छत्तीसगढ़ - Newsportal | Chhattisgarh Darpan Media Group

छत्तीसगढ़

बढे बिजली बिल , कटौती और लो-वोल्टेज के विरोध मे जोहार छत्तीसगढ पार्टी का विरोध प्रदर्शन मंगलवार तेईस सितंबर को

जोहार छत्तीसगढ पार्टी द्वारा पूरे प्रदेश मे बिजली बिल के नाम पर जनता को लूटने , अघोषित बिजली कटौती व लो- वोल्टेज की समस्याओ को  लेकर  सभी जिला मुख्यालयो मे एक दिवसीय धरना- विरोध प्रदर्शन का आह्वान किया है ।

सभी जिलो मे पार्टी पदाधिकारियो, कार्यकर्ताओं को  सडक पर उतर कर आम जनता से बिजली के नाम सरकार द्वारा किये जा रहे लूट - डकैती के खिलाफ मुखरता से विरोध कर फैसला वापिस लेने , महगाई से त्रस्त जनता को इस दुख से निजात दिला राहत  पहुचाने इस आन्दोलन जन-जन तक पहुंचाने की जिम्मेदारी जोहार छत्तीसगढ पार्टी जारी रखेगी ।
सरप्लस बिजली वाला राज्य होने के बाद भी रोज अघोषित बिजली कटौती व लो-वोल्टेज की समस्या सभी जगह लगातार बनी है , इस बेचैनी व उमस भरी गर्मी मे बिजली के दिक्कतो से आमजन परेशान है , लो - वोल्टेज से किसानो के सिंचाई पंप नही चल पा रहे , जिससे खेती चौपट होने का खतरा है । नये मीटर की अंधाधुंध रफ्तार संदेह पैदा करती है । 

इस आंदोलन के तहत 23 सितंबर, मंगलवार को सुबह 10 बजे राजधानी के राजीव गांधी चौक मोतीबाग के पास मे एकत्र होकर  प्रदर्शन करेगी , सभा पश्चात राज्यपाल महोदय के नाम ज्ञापन सौपा जायेगा ।

रायपुर जिला मे सुबह 10 बजे राजीव गांधी चौक मोतीबाग मे एकत्र होकर धरना-प्रदर्शन किया जावेगा,  तत्पश्चात राज्यपाल के नाम ज्ञापन सौपा जाना है । जिला अध्यक्ष गोपी साहू ने पार्टी के सभी लोगो के साथ आम जनता से इस आन्दोलन सहभागिता की अपील की है ।
और भी

मुख्यमंत्री ने जताया विश्वास – मार्च 2026 तक नक्सलमुक्त भारत का सपना होगा साकार

 मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने नारायणपुर ज़िले के अबूझमाड़ क्षेत्र में सुरक्षाबलों की ओर से चलाए गए सफल अभियान की सराहना करते हुए कहा कि यह छत्तीसगढ़ में नक्सलवाद के खात्मे की दिशा में एक निर्णायक उपलब्धि है।


मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि अबूझमाड़ क्षेत्र में सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच हुई मुठभेड़ में 2 नक्सली न्यूट्रलाइज किए गए हैं। दोनों पर 40-40 लाख रुपये का इनाम घोषित था।  मुख्यमंत्री ने कहा कि यह सफलता केवल नक्सलवाद के खात्मे की दिशा में एक निर्णायक पड़ाव ही नहीं है, बल्कि छत्तीसगढ़ में शांति, सुरक्षा और विकास की प्रक्रिया को और भी गति प्रदान करती है।

मुख्यमंत्री ने इस अभियान में शामिल सुरक्षाकर्मियों को बधाई देते हुए कहा कि उनकी बहादुरी और समर्पण से ही प्रदेश आज शांति और विकास की राह पर तेज़ी से आगे बढ़ रहा है। 

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के विज़न और माननीय केंद्रीय गृहमंत्री श्री अमित शाह जी के नेतृत्व में नक्सलवाद का अंत अब पहले से कहीं अधिक निकट और निश्चित होता दिखाई दे रहा है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि मार्च 2026 तक नक्सलमुक्त भारत का संकल्प अवश्य साकार होगा।
और भी

प्रदेश में अब तक 1044.9 मि.मी. औसत वर्षा दर्ज

 छत्तीसगढ़ में 1 जून से अब तक 1044.9 मि.मी. औसत वर्षा रिकार्ड की जा चुकी है। राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग द्वारा स्थापित राज्य स्तरीय बाढ़ नियंत्रण कक्ष से प्राप्त जानकारी के अनुसार प्रदेश में अब तक बलरामपुर जिले में सर्वाधिक 1472.8 मि.मी. वर्षा रिकार्ड की गई है। बेमेतरा जिले में सबसे कम 498.0 मि.मी. वर्षा दर्ज हुई है। 

रायपुर संभाग में रायपुर जिले में 910.5 मि.मी., बलौदाबाजार में 766.3 मि.मी., गरियाबंद में 921.9 मि.मी., महासमुंद में 749.0 मि.मी. और धमतरी में 943.4 मि.मी. औसत वर्षा दर्ज हुई है।

बिलासपुर संभाग में बिलासपुर जिले में 1092.9 मि.मी., मुंगेली में 1057.2 मि.मी., रायगढ़ में 1272.6 मि.मी., सारंगढ़-बिलाईगढ़ में 917.9 मि.मी., जांजगीर-चांपा में 1245.7 मि.मी., सक्ती में 1147.5 मि.मी., कोरबा में 1055.1 मि.मी. और गौरेला-पेण्ड्रा-मरवाही 1011.3 मि.मी. औसत वर्षा दर्ज हुई है।

दुर्ग संभाग में दुर्ग जिले में 799..0 मि.मी., कबीरधाम में 766.9 मि.मी., राजनांदगांव में 885.4 मि.मी., मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी में 1250.8 मि.मी., खैरागढ़-छुईखदान-गंडई में 792.0 मि.मी. और बालोद में 1090.9 मि.मी. औसत वर्षा दर्ज हुई है।

सरगुजा संभाग में सरगुजा जिले में 735.6 मि.मी., सूरजपुर में 1102.1 मि.मी जशपुर में 1026.3 मि.मी., कोरिया में 1169.7 मि.मी. और मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर में 1054.3 मि.मी. औसत वर्षा दर्ज हुई है।

बस्तर संभाग में बस्तर जिले में 1425.2 कोंडागांव जिले में 970.4 मि.मी., कांकेर में 1167.4 मि.मी., नारायणपुर में 1259.4 मि.मी., दंतेवाड़ा में 1401.5 मि.मी., सुकमा में 1099.5 मि.मी. और बीजापुर में 1423.9 मि.मी. औसत वर्षा रिकार्ड की जा चुकी है। 

और भी

जिंदगी में जीत हार से ज्यादा महत्वपूर्ण है पूरी क्षमता से खेलना : वित्त मंत्री श्री ओ.पी. चौधरी

 रायगढ़ में आत्मनिर्भर भारत, फिट इंडिया और नशा मुक्त भारत का संदेश देते हुए मैराथन दौड़ का आयोजन किया गया। वित्त मंत्री श्री ओ.पी.चौधरी ने बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ चौक से मैराथन दौड़ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह मैराथन रायगढ़ के दौड़ बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ चौक से होते हुए गांधी चौक, सुभाष चौक, रामनिवास टॉकीज चौक, शहीद चौक से हेमू कालानी चौक होते हुए कमला नेहरू उद्यान में समाप्त हुई। यह कार्यक्रम सेवा पखवाड़ा 2025 के तहत आयोजित किया गया।


वित्त मंत्री श्री ओ.पी.चौधरी ने मैराथन दौड़ के विजेताओं को बधाई देते हुए अपने संबोधन में कहा कि जीत-हार से ज्यादा महत्वपूर्ण अपनी पूरी क्षमता और खेल भावना से प्रतियोगिता में हिस्सा लेना है।  लगन और समर्पण के साथ किया गया प्रयास ही सफलता का मार्ग प्रशस्त करता है। उन्होंने प्रतियोगिता में प्रथम दस स्थान पर आने वाले बालक और बालिकाओं को स्वेच्छानुदान मद से 5-5 हजार रूपये देने की घोषणा की।

