छत्तीसगढ़ - Newsportal | Chhattisgarh Darpan Media Group

छत्तीसगढ़

हवाई यात्रा कर रायपुर पहुंचे बीजापुर के मेधावी विद्यार्थियों में आसमान छूने का हौसला

राजधानी रायपुर के अध्ययन भ्रमण पर पहली बार हवाई यात्रा कर रायपुर आए बीजापुर के मेधावी छात्र-छात्राओं में अपने सपनों को पूरा करने के लिए आसमान छूने का हौसला है। ये बच्चे आईएएस, आईपीएस, डॉक्टर, इंजीनियर, शिक्षक बनना चाहते हैं। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की पहल पर बीजापुर के नवमी, दसवीं एवं ग्यारहवीं कक्षा के सौ छात्र-छात्राएं फ्लाईट से यात्रा कर पहली बार रायपुर आए हैं। इन छात्रों ने जगदलपुर से रायपुर तक हवाई जहाज में यात्रा की। आज स्वतंत्रता दिवस पर छू लो आसमां एजुकेशन सिटी बीजापुर में पढ़ाई कर रहे इन छात्र-छात्राओं ने मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय से उनके निवास पर मुलाकात कर अपने अनुभव साझा किए। 

कक्षा 11वीं की छात्रा डिम्पल ठाकुर ने मुख्यमंत्री को बताया कि पहली बार हवाई जहाज में चढ़ने का अनुभव बहुत रोमांचक रहा। पहले रायपुर आने का सोचा था, लेकिन पढ़ाई-लिखाई में मेहनत कर हवाई जहाज में इस तरह आउंगी नहीं सोचा था। डिम्पल ने कहा कि हम अपने सपनों को आसमान की ऊंचाईयों पर ले जाएंगे और मेहनत कर उनको पूरा करेंगे। मुख्यमंत्री  साय ने बच्चों को बधाई और शुभकामनाएं देते हुए कहा कि आप जीवन में खूब ऊंचाईयों को प्राप्त करें और लक्ष्य प्राप्त करने में सफल हो। रायपुर भ्रमण के दौरान इन बच्चों ने मुक्तांगन, जंगल सफारी, राम मंदिर का भ्रमण किया और रायपुर के पुलिस परेड ग्राउंड में आयोजित स्वतंत्रता दिवस के राज्य स्तरीय समारोह में शामिल हुए। 

मुख्यमंत्री  विष्णु देव साय ने कहा कि आप सभी को मेहनत और लगन के साथ पढ़ाई करना है। मुख्यमंत्री के पूछे जाने पर बच्चों ने बताया कि वे आईएएस, आईपीएस, डॉक्टर, इंजीनियर और बिजनेसमैन बनना चाहते हैं। मुख्यमंत्री ने बच्चों को नई शिक्षा नीति 2020 के बारे में जानकारी देते हुए कहा कि इस नीति में शिक्षा के साथ रोजगार को भी जोड़ा है। आप लोगों को व्यवसाय के साथ खेती-बाड़ी, पशुपालन जैसे क्षेत्रों में भी आगे बढ़ना चाहिए। मेरी जानकारी में ऐसे कुछ पढ़े लिखे आईएएस हैं, जो आज खेती-बाड़ी भी कर रहे हैं। होर्टिकल्चर, फ्लोरीकल्चर में अच्छी आमदनी के साथ सम्मान भी है। कुछ बच्चों ने कहा कि वे शिक्षक बनना चाहते हैं। इस पर मुख्यमंत्री ने कहा कि शिक्षक सबसे बड़े राष्ट्र निर्माता होते हैं, जो आईएएस, आईपीएस बनाते हैं। मुख्यमंत्री  साय ने बच्चों से कहा कि आप सभी सपने देखें, खूब मेहनत करिये और सफलता की ओर आगे बढ़ते हुए माता-पिता के अरमानों को पूरा कीजिए। 

मुख्यमंत्री  साय ने बच्चों से गोंड़ी भाषा के शब्द ‘‘नियद नेल्लानार‘‘ शब्द का अर्थ पूछा जिसपर एक छात्रा ने बताया ‘‘तुम्हारा प्यारा गांव‘‘। मुख्यमंत्री ने बताया कि बीजापुर, सुकमा, दंतेवाड़ा, कांकेर जैसे दूरस्थ क्षेत्रों को विकास के मुख्य धारा से जोड़ने के लिए हमने नियद नेल्लानार योजना शुरू की है। जिसके अंतर्गत 17 विभागों के अंतर्गत 58 व्यक्तिमूलक और 28 सार्वजनिक योजनाओं को शामिल किया गया है, जिसमें सुरक्षा कैम्पों की परिधि के पांच किलोमीटर के गांवों में लोगों को सड़क, बिजली, पानी, राशनकार्ड, आयुष्मान कार्ड, आधार कार्ड जैसी मूलभूत सुविधाएं लोगों को मुहैया कराई जा रही हैं। 

मुख्यमंत्री  साय ने कहा कि माओवाद आतंक से प्रभावित क्षेत्रों में सुरक्षा कैम्प स्थापित कर रहे हैं। अब तक 32 कैम्प की स्थापना की गई है। जिसके अंतर्गत 91 गांव शामिल हैं और 29 नये कैम्पों की स्थापना की जा रही है। बस्तर अंचल पर्यटकों के लिए स्वर्ग के समान है। यहां सुन्दर वन हैं, चित्रकोट, तीरथगढ़, कुटुम्बसर गुफा और बारसूर गणेश जैसे मनोरम पर्यटन स्थल हैं। यहां पर्यटन के क्षेत्र में अपार सम्भावनाएं हैं। आप सभी की जिम्मेदारी है कि आप अच्छे से पढ़ाई करें और छत्तीसगढ़ का नाम रौशन करें। मुख्यमंत्री श्री साय ने इन छात्र-छात्राओं को उज्जवल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि हमारी बेटियां अब सभी क्षेत्रों में आगे बढ़ रही हैं। शैक्षणिक क्षेत्र में टॉप 10 में ज्यादातर लड़कियां ही दिखाई पड़ती है। 

मुख्यमंत्री ने छात्रावास में रहने वाले बच्चों से छात्रावास के भवन, भोजन व्यवस्था, साफ-सफाई की जानकारी ली। बच्चों ने बताया कि सभी व्यवस्थाएं अच्छी हैं। मुख्यमंत्री ने  बच्चों को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के स्वच्छ भारत मिशन की जानकारी देते हुए अपने आसपास स्वच्छ वातावरण रखने की समझाईश दी। सेजेस के कक्षा 11वीं के छात्र अखिलेश मिश्रा ने मुख्यमंत्री को उनके स्कूल आने का आमंत्रण दिया। कक्षा 10वीं की छात्रा निशा यादव ने बच्चों के लिए हवाई यात्रा का वायदा पूरा करने पर मुख्यमंत्री  के प्रति आभार प्रकट किया।
और भी

