छत्तीसगढ़ - Newsportal | Chhattisgarh Darpan Media Group

छत्तीसगढ़

मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों को रक्षाबंधन पर्व की दी शुभकामनाएं

 मुख्यमंत्री  विष्णु देव साय ने प्रदेशवासियों को रक्षाबंधन पर्व की बधाई और शुभकामनाएं दी है। इस अवसर पर उन्होंने सभी नागरिकों की सुख, समृद्धि और खुशहाली की कामना की है। रक्षाबंधन पर्व की पूर्वसंध्या पर जारी अपने बधाई संदेश में श्री साय ने कहा है कि भाई-बहन के स्नेह और विश्वास का पर्व ’रक्षाबंधन’ हमारी संस्कृति का महत्वपूर्ण त्यौहार है। इस दिन बहनें मंगल कामना के साथ अपने भाईयों को रक्षा सूत्र बांधती हैं और भाई उनकी रक्षा का वचन देते हैं। यह त्यौहार भाई-बहन के पवित्र रिश्ते को और मजबूत बनाता है। मुख्यमंत्री ने कहा कि रक्षाबंधन का त्यौहार अपनी बहनों के साथ सभी महिलाओं के प्रति सम्मान, सुरक्षा और अस्मिता के लिए जागरूक और प्रतिबद्ध करता है।

 

 

और भी

राजनांदगांव सड़क हादसे में नर्स की मौत

  निजी हॉस्पिटल में कार्यरत स्टाफ नर्स को मालवाहक ने टक्कर मार दी। हादसे में गंभीर रुप से घायल नर्स की इलाज के दौरान मौत हो गई।पुलिस ने बताया कि चौखड़ियापारा में रहने वाली 37 वर्षीय लीना देवांगन सुंदरा हॉस्पिटल में बतौर स्टाफ नर्स पदस्थ थीं।

रोज की तरह ड्यूटी जाने के लिए वह अपने मोपेड से निकली थी। लीना मठपारा के पेट्रोल पंप के पास पहुंची थी, तभी उसे मालवाहक क्रमांक सीजी 04 एलजी 6702 के चालक ने जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में लीना के सिर पर गंभीर चोंटे आई थी, जिसे तत्काल हॉस्पिटल पहुंचाया गया। लेकिन इलाज के दौरान ही उसने दम तोड़ दिया।

 

 

और भी

राजधानी रायपुर में 29 करोड़ की ठगी

 शेयर में निवेश और दोगुना मुनाफे के साथ कंपनी में पार्टनर बनाने का झांसा देकर 29 करोड़ की धोखाधड़ी की गई । नेवरा पुलिस मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश कर रही है। तीन वर्ष पहले हुई इस धोखाधड़ी का मामला कल ही दर्ज कराया है। नेवरा पुलिस के मुताबिक सुपेला नेहरू नगर निवासी संदीप कुमार अग्रवाल (45)से यह धोखा किया गया ।

विकास मेटेलिक्स एंड एनर्जी लिमिटेड बरतोरी के डायरेक्टर उमेश शर्मा,मनोज शर्मा और श्रीमती लक्ष्मी शर्मा ने जून 22 को संदीप को अपनी कंपनी में निवेश करने का आफर दिया । कहा कि उनकी कंपनी के शेयर में निवेश करने पर अधिक लाभ होना है। और साथ ही में कंपनी का पार्टनर बनाने की भी बात कही। इस पर भरोसा कर संदीप ने 29 करोड़ का निवेश किया।

रकम लेकर तीनों ने शेयर नहीं दिए। और मुनाफे देने के बजाए संदीप के फर्जी हस्ताक्षर कर मुनाफे को अन सिक्योर्ड लोन दिखाते रहे। इस दौरान संदीप हर माह, वर्ष मुनाफा मांगता रहा। तीन वर्ष बाद भी मुनाफा, मूलधन, पार्टनरशिप न मिलने पर संदीप ने कल रात नेवरा थाने में तीनों पर बीएनएस की धारा 316-5,318-4,3-5 का अपराध दर्ज कराया।

 

 

और भी

स्वाइन फ्लू के मरीज सक्रिय

 स्वास्थ्य विभाग ने साफ किया है कि यदि किसी को भी स्वाइन फ्लू के लक्षण आते हैं, तो वे तत्काल चिकित्सक से परामर्श लेकर अपना टेस्ट कराएं, ताकि स्वाइन फ्लू के मामलों को रोका जा सके। जिले में मलेरिया, डायरिया के बाद स्वाइन फ्लू के मामले भी सामने आने लगे हैं। स्वास्थ्य विभाग को एक के बाद एक बीमारियों से निपटना पड़ रहा है। मौजूदा समय में स्वाइन फ्लू परेशान कर रहा है।

स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक मौसम में नमी होने के कारण ही स्वाइन फ्लू के वायरस सक्रिय हो गए हैं और लोगों को संक्रमित करने का काम कर रहे हैं। ऐसे में नियंत्रण टीम रोजाना संपर्क में आने वालों का सैंपल ले रही है। इसमे से ही स्वाइन फ्लू पाजिटिव मिल रहे हैं। 

ऐसे में ट्रेवल हिस्ट्री वालों को सलाह दी गई है कि यदि सर्दी, खांसी, बुखार, लगातार नाक बहना, सांस लेने में तकलीफ होने की समस्या है तो तत्काल चिकित्सक के पास जाएं और स्वाइन फ्लू का टेस्ट कराएं। मिलने वाले मरीजों के लिए सिम्स और जिला अस्पताल के आइसोलेशन वार्ड में बेड रखने के निर्देश दिए गए है, ताकि इनके मरीजों के उपचार में किसी प्रकार की दिक्कत न आए।

और भी

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय विशाल कांवड़ यात्रा कार्यक्रम में हुए शामिल

 मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय आज गुढियारी स्थित मारुती मंगलम भवन में आयोजित विशाल कांवड़ यात्रा कार्यक्रम में शामिल हुए। इस दौरान उनके साथ छत्तीसगढ़ विधानसभा के अध्यक्ष रमन सिंह एवं विधायक श्री राजेश मूणत भी साथ में उपस्थित थे। 


