छत्तीसगढ़ - Newsportal | Chhattisgarh Darpan Media Group

छत्तीसगढ़

सांसद बघेल से मिला एचएमएस यूनियन का प्रतिनिधिमंडल

 एचएमएस यूनियन से संबद्ध भिलाई श्रमिक सभा के अध्यक्ष एच एस मिश्रा व महासचिव देवेन्द्र कुमार सिंह के नेतृत्व में एक प्रतिनिधि मंडल ने सांसद दुर्ग विजय बघेल से उनके सेक्टर 5 निवास कार्यालय में मुलाकात की। इस अवसर पर बघेल को सेल कर्मचारियों के लंबित मांगों का एक ज्ञापन सौंपकर उनसे दिल्ली में इस्पात मंत्री से पहल करते हुए निराकरण कराने का आग्रह किया गया।

भिलाई श्रमिक सभा के अध्यक्ष एच एस मिश्रा एवं महासचिव देवेन्द्र कुमार सिंह ने सांसद विजय बघेल को सौंपे गए ज्ञापन में बताया है कि दिनांक 1 जनवरी 2017 से लंबित सेल के आधे अधूरे वेतन समझौते को अंतिम रूप दिया जाना जरूरी है। वहीं नाइट शिफ्ट अलाउंस में अधिकारी और कर्मचारियों में हुए भेद भाव को दुर करते हुए दोनों के लिए 200 रुपए होनी चाहिए। 

जनवरी 2017 से अब तक एचआरए में कोई बढ़ोत्तरी नहीं हुई है। प्रतिनिधिमंडल द्वारा 39 माह के बकाया एरियर्स पर सेल प्रबंधन के मजदूर विरोधी रुख से अवगत कराते हुए सांसद बघेल को बताया गया कि इस वेतन समझौते को जिसमें ऐतिहासिक विलंब हो चुका है जिससे कर्मचारियों के सब्र की पराकाष्ठा पार हो चुकी है, कर्मचारियों के मनोभाव को समझते हुए आप इस्पात मंत्री से आग्रह कर इस वेतन समझौते को पूर्णता प्रदान करवाने का प्रयास करें। इस प्रतिनिधि मंडल में एच एस मिश्रा, प्रेम सिंह चन्देल, जी जोगेंद्र राव, देवेन्द्र कुमार सिंह, एच एन भारती, वी के पाण्डेय, वी के पटेल, एन के सिंह, टीका राम साहू, धनीराम सोनवानी, अशोक पंडा एवं विशाल कुमार उपस्थित थे।

 

 

और भी

बीएससी नर्सिंग प्रवेश परीक्षा आयोजित

  मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी जिले में 14 जुलाई 2024 को बीएससी नर्सिंग 2024 प्रवेश परीक्षा, छत्तीसगढ़ व्यापम के निर्देशानुसार आयोजित हुई। जिला कलेक्टर  एस जयवर्धन के दिशा निर्देशन में जिला नोडल अधिकारी अविनाश ठाकुर एवं जिला समन्वयक पुरुषोत्तम लाल साहू के नेतृत्व में जिले के दो परीक्षा केंन्द्रों सेजेस मोहला एवं शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय रेंगाकठेरा में बीएससी नर्सिंग प्रवेश परीक्षा 2024 संपन्न हुई। इस प्रवेश परीक्षा के लिए 619 परीक्षार्थियों ने ऑनलाइन आवेदन किया था। जिसमें से 337 परीक्षार्थी परीक्षा में उपस्थित हुए एवं 282 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे।

 


और भी

स्वास्थ्य मंत्री आज बीजापुर प्रवास पर

  छत्तीसगढ़ के स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल सोमवार 15 जुलाई को बीजापुर जिले के एक दिवसीय प्रवास पर रहेंगे। इस दौरान जिले के स्वास्थ्य सुविधाओं, मौसमी एवं जलजन्य बीमारियों से निपटने के लिए व्यापक तैयारियों का जायज़ा लेंगे। स्वास्थ्य मंत्री श्री जायसवाल ज़िला चिकित्सालय का दौरा भी करेंगे और समीपवर्ती पोटाकेबिन छात्रावास का भी निरीक्षण करेंगे तथा जिला पंचायत सभागार बीजापुर में बस्तर संभाग के सभी जिलों के स्वास्थ्य प्रमुखों सीएमएचओ सिविल सर्जन एवं डीपीएम की समीक्षा बैठक भी  लेंगे जिला प्रमुखों द्वारा मंत्री  को जिले में वर्षा ऋतु की बीमारियों की रोकथाम के संबंध में विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत की जायेगी। श्री जायसवाल के साथ अतिरिक्त मुख्य सचिव स्वास्थ्य मनोज पिंगुआ एवं स्वास्थ्य संचालक ऋतुराज रघुवंशी भी रहेंगे।

