छत्तीसगढ़ - Newsportal | Chhattisgarh Darpan Media Group

छत्तीसगढ़

छत्तीसगढ़ में अब चलेगी ट्रिपल इंजन की सरकार, विकास कार्यों को मिलेगी नई रफ्तार - विष्णु देव साय

 छत्तीसगढ़ में हुए नगरीय निकाय चुनावों में भारतीय जनता पार्टी ने ऐतिहासिक जीत दर्ज की है, जिससे यह स्पष्ट हो गया है कि प्रदेश की जनता ने मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व, सुशासन और विकास कार्यों पर अपनी मुहर लगा दी है।


जनता ने मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के 13 महीनों के सुशासन को सराहा

मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने इस अभूतपूर्व जनादेश के लिए छत्तीसगढ़ की जनता का हृदय से आभार व्यक्त किया और कहा कि यह जीत केवल एक चुनावी जीत नहीं, बल्कि जनता के भरोसे और आशीर्वाद की विजय है।
उन्होंने कहा कि जनता ने हमारे 13 महीनों के सुशासन को सराहा है, ‘मोदी की गारंटी’ की तरह ही ‘अटल विश्वास पत्र’ पर भी जनता ने विश्वास जताया है। हम इस भरोसे को कभी टूटने नहीं देंगे और जनता से किए गए हर वादे को पूरा करेंगे।

10 में से 10 नगर निगमों में भाजपा की जीत, रायपुर और बिलासपुर में ऐतिहासिक बढ़त

अभी तक आए चुनाव परिणामों  के अनुसार 10 में से 10 नगर निगमों में भाजपा विजयी हुई है, साथ ही 49 नगर पालिकाओं में से 35 में और 114 नगर पंचायतों में से 81 पर भाजपा की शानदार जीत हुई है।

मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि रायपुर में भारतीय जनता पार्टी को 1,53,290 मतों से ऐतिहासिक विजय मिली, जो यह दर्शाता है कि जनता ने भ्रष्टाचार मुक्त प्रशासन और पारदर्शी सुशासन को चुना है। बिलासपुर में भी भाजपा की श्रीमती पूजा विधानी ने 66,179 मतों से जीत हासिल की है।

रायगढ़: भारतीय जनता पार्टी की प्रतिबद्धता और जीवर्धन भाई की ऐतिहासिक जीत

मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि रायगढ़ नगर निगम चुनाव में भारतीय जनता पार्टी ने एक बार फिर सिद्ध कर दिया कि वह अपने समर्पित कार्यकर्ताओं को सम्मान देने वाली पार्टी है। जीवर्धन भाई, जो वर्षों से पार्टी के प्रति निष्ठावान रहे हैं और आज भी चाय बेचकर अपने परिवार का भरण-पोषण करते हैं, को पार्टी ने महापौर का टिकट दिया। यह सिर्फ एक राजनीतिक निर्णय नहीं, बल्कि भाजपा की कार्यकर्ता-केन्द्रित विचारधारा और संगठनात्मक मजबूती का प्रमाण है। जीवर्धन भाई ने अपनी कड़ी मेहनत और जनता के विश्वास से 34, 365 मतों से ऐतिहासिक विजय प्राप्त की। यह न केवल रायगढ़ बल्कि पूरे प्रदेश में एक मिसाल है कि पार्टी कार्यकर्ताओं की निष्ठा और ईमानदारी का उचित सम्मान भाजपा में ही संभव है। इस जीत से यह स्पष्ट होता है कि जनता अब केवल वादों पर नहीं, बल्कि जमीनी स्तर पर कार्य करने वाले नेताओं पर भरोसा जता रही है। रायगढ़ में भाजपा की यह अभूतपूर्व सफलता पार्टी की जनसेवा और विकास की प्रतिबद्धता का परिणाम है।मुख्यमंत्री ने कहा कि नगर निकाय चुनावों में यह परिणाम भाजपा के संगठनात्मक मजबूती, नेतृत्व की दूरदृष्टि और जनता के प्रति समर्पण का प्रमाण है। यह जीत रायगढ़ के विकास की नई संभावनाओं को खोलने वाली होगी, जहां जनहित की योजनाओं को प्राथमिकता दी जाएगी।  भाजपा में मेहनत और निष्ठा की कद्र की जाती है, जीवर्धन भाई इसका सशक्त उदाहरण हैं।

जनता ने कांग्रेस की विफलताओं को किया खारिज, भाजपा के सुशासन को दिया समर्थन

मुख्यमंत्री श्री साय ने कांग्रेस सरकार की विफलताओं पर भी निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस ने निकायों को भ्रष्टाचार का अड्डा बना दिया था, मेयर और अध्यक्षों के चुनाव को प्रत्यक्ष प्रणाली से हटा दिया गया था। लेकिन भाजपा सरकार ने लोकतंत्र की बहाली करते हुए चुनाव को पुनः प्रत्यक्ष प्रणाली से कराया और इसका परिणाम है कि कांग्रेस के पिछले मेयर आज पार्षद बनने में भी असफल रहे हैं।

‘मोदी गारंटी’ की तरह ‘अटल विश्वास पत्र’ भी होगा 100 प्रतिशत लागू

मुख्यमंत्री श्री साय ने आश्वस्त किया कि हमने जो भी वादे अटल विश्वास पत्र में किए हैं, वे 100 प्रतिशत  पूरे किए जाएंगे। हमारी सरकार विकास, पारदर्शिता और सुशासन के प्रति प्रतिबद्ध है। भाजपा की कथनी और करनी में कोई अंतर नहीं है। हमने जो कहा, उसे पूरा किया और आगे भी करेंगे।

जनकल्याणकारी योजनाओं की जीत

इस चुनाव में भाजपा सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं पर जनता ने अपनी स्वीकृति दी है। महतारी वंदन योजना के तहत महिलाओं को आर्थिक संबल, प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत लाखों गरीबों को सम्मानजनक आवास, किसानों के लिए रिकॉर्ड धान खरीदी और बोनस भुगतान, शराब घोटाले की जांच, सरकारी भर्तियों की पारदर्शिता, भ्रष्टाचार पर सख्ती और प्रशासन में पारदर्शिता पर जनता ने अपनी मुहर लगा दी है।

भाजपा कार्यकर्ताओं की मेहनत को समर्पित यह जीत

मुख्यमंत्री श्री साय ने भाजपा कार्यकर्ताओं को भी बधाई देते हुए कहा कि यह जीत हमारे कार्यकर्ताओं की मेहनत की जीत है। प्रत्येक कार्यकर्ता ने भाजपा सरकार की उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने में परिश्रम किया। यह जीत केवल एक चुनावी जीत नहीं, बल्कि लोकतंत्र की पुनः स्थापना का प्रतीक है।