मुख्यमंत्री साय ने उपस्थित श्रद्धालुओं और कांवड़ियों से कहा कि सावन मास में ही मुझे बाबा भोरमदेव के दर्शन करने का अवसर मिला। यह मंत्र मुग्ध कर देने वाला अवसर था। हमने कांवड़ियों पर हेलीकाप्टर से पुष्प वर्षा की। पूरे यात्रा मार्ग में कांवड़ियों का उत्साह छलक रहा था। मुख्यमंत्री ने भगवान भोलेनाथ की पूजा अर्चना कर प्रदेश वासियों की मनोकामना पूरी होने और सुख समृद्धि  की कामना करते हुए सभी को  कांवड़ यात्रा की शुभकामनाएं दीं।
और भी

वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री के निर्देश पर जंगल सफारी पूर्ण रूप से प्लास्टिक फ्री होगी

  जंगल सफारी को पूर्ण रूप से प्लास्टिक मुक्त  बनाने के लिए वन मंत्री केदार कश्यप  के निर्देश  और प्रधान मुख्य वन संरक्षक वन्यप्रानी सुधीर अग्रवाल के मार्गदर्शन में  पर्यावरण संरक्षण के लिए जंगल सफारी प्रबंधन ने  अहम कदम उठाया है। जंगल सफारी के निदेशक धम्मशिल गणवीर ने बताया कि अब से जंगल सफारी में आगंतुकों को प्लास्टिक अंदर ले जाने की अनुमति नहीं होगी। साथ ही सफारी में प्लास्टिक पैकेजिंग वाले उत्पादों की बिक्री भी प्रतिबंधित  होगी।  प्लास्टिक के कारण  पर्यावरण पर होने वाले दुष्परिणामों के बारे में  सतत रूप से पर्यटको को जागरूक किया जा रहा है और  जलवायु परिवर्तन के उपायों अन्तर्गत रिसाइकल, रियूज, रिड्यूस  के साथ पर्यावरण अनुकूल जीवन पद्धति को आत्मसात् करने पर्यटकों को अवगत कराया जा रहा हैl प्लास्टिक  के  बेतहाशा  उपयोग  से  पर्यावरण  को  छति  पहुँच रही है। शासन  द्वारा  भी   प्लास्टिक  के  उपयोग  को  लगातार  हतोत्साहित  की  जा  रही  है।

आम नागरिको के लिए मंगलवार से रविवार  तक सुबह  9 बजे  से  सायं  4 बजे  तक खुला रहेगा

नवा  रायपुर   स्थित  जंगल  सफारी  मे आम  नागरिक  मंगलवार  से  रविवार  तक  प्रतिदिन  सुबह  9 बजे  से  सायं  4 बजे  तक  भ्रमण  कर  सकते  हैँ । जंगल  सफारी  सोमवार  को आम नागरिकों के लिए  बंद  रहेगा।

और भी

छत्‍तीसगढ़ के मेडिकल कॉलेजों में प्रवेश के लिए काउंसिलिंग आज से शुरू

 छत्‍तीसगढ़ में एमबीबीएस और बीडीएस की सीटों के लिए ऑनलाइन काउंसिलिंग रविवार से शुरू हो जाएगी। यह 24 अगस्त तक चलेगी। मेरिट सूची 27 और आवंटन सूची 30 अगस्त को जारी होगी। प्रवेश के लिए कुल चार राउंड होंगे। इनमें तीसरा मापअप व चौथा स्ट्रे वेंकेसी राउंड होगा। स्ट्रे राउंड में प्रवेश कॉलेज स्तर पर दिया जाएगा।

चिकित्सा शिक्षा विभाग की ओर से काउंसिलिंग के लिए सात सदस्यीय समिति का गठन किया गया है, जिसकी अध्यक्ष डा. राबिया परवीन सिद्दीकी हैं। डॉक्टरों और इंफ्रास्ट्रक्चर की कमी के चलते नेशनल मेडिकल कमीशन (NMC) ने छत्तीसगढ़ आयुर्विज्ञान संस्थान (CIMS) की एमबीबीएस की 30 सीटों की मान्यता रद कर दी है। इससे एमबीबीएस की सीटें कम हो गई हैं।

प्रदेश में एमबीबीएस की 2,110 और बीडीएस की 600 सीटें थीं। सिम्स पर एनएमसी की कार्रवाई से एमबीबीएस की सीटें 2,080 हो गई है। प्रदेश में 10 शासकीय और तीन निजी कॉलेज संचालित हो रहे थे। इस वर्ष दो कॉलेज बढ़ने से इनकी संख्या 15 हो गई है।

और भी

सेवानिवृत शिक्षक से 80 लाख की ठगी, दो आरोपित बिहार से गिरफ्तार

 सेवानिवृत शिक्षक को बीमा पालिसी में ज्यादा मुनाफे का लालच देकर जालसाजों ने 79 लाख 85 हजार 912 की ठगी कर ली। इसके बाद भी उनसे रुपये मांगे जा रहे थे। धोखाधड़ी की जानकारी होने पर उन्होंने रेंज साइबर थाने में शिकायत की। इसकी जांच के बाद पुलिस ने बिहार के जमुई जिले में दबिश देकर दो आरोपित को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपित से उनके साथियों की जानकारी ली जा रही है।

डीएसपी निमितेष सिंह ने बताया कि मंगला के बाजपेयी कैसल में रहने वाले रिटायर्ड शिक्षक ने धोखाधड़ी की शिकायत की है। पीड़ित ने बताया कि वे अप्रैल 2023 को शिक्षा विभाग से सेवानिवृत हुए। उनके मोबाइल पर दो मई की सुबह करीब 10 बजे अलग-अलग अनजान नंबर से काल आया। फोन करने वालों ने खुद को निजी बीमा कंपनी का सीईओ और मैनेजर बताया। जालसाजों ने टीचर को बताया कि कंपनी का एजेंट उनके निवेश पर मुनाफा कमा रहा है।