दिव्यांग दंपत्ति के घर पहुंच खाद्य विभाग ने दिया प्रधानमंत्री उज्जवला योजना का लाभ

  कलेक्टर अनुराग पाण्डेय के निर्देशानुसार खाद्य विभाग की टीम ने ग्राम पंचायत तोयनार निवासी दिव्यांग दंपत्ति के घर पहुंचकर खाद्य विभाग अर्न्तगत संचालित प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना से लाभान्वित किया।

कलेक्टर अनुराग पाण्डेय को उक्त दंपत्ति की समस्या संज्ञान में आते ही विभागीय अमला को त्वरित निर्देशित कर शासन की योजनाओं का समुचित लाभ प्रदान कराने को कहा। जिसके परिपालन में खाद्य निरीक्षक दिनेश मरकाम एवं खाद्य विभाग के अमला पहुंचकर योजना के तहत निःशुल्क गैस सिलेण्डर प्रदान किया। इस दौरान सरपंच विजय पाल, सचिव कोरम कोमरैया उपस्थित थे।

निःशुल्क गैस सिलेंडर मिलने से दिव्यांग दंपति ने कलेक्टर अनुराग पाण्डेय को हृदय से धन्यवाद ज्ञापित किया और खाना बनाने में आ रही समस्या का निदान होने से प्रसन्नता व्यक्त की।

 
और भी

पौधरोपण, तिरंगा यात्रा के साथ होंगे विविध आयोजन

  कलेक्टर अजीत वसंत के निर्देशन एवं जिला पंचायत सीईओ संबित मिश्रा के मार्गदर्शन में आजादी के पर्व स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर महात्मा गांधी नरेगा से बनाए गए अमृत सरोवरों के तटों पर उत्साह पूर्वक तिरंगा फहराया जाएगा। इसके साथ ही पौधरोपण, तिरंगा यात्रा, सांस्कृतिक कार्यक्रम, स्वच्छता अभियान, सामूहिक परिचर्चा के साथ विविध कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। कार्यक्रम के आयोजन के संबंध में जिला पंचायत सीईओ के द्वारा जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी तथा मनरेगा के कार्यक्रम अधिकारियों को निर्देशित किया गया है।

गौरतलब है कि भारत सरकार ग्रामीण विकास मंत्रालय, कृषि भवन, नई दिल्ली द्वारा स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में प्रत्येक अमृत सरोवर स्थलों में विशेष उत्सव कार्यक्रम आयोजित करने हेतु निर्देशित किया गया है। कार्यक्रम के तहत अमृत सरोवर स्थलों में ध्वजारोहण के उपरांत राष्ट्रगान किया जाए। इसके पश्चात् ग्रामीणों के द्वारा गांव के मुख्य मार्गो से होते हुए अमृत सरोवर स्थलों को शामिल करते हुए तिरंगा यात्रा निकाली जाएगी। आमजनों, समुदाय के सदस्यों और विद्यालयीन छात्रों के द्वारा देशभक्ति गीत, नृत्य, नाटक का मंचन आदि सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इस दिन को प्रभावी बनाने एवं पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने के लिए अभियान चलाकर वृक्षारोपण किया जायेगा। सार्वजनिक स्थानो में स्वच्छता और हरियाली को स्थायी बनाये रखने हेतु अमृत सरोवर स्थलों पर स्वच्छता अभियान चलाया जाएगा। इसके साथ ही स्वतंत्रता दिवस की महत्ता, पर्यावरण संरक्षण, सतत् विकास आदि बिंदुओं पर ध्यान केंद्रित करते हुए सामूहिक परिचर्चा, प्रश्नोत्तरी परिचर्चा आदि कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। आजादी के पर्व को उत्सव के रूप में मनाने के लिए जनप्रतिनिधि, ग्राम पंचायत के ग्रामीण, स्कूल, कालेज के छात्र-छात्राएं, स्व-सहायता समूह, स्थानीय कर्मचारी सहित सभी हितग्राहियों को शामिल किए जाने के निर्देश दिए हैं।

और भी

टीचर ने छात्र को डंडे से पीटा, नोट्स न लिखने पर दिया गहरा जख्म

 रेलवे इंग्लिश मीडियम क्रमांक-2 बुधवारी बाजार स्कूल में पढ़ने वाले एक छात्र की टीचर द्वारा बेरहमी से पिटाई का मामला सामने आया है. मामले में परिजनों की शिकायत पर स्कूल प्रबंधन ने जांच के बाद कार्रवाई का आश्वासन दिया है. जानकारी के अनुसार, 14 वर्षीय अहमद रज़ा बुधवारी बाजार क्षेत्र के रेलवे इंग्लिश मीडियम स्कूल में कक्षा आठवीं का छात्र है.

उसे संस्कृत के शिक्षक ने छड़ी टूटने तक बेरहमी से पीटा. बच्चे की गलती सिर्फ इतनी थी कि वह कॉपी में नोट्स नहीं लिख पाया, जिसके कारण संस्कृत के शिक्षक राकेश कुमार को गुस्सा आ गया और अपने हाथ में रखे मोटी छड़ी से उसके पीठ पर इतने गहरे चोट दिये की छात्र अहमद रजा बदहवास होकर गिर गया ।

उसे जब होश आया तब वहां मौजूद किसी व्यक्ति के फोन से उसने अपने पिता इमरोज अहमद को कॉल किया । परिजन जब रेलवे इंग्लिश मीडियम स्कूल पहुंचे, तो डरे सहमे बच्चे ने पूरे घटना की जानकारी अपने पिता को दी. इसके बाद मामले की शिकायत स्कूल के प्रिंसिपल से की गई. परिजनों नें शिक्षक को स्कूल से निकालने की मांग की है. उन्होंने शिक्षक राकेश कुमार के खिलाफ कार्रवाई की बात कही है. हालांकि मामले में परिजनों ने थाने में शिकायत दर्ज नहीं कराई है ।

और भी

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने पूर्व केन्द्रीय मंत्री स्वर्गीय दिलीप सिंह जूदेव की पुण्यतिथि पर उन्हें नमन किया

 मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने आज यहाँ मुख्यमंत्री निवास में पूर्व केन्द्रीय राज्यमंत्री स्वर्गीय श्री दिलीप सिंह जूदेव की पुण्यतिथि पर उनके छायाचित्र पर पुष्प अर्पित कर नमन किया।इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री अरूण साव और विजय शर्मा, विधायक  किरण देव,  शिवप्रकाश, आजय जामवाल और  पवन से भी मौजूद रहे। 

