छत्तीसगढ़
स्वच्छ भारत मिशन ग्रामीण विशेष शिविर 15 जून को
सूरजपुर (छत्तीसगढ़ दर्पण)। स्वच्छ भारत मिशन ग्रामीण फेस दो के लक्ष्य को प्राप्त करने ग्राम पंचायत स्तर पर पात्र हितग्राहियों से व्यक्तिगत शौचालय मांग के लिए विशेष शिविर का आयोजन 15 जून को ग्राम पंचायत खड़गवांकला में किया गया है। जिसमें ग्राम पंचायत मानपुर, मांटीदंड, पंपापुर, केरता, खड़गवांकला, चंद्रपुर, सुखदेवपुर, बोझा, मायापुर दो, झींगादोह के पात्र हितग्राही व्यक्तिगत शौचालय की मांग विशेष शिविर में पहुंचकर कर सकते हैं। जिसके प्रभारी अधिकारी राकेश मोहन मिश्रा बीपीओ प्रतापपुर, मोहम्मद अब्दुल लतीफ प्लास्टर समन्वयक प्रतापपुर एवं संबंधित पंचायत सचिव को बनाया गया है। साथ ही पंचायत के सरपंच, सचिव, रोजगार सहायक, पंचगण अनिवार्य रूप से उपस्थित रहेंगे।
दूकान में एक्सपायरी सामान बेचने पर खाद्य विभाग की टीम ने कार्रवाई की
सूरजपुर (छत्तीसगढ़ दर्पण)। खाद्य एवं औषधि प्रशासनके अधिकारियों को बिश्रामपुर के स्टेशन चैक में राजेश किराना स्टोर दुकानदार एक्सपायरी खाद्य पदार्थ विक्रय की सूचना मिल रही थी, जिसकी सूचना के आधार पर विभाग ने पुष्टि करने के लिये विभागीय कर्मचारी को दुकान में पैसे देकर सामान क्रय करने के लिये भेजा। दुकानदार ने कर्मचारी को एक्सपायरी सामान दिया तो टीम ने छापा मारकर दुकानदार को पकड़ा।, जांच में पता चला कि दुकान में 2020 के निर्मित खाद्य पदार्थ भी थे, जो कि 2021 अप्रैल माह में एक्सपायर हो गया था, विभाग के द्वारा कलश बेसन पकड़ा गया है, जो कि अप्रैल 2021 में एक्सपायर हो गया था, साथ ही साथ अनमोल मेरी प्लस, मैरी गोल्ड, अनमोल इलाचयी टोस्ट जैसे खाद्य पदार्थ बहुतायत में इस दुकान में भंडारित एवं विक्रय होते पाये गए। छापामारी टीम के द्वारा उक्त एक्सपायरी खाद्य पदार्थ का नमूना लिया एवं दुकानदार के खिलाफ कानूनी कार्यवाही करते हुये सामान को नष्ट करने के निर्देश के साथ ही दुकान के लाइसेंस को रद्द करते हुये दुकान को बंद करने के निर्देश दिये गये, इसके बावजूद भी दुकानदार के द्वारा उक्त निर्देश का पालन नहीं किया जाता है तो धारा 63 के तहत् 5 लाख के रूपये जुर्माना एवं 6 माह सश्रम कारावास से संबंधित प्रकरण मौके पर उपस्थित संचालक अभिषेक गुप्ता एवं लाइसेंसी प्रोपराईटर राजेश गुप्ता के खिलाफ बनाया जायेगा, दीगर जिलों में लगातार हो रही फूड प्वाइजनिंग की घटना को देखते हुये जिला प्रशासन के अधिकारी कर्मचारी सघन जांच कर रहे हैं। इस कार्यवाही में खाद्य सुरक्षा अधिकारी नितेश कुमार मिश्रा, राम प्रकाश जायसवाल एवं सुमित त्रिपाठी शामिल थे।
पंचायत प्रतिनिधियों सहित ग्रामीणों ने की संसदीय सचिव से मुलाकात