जेंट को हटा देने पर मुनाफे की रकम सीधे टीचर को मिलने की बात कही। जालसाजों की बातों में आकर रिटायर्ड टीचर ने दो मई 2023 से 13 जून 2024 के बीच अलग-अलग कर जालसाजों के बताए खाते में 79 लाख 85 हजार 912 रुपये जमा कर दिए। इसके बाद भी उनसे रुपये मांगे जा रहे थे। मोटी रकम गंवाने के बाद टीचर को धोखाधड़ी की जानकारी हुई। उन्होंने इसकी शिकायत रेंज साइबर थाने में की। इस पर पुलिस ने धोखाधड़ी और आइटी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की। साइबर पोर्टल से मिली जानकारी और बैंक डिटेल की जांच के बाद पुलिस को जालसाजों का सुराग मिला।

 

इस पर रेंज साइबर थाने में पदस्थ एसआइ अजय वारे अपनी टीम लेकर बिहार के जमुई पहुंचे। वहां पर टीम ने तीन दिनों तक रहकर जालसाजों की जानकारी जुटाई। इसके बाद जमुई जिले के खैरा थाना अंतर्गत झुडो निवासी गणेश कुमार मण्डल उर्फ मोचा(27) और अभयपुर निवासी चिंटू यादव(26) को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। इसमें उन्होंने अपने साथियों के साथ मिलकर धोखाधड़ी को अंजाम देना बताया। आरोपित को गिरफ्तार शहर लाया गया है। न्यायालय से रिमांड पर लेकर उनके साथियों की जानकारी जुटाई जा रही है।

 

दूसरों के नाम खाता खुलवाकर कर रहे थे ठगी

पुलिस की पूछताछ में पता चला कि आरोपित भोले-भाले लोगों को मामूली मुनाफे का लालच देकर उनके नाम पर बैंक में खाता खुलवा लेते थे। इसमें वे अपने फर्जी मोबाइल सिम का नंबर देते थे। साथ ही बैंक एटीएम भी वे अपने ही पास रखते। जालसाजी की रकम वे इन्हीं खातों में ट्रांसफर कराते थे। इसके बाद एटीएम और मोबाइल एप के माध्यम से रुपये को इधर-उधर कर रहे थे। पुलिस अब जालसाजों की जानकारी जुटा रही है।

 

 

और भी

राष्‍ट्रीय मधुमक्‍खी दिवस : जंगल सफारी में विद्यार्थियों ने किया भ्रमण

 नंदनवन जू एवं जंगल सफारी, नवा रायपुर में  राष्‍ट्रीय मधुमक्‍खी दिवस के अवसर पर "पोलिंनेटर्स प्यूपल एंड प्लेनेट कंसर्वे टुडे फॉर सस्टेनबल टुमारो "   थीम पर आधारित शैक्षणिक  कार्यक्रम सम्पन्न हुआ ।

कार्यक्रम में  मानव जीवन में  मधुमक्खियों की महत्वपूर्ण भूमिका  से प्रतिभागियों को  अवगत कराया गया l कार्यक्रम में   नवा रायपुर के हायर सेकंडरी स्कूल राखी के 53 छात्रों और शिक्षकों ने भाग लिया। प्रतिभागियों को मधुमक्खियों के बारे में प्रेजेंटेशन के माध्यम से विस्तृत जानकारी प्रदान की गई ।  मधुमक्खियों की पारिस्थितिकी तंत्र में महत्वपूर्ण भूमिकाएँ और जैव विविधता पर उनका प्रभाव,भारत में पाई जाने वाली विभिन्न प्रकार की मधुमक्खियाँ की प्रजापति  और उनकी विशेषताएँ, मधुमक्खी पालन, मधुमक्खियों के जीवन चक्र आदि के बारे में विस्तार से बताया गया  l  छात्रों ने अत्यधिक रुचि और उत्साह के साथ भाग लिया और प्रश्न पूछ कर अपनी जिज्ञासा भी व्यक्त की  
कार्यक्रम में जंगल सफारी की ओर से अधिकारीगण सर्वश्री चंद्रमणी साहू , हिमांशु प्रधान, और उपेंद्र साहू  शामिल हुए l  

जंगल सफारी के  संचालक श्री धम्मशील गणवीर ने बताया कि  नंदनवन जू एवं जंगल सफारी द्द्वारा वन मंत्री  श्री केदार कश्यप  के दिशा निर्देशानुसार वन्यजीव और पर्यावरण संरक्षण मुद्दों पर विभिन्न मोड्यूल तैयार कर स्कूली विद्यार्थियों को  पर्यावरण और   प्रकृति के प्रति जागरूक करने  के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे है I

और भी

रायपुर पुलिस के निजात अभियान से कई लोगों को मिला जीवन का नया रास्ता

 रायपुर पुलिस द्वारा चलाए जा रहे 'निजात' अभियान के तहत जिले में नशे के खिलाफ जन-जागरूकता और काउंसलिंग के माध्यम से दर्जनों लोगों ने नशे की लत से मुक्ति पाई है, जबकि सैकड़ों लोगों को उनके जीवन को एक नई दिशा मिली है।

आईजी अमरेश मिश्रा और एसएसपी डॉ. संतोष सिंह के नेतृत्व में चलाए जा रहे इस अभियान का उद्देश्य नशे के प्रति जागरूकता बढ़ाना और प्रभावित व्यक्तियों को पुनर्वासित करना है। अभियान के तहत जिले के विभिन्न थानों में नशा-मुक्ति कक्ष स्थापित किए गए हैं, जहां एनजीओ, डॉक्टरों और सामाजिक कार्यकर्ताओं की मदद से प्रभावित व्यक्तियों की काउंसलिंग की जा रही है।



अब तक, 370 लोगों को काउंसलिंग दी गई है, जिनमें से कई ने नशे को पूरी तरह से छोड़ दिया है। उदाहरण के लिए, थाना उरला के तहत ललित साहू, जो पहले नशे का आदी था, अब टाटा मोटर्स में मैकेनिक का काम कर रहा है। इसी तरह, एक अन्य युवक, जो बचपन से नशे का आदी था, अब रायपुरा में एक कार श्रृंगार दुकान संभाल रहा है।