        मुख्यमंत्री  साय ने स्वर्गीय  जूदेव का पुण्य स्मरण करते हुए कहा कि उन्होंने मुझे राजनीति के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। स्वर्गीय श्री जूदेव का मुझे बहुत स्नेह मिला और उनके जीवन यात्रा से मैंने बहुत कुछ सीखा है। वे चाहते थे कि मैं छत्तीसगढ़ का मुख्यमंत्री बनूं। उन्होंने कहा कि मेरा सौभाग्य है कि उनका आशीर्वाद आज फलित हुआ। 
      स्वर्गीय श्री जूदेव ने आजीवन आदिवासी समुदाय के हित की लड़ाई लड़ी। सनातन संस्कारों को बचाए रखने के लिए वे समर्पित रहे। छत्तीसगढ़ में हमारी सरकार उनके दिखाए रास्ते पर चलते हुए आदिवासी कल्याण और सुशासन स्थापित करने के लिए संकल्पित होकर काम कर रही है।
और भी

राजस्व वसूली में निगम ने बनाया रिकार्ड

 नगर पालिक निगम आयुक्त लोकेश चन्द्राकर के निर्देश पर राजस्व वसूली को लेकर दुर्ग निगम का अभियान आज भी तेजी से जारी है। आज नगर निगम के राजस्व अमला द्वारा बकायादारों के संस्थान एवं घर-घर पहुंचकर राजस्व वसूली में रिकार्ड वसूली की गई. राजस्व अमले द्वारा सुबह से कड़ी मेहनत कर छ: घंटे में नगर निगम के खाते में 20 लाख रुपये से ज्यादा राशि जमा किये गए।

राजस्व अधिकारी दुर्गेश गुप्ता व सहायक राजस्व अधिकारी शुभम गोइर के  नेतृत्व में वसूली को लेकर निगम अमला सुबह से सक्रिय रहा। सालों से टैक्स नही भुगतान करने वाले करदाताओ से टैक्स जमा करने कहा गया।सहायक राजस्व अधिकारी शुभम गोइर ने बताया कि अब ऐसे करदाताओं की संपत्ति को चिन्हित कर सख्त कार्रवाही करने की तैयारी की जा रही है.निगम द्वारा इसके संबंध में जल्द ही बड़े बकायादारों को अंतिम नोटिस जारी कर कार्रवाही करने का प्लान बनाया गया है।

नगर निगम द्वारा राजस्व करों की वसूली के लिए अभियान निरन्तर चलाया जा रहा है।उन्होंने बताया कि आयुक्त लोकेश चन्द्राकर के निर्देश पर राजस्व करो की  वसूली को लेकर समीक्षा बैठक के निर्देश दिए गए थे।जिस पर नगर निगम में शत- प्रतिशत राजस्व वसूली को लेकर निरंतर कवायद चल रही है। सोमवार को राजस्व विभाग के अधिकारियों की बैठक हुई। इस संबंध में सभी वार्ड सहायक राजस्व निरीक्षकों व उप निरीक्षकों को निर्देश दिया गया है।सहायक राजस्व अधिकारी ने कहा कि जो करदाता जल कर सहित अन्य कर जमा नहीं कर रहे हैं,ऐसी स्थिति में संबंधित का नल कनेक्शन काटने की कार्रवाई करें।

 

 

और भी

सराफा कारोबारी के घर से लाखों की चोरी

  छत्तीसगढ़ के सूरजपुर के विकास ज्वेलर्स में दो माह पूर्व करीब 15 तोला सोना, चांदी के जेवर और लाखों रुपए कैश की चोरी के मामले में पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार किया है। गिरोह के अन्य सदस्य फरार हैं। चोर गिरोह ने सूरजपुर सहित बिलासपुर, जांजगीर-चांपा, महाराष्ट्र, मध्यप्रदेश और पंजाब सहित अन्य राज्यों में भी ज्वेलरी शॉप में चोरी की वारदात को अंजाम दिया है।

जानकारी के मुताबिक, 02 जून 2024 को सूरजपुर के विकास ज्वेलर्स के संचालक विकास सोनी के दुकान में घुसकर अज्ञात चोरों ने दुकान को खंगाल डाला था। चोर निर्माणाधीन मकान के पिछले हिस्से से दुकान में घुसे थे। वे आंगन और गैलरी से होते हुए दुकान तक पहुंचे। सूरजपुर एसएसपी एमआर आहिरे ने बताया कि पुलिस ने आरोपियों के आने-जाने के रास्तों की पड़ताल के लिए सौ से ज्यादा सीसीटीवी कैमरों के फुटेज की जांच की।

छत्तीसगढ़ सहित अन्य प्रदेशों की पुलिस को भी सीसी फुटेज भेजा गया था। सीसी फुटेज के आधार पर सिंगरौली जिले के संदेही विजय कुमार बसोर (22) के संबंध में पुलिस को जानकारी मिली। एसएसपी आहिरे ने बताया कि सुराग मिलने पर पुलिस ने विजय कुमार बसोर को सिंगरौली के उज्जैनी से हिरासत में लिया और पूछताछ की। आरोपी ने अपने दो साथियों बड़का बसोर और दो अन्य साथियों के साथ चोरी करना स्वीकार किया। चोरी के बाद उन्होंने नकदी को आपस में बांट लिया था। विजय कुमार बसोर ने पुलिस को बताया कि चोरी का जेवर उन्होंने बैढ़न निवासी गुड्डा बनिया और शशांक सोनी को बेचा था। चोरी के जेवर खरीदने वाले दोनों एक अन्य मामले में बिलासपुर जेल में बंद हैं।

एसएसपी ने बताया कि दोनों को पुलिस प्रोटेक्शन वारंट पर लेगी। एसएसपी एमआर आहिरे ने बताया कि विजय बसोर ने छत्तीसगढ़ के विभिन्न जिलों के साथ अन्य राज्यों में भी चोरी की घटनाओं को अंजाम देना स्वीकार किया है। बसोर गिरोह के सदस्य शातिर तरीके से चोरी की वारदात को अंजाम देते हैं और अपने पीछे कोई सुराग नहीं छोड़ते। इनके निशाने पर ज्वेलरी दुकान के संचालक और ज्वेलरी शॉप ही होती है। एसएसपी ने बताया कि अन्य स्थानों की पुलिस को चोर गिरोह के पकड़े जाने की सूचना दी जा रही है। फरार अन्य आरोपियों की तलाश में पुलिस जुटी है।

 

 