महासमुंद (छत्तीसगढ़ दर्पण)। ग्राम पंचायत साराडीह के पंचायत प्रतिनिधियों व ग्रामीणों ने संसदीय सचिव व विधायक विनोद सेवनलाल चंद्राकर से मुलाकात कर गांव में विकास कार्य को लेकर चर्चा की। साथ ही विभिन्न मांगों की ओर ध्यानाकर्षित कराया। जिस पर संसदीय सचिव श्री चंद्राकर ने उचित पहल करने का आश्वासन दिया।
आज मंगलवार को ग्राम पंचायत के सरपंच साजन यादव, गौठान अध्यक्ष पवन चंद्राकर, राधे चंद्राकर, पंच सूरज गायकवाड़, संतोषी सुरेश कुर्रे, रामनारायण साहू, पुरुषोत्तम सिंग चौहान, भगवान चंद्राकर, शिवचरण निर्मलकर, सुशीला साहू, बेनु धीवर, गंगा धीवर, मनमत साहू, मीना निर्मलकर आदि संसदीय सचिव निवास पहुंचे और संसदीय सचिव श्री चंद्राकर से मुलाकात की। इस दौरान गांव में विकास को लेकर चर्चा की गई। साथ ही गांव में मुख्य मार्ग से करण बघेल घर तक, बीजपारा जैतखाम से बजरंग बली मंदिर तक, साहूपारा में तेली तालाब से पुरानिक चंद्राकर घर तक सीसी रोड निर्माण, वार्ड क्रं दो व चार में सार्वजनिक रंगमंच निर्माण, मुक्तिधाम और बाजार वार्ड में बोर खनन, बड़े तालाब व तेली तालाब में अहाता निर्माण, प्राथमिक शाला में सांस्कृतिक मंच निर्माण व वार्ड क्रं 9 शीतला मंदिर के पास व नेवरियापारा में शेड निर्माण कराए जाने ध्यानाकर्षित कराया। जिस पर संसदीय सचिव श्री चंद्राकर ने उनकी मांगों की ओर उचित पहल करने का आश्वासन दिया।
मुख्यमंत्री बघेल का 20 जून से विदेश दौरा, इन देशों की करेंगे यात्रा…
रायपुर (छत्तीसगढ़ दर्पण)। कोरोना संक्रमण कम होने के बाद विदेशी दौरे का सिलसिला शुरू हो गया है। प्रधानमंत्री मोदी के विदेश दौरे के बाद, अब मुख्यमंत्री भूपेश अपने अधिकारियों और सलाहकारों के साथ 20 जून से 27 जून तक इंडोनेशिया और सिंगापुर की यात्रा पर रहेंगे। मुख्यमंत्री बघेल बाली में क्लाइमेट चेंज सम्मेलन और 25 जून को सिंगापुर में कार्यक्रम में शामिल होंगे।
बोरवेल में तीन दिनों से फंसा 10 साल का राहुल बाहर निकलने से बस 3 मीटर दूर, रेस्क्यू में कर रहा मदद
रायपुर (छत्तीसगढ़ दर्पण)। छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले के एक गांव में तीन दिनों से 50 फीट गहरे बोरवेल में फंसा राहुल अब कुछ ही घंटों में बाहर निकल सकता है। 10 वर्षीय राहुल को बचाने के लिए बचाव अभियान आज भी जारी है और वे अब बस 3 मीटर की दूसी पर फंसा है। इस बीच लगभग 72 घंटों से बोरवेल में फंसे राहुल ने जीने की आस नहीं छोड़ी है और अभी तक एक्टिव है। वह खुद बचाव अभियान में रेस्क्यू टीम की मदद कर रहा है।
पत्थलगांव में मुख्यमंत्री ने 94 करोड़ के 156 कार्याें का किया लोकार्पण व भूमिपूजन