वित्त मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने अपने कुशल नेतृत्व से आज भारत को वैश्विक मानचित्र में स्थापित करने का काम किया है। उनके मार्गदर्शन में किए जा रहे कार्यों से देश ने प्रगति के कई सोपान तय किए हैं। 17 सितम्बर से 02 अक्टूबर तक यह सेवा पखवाड़ा आयोजित किया जा रहा है। जिसमें विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

वित्त मंत्री श्री ओ.पी.चौधरी ने कहा कि राज्य गठन के समय छत्तीसगढ़ में एक भी राष्ट्रीय स्तर की संस्था नहीं थी। किन्तु आज आईआईटी, आईआईएम, ट्रिपलआईटी, एनआईटी, नेशनल लॉ यूनिवर्सिटी जैसी देश की लगभग सभी प्रमुख संस्थाएं यहां संचालित हैं। पिछले डेढ़ साल में छत्तीसगढ़ में 3 राष्ट्रीय स्तर कि संस्थाओं की स्थापना का मार्ग प्रशस्त हुआ है। जिनमें नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ फैशन टी टेक्नोलॉजी, नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ इलेक्ट्रॉनिक्स एंड इनफॉर्मेशन टेक्नोलॉजी तथा नेशनल फोरेंसिक साइंस यूनिवर्सिटीज शामिल है।

उन्होंने कहा कि प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए अनुकूल वातावरण देने रायपुर कलेक्टर रहते नालंदा परिसर की आधारशिला रखी थी। आज वहां 3 हजार छात्र प्रवेशित हैं और लगभग उतने ही छात्र प्रतीक्षा सूची में है। रायगढ़ के छात्रों के सुदृढ़ भविष्य के लिए यहां मरीन ड्राइव में 40 करोड़ की लागत से नालंदा परिसर का निर्माण तेजी से हो रहा है। रायगढ़ स्टेडियम में उपलब्ध खेल सुविधाओं का उन्नयन किया जा रहा है।

खेल सुविधाओं को नया आयाम देने लोहरसिंह में 105 करोड़ की लागत से स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स का निर्माण की स्वीकृति मिली है। इसका लाभ पूरे जिले के खिलाडिय़ों को मिलेगा। पुसौर और महापल्ली में भी स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स/स्टेडियम का निर्माण होगा। अग्निवीर भर्ती की लिखित परीक्षा में चयनित अभ्यर्थियों के फिजिकल टेस्ट की तैयारी की सुविधा उर्दना पुलिस लाइन में प्रदान की जाती है। यहां प्रतिभागियों को पौष्टिक आहार के साथ फिजिकल ट्रेनिंग भी दी जाती है इसके लिए उन्हें आर्थिक सहायता भी प्रदान की जाती है।

वित्त मंत्री ने बताया कि रायगढ़ में नव गुरुकुल संस्था का शुभारंभ किया गया है। यहां बालिकाओं एवं युवतियों को आज के बदलते दौर की आवश्यकता के हिसाब से जरूरी ट्रेनिंग प्रदान किया जा रहा है। जिससे वे आईटी और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस जैसे क्षेत्रों में भी रोजगार हासिल कर सके। रायगढ़ में प्रयास आवासीय संस्था का संचालन किया जा रहा है। यहां प्रवेश लेने वाले छात्रों को आईआईटी और नीट जैसी राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगी परीक्षाओं की निरूशुल्क तैयारी कराई जाती है। संस्था का संचालन प्रारंभ हो चुका है तथा 50 करोड़ में इसका नया भवन बनने वाला है।

लोकसभा सांसद श्री राधेश्याम राठिया ने कहा कि 17 सितंबर से 02 अक्टूबर तक हम सेवा पखवाड़ा मना रहे हैं। जिसके तहत यह मैराथन दौड़ का आयोजन आज रायगढ़ में आयोजित हुआ। इसका उद्देश्य युवाओं को जीवन में सकारात्मकता के साथ आगे बढऩे के लिए फिट इंडिया और नशामुक्त भारत का संदेश देना है। महापौर श्री जीवर्धन चौहान ने कहा कि यह नमो मैराथन दौड़ युवाओं के प्रयास और सहभागिता से संपन्न हुआ है। युवा देश में भविष्य हैं।

 

विजेताओं को दिए गए पुरस्कार
वित्त मंत्री श्री ओ.पी.चौधरी ने नमो मैराथन दौड़ के समापन में विजयी प्रतिभागियों को पुरस्कृत किया। इनमें पुरूष वर्ग में प्रथम स्थान पर मनोज कुमार यादव, द्वितीय-भोजराम साहू एवं तृतीय स्थान पर सुनील कुमार साहू रहे। इसी तरह महिला वर्ग में प्रथम स्थान पर सोना चौहान, द्वितीय-संगीता यादव एवं तृतीय स्थान पर धनकुवर सिदार रही। प्रथम आने वाले प्रत्येक प्रतिभागी को 5100 रूपए, द्वितीय को 3100 रुपए एवं तृतीय स्थान पर रहे प्रतिभागियों को 2100 रुपए दिए गए। बालक और बालिका वर्ग से प्रथम दस स्थानों पर आने वाले प्रतिभागियों को वित्त मंत्री श्री ओ.पी.चौधरी ने 5-5 हजार रूपये देने की घोषणा भी की।

और भी

मुख्यमंत्री ने जनसंपर्क विभाग की सहायक संचालक श्रीमती रीनू ठाकुर के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया

 मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने जनसंपर्क विभाग की सहायक संचालक श्रीमती रीनू ठाकुर के निधन पर गहरी संवेदना व्यक्त की है। 


मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि श्रीमती रीनू ठाकुर अपनी कर्त्तव्यपरायणता, सरल एवं सौम्य व्यक्तित्व तथा मधुर व्यवहार के कारण विभागीय परिवार में विशिष्ट स्थान रखने वाली अधिकारी रहीं। उन्होंने विभागीय दायित्वों का निर्वहन सदैव पूर्ण समर्पण और निष्ठा के साथ किया और अपने कार्य के प्रति उनकी प्रतिबद्धता अनुकरणीय रही है।

मुख्यमंत्री श्री साय ने ईश्वर से प्रार्थना की है कि दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करते हुए शोकाकुल परिवार को इस असहनीय दुःख को सहन करने की शक्ति दे।
और भी

मोदीजी के जीवन पर आधारित फिल्म देखने पहुंचे मुख्यमंत्री साय, प्रदेश अध्यक्ष देव सहित मंत्रीगण

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण देव, प्रदेश संगठन महामंत्री पवन साय, सहित प्रदेश सरकार के सभी मंत्री, भाजपा पदाधिकारी व कार्यकर्ता प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के जीवन पर आधारित ‘चलो जीते हैं‘सत्य का सिनेमा* डॉक्यूमेंट्री फिल्म एक मॉल में देखने पहुंचे। इस दौरान मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने पत्रकारों से चर्चा करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के जीवन से जुड़ी इस फिल्म के प्रसंग हमें प्रेरणा देने वाले हैं। यह फिल्म सत्य का सिनेमा है जो हमें समाज से जोड़ता है। उन्होंने कहा कि इस फिल्म को ज्यादा से ज्यादा कार्यकर्ताओं और आमजनों को देखना चाहिए। यह फिल्म प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के व्यक्तित्व को और करीब से जानने का मौका देता है। 


मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि इस फिल्म के माध्यम से हमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के जीवन यात्रा उनके संघर्ष और जीवंत घटनाओं को देखने का यह सुनहरा अवसर है। भाजपा के सभी कार्यकर्ता सहित आम जन इस फिल्म को अवश्य देखें क्योंकि फिल्म में वास्तविकता का झलक दिखाई गई है।
और भी

मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने श्रद्धेय शांताराम सर्राफ को अर्पित की श्रद्धांजलि

 मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय आज राजधानी रायपुर स्थित इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय के सभागार में आयोजित शांता राम सर्राफ जी की श्रद्धांजलि सभा में सम्मिलित हुए। मुख्यमंत्री श्री साय ने शांता राम सर्राफ जी के छायाचित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। उन्होंने ईश्वर से प्रार्थना की कि दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें तथा शोकाकुल परिजनों को दुःख को  सहन करने की शक्ति प्रदान करे।