थाना सिविल लाइन क्षेत्र के करण रेड्डी, जो शराब के नशे में लोगों के साथ मारपीट करता था, अब बस स्टैंड भाठागांव में काम कर रहा है और उसके व्यवहार में काफी सकारात्मक परिवर्तन आया है।



पुलिस की लगातार काउंसलिंग और प्रयासों से कई परिवार, जो नशे के कारण बिखर गए थे, अब सुखद जीवन बिता रहे हैं। थानों के प्रभारी और सामाजिक कार्यकर्ता लगातार नशे से ग्रसित व्यक्तियों की मदद कर रहे हैं, जिससे वे न केवल नशे से मुक्त हो रहे हैं, बल्कि अपने जीवन को एक नई दिशा भी दे रहे हैं।

अभियान के तहत कुछ नामों को उनकी सहमति से सार्वजनिक किया गया है, जबकि अन्य की जानकारी गोपनीयता के मद्देनजर नहीं दी गई है।



रायपुर पुलिस के इस प्रयास को स्थानीय समुदाय में काफी सराहना मिल रही है, और इसे एक सकारात्मक बदलाव के रूप में देखा जा रहा है।

और भी

जनजातिय बालक-बालिका छात्रावास प्रवेश उत्सव में विधायक भावना ने किया बच्चों का स्वागत

 पंडरिया विधानसभा के वनांचल क्षेत्र कुई-कुकदुर में शनिवार को विशेष पिछड़ी जनजातिय बालक एवं बालिका छात्रावास में प्रवेश उत्सव मनाया गया। कार्यक्रम में पंडरिया विधायक भावना बोहरा मुख्य अतिथि के रूप में सम्मिलित हुईं और नव प्रवेशी बच्चों का स्वागत किया। इस दौरान उन्होंने बच्चों को संबोधित कर शिक्षा के लिए प्रोत्साहित भी किया और छात्रावास में सुविधाओं का जायजा भी लिया। इस छात्रावास में 250 छात्र एवं 250 छात्राओं के लिए शिक्षा सुविधाएँ उपलब्ध हैं। विदित हो कि पूर्ववर्ती भाजपा सरकार द्वारा 14 करोड़ की लागत से जनजाति समाज के बच्चों को बेहतर शिक्षा प्रदान करने के लिए इस छात्रावास का निर्माण किया था जो छत्तीसगढ़ के सबसे बड़े जनजाति समाज के बच्चों के लिए बने सबसे बड़े छात्रावास में से एक है, जिसमें आज बच्चों ने प्रवेश किया।


इस दौरान भावना बोहरा ने कहा कि आज केंद्र व राज्य की भाजपा सरकार की कुशल नीतियों और जनहितैषी योजनाओं से हमारे प्रदेश के विशेष पिछड़ी जनजाति समुदाय के लोग विकास की मुख्यधारा से जुड़ रहें हैं। आज इस छात्रावास के माध्यम से समुदाय से आने वाले 500 छात्र एवं छात्राओं को शिक्षा और सुविधा दोनों मिल रही है। यहां से बच्चे शिक्षा ग्रहण कर अपने जीवन में सकारात्मक परिवर्तन लेकर आयेंगे और अपने समाज व क्षेत्र के साथ ही हमारा व हमारे प्रदेश का नाम रोशन करेंगे। इस छात्रावास में पढ़ने वाले सभी बच्चों को मैं उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं देती हूँ और हर संभव सहायता करने का आश्वासन देती हूँ। उन्होंने बच्चों को प्रोत्साहित करते हुए कहा कि जीवन में सफलता पाने के लिए आपको परिश्रम हमेशा करना होगा और परिश्रम करने से आपको सफलता जरुर मिलेगी। अगर कभी असफल नहीं होते हैं तो निराश न हों और उसका अवलोकन कर अपनी कमी को समझें और फिर उसे दूर करने के लिए दुगनी मेहनत करिए तो आपको सफलता जरुर मिलेगी। शिक्षा केवल नौकरी पाने का माध्यम ही नहीं है बल्कि उससे भी बढ़कर एक आदर्श समाज की नींव है। किसी भी कार्य को अच्छी तरह कर पाने के लिए शिक्षा का अहम योगदान होता है।



उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के मार्गदर्शन में तैयार किये गये बजट में विशेष पिछड़ी जनजाति के सदस्यों के लिए 300 करोड़ रुपए का प्रावधान रखा गया है। इस बजट प्रावधान से छत्तीसगढ़ में रह रहे बिरहोर, पहाड़ी कोरवा, बैगा, कमार और अबूझमाड़िया समुदाय के लोगों को बुनियादी सुविधाओं का लाभ मिल पाएगा। घास-फूस के घरों की जगह वे पक्के घरों में रह सकेंगे। पेयजल की अच्छी सुविधा होगी। देश में पहली बार इन विशेष पिछड़ी जनजातियों के विकास के लिए प्रधानमंत्री जनमन योजना बनाई गई। यह योजना प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने भगवान बिरसा मुंडा की जन्मस्थली उलिहातु से शुरू की थी। छत्तीसगढ़ में इस योजना पर तेजी से क्रियान्वयन हो रहा है जनमन योजना के माध्यम से न केवल बुनियादी सुविधाएं सुनिश्चित की जा रही हैं अपितु इनके लिए रोजगार के अवसर भी इसके माध्यम से सृजित किये जा रहे हैं। कार्यक्रम में विभागीय अधिकारी, भाजपा मंडल के पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं छात्रावास के अधिकारीगण उपस्थित थे।

 

 

 
और भी

छत्तीसगढ़ में दो नई रेल लाइन परियोजनाओं के अंतिम सर्वे और डीपीआर निर्माण की मिली स्वीकृति

मुख्यमंत्री  विष्णु देव साय ने छत्तीसगढ़ में दो नई रेल लाइन परियोजनाओं के अंतिम सर्वे और डीपीआर निर्माण की स्वीकृति मिलने पर प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के प्रति आभार प्रकट किया है। मुख्यमंत्री ने कहा है कि इससे छत्तीसगढ़ का रेल इंफ्रास्ट्रक्चर और अधिक मजबूत होगा।