रायपुर (छत्तीसगढ़ दर्पण)। मुख्यमंत्री बघेल ने रविवार, 12 जून को पत्थलगांव में 94 करोड़ 35 लाख रुपए के कुल 156 कार्य का लोकार्पण एवं भूमिपूजन किया। मुख्यमंत्री ने 42 करोड़ 62 लाख रूपए 56 कार्याें का लोकार्पण एवं 51 करोड़ 73.लाख रूपए के 100 कार्यों का शिलान्यास किया।
कांग्रेस की टॉप लीडरशिप को अपमानित कर रही है भाजपा : विवेक तन्खा
रायपुर (छत्तीसगढ़ दर्पण)। कांग्रेस नेता विवेक तन्खा ने रविवार को रायपुर स्थित पार्टी कार्यालय पर प्रेस कॉन्फ्रेंस की । उन्होंने ईडी द्वारा पार्टी नेता श्रीमती सोनिया गाँधी और राहुल गाँधी को बुलाये जाने पर तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त किया । श्री तन्खा ने कहा की भाजपा कांग्रेस की टॉप लीडरशिप को अपमानित कर रही है। पार्टी नेता इसे बर्दाश्त नहीं करेंगे । इसके खिलाफ सड़क से लेकर संसद तक आवाज उठाई जाएगी ।
इनरव्हील क्लब की बैठक में नई टीम का परिचय कराया
धमतरी (छत्तीसगढ़ दर्पण)। इनरव्हील क्लब ऑफ धमतरी की जनरल बैठक शनिवार को होटल मित्तल रेसीडेंसी में क्लब के सभी सदस्यों की उपस्थिति में आयोजित की गई। जिसमे क्लब सचिव सरिता अग्रवाल ने वर्ष भर किए गए कार्यों का लेखा जोखा, आय व्यय प्रस्तुत किया। तत्पश्चात वर्ष 2022-23 के लिए चुनी गई अध्यक्ष ने अपनी नई टीम का सबसे परिचय कराया। साथ ही आने वाले समय में आयोजित होने वाले कार्यक्रमों के बारे में जानकारी दी
शिवाजी राज्याभिषेक उत्सव पर मराठा समाज ने निकाली बाइक रैली
धमतरी (छत्तीसगढ़ दर्पण)। हिंदवी स्वराज संस्थापक छत्रपति शिवाजी महाराज राज्याभिषेक उत्सव पर मराठा समाज के लोगों ने रविवार को मां तुलजा भवानी मंदिर में आरती के बाद प्रात: 9 बजे बाइक रैली निकाली। यह रैली आमातालाब रोड, अंबेडकर चौक से होती हुई छत्रपति शिवाजी महाराज चौक पहुंची। यहां राज्याभिषेक किया गया। इसके बाद बाइक रैली घड़ी चौक से सदर बाजार होती हुई ए विंध्यवासिनी मंदिर पहुंची। संध्या 6 बजे छत्रपति शिवाजी महाराज चौक में महाआरती होगी।
समय से उचित परामर्श मिलने पर खुद की जान लेने का बदला विचार
दंतेवाड़ा (छत्तीसगढ़ दर्पण)। युवा वर्ग में ऑनलाइन दोस्ती करने का चलन तेजी से बढ़ रहा है। कई बार लोगों को इसका खामियाजा भी भुगतना पड़ता है। अक्सर लोग सोशल साइट्स पर अनजान व्यक्तियों से दोस्ती कर अपनी निजी जानकारी तक साझा कर देते है जिसका उपयोग साइबर अपराधी अपने फायदे के लिए करते हैं। इस तरह के अपराध में गिरफ्त व्यक्ति समाज में बदनामी के डर से आत्महत्या तक करने के बारे में भी सोचने लग जाते है।