निकायों में अब दिखेगा बदलाव, जनता की तरक्की होगी सर्वोच्च प्राथमिकता

मुख्यमंत्री श्री साय ने जनता को आश्वस्त करते हुए कहा कि अब निकायों में भी बदलाव दिखेगा, विकास होगा, जनता की तरक्की हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता बनी रहेगी। हम छत्तीसगढ़ के हर नगर, हर गांव को विकास के नए आयाम तक पहुंचाएंगे।

आगे पंचायत चुनावों में भी ऐतिहासिक जीत की तैयारी

मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि अब आने वाले पंचायत चुनावों में भी जनता भाजपा को भारी समर्थन देगी, क्योंकि जनता ने भाजपा के विकास मॉडल को देखा और स्वीकार किया है।
प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ में ट्रिपल इंजन सरकार बनेगी और विकास को नई गति मिलेगी। मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने कहा कि यह जीत प्रदेश की जनता की जीत है, यह जीत प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन की जीत है और यह जीत भाजपा के सुशासन और ईमानदार राजनीति की जीत है।


भूपेश बघेल को कांग्रेस ने महासचिव बनाया, लेकिन उनके विधानसभा क्षेत्र की जनता ने उन्हें करारी हार का 'धन्यवाद' दिया – मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय

कांग्रेस का असली जनाधार उजागर – भूपेश बघेल के खुद के क्षेत्र में पार्टी को करारी हार

मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि कांग्रेस पार्टी ने उन्हें महासचिव बनाकर सम्मान दिया, लेकिन उनके अपने विधानसभा क्षेत्र की जनता ने उन्हें 'धन्यवाद' कुछ अलग अंदाज में दिया – तीनों नगरीय निकायों में कांग्रेस को बुरी तरह हराकर!  उन्होंने कहा कि कल कांग्रेस ने भूपेश बघेल को राष्ट्रीय महासचिव बनाया, लेकिन आज उनके खुद के विधानसभा क्षेत्र की जनता ने कांग्रेस को पूरी तरह नकार दिया। तीनों – दो नगर पंचायत और एक नगर पालिका में कांग्रेस को करारी हार का सामना करना पड़ा। यही जनता का असली जवाब है। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह परिणाम कांग्रेस के खोखले दावों और झूठी राजनीति का सबूत है। जनता ने कांग्रेस की गलत नीतियों को पूरी तरह अस्वीकार कर दिया है। छत्तीसगढ़ की जनता अब समझ चुकी है कि कांग्रेस के पास सिर्फ वादे हैं, काम नहीं।

मुख्यमंत्री ने  कांग्रेस पर हमला बोलते हुए कहा कि 2018 में कांग्रेस ने 36 वादों का घोषणापत्र जारी किया था, लेकिन 5 साल में कुछ नहीं किया। यही कारण है कि 2023 के विधानसभा चुनाव में जनता ने उन्हें पूरी तरह नकार दिया। अब कांग्रेस चाहे जो भी वादे करे, जनता उस पर भरोसा नहीं करने वाली। कांग्रेस की विश्वसनीयता पूरी तरह समाप्त हो चुकी है।


जो महापौर थे,  उन्हें इस चुनाव में पार्षद पद के लायक भी जनता ने नहीं समझा

मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने छत्तीसगढ़ के नगरीय निकाय चुनावों में भाजपा की ऐतिहासिक जीत को लोकतंत्र की पुनर्स्थापना और जनता के अधिकारों की बहाली करार दिया है। उन्होंने कांग्रेस पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि पिछले चुनाव में कांग्रेस ने लोकतांत्रिक व्यवस्था को ध्वस्त कर दिया था, लेकिन भाजपा सरकार ने जनता को फिर से उनका अधिकार सौंपा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार ने 5 साल पहले नगरीय निकाय चुनावों में लोकतंत्र की हत्या कर दी थी। उन्होंने मेयर और अध्यक्ष का चुनाव जनता से छीनकर इनडायरेक्ट प्रणाली में डाल दिया था, ताकि जनता के बजाय कांग्रेस नेताओं की मर्जी से अपने लोग सत्ता में आ सकें। यह लोकतंत्र की आत्मा के खिलाफ था। उन्होंने कहा कि कांग्रेस शासन में जनता का सिर्फ शोषण हुआ, और जब भाजपा सरकार ने प्रत्यक्ष चुनाव प्रणाली लागू की, तो जनता ने भी भाजपा को ऐतिहासिक जनादेश देकर अपना विश्वास जताया।

मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि भाजपा सरकार ने लोकतंत्र के मूल सिद्धांतों को पुनर्स्थापित किया, जिससे जनता को सीधे अपने नगर निगम, नगर पालिका और नगर पंचायत के नेताओं को चुनने का अधिकार मिला। उन्होंने कहा कि हमने साहस दिखाया और जनता को प्रत्यक्ष मतदान का अधिकार दिया। अब मेयर और अध्यक्ष का चुनाव पार्षदों के वोट से नहीं, बल्कि जनता के वोट से हो रहा है। जनता को जब सही अधिकार मिला, तो उन्होंने कांग्रेस को पूरी तरह नकार दिया और भाजपा को अभूतपूर्व समर्थन दिया। इसका नतीजा यह हुआ कि जो कांग्रेस नेता पिछले चुनाव में इनडायरेक्ट चुनाव से मेयर बने थे, वे इस बार पार्षद का चुनाव भी नहीं जीत सके।पिछले चुनाव में जो नेता इनडायरेक्ट प्रणाली से मेयर बने थे, इस बार जनता ने उन्हें पूरी तरह नकार दिया। वे अब पार्षद का चुनाव जीतने के लायक भी नहीं रहे। यह लोकतंत्र की असली जीत है।
और भी

रायपुर नगर निगम चुनाव : मतगणना के दौरान यातायात व पार्किंग के लिए प्लान तैयार...