और भी

सीईओ व डिप्टी कलेक्टर ने ली बीजादूतीर स्वयंसेवकों की बैठक

 कलेक्टर अनुराग पांडेय के मार्गदर्शन में संचालित बीजादूतीर कार्यक्रम अंतर्गत भोपालपटनम जनपद सीईओ व डिप्टी कलेक्टर दिलीप उइके ने ब्लॉक स्तरीय बीजादूतीर स्वयंसेवकों का मासिक बैठक लिया। बैठक में दिलीप उईके द्वारा बीजादूतीर में जुड़े नए स्वयंसेवकों का स्वागत किया गया । जिला समन्वयक अशोक पाण्डेय द्वारा बीजादूतीर के कार्यक्षेत्र स्वास्थ्य, पोषण, सुरक्षित मातृत्व, बाल विकास, बाल श्रम, बाल सुरक्षा 1098 सहायता नंबर की जानकारी, मानसिक स्वास्थ्य पर जानकारी देते हुए लोगों को सहायता दिलाने हेतु आईवीआर नंबर की जानकारी  दी गई एवं कुपोषित बच्चों को एनआरसी भेजने, आंगनबाड़ी व स्कूल में पोषण वाटिका बनाने आदि कार्य की जानकारी दिया गया। इस दौरान दिलीप उईके के द्वारा शासकीय योजनाओं जैसे आधार कार्ड, आयुष्मान कार्ड, पेंशन योजना, महतारी वंदन योजना, राशन कार्ड, शाला त्यागी बच्चों को प्रवेश दिलाने में सहयोग करने व गांव के अंतिम व्यक्ति तक लाभ पहुंचाने को कहा। उन्होंने कहा की गाँव के व्यक्ति सीधे प्रशासन से नही मिल पाते लोगों में जागरुकता और सही जानकारी का अभाव रहता है। गांव का युवा अपनी गांव की समस्या को खुद पहचान कर समाधान कर सकता है जिला प्रशासन और लोगों के बीच का अंतर को समन्वय करने का कार्य करता है। बीजादूतीर एक कड़ी के रूप में कार्य कर रहा है। किसी भी युवा को गाँव मे कोई भी समस्या होने पर त्वरित निराकरण हेतु सीधे संपर्क करने को कहा। बैठक में 30 से अधिक बीजादूतीर स्वयंसेवक शामिल हुए।

 

 

और भी

बेमेतरा जिले में अब तक 147.1 मिमी औसत वर्षा दर्ज

 चालू बारिश सीजन के दौरान बेमेतरा जिले में 01 जून से 14 जुलाई 2024 प्रतिवेदित दिनांक तक की स्थिति में सवेरे 8.00 बजे तक जिले में 147.1 मि.मी. औसत वर्षा दर्ज की गई है। जिले में अब तक सर्वाधिक वर्षा तहसील दाढ़ी में 220.7 मि.मी. तथा न्यूनतम 103.3 मि.मी. वर्षा बेमेतरा तहसील में दर्ज की गई है। संयुक्त जिला कार्यालय के भू-अभिलेख शाखा से प्राप्त जानकारी के अनुसार बेमेतरा तहसील मे 103.3 मि.मी. वर्षा, नांदघाट तहसील में 142.9 मि.मी. वर्षा, बेरला तहसील में 105.2 मि.मी., भिंभौरी तहसील में 132.8 मि.मी, साजा तहसील मे 182 मि.मी., थानखम्हरिया तहसील में 108 मि.मी. वर्षा एवं देवकर तहसील में 179 मि.मी. औसत वर्षा दर्ज की गई है।

 

 

और भी

मलेरिया, डायरिया, जनजनित बीमारियों की रोकथाम के लिए स्वास्थ्य शिविर लगाएं : मुख्यमंत्री साय

संवेदनशील मुख्यमंत्री  विष्णु देव साय ने मौसमी बीमारियों की रोेकथाम और बचाव के लिए जागरूकता अभियान चलाने के निर्देश स्वास्थ्य महकमा और संबंधित विभागीय अधिकारियों को दिए। उन्होंने कहा है कि प्रदेश के किसी भी क्षेत्र में मलेरिया, डायरिया, जनजनित बीमारी सहित मौसमी बीमारियों की जानकारी मिलने पर त्वरित रूप से स्वास्थ्य अमला स्वास्थ्य शिविर लगाकर प्रभावितों का उपचार करना सुनिश्चित करें। साय ने निर्देश दिए है कि स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए है कि मलेरिया, डायरिया सहित मौसमी बीमारियों की रोकथाम के लिए सभी आवश्यक जीवन रक्षक दवाओं का पर्याप्त भण्डारण सुनिश्चित कर सूचना मिलने पर प्रभावित क्षेत्रों को आवश्यक दवाओं के साथ त्वरित रूप से रवाना कर उपचार सुनिश्चित करे, जिससे संभावित जनहानि को बचाया जा सके।

मुख्यमंत्री  साय के निर्देशानुसार उपमुख्यमंत्री एवं गृह मंत्री  विजय शर्मा गत दिवस कबीरधाम जिले के बोड़ला विकासखण्ड के सुदूर वनांचल ग्राम चिल्फी, झलमला और तरेगांव जंगल, सोनवाही का भ्रमण कर स्वास्थ्य संबंधी जानकारी ली। उन्होंने ग्राम सोनवाही पहुंचकर ग्रामीणों सहित डायरिया पीड़ित परिवार के परिजनों से मुलाकात की और राज्य शासन से हर संभव दिलाने के लिए भरोसा दिलाया। उपमुख्यमंत्री  शर्मा ने ग्राम सोनवाही में गत दिवस हुई दो ग्रामीणों की आकस्मिक मृत्यु पर अपनी गहरी संवेदना प्रकट की। उन्होंने ग्राम सोनवाही के आदिवासी बालक छात्रावास में बनाएं गए अस्थाई स्वास्थ्य शिविर का निरीक्षण किया और मरीजों से चर्चा की। उन्होंने चिकित्सकों को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने निर्देश दिए। उपमुख्यमंत्री ने जिला प्रशासन को निर्देशित किया कि वनांचल सहित मैदानी क्षेत्रों में मौसमी बीमारी, डायरिया, उल्टी दस्त और जलजनित बीमारियों का संक्रमण ना हो इसके लिए प्रभावी कार्य योजना बनाने की जरूरत है। उन्होंने कलेक्टर को वनांचल क्षेत्रों में स्वास्थ्य शिविर लगाने और और मलेरिया, डायरिया सहित मौसमी बीमारियों के बचाव के लिए जागरूकता अभियान चलाने के निर्देश दिए। 

