्यों को बधाई भी दी।

छत्तीसगढ़ में अब केवल सांय सांय की चर्चा यह विष्णु देव सरकार की बड़ी उपलब्धि : अमित चिमनानी
कार्यक्रम की शुरुआत में प्रस्तावना व स्वागत भाषण देते हुए  भाजपा मीडिया विभाग के प्रभारी अमित चिमनानी ने कहा अब छत्तीसगढ़ में एक शब्द सबसे ज्यादा प्रचलन में है जिसे हर परिस्थिति में इस्तेमाल किया जा रहा है वो शब्द है सांय सांय।यह विष्णु देव साय सरकार की सफलता का एक बड़ा प्रमाण है केवल चंद महीनों में ही रिकॉर्ड स्तर का कार्य किया गया है।अमित ने प्रवक्तागण के कार्यों की तारीफ करते हुए कहा हमारे एक एक प्रवक्ता ने  तीन तीन लोगो से डिबेट में तर्क कर जनता के सामने अपना पक्ष रखा है जो काबिले तारीफ है।उन्होंने आगे कहा कि जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जैसा हो और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय जैसा तब बोलना और भी आसान हो जाता है।

और भी

भिलाई - दुर्ग सहित इन 17 मार्गों पर दौड़ेंगी 100 ई - बसें

रायपुर:  राजधानी वासियों को जल्द ही 100 ई-बसों की सुविधा मिलने जा रही है। केंद्र से ई-बसों के लिए मिली अनुमति के बाद निगम ने संचालन के लिए रूट का चयन भी कर लिया है। जल्द ही नया रायपुर सहित भिलाई-दुर्ग तक नागरिकों को एसी वाली ई-बसों की सुविधा मिलने जा रही है। केंद्र सरकार ने बसों की खरीदी, संचालन आपरेटर व भुगतान से संबंधित टेंडर भी कर दिया गया। केंद्र से जैसे-जैसे निर्देश मिल रहे हैं उन पर तत्काल कार्य किया जा रहा है। इस दिशा में बसों को ठहराने के लिए डिपो का प्रस्ताव भी केंद्रीय दल के निरीक्षण के बाद तैयार कर केंद्र को भेज दिया गया है।

आमानाका और पंडरी में बनेगा बस डिपो

नगर निगम द्वारा आमानाका और पंडरी में बस डिपो बनाने का प्रस्ताव केंद्र सरकार को भेजा गया है। केंद्रीय दल के दौरे के बाद निगम अधिकारियों ने उनके पैरामीटर के अनुसार डिपो का प्रस्ताव तैयार कर केंद्र सरकार को भेजा है, जिसमें पंडरी बस स्टैंड में 40 तो आमानाका बस डिपो में 60 बसों का डिपो बनाने की अनुमति मांगी गई है। अनुमति मिलते ही बस डिपो बनाने का कार्य शुरू किया जाएगा। बता दें कि दोनों डिपो में बसों के ठहरने से लेकर चार्जिंग भी व्यवस्था भी की जाएगी। वहीं, बसों के रूटों पर भी कुछ चार्जिंग पाइंट लगाए जाएंगे। जहां आवश्यकता अनुसार बसों को चार्ज किया जा सके।

संचालन की जिम्मेदारी निगम पर

ई-बसों के संचालन और देखरेख का जिम्मा रायपुर नगर निगम के हिस्से में रहेगे। सभी ई-बसों के सफल संचालन के लिए निगम अधिकारी जिम्मेदारी उठाएंगे। बाकी केंद्र द्वारा बसों की खरीदी से लेकर अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं की जा रही है। जानकारी के अनुसार बसों के मेंटेनेंस से संबंधित प्लान भी केंद्र सरकार द्वारा तैयार किया जा रहा है, जिसमें हर बस के आधार पर निगम के पास फंड रहेगा। बस में किसी भी प्रकार की खराबी होने पर फंड उपयोग कर ठीक कराया जाएगा। जानकारी के अनुसार यह व्यवस्था आगामी पांच सालों तक के लिए रहेगी। वहीं, जिन रूटों में एक बार बस दौड़ेंगी। वह घाटा या फायदा 