ऐसा ही कुछ दुर्ग में रहने वाले 32-वर्षीय आशीष (बदला हुआ नाम) के साथ हुआ जिन्होंने बीते दिनों सोशल साइट फेसबुक पर अनजान युवती का फ्रेंड रिक्वेस्ट आया जिसे वह किसी परिचित का नाम समझकर उन्होंने एक्सेप्ट कर लिया।`कुछ दिनों तक सामान्य बातचीत के बाद एक दिन मेरे नम्बर में आपत्तिजनक मैसेज आया, उसके कुछ देर बाद वीडियो कॉल से अश्लील वीडियो किया गया। थोड़ी देर बाद व्हाट्सएप पर 20,000 रुपये की मांग करते हुए मेरी आपत्तिजनक वीडियो भेजी गई। रुपये नही देने पर सामने वाले व्यक्ति ने उस वीडियो को फेसबुक, यूट्यूब और अन्य सोशल साइट्स पर अपलोड करने की धमकी दी। नम्बर ब्लॉक करने पर अलग-अलग नम्बर से मैसेज कर पैसे की मांग की गई ऐसा नही करने पर सोशल मीडिया के माध्यम से छवि धूमिल करने की बात भी कही गई। कई दिनों तक हुई ब्लैकमेलिंग से मानसिक रूप से प्रताड़ित होने के बाद आत्महत्या करने जैसे विचार मन मे आने लगे थे,’’ आशीष ने बताया ।
मानसिक अस्वस्थता के कारण आशीष ने आत्महत्या से बचाव के प्रति जागरूक करने वाले सहयोगी को अपनी सारी स्थिति बताई, उनके द्वारा मिले उचित परामर्श ने आत्महत्या करने से बचाया। उन्होंने फिर पुलिस से सहायता भी ली ।
आत्महत्या रोकथाम और जागरूकता के प्रति कार्य कर रहे डॉ.सन्दीप ताम्रकर (जिला कार्यक्रम प्रबन्धक दन्तेवाड़ा) ने बताया: ” कुछ दिन पहले उन्हें ‘आत्महत्या रोकथाम परामर्श’ के लिये जारी किए गए नम्बर 94252 42707 पर आशीष का कॉल आया, शुरुआत में हिचकिचाहट के साथ उसने अपनी समस्या विस्तार से बताई। तदुपरान्त, ‘टॉक थेरेपी’ आत्मघाती विचारों का आकलन करने का एक प्रभावी तरीका अपनाते हुए आशीष के अवसाद के स्थिति की जानकारी ली और प्रश्नों को सावधानी, चिंता और करुणा के साथ पूछा गया। इस तकनीक से आशीष के उदासी को कम करके यह आश्वासन दिया गया कि अगर कभी ऐसे विचार आये तो अपना ध्यान किसी अन्य जगह पर केंद्रित करें। इसके बाद आशीष को साइबर अपराध सम्बन्धी सलाह के लिये साइबर विशेषज्ञ का नम्बर देकर पुलिस सहायता के लिये मदद की गई”
डॉ.ताम्रकर ने बढ़ते साइबर अपराध से बचाव के लिये अपील करते हुए कहा: “फेसबुक व अन्य सोशल मीडिया में अपना मोबाइल नंबर न डालें। अपरिचित व्यक्ति से वीडियो कॉलिंग कभी न करें। यदि कोई व्यक्ति ब्लैकमेल करे तो अपना सोशल एकाउंट तुरन्त बन्द करे या पुलिस सहायता केंद्र में अपनी शिकायत दर्ज करें। गम्भीर स्थिति होने पर घबराएं नही, अगर मन मे आत्महत्या करने जैसे विचार आये तों निम्न नम्बर 94252 42707, 74772 62777 पर कॉल कर उचित मार्गदर्शन प्राप्त करें।”
साइबर विशेषज्ञ शरद खरे ने बताया: ” साइबर अपराधियों द्वारा आजकल लड़कियों को पैसों देकर सोशल मीडिया में दोस्ती करके अंतरंग वीडियो कॉलिंग के जाल में फंसा रहे हैं। फिर उन अपराधियों द्वारा सोशल मीडिया में वीडियो वायरल करने की धमकी देकर कई माध्यम से रुपयों की मांग कर रहे है। लोगों को सोशल नेटवर्किंग साइट्स पर मौजूद अनजान लोगों के जाल में फंसने से बचना चाहिए। साथ ही अपनी निजी बातों को ऐसे लोगों से साझा न करें। अगर कोई व्यक्ति इस तरह ब्लैकमेलिंग से प्रताड़ित हो रहा हो तो तुरंत ही नजदीकी पुलिस स्टेशन में अपनी समस्या बताएं।