इस अवसर पर विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह, पूर्व राज्यपाल श्री रमेश बैस, उपमुख्यमंत्रीद्वय श्री अरुण साव एवं श्री विजय शर्मा, कैबिनेट मंत्री श्री केदार कश्यप, श्री लखनलाल देवांगन, श्री दयालदास बघेल, श्री श्याम बिहारी जायसवाल, श्री गजेन्द्र यादव, श्री टंकराम वर्मा, श्रीमती लक्ष्मी रजवाड़े सहित अन्य गणमान्यजन बड़ी संख्या में उपस्थित थे।
और भी

एनएचएम कर्मचारियों को धमकी सरकार की अलोकतांत्रिक चरित्र - दीपक बैज

एनएचएम कर्मचारियों को बर्खास्तगी की धमकी देना तथा नई भर्ती शुरू करने की घोषणा सरकार का अलोकतांत्रिक चरित्र है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा कि 2023 के विधानसभा चुनाव में भाजपा ने मोदी की गारंटी में एनएचएम कर्मचारियों से नियमितीकरण का वादा किया था, कर्मचारी उसी गारंटी को पूरा करने की मांग को लेकर हड़ताल में है तो सरकार उनको धमका रही है। अब तो डबल इंजन की सरकार है, केंद्र सरकार ने भी कह दिया है राज्य चाहे तो एनएचएम कर्मचारियों को नियमित कर सकती है, फिर सरकार अपना वादा नहीं निभा रही है।


प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा कि भाजपा एनएचएम कर्मचारियों से धोखा कर रही है। उनकी मांग जायज है, यह एनआरएचएम कर्मचारियों का हक है, सरकार तत्काल उसे पूरा करें और आंदोलन को समाप्त कराये। केंद्र की सरकार ने यह स्पष्ट किया है कि स्वास्थ्य राज्य सूची का विषय है, राज्य सरकार चाहे तो एनएचएम कर्मचारियों की मांग पर निर्णय ले सकती है, फिर स्वास्थ्य मंत्री का केंद्र को पत्र लिखने का बहाना करना एनएचएम कर्मचारियों के साथ धोखा है।  

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा कि भाजपा ने विधानसभा चुनाव के दौरान मोदी की गांरटी के नाम पर एनआरएचएम कर्मचारियों से वादा किया था सरकार बनने के तत्काल बाद पूरा किया जायेगा। आज सरकार बने 21 महीना से अधिक समय हो गया है और मोदी की गारंटी अधूरी है अब एनआरएचएम के कर्मचारी जब भाजपा को उनकी वादा याद दिला रहे हैं अपनी मांगों को पूरा करने के लिए आंदोलन कर रहे हैं तो सरकार उन्हें नौकरी से बर्खास्त करने एवं वेतन काटने की तानाशाही फरमान जारी करें। डर भय पैदा करके आंदोलन को कुचलना चाहती है लेकिन एनआरएचएम के कर्मचारी डरेंगे नहीं कांग्रेस पार्टी उनके साथ खड़ी हुई है।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा कि भाजपा सरकार लोकतंत्र के विरोधी है लोकतंत्र के मिले अधिकारों के तहत एनआरएचएम के कर्मचारी अपनी मांगों को लेकर आंदोलन कर रहे भाजपा सरकार उनकी सुनने के बजाय तानाशाही रवैया अपना कर आंदोलन का दमन करना चाहती है लोकतंत्र की हत्या करना चाहती है, हिटलरशाही नीति अपना रही है, यह बर्दाश्त नहीं किया जायेगा तत्काल एनआरएचएम कर्मचारियों की मांगों को पूरा किया जाए।
और भी

पीएम सूर्यघर से सूरज देगा बिजली, बदलेगा जिंदगी का हर कोना

 देश को ऊर्जा आत्मनिर्भर बनाने और हर घर तक स्वच्छ, सस्ती एवं निरंतर बिजली पहुँचाने के उद्देश्य से प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना शुरू की गई है। यह महत्वाकांक्षी योजना न केवल नागरिकों को बिजली बिल से हमेशा के लिए राहत दिला रही है, बल्कि परिवारों को आत्मनिर्भर बनाते हुए पर्यावरण संरक्षण में भी क्रांतिकारी योगदान दे रही है। छत्तीसगढ़ में इस योजना का क्रियान्वयन मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के मार्गदर्शन में अत्यंत प्रभावी और संवेदनशील ढंग से किया जा रहा है। मुख्यमंत्री के नेतृत्व में प्रदेश में सौर ऊर्जा को अपनाने की गति तेज हुई है। 


देश की “पावर कैपिटल” कहलाने वाले कोरबा जिले में प्रधानमंत्री सूर्यघर योजना का प्रभाव विशेष महत्व रखता है। यहाँ अनेक परिवार इस योजना का लाभ उठाकर हर महीने बचत कर रहे हैं और बिजली बिल आने जाने के झमेले से मुक्त हो रहे हैं। इन्हीं में से एक प्रेरक उदाहरण हैं नकटीखार, कोरबा निवासी रंजीत कुमार है, जिन्होंने अपने परिवार के जीवन में ऊर्जा क्रांति का मार्ग प्रशस्त किया है।

श्री रंजीत कुमार जो एसईसीएल, कुसमुंडा में डंपर ऑपरेटर के रूप में कार्यरत हैं, मेहनतकश व्यक्ति हैं।  हर महीने आने वाला बिजली बिल, परिवार की रोजमर्रा की जरूरतें और बच्चों की पढ़ाई के खर्चों के बीच बिजली बिल अक्सर उनके बजट को बिगाड़ देते थे। यही कारण था कि जब प्रधानमंत्री सूर्यघर योजना की जानकारी मिली तो उन्होंने तुरंत आवेदन कर इसका लाभ उठाने का निश्चय किया। दो माह पहले आवेदन करके उन्होंने अपने घर की छत पर सोलर पैनल सिस्टम लगवाया। जिसकी कुल लागत लगभग 2 लाख 10 हजार रुपए रही, 78 हजार रुपए केंद्र सरकार की सब्सिडी पहले ही मिल चुकी है। शेष राशि में उन्होंने सस्ती व आसान दर पर लोन लेकर तथा कुछ नकद भुगतान देकर किया। सिर्फ कुछ हफ्तों में ही यह निवेश उनके जीवन के लिए सबसे बड़ा वरदान साबित हुआ। पहले जहां उनके घर का बिजली बिल हर महीने एक हजारों रुपए तक पहुँच जाया करता था, वहीं अब सौर ऊर्जा से चल रहे घर का मासिक बिल मात्र 130 रुपए आ रहा है।

प्रधानमंत्री सूर्यघर योजना केवल परिवारों की आर्थिक स्थिति सुधारने तक सीमित नहीं है, बल्कि यह प्रकृति और पर्यावरण की भी बड़ी मित्र है। सौर ऊर्जा से न केवल कोयला और डीज़ल जैसे पारंपरिक ईंधनों पर निर्भरता कम होती है, बल्कि वायु प्रदूषण में भी भारी कमी आती है। कोरबा जैसे औद्योगिक जिले में, जहाँ कोयला आधारित बिजली उत्पादन बड़े पैमाने पर होता है, वहां सौर ऊर्जा का बढ़ता उपयोग पर्यावरण संरक्षण में ऐतिहासिक योगदान है। परिवारों को बिजली बिल से मुक्तिमिल रही है, घरों में रोशनी और उपकरणों का संचालन संभव हो रहा है, लोग ऊर्जा आत्मनिर्भरता की ओर बढ़ रहे हैं।

श्री कुमार और उनके परिवार ने बताया “अब हमें बिजली बिल की चिंता नहीं रहती। सौर पैनल ने हमारी जिंदगी आसान बना दी है। बच्चों की पढ़ाई बाधित नहीं होती और घर के उपकरण भी बिना रुकावट चलते हैं। 
आज उनका घर न केवल रोशन है बल्कि ऊर्जा बचत और पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक आदर्श भी बन गया है। प्रधानमंत्री सूर्यघर योजना के सशक्त क्रियान्वयन से आमजन का जीवन बदल रहा है। यह योजना उन हजारों परिवारों के लिए प्रेरणा है, जो अब तक बिजली का स्थाई उपाय ढूंढ रहें थे। पीएम सूर्यघर योजना ने उन्हें आत्मनिर्भरता, आर्थिक मजबूती और स्वच्छ ऊर्जा की राह दिखाई है।
और भी