इन मार्गों में दौड़ेंगी ई-बसें

1. रायपुर रेलवे स्टेशन से पंडरी बस स्टैंड, अवंती बाई चौक, मोवा जीरो पाइंट विधानसभा, डोंडे, खरोरा 2. रायपुर रेलवे स्टेशन से फाफाडीह से सिलयारी स्टेशन 3. रायपुर रेलवे स्टेशन से बूढ़ातालाब, भाठागांव, कुशाभाऊ ठाकरे विश्वविद्यालय, दतरेंगा, तार्रीघाट 4. रायपुर रेलवे स्टेशन से फाफाडीह, भनपुरी, उरला 5. रायपुर एयरपोर्ट से तेलीबांधा चौक, भिलाई, दुर्ग रेलवे स्टेशन 6. रायपुर रेलवे स्टेशन से तेलघानी नाका, हीरापुर, नंदनवन 7. रायपुर रेलवे स्टेशन से घड़ी चौक, मैग्नेटो माल, एमएम फन सिटी, भनसोज 8. रायपुर एम्स से आमानाका, जयस्तंभ चौक, तेलीबांधा, सेरीखेड़ी, आरंग9. रायपुर रेलवे स्टेशन से शास्त्री चौक, आमापारा, कुम्हारी, अहिवारा10. रायपुर रेलवे स्टेशन से घड़ी चौक, माना बस्ती, तहुनाद, चम्पारण 11. रायपुर रेलवे स्टेशन से घड़ी चौक, पचपेड़ी नाका, अभनपुर 12. रायपुर रेलवे स्टेशन से तेलीबांधा, मंदिरहसौद, कुरूद, चंदखुरी 13. रेलवे स्टेशन से जेल रोड़, घड़ी चौक, गौरवपथ, जोरा होते हुए नया रायपुर मंत्रालय 14. मंत्रालय डीकेएस भवन गेट नंबर-4 से जेल रोड, घड़ी चौक, गौरवपथ, राष्ट्रीय राजमार्ग-6, जीरो इंटरचेंज, नया रायपुर मंत्रालय 15. कबीर नगर से हीरापुर चौक, पचपेड़ी नाका, डुमर तराई से नया रायपुर मंत्रालय16. तेलीबांधा चौक से डीडी नगर, संतोषी नगर, सेरीखेड़ी, जोरा नया रायपुर मंत्रालय 17. एनएच-43 से नया रायपुर रोड़ नंबर-2, क्रिकेट स्टेडियम नया रायपुर

और भी

महिला वेंडर के साथ मारपीट का आरोप

 रायगढ़: आरपीएफ पुलिस द्वारा रेलवे की संपत्ति की सुरक्षा की जाती है लेकिन दूसरी ओर आरपीएफ का दूसरा चेहरा काफी डरावना है। आरपीएफ पुलिस द्वारा ट्रेन में फेरी करने वाले वेंडर के साथ अवैध उगाही और मारपीट जैसी घटना को अंजाम दिया जाता है। ऐसा ही एक मामला रायगढ़ के मौदहा पारा निवासी महिला के साथ घटित हुआ। जिसकी शिकायत रायगढ़ न्यायालय के बाद उच्च न्यायालय में की गई है। जानकारी देते हुए पीड़िता महिला उत्तरा बाई महिलाने ने बताया कि उसने अपना बचपन ट्रेन में भीख मांग कर गुजरा है। करीब 15 वर्ष पूर्व रेलवे के किसी अधिकारी ने उसे ट्रेन में मौसमी फल बिक्री कर जीवन यापन करने की सलाह दी थी। इसके बाद से उत्तरा बाई ने ट्रेन में फेरी करके अपना और अपने परिवार का गुजर बसर कर रही है लेकिन इन दिनों रेलवे पुलिस के कर्मचारियों की अवैध उगाही उसके लिए जी का जंजाल बन गई है।

उत्तरा बाई महिलाने ने बताया कि बीते 7 मई को जब वह मतदान करके ककड़ी बेचने के लिए स्टेशन पहुंची तब आरपीएफ पुलिस ने उसे पकड़ लिया और आरपीएफ थाना ले जाकर उसके साथ मारपीट की गई। मारपीट करने का कारण पूछने पर उसने बताया कि बृजराज नगर, रायगढ़, चांपा और बिलासपुर में पदस्थ आरपीएफ अधिकारी कर्मचारी ट्रेन में समान बिक्री करने पर प्रतिदिन 1000 रुपए की मांग करते हैं। इसके अलावा मासिक पैसा अलग से मांगते हैं पैसा नहीं देने पर उनके द्वारा फेरी करने वालों का सामान छीनकर उनके साथ मारपीट की जाती है और उनके खिलाफ अपराध भी दर्ज कर दिया जाता है। जिस कारण गरीब वेंडर का परिवार चला पाना मुश्किल हो रहा है। उत्तरा बाई महिलाने ने बताया कि उसने घटना का वीडियो भी अपने मोबाइल पर बनाया लेकिन कुछ देर बाद ही उसका मोबाइल आरपीएफ पुलिस जवानों ने छीन लिया। फिलहाल आरोप को लेकर हड़कंप मच गया है। इसकी शिकायत रायगढ़ न्यायालय समेत उच्च न्यायालय बिलासपुर में की है।