और भी

गीता मुखर्जी का मृत शरीर मेडिकल कॉलेज को दान

 145 वीआईपी नगर,रिसाली निवासी गीता मुखर्जी के मरणोपरांत उनका मृत शरीर मानवता की भलाई के लिए चिकित्सा अध्ययन हेतु मानवसेवी संस्था प्रनामके माध्यम से दान किया गया। 21 सितम्बर 2019 को स्व. गीता मुखर्जी ने अपनी बहु जयश्री मुखर्जी के साथ संयुक्त रूप से प्रनाम के अध्यक्ष पवन केसवानी की काउंसलिंग के माध्यम से देहदान की वसीयत जारी की थी।

81 वर्ष की आयु में गीता मुखर्जी का निधन सेक्टर-9 हॉस्पिटल में इलाज के दौरान सूचना उनके परिजनों द्वारा प्रनाम को दिए जाने के बाद शंकराचार्य मेडिकल कॉलेज भिलाई में उनकी पार्थिव काया अध्ययन एवं अध्यापन हेतु दान की गई। देहदान के पुनीत कार्य में सहभागिता देने वाले स्व. गीता मुखर्जी के पुत्र गौतम मुखर्जी एवं अन्य परिजन जयश्री मुखर्जी, शोभा चक्रवर्ती,आशीष चक्रवर्ती के अलावा प्रनाम के अध्यक्ष पवन केसवानी, रतन ठाकुर, संतोष नायर, पोली संतोष, बिनापानी चक्रवर्ती, देबू राय चौधरी,प्रदीप धर, अजय मिश्रा, संजय मिश्रा, असीम चक्रवर्ती का विशेष योगदान रहा।

 
और भी

केन्द्रीय मंत्री भूपेन्द्र यादव ने छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में विश्व हाथी दिवस पर आयोजित राष्ट्रीय कार्यक्रम का किया उद्घाटन

 केन्द्रीय पर्यावरण, वन और जलवायु परिवर्तन मंत्री भूपेन्द्र यादव ने आज छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में विश्व हाथी दिवस पर स्थानीय होटल में आयोजित राष्ट्रीय स्तर के कार्यक्रम का शुभारंभ किया। मुख्यमंत्री  विष्णु देव साय और केन्द्रीय वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री भूपेन्द्र यादव ने आज ही नवा रायपुर स्थित अरण्य भवन में छत्तीसगढ़ में इलेक्ट्रॉनिक ऑक्शन प्रणाली का, वन विभाग द्वारा दो करोड़ रूपए की लागत से निर्मित अत्याधुनिक ऑडिटोरियम ‘दण्डकारण्य‘ का भी शुभारंभ किया। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और वन और जलवायु परिवर्तन मंत्री केदार कश्यप और सांसद श्री बृजमोहन अग्रवाल, वन महानिदेशक एवं विशेष सचिव  जितेन्द्र कुमार विशेष अतिथि के रूप में कार्यक्रम में उपस्थित थे। 


केन्द्रीय पर्यावरण, वन और जलवायु परिवर्तन मंत्री भूपेन्द्र यादव ने कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए हाथियों के संरक्षण के लिए भारत की भागीदारी से किए गए प्रयासों पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि हाथियों के संरक्षण में भारत की अग्रणी भूमिका रही है। केन्द्रीय मंत्री  यादव ने हाथियों के संरक्षण एवं मानव कल्याण सुनिश्चित करने के लिए अंतर-क्षेत्रीय जुड़ाव (क्रॉस सेक्टोरल एंगेजमेंट) की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंनेे कहा कि यदि हम हाथियों को बचाएंगे तो वन भी समृद्ध होंगे, क्योंकि हाथियों को ‘पारिस्थितिकी तंत्र के इंजीनियर‘ के रूप में जाना जाता है। पर्यावरण, वन और जलवायु परिवर्तन मंत्री ने देश में मानव-हाथी द्वंद को कम करने की आवश्यकता पर बल दिया।

कार्यक्रम में पर्यावरण, वन और जलवायु परिवर्तन मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारी, हाथी परियोजना के निदेशक  रमेश पाण्डेय तथा छत्तीसगढ़ के प्रधान मुख्य वन संरक्षक एवं वन बल प्रमुख श्री वी. श्रीनिवास राव, प्रधान मुख्य वन संरक्षक वन्यप्राणी श्री सुधीर अग्रवाल, वन विभाग के वरिष्ठ अधिकारीगण, वन्यप्राणी विशेषज्ञ, भारतीय वनस्पति सर्वेक्षण, भारतीय प्राणी सर्वेक्षण, कृषि, विद्युत एवं रेल्वे विभाग के अधिकारी उपस्थित थे। 

केन्द्रीय पर्यावरण, वन और जलवायु परिवर्तन मंत्री  भूपेन्द्र यादव ने कहा कि भारत में जंगली हाथियों की सबसे बड़ी और सुरक्षित संख्या है। हाथियों की पिछली गणना अखिल भारतीय समन्वित हाथी गणना अनुमान 2017 के अनुसार, भारत में 29 हजार 964 हाथी हैं। भारत में हाथी गलियारों से संबंधित 2023 की रिपोर्ट के अनुसार, भारत के 14 राज्यों में 33 हाथी रिजर्व (ईआर) और 150 हाथी गलियारे हैं। भारत में हाथियों को विभिन्न खतरों से कानूनी रूप से बचाने के लिए सर्वाेत्तम कानून बनाए गए हैं। हमारे देश में हाथियों के संरक्षण के लिए एक सुदृढ़ संस्थागत ढांचा भी मौजूद है।

देश में हाथियों के संरक्षण के प्रति अनुकूल जनमत है, जिसे मजबूत नेतृत्व का भी समर्थन प्राप्त है। इस प्रकार, यह विश्व हाथियों के दीर्घकालिक संरक्षण के लिए तथा मानव कल्याण और वन्यजीव संरक्षण के बीच सामंजस्य स्थापित करने की कला और विज्ञान सीखने के लिए भारत की ओर उन्मुख है।

 केन्द्रीय मंत्री  यादव ने कहा कि हर वर्ष 12 अगस्त विश्व हाथी दिवस के रूप में मनाया जाता है। इस उत्सव का उद्देश्य हाथियों के कल्याण के लिए विश्व को एक साथ लाना है, जो अपने पूरे क्षेत्र में लुप्तप्राय हैं। एक वैश्विक अग्रणी के रूप में भारत भी ‘विश्व हाथी दिवस‘ मनाता है। इस वर्ष पर्यावरण, वन और जलवायु परिवर्तन मंत्रालय और छत्तीसगढ़ सरकार, रायपुर में ‘विश्व हाथी दिवस‘ समारोह की संयुक्त मेजबानी कर रहे हैं। छत्तीसगढ़ जैविक और सांस्कृतिक रूप से समृद्ध है और यहां हाथियों की भी अच्छी खासी संख्या है। मानव और हाथियों के बीच के द्वंद को कम करने के नजरिए से छत्तीसगढ़ को उच्च प्राथमिकता दी गई है। 