उपमुख्यमंत्री  शर्मा ने सुदूर वनांचल क्षेत्र चिल्फी, झलमला और तरेगांव जंगल के शासकीय अस्पताल में सोनोग्राफी मशीन डीएमफ़ से शीघ्र क्रय करने के निर्देश दिए। उन्होंने वनांचल के सभी गांवो में स्वास्थ्य शिविर, जल स्त्रोतो का क्लोनिएशन कराने के निर्देश दिए।

कलेक्टर  जनमेजय महोबे ने बताया कि बोड़ला एसडीएम और सीएमएचओ को घर-घर पहुंच कर सर्वें करने के निर्देश दिए गए थे। सोनवाही में पांच ग्रामीणों की मौत अलग-अलग कारणों से और अलग-अलग जगह में हुई है। 

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ बीएल राज ने बताया कि सोनवाही में डायरिया की सूचना मिली। सूचना मिलते ही पास के ही सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र झलमला के चिकित्सक और स्वास्थ्य अमला 10 जुलाई को पहुंचकर गांव के आदिवासी बालक आश्रम छात्रावास में अस्थायी रूप से स्वास्थ्य शिविर लगाकर ग्रामीणों का स्वास्थ्य परीक्षण का काम शुरू किया गया। दूसरे दिन 11 जुलाई को कलेक्टर के निर्देश पर जिला स्तर और चिल्फी के और अतिरिक्त स्वास्थ्य टीम को भेजकर ग्राम सोनवाही में तैनात किया गया।

सीएमएचओ डॉ राज ने बताया कि सोनसिंह अपने खेत से काम कर घर लौटा था, उन्होने अपने तबियत खराब होने की जानकारी अपने घर वालो को दी। इसके बाद उन्होने उल्टियां शुरू हुई और तीन से चार घंटे के दौरान उनकी घर पर ही मृत्यु हो गई। ग्रामीणों के मुताबिक इसी प्रकार महिला फूलबाई की मृत्यु भी उल्टी से हुई। दो ग्रामीणों की अकास्मिक मृत्यु के बारे में ग्रामीणों से चर्चा की गई। जांच और पूछताछ के प्रथम दृष्टयता  जहरीले मशरूम से फूटपायजिनिंग की बात सामने आई है। पोस्टमार्टम की रिपोर्ट अभी नहीं आई है, रिपोर्ट आने के बाद कारण स्पष्ट हो जाएगी। 

उपमुख्यमंत्री  विजय शर्मा ने अस्थाई स्वास्थ्य शिविर का निरीक्षण किया और उपचार कराने आए मरीजों से चर्चा की। कलेक्टर श्री जनमेजय महोबे ने बताया कि ग्राम सोनवाही में 194 घर है, जिसकी कुल आबादी 580 है। इस गांव में 12 कुंआ और 02 हैंडपंप है। एक मितानिन भी कार्यरत है। उन्होंने बताया कि बीमारी के लक्षण मिलने पर गांव में लोगों का लगातार स्वास्थ्य परीक्षण किया जा रहा है। 11 जुलाई को 194 लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया था, जिसमें 08 लोगों का स्वास्थ्य खराब होने के कारण उप स्वास्थ्य केन्द्र में भर्ती किया गया, इनमें 07 लोगों को मौसमी बुखार के लक्षण और 01 को उल्टी हो रही थी। इसी प्रकार 12 जुलाई को 144 लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया, जिसमें 12 को मौसमी, सर्दी बुखार के लक्षण पाएं गए है, जिनकों सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र झलमला में भर्ती कराया गया है। उपमुख्यमंत्री श्री शर्मा ने सभी मरीजों का बेहतर स्वास्थ्य उपचार करने के निर्देश दिए।
और भी

मरीजों की सेवा कर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मनाया दीपक बैज का जन्मदिन

 कांग्रेस असंगठित मजदूर एवं समस्या निवारण प्रकोष्ठ के अध्यक्ष मोहम्मद सिद्दीक के साथ कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज का जन्मदिन मनाया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने डीकेएस अस्पताल में मरीजों को भोजन एवं फल वितरण किया। इस कार्यक्रम में मनोज यादव, आरती माहुरी, सचिन तिवारी, अशफाक, मोहम्मद वसीम, विजय बघेल, गुलाम अमीर खुसरो, मुनेश गौतम, श्रेयांस शुक्ला, बाबा सहित अन्य कांग्रेस जन मौजूद थे।


मोहम्मद सिद्दीक ने बताया सेवा कांग्रेस पार्टी की पहचान है, इसी भावना के अनुरूप प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज का जन्मदिन को सेवा कर मनाया गया है। सभी कांग्रेस कार्यकर्ता उनके स्वस्थ जीवन व दीर्घायु की कामना करते हैं।

 

 

और भी

सेजेस सारंगढ़ में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया वन महोत्सव

 स्वामी आत्मानंद शासकीय हिंदी माध्यम विद्यालय(सेजेस) सारंगढ़ में शनिवार को बैग-लेश डे के अंतर्गत राज्य शैक्षिक अनुसंधान एवं प्रशिक्षण परिषद छत्तीसगढ़ द्वारा निर्धारित वन महोत्सव कार्यक्रम मनाया गया। कार्यक्रम की शुरुआत विद्यालय परिसर में स्थित माँ सरस्वती की मंदिर वाले बगीचे में पौधारोपण करके की गई। पौधारोपण में विद्यालय के शिक्षक व विद्यार्थियों द्वारा " एक पेड़ माँ के नाम " की कड़ी को आगे बढ़ाते हुए पौधारोपण किया गया। 