 

 

और भी

CBSE 10-12वीं बोर्ड के नतीजे जारी, सीएम साय ने उत्तीर्ण छात्रों को दी बधाई

रायपुर: सीबीएसई के 10वीं और 12वीं परीक्षा के नतीजे जारी होने पर उत्तीर्ण छात्र-छात्राओं को मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने शुभकामनाएं दी।

सीएम ने X पर लिखा: 'सीबीएसई के 10वीं और 12वीं परीक्षा के नतीजे घोषित हुए हैं। यह हर्ष का विषय है कि 12वीं में 87.98 प्रतिशत परीक्षाफल रहा। सभी उत्तीर्ण विद्यार्थियों को बहुत-बहुत बधाई एवं उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं। जिन छात्र-छात्राओं के परीक्षा परिणाम उम्मीद के मुताबिक नहीं रहे वे निराश न हों। कोशिश करते रहें सफलता एक दिन जरूर कदम चूमेगी।

और भी

चर्चा का विषय बना नाग का जोड़ा, दर्शन करने उमड़ रही भीड़...

 युवक की मौत के बाद भी भयमुक्त होकर पास जा रहे ग्रामीण

 

कोरिया: जिले के ग्राम चारपारा में पिछले कुछ दिनों से एक अद्भुत नजारा देखने को मिल रहा है। यहां एक तालाब में गांव के कुछ लोगों ने नाग के जोड़े को देखा। एक नाग पूरे तालाब में घूमता हुआ ग्रामीणों के पास आ गया। यह देख लोगों ने उसे दूध पिलाया। इसके बाद से तो नाग बड़े आराम से लोगों को देखते ही उनके करीब आ जाता है।

अब चारपारा गांव आसपास के इलाके में इस सांव की वजह से चर्चा में आ गया है। बड़ी संख्या में लोग अब उसकी पूजा करने लगे हैं। कोई दूध पिला रहा है तो कोई छूकर आशीर्वाद मांग रहा है। नाग भी लोगों के करीब आने से किसी तरह से कोई विपरीत प्रतिक्रिया नहीं दे रहा है। बल्कि ऐसा लग रहा है कि वह लोगों के बीच ही रहना चाहता है।

खुद ही चलकर ग्रामीणों के पास आ रहा सांप
खास बात यह है कि, तालाब में घूम कर ग्रामीणों के पास नाग खुद आ जाते हैं। लेकिन वो हर किसी के हाथ से दूध नहीं पीते हैं। कुछ ग्रामीण नाग को छू लेते हैं तो वो उनको काटते तक नहीं हैं। ये सिलसिला लगभग 15 दिनों चल रहा है।

गले मे डाल कर घूमने की कोशिश की तो काटा लिया
बता दें, ग्राम चारपारा के रहने वाले के अमरसिंह ने नाग को गले मे उठाकर ले जाने की कोशिश की तो नाग ने उसे काट लिया, जिससे उसकी मौत हो गई है। यह घटना तीन दिन पहले हुई है।

दर्शन के लिए दूर-दूर से पहुंच रहे लोग
बैकुण्ठपुर जनपद अंतर्गत ग्राम पंचायत चारपारा में स्थित तालाब में दूर-दूर से लोग नाग देवता के दर्शन के लिए पहुंच रहे हैं। नाग देवता को देखने के लिए काफी भीड़ लगी रहती है। वहीं नाग देवता भी तालाब के चारों ओर तैर कर घूमते हुए दिखाई देते हैं और लोग उन्हें दूध पिलाते हैं।

 

 

और भी

रायपुर-बस्तर संभाग के लिए अलर्ट, इन जिलों में बारिश के आसार...