निगम ने 20 स्थानों से हटाया कब्जा, वसूला 20 हजार का जुर्माना
भिलाई (छत्तीसगढ़ दर्पण)। नगर निगम आयुक्त प्रकाश सर्वे के निर्देश पर 10 जून को अवैध अतिक्रमण हटाने की कार्यवाही की गई। निगम का बुलडोजर शुक्रवार को ओम शांति ओम चौक पहुंचा। अपर आयुक्त अशोक द्विवेदी के नेतृत्व में तोडफ़ोड़ दस्ता एवं सहायक राजस्व अधिकारियों की टीम ने अवैध अतिक्रमण एवं अवैध कब्जे पर कार्यवाही की। 20 स्थानों से अतिक्रमण हटाए गए, वहीं बारंबार निर्देश देने के बाद भी पुन: दुकान लगाने वाले ठेले को निस्तेनाबुत किया गया। टीम में सहायक राजस्व अधिकारी परमेश्वर चंद्राकर, जगदीश तिवारी एवं बालकृष्ण नायडू विशेष रूप से मौजूद रहे। ओम शांति ओम चौक के पास सड़क पर मलबा बिखेरने वाले दुकानदार से 15000 जुर्माना लिया गया वहीं ओम शांति ओम चौक से कालीबाड़ी की ओर सड़क बाधा कर मलबा फैलाने वाले दुकानदार से 5000 रुपए जुर्माना वसूल किया गया। इस प्रकार से सड़क बाधा करने वालों से 20000 रुपए जुर्माना वसूल किया गया।
मुख्यमंत्री बघेल ने राहुल के माता-पिता से बात कर उसकी सकुशल वापसी का दिलाया भरोसा
रायपुर (छत्तीसगढ़ दर्पण)। मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल ने शनिवार को अपने रायपुर निवास कार्यालय से जांजगीर चांपा जिले के कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक से फोन पर बात कर मालखरौदा ब्लॉक के पिहरीद गांव में बोरवेल में फंसे 11 साल के राहुल साहू को बाहर निकालने के लिए चल रहे रेस्क्यू कार्य की जानकारी ली।
मुख्यमंत्री बघेल ने बालक राहुल साहू के माता-पिता से बात कर उन्हें राहुल की सकुशल वापसी का भरोसा दिलाया। मुख्यमंत्री ने कहा कि पूरा शासन प्रशासन राहुल की सकुशल वापसी के लिए लगा हुआ है। आप लोग धैर्य रखें, राहुल की सकुशल वापसी होगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि राहुल को बाहर निकालने के लिए मौके पर NDRF और SDRF की टीम मौजूद हैं। विशेषज्ञों को इस कार्य में लगाया गया है। मुख्यमंत्री बघेल ने जांजगीर-चांपा जिले के कलेक्टर और एसपी को राहुल के रेस्क्यू के लिए हर संभव प्रयास करने के निर्देश दिए, उन्होंने कहा कि प्रयासों में कोई कमी नहीं होनी चाहिए।
वहीं अब जानकारी मिली है कि राहुल के बचाव के लिए रोबेट की ली जाएगी मदद। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने सूरत के रोबेट विशेषज्ञ से संपर्क करने अधिकारियों को दिए निर्देश। सूरत के महेश अहीर ने अपने इनोवेशन बोरवेल रेसक्यू रोबेट की विशेषता को लेकर किया था ट्विट। इस मौके पर मुख्यमंत्री निवास पर गृह मंत्री ताम्रध्वज साहू और विधायक देवेंद्र यादव भी उपस्थित थे।