करोड़ों रूपए की जीएसटी चोरी का खुलासा: 170 से अधिक बोगस फर्म बनाकर की जीएसटी चोरी

राज्य जीएसटी विभाग ने जीएसटी एनालिटिक्स और इंटेलिजेंस नेटवर्क तथा जीएसटी प्राईम पोर्टल का उपयोग करके बोगस फर्म और बोगस बिल तैयार करने वाले सिंडिकेट का पता लगाया है। इसका मास्टर माइंड मो. फरहान सोरठिया है, जो जीएसटी के कर सलाहकार के रूप में कार्य करता था। इस सिंडिकेट के कारण राज्य को प्रतिमाह करोड़ों रूपये के कर राजस्व का नुकसान होता था।

राज्य जीएसटी की बी.आई.यू. टीम इस प्रकरण पर एक माह से कार्य कर रही थी। मास्टर माइंड मो. फरहान सोरठिया के ऑफिस में 12 सितंबर को जांच की गयी। जांच के दौरान यहां से 172 फर्मों के बारे में जानकारियां मिली। फरहान ने अपने 5 ऑफिस स्टॉफ को फर्मों का पंजीयन कराने, रिटर्न फाईल करने और ई-वे बिल तैयार करने के लिये रखा था। इसके अलावा मास्टर माइंड के आफिस से बोगस पंजीयन के लिये किरायानामा, सहमति पत्र, एफिडेविट तैयार करने के भी साक्ष्य मिले हैं।
26 बोगस फर्मों से ही 822 करोड़ का ई-वे बिल जनरेट किया गया, जबकि रिटर्न में 106 करोड रूपये का ही टर्नओव्हर दिखाया गया है। केवल इन फर्मों से ही राज्य को 100 करोड़ रूपये के जीएसटी का नुकसान होने का प्रारंभिक आंकलन है। यहां से प्राप्त दस्तावेजों के अनुसार राज्य के भीतर और पंजाब, असम, मणिपुर, ओडिसा में भी पंजीयन लिया गया है। पंजीयन के लिए बोगस दस्तावेज जैसे किरायानामा एवं सहमति पत्र भी तैयार किये जाते थे। इन फर्मों के माध्यम से बोगस सप्लाई बिल और ई-वे बिल जारी किए जा रहे थे।
मो. फरहान के बोगस फर्मों से संबंधित दस्तावेज छुपाये जाने की सूचना पर विभाग ने 17 सितंबर को फरहान के चाचा मो. अब्दुल लतीफ सोरठिया के आवास में सर्च (जांच) किया गया। वहां अधिकारियों को 1 करोड़ 64 लाख रूपये के नोट और 400 ग्राम सोने के 4 बिस्किट मिले। विभाग के अधिकारियों ने इसे जब्त कर के आयकर विभाग को सूचना दे दी है।
जीएसटी अधिकारियों द्वारा इन फर्मों से करोड़ों रूपए के जीएसटी फ्रॉड की राशि की गणना की जा रही है। इस प्रकरण में कई ब्रोकर, स्क्रैप डीलर और इनपुट टैक्स क्रेडिट के लाभ लेने वाली कम्पनियाँ भी विभाग के जांच के दायरे में है। राज्य कर विभाग द्वारा मामले की गहन जांच की जा रही है और आगे की विधिक कार्यवाही प्रगति पर है।
और भी

राजिम – रायपुर के बीच नई मेमू ट्रेन सेवा का शुभारंभ मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय जी द्वारा हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया ।

 भारतीय रेल छत्तीसगढ़ में रेल सेवाओं और अवसंरचना के उन्नयन के लिए प्रतिबद्ध है । वर्तमान में छत्तीसगढ़ राज्य में रेलवे की यात्री सुविधाएं प्रगति पर हैं । आपको यह जानकर हर्ष होगा कि छत्तीसगढ़ के लिए बेहतर रेल कनेक्टिविटी हेतु, माननीय श्री विष्णु देव साय जी, मुख्यमंत्री  –छत्तीसगढ़ शासन द्वारा आज दिनांक 18 सितंबर 2025 को राजिम – रायपुर नई मेमू ट्रेन  रेल सेवा का हरी झंडी दिखाकर शुभारंभ किया गया । राज्य में रेल परिवहन को और मजबूत करेंगी, जिससे यात्री एवं माल परिवहन के बढ़ने से रेल राजस्व में बढ़ोतरी होगी। यह गाड़ियां चलने से 03 ट्रेनों की सुविधा राजिम से रायपुर के बीच उपलब्ध रहेगी। राजिम से रायपुर के बीच किराया मात्र 15 रुपए होगा।


             इस अवसर पर राजिम रेलवे स्टेशन पर माननीय मंत्री - वन एवं जलवायु परिवर्तन, परिवहन, सहकारिता, संसदीय कार्य श्री केदार कश्यप जी, माननीय मंत्री – खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण श्री दयाल दास बघेल जी, माननीय सांसद - रायपुर श्री बृजमोहन अग्रवाल जी, माननीया सांसद - महासमुंद श्रीमती रूप कुमारी चौधरी जी, माननीय विधायक - राजिम श्री रोहित साहू जी, माननीय विधायक - अभनपुर श्री इंद्र कुमार साहू जी, माननीय अध्यक्ष - जिला पंचायत रायपुर श्री नवीन कुमार अग्रवाल जी, माननीय अध्यक्ष - जिला पंचायत गरियाबंद श्री गौरी शंकर कश्यप जी, माननीया अध्यक्षा - नगर पालिका गोबरा नवापारा श्रीमती ओम कुमारी संजय साहू जी, माननीय अध्यक्ष - नगर पंचायत राजिम श्री महेश यादव जी,सहित अन्य सांसद व विधायक जनप्रतिनिधिगण, दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे  महाप्रबंधक श्री तरुण प्रकाश जी, मंडल रेल प्रबंधक रायपुर श्री दयानंद जी,  वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक श्री अवधेश कुमार त्रिवेदी जी  सहित रेलवे अन्य  अधिकारीगण एवं कर्मचारीगण उपस्थित रहे ।

            राजिम रेलवे स्टेशन पर इस मेमू ट्रेन के शुभारंभ के अवसर पर छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय जी ने प्रदेशवासियों को बधाई देते हुए कहा कि इस सेवा से प्रदेशवासियों को अभनपुर मार्ग से होते हुवे राजधानी रायपुर रेल मार्ग से  आने- जाने में आसानी एवं समय बचत होगी । इस नई मेमू ट्रेन सेवा के लिए उन्होंने प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी और केंद्रीय रेल मंत्री श्री अश्विनी वैष्णव जी का छत्तीसगढ़ के निवासियों की ओर से आभार प्रगट किया । उन्होंने छत्तीसगढ़ में चल रही रेल परियोजनाओं तथा अमृत भारत स्टेशन योजना का भी उल्लेख किया तथा उन्होंने  कहा कि राजिम से रायपुर तक की यात्रा और सुगम हो जाएगी, जिससे व्यापार, शिक्षा, पर्यटन और स्थानीय रोजगार को बढ़ावा मिलेगा एवं रायपुर से राजिम के पवित्र स्थलों तक आसान पहुँच होगी ।

           राजिम - रायपुर के मध्य मेमू ट्रेन सेवा की शुरुआत से स्थानीय निवासियों को लाभ मीलेगा । यह नई राजिम-रायपुर मेमू ट्रेन, जो 2025 में अभनपुर-राजिम विस्तार के हिस्से के रूप में शुरू की गई है । रायपुर-राजिम क्षेत्र के लगभग 25 लाख लोगों को बेहतर रेल कनेक्टिविटी प्रदान करके सीधे लाभ पहुँचायेगी । दैनिक यात्रियों के लिए यह तेज और किफायती यात्रा प्रदान करती है, जिससे भीड़भाड़ वाली बसों पर निर्भरता कम होगी और प्रति यात्रा 30-45 मिनट की बचत भी होगी, जो कार्य या परिवार के लिए अधिक समय बचत में बदल जाती है । इस रेल सेवा से तीर्थयात्रियों और पर्यटकों को सबसे अधिक लाभ मिलेगा: रायपुर से राजिम के पवित्र स्थलों तक आसान पहुँच से सहूलियत होगी, खासकर कुंभ मेला जैसे त्योहारों के दौरान, जब भीड़ बढ़ जाती है। पर्यावरणीय दृष्टि से, सड़क से रेल परिवहन में बदलाव ईंधन खपत और प्रदूषण को कम करता है, जो छत्तीसगढ़ के हरित पहलों का समर्थन करता है । समग्र रूप से, यह राजमार्गों पर भीड़ कम करेगा, सुरक्षा बढ़ेगी (कम दुर्घटनाएँ), और ग्रामीण आध्यात्मिक केंद्रों को शहरी क्षेत्रों से जोड़कर क्षेत्रीय विकास को प्रोत्साहित करेगा ।