 नगरीय निकाय चुनाव 11 फरवरी को संपन्न हुए, जिसके बाद मतगणना 15 फरवरी को होगी। रायपुर नगर निगम के लिए मतगणना शासकीय इंजीनियरिंग कॉलेज सेजबहार में संपन्न होगी। मतगणना के सुचारू संचालन और यातायात को व्यवस्थित बनाए रखने के लिए रायपुर यातायात पुलिस ने विशेष पार्किंग प्लान तैयार किया है।

यातायात एवं पार्किंग व्यवस्था:
शासकीय इंजीनियरिंग कॉलेज के मुख्य द्वार से केवल पर्यवेक्षक (ऑब्जर्वर), रिटर्निंग ऑफिसर (RO) एवं सहायक रिटर्निंग ऑफिसर (ARO) के वाहनों को प्रवेश की अनुमति होगी।

मतगणना कार्य में संलग्न सरकारी अधिकारी एवं कर्मचारी अपने वाहन इंजीनियरिंग कॉलेज के गेट के बाजू स्थित मैदान में पार्क करेंगे और पैदल मतगणना स्थल पर पहुंचेंगे।



प्रत्याशी एवं उनके गणना एजेंट अपने वाहन इंजीनियरिंग कॉलेज के मुख्य द्वार के सामने निर्धारित पार्किंग स्थल पर खड़े कर पैदल मतगणना स्थल में प्रवेश करेंगे।



प्रिंट एवं इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के वाहनों के लिए इंजीनियरिंग कॉलेज के मुख्य द्वार के बाहर विशेष पार्किंग स्थल निर्धारित किया गया है।

यातायात डायवर्जन:
मतगणना के दौरान भारी वाहनों को पुराना धमतरी रोड, कमल विहार तिराहा और भरेंगाभाठा चौक से डायवर्ट किया जाएगा, ताकि मतगणना स्थल के आसपास यातायात बाधित न हो।

यातायात पुलिस ने आम जनता से सहयोग की अपील की है और निर्देशों का पालन करने की सलाह दी है ताकि मतगणना के दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था न हो।

और भी

सारंगढ़ में विवाद के बाद युवक की गोली मारकर हत्या, 4 गिरफ्तार, 1 फरार...

  जिला मुख्यालय सारंगढ़ में गोलीकांड का सनसनीखेज मामला सामने आया है, जिसमें एक युवक की गोली लगने से मौत हो गई। पुलिस ने मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि मुख्य आरोपी कृष्णा राजपूत की तलाश जारी है।


क्या है मामला?
घटना गुरुवार को सूर्या बेकरी के सामने हुई। बताया जा रहा है कि प्लास्टिक जलाने को लेकर हुए विवाद में ललिता बघेल, पिंटू जांगड़े, कृष्णा राजपूत और उनके अन्य साथियों ने बेकरी के कर्मचारियों के साथ गाली-गलौज और झगड़ा किया। इसी दौरान विवाद बढ़ गया और मुखलाल मांझी को सीने में गोली मार दी गई।

गोली लगने से मुखलाल मांझी गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे तत्काल अस्पताल ले जाया गया, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

पुलिस की कार्रवाई
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। सीसीटीवी फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस ने एक मैगजीन, एक गाड़ी और मोबाइल फोन भी जब्त किया है। हालांकि, मुख्य आरोपी कृष्णा राजपूत अभी फरार है, जिसकी तलाश की जा रही है।

पुलिस ने कहा कि आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा और मामले में कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

 

 

और भी

निकाय चुनाव: मतगणना 15 को, अधिकारियों को मिला प्रशिक्षण

 कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी विलास भोसकर के मार्गदर्शन में नगरीय निकाय निर्वाचन 2025 के तहत मतगणना प्रशिक्षण जिला पंचायत सभाकक्ष में आयोजित किया गया, जिसमें सामान्य  प्रेक्षक डॉ. संतोष कुमार देवांगन, उप जिला निर्वाचन अधिकारी सुनील नायक, जिला मुख्य कार्यपालन अधिकारी सरगुजा विनय कुमार अग्रवाल सहित अन्य अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।


 प्रशिक्षण कार्यक्रम में मुख्य प्रशिक्षक डॉ. राजकमल मिश्रा ने मतगणना प्रक्रिया से जुड़े नियमों और प्रक्रियाओं पर विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि मतगणना निर्वाचन प्रक्रिया का सबसे संवेदनशील चरण है, इसलिए इसे अत्यंत गंभीरता से लिया जाना चाहिए। मतगणना स्थल पर सख्त सुरक्षा व्यवस्था के तहत प्रवेश दिया जाएगा और मोबाइल फोन तथा अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों को ले जाने की अनुमति नहीं होगी।  

 



 प्रशिक्षण में बताया गया कि मतगणना के दौरान इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन की गणना की जाएगी और प्रत्येक मतपत्र की संवीक्षा की जाएगी। अविधिमान्य मतों को अलग किया जाएगा, जबकि विधिमान्य मतों की अभ्यर्थीवार गणना की जाएगी। गणना परिणाम प्रारूप 20 और 21-क में दर्ज किए जाएंगे।  

 



 मशीन से मतगणना के दौरान प्रत्येक मतदान केंद्र की मशीनों की अलग-अलग जांच की जाएगी और परिणामों को प्रारूप 18-क में दर्ज किया जाएगा। रिटर्निंग अधिकारी द्वारा प्रारूप 22-क में सारणी तैयार की जाएगी और अंतिम परिणाम घोषित किया जाएगा। यदि किसी अभ्यर्थी द्वारा पुनर्गणना की मांग की जाती है, तो रिटर्निंग अधिकारी इस पर विचार करेंगे और आवश्यकता पड़ने पर पुनर्गणना की जाएगी।  

 



 गौरतलब है कि 15 फरवरी 2025 को प्रातः 09ः00 बजे से नगर पालिक निगम अम्बिकापुर के महापौर एवं समस्त 48 वार्डों के पार्षदों के मतगणना का कार्य प्रारम्भ किया जाएगा। मतगणना हेतु पॉलिटेक्निक कॉलेज में 03 मतगणना कक्ष स्थापित किये गये हैं, जिनमें मतदान केंन्द्रवार मतगणना की जायेगी। इसी तरह नगर पंचायत लखनपुर एवं नगर पंचायत सीतापुर में भी निर्धारित समय प्रातः 9 बजे से प्रारंभ होगी।

 

 

 
और भी

30 किलोग्राम हेरोइन जब्त

  पुलिस ने शुक्रवार को 30 किलोग्राम हेरोइन जब्त करने के साथ एक तस्कर को गिरफ्तार किया और सीमा पार से मादक पदार्थ की तस्करी करने वाले एक गिरोह का भंडाफोड़ करने का दावा किया। पुलिस के अनुसार, ड्रोन का उपयोग कर पाकिस्तान से मादक पदार्थ की तस्करी की जा रही थी और यह इस साल की अब तक की सबसे बड़ी खेप जब्त की गई है।

पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) गौरव यादव ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘खुफिया जानकारी के आधार पर अभियान में अमृतसर ग्रामीण पुलिस ने सीमा पार से तस्करी करने वाले एक गिरोह का भंडाफोड़ किया है, पुलिस ने एक कार से 30 किलोग्राम हेरोइन बरामद की और मादक पदार्थ के एक तस्कर को गिरफ्तार किया।

