छत्तीसगढ़ - Newsportal | Chhattisgarh Darpan Media Group

छत्तीसगढ़

मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल ने नवगठित जिला सक्ती का किया शुभारंभ

153 करोड़ रूपए से अधिक के विभिन्न विकास कार्याें का किया भूमिपूजन और लोकार्पण

 

रायपुर (छत्तीसगढ़ दर्पण)। 9 सितंबर को छत्तीसगढ़ प्रदेश का भूगोल बदल गया है और जांजगीर-चांपा जिले से अलग होकर सक्ती राज्य के 33वें जिले के रूप में अपने अस्तित्व में आ गया है। मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल नवीन जिले सक्ती के शुभारंभ अवसर पर रोड शो, कलेक्टर कार्यालय एवं पुलिस अधीक्षक कार्यालय के उद्घाटन, बड़ादेव के महापूजन, आमसभा कार्यक्रमों में शामिल हुए।मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल ने नवगठित

जिला सक्ती का शुभारंभ करते हुए जिले को 1 अरब 53 करोड़ 6 लाख रूपए के 309 विभिन्न विकास कार्याें का सौगात दी है। इसमें 85 करोड़ 20 लाख रूपए की लागत से 296 कार्याें का भूमिपूजन और 67 करोड़ 85 लाख 99 हजार रूपए के लागत से बनने वाले 13 कार्यों का लोकार्पण मुख्यमंत्री के हाथों हुआ है।

नवगठित जिला सक्ती के शुभारंभ अवसर पर मुख्यमंत्री ने शिक्षा विभाग अंतर्गत 105 विकास कार्यों के लिए 8 करोड़ 73 लाख रुपए, पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग अंतर्गत 81 विकास कार्यों के लिए 4 करोड़ 82 लाख रुपए, सहकारिता विभाग अंतर्गत 32 विकास कार्यों के लिए 8 करोड़ 17 लाख रुपए, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना अंतर्गत 39 विकास कार्याें के लिए 20 करोड 73 लाख रुपए, स्वास्थ्य विभाग अंतर्गत 15 विकास कार्याें के लिए 3 करोड़ 40 लाख रुपए, जल संसाधन विभाग अंतर्गत 12 विकास कार्याें के लिए 21 करोड़ 69 लाख रुपए, नगरीय प्रशासन विभाग अंतर्गत 6 विकास कार्याें के लिए 5 करोड़ 68 लाख रूपए, आदिम जाति कल्याण विभाग अंतर्गत एक विकास कार्य के लिए 1 करोड़ 52 लाख रुपए और लोक निर्माण विभाग अंतर्गत 5 विकास कार्याें के लिए 10 करोड़ 40 लाख रुपए का भूमिपूजन किया है।

इसी प्रकार शिक्षा विभाग अंतर्गत 3 विकास कार्याेें के लिए 37 लाख रुपए, पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग अंतर्गत 4 विकास कार्यों के लिए 28 लाख रुपए, लोक निर्माण सेतु विभाग अंतर्गत 3 विकास कार्यों के लिए 23 करोड़ 95 लाख रुपए, स्वास्थ्य विभाग अंतर्गत एक विकास कार्य के लिए 34 लाख रुपए, आदिम जाति कल्याण विभाग अंतर्गत एक विकास कार्य के लिए 1 करोड़ 52 लाख रुपए और लोक निर्माण विभाग अंतर्गत एक विकास कार्य के लिए 41 करोड़ 38 लाख रुपए का लोकार्पण मुख्यमंत्री श्री बघेल ने किया है।

इस अवसर पर विधानसभा अध्यक्ष श्री चरणदास महंत, सांसद लोकसभा क्षेत्र कोरबा श्रीमती ज्योत्सना चरण दास महंत, राजस्व एवं आपदा प्रबंधन, पुनर्वास, वाणिज्यिक कर (पंजीयन एवं मुद्रांक) मंत्री और जिले के प्रभारी मंत्री श्री जयसिंह अग्रवाल, गृह जेल लोक निर्माण, पर्यटन मंत्री श्री ताम्रध्वज साहू, उपाध्यक्ष छत्तीसगढ़ ग्रामीण एवं पिछड़ा वर्ग विकास प्राधिकरण और विधायक चंद्रपुर श्री रामकुमार यादव, अध्यक्ष छत्तीसगढ़ राज्य गौ सेवा आयोग राजेश्री डॉ महंत रामसुन्दर दास, अध्यक्ष छत्तीसगढ़ राज्य शाकंभरी बोर्ड श्री रामकुमार पटेल समेत अन्य जनप्रतिनिधी उपस्थित रहे।