समय सारिणी - 

           गाड़ी संख्या 06767 राजिम - रायपुर मेमू पैसेंजर स्पेशल ट्रेन रेल सेवा का हरी झंडी दिखाकर शुभारंभ किया गया । इस गाड़ी में 08 कोच रहेगें । गाड़ी संख्या 06767 राजिम - रायपुर मेमू पैसेंजर स्पेशल ट्रेन का परिचालन एक फेरे के साथ किया गया । राजिम- रायपुर-राजिम मेमू पैसेंजर का नियमित परिचालन दिनांक 19 सितम्बर 2025 से किया जायेगा जिसका गाड़ी संख्या एवं समय सारणी इस प्रकार है – 

 गाड़ी संख्या 68766/68767  रायपुर – राजिम- रायपुर  मेमू पैसेंजर समय सारणी

                 गाड़ी संख्या 68766 रायपुर - राजिम  मेमू पैसेंजर  रायपुर स्टेशन से सुबह 4.45 मिनट को रवाना हो कर, 05:03- 05:05 बजे मंदिर हसौद, 05:15 - 05:16 बजे सी.बी.डी (पीएच) , 05:30 - 05:32 बजे केंद्री , 05:43 - 05:45  बजे अभनपुर , 05:56 - 05:57  बजे मानिक चौरी हॉल्ट, 06.20 बजे राजिम पहुचेगी । इसी तरह गाड़ी संख्या 68767 राजिम - रायपुर मेमू पैसेंजर राजिम रेलवे स्टेशन से सुबह 06.45 बजे  रवाना हो कर , 06:59 - 07:00 बजे  मानिक चौरी हॉल्ट , 07:13 - 07:15 बजे  अभनपुर ,07:26 - 07:28 बजे केंद्री , 07:41 - 07:42 बजे  सी.बी.डी (पीएच)  , 07:53 - 07:55 बजे  मंदिर हसौद , 08:20 बजे  रायपुर पहुचेगी ।

गाड़ी संख्या 68760/68761 रायपुर - अभनपुर –रायपुर मेमू पैसेंजर ट्रेन का राजिम तक विस्तार –
                       गाड़ी संख्या 68760/68761 रायपुर – अभनपुर- रायपुर मेमू पैसेंजर का परिचालन रायपुर - अभनपुर स्टेशनों के मध्य तक किया जा  रहा था । अब इस गाड़ी संख्या का विस्तार राजिम स्टेशन तक किया जायेगा ।  जिसका समय सारणी इस प्रकार से है-  
                गाड़ी संख्या 68760 रायपुर - अभनपुर मेमू ( वर्तमान ) का परिचालन समय सारणी रायपुर स्टेशन से 09:00 बजे को रवाना हो कर  09:18 - 09:20 बजे मंदिर हसौद ,09:32 - 09:33 बजे सी.बी.डी (पीएच), 09:50 - 09:52 बजे केंद्री ,10:10 बजे अभनपुर ।   इसी गाड़ी संख्या 68760 रायपुर - अभनपुर मेमू (विस्तार) का परिचालन राजिम तक विस्तार किया जा रहा है जिसका समय सारणी - रायपुर स्टेशन से 09:00 बजे को रवाना हो कर , 09:18 - 09:20 बजे मंदिर हसौद , 09:30 - 09:31 बजे सी.बी.डी (पीएच) , 09:45 - 09:47 बजे केंद्री , 09:58 - 10:00 बजे अभनपुर,10:11-10:12 बजे मानिक चौरी हॉल्ट , 10:35 बजे राजिम पहुचेगी ।

       गाड़ी संख्या 68761 अभनपुर – रायपुर  मेमू ( वर्तमान ) का परिचालन समय सारणी अभनपुर स्टेशन से 10:20 बजे को रवाना हो कर , 10:28 - 10:30 बजे केंद्री, 10:42 - 10:43 बजे सी.बी.डी (पीएच) , 11:00 - 11:02 बजे मंदिर हसौद, 11:45 बजे रायपुर । गाड़ी संख्या 68761 राजिम - रायपुर मेमू (विस्तार ) का परिचालन  विस्तार  किया जा रहा है जिसका समय सारणी - राजिम स्टेशन से 11:10 बजे को रवाना हो कर, 11:24 - 11:25 मानिक चौरी हॉल्ट, 11:38 - 11:40 अभनपुर स्टेशन,  11:51 - 11:53 बजे केंद्री, 12:06 -12:07 बजे सी.बी.डी (पीएच) , 12:18 - 12:20 बजे मंदिर हसौद, 12:45 बजे रायपुर पहुचेगी ।

गाड़ी संख्या 68762/68763 रायपुर – अभनपुर-रायपुर मेमू पैसेंजर ट्रेन का राजिम तक विस्तार –
             गाड़ी संख्या 68762 रायपुर - अभनपुर मेमू ( वर्तमान ) का परिचालन समय सारणी रायपुर स्टेशन से 16:20 बजे को रवाना हो कर , 16:38 - 16:40 बजे मंदिर हसौद , 16:52 - 16:53 बजे सी.बी.डी (पीएच) , 17:10 - 17:12 बजे केंद्री , 17:30 बजे अभनपुर  । गाड़ी संख्या 68762 रायपुर – राजिम  मेमू ( विस्तार ) का परिचालन समय सारणी रायपुर स्टेशन से 16:20 बजे को रवाना हो कर , 16:38 - 16:40 बजे मंदिर हसौद , 16:50 - 16:52 बजे सी.बी.डी (पीएच) , 17:05 - 17:07 बजे केंद्री , 17:18 – 17:20 बजे अभनपुर , 17:31 – 17:32 बजे मानिक चौरी हॉल्ट , 18:00 बजे राजिम पहुचेगी ।

               गाड़ी संख्या 68763  अभनपुर - रायपुर मेमू ( वर्तमान ) का परिचालन समय सारणी अभनपुर स्टेशन से 18:10 बजे को रवाना हो कर , 18:18 - 18:20 बजे केंद्री , 18:32 - 18:33 बजे सी.बी.डी (पीएच) , 18:45 - 18:47 बजे मंदिर हसौद , 19:20 बजे रायपुर  पहुचेगी ।  गाड़ी संख्या 68763 राजिम - रायपुर मेमू ( विस्तार ) का परिचालन समय सारणी राजिम स्टेशन से 18:30 बजे को रवाना हो कर , 18:44 - 18:45 बजे मानिक चौरी हॉल्ट , 18:58 - 19:00 बजे अभनपुर , 19:11 -  19:13 बजे केंद्री , 19:26 - 19:27 बजे सी.बी.डी (पीएच) , 19:38 - 19:40 बजे मंदिर हसौद , 20:15 बजे रायपुर  पहुचेगी ।
और भी

’स्वच्छता ही सेवा’ और ‘अंगीकार-2025’ अभियान, प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना 2.0 एवं लोक कल्याण मेला का किया राज्य स्तरीय शुभारंभ

 मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय आज नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग के स्वच्छता, आवास और लोक कल्याण उत्सव में शामिल हुए। उन्होंने राजधानी रायपुर के पंडित जवाहर लाल नेहरू शासकीय चिकित्सा महाविद्यालय के श्री अटल बिहारी बाजपेयी सभागार में आयोजित कार्यक्रम में ’स्वच्छता ही सेवा’ और ‘अंगीकार-2025’ अभियान तथा प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना 2.0 एवं लोक कल्याण मेला का राज्य स्तरीय शुभारंभ किया। उन्होंने विभिन्न नगरीय निकायों में प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के 11 हजार लाभार्थियों को गृहप्रवेश भी कराया। उप मुख्यमंत्री तथा नगरीय प्रशासन एवं विकास मंत्री श्री अरुण साव, सांसद श्री बृजमोहन अग्रवाल, विधायकद्वय श्री राजेश मूणत और श्री सुनील सोनी तथा रायपुर नगर निगम की महापौर श्रीमती मीनल चौबे भी कार्यक्रम में शामिल हुईं।  