पाकिस्तान से मादक पदार्थ लाने के लिए ड्रोन का इस्तेमाल किया गया था।’’ उन्होंने कहा, ‘‘गिरफ्तार आरोपी बड़े पैमाने पर हेरोइन की तस्करी में संलिप्त था और बताया गया है कि हाल ही में उसे सीमा पार से ड्रोन के जरिए तस्करी की गई हेरोइन की बड़ी खेप मिली थी।’’ उन्होंने बताया कि घरिंडा थाने में स्वापक औषधि एवं मन: प्रभावी पदार्थ(एनडीपीएस) अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। यादव ने कहा कि इसमें शामिल अन्य व्यक्तियों की पहचान करने और तस्करी के गिरोह का पता लगाने के लिए जांच जारी है।

और भी

राज्यपाल ने महाकुंभ के अवसर पर त्रिवेणी संगम में किया स्नान

  श्रद्धा और आस्था के प्रतीक ‘महाकुंभ‘ के अवसर पर राज्यपाल रमेन डेका ने प्रयागराज के त्रिवेणी संगम में स्नान कर प्रदेश एवं समस्त देशवासियों के सुख-समृद्धि की कामना की।


राज्यपाल ने कहा कि सनातन के इस महापर्व के अवसर पर डुबकी लगाना परम सौभाग्य की बात है। ऐसे पुण्य क्षणों का लाभ लेना अत्यंत सुखद एवं मन को शांति प्रदान करने वाला होता है। इस अवसर पर राज्यपाल के परिजन भी उपस्थित थे।

 

 

और भी

प्रयागराज पहुंचे सीएम साय, त्रिवेणी संगम में लगाई डुबकी...

 अपने मंत्रिमंडल व अन्य जनप्रतिनिधियों संग मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय गुरुवार को प्रयागराज महाकुंभ पहुंचे। सीएम साय, राज्यपाल व विधानसभा अध्यक्ष समेत सभी मेहमान अरेल घाट पहुंचे, जहां से मोटर बोट के जरिए त्रिवेणी संगम पहुंचे। यहां उन्होंने संगम में डुबकी लगाई और छत्तीसगढ़ व देश के लिए सुख समृद्धि की कामना की।

और भी

24 घंटे में पुलिस ने सुलझाया 60 लाख की डकैती का मामला, 10 आरोपी गिरफ्तार

 राजधानी के खम्हारडीह थाना क्षेत्र के अनुपम नगर में 11 फरवरी को हुई 60 लाख की डकैती के मामले में पुलिस ने 24 घंटे के भीतर 10 आरोपियों को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। गिरफ्तार आरोपियों में नागपुर के दो अंतरराज्यीय अपराधी और एक महिला शामिल हैं।

पीड़ित मनोहरण वेलू ने पुलिस को बताया कि वह अपनी बहनों प्रेमा वेलू और रंजनी वेलू के साथ अनुपम नगर के डी-14 मकान में रहते हैं। 11 फरवरी को दोपहर 2:30 से 3:20 बजे के बीच दो नकाबपोश बदमाश सेना की वर्दी में घर में घुसे और झूठे आरोपों की जांच के बहाने बातचीत करने लगे। तभी एक अन्य व्यक्ति भी अंदर आ गया और अचानक उन्होंने पीड़ित पर हमला कर उसे हाथ-पैर बांध दिया और मुंह पर टेप चिपका दिया।

इसके बाद चार और बदमाश (तीन पुरुष और एक महिला) अंदर घुसे और घर में रखे 65.25 लाख रुपये नकद, सोने की तीन चेन और तीन मोबाइल फोन लूटकर फरार हो गए।

क्राइम ब्रांच और साइबर यूनिट की जबरदस्त जांच
पुलिस महानिरीक्षक अमरेश मिश्रा और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह के निर्देश पर एंटी क्राइम और साइबर यूनिट की 10 टीमें गठित की गईं। पुलिस ने CCTV फुटेज, मोबाइल लोकेशन और मुखबिर की मदद से आरोपियों को ट्रेस किया।

पुलिस जांच में सामने आया कि मुख्य आरोपी ए. सोम शेखर बीएसएफ में सूबेदार था और 2011 में स्वैच्छिक सेवानिवृत्ति ली थी। उसने अपने साथी देवलाल वर्मा और कमलेश वर्मा के साथ मिलकर इस डकैती की योजना बनाई थी। शेखर को पीड़ित परिवार की आर्थिक स्थिति की जानकारी थी, इसलिए उसने अपने साथियों को यह वारदात अंजाम देने के लिए तैयार किया।

पुलिस ने आरोपियों के पास से 59.50 लाख रुपये नकद, सोने के आभूषण, घटना में इस्तेमाल दो कारें (रिज्ड और अल्टो) जब्त की हैं। मामले में धारा 310(2), 331(5), 123, 351(3) बीएनएस और 25, 27 आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस अब आरोपियों के अन्य अपराधों से जुड़े रिकॉर्ड खंगाल रही है और गिरोह से जुड़े अन्य संदिग्धों की तलाश जारी है।

गिरफ्तार आरोपी...
01.    अजय ठाकुर पिता नकुल ठाकुर उम्र 38 साल निवासी ग्राम व पोस्ट मर्रा, तहसील व थाना पाटन जिला दुर्ग। हाल पता - मकान नंबर 18/ए रिसाली सेक्टर थाना सेक्टर 06 भिलाई जिला दुर्ग।

02.    राहुल त्रिपाठी पिता शशिभूषण त्रिपाठी उम्र 43 साल निवासी ग्राम व पोस्ट टाडा बडहलगंज थाना बडहलगंज जिला गोरखपुर (उ.प्र.)। हाल पता - एल आई जी 95 फेस 01 दीनदयाल आवास मनकी थाना सोमनी जिला राजनांदगांव।

03.    नेहा त्रिपाठी पति राहुल त्रिपाठी उम्र 41 साल निवासी ग्राम व पोस्ट टाडा बडहलगंज थाना डहलगंज जिला गोरखपुर (उ.प्र.)। हाल पता - एल आई जी 95 फेस 01 दीनदयाल आवास मनकी थाना सोमनी जिला राजनांदगांव।

04.    देवलाल वर्मा पिता स्व. नरेश कुमार वर्मा उम्र 45 साल निवासी राज वाटिका बी-01 सेमरिया थाना विधानसभा रायपुर।

05.    पुरूषोत्तम देवांगन पिता विश्वनाथ देवांगन उम्र 33 साल निवासी टोडोपार चौक आरामील के सामने ग्राम अमेरा थाना पलारी जिला बलौदा बाजार।

06.    ए. सोम शेखर पिता स्व. काली प्रसाद उम्र 56 साल निवासी एल.आई.जी. 197 जनता कालोनी सेवा सदन वृद्ध आश्रम के पास गुढियारी थाना गुढियारी रायपुर। हाल पता - अवंति विहार विजय नगर चौक मकान नंबर/ प्लाट नंबर 1284 थाना खम्हारडीह रायपुर।