छत्तीसगढ़ में हाथी-मानव द्वंद रोकने चलाया जा रहा है जनजागरूकता अभियान - मुख्यमंत्री  साय

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने इस अवसर पर कहा है कि छत्तीसगढ़ का हाथियों से बहुत पुराना नाता है। हमारे लिए सर्वाेच्च प्राथमिकता हाथी-मानव द्वंद को रोकना है। इसके लिए राज्य सरकार लगातार जागरूकता कार्यक्रम संचालित कर रही है। अनेक नवाचार किए जा रहे हैं। हाथियों के विचरण की जानकारी ग्रामीणों को देने के लिए सरगुजा से हमर हाथी हमर गोठ रेडियो कार्यक्रम का प्रसारण किया जाता है, ग्रामीणों को अपनी ओर हाथियों की सुरक्षा के प्रति संवेदनशील बनाने के लिए राज्य सरकार गज यात्रा अभियान चला रही है। ‘गज संकेत एवं सजग’ ऐप के माध्यम से हाथी के विचरण की जानकारी ग्रामीणों को मिल रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि हाथी-मानव द्वंद को रोकने के लिए पूरे पारिस्थितिकी तंत्र का प्रबंधन किया जा रहा है। हाथियों द्वारा फसल क्षति के लिए किसानों को दिया जा रहा मुआवजें की राशि कम है, इसे बढ़ाए जाने की आवश्यकता है। हाथी-मानव द्वंद को कम करने के लिए छत्तीसगढ़ को सफलता मिली है। 

 साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ के लिए यह गौरव का विषय है कि विश्व हाथी दिवस-2024 के राष्ट्रीय स्तर का कार्यक्रम छत्तीसगढ़ में हो रहा है। छत्तीसगढ़ की धरती जैव विविधता से समृद्ध है। जंगली भैंसे, पहाड़ी मैना तथा बाघ और हाथी जैसे वन्य जीव हमारे जंगलों की शान हैं। छत्तीसगढ़ के जंगल हमेशा से हाथियों के प्राकृतिक रहवास रहे हैं। हमारे प्रदेश में हाथियों के ऐतिहासिक साक्ष्य भी मिलते हैं। भागवत पुराण के गजेन्द्र मोक्ष की कथा छत्तीसगढ़ की है। यह सुंदर कथा राजीव लोचन मंदिर में भी अंकित है। यहां पर भगवान राजीव लोचन को कमल का पुष्प चढ़ाते हाथी को अंकित किया गया है। जांजगीर के राजा जाज्वल्य देव ने गज शार्दुंल की उपाधि धारण की थी। 

मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ में हाथियों की सुरक्षा को देखते हुए बादल खोल, तमोर पिंगला को एलीफेंट रिजर्व बनाया गया है। अभी हाल ही में हमारी सरकार ने गुरू घासीदास राष्ट्रीय उद्यान और तमोर पिंगला अभ्यारण्य के क्षेत्रों को मिलाकर टाइगर रिजर्व बनाने का बड़ा निर्णय लिया है। यह देश का तीसरा सबसे बड़ा तथा छत्तीसगढ़ का चौथा टाइगर रिजर्व होगा। इसके बनने से न केवल बाघों की संख्या बढे़गी अपितु हाथियों को भी सुरक्षित रहवास मिलेगा, इसके बनने से हाथी-मनुष्य द्वंद भी घटेगा। इसके साथ ही लेमरू हाथी रिजर्व क्षेत्र के माध्यम से सरगुजा, कोरबा, रायगढ़ जिलों में हाथियों के संरक्षण पर काम हो रहा है। हमारी छत्तीसगढ़ की संस्कृति में जनजातीय समुदाय हाथियों को बहुत शुभ मानते हैं।

‘विश्व हाथी दिवस‘ कार्यक्रम के माध्यम से वनवासियों, नीति निर्माताओं, नागरिक समाज और वन्यजीव विशेषज्ञों जैसे विविध हितधारकों को उनके विचारों को साझा करने के लिए एक साथ एक मंच पर लाया गया है, जिससे न केवल हाथियों के संरक्षण को बढ़ावा मिलेगा, बल्कि मानव-हाथी संघर्ष के ज्वलंत मुद्दे का भी समाधान होगा। इस दौरान देश भर में एक जन जागरूकता कार्यक्रम चलाया गया, जिसमें लगभग 5 हजार स्कूलों के लगभग 10 लाख स्कूली बच्चों ने भाग लिया। भारत में हाथियों को राष्ट्रीय धरोहर पशु माना जाता है। हाथी हमारी संस्कृति में गहराई से रचे-बसे हैं। ताजी हवा, ऊर्जा बचाव, अच्छी जीवन शैली के लिए आवश्यक है, जो हमें पर्यावरण के संरक्षण और संवर्धन से मिल सकती है। सूनी धरती में हाथी से लेकर छोटे-छोटे जानवर तक विचरण करते रहते हैं, जो पर्यावरण के संरक्षण के लिए जरूरी है। 

केन्द्रीय मंत्री  यादव ने कहा कि जंगली हाथियों और वन्यजीवों पर रेलवे परिचालन के कारण पड़ने वाले प्रभावों को ध्यान में रखते हुए, पर्यावरण, वन और जलवायु परिवर्तन मंत्रालय की हाथी परियोजना द्वारा हाथी-ट्रेन टकराव की आशंका वाले एवं हाथी बहुल क्षेत्र वाले 12 राज्यों में लगभग 2455 किलोमीटर के कुल 110 रेलवे खंडों की सूची तैयार की गई है, जिनमें तात्कालिक उपशमन उपायों की आवश्यकता पर जोर दिया गया है। 

केन्द्रीय मंत्री  यादव और मुख्यमंत्री  साय ने हाथी संरक्षण एवं प्रबंधन के क्षेत्र में अनुकरणीय योगदान के लिए विजेताओं को गज गौरव पुरस्कार प्रदान किये। इस कार्यक्रम के दौरान, प्रतिष्ठित गज गौरव पुरस्कार (1) स्वर्गीय श्री बुबुल गोगोई, (मरणोपरांत) महावत, असम (2) दीनबंधु बर्मन, प्रमुख महावत एवं टीम, पश्चिम बंगाल (3)अनय कुमार सामल, पैरा वन कार्यकर्ता, ओडिशा और (4)  संघमित्रा महंत, वन रक्षक, ओडिशा को उनकी अनुकरणीय सेवाओं के लिए प्रदान किए गए है।