मुख्यमंत्री श्री साय और अन्य अतिथियों ने कार्यक्रम में राज्य स्तरीय स्वच्छता सुपर लीग के टूल-किट का विमोचन किया। उन्होंने प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) 2.0 के अंतर्गत हितग्राहियों को उनके स्वीकृत आवासों के भवन निर्माण अनुज्ञा पत्र तथा पीएम स्वनिधि के लाभार्थियों को चेक वितरित किए। उन्होंने रायपुर नगर निगम के दिवंगत कर्मियों के परिजनों को अनुकंपा नियुक्ति पत्र भी दिए। मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम में मौजूद सभी लोगों को स्वच्छता की शपथ भी दिलाई। उन्होंने रायपुर नगर निगम और अन्य नगरीय निकायों में स्वच्छता को समर्पित डोर-टू-डोर कचरा कलेक्शन वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने कार्यक्रम में विश्वकर्मा जयंती और प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी को जन्मदिन की बधाई देते हुए कहा कि देश को स्वच्छता और स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करने में प्रधानमंत्री श्री मोदी ने बड़ा काम किया है। स्वच्छता अब लोगों की आदत में शुमार हो गया है। उन्होंने कहा कि घर के अंदर और बाहर साफ-सफाई केवल महिलाओं का ही दायित्व नहीं है, बल्कि यह पुरूषों का भी काम है। उन्होंने देश में स्वच्छता को इस मुकाम तक पहुंचाने के लिए प्रधानमंत्री को धन्यवाद दिया। 

मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वच्छ सर्वेक्षण-2024-25 में छत्तीसगढ़ को सात राष्ट्रीय पुरस्कार मिले हैं। बीस हजार से कम आबादी वाले देश के 100 सबसे स्वच्छ शहरों में अकेले छत्तीसगढ़ के 58 शहर शामिल हैं। उन्होंने इस उपलब्धि के लिए नगरीय निकायों में काम कर रहे स्वच्छता दीदियों, सफाई कर्मियों और वहां के नागरिकों को धन्यवाद देते हुए रैंकिंग में आगे और भी सुधार करने को कहा। उन्होंने कहा कि हम विकसित छत्तीसगढ़ और विकसित भारत बनाने के लिए अपने विजन डॉक्युमेंट-2047 के अनुरूप काम कर रहे हैं। 

उप मुख्यमंत्री श्री अरुण साव ने अपने संबोधन में कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने पिछले 11 वर्षों में देश के एक-एक व्यक्ति की चिंता की है। ‘सबका साथ सबका विकास’ के ध्येय पर चलते हुए देश को आगे बढ़ाने का काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) 2.0 में ‘अंगीकार-2025’ अभियान के तहत हर पात्र परिवार तक आवास पहुंचाने का काम किया जा रहा है। इसके लिए 4 सितम्बर से 31 अक्टूबर तक यह विशेष अभियान संचालित है। स्ट्रीट वेंडर्स को आगे बढ़ाने और उनके कल्याण के लिए भारत सरकार प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना 2.0 लेकर आई है। आज से पूरे प्रदेश में यह लागू हो रहा है। उन्होंने कहा कि आज से प्रारंभ हो रहे स्वच्छता ही सेवा अभियान से हर व्यक्ति को जोड़कर स्वच्छता को जन आंदोलन बनाया जाएगा। श्री साव ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में हम राज्य के सभी शहरों को स्वच्छ, सुंदर और सुविधापूर्ण बनाने के लिए काम कर रहे हैं। हर शहर में नागरिकों के लिए सुविधाएं बढ़ा रहे हैं।

नगरीय प्रशासन विभाग के सचिव डॉ. बसवराजु एस. ने कार्यक्रम में अपने स्वागत भाषण में आज से प्रारंभ हो रहे अभियानों और योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि आज से शुरू हो रहा स्वच्छता पखवाड़ा इस बार ‘स्वच्छोत्सव’ के रूप में मनाया जा रहा है। पखवाड़े के दौरान सभी नगरीय निकायों में गंदगी के ब्लैक-स्पॉट्स को चिन्हांकित कर साफ-सफाई का अभियान चलाया जाएगा। नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग के संचालक श्री आर. एक्का, रायपुर नगर निगम के आयुक्त श्री विश्वदीप और राज्य शहरी विकास अभिकरण (SUDA) के सीईओ श्री शशांक पाण्डेय सहित नगरीय प्रशासन और सुडा के वरिष्ठ अधिकारी, रायपुर नगर निगम के एमआईसी सदस्य, पार्षदगण और विभिन्न योजनाओं के हितग्राही बड़ी संख्या में कार्यक्रम में मौजूद थे।
और भी

मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस पर ‘स्वच्छता ही सेवा पखवाड़ा 2025’ का किया शुभारंभ

मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने आज प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर राजधानी रायपुर स्थित पंडित जवाहरलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज परिसर में “स्वच्छता ही सेवा 2025 पखवाड़ा” का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने रायपुर नगर निगम और अन्य नगरीय निकायों की स्वच्छता को समर्पित डोर-टू-डोर कचरा कलेक्शन वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।


मुख्यमंत्री श्री साय ने स्वयं हाथ में झाड़ू लेकर परिसर की सफाई की और स्वच्छता का संदेश आमजन तक पहुँचाया। उन्होंने कहा कि अपने आसपास का वातावरण स्वच्छ रखना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। स्वच्छता ही सेवा पखवाड़े के दौरान प्रदेशभर में विविध कार्यक्रम आयोजित होंगे और इसमें सभी नागरिकों की सक्रिय भागीदारी आवश्यक है। मुख्यमंत्री ने विशेष रूप से युवाओं को इस अभियान से जुड़ने का आह्वान करते हुए कहा कि स्वच्छता के प्रति जागरूकता और स्वप्रेरणा से जुड़ाव समाज में सकारात्मक बदलाव लाएगा।

प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के संकल्प को याद करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री सदैव स्वच्छता की बात करते हैं और उन्होंने देश को स्वच्छ बनाने का बड़ा लक्ष्य रखा है। हमें इसे आगे बढ़ाने के लिए अपनी जिम्मेदारी प्राथमिकता से निभानी चाहिए।

मुख्यमंत्री ने विभिन्न स्टालों का किया अवलोकन

शुभारंभ कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री श्री साय ने नगरीय प्रशासन विभाग द्वारा लगाए गए विभिन्न स्टालों का अवलोकन किया। उन्होंने स्व-सहायता समूह की महिलाओं से चर्चा कर उनके आजीविका मूलक कार्यों और गतिविधियों की जानकारी ली। मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) 2.0, सीएसपीडीसीएल, क्रेडा की पीएम सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना, कचरा संग्रहण एवं उसके प्रबंधन की प्रक्रिया संबंधी मॉडल तथा स्व-सहायता समूह द्वारा निर्मित उत्पादों के स्टालों का भी अवलोकन किया। 

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने “खुशियों का ठेला” के अंतर्गत महिला वेंडर्स को भी प्रोत्साहित किया और उन्हें ऑनलाइन लेन-देन की सुविधा उपलब्ध कराने के लिए यूपीआई साउंड बॉक्स डिवाइस प्रदान किया।

इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री श्री अरुण साव, सांसद श्री बृजमोहन अग्रवाल, विधायक श्री राजेश मूणत, विधायक श्री सुनील सोनी, महापौर श्रीमती मीनल चौबे सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।
और भी

श्रम की सार्थकता और सृजन की भावना को समाज में प्रतिष्ठित करने का श्रेय भगवान विश्वकर्मा को - मुख्यमंत्री विष्णु देव साय

मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने आज राजधानी रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास में भगवान विश्वकर्मा की विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। इस अवसर पर केंद्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्री श्रीमती अन्नपूर्णा देवी, प्रदेश की महिला एवं बाल विकास मंत्री श्रीमती लक्ष्मी राजवाड़े तथा छत्तीसगढ़ राज्य बाल अधिकार संरक्षण आयोग की अध्यक्ष श्रीमती वर्णिका शर्मा उपस्थित थीं।