भेंट-मुलाकात : पत्थलगांव के लिए रवाना हुए सीएम बघेल
रायपुर (छत्तीसगढ़ दर्पण)। मुख्यमंत्री बघेल पुलिस लाइन हेलीपैड से सरगुजा संभाग के जशपुर जिले के पत्थलगांव विधानसभा क्षेत्र में भेंट-मुलाकात कार्यक्रम के लिए रवाना हो गए हैं। मुख्यमंत्री आज कांसाबेल विकासखंड के ग्राम बटईकेला और पत्थलगांव विकासखंड के ग्राम बागबहार में आम जनता से भेंट मुलाकात करने के बाद पत्थलगांव पहुंचेंगे। पत्थलगांव में स्वामी आत्मानंद अंग्रेजी माध्यम स्कूल का निरीक्षण करेंगे तथा पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय श्रीमती इंदिरा गांधी की प्रतिमा का अनावरण करेंगे। मुख्यमंत्री रात्रि विश्राम पत्थलगांव में करेंगे और इस दौरान वे विभिन्न प्रतिनिधि मंडलों से मुलाकात करेंगे।
ट्रैक मरम्मत के लिए बंद रहेगा बरबंदा समपार फाटक
रायपुर (छत्तीसगढ़ दर्पण)। रायपुर रेल मंडल के सिलयारी-मांढ़र सेक्शन के बरबंदा गेट समपार फाटक कमाक 408 (किमी.813/25-27 अप लाइन) समपार फाटक पर रेलवे ट्रैक की आवश्यक मरम्मत का कार्य सोमवार 13 जून को रात्रि 8 बजे से मंगलवार 14 जून शाम 6 बजे तक समपार फाटक से वाहनों का आवागमन बंद रहेगा।
आरआरबी परीक्षा के लिए रेलवे दे रहा स्पेशल ट्रेनों की सुविधा…
रायपुर (छत्तीसगढ़ दर्पण)। केंद्रीकृत रोज़गार अधिसूचना 01/2019 (एनटीपीसी) के अंतर्गत स्नातक एवं पूर्व-स्नातक पदों के लिए द्वितीय चरण कंप्यूटर आधारित परीक्षा (सीबीटी) 12 से 17 जून तक रेलवे भर्ती बोर्ड द्वारा आयोजित की जाएगी। यह परीक्षा छत्तीसगढ़ के रायपुर, भिलाई एवं दुर्ग शहरों के कुल 06 परीक्षा केंद्रों में आयोजित की जाएगी, जिसमें कुल 28680 उम्मीदवार सम्मिलित होंगे। उपर्युक्त परीक्षा में सम्मिलित होने वाले उम्मीदवारों की सुविधा के लिए छत्तीसगढ़ के विभिन्न शहरों सहित अन्य केंद्रों पर पहुँचने के लिये 05 स्पेशल गाड़ियाँ भी चलाई जा रही हैं।
तेंदुए ने बकरियों का किया शिकार, गांव ने दहशत…
महासमुंद (छत्तीसगढ़ दर्पण)। महासमुंद में एक बार फिर तेंदुए का आतंक देखने को मिल रहा है। बागबाहरा वन परिक्षेत्र के एक गांव में देर रात तेंदुए ने खलिहान में बंधी 5 बकरियों को मार डाला।
रायपुर में राष्ट्रीय रोलर स्केटिंग रैंकिंग प्रतियोगिता 17 से 19 तक
रायपुर (छत्तीसगढ़ दर्पण)। छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस खेलकूद प्रकोष्ठ एवं राष्ट्रीय रोलर स्केटिंग महासंघ के संयुक्त तत्वाधान में नेशनल रैंकिंग रोलर स्केटिंग रेसिंग चैंपियनशिप का आयोजन 17 से 19 जून तक कृष्णा पब्लिक स्कूल सरोना, रायपुर में आयोजित की जा रही है। इस प्रतियोगिता में लगभग 25 राज्यों के 3000 खिलाड़ी भाग लेने रायपुर पहुंच रहे हैं।