प्रदेश के वन और जलवायु परिवर्तन मंत्री श्री केदार कश्यप ने कहा कि राज्य में हाथी के संवर्धन के लिए यहां के वन अनुकूल है। राज्य में 44 प्रतिशत क्षेत्र वनों से आच्छादित है, जिसमें हाथियों के संरक्षण और संवर्धन के लिए वातावरण उपयुक्त है। यहां के अनुकूल वातावरण के कारण हाथियों की संख्या में वृद्धि हो रही है। राज्य में वनों के संवर्धन के लिए एक पेड़ मां के नाम के लिए सक्रियता से जुटे हुए हैं और विभाग द्वारा 3 करोड़ 80 लाख पौधे लगाने का लक्ष्य रखा गया है। उन्होंने कहा कि महतारी वंदन योजना के तहत लाभान्वित महिलाओं को भी इस अभियान से जोड़ा गया है। प्रकृति के संरक्षण और संवर्धन के लिए राज्य के लोगों को वन विभाग के माध्यम से जोड़कर पौधरोपण का कार्य मुस्तैदी से किया जा रहा है।
और भी

कलेक्टर ने फ्लोरोसिस एवं नियंत्रण के लिए अधिकारियों की ली बैठक

 कलेक्टर दीपक कुमार अग्रवाल ने जिले में फ्लोरोसिस एवं नियंत्रण कार्यक्रम अंतर्गत लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी, शिक्षा, पंचायत, समाज कल्याण एवं स्वास्थ्य विभाग की संयुक्त बैठक ली। उन्होंने कहा कि फ्लोरोसिस एक सार्वजनिक लोक स्वास्थ्य समस्या है, जो लंबे समय तक पीने के पानी, खाद्य उत्पादों एवं औद्योगिक उत्सर्जन के माध्यम से फ्लोराइड के अत्यधिक सेवन के कारण होता है। जिसके कारण दंत फ्लोरोसिस, स्केलेटल फ्लोरोसिस एवं नान - स्केलेटल फ्लोरोसिस जैसी प्रमुख स्वास्थ्य संबंधी बीमारियाँ होती है। इसके लिए ग्रामीण क्षेत्र के पेयजल स्रोतों में फ्लोराइड की मात्रा 1.5 मिलीग्राम प्रति लीटर सीमा से अधिक मिलने पर, उस क्षेत्र के समस्त पेयजल स्रोतों का परीक्षण प्रयोगशाला से पेयजल स्रोत के फ्लोराइड से प्रभावित होने का जांच करे। इसके लिए संबंधित विभाग के समन्वय से फ्लोरोसिस से प्रभावित क्षेत्रों का सर्वेक्षण करे, चयनित क्षेत्र में फ्लोरोसिस नियंत्रण के व्यापक प्रबंधन, फ्लोरोसिस के रोकथाम, निदान और प्रबंधन के लिए स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारियों को प्रशिक्षण प्रदान करे। कलेक्टर ने कहा कि स्वास्थ्य विभाग द्वारा संबंधित क्षेत्रों के स्कूली बच्चों सहित समुदाय में फ्लोरोसिस की जांच करें। लोगों में फ्लोरोसिस की अधिकता से होने वाले रोगों एवं रोकथाम के लिए जागरूकता अभियान चलाए। जिससे की मरीजों का चिन्हांकन कर समय पर उनका ईलाज किया जा सके। फ्लोरोसिस नियंत्रण के लिए फ्लोराइड आधिक्यता से होने वाली बीमारियों की पहचान एवं जागरूकता लाने हेतु व्यापक प्रचार-प्रसार करने के निर्देश दिये। इस अवसर पर जिला शिक्षा अधिकारी श्री ए.के. सारस्वत, लोक स्वास्थ्य विभाग के कार्यपालन अभियंता पंकज जैन, डीएमसी के.एस नायक, एसडीओ पीएचई जागेश्वर मरकाम, सहित स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी उपस्थित थे।

 

 

और भी

हर घर तिरंगा“ व नशा मुक्त भारत अभियान के तहत निकाली गई जागरूकता रैली

 स्वतंत्रता सप्ताह आजादी के महोत्सव ( 9 अगस्त से 15 अगस्त 2024) तक के दौरान“ हर घर तिरंगा“ व नशा मुक्त भारत अभियान कार्यक्रम के तहत जनपद पंचायत पोड़ी उपरोड़ा में आज तिरंगा एवं नशामुक्ति जागरूकता रैली निकाली गई। कार्यक्रम में जनपद सीईओ पोड़ी-उपरोड़ा खगेश कुमार निर्मलकर सहित अन्य जनप्रतिनिधियों, खण्ड स्तरीय अधिकारी-कर्मचारियों, स्व-सहायता समूह की महिलाओं ने रैली में भाग लेकर देश प्रेम एवं वीर स्वतंत्रता सेनानियों के प्रति सम्मान प्रकट किया। साथ ही लोगां से हर घर तिरंगा फहराने की अपील की गई। रैली में नशा मुक्ति अभियान के तहत नशा से होने वाले हानिकारक दुष्प्रभाव की ग्रामीणों को जानकारी देकर नशामुक्ति की शपथ दिलाई।

 

 

और भी

नशामुक्त भारत अभियान के तहत ली गई शपथ

 जिला पंचायत कार्यालय में सोमवार को नशामुक्त भारत अभियान के तहत जिला पंचायत के अधिकारी कर्मचारियों ने विकसित भारत का मंत्र, भारत हो नशे से स्वतंत्र- नशा मुक्त भारत बनाने की शपथ ली। कर्मचारियों ने स्वयं नशामुक्त रहने एवं अपने परिवार, दोस्तों और समुदाय को भी नशामुक्ति हेतु प्रोत्साहित करने, नशे की दवाओं के हानिकारक प्रभावों और नशामुक्त जीवन के महत्व के बारे में जागरूकता बढ़ाने की प्रतिज्ञा लेकर एक स्वस्थ मजबूत और अधिक समृद्ध राष्ट्र को बढ़ावा देने वाले नशा मुक्त भारत के दृष्टिकोण में योगदान देने की शपथ ली।

और भी

नगर पंचायत दाढ़ी स्कूली बच्चों ने निकली तिरंगा यात्रा

  आजादी का अमृत महोत्सव के अंतर्गत 09 से 15 अगस्त, 2024 तक "हर घर तिरंगा" कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है।

इसके अंतर्गत ज़िले के सभी नागरिकों को राष्ट्रीय ध्वज अपने घर पर फहराने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। ताकि आमजन में देश भक्ति की भावना विकसित हो तथा राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान में भी वृद्धि हो।