तत्पश्चात मिडिल स्कूल के प्रधानपाठक राजेश देवांगन द्वारा सालूमरदा थिमक्का जिन्हें वृक्ष माता के नाम से जाना जाता है जिनकी उम्र 112 वर्ष है और वह 8000 से भी अधिक पेड़ लगा चुकी हैं जिसके कारण उन्हें 2019 में पद्मश्री पुरस्कार से सम्मानित किया गया है, के बारे में विद्यार्थियों को जानकारी दी गई। कार्यक्रम में विद्यार्थियों के द्वारा भी विभिन्न पेड़-पौधे के बारे में भाषण दिया गया। इस कार्यक्रम में मिडिल स्कूल के समस्त शिक्षक शामिल हुए।

 
और भी

अवैध तस्करी करते 8.040 किलोग्राम गांजा पकड़ा, बाइक जप्त

 आबकारी आयुक्त सह सचिव आर संगीता और कलेक्टर धर्मेश साहू के निर्देश व जिला आबकारी अधिकारी सोनल नेताम के मार्गदर्शन में गत दिवस हरिशंकर साहू पिता रामकृपाल और वाकेश्वर वर्मा पिता शोभित, दोनो निवासी ग्राम मल्दी थाना बिलाईगढ़ को मादक पदार्थ गांजा के अवैध तस्करी करते पकड़ा गया। गांजा के तस्करी के दौरान उपयोग में लाए बाइक को जप्त किया गया।

मुखबिर से मिली सूचना की आबकारी विभाग वृत्त बिलाईगढ़ को सूचना जांच में पुष्टि होने के पश्चात मुखबिर सूचना पंचनामा तैयार किया गया तथा जिला आबकारी अधिकारी को फोन पर इस संबंध में सूचित करते हुए गवाहों को नोटिस देकर आबकारी टीम के साथ बताए गए स्थान पर तत्काल उपस्थित हुए। मल्दी रामपुर मार्ग में एक संदिग्ध दो पहिया वाहन आता दिखा हमारे वाहन को आता देख वाहन चालक द्वारा वाहन को मोड़कर वापस भागने का प्रयास किया, जिसे दौड़ा कर रुकवाया गया एवं गवाहों के समक्ष दोनों संदेहियों से पूछताछ की गई तथा इनके पास में काले रंग के बैग की विधिवत रूप से तलाशी ली गई तलाशी में बैग से कुल 08 नग झिल्ली में अच्छी तरह से भरा पत्ती नुमा बीज युक्त पदार्थ को बरामद किया गया बरामद मादक पदार्थ का मौके पर ही प्राथमिक रूप से जांच करने पर गांजा होना पाया गया l 

स्थानीय तौलक के माध्यम से गांजे का तौल करवाया गया जिसका कुल वजन 8.040 किलोग्राम का होना पाया गया है l बरामद गांजा को समरस किया गया एवं समस्त मात्रा को 02 नग  कपड़े के थैले में भागकर उसे सीलबंद कर विधिवत कब्जा आबकारी लिया गया है l आरोपियों को एनडीपीएस अधिनियम 1985 की धारा 20(B) के उल्लंघल करने के आरोप में  मौके से गिरफ्तार कर उन्हें विशेष न्यायाधीश एन डी पी एस अधिनियम रायगढ़ के समक्ष पेश किया गया l  

इस कार्यवाही में आबकारी उपनिरीक्षक  विपिन कुमार पाठक, आबकारी आरक्षक धनेश्वर राव मगर एवम वाहन चालक रामदुलार पटेल का उल्लेखनीय योगदान रहा। 

 

 

और भी

कानून व्यवस्था को लेकर सजग है सरकार, जल्द पकड़े जाएंगे आरोपी : मुख्यमंत्री साय

  मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने राजधानी में कोयला कारोबारी के कार्यालय पर हुई फायरिंग की घटना पर चिंता जताते हुए कहा कि इस मामले में संलिप्त आरोपियों को जल्द ही पकड़ लिया जाएगा। उन्होंने इस घटना को गंभीरता से लेते हुए कहा कि जिस मुस्तैदी के साथ पिछली बार अमन साहू गैंग के लोगों को पकड़ा गया था, उसी तरह इस बार भी पुलिस आरोपियों को शीघ्र ही गिरफ्तार करेगी।

मुख्यमंत्री साय जशपुर में आयोजित मतदाता अभिनंदन कार्यक्रम के लिए रवाना होने से पहले मीडिया से बात कर रहे थे। उन्होंने कहा, "आज हमारे विधानसभा क्षेत्र कुनकुरी में मतदाता अभिनंदन कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे हैं।"

अयोध्या यात्रा
मुख्यमंत्री ने अपनी अयोध्या यात्रा के बारे में भी जानकारी दी। शनिवार को मंत्रिमंडल के साथ अयोध्या में रामलला के दर्शन करने गए मुख्यमंत्री ने बताया कि उन्होंने पूरे मंत्रिमंडल के साथ भगवान राम के दर्शन किए और पूजा-अर्चना की। मुख्यमंत्री साय ने कहा, "हमने छत्तीसगढ़ की खुशहाली के लिए प्रार्थना की और हनुमानगढ़ी में भी दर्शन कर पूजा-अर्चना की। इसके अलावा, हमने सरयू नदी में भी पूजा पाठ किया।"

विधानसभा उपचुनाव परिणाम
7 राज्यों में हुए विधानसभा उपचुनाव के परिणामों पर प्रतिक्रिया देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि इंडिया ब्लॉक ने 13 में से 10 सीटें जीती हैं, जबकि भाजपा को दो सीटों पर सफलता मिली है। मुख्यमंत्री साय ने कहा, "चुनाव में जनता का निर्णय होता है और भाजपा का प्रदर्शन समीक्षा का विषय है।"