गौरतलब है कि रेल मंत्रालय द्वारा छत्तीसगढ़ में दक्षिण पूर्व मध्य रेल्वे के अंतर्गत 16 करोड़ 75 लाख रूपये लागत की कुल 670 किलोमीटर लंबी 2 नई रेल लाइन परियोजनाओं के अंतिम सर्वे और डीपीआर निर्माण की स्वीकृति दी गई है।
मुख्यमंत्री ने कहा है कि इन दो रेल लाइन परियोजनाओं में से गढ़चिरौली से बीजापुर होते हुए बचेली तक 490 किलोमीटर की नई रेल लाइन के सर्वे को मिली स्वीकृति बस्तर के सर्वसमावेशी विकास की गति को कई गुना बढ़ाने वाली है। इसके सर्वे के लिए रेल मंत्रालय ने 12 करोड़ 25 लाख रूपये स्वीकृत किये हैं। इससे बस्तर के सुदूर अंचल के लोग उच्च शिक्षा, रोजगार, बेहतर स्वास्थ्य और अपने उत्पादों की बिक्री के लिए रेलमार्ग से सीधे शहर से जुड़ेंगे। समूचा बस्तर क्षेत्र विकास के उच्च आयामों को छुएगा।

वहीं कोरबा से अंबिकापुर तक 180 किलोमीटर की नई रेल लाइन के सर्वे को मिली स्वीकृति कोरबा और सरगुजा के सर्वसमावेशी विकास की गति को कई गुना बढ़ाने वाली है। इसके सर्वे के लिए रेल मंत्रालय ने 4 करोड़ 50 लाख रूपये स्वीकृत किये हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा है कि प्रदेश में रेल सुविधा के क्षेत्र में इन दोनों सर्वे को मिली स्वीकृति क्रांतिकारी परिवर्तन लाएगी, जिससे बस्तर और सरगुजा संभाग में रेल्वे सहित सभी क्षेत्र में अभूतपूर्व विकास का मार्ग प्रशस्त होगा। साथ ही इनसे हजारों-लाखों लोगों के लिए रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे।
और भी

कांग्रेस विधायक देवेंद्र यादव के घर पर पहुंची पुलिस

  छत्‍तीसगढ़ के बलौदाबाजार कलेक्टर कार्यालय में आग लगाए जाने की घटना के बाद वहां की पुलिस शनिवार को दूसरी बार भिलाई नगर के कांग्रेस विधायक देवेंद्र यादव को गिरफ्तार करने के लिए पहुंची है।

बता दें कि बलौदाबाजार कलेक्टर ऑफिस का घेराव करने के लिए सतनामी समाज कुछ माह पूर्व पहुंचा था। उस दौरान लोगों ने आक्रोश व्यक्त करते हुए कलेक्टर ऑफिस में आग लगा दी थी। सरकार ने कलेक्टर और एसपी को तत्काल प्रभाव से वहां से हटा दिया था। इसी मामले को लेकर भिलाई नगर विधायक देवेंद्र यादव को भी नोटिस दिया गया था, क्योंकि आगजनी की घटना के पूर्व भिलाई नगर विधायक देवेंद्र यादव भी वहां उपस्थित थे।


उनके द्वारा वहां पर भाषण भी दिया गया था। इसे ही आधार बनाकर बलौदाबाजार पुलिस लगातार देवेंद्र यादव को नोटिस पर नोटिस दे रही थी, लेकिन वह उपस्थित नहीं हुए। आज जब बलौदाबाजार पुलिस विधायक देवेंद्र यादव के सेक्टर पांच स्थित निवास पर पहुंची तो इसकी जानकारी के बाद उनके समर्थकों को भी हो गई। जिनके द्वारा पुलिस से बहस की गई। इस समय बलौदा बिहार पुलिस देवेंद्र यादव के घर के बाहर इंतजार कर रही है। फिलहाल देवेंद्र यादव अपने घर पर ही है।

 

 

 
और भी

रक्षाबंधन’ पर्व पर सामान्य अवकाश के स्थान पर सार्वजनिक अवकाश घोषित

 छत्तीसगढ़ शासन के सामान्य प्रशासन विभाग ने नवा रायपुर अटल नगर स्थित मंत्रालय द्वारा अधिसूचना के अनुसार 19 अगस्त रक्षाबंधन पर्व पर सार्वजनिक अवकाश घोषित किया गया है। यहां यह उल्लेखनीय है कि राज्य सरकार ने 19 अगस्त 2024, सोमवार को ‘रक्षाबंधन’ पर्व के अवसर पर छत्तीसगढ़ राज्य में पूर्व में सामान्य अवकाश घोषित किया गया था। नवीन अधिसूचना के अनुसार अब 19 अगस्त सोमवार को रक्षाबंधन पर्व पर छत्तीसगढ़ में निगोशिएबल इन्स्ट्रूमेंट्स एक्ट, 1881 के अंतर्गत सार्वजनिक अवकाश रहेगा। सामान्य प्रशासन विभाग द्वारा 11 अक्टूबर 2023 जारी अधिसूचना में आंशिक संशोधन करते हुए यह अधिसूचना जारी की गई है।

 

 