हर घर तिरंगा यात्रा आज नगर पंचायत दाढ़ी के सरस्वती शिशु मंदिर के बच्चों की रैली निकालकर हर घर तिरंगा यात्रा निकाल कर लोगों से घर -घर पर पूरे सम्मान और नियम के साथ भारतीय झंडा फहराने की अपील की है | तिरंगा फहराने की प्रतिज्ञा ली।

 

 

और भी

कृमि से छुटकारा, सेहतमंद भविष्य हमारा

  जिला बेमेतरा में आगामी 29 अगस्त को आयोजित किये जाने वाले राष्ट्रीय कृमि मुक्ति कार्यक्रम के सफलतापूर्वक संचालन किये जाने हेतु जिला स्तरीय समन्वय समिति की बैठक सह जिला स्तरीय अधिकारियों का प्रशिक्षण का आयोजन दिनांक 12 अगस्त 2024 को कार्यालय मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी, बेमेतरा में किया गया, उक्त बैठक में मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत के प्रतिनिधि, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी, जिला स्वास्थ्य अधिकारी, सिविल सर्जन मुख्य अस्पताल अधीक्षक जिला चिकित्सालय, जिला नोडल अधिकारी, शिशु स्वास्थ्य, जिला कार्यक्रम अधिकारी, महिला एवं बाल विकास विभाग, जिला कार्यक्रम प्रबंधक, राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन, जिला समन्वयक स्वच्छ भारत मिशन, सिर्विलेंस मेडिकल ऑफिसर ड्ब्लु. एच.ओ., खण्ड चिकित्सा अधिकारी, जिला समन्वयक मितानिन कार्यक्रम, जिला समन्वयक एविडेन्स एक्शन एवं स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी कर्मचारीगण उपस्थित रहे।

सीएमएचओ डाॅ. वाई. के. ध्रुव, द्वारा जानकारी दी गई कि राष्ट्रीय कृमि मुक्ति कार्यक्रम का आयोजन दिनांक 29 अगस्त 2024 को किया जावेगा जो कि मितानिन एवं आंगनबाड़ी कार्यकर्ता के द्वारा 1 से 19 वर्ष तक के सभी बच्चों को एल्बेंडाजाॅल की दवा गृह भ्रमण कर खिलायी जायेगी।

जिसके लिए जिले के कुल 372823 (1-19 वर्ष) के बच्चों को शामिल किया जायेगा। कार्यक्रम के दौरान छुटे हुए बच्चों को माप-अप दिवस 04 सितम्बर 2024 को पुनः दवा सेवन कराया जावेगा। इसके लिए जिला स्तर पर प्रशिक्षण होने के पश्चात विकासखण्ड स्तर पर एवं मैदानी स्तर के कार्यकार्ताओं को प्रशिक्षण प्रदाय किया जावेगा। 

डाॅ. शरद कोहाडे, जिला नोडल अधिकारी शिशु स्वास्थ्य द्वारा कृमि से बचाव के तरीको के बारे में जानकारी दी गई, कृमि से बचाव हेतु आसपास साफ सफाई, नाखुन छोटे रखना, खुले भोजन नही करना, खुले में शौच न जाना, शौच के पश्चात हाथ धोना, साफ पानी से फल एवं सब्जियों को धोकर खाना आवश्यक है।

कृमि नाशक दवा के फायदे :-

1. स्वास्थ्य एवं पोषण में सुधार

2. रोगप्रतिरोधक शक्ति में वृद्धि

3. एनीमिया में नियंत्रण 

4. समुदाय में कृमि व्यापकता में कमी

5. सीखने की क्षमता और कक्षा की उपस्थिति में सुधार

6. वयस्क होने पर काम करने की क्षमता और आय में बढ़ोतरी

       प्रति वर्ष की भांति इस वर्ष भी राष्ट्रीय कृमि मुक्ति की दवा जिले के सभी स्कूलों एवं आंगनबाड़ी केन्द्रों में 1 से 2 वर्ष के बच्चों को आधी गोली चूरा करके पानी के साथ सेवन कराया जायेगा। 2 से 3 वर्ष के बालक/बालिकाओं को एक गोली पुरी तरह से चुरा करके पानी के साथ सेवन कराया जायेगा एवं 4 से 19 वर्ष के बालक/बालिकाओं को एक गोली चबा करके पानी के साथ सेवन कराया जायेगा। डाॅ. कोहाडे़ द्वारा उपस्थित सभी जिला अधिकारीयों एवं विकासखण्ड स्तर के अधिकारियों को कार्यक्रम के सफल संचालन हेतु आवश्यक प्रशिक्षण प्रदाय किया गया।

       कलेक्टर  रणबीर शर्मा ने जनसामान्य से अपील करते हुए कहा की 1 से 19 वर्ष के समस्त बच्चों को दिनांक 29 अगस्त से 4 सितंबर 2024 तक आयोजित दवा सेवन की गतिविधियों के दौरान अपने बच्चों की स्वास्थ्य की जानकारी मितानिन एवं आंगबाड़ी कार्यकर्ताओं को दें एवं कृमि नाशक दवा (एल्बेन्डाजाॅल की गोली) का उम्र अनुसार डोज प्राप्त करके गोली का सेवन अवश्य करायें। 

और भी

कलेक्टर के निर्देश में सड़क सुधार निर्माण कार्य में आई तेजी

 कलेक्टर दीपक सोनी ने विगत दिनों सड़क निर्माण कार्य में तेजी लाने के निर्देश संबधित अधिकारियों को दिए थे। उनके निर्देशों के अनुरूप बरसात से प्रभावित सड़क सुधार निर्माण कार्य में तेजी लाई गई है। जिसके तहत प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत बलौदाबाज़ार विकासखंड अंतर्गत ग्राम चिचिरदा चौक से गांव तक पहुंच मार्ग में सुधार कार्य किया गया। 

इसी तरह भाटापारा विकासखंड के अंतर्गत लोक निर्माण विभाग की सड़क सुरकी मोपका मार्ग धुर्राबांधा प्रवेश एवं बहिर्गमन मार्ग को सुधार किया गया है। इस सड़क की लगातार असमतल होने की शिकायत प्राप्त हुई थी। इसी तरह मुख्यमंत्री ग्राम ग्राम सड़क योजना के तहत  सेमरिया ब से मटिया मार्ग में सुधार कार्य पूर्ण कर लिया गया है. सुधार कार्य पूर्ण होने से आमजनों को अब आने जाने में तकलीफों का सामना नही करना पड़ रहा हैं।