मुख्यमंत्री श्री साय ने संसार के प्रथम वास्तुकार एवं सृजन-निर्माण के देवता भगवान विश्वकर्मा को नमन करते हुए प्रदेशवासियों को शुभकामनाएँ दीं। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ के श्रमवीर प्रदेश की प्रगति और निर्माण के वास्तविक आधारस्तंभ हैं। श्रम की सार्थकता और सृजन की भावना को समाज में प्रतिष्ठित करने का श्रेय भगवान विश्वकर्मा को जाता है। विश्वकर्मा जयंती का यह अवसर हम सभी को समर्पण और ईमानदारी से कार्य करने की प्रेरणा देता है।
और भी

मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय से केंद्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्री श्रीमती अन्नपूर्णा देवी ने की सौजन्य भेंट

 मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय से आज राजधानी रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास में केंद्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्री श्रीमती अन्नपूर्णा देवी ने सौजन्य भेंट की। 


मुख्यमंत्री श्री साय ने केंद्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्री श्रीमती अन्नपूर्णा देवी से छत्तीसगढ़ में महिला सशक्तिकरण तथा बच्चों के पोषण और शिक्षा से संबंधित चल रहे प्रयासों की जानकारी साझा की। उन्होंने आशा व्यक्त की कि केंद्र एवं राज्य सरकार मिलकर इन क्षेत्रों में और अधिक प्रभावी कार्य करेंगे।

इस अवसर पर प्रदेश की महिला एवं बाल विकास मंत्री श्रीमती लक्ष्मी राजवाड़े, छत्तीसगढ़ राज्य बाल अधिकार संरक्षण आयोग की अध्यक्ष श्रीमती वर्णिका शर्मा उपस्थित थीं।
और भी

विश्वकर्मा जयंती पर विशेष लेख : छत्तीसगढ़ भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण मंडल अंतर्गत अब तक 8.39 लाख निर्माण श्रमिक लाभान्वित

मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा श्रमिकों एवं उनके परिजनों की बेहतरी के लिए कई योजनाएं संचालित की जा रही है। इन योजनाओं के माध्यम से श्रमिकों की सामाजिक एवं आर्थिक स्थिति के उत्थान के लिए लगातार उन्हें आर्थिक मदद दी जा रही है। इसी सिलसिले में छत्तीसगढ़ भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण मंडल अंतर्गत पंजीयन एवं लाभांवित श्रम विभाग द्वारा 01 जनवरी, 2024 से 15 सितम्बर, 2025 तक लगभग 7.3 लाख निर्माण श्रमिकों का पंजीयन किया गया है तथा वर्ष 2024 से 15 सितम्बर 2025 तक संचालित योजनाओं के माध्यम से लगभग 8.39 लाख श्रमिकों को लाभांवित हुए हैं, जिस पर लगभग 535.62 करोड़ रूपए व्यय किया गया है।

उल्लेखनीय है कि असंगठित श्रमिकों के लिए मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व और श्रम मंत्री श्री लखनलाल देवांगन के मार्गदर्शन में एक नई पहल शुरू की गई है। असंगठित श्रमिकों एवं उनके परिवारों के समग्र विकास के लिए अम्ब्रेला योजना ‘अटल श्रम सशक्तिकरण योजना‘ प्रारंभ की गई है। प्रवासी श्रमिक साथियों को सहयोग एवं मार्गदर्शन प्रदाय करने हेतु प्रथम चरण में 5 राज्य क्रमशः उत्तर प्रदेश, तेलंगाना, उड़ीसा, गुजरात एवं महाराष्ट्र में जहां अधिक संख्या में श्रमिक प्रवास करते हैं, वहां ‘मोर चिन्हारी भवन’ बनाया जाएगा। इसके अलावा श्रमिकों को कैशलेस इलाज की सुविधा उपलब्ध कराने 106 निजी चिकित्सालयों से अनुबंध किया गया है। इससे उन्हें हृदय रोग, किडनी रोग, मस्तिष्क रोग, जटिल सर्जरी आदि के लिए सुपर स्पेशिलिटी अस्पताल में उपचार सुविधा मिलेगी।

इसी तरह राज्य शासन द्वारा श्रम विभाग की ‘अम्ब्रेला योजना अटल श्रम सशक्तिकरण योजना‘ के नाम से शुरू की गई है। इससे श्रमिकों तथा उनके परिवारों को एक ही स्थान पर सरकार के सभी योजनाओं का लाभ मिलेगा, इसके लिए ‘श्रमेव जयते‘ पोर्टल बनाया गया है। पंजीकृत श्रमिकों के द्वारा आर्थिक गतिविधि के लिए बैंक से लिए जाने वाले ऋण पर लगने वाले ब्याज में अनुदान देने के लिए जल्द ही नई योजना शुरू की जा रही है ताकि आत्म निर्भर बनते हुए स्वयं मालिक बनने की दिशा में बढ़ सकें। इसके अलावा असंगठित श्रमिकों के कल्याण हेतु संचालित योजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन एवं सतत् निगरानी हेतु राज्य के प्रत्येक संभाग में संभाग स्तरीय श्रम कल्याण कार्यालय के स्थापना की जा रही है। 

श्रम विभाग द्वारा मुख्यमंत्री श्रम संसाधन केन्द्र श्रमिकों की समस्याओं का शीघ्र निराकरण एवं सहायता हेतु राज्य के प्रत्येक जिले में जिला स्तरीय तथा समस्त विकासखंडों में मुख्यमंत्री श्रम संसाधन केन्द्र संचालित किया जा रहा है। मुख्यमंत्री श्रम संसाधन केन्द्र योजना अंतर्गत 01 जनवरी, 2024 से 15 सितम्बर, 2025 तक 94,300 निर्माण श्रमिकों को पंजीयन/नवीनीकरण/योजनाओं के आवेदन में सहयोग प्रदान किया गया है।
छत्तीसगढ़ भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण मंडल अंतर्गत निर्माण श्रमिकों के पंजीयन हेतु स्व-घोषणा प्रमाण पत्र छत्तीसगढ़ भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण मंडल अंतर्गत निर्माण श्रमिकों के पंजीयन की प्रक्रिया सरल करते हुये, ठेकेदार अथवा नियोजक के अधीन कार्य करने संबंधी नियोजक से नियोजन प्रमाण पत्र के स्थान पर श्रमिकों से ही निर्माण कार्य में नियोजित होने संबंधी स्वघोषणा पत्र का प्रावधान किया गया है। उक्त सरलीकरण करने से श्रमिकों को पंजीयन कराने में सुविधा हुई है।

मुख्यमंत्री निर्माण श्रमिक आवास सहायता योजना छत्तीसगढ़ भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण मंडल अंतर्गत निर्माण श्रमिकों के स्वयं के आवास क्रय एवं आवास निर्माण हेतु 01 लाख रूपये एकमुश्त अनुदान सहायता राशि प्रदाय किया जा रहा है। 01 जनवरी, 2024 से 15 सितम्बर, 2025 तक 1042 निर्माण श्रमिकों को नवीन आवास क्रय/आवास निर्माण हेतु अनुदान सहायता राशि प्रदाय किया जा चुका है।
मुख्यमंत्री नोनी बाबू मेधावी शिक्षा सहायता योजना छत्तीसगढ़ भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण मंडल द्वारा संचालित उक्त योजनांतर्गत कक्षा 10वीं एवं कक्षा 12वीं में 75 प्रतिशत या उससे अधिक प्रतिशत प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों एवं छत्तीसगढ़ बोर्ड के मेरिट के प्रथम 10 में स्थान प्राप्त करने पर प्रत्येक श्रमिक बच्चों को राशि रूपये 01 लाख प्रोत्साहन राशि तथा रूपये 01 लाख दोपहिया वाहन क्रय करने हेतु प्रदाय किया गया है। 01 जनवरी, 2024 से 15 सितम्बर, 2025 तक निर्माण श्रमिक के 7478 पुत्र/पुत्रियों को 10 करोड़ 14 लाख 49 हजार 614 रूपए प्रदान किया गया है।