और भी

जब तबले की धुन में गूंज उठा कला केंद्र, हजारों दर्शक हुए कायल

  कलेक्टर डाॅ. गौरव सिंह के मार्गदर्शन में स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर एक शाम शहीदों के नाम पर आधारित कार्यक्रम जिला प्रशासन द्वारा संचालित कला केंद्र परिसर में आयोजन किया गया। इसमें विभिन्न प्रकार के सांस्कृतिक कार्यक्रम की प्रस्तुति दी गई. तीन ताल मिश्रित सर्वाग पर आधारित 22 तबला वादन की अद्भूत प्रस्तुति हुई। जिसके सैकड़ों दर्शक कायल हो गए। इस शानदार प्रस्तुति की खूब प्रशंसा हुई। कार्यक्रम में देशभक्ति के संगीत ने समा बांध दिया। कथक नृत्य में देशभक्ति गीत वंदे मातरम की प्रस्तुति हुई। गिटार के माध्यम से ए वतन, मेरे वतन की धुन, बासुरी वदन में सारे जहां से अच्छा, कथक में ये मेरा इंडिया, गायन में देशभक्ति गीत मेरा कर्मा, तू मेरा धरमा और सरस्वती वंदना, बांसुरी में भुपाली रोग समेत अनेक कार्यक्रमों की प्रस्तुति हुई। कला केंद्र में पोट्रेट की प्रदर्शनी भी लगाई गई। कला केंद्र में मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय, वित्त मंत्री श्री ओ. पी. चौधरी और कलेक्टर डाॅ. गौरव सिंह समेत अन्य पोट्रेट की प्रदर्शनी लगाई गई। यह पोट्रेट कला केंद्र के प्रतिभागियों के द्वारा तैयार की गई थी, जो कि काफी आकर्षण का केंद्र रहा है। इस अवसर पर नगर निगम आयुक्त अबिनाश मिश्रा और जिला पंचायत सीईओ विश्वदीप ने प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन करते हुए कलेक्टर डाॅ. गौरव सिंह द्वारा प्रदान किया गया प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया और उज्जवल भविष्य की शुभकामनाएं दी।

उल्लेखनीय है कि कलेक्टर डाॅ. गौरव सिंह के नेतृत्व में कलाकेंद्र शुरू की गई है। इसकी शुरूआत मार्च महीने में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने की थी। इसमें दो दर्जन से अधिक विधाओं का प्रशिक्षण दिया जाता है। प्रत्येक प्रतिभागियों से माह में महज 500 रूपए ही शुल्क लिया जाता है।

और भी

योजनाओं की जानकारी रखेंगे तो लाभ भी उठा पाएंगे : कलेक्टर

 जिला स्तरीय जन समस्या निवारण शिविर का पहला आयोजन आज पोड़ी-उपरोड़ा विकासखण्ड के सुदरवर्ती ग्राम पंचायत अमझर में आयोजित किया गया। शिविर में कुल 549 आवेदन प्राप्त हुए, जिसमें से 330 का मौके पर निराकरण संबंधित अधिकारियों द्वारा किया गया। लंबित 219 आवेदन मांग संबंधी होने की वजह से कलेक्टर ने परीक्षण कर आवेदनों का निराकरण करने की बात कही। शिविर में ग्रामीणों को योजनाओं से लाभान्वित भी किया गया। शिविर को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि   तुलेश्वर सिंह मरकाम विधायक पाली तानाखार ने कहा कि बहुत खुशी की बात है कि पोड़ी-उपरोड़ा ब्लॉक के अंतिम छोर में स्थित ग्राम अमझर में जिलाप्रशासन द्वारा जिला स्तरीय जनसमस्या निवारण शिविर का आयोजन किया गया है। इस आयोजन से इस क्षेत्र के ग्रामीणों की शिकायतों का त्वरित निराकरण हुआ है। इसके साथ ही उनकी मांगों पर विचार भी किया जा रहा है। शिविर के माध्यम से इस क्षेत्र के विकास को गति मिलेगी। उन्होंने कहा कि दूरस्थ क्षेत्र होने की वजह से स्कूल भवन, पहुंच मार्ग पुल-पुलिया, सड़क, उचित मूल्य दुकान के भवन सहित अन्य कमी महसूस होती है, जिन्हें कलेक्टर के संज्ञान में लाया गया है। उन्होंने सभी समस्याओं को प्राथमिकता के साथ निराकरण की बात कही है।

विधायक श्री मरकाम ने ग्रामीणों को शिविर का लाभ उठाने तथा अपने बच्चों को बेहतर भविष्य के लिए स्कूल भेजने की अपील की। उन्होंने कहा कि जिले के सभी अधिकारी-कर्मचारी का साथ है। ऐसे में  इस क्षेत्र का विकास तेजी से होगा। विधायक श्री मरकाम ने जर्जर बीईओ कार्यालय पोड़ी-उपरोड़ा सहित स्कूल भवनों, आंगनबाड़ी भवन को संवारने सहित अन्य मांग करते हुए ग्राम अमझर स्कूल प्रांगण में अहाता निर्माण, सेमरा में पुलिया निर्माण विधायक मद से करने की घोषणा की। उन्होंने निर्माण कार्यों में गुणवत्ता का ध्यान देने की मांग भी की। शिविर को संबोधित करते हुए जिला पंचायत अध्यक्ष शिवकला कंवर ने कहा कि ग्रामीण अपने क्षेत्र में आयोजित होने वाले शिविर का लाभ जरूर उठाएं। यहां शासन की योजनाओं की जानकारी मिलने के साथ ही वे अपनी समस्याओं का निराकरण भी संबंधित अधिकारी के माध्यम से करा सकते हैं। शिविर में उपस्थित पुलिस अधीक्षक  सिद्धार्थ तिवारी ने कहा कि उन्होंने सभी थाना, पुलिस चौकी प्रभारियों को निर्देशित किया है कि कोरबा व छत्तीसगढ़ पुलिस आम नागरिकों की रक्षा के लिए है, आम नागरिक को किसी प्रकार की समस्या है तो वे बेझिझक अपनी बात थाना में जाकर रख सकते हैं। उन्होंने गांव के युवाओं को रोजगार से जोड़ने के लिए प्रशिक्षण का आयोजन इन क्षेत्रों में करने की मांग की। साथ ही चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने सीसीटीवी लगाने के संबंध में जानकारी दी।