07.    शाहिद पठान पिता ताज पठान उम़्र 36 साल निवासी मोहम्मद अली चौक भल्दरपुरा थाना गणेश पेट नागपुर महाराष्ट्र। हाल पता - कलमना बेले नगर पेट्रोल पम्प के पीछे थाना कलमना महाराष्ट्र।

08.    पिंटू सारवान पिता आत्मा राम उम्र 23 साल निवासी देवकर बस स्टैंड के पास थाना देवकर जिला बेमेतरा छत्तीसगढ़। हाल पता - पेट्रोल पम्प के पीछे बेले नगर थाना कलमना महाराष्ट्र।

09.    मनुराज मौर्य पिता देस राज मौर्य उम्र - 31 साल निवासी उपासना ऑटो पाटर््स, मौया काम्प्लेक्स, गुरुनानक चौक तोरवा थाना तोरवा जिला बिलासपुर छत्तीसगढ़।

10.    कमलेश वर्मा पिता स्व. अशोक वर्मा उम्र 31 साल निवासी ग्राम बडगांव थाना मंदिर हसौद जिला रायपुर। हाल पता - कबीर नगर तिरंगा चौक थाना कबीर नगर रायपुर।

कार्रवाई में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक क्राईम संदीप मित्तल के नेतृत्व में प्रभारी निरीक्षक परेश कुमार पाण्डे, उपनिरीक्षक सतीश कुमार पुरिया, मुकेश सोरी, राजेन्द्र सिंह कंवर, सउनि. मंगलेश्वर सिंह परिहार, अतुलेश राय, प्रेमराज बारिक, शंकर लाल ध्रुव, फूलचंद भगत, प्र.आर. कृपासिंधु पटेल, रविकांत पाण्डेय, कुलदीप द्विवेदी, गुरूदयाल सिंह, मार्तण्ड सिंह, आशीष त्रिवेदी, महेन्द्र राजपूत, चिंतामणी साहू, संतोष दुबे, सुरेश देशमुख, घनश्याम प्रसाद साहू, जसवंत सोनी, प्रमोद वर्ठी, बसंती मौर्य, सुनील सिलवाल, उपेन्द्र यादव, दीपक बघेल, संतोष वर्मा, आर. धनंजय गोस्वामी, दिलीप जांगडे, संदीप सिंह, वीरेन्द्र बहादुर, हिमांशु राठौड़, अजय चौधरी, आशीष पाण्डेय, बोधेन्द्र मिश्रा, महिपाल सिंह, मुनीर रजा, राकेश सोनी, विक्रम वर्मा, विकास क्षत्रिय, गौरीशंकर साहू, संतोष सिन्हा, प्रमोद बेहरा, महेन्द्र पाल साहू, राहुल गौतम, आशीष राजपूत, प्रकाश नारायण पात्रे, अभिषेक सिंह तोमर, टेकसिंह मोहले, गणेश मरावी, अभिषेक सिंह, पुरूषोत्तम सिन्हा, अमित वर्मा, लालेश नायक, शिवम द्विवेदी, संजय मरकाम, तुकेश निषाद, अविनाश देवांगन, नितेश सिंह राजपूत, हरजीत सिंह, किसलय मिश्रा, कमल धनगर, म.आर. दुर्गा भाईहार, कायलजोंग लेपचा, टीजी आर. शंकर यादव की महत्वपूर्ण भूमिंका रहीं।

और भी

राजधानी में देह व्यापार का भंडाफोड़, 11 आरोपी गिरफ्तार

  रायपुर पुलिस ने देह व्यापार संचालित करने वाले गिरोह का पर्दाफाश कर 11 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। यह अवैध व्यापार तेलीबांधा और सरस्वती नगर क्षेत्र के होटलों में संचालित किया जा रहा था।


मुख्य बिंदु:
    अलग-अलग राज्यों और विदेशी युवतियों को देह व्यापार के लिए बुलाया जाता था।
    फरार आरोपी जुगल कुमार को पश्चिम बंगाल से गिरफ्तार किया गया।

 
 


    आरोपियों के खिलाफ अनैतिक व्यापार (निवारण) अधिनियम 1956 की धारा 4, 5, 7 के तहत मामला दर्ज।

घटना का विवरण:
5-6 फरवरी की रात एक सड़क हादसे के दौरान उज्बेकिस्तान की युवती की संलिप्तता उजागर होने के बाद पुलिस जांच में बड़े देह व्यापार गिरोह का खुलासा हुआ। मुख्य आरोपी भावेश आचार्य के बयान से जुगल कुमार की संलिप्तता सामने आई, जो युवतियों को रायपुर बुलाने और 27,000 रुपये में सौदा करने में शामिल था।

पुलिस कार्रवाई:
आईजी अमरेश मिश्रा और एसएसपी डॉ. लाल उमेद सिंह के निर्देश पर गठित टीम ने दो दिन में 11 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने Locanto ऐप के जरिए ग्राहक जोड़ने और होटल में अवैध गतिविधियां संचालित करने की बात कबूली। आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। पुलिस अन्य संलिप्त लोगों की तलाश कर रही है।

गिरफ्तार आरोपी:
01.     रवि ठाकरे पिता स्व. कृष्णा राव उम्र 55 साल निवासी आर.डी.ए. कालोनी बोरियाखुर्द थाना टिकरापारा रायपुर।
02.    जागेन्द्र उके उर्फ मोहन पिता हरि उके उम्र 29 साल निवासी हनुमान नगर पहाड़ीपारा गुढ़ियारी रायपुर।

 


03.    बृजेश साहा पिता विधान साहा उम्र 35 साल निवासी अम्बिकापुर सरगांव थाना गांधी नगर हाल पता कमल विहार सेक्टर 07, थाना टिकरापारा जिला रायपुर।
04.    मोह. साजिद पिता मो. तुफानी उम्र 28 साल निवासी ग्राम सेमरिया थाना सेमरिया जिला चतरा हाल पता गली नं. 01 रियाज का मकान मोतीनगर संतोषी नगर थाना टिकरापारा जिला रायपुर।

 