 

और भी

नगर निगम आयुक्त श्री मयंक चतुर्वेदी ने शहरी स्वास्थ्य अधिकारियों की बैठक लेकर दिए व्यापक दिशा निर्देश

रायपुर (छत्तीसगढ़ दर्पण)। कलेक्टर डॉ. सर्वेश्वर नरेन्द्र भुरे के निर्देश पर नगरीय क्षेत्र में जल जनित व संक्रामक बीमारियों पर प्रभावी नियंत्रण रखने आज नगर निगम कमिश्नर श्री मयंक चतुर्वेदी ने चिकित्सा विभाग व नगर निगम के स्वास्थ्य अधिकारियों की बैठक ली। बैठक में उन्होंने निर्देशित किया है कि बदलते मौसम में डेंगू, पीलिया, स्वाईन फ्लू, कोविड 19, के संक्रमण के रोकथाम के लिए आम लोगों को निरंतर जागरूक करते रहें एवं बीमारी के लक्षण वालों की त्वरित पहचान कर जांच व उपचार हर स्तर पर सुनिश्चित किया जाए।

    रायपुर नगर निगम सभा कक्ष में बुलाई गई इस आवश्यक बैठक में आयुक्त श्री चतुर्वेदी ने स्वास्थ्य विभाग, नगर निगम महामारी उन्मूलन अमले द्वारा की जा रही कार्यवाही की विस्तार से समीक्षा की। बैठक में नगर निगम के अपर आयुक्त श्री अभिषेक अग्रवाल, जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ. प्रणव वर्मा, कार्यपालन अभियंता श्री बद्री चंद्राकर, नगर निगम के स्वास्थ्य अधिकारी श्री विजय पाण्डेय, शहरी कार्यक्रम अधिकारी श्री स्वतंत्र रहंगडाले, जिला डाटा प्रबंधक श्री अभिषेक सिंह भी मौजूद थे।
     निगम आयुक्त श्री चतुर्वेदी ने बैठक में स्वास्थ्य अधिकारियों से कहा है कि जिला प्रशासन के निर्देशानुसार संक्रामक व जल जनित बीमारियों से रोकथाम के लिए जागरूकता अभियान सतत् रूप से संचालित करते रहें एवं ऐसे क्षेत्र, जो पूर्व में संक्रमण से प्रभावित हुए है, उसकी विशेष निगरानी भी करें।उन्होंने निर्देशित किया है कि उच्च जोखिम वाले व्यक्ति विशेषकर गर्भवती महिलाएं, पांच वर्ष से कम उम्र के बच्चे, 65 वर्ष से अधिक उम्र के वृद्ध एवं किसी अन्य रोग से ग्रसित व्यक्तियों में संक्रमण की जटिलताएं होने की संभावना अत्यधिक होती है, अतः इन वर्गों पर फोकस कर बीमारी की स्थिति में तत्काल जांच एवं चिकित्सक की देखरेख में तत्काल दवाएं एवं उपचार सुनिश्चित करें। उन्होंने कोविड टीकाकरण के दूसरे डोज व बूस्टर डोज के लिए संचालित घर-घर टीकाकरण अभियान में तेजी लाने एवं शत् प्रतिशत लक्ष्य पूर्ति के लिए स्वास्थ्य विभाग अमले को निर्देशित किया है। उन्होंने कहा है कि इस कार्य में नगर निगम का मैदानी अमला भी स्वास्थ्य विभाग को अपना सहयोग दे रहा है।

    जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ. प्रणव वर्मा ने बैठक में अवगत कराया कि इस मौसम में सर्दी, खांसी, गले में खराश, बुखार, सिरदर्द, बदन दर्द, थकावट, दस्त एवं उल्टी जैसे लक्षण होने पर चिकित्सक के परामर्श से तत्काल दवा लेने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। उन्होंने आगे बताया कि संक्रामक बीमारियों की जांच के लिए जिला अस्पताल पंडरी, जिला क्षय नियंत्रण केन्द्र कालीबाड़ी, डॉ. भीमराव अम्बेडकर चिकित्सा महाविद्यालय अस्पताल एवं एम्स में मरीज जांच हेतु सैंपल दे सकते हैं, इसके अलावा जिला चिकित्सालय पंडरी के कक्ष क्रमांक 13 में पृथक से जांच केन्द्र का संचालन कर ऐेसे मरीजों के उपचार की व्यवस्था भी जिला प्रशासन के निर्देश पर की गई है। जल जनित बीमारियों से रोकथाम के लिए आम नागरिकों से यह भी अपील की जा रही है कि ऐसे मौसम में पानी उबालकर पिएं, दूषित व बाहरी खाद्य पदार्थ का सेवन न करें एवं स्वास्थ्य का विशेष ध्यान रखें।