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने अपने वक्तव्य में स्पष्ट किया कि सरकार कानून व्यवस्था को लेकर सजग है और किसी भी अप्रिय घटना को बर्दाश्त नहीं करेगी। पुलिस प्रशासन पूरी मुस्तैदी के साथ कार्य कर रहा है और दोषियों को शीघ्र न्याय के कटघरे में खड़ा किया जाएगा।

और भी

स्वास्थ्य मंत्री जायसवाल का बीजापुर दौरा सोमवार को

 स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल सोमवार  को बीजापुर जिले के दौरे पर रहेंगे। स्वास्थ्य मंत्री प्रदेश के सुदूर  और संवेदनशील जिले में पूरा दिन व्यतीत करेंगे जिसके अन्तर्गत जिले के स्वास्थ्य सुविधाओं की स्थिति तथा मौसमी एवं जलजनित बीमारियों से निपटने के लिए व्यापक तैयारियों का जायज़ा लेंगे।

मंत्री जायसवाल इस दौरान  जिला अस्पताल का दौरा भी करेंगे और समीपवर्ती पोटा केबिन छात्रावास का भी निरीक्षण करेंगे। गौरतलब है कि पोटा केबिन में कुछ छात्र मलेरिया से पीड़ित हैं। इसके बाद स्वास्थ्य मंत्री ज़िला पंचायत सभागार बीजापुर में बस्तर संभाग के सभी ज़िलों के स्वास्थ्य प्रमुखों (सीएमएचओ, सीएस, डीपीएम) की बैठक भी लेंगे। ज़िला प्रमुखों द्वारा वर्षाऋतु की बीमारियों की रोकथाम के संबंध में विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत की जायेगी। मंत्री जायसवाल के साथ पूर्व मंत्री महेश गागडा,अतिरिक्त मुख्य सचिव स्वास्थ्य मनोज पिंगुआ एवं स्वास्थ्य संचालक ऋतुराज रघुवंशी भी रहेंगे।

और भी

बृजमोहन ने मतदाता अभिनंदन व आभार सम्मेलन के जरिये जताया आभार

  रायपुर के नवनिर्वाचित सांसद बृजमोहन अग्रवाल रविवार को भाटापारा और बलौदा बाजार में मतदाता अभिनंदन एवं आभार सम्मेलन के जरिए क्षेत्र वासियों और पार्टी कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त किया।


अपने संबोधन में बृजमोहन अग्रवाल ने कहा कि, पार्टी के समर्पित कार्यकर्ताओं और क्षेत्र की जनता के प्यार और स्नेह का ही परिणाम है कि, लोकसभा चुनाव में रायपुर में भारतीय जनता पार्टी ने एक बार फिर से प्रचंड जीत हासिल की है और देश में राजधानी का नाम रौशन किया है। जिसके लिए मैं क्षेत्रवासियों, पार्टी कार्यकर्ताओं, पदाधिकारियों और शुभ चिंतकों के अथक प्रयासों को नमन करते हुए हृदय से आभार व्यक्त करता हूं।



उन्होंने यह भी कहा कि, क्षेत्र की जनता ने मुझ पर भरोसा जताया है और मैं इस भरोसे को टूटने नहीं दूंगा, भाटापारा और बलौदा बाजार के विकास के लिए हर संभव प्रयास करूंगा।



सांसद अग्रवाल ने पार्टी कार्यकर्ताओं को आगामी नगरीय निकाय और पंचायत चुनाव के लिए अभी से तैयारी शुरू करने के निर्देश दिए। जिससे जीत का सिलसिला लगातार चलता रहे। जिसके लिए कार्यकर्ताओं को जनता के बीच में जाकर उन्हें भाजपा सरकार द्वारा किए गए कार्यों और प्रस्तावित कार्य योजनाओं की जानकारी देनी पड़ेगी। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने गरीबों के लिए 18 लाख आवास को हरी झंडी दे दी है जिसका लाभ सभी वर्गों को मिलेगा। कांग्रेस ने लोकसभा चुनाव में दुष्प्रचार किया था कि, भारतीय जनता पार्टी की सरकार आने पर संविधान को बदल दिया जाएगा। साथ ही उन्होंने महिलाओं को साल का एक लाख रुपए देने का झूठा वादा किया था। अब यह भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी है कि वह कांग्रेस के झूठे वादों और दुष्प्रचार की पोल खोलें और भाजपा के कार्यों को जनता के सामने रखें।



कार्यक्रम में मंत्री टंक राम वर्मा , मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल, पूर्व विधायक शिव रतन शर्मा, अशोक बजाज, श्रीमती लक्ष्मी साहू, सनम जांगड़े, करन कश्यप समेत बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी और वरिष्ठ जन उपस्थित रहे।



कृषि महाविद्यालय और वन विभाग को भाटापारा में एक लाख पौधे लगाने के निर्देश दिए
बृजमोहन अग्रवाल ने इस अवसर पर कृषि महाविद्यालय भाटापारा और शासकीय कन्या उच्च माध्यमिक विद्यालय बलौदा बाजार में "एक पेड़ मां के नाम" अभियान के तहत अपनी माता जी की स्मृति में पौधारोपण भी किया। बृजमोहन अग्रवाल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के "एक पेड़ मां के नाम" अभियान में तेजी लाने के लिए कृषि महाविद्यालय और वन विभाग को भाटापारा में एक लाख पौधे लगाने के निर्देश दिए हैं।

 

 