और भी

डायरिया प्रभावित करमदा में नियंत्रण के लिए विशेष अभियान जारी

 विगत दिनों विकासखंड बलौदाबाजार के ग्राम करमदा में मौसमी बीमारी डायरिया का प्रकोप दिखाई पड़ा था। कलेक्टर दीपक सोनी ने भी ग्राम का भ्रमण किया कर ग्राम में डायरिया नियंत्रण हेतु जल स्रोतों की सफाई तथा शुद्धिकरण के सहित आवश्यक मेडिकल सुविधा के निर्देश दिये थे। 

मुख्य चिकित्सा व स्वास्थ्य अधिकारी डॉ राजेश कुमार अवस्थी ने बताया कि,जिला कलेक्टर के निर्देश पर ग्राम में मितानिन तथा स्वास्थ्य कार्यकर्ता घर-घर जा के सर्वे कर रहे हैं। उनके द्वारा ओ आर एस के पैकेट ,जिंक और क्लोरीन टेबलेट का वितरण किया जा रहा है। घर मे ओ आर एस बनाने की विधि भी बताई जा रही है. प्रकरण की स्थिति पाए जाने पर उपचार तुरंत ही शुरू किया जाता है. इसमें कैम्प लगा कर भी उपचार हो रहा है जिनका उपचार कैम्प में नहीं हो पाया उन्हें जिला अस्पताल में भर्ती किया गया। अब तक जिला अस्पताल और कैम्प में मिलाकर 50 मरीजों का उपचार हुआ है। इसमें से 12 अभी भी भर्ती हैं बाकी सभी ठीक हो चुके हैं। मुनादी के माध्यम से गाँव के लोगों को डायरिया के किसी लक्षण होने पर तुरंत स्वास्थ्य कार्यकर्ता से संपर्क करने को कहा जा रहा है. इसमे आर एच ओ,सी एच ओ,आर एम ए, चिकित्सा अधिकारी की ड्यूटी भी लगाई गई है। 

जिला नोडल अधिकारी डॉ अभिजीत बैनर्जी के अनुसार करमदा में जांच के लिए भेजे गए पेयजल स्रोतों में से 4 की माइक्रो बॉयोलोजिकल रिपोर्ट पॉजिटिव रही जिसमें ई कोलाई बैक्टेरिया पाया गया. सभी जल स्रोतों का क्लोरीनेशन पीएचई विभाग के द्वारा किया गया है। स्वास्थ्य विभाग ने लोगों को जल स्रोतों की सफाई, पानी उबाल कर पीने तथा ताज़ा गर्म भोजन करने की सलाह दी है एवं समस्या होने पर मितानिन और स्वास्थ्य कार्यकर्ता से संर्पक करने को कहा है।

 
और भी

सकरी में किया गया नशामुक्त भारत अभियान

 कलेक्टर दीपक सोनी के निर्देश पर सोमवार को समाज कल्याण विभाग की ओर से नशामुक्त भारत अभियान की चौथी वर्षगाँठ पर विकासखंड बलौदाबाजार के ग्राम पंचायत सकरी में "विकसित भारत का मन्त्र, भारत हो नशे से स्वतंत्र"की थीम पर नशामुक्त भारत अभियान का आयोजन किया गया। इस अवसर पर नशामुक्त भारत का संकल्प लिया गया।

कार्यक्रम के दौरान स्कूली विद्यार्थियों, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं एवं मितानिनो ने जागरूकता रैली निकाल कर नशामुक्त भारत का सन्देश दिया। नशामुक्त जागरूकता रैली में बैनर,पम्पलेट के माध्यम से नशा न करें और न ही करने दें का सामूहिक सन्देश पहुँचाया गया। इस अवसर पर उप संचालक समाज कल्याण अरविन्द गेड़ाम,ग्राम पंचायत सकरी के, सरपंच, सचिव, पंच एवं अन्य कर्मचारी उपस्थित थे।

 
और भी

राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा ने दस्तक अभियान मोबाईल एप्लीकेशन का किया शुभारंभ

  योजनाओं का जमीनी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के लिए जिले में नवाचार के रूप में दस्तक अभियान शुरू किया गया है.जिसके लिए जिला प्रशासन की ओर से तैयार किए गए मोबाइल एप्लीकेशन का शुभारंभ आज राजस्व मंत्री टंक राम वर्मा ने बटन दबाकर किया गया।  

इस दौरान नगर पालिका परिषद् अध्यक्ष चित्तावर जायसवाल, पूर्व अध्यक्ष अशोक जैन, पार्षद संकेत शुक्ला सहित अन्य जनप्रतिनिधि गण उपस्थित.अभियान के तहत प्रत्येक गांव के लिए नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है, जो माह के प्रथम सप्ताह गांव का निरीक्षण एवं लोगों से चर्चा कर योजनाओं व समस्याओं की जानकारी लेंगे। निरीक्षण की जानकारी को दस्तक एप्प में अपलोड करना होगा। निरीक्षण प्रतिवेदन का समय- सीमा में समीक्षा की जाएगी। 

राजस्व मंत्री वर्मा ने दस्तक अभियान के लिए जिला प्रशासन को शुभकामनाएं दी है। उन्होंने कहा की इस तरह जिला प्रशासन द्वारा नवाचारी अभियान करनी चाहिए जिससे जनता को वास्तविक समस्याओं के बारे में जानकारी मिल सके. साथ ही शासन की योजनाओं का लाभ मिल सके.

कलेक्टर दीपक सोनी ने ने दस्तक अभियान की जानकारी देते हुए कहा की अभियान का उद्देश्य सभी पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ सुनिश्चित करना तथा गांव क़े विकास कार्य को गति देना है। जिले क़े करीब 520 गांव के लिए एक-एक नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है। उन्होने कहा कि नोडल अधिकारी आवंटित गांव को गोद लिए हुए गांव की तरह उसके विकास क़े लिए कार्य करें। उन्होंने कहा कि सभी गांव में स्वास्थ्य,शिक्षा,पेयजल,बिजली, सडक, पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग, महिला एवं बाल विकास, आदिवासी विकास, खाद्य विभाग, क़ृषि विभाग एवं राजस्व विभाग से संबंधित कार्यों एवं योजनाओं का प्राथमिकता से क्रियान्वयन सुनिश्चित करेंगे. उन्होंने कहा कि नोडल अधिकारी आवंटित गांव का औचक निरीक्षण करें और योजनाओं क़े क्रियान्वयन की जानकारी लेकर सरपंच सचिव से ग्राम विकास या किसी प्रकार की समस्या हो तो उस पर चर्चा भी करेगें. कार्यक्रम के दाैरान अपर कलेक्टर दिप्ती गौते एसडीएम अमित गुप्ता,जिला सूचना अधिकारी सत्यनारायण प्रधान, जिला शिक्षा अधिकारी हिमांशु भारती उपस्थित रहे। 

 
और भी