शिविर में कलेक्टर श्री अजीत वसंत ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के निर्देश पर कोरबा जिला मुख्यालय के सुदुरवर्ती ग्राम पंचायत अमझर में आज जिले का प्रथम जन समस्या निवारण शिविर आयोजित किया गया। शिविर में शिकायत और मांग संबंधी आवेदन प्राप्त हुए हैं, जिसमें से शिकायतों का त्वरित निराकरण कर दिया गया है। मांग संबंधी आवेदन क्षेत्र के विकास कार्यों से जुड़े हुए हैं। सभी आवेदनों का परीक्षण कर आवश्यक निर्णय लिए जाएंगे और विकास कार्यों से संबंधित आवेदनों का निराकरण प्राथमिकता से सुनिश्चित किया जाएगा। कलेक्टर ने क्षेत्र के ग्रामीणों को बताया कि दूरस्थ क्षेत्र होने की वजह से यहां अनेक हाई एवं हायर सेकेण्डरी विद्यालयों में व्याख्याताओं की कमी थी। इसके साथ ही भवन विहीन होने की वजह से शिक्षा प्रभावित हो रही थी। डीएमएफ के माध्यम से क्षेत्र के विद्यालयों में अतिथि व्याख्याता की व्यवस्था की गई है। इसके साथ ही नए स्कूल भवन भी स्वीकृत किए गए हैं। आने वाले दिनों में इस क्षेत्र के लिए आवश्यकतानुसार नए स्कूल भवन, आंगनबाड़ी भवन तथा अन्य भवन स्वीकृत किए जाएंगे। पसान के विद्यालय में भवन, साइकल स्टैण्ड की भी मांग आई है। सभी मांगों को पूरा करने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने कहा कि शिक्षा, स्वास्थ्य, पोषण मुख्यमंत्री की प्राथमिकता में है और जिला प्रशासन इन प्राथमिकताओं को ध्यान रखते हुए जिला खनिज संस्थान न्यास के माध्यम से पूरा किया जाएगा। उन्होंने ग्रामीणों को स्कूलों में मध्यान्ह भोजन से पूर्व सुबह नाश्ता मिलने की जानकारी दी और कहा कि वे अपने बच्चों से प्रतिदिन नाश्ता के संबंध में अवश्य पूछें। किसी प्रकार की शिकायत हो तो संबंधित क्षेत्र के अधिकारी को सूचित करें। कलेक्टर ने ग्रामीणों से कहा कि जन समस्या निवारण शिविर में सभी विभाग के अधिकारी उपस्थित होते हैं और वे अपने-अपने विभाग में संचालित योजनाओं की जानकारी देते हैं। आप सभी विभागीय योजनाओं की जानकारी प्राप्त करेंगे तो निश्चित ही आप अपनी आवश्यकता अनुसार योजनाओं का लाभ उठा पाएंगे। इस दौरान जिला पंचायत उपाध्यक्ष संतोषी पेन्द्रो, जिला पंचायत सीईओ संबित मिश्रा, डीएफओ कटघोरा कुमार निशांत, अपर कलेक्टर अनुपम तिवारी, एसडीएम पोड़ी-उपरोड़ा रोहित सिंह, बीईओ डी. लाल, जनपद सीईओ खगेश निर्मलकर सहित क्षेत्र के जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण तथा अधिकारी उपस्थित थे।

योजनाओं से लाभान्वित हुए ग्रामीण -

शिविर में मुख्य अतिथि द्वारा विभिन्न विभागों में संचालित योजनाओं से ग्रामीणों को लाभान्वित किया गया। जिसके अंतर्गत राजस्व विभाग द्वारा स्कूल शिक्षा विभाग के सहयोग से 178 विद्यार्थियों को स्थायी जाति प्रमाण पत्र प्रदान किया गया। जनपद पंचायत पोड़ी-उपरोड़ा द्वारा राष्ट्रीय परिवार सहायता योजना के तहत पिपरिया पंचायत के रामवती मराबी, कुंवरिया आयम एवं खोडरी पंचायत के सोनकुंवर पोट्टाम को 20-20 हजार का सहायता राशि का चेक प्रदान किया गया। 05 लोगों को राशन कार्ड वितरित किया गया। समाज कल्याण विभाग द्वारा अमझर की 65 वर्षीय समेदिया बाई को श्रवण यंत्र प्रदान किया गया। स्कूल शिक्षा विभाग द्वारा 07 स्कूली विद्यार्थियों को जाति प्रमाण पत्र प्रदान किया गया। महिला बाल विकास विभाग द्वारा 04 मध्यम कुपोषित बच्चों को सुपोषण टोकरी भेंट किया गया एवं 02 बच्चों का अन्नप्राशन किया गया। उद्यानिकी विभाग द्वारा अमझर के 10 ग्रामीणों को फलदार पौधे का वितरण किया गया। शिविर में जनसंपर्क विभाग द्वारा ग्रामीणों को शासन की योजनाओं से संबंधित जनमन पत्रिका का वितरण किया गया। कृषि विभाग द्वारा पीएम किसान सम्मान निधि शिविर का आयोजन भी  किया गया जिसमें 14 ईकेवाईसी, लैण्ड सीडिंग, एक पंजीयन किया गया। स्वास्थ्य विभाग द्वारा शिविर में 320 लोगों स्वास्थ्य परीक्षण कर उन्हें आवश्यक दवाइयां प्रदान की गई। साथ ही स्वास्थ्य संबंधी आवश्यक परामर्श भी प्रदान किया गया।

पेट्रोल चलित मोटर पंप पाकर किसान हुए खुश -

कृषि विभाग द्वारा शाकंभरी योजनांतर्गत किसानों को सिंचाई सुविधा उपलब्ध कराने हेतु 03 किसानों को पेट्रोल चलित मोटर पंप का वितरण किया गया। जिसमें कोटमर्रा के  किसान मानकुंवर, समलई के किसान जलकुंवर व विशेश्वर शामिल है। मोटर पंप की कीमत 21 हजार से अधिक है। किसान को लागत का 75 प्रतिशत अधिकतम 10 हजार रुपये का सब्सिडी प्रदान किया जाएगा। मोटर पंप मिलने से किसानों के चेहरे पर प्रसन्नता झलक रही थी, उन्होंने कहा कि इससे उनके उत्पादन में बढ़ोत्तरी होगी साथ ही फसलों की सिंचाई के लिए परेशानी नहीं होगी।

श्रवण यंत्र से सुन पाएगी सिसोदिया बाई -

अमझर के शिविर में अमझर की 65 वर्षीय वृद्धा सिसोदिया बाई को विधायक एवं कलेक्टर द्वारा श्रवण यंत्र प्रदान किया गया। सिसोदिया बाई ने बताया कि वह ठीक से सुन नहीं पाती है, इसलिए आज शिविर में श्रवण यंत्र की मांग की थी। शिविर में उनकी मांग तत्काल पूरी कर दी गई। अब श्रवण यंत्र के माध्यम से ठीक से सुन पाएगी।