 
और भी

शुभ घड़ी आई, साय कैबिनेट ने अयोध्या धाम में किए श्रीरामलला के दर्शन

अयोध्या धाम में पवित्र राम जन्मभूमि में श्री रामलला के दर्शन के लिए जैसे ही मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय और उनके कैबिनेट के सहयोगी पहुंचे। पूरे मंदिर परिसर में नारा गूंज उठा। छत्तीसगढ़ के भांचा राम, जय श्री राम, जय श्री राम। इस तरह पूरा परिसर राम भक्ति  के माहौल में, ननिहाल से आए भक्तों की स्नेह सिक्त वाणी से गुंजायमान हो गया। जिस तरह माता शबरी की शिवरीनारायण में भगवान श्री राम के पुण्य दर्शन की इच्छा पूरी हुई थी। वही साध ननिहाल के हर राम भक्त को होती है। उसी तरह मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय और उनकी कैबिनेट की भी रामलला के दर्शन की इच्छा आज पूरी हो गई। मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय सहित उनके कैबिनेट के सदस्यों ने आज अयोध्या धाम पहुंचकर श्रीरामलला के दर्शन किए। मुख्यमंत्री ने इस मौके पर भाँचा राम के ननिहाल का उपहार भी प्रभु के चरणों में अर्पित किया। उन्होंने छत्तीसगढ़ से शबरी माता की भूमि शिवरीनारायण से बेर तथा पवित्र जल, विष्णु भोग का चावल, अनारसा, करी लड्डू तथा कोसे के वस्त्र प्रभु को अर्पित किए।

मुख्यमंत्री श्री साय ने इस अवसर पर प्रभु श्री राम से छत्तीसगढ़ के लोगों की सुख समृद्धि की कामना की। इस मौके पर मुख्यमंत्री ने कहा कि हम लोग पूरी कैबिनेट के साथ श्री रामलला के दर्शन के लिए आज अयोध्या धाम आए। भगवान श्रीराम हमारे छत्तीसगढ़ के भांजे हैं। भांचा राम के दर्शन के लिए हम लोग बहुत उत्सुक थे। भगवान श्रीराम के आशीर्वाद से वो शुभ घड़ी आ गई है जब हम लोगों को अयोध्या धाम में रामलला के दर्शन का सौभाग्य मिला।
मुख्यमंत्री ने कहा कि जब हमने अयोध्या धाम जाने का निर्णय लिया तो सोचा कि जब अपने भांजे के दर्शन के लिए जाएंगे तो उनके लिए ननिहाल की तरफ से क्या उपहार लेकर जाएं।
फिर विचार आया कि इससे अच्छा उपहार भगवान श्रीराम के लिए क्या हो सकता है कि हम उस पवित्र भूमि शिवरीनारायण से बेर ले जाकर भगवान को भेंट करें, जहां के बेर खुद माता शबरी ने प्रभु श्रीराम को अपने हाथों से खिलाये थे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उन जूठे बेरों का स्मरण हमेशा के लिए लोक स्मृति में दर्ज हो गया है। माता शबरी की इस धरती से भगवान श्रीराम के लिए यह उपहार ले जाने का हमें सौभाग्य मिला इससे बढ़कर हमें क्या चाहिए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ जनजातीय प्रदेश है। यहां माता शबरी और अनेक जनजातीय विभूतियों ने भगवान श्रीराम का स्वागत किया है।  हमारी यह धरती धन्य है। यह अद्भुत संयोग है कि छत्तीसगढ़ भगवान श्रीराम का ननिहाल भी है और यह उनके वन गमन पथ का हिस्सा भी है। रामकथा से जुड़े विद्वान बताते हैं कि श्रीराम ने अपने वनवास के चौदह वर्षों में दस वर्ष यहीं गुजारे।
उन्होंने रामायण के प्रसंगों से भी अपनी बात बताई। मुख्यमंत्री ने कहा कि रामायण के प्रसंग जनजातीय लोगों से श्रीराम के अद्भुत स्नेह तथा प्रभु श्रीराम के जनजातीय लोगों से अपार प्रेम की कहानी कहते हैं।
उन्होंने कहा कि मेरा सौभाग्य है कि प्रदेश के मुखिया के रूप में अयोध्या पहुंच कर छत्तीसगढ़ के लोगों के अपने आराध्य के प्रति अगाध स्नेह और भक्ति व्यक्त करने का माध्यम बना हूँ।
रामलला के दर्शनों से अभिभूत मुख्यमंत्री ने कहा कि श्रीराम ने हमें रामराज्य का आदर्श दिया है। छत्तीसगढ़ में रामराज्य के आदर्श को लेकर हम चल रहे हैं। श्रीरामलला का दर्शन कर हमने प्रभु से अपने प्रदेश के सुख-समृद्धि की कामना की  है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि अयोध्या धाम श्रीरामलला दर्शन योजना के माध्यम से हमारे प्रदेश के बहुत से श्रद्धालु श्रीरामलला के दर्शन का पुण्य लाभ ले चुके हैं। उन सबसे श्रीरामलला के भव्य मंदिर और उनकी मंजुल मूर्ति की प्रशंसा सुनकर मन बहुत प्रसन्न होता था। आज हमें भी रामलला के दर्शन का सौभाग्य मिल गया।
इस मौके पर मुख्यमंत्री के कैबिनेट के सहयोगी उपमुख्यमंत्री  श्री  अरुण साव, श्री विजय शर्मा, कृषि मंत्री श्री राम विचार नेताम, वन मंत्री श्री केदार कश्यप, खाद्य मंत्री श्री दयाल दास बघेल, स्वास्थ्य मंत्री श्री श्याम बिहारी जायसवाल, वित्त मंत्री श्री ओपी चौधरी, श्रम मंत्री श्री लखन लाल देवांगन, महिला एवं बाल विकास मंत्री श्रीमती लक्ष्मी राजवाड़े, खेल मंत्री श्री टंक राम वर्मा भी मौजूद रहे। इसके साथ ही श्री किरण देव, श्री अजय जामवाल एवं श्री पवन साय भी मौजूद रहे।
और भी