05.     दिनेश लिलवानी पिता सेवक राम लिलवानी उम्र 30 साल निवासी देवपुरी कुर्सी फैक्ट्री के बगल कृष्णा पुरी थाना टिकरापारा जिला रायपुर।
06.    शेख इमरान पिता स्व. शेख रजा उम्र 34 साल निवासी सलानी नगर गली नं. 03 संजय नगर थाना टिकरापारा जिला रायपुर।
07.     अमित सोनी पिता कमल सोनी उम्र 28 साल निवासी पुरानी बस्ती सोनार पारा थाना पुरानी बस्ती जिला रायपुर।
08.     रमेन्द्र पाठक पिता स्व. कामता प्रसाद पाठक उम्र 32 साल निवासी रायपुरा सत्यम विहार गली नं. 02 आटा चक्की के पास थाना डीडी नगर रायपुर।
09.     शेख नूरूल हक पिता स्व. ताजमुल हक उम्र 49 साल निवासी चौरसिया कालोनी मस्जिद के पास थाना टिकरापारा जिला रायपुर।
10.     दुर्गेश पनागर पिता मोतीराम पनागर उम्र 25 साल निवासी रविदास नगर वार्ड नं. 04 पीजी कॉलेज के पीछे थाना सिटी कोतवाली कवर्धा।
11.    जुगल कुमार राय पिता सशान्त चंद्र राय उम्र 39 साल पता दमदमा पोस्ट नहाटा थाना गोपाल नगर नार्थ 24 परगना पश्चिम बंगाल। हाल पता अशोक नगर ट्रांसफार्मर के पास गुढ़ियारी थाना गुढ़ियारी रायपुर।

 

 

 
और भी

EOW ऑफिस पहुंचे एजाज ढेबर, चल रही पूछताछ...

  रायपुर के पूर्व महापौर एजाज़ ढेबर बुधवार को EOW दफ्तर पहुंचे। शराब घोटाले मामले में EOW ने एजाज ढेबर को तलब किया था। जिसके बाद वो अपने वकील के साथ पहुंचे। EOW के अधिकारी शराब घोटाले को लेकर एजाज ढेबर से पूछताछ कर रहे हैं।

EOW- ACB ने पूर्व महापौर एजाज ढेबर और उनके करीबी रिश्तेदारों को नोटिस भेजा था। EOW- ACB की जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर यह नोटिस जारी किया गया है। बताया जा रहा है कि, पूर्व महापौर एजाज ढेबर ने नगरीय निकाय चुनाव का हवाला देते हुए पूछताछ से छूट मांगी है।

जनवरी में EOW- ACB में दर्ज करवाई थी FIR
जनवरी 2024 में ED ने राज्य की जांच एजेंसी EOW- ACB में FIR दर्ज कराई थी। ED ने अपने आवेदन में कहा था कि, तत्कालीन भूपेश सरकार के कार्यकाल में पूर्व आईएएस अनिल टुटेजा, छत्तीसगढ़ स्टेट मार्केटिंग कारपोरेशन के तत्कालीन एमडी एपी त्रिपाठी, कारोबारी अनवर ढेबर के अवैध सिंडिकेट के जरिए दो हजार करोड़ रुपए से अधिक के घोटाले को अंजाम दिया है। EOW- ACB ने जांच शुरू करते हुए डुप्लीकेट होलोग्राम का खुलासा किया था। अनवर ढेबर की जमीन खोदकर बड़े पैमाने पर डुप्लीकेट होलोग्राम जब्त किए गए थे। लेकिन एजेंसी ने पूर्व महापौर एजाज ढेबर और उनके करीबी रिश्तेदारों को तलब किया है।

और भी

टमाटर की आड़ में शराब तस्करी, 1 आरोपी गिरफ्तार...

 छत्तीसगढ़-मध्यप्रदेश की सीमा पर स्थित चिल्फी चेकपोस्ट पर आबकारी विभाग की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 400 पेटी अवैध अंग्रेजी शराब जब्त की है। यह शराब मध्यप्रदेश में निर्मित थी और इसे कवर्धा और रायपुर जिले में खपाने की तैयारी थी। मुखबिर की सूचना पर आबकारी टीम ने इस वाहन को रोका और जांच के दौरान शराब बरामद की। इस मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है और उससे पूछताछ जारी है।


तस्करों ने इस बार शराब की खेप को छुपाने के लिए अनोखा तरीका अपनाया। उन्होंने शराब की बोतलों को टमाटर के कैरेट में भरकर ट्रक में लोड किया था, ताकि चेकपोस्ट पर किसी को शक न हो। हालांकि, आबकारी विभाग की सतर्कता और मुखबिर की सटीक सूचना के चलते यह तस्करी नाकाम हो गई।

 
 



जांच में यह सामने आया है कि जब्त की गई अंग्रेजी शराब मध्यप्रदेश में निर्मित थी और इसे छत्तीसगढ़ में अवैध रूप से सप्लाई किया जा रहा था। तस्कर इस शराब को कवर्धा और रायपुर के बाजारों में खपाने की फिराक में थे।

 

 

 
और भी

होटल में मिला बेटी से मिलने भिलाई पहुंचे पिता का शव...

 दल्ली राजहरा से भिलाई मेंं अपनी बेटी से मिलने आए पिता होटल आशीष पार्क के कमरा नंबर 104 में मृत मिला। बेटी के ससुराल में मुलाकात के बाद वह होटल में रुका था। पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों के हवाले कर दिया गया है। छावनी पुलिस मामले की जांच कर रही है।


छावनी थाना प्रभारी चेतन चंद्राकर ने बताया कि पावर हाउस में आशीष पार्क होटल से सोमवार दोपहर 3:30 बजे सूचना मिली कि कमरा नंबर 104 में एक व्यक्ति 3 दिन से ठहरा था। वो अंदर से दरवाजा नहीं खोल रहा है। इसके बाद पुलिस की टीम होटल पहुंची। होटल के मैनेजर ने बताया कि जो आदमी ठहरा है उसने अंदर से रूम का दरवाजा बंद कर लिया है। पेट्रोलिंग टीम ने जब कमरा नंबर 104 का दरवाजा खुलवाया तो देखा कि एक बुजुर्ग बिस्तर पर मृत पड़ा है। तलाशी लेने पर पता चला कि वह दल्ली राजहरा पुराना बाजार निवासी रामकृष्ण साहू (62 वर्ष) है। परिजनों ने बताया कि रामकृष्ण की बेटी की शादी बैकुंठधाम छावनी भिलाई में हुई है। वो अपने बेटी से मिलने उसकी ससुराल पहुंचा था। बेटी के घर जाकर उससे मिला। बेटी से मिलकर निकला तो कुछ समय बाद फोन पर उसे बताया कि वो आशीष पार्क होटल में रुक गया है। परिजनों ने बताया कि रामकृष्ण साहू ने इससे पहले दो बार कीटनाशक दवा खा ली थी लेकिन समय रहते परिजनों ने उसे देख लिया तो उसकी जान बच गई। पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर लिया है। पीएम रिपोर्ट आने के बाद मौत का कारण पता चलेगा।

 

 