प्रसूति सहायता योजना 01 जनवरी, 2024 से 15 सितम्बर, 2025 तक छत्तीसगढ़ भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण मंडल द्वारा संचालित ‘मिनीमाता महतारी जतन योजना’ अंतर्गत 65 हजार 010 महिला निर्माण श्रमिकों को लाभांवित किया गया है।शहीद वीरनारायण सिंह श्रम अन्न योजना उक्त योजना अंतर्गत पंजीकृत निर्माण, असंगठित एवं संगठित श्रमिकों को 05 रूपए में गरम एवं पौष्टिक भोजन प्रदाय किया जा रहा है। 31 दिसम्बर 2023 की स्थिति में 29 भोजन केन्द्र संचालित थे, जो कि वर्तमान में बढ़कर 17 जिलों में 37 भोजन केन्द्र हो गये हैं। 01 जनवरी, 2024 से 15 सितम्बर, 2025 विभाग द्वारा 11,35,362 यूनिट भोजन (मिल) पंजीकृत संगठित एवं असंगठित श्रमिकों को प्रदाय किया जा चुका है, जिसमें छत्तीसगढ़ भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण मण्डल द्वारा राशि रूपये रूपये 52,865,395 व्यय हुआ है।

मुख्यमंत्री निर्माण श्रमिक मृत्यु एवं दिव्यांग सहायता योजना सामान्य मृत्यु होने पर उसके उत्तराधिकारी को एक लाख रूपए की राशि, कार्य स्थल पर दुर्घटना से मृत्यु होने पर उसके उत्तराधिकारी को 5 लाख रूपए की राशि तथा कार्य स्थल पर दुर्घटना से स्थायी दिव्यांगता होने पर श्रमिक को ढ़ाई लाख रूपए की राशि दिए जाने का प्रावधान है। जिसके तहत् 01 जनवरी, 2024 से 15 सितम्बर, 2025 तक कुल 3658 निर्माण श्रमिकों के आश्रितों को लाभांवित किया गया है।
मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने 17 सितंबर 2024 को डी०बी०टी० के माध्यम से राशि का हस्तांतरण किया था। श्रम विभाग द्वारा प्रदेश स्तरीय श्रमिक सम्मेलन आयोजित कर छत्तीसगढ़ भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण मण्डल अंतर्गत संचालित विभिन्न योजनाओं के तहत् पंजीकृत निर्माण श्रमिकों को केन्द्रीकृत डी.बी.टी. के माध्यम से लाभांवित करना प्रारंभ कर दिया गया है।
छत्तीसगढ़ भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण मंडल द्वारा पंजीकृत निर्माण श्रमिकों को 17 सितम्बर, 2024 से अब तक 16 योजनाओं में 6 लाख 48 हजार 633 पंजीकृत निर्माण श्रमिकों को 327 करोड़ 13 लाख 53 हजार 108 रूपए से लाभांवित किया गया।

और भी

दूरदर्शन ने समाज को वैचारिक रूप से समृद्ध करने और संस्कारों को संवारने में निभाई महत्वपूर्ण भूमिका : मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय

 मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय राजधानी रायपुर स्थित दूरदर्शन केंद्र में आयोजित दूरदर्शन के 66वें स्थापना दिवस कार्यक्रम में शामिल हुए और दूरदर्शन परिवार, अधिकारियों, कर्मचारियों एवं दर्शकों को शुभकामनाएँ दीं। उन्होंने दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया और इस ऐतिहासिक यात्रा से जुड़ी अपनी स्मृतियाँ साझा कीं। इस दौरान मुख्यमंत्री ने दूरदर्शन के कलाकारों द्वारा प्रस्तुत छत्तीसगढ़ी लोकनृत्य, गीत तथा शास्त्रीय संगीत और नृत्य की मनमोहक प्रस्तुतियों का आनंद लिया। मुख्यमंत्री के समक्ष कलाकारों ने गौर नृत्य, बांस गीत, जवारा नृत्य, सुआ नृत्य और गौरी-गौरा जैसे लोकनृत्य प्रस्तुत किए।


मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि दूरदर्शन ने मनोरंजन के साथ-साथ हमें वैचारिक रूप से समृद्ध करने और संस्कारित करने में भी बड़ी भूमिका निभाई है। उन्होंने 1982 में एशियाई खेलों के रंगीन प्रसारण, रामायण और महाभारत जैसे धारावाहिकों का उल्लेख करते हुए कहा कि उस दौर में दूरदर्शन का जादू ऐसा था कि प्रसारण के समय सड़कों पर सन्नाटा छा जाता था।

मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि “मिले सुर मेरा तुम्हारा” जैसे गीतों के माध्यम से दूरदर्शन ने देश की एकता और सांस्कृतिक एकरूपता का संदेश दिया। समाचारों की गरिमा और भाषा की शुचिता बनाए रखने में दूरदर्शन की परंपरा सदैव सराहनीय रही है। 

मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि दूरदर्शन के प्रादेशिक केंद्रों ने स्थानीय कलाकारों और प्रतिभाओं को राष्ट्रीय मंच प्रदान किया है। रायपुर दूरदर्शन ने अपने लोकप्रिय कार्यक्रमों और विशेषकर “हमर चिन्हारी” के माध्यम से छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक धरोहर को देश-दुनिया तक पहुँचाया है।

मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि कृषि दर्शन, महिलाओं से जुड़े कार्यक्रमों और युवाओं के लिए प्रस्तुत विशेष सामग्री के माध्यम से दूरदर्शन ने समाज के हर वर्ग को जोड़ा है। उन्होंने अपनी मुख्यमंत्री पद की जिम्मेदारी सँभालने के बाद “अपनी बात” कार्यक्रम में दिए गए साक्षात्कार को याद करते हुए कहा कि दूरदर्शन हमेशा स्पष्टता से और विस्तारपूर्वक अपनी बात रखने का पर्याप्त अवसर देता है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारी सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ लाखों हितग्राहियों को मिल रहा है और दूरदर्शन के द्वारा समाज में आने वाले सकारात्मक बदलावों को प्रमुखता से प्रदर्शित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि जब किसी एक व्यक्ति की सफलता की कहानी दूरदर्शन पर प्रसारित होती है, तो वह लाखों लोगों के जीवन को बदलने का सशक्त आधार बनती है।

मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने दूरदर्शन परिवार को पुनः स्थापना दिवस की हार्दिक बधाई देते हुए आशा व्यक्त की कि दूरदर्शन इसी प्रकार आम जनता का मनोरंजन, संस्कार और जागरूकता का प्रमुख माध्यम बना रहेगा।

संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री श्री राजेश अग्रवाल ने कहा कि दूरदर्शन ने छत्तीसगढ़ की कला, संस्कृति और परंपराओं को राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय मंच तक पहुँचाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि आने वाले समय में भी दूरदर्शन प्रदेश की सांस्कृतिक धरोहर को और अधिक सशक्त रूप से दुनिया के सामने प्रस्तुत करेगा।

इस अवसर पर रायपुर दूरदर्शन केंद्र के उप महानिदेशक श्री संजय कुमार मिश्र सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारीगण उपस्थित थे।
और भी

मुख्यमंत्री श्री साय से ग्रैंडमास्टर प्रवीण महादेव थिप्से ने की सौजन्य भेंट

मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय से विगत दिवस राजधानी रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास में भारत के अंतर्राष्ट्रीय शतरंज खिलाड़ी एवं ग्रैंडमास्टर प्रवीण महादेव थिप्से ने सौजन्य भेंट की। मुख्यमंत्री श्री साय ने श्री थिप्से की खेल प्रतिभा और उपलब्धियों की सराहना करते हुए उनकी प्रशंसा की। इस अवसर पर छत्तीसगढ़ ओलंपिक संघ के महासचिव श्री विक्रम सिसोदिया सहित संघ के अन्य पदाधिकारी  उपस्थित थे।


उल्लेखनीय है कि प्रवीण महादेव थिप्से शतरंज में ग्रैंडमास्टर की उपाधि प्राप्त करने वाले खिलाड़ी हैं और राष्ट्रमंडल शतरंज चैंपियनशिप जीतने वाले पहले भारतीय भी हैं। उन्हें अर्जुन पुरस्कार से भी सम्मानित किया गया है।
और भी