    निगम आयुक्त श्री मयंक चतुर्वेदी ने नगर निगम के स्वास्थ्य अमले को निर्देशित किया है कि पीलिया, डेंगू जैसी जल जनित बीमारियों के लिए जल भराव वाले क्षेत्र की निगरानी कर दवा का छिड़काव नियमित रूप से करते रहे एवं पानी का जमाव न होने दें, साथ ही लोगों को भी व्यक्तिगत स्वच्छता के साथ अपने आस-पास को स्वच्छ रखने, कूलर, पुराने बर्तन, टायर आदि में पानी का जमाव न होने देने के लिए निरंतर जागरूक करें। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग को नगर निगम की सहायता लेकर संक्रमण की रोकथाम के लिए पूरी सजगता से समुचित प्रबंध सुनिश्चित करने हेतु निर्देशित किया है।

और भी

सभी की सहभागिता से रायपुर बनेगा नंबर वन शहर : एजाज ढेबर

 रायपुर (छत्तीसगढ़ दर्पण)। महापौर एजाज़ ढेबर ने अंतर्राष्ट्रीय शुद्ध वायु दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित विविध कार्यक्रमों में सहभागिता देते हुए सभी से आह्वान किया है कि पर्यावरण संरक्षण को व्यक्तिगत दायित्व मानते हुए इस दिशा में अपनी व्यक्तिगत भूमिका निभाएं। उन्होंने कहा कि शिक्षा के साथ पर्यावरण संरक्षण में विद्यार्थियों की भूमिका महत्वपूर्ण है और उनके प्रयास हमेशा दूसरों के लिए प्रेरणा बनते है। जे.आर. दानी कन्या विद्यालय में आयोजित कार्यक्रम में छात्राओं को संबोधित करते हुए उन्होंने यह बात कही। इस अवसर पर उन्होंने नगर निगम रायपुर के सहयोग से विद्यालय में आयोजित विभिन्न स्पर्धाओं के प्रतिभागियों को पुरस्कृत भी किया।

क्लीन एयर फॉर ब्लू स्काई थीम पर अंतर्राष्ट्रीय शुद्ध वायु दिवस पर आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए महापौर ढेबर ने आगे कहा कि प्रकृति प्रदत्त उपहार बिना प्रदूषण अगली पीढ़ी तक पहुंचे, इसके लिए सभी को मिलकर प्रयास करना होगा। रायपुर नगर निगम स्वयंसेवी संगठनों के साथ पर्यावरण संरक्षण की दिशा में निरंतर अपनी भूमिका का निर्वहन कर रहा है, इन प्रयासों को गतिशीलता देने जन सहभागिता महत्वपूर्ण है एवं हर शहरवासी का योगदान महत्वपूर्ण है। इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में नगर निगम के अपर आयुक्त सुनील चंद्रवंशी, रायपुर स्मार्ट सिटी लि. के महाप्रबंधक आशीष मिश्रा, जे.आर. दानी स्कूल के प्राचार्य डॉ. विजय खण्डेलवाल, प्रकृति की ओर संस्था के प्रमुख मोहन वर्ल्यानी, श्रीमती निधि अग्रवाल भी सम्मिलित थे।

जे.आर. दानी स्कूल प्राचार्य खण्डेलवाल ने इस अवसर पर कहा कि बौद्धिक विकास के साथ विद्यार्थी प्रकृति संरक्षण में योगदान देकर अपना दायित्व निभाएंगे। उन्होंने अंतर्राष्ट्रीय शुद्ध वायु दिवस पर विभिन्न आयोजनों के जरिए विद्यार्थियों को प्रेरित करने के लिए रायपुर नगर निगम व रायपुर स्मार्ट सिटी लि. के प्रयासों की सराहना की।