और भी

मंत्री ओपी चौधरी ने किया मतदान

 मंत्री ओपी चौधरी ने मेयर और पार्षद चुनने मतदान किया। सुबह 8 बजे से वोटिंग शुरू हो गई है। 10 नगर निगम, 49 नगर पालिका परिषद और 114 नगरीय निकायों के लिए EVM के जरिए प्रतिनिधि चुने जा रहे हैं। काउंटिंग 15 फरवरी को होगी। बता दें कि इस चुनाव में महापौर के 79 और 1889 पार्षद प्रत्याशियों के साथ अध्यक्ष पद के लिए 606 उम्मीदवार मैदान में ताल ठोक रहे हैं।

रायपुर नगर निगम के लिए सबसे ज्यादा 16 मेयर प्रत्याशी और पार्षद पदों के लिए 306 प्रत्याशी मैदान में हैं। वहीं दुर्ग नगर निगम के लिए सबसे कम 2 मेयर प्रत्याशी चुनावी मैदान में हैं। इस चुनाव में कुल 44 लाख 87 हजार मतदाता अपने मतों को इस्तेमाल करेंगे। खास बात ये है कि इसमें महिला मतदाताओं की संख्या पुरुष मतदाताओं से ज्यादा है।

 

 

और भी

आईईडी ब्लास्ट में सीआरपीएफ जवान घायल...

 दंतेवाड़ा जिले में आईईडी की चपेट में आने से एक जवान घायल हो गया। नक्सलियों की जानकारी होने पर जिले अरनपुर क्षेत्र में कमलपोस्ट के पास सर्चिंग में निकले थे। इसी दौरान सीआरपीएफ 231 का एक जवान का पैर आईईडी की चपेट में आ गया। वह घायल हो गया। इसके बाद घायल जवान को इलाज के लिए दंतेवाड़ा जिला अस्पताल लाया जा रहा है।

और भी

उप-मुख्यमंत्री अरुण साव ने बिलासपुर में सपरिवार किया मतदान

 उप-मुख्यमंत्री अरुण साव ने आज बिलासपुर के सेंट फ्रांसिस हायर सेकेंडरी स्कूल में सपरिवार नगर निगम के विकास के लिए मतदान किया। वोटिंग के बाद साव ने नगरीय निकाय के सभी सम्मानित मतदाता भाइयों और बहनों से विनम्र अपील की है। उन्होंने कहा कि, ये लोकतंत्र का महापर्व है, प्रत्येक नागरिकों का मतदान एक बड़ा अधिकार है। इस मताधिकार का प्रयोग करने अपने घरों से निकले और मतदान अवश्य करें। 

 साव ने कहा कि, भारतीय जनता पार्टी ने शहरों को स्वच्छ, सुंदर, सुव्यवस्थित और विकसित बनाने के लिए अटल विश्वास पत्र जारी किया है, जिसे जनता का भरपूर समर्थन मिला है। शहरों के विकास का समग्र योजना अटल विश्वास पत्र में बनाया गया है। उप मुख्यमंत्री ने कहा कि, 173 नगरीय निकायों में वोटिंग हो रही है। प्रदेश के 10 नगर निगम, 39 नगर पालिका, 114 नगर पंचायत में मतदान हो रहे हैं। सभी में प्रचंड मतों से भाजपा का कमल खिलने जा रहा है।

साव ने कहा कि, शहरों के सर्वांगीण विकास के लिए भारतीय जनता पार्टी को अवश्य जिताएं। केवल भाजपा ही प्रदेश के शहरों का विकास करेगी। महापौर, अध्यक्ष और पार्षद पद के प्रत्याशियों को कमल का बटन दबाकर जिताएं। इससे शहर स्वच्छ और सुंदर बनेंगे।

और भी

मतदान सामग्री के साथ मतदान दल उत्साह से हुए रवाना

 जिले में 11 फरवरी को होने वाले 7 नगरीय निकायों के 631 मतदान केन्द्रों के लिए आज निर्धारित केन्द्रों से मतदान सामग्री का वितरण सवेरे 8 बजे से किया गया। कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी अवनीश शरण ने कोनी स्थित शासकीय इंजीनियरिंग कॉलेज में बनाए गए स्ट्रांग रूम में मतदान दलों से चर्चा कर अपनी शुभकामनाएं दी है। उन्होंने सामग्री वितरण का जायजा लिया। मतदान दलों से मिलकर निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार शांतिपूर्ण और निष्पक्ष मतदान कराने कहा है। 

इस अवसर पर एसपी रजनेश सिंह, नगर निगम कमिश्नर अमित कुमार और सीईओ संदीप अग्रवाल भी मौजूद थे। 5 लाख 96 हजार से ज्यादा मतदाता आज 11 फरवरी को अपने मताधिकार का इस्तेमाल करेंगे। सवेरे 8 बजे से शाम 5 बजे तक मतदान होगा। कलेक्टर ने लोगों से अपने मताधिकार का अनिवार्य रूप से उपयोग करने की अपील की। 

कोनी स्थित शासकीय इंजीनियरिंग कॉलेज में नगर निगम बिलासपुर अंतर्गत आने वाले 70 वार्डो की सामग्री वितरण के लिए बनाए गए काउंटर से सामग्री वितरण किया गया। सामग्री वितरण के लिए 300 से ज्यादा अधिकारी-कर्मचारी नियुक्त किए गए थे। प्रत्याशियों की मौजूदगी में स्ट्रांग रूम खोला गया। सामग्री वितरण के लिए बनाए गए काउंटर से मतदान दल के पीठासीन अधिकारी एवं मतदान अधिकारियों ने अपने-अपने मतदान केंद्र के लिए सामग्री प्राप्त की और अपने दल के साथ निर्धारित मतदान केन्द्रों के लिए रवाना हुए। उनके साथ सेक्टर अधिकारी भी रवाना हुए। दल के साथ एक-एक सुरक्षाकर्मी भी तैनात रहेंगे। जिले में निर्वाचन संपन्न कराने के लिए 2 हजार 776 मतदान कर्मियों की ड्यूटी लगाई गई है। इनमें रिजर्व मतदान कर्मी भी शामिल है। 

गौरतलब है कि जिले में 7 नगरीय निकायों में कुल 160 वार्ड हैं जिनके लिए 631 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। नगर पालिका परिषद तखतपुर के लिए सांस्कृतिक भवन राम नगर गेट के पास, नगर पालिका परिषद रतनपुर के लिए शहीद नूतन सोनी स्कूल, नगर पालिका परिषद बोदरी के लिए शासकीय बालक उच्चतर माध्यमिक शाला बोदरी, नगर पंचायत बिल्हा के लिए सांस्कृतिक भवन महात्मा गांधी वार्ड क्रमांक 05, नगर पंचायत कोटा के लिए सांस्कृतिक भवन डीकेपी स्कूल परिसर एवं नगर पंचायत मल्हार के लिए नवोदय विद्यालय मल्हार को स्ट्रांग रूम बनाया गया है। इनके अंतर्गत आने वाले मतदान केन्द्रों में मतदान के लिए मतदान दलों को सामग्री वितरण कर यहां से आज रवाना किया गया। 