उद्यानिकी फसलों में मौसम आधारित फसल बीमा कराने की अवधि 31 जुलाई 2024 तक

  राज्य शासन कृषि एवं जैव प्रौद्योगिकी विभाग द्वारा उद्यानिकी फसलों में मौसम आधारित फसल बीमा कराने हेतु खरीफ मौसम में 31 जुलाई 2024 तक का समय तय किया गया है। उद्यानिकी फसलों की खेती कर रहे किसानों को अधिसूचित क्षेत्र के आधार पर 1. तापमान (कम, अधिक) 2. वर्षा (कम, अधिक बेमौसम वर्षा) 3. वायु गति 4. कीट एवं व्याधि प्रकोप के अनुकूल मौसम एवं स्थानीय आपदा एवं फसल विशेष के आधार पर 1. ओलावृष्टि खरीफ मौसम हेतु अधिसूचित फसलें मिर्च, केला एवं पपीता 2. चक्रवाती हवाएं खरीफ मौसम हेतु अधिसूचित फसलें केला एवं पपीता को होने वाले नुकसान से बचाने के लिये पुर्नगठित मौसम आधारित फसल बीमा योजना लागू की गई है। खरीफ वर्ष 2024 में जिले के अंतर्गत बीमा कराने वाले कृषकों को अधिसूचित फसल के अनुसार निर्धारित कुल बीमित राशि का अधिकतम 5 प्रतिशत अथवा वास्तविक प्रीमियम जो भी कम हो राशि कृषक अंश के रूप में ऋणी एवं अऋणी दोनों प्रकार के कृषकों को जमा करने होंगे। अऋणी कृषक फसल लगाने का स्व घोषित प्रमाण पत्र, नक्शा खसरा, आधार कार्ड, अपने बैंक पासबुक छायाप्रति जिसमें आईएफएससी कोड इत्यादि का उल्लेख हो, जमा कर बीमा करा सकते हैं। योजना के अंतर्गत ऋणी कृषकों के लिये विकल्प चयन के आधार पर क्रियान्वित होगी। ऋणी कृषक जो योजना में शामिल नहीं होना चाहते हैं उन्हें भारत सरकार द्वारा जारी चयन प्रपत्रानुसार हस्ताक्षरित घोषणा पत्र बीमा आवेदन की अंतिम तिथि के 7 दिवस पूर्व तक संबंधित वित्तीय संस्थान में अनिवार्य रूप से जमा करना होगा। निर्धारित समय सीमा में हस्ताक्षरित घोषणा पत्र जमा नहीं करने पर संबंधित बैंक द्वारा संबंधित मौसम के लिए स्वीकृति व नवीनीकृत की गई अल्पकालीन कृषि ऋण को अनिवार्य रूप से बीमाकृत किया जावेगा। इस मामले में किसी भी प्रकार की त्रुटि संबंधित बैंक किसानों के स्वीकार दावों के भुगतान के लिये उत्तरदायी होगा।

बीमा के दायरे में आयेंगी ये फसलें खरीफ मौसम हेतु फसल बीमा के लिये टमाटर, बैंगन, मिर्च, अदरक, केला, पपीता और अमरूद की फसलें अधिग्रहित की गई है। बीमा कराने हेतु अधिकृत संस्थाएँ हैं च्वाइस सेंटर, भारतीय कृषि बीमा कम्पनी के प्रतिनिधि, लोक सेवा केन्द्र, बैंक शाखा, सहकारी समिति तथा विकासखण्ड में स्थापित शासकीय उद्यान रोपणी कमशः शासकीय उद्यान रोपणी, पड़कीडीह, बेमेतरा (मोबा. नं. 78282-81733) शासकीय उद्यान रोपणी, मोहगाव, साजा (मोबा. नं. 98935-02037) शासकीय उद्यान रोपणी, नेवनारा, बेरला (मोबा. नं. 99771-36115) शासकीय उद्यान रोपणी, झिलगा, नवागढ़ (मोबा. नं. 78287-24673) से भी संपर्क किया जा सकता है।

और भी

राष्ट्रीय जुडो चौम्पियनशीप प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली हेमबती नाग का कलेक्टर ने किया सम्मान

 गुरूवार को कलेक्टर कुणाल दुदावत के द्वारा 6 जनवरी से 11 जनवरी 2024 तक चल रहे पंजाब लुधियाना में आयोजित राष्ट्रीय जूडो प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर कांस्य पदक के साथ 10 हजार का चैक प्राप्त करने वाली स्वामी आत्मानंद हिंदी मीडियम स्कूल तहसीलपारा कोण्डागांव की कक्षा 10वीं की छात्रा हेमबती का सम्मान किया। उन्होंने हेमबती नाग को बधाई देते हुए उनके उज्वल भविष्य की शुभाकामनाएं दी। इस अवसर पर जिला मिशन समन्वयक महेन्द्र पाण्डे, खेल अधिकारी सुदराम मरकाम, प्राचार्य पीएस डेनियल उपस्थित थे।

 


और भी

बच्चों से लेकर वृद्धजनों ने अपनी मां के नाम से एक पेड़ लगाया, ली सुरक्षा की जिम्मेदारी