 

और भी

उप मुख्यमंत्री जंगलवार महाविद्यालय में प्रशिक्षण के बारीकियों से हुए रूबरू

  प्रदेश के उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा कांकेर स्थित काउंटर टेरेरिज्म एंड जंगल वारफेयर महाविद्यालय में पहुंचकर वहां प्रशिक्षण की बारीकियों से अवगत हुए। उन्होंने कहा कि यह महाविद्यालय देश एवं राज्य की सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए बहुत ही कारगर है। इससे हमारे जवान हर मोर्चे में विभिन्न परिस्थितियों से निपटने के लिए तैयार हो रहे हैं। इस दौरान उन्होंने प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे जवानों से मिलकर उनसे संवाद किया और उनका उत्साहवर्धन किया।  

सबसे पहले उपमुख्यमंत्री श्री शर्मा को जंगलवार फेयर कॉलेज के प्रभारी डी आई जी श्री एस. एल बघेल ने पीपीटी के माध्यम से प्रशिक्षण कार्यक्रमों और पुलिस एवं रक्षा के प्रशिक्षणार्थियों को वहां पर दिए जाने वाले प्रशिक्षण एवं गुरिल्ला युद्ध तकनीक के सभी पहलुओं के बारे में संक्षिप्त में बताया। इसके अलावा दुर्गम पहाड़ियों, घने जंगलों और पहुंचविहीन क्षेत्रों में प्रतिरक्षा से संबंधित अभ्यासों के संबंध में लघु फ़िल्म दिखाकर जानकारी दी गई। साथ ही उन्हें कॉलेज की स्थापना के उद्देश्य की जानकारी दी गई। इसके पश्चात उपमुख्यमंत्री श्री शर्मा ने महाविद्यालय में स्थित म्यूजियम में छत्तीसगढ़ राज्य के प्रमुख माओवादी घटनाक्रम से अवगत हुए। उपमुख्यमंत्री श्री शर्मा ने जंगलवार कॉलेज के सभी प्रशिक्षण स्थलों पर जाकर विभिन्न प्रशिक्षण कार्यक्रम का प्रशिक्षार्थियों के द्वारा अभ्यास का डेमो दिखाया गया। इस दौरान उन्होंने अभ्यास के सभी डेमो को बारीकी से देखा और प्रशिक्षण कार्यक्रम की सराहना की। अंत में उपमुख्यमंत्री श्री शर्मा को जंगलवार महाविद्यालय की ओर से स्मृति चिन्ह प्रदाय किया गया। इस अवसर पर आई.जी. बस्तर श्री सुन्दरम पी., वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आई. के. एलेसेला, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मनीषा ठाकुर सहित पुलिस विभाग के अधिकारीगण उपस्थित थे।

और भी

जिला स्तरीय शान्ति समिति की बैठक

  एडीएम आर.ए. कुरूवंशी की मौजूदगी में जिला स्तरीय शांति समिति की बैठक आज यहां जिला कार्यालय के मंथन सभाकक्ष में आयोजित की गई। बैठक में कृष्ण जन्माष्टमी, गणेशोत्सव एवं अनंत चतुर्दशी (गणेश विसर्जन), विश्वकर्मा जयंती एवं मिलाद-उन-नबी सहित अन्य पर्व आपसी तालमेल एवं भाईचारे की भावना के साथ सौहार्द्रपूर्ण माहौल में मनाने का निर्णय लिया गया। 

इस दौरान कानून व्यवस्था बनाये रखने गणेश चतुर्थी के लिए पंडाल, स्वागत, विसर्जन, मिलाद-उन-नबी पर्व के दौरान आवश्यक प्रशासनिक व्यवस्था के संबंध में विचार विमर्श किया गया। एडीएम ने शांति समिति के सदस्यों और समाज प्रमुखों से अपील करते हुए कहा कि शहर की गौरवशाली परम्परा की तरह इस बार भी आपसी समन्वय और भाईचारे की भावना के साथ पर्व मनाएं। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया पर किसी भी तरह के भ्रामक सूचनाओं के प्रचार-प्रसार से बचना चाहिए।

ऐसे लोगों पर खुद भी नजर रखें और इसकी जानकारी पुलिस प्रशासन को तत्काल देवें। इस अवसर पर एडीएम ने पर्व के पूर्व सभी थाना क्षेत्रों में शांति समिति की बैठक आयोजित करने के निर्देश भी दिए और बिजली, पानी सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने कहा। पुलिस, नगर निगम, स्वास्थ्य विभाग, बिजली विभाग को जिम्मेदारी सौंपते हुए सजग रहने के निर्देश दिए गये। सभी धार्मिक एवं समाज प्रमुखों ने शांतिपूर्ण तरीके से सभी का सम्मान करते हुए समारोह आयोजन करने का भरोसा दिलाया। विशेषकर शहर में यातायात बाधित न हो, इसका ध्यान रखा जायेगा। एडीशल एसपी उमेश कश्यप ने कहा कि आयोजन समिति बड़े पंडालों में सीसीटीव्ही कैमरा लगाएं।

परंपरागत वाद्ययंत्रों को प्रयोग करें। सभी पूजा समितियों को गणेश पर्व के दौरान पंडाल लगाने की अनुमति एसडीएम से लेनी होगी। गणेश विसर्जन निर्धारित विसर्जन स्थलों पर ही किया जाए और छोटे बच्चों को विसर्जन स्थल पर न ले जाया जाए। गणेश विसर्जन 17 एवं 18 सितम्बर को किया जाए। बैठक में एडीशल कमिश्नर खजांची कुमार, संयुक्त कलेक्टर मनीष साहू, सिटी मजिस्ट्रेट प्रवेश पैकरा, एसडीएम पीयूष तिवारी, शांति समिति के सदस्य इरशाद अली, हबीब मेमन, सुधीर खण्डेलवाल, शेखर मुदलीयार सहित विभिन्न सामाजिक संगठनों के पदाधिकारी एवं शांति समिति के सदस्य मौजूद थे।

 

 

और भी