रायपुर: छत्तीसगढ़ का मौसम लगातार करवट ले रहा है। दिन में धूप तो वहीं रात को अंधड़ और बारिश देखने को मिल रही है। बीते 4 या 5 दिनों से शाम के वक्त में मौसम में थोड़ी बहुत नमी आने लगती है। आने वाले एक हफ्ते में भी इसी तरह का मौसम दिखाई देने वाला है। इसलिए मौसम विभाग ने रायपुर, बिलासपुर, और बस्तर संभाग में अलर्ट जारी किया है।

बता दें, मौसम में बदलाव आते ही रायपुर, दुर्ग, बस्तर और सरगुजा संभाग में 60 मिली मीटर तक बारिश हुई है। अगर लोरमी, सिमगा की बात की जाए तो यहां पर 20 मिली मीटर तक ही बारिश हुई है। सबसे ज्यादा तापमान डोंगरगढ़ का चल रहा है। यहां पर 42.5 डिग्री रिकॉर्ड किया गया है। सबसे कम तापमान अंबिकापुर में दर्ज किया गया है। यहां पर 21.6 डिग्री रिकॉर्ड किया गया है।

आने वाले वक्त में कहां-कहां होगी बारिश
रायपुर संभाग में बलौदाबाजार, गरियाबंद, महासमुंद और धमतरी में बारिश की संभावना है। बिलासपुर संभाग में पेंड्ररोड, रायगढ़, मुंगेली, कोरबा, जांजगीर-चांपा में बारिश हो सकती है। वहीं दुर्ग संभाग में बालोद, बेमेतरा, कबीरधाम और राजनांदगांव में बारिश के संभावना है। इसके अलावा बस्तर संभाग में दंतेवाड़ा, कोंडागांव, सुकमा, कांकेर, बीजापुर और नारायणपुर में तेज बारिश होगी।

और भी

डिप्टी रेंजर को ग्रामीणों ने जमकर पीटा, फिर पुलिस के हवाले किया, ये है मामला...

मुंगेली: जिले के लोरमी में ग्रामीणों ने डिप्टी रेंजर प्रबल दुबे की पिटाई कर दी। ग्रामीणों ने ऐसा पीटा कि, पिटाई के दौरान डिप्टी रेंजर के कपड़े फाड़ दिए। इतना ही नहीं ग्रामीण डिप्टी रेंजर को मारते हुए ग्रामीण थाने ले गए।

मिली जानकारी के अनुसार, खुड़िया वन परिक्षेत्र में तैनात डिप्टी रेंजर प्रबल दुबे 10 मई को वन विभाग के प्रदेश स्तरीय अधिकारियों के दौरा कार्यक्रम में ड्यूटी कर रहे थे। एडिशनल पीसीसीएफ संगीता गुप्ता विभागीय काम से क्षेत्र के दौरे पर थी। ऐसे में सीसीएफ बिलासपुर, डीएफओ मुंगेली समेत पूरा वन अमला अधिकारियों के दौरा कार्यक्रम में व्यस्त था। बताया जा रहा है कि अधिकारियों की वापसी के बाद जब पीछे बाइक से डिप्टी रेंजर प्रबल दुबे अपने एक साथी सहकर्मी नरेंद्र उपाध्याय के साथ लौट रहे थे। तभी सरगढ़ी के पास 30 से 35 ग्रामीणों ने उनका रास्ता रोक लिया और उनकी जबरदस्त पिटाई कर दी।

दरसअल, 24 नवंबर वर्ष 2023 को सरगढ़ी के जंगल में एक हाथी की शिकारियों द्वारा बिछाए करंट तार की चपेट में आने से मौत हो गई थी। जिस मामले में कुछ लोगों को बीते 5 मई को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया था। ये आरोपी दूसरे दिन 6 मई को जमानत पर छूट कर आए हैं। घायल डिप्टी रेंजर ने बताया कि सबसे पहले भादुराम कोलाम, उत्तम ध्रुव, अशोक मरावी और झिरिया निवासी सुभाष परस्ते ने हमला किया। उन्होंने मेरी वर्दी भी फाड़ दी है और मेरे पास रखे सरकारी दस्तवेजों को भी फाड़ दिया है।

सभी गरमी डिप्टी रेंजर को पीटते हुए खुड़िया पुलिस सहायता केंद्र तक लेकर आए और पुलिस को घायल हालत में सौंप कर वापिस लौट गए। पिटाई के बाद घायल डिप्टी रेंजर को पुलिस की टीम ने लोरमी के सामुदायिक अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उनका इलाज चल रहा है। विश्वस्त सूत्रों की मानें तो  डिप्टी रेंजर के साथ हुए हादसे के बाद एसडीओ और रेंजर भी थाने पहुंचे लेकिन उस समय भी ग्रामीण काफी आक्रोशित थे। उनका गुस्सा अधिकारियों पर उतर जाता। लेकिन थाने में मौजूद स्टाफ ने मामले की गंभीरता को देखते हुए मामला शांत कराया। इस मामले में पुलिस शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर आगे की जांच कर रही है।

और भी