 प्रधानमंत्री एवं मुख्यमंत्री छ.ग. शासन के अहवान पर  एक पेड़ मां के नाम महावृक्षारोपण अभियान का आयोजन विगत दिवस जशपुर वनमण्डल अंतर्गत जिले के सभी परिक्षेत्रों में किया गया। जिसके तहत् जिले में 51000 पौधों का रोपण किया गया है। इस अभियान में जिले के समस्त परिक्षेत्रो के विभिन्न पंचायतो में, शैक्षणिक संस्थान अंगानबाड़ी से लेकर महाविद्यालयों के प्रांगण में तथा देव सरना स्थलों, पुलिस थाना, गोठान, पंचायत भवनों एवं विभिन्न वन क्षेत्र में उस क्षेत्र के जनप्रतिनिधि, विद्यालयों के प्रचार्य, वन प्रबंधन समिति अध्यक्ष, थाना , चौकी के प्रभारीयों की गरिमा मय उपस्थिति में जनमानस के सहयोग से भिन्न-भिन्न प्रजाति के पौधों को रोपण वृहद् स्तर पर किया गया। जिसमें छोटे बच्चों से लेकर वृद्धजनों ने अपनी मां के नाम से एक पेड़ लगाया एवं सुरक्षा की जिम्मेदारी ली।

 

 

और भी

कलेक्टर ने प्रधानमंत्री मातृ वंदना एवं महतारी वंदन योजना के बेहतर क्रियान्वयन के दिए निर्देश

 कलेक्टर नीलेश कुमार क्षीरसागर ने जिला कार्यालय के सभाकक्ष में महिला एवं बाल विकास विभाग के अधिकारियों की बैठक लेकर विभागीय योजनाओं के कार्यां की प्रगति की समीक्षा की। कलेक्टर ने बैठक में कहा कि प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना एवं महतारी वंदन योजना शासन की प्रमुख फ्लेगशिप योजनाएं हैं। इसके बेहतर क्रियान्वयन के लिए विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी अच्छे से कार्य करें और जिले के सभी पात्र हितग्राहियों को लाभान्वित करें। उन्होंने कहा कि जिले के दूरस्थ एवं आदिवासी अंचलों में कुपोषण बड़ी समस्या है। इसे दूर करने के लिए योजनाओं के तहत गर्भवती महिलाओं एवं बच्चों को नियमित रूप से पूरक पोषण आहार मिले, यह सुनिश्चित करें।

कलेक्टर ने बैठक में विभाग द्वारा संचालित आंगनबाड़ी केन्द्रों के भवनों की उपलब्धता एवं स्थिति की भी समीक्षा की। उन्होंने कहा कि जर्जर भवनों में किसी भी प्रकार की गतिविधियां संचालित न करें और जिले के ऐसे जर्जर एवं अति जर्जर भवनों के मरम्मत व नये भवन के लिए प्रस्ताव तैयार कर भेंजे। साथ ही उन्होंने आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिकाओं के रिक्त पदों की पूर्ति के लिए भी भर्ती प्रक्रिया को शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने पोषण ट्रेकर एप में हितग्राहियों के आधार सत्यापन कार्य में तेजी लाने भी कहा। बैठक में उन्होंने प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना, महतारी वंदन योजना, महिला कोष ऋण योजना एवं सक्षम योजना, मुख्यमंत्री बाल संदर्भ योजना सहित अन्य योजनाओं तथा सक्षम आंगनबाड़ी के तहत कार्य की प्रगति की परियोजनावार समीक्षा की। इस अवसर पर जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला एवं बाल विकास विभाग रमाकांत चन्द्राकर सहित अन्य विभागीय अधिकारी उपस्थित थे।

और भी

प्रधानमंत्री के 15 सूत्रीय कार्यक्रम के क्रियान्वयन और अल्पसंख्यकों को योजनाओं का लाभ दिलाने पर हुई चर्चा

 जिला स्तरीय अल्पसंख्यक कल्याण समिति की बैठक जिला कार्यालय के सभाकक्ष में संपन्न हुई, जिसमें एडीएम  एस. अहिरवार ने अल्पसंख्यकों के लिए संचालित विभिन्न शासकीय योजनाओं के कार्यों की प्रगति की विभागवार जानकारी ली और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

बैठक की शुरूआत में सहायक आयुक्त आदिवासी विकास विभाग एल.आर. कुर्रे ने समिति की पूर्व बैठक के विभागवार पालन प्रतिवेदन की जानकारी दी। बैठक में एडीएम ने शिक्षा विभाग को उर्दू शिक्षकों की भर्ती, उर्दू पुस्तकों की उपलब्धता और मदरसे के आधुनिकीकरण हेतु प्रस्ताव तैयार करने के संबंध में आवश्यक कार्यवाही के निर्देश दिए। साथ ही अंत्यावसायी एवं कौशल विकास के तहत् प्रशिक्षण तथा रोजगार उपलब्ध कराने, पशु पालन के कार्य स्वीकृत करने संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देशित किया। इसके साथ ही प्रधानमंत्री के नवीन 15 सूत्रीय कार्यक्रम पर भी विस्तृत चर्चा की गई, जिसमें एकीकृत बाल विकास सेवाओं की समुचित उपलब्धता, विद्यालयीन शिक्षा की उपलब्धता को सुधारना, उर्दू शिक्षण के लिये अधिक संसाधन, मदरसा शिक्षा आधुनिकीकरण, मेधावी विद्यार्थियों के लिये छात्रवृत्ति, मौलाना आजाद शिक्षा प्रतिष्ठान के माध्यम से शैक्षणिक अधोसंरचना को उन्नत करना, गरीबों के लिये स्व-रोजगार एवं मजदूरी रोजगार योजना, तकनीकी शिक्षा के माध्यम से कौशल उन्नयन, आर्थिक क्रियाकलापों के लिये ऋण सहायता, राज्य एवं केन्द्रीय सेवाओं में भर्ती, मलिन बस्तियों की स्थिति में सुधार और ग्रामीण आवास योजना में उचित हिस्सेदारी सुनिश्चित कराने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया। बैठक में समिति के सदस्यों ने भी अपनी मांग एवं समस्याएं रखीं और आवश्यक सुझाव भी दिए। इस अवसर पर समिति के सदस्यगण एवं विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।

 

 

और भी