मतदान दलों को वितरित की गई मतदान सामग्री में बैलेट यूनिट, कंट्रोल यूनिट, स्पेशल टैग, ग्रीन पेपर, मतपत्र, स्ट्रीप सील, कम्पाटमेंट और स्टेशनरी सहित अन्य चीजे शामिल है। मतदान केन्द्रों में मतदान दल पहुँच  गये हैं। मतदान केन्द्रों में सारी तैयारियां पूरी हो चुकी है। 

और भी

गहने साफ़ करने के नाम पर ठगी करने वाले बिहार के 6 आरोपी गिरफ्तार

 रायपुर पुलिस ने एक अंतर्राज्यीय ठग गिरोह का भंडाफोड़ किया है, जो सोने-चांदी के जेवरों की सफाई के बहाने लोगों को ठगने की घटनाओं को अंजाम देता था। पुलिस ने बिहार के कटिहार जिले के छह आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।


गिरोह का तरीका:
आरोपी घर-घर जाकर तांबा, पीतल और सोने-चांदी के जेवरातों की सफाई का झांसा देते थे। जब पीड़ित अपने जेवरात सफाई के लिए देते थे, तो आरोपी असली गहनों के बदले नकली सामग्री थमा देते थे। लाल पाउडर का इस्तेमाल कर पीड़ितों को भ्रमित कर देते थे, जिससे वे जल्दबाजी में गहने उतारकर उन्हें दे देते थे। वारदात को अंजाम देकर आरोपी मोटरसाइकिल से फरार हो जाते थे।

गिरोह ने रायपुर जिले के खमतराई थाना क्षेत्र और दुर्ग जिले के सुपेला थाना क्षेत्र में ठगी की घटनाओं को अंजाम दिया। रायपुर के संतोषी नगर निवासी पी. सरोजनी के साथ 08 फरवरी को हुई घटना के आधार पर पुलिस ने जांच शुरू की। खमतराई पुलिस ने अपराध क्रमांक 94/2025 धारा 318(4), 3(5) बी.एन.एस. के तहत मामला दर्ज किया। सुपेला पुलिस ने अपराध क्रमांक 160/2025 धारा 318(4) बी.एन.एस. के तहत मामला दर्ज किया।

पुलिस की कार्रवाई:
वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के निर्देश पर खमतराई थाना पुलिस और एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट की संयुक्त टीम ने जांच शुरू की। घटना स्थल और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए। मुखबिर की सूचना पर संदिग्ध व्यक्तियों की पहचान कर उन्हें हिरासत में लिया गया।

गिरफ्तार आरोपी:
अमरदीप शाह (34), निवासी कटिहार, बिहार।
मुकेश भगत (44), निवासी भागलपुर, बिहार।
शिकेन्द्र शाह (46), निवासी कटिहार, बिहार।
विपिन कुमार (31), निवासी पूर्णिया, बिहार।
शम्भू शाह (43), निवासी कटिहार, बिहार।
अमित कुमार (32), निवासी कटिहार, बिहार।

बरामदगी:
235 ग्राम सोना (कीमत लगभग 25 लाख रुपये)। तीन मोटरसाइकिल, मोबाइल फोन, सफेद पाउडर और अन्य सामान।

मुख्य आरोपी का आपराधिक रिकॉर्ड:
शम्भू शाह के खिलाफ उत्तर प्रदेश के विभिन्न जिलों में चोरी, ठगी, अमानत में खयानत और चोरी की संपत्ति खरीदने जैसे कई मामले दर्ज हैं। वह पूर्व में जेल भी जा चुका है।

पुलिस ने आरोपियों से अन्य ठगी की घटनाओं की पूछताछ जारी रखी है। वरिष्ठ अधिकारियों ने आम जनता से सतर्क रहने और ऐसे ठग गिरोहों से सावधान रहने की अपील की है।

 

 

और भी

उडांगी जंगल में पुलिस का बड़ा अभियान: 1,575 लीटर शराब जब्त, 8 गिरफ्तार

  जिले की सीपत पुलिस ने धौराकोना के उडांगी जंगल में छापेमारी कर 1,575 लीटर अवैध महुआ शराब जब्त की है, जिसकी कीमत 4,72,500 रुपये आंकी गई है। इस कार्रवाई में आठ आरोपी गिरफ्तार किए गए, जो पंचायत चुनाव में शराब सप्लाई करने की योजना बना रहे थे। पुलिस ने आबकारी एक्ट की धारा 34(2) और 34(1)(च) के तहत मामला दर्ज कर सभी आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।

एसपी रजनेश सिंह को सूचना मिली कि धौराकोना के उडांगी जंगल में नदी किनारे कुछ लोग अवैध रूप से महुआ शराब बना रहे हैं। यह इलाका कोरबा और जांजगीर-चांपा जिलों की सीमा से लगा हुआ है। एसपी के निर्देश पर सीपत पुलिस ने तीन टीमें बनाकर छापेमारी की। छापामारी के दौरान आरोपी शराब बनाते रंगे हाथों पकड़े गए। शिवकुमार धनवार (195 लीटर), साधराम यादव (210 लीटर), कोंदा कुमार धनवार (210 लीटर), धनीराम धनुहार (150 लीटर), संजू धनवार (210 लीटर), अंजोर कुमार धनवार (195 लीटर), राम लल्ला यादव (180 लीटर) और अवध राम यादव (225 लीटर) शामिल हैं।

मजदूर बनकर पहुंची टीम
कार्रवाई को बेहतर ढंग से अंजाम देने के लिए पुलिसकर्मी एनटीपीसी के कर्मचारी और मजदूर के वेश में पहुंचे। जिससे शराब बनाने वाले ग्रामीणों को शक नहीं हुआ। महिला पुलिसकर्मी गांव की महिलाओं की वेशभूषा पहनी हुई थी। जंगल में फैले इस बड़े नेटवर्क को ध्वस्त करने में पुलिस टीम को कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। पुलिस ने मौके पर मौजूद आठ क्विंटल लहान को लीलागर नदी में नष्ट कर दिया और शराब बनाने के उपकरणों को जब्त किया। इस साल थाना सीपत में अब तक 27 मामलों में 27 आरोपियों पर कार्रवाई करते हुए 2,294 लीटर शराब जब्त की जा चुकी है, जिसकी कीमत 6,16,300 रुपये है।

और भी