इस अवसर पर महापौर एजाज़ ढेबर ने पर्यावरण से जुड़े विभिन्न स्पर्धाओं के प्रतिभागियों को प्रशस्ति पत्र व प्रतीक चिन्ह भेंट कर सम्मानित भी किया। स्लो साइकिल रेस में पायल पॉल, तनु पारकर, रूखमणी साहू, निबंध प्रतियोगिता में दुर्गा यादव, संगीता कुर्रे, खुशबू देवांगन, भाषण प्रतियोगिता में कु. श्वेता अंचल, सुप्रिया पॉल, राधा मिश्रा को क्रमशः प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त होने पर सम्मानित किया गया। शाला की बालिकाओं ने आज पर्यावरण जागरूकता रैली का आयोजन कर कालीबाड़ी चौक पहुंचकर रेड सिग्नल पर इंजन बंद रखने, अनावश्यक हॉर्न का उपयोग न करने, वृक्षारोपण का दायित्व निभाने की अपील भी की। कार्यक्रम में शालेय छात्राओं के साथ स्कूल के शिक्षक-शिक्षिकाओं ने अपनी सक्रिय भूमिका निभाई।

और भी

भूपेश ने रख दी है कांग्रेस मुक्त छत्तीसगढ़ की बुनियाद : चंदेल

 रायपुर (छत्तीसगढ़ दर्पण)। नेता प्रतिपक्ष नारायण चंदेल ने कहा है कि मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कांग्रेस मुक्त छत्तीसगढ़ की बुनियाद रख दी है।  पिछली बार जनता को भ्रमित कर कांग्रेस ने सत्ता हासिल कर ली लेकिन कांग्रेस सरकार के आचरण, मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की तानाशाही, भ्रष्टाचार, अराजकता, महिला, युवा, गरीब और किसान विरोधी नीतियों के साथ ही आर्थिक कुप्रबंधन  के कारण छत्तीसगढ़ की आने वाली कई पीढ़ियों के कर्जदार बन जाने ने यह प्रमाणित कर दिया है कि लम्हें खता करते हैं तो सदियों को सजा भुगतनी पड़ती है। लेकिन गलती सुधारी जा सकती है।उन्होंने कहा कि जनता के आदेश को हमने विनम्रता से स्वीकार करते हुए जनादेश को शिरोधार्य किया। उन्होंने कहा भाजपा जनता के लिए चौबीसों घंटे संघर्ष कर रही है और हम सभी कार्यकर्ता लोकतंत्र के हक में अपनी भूमिका ईमानदारी से निभा रहे हैं और विगत दिनों यह जनता और सत्ताधारी दल ने देखा है, इसलिए मुख्यमंत्री भूपेश बघेल को घबराहट और बौखलाहट हो रही है। उन्हें कांग्रेस मुक्त छत्तीसगढ़ का अहसास दिन रात सता रहा है। वे जनता की सेवा छोड़ कांग्रेस कमांडरों की सेवा में तैनात हैं तो अब छत्तीसगढ़ की जनता उन्हें राहुल गांधी का फुल टाइम ओएसडी बनने के लिए मुक्त कर देना चाहती है। भूपेश बघेल ने जनता के मन में कांग्रेस के नाम से जो चिढ़ पैदा कर दी है, वह कांग्रेस मुक्त छत्तीसगढ़ की गारंटी व्यक्त कर रही है।

नेता प्रतिपक्ष चंदेल ने कांग्रेस छोड़ने वाले वरिष्ठ नेता गुलाम नबी आजाद  के बयान का हवाला देते हुए कहा है कि कांग्रेस के फैसले यदि राहुल गांधी के पीए और गार्ड ले रहे हैं तो भूपेश बघेल की सरकार के फैसले भी ऐसी ही मंडली ले रही है।



नारायण चंदेल ने कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा  पर निशाना साधते हुए कहा कि नेता कांग्रेस छोड़ छोड़कर जा रहे हैं। कांग्रेस इस भगदड़ से बचने और भारत के राजनीतिक मानचित्र में बने रहने के लिए दरअसल कांग्रेस जोड़ो यात्रा निकाल रही है। लेकिन होनी को कोई नहीं टाल सकता। कांग्रेस स्वयं कांग्रेस मुक्त भारत यात्रा पर निकल पड़ी है । यहां मुख्यमंत्री भूपेश बघेल कांग्रेस मुक्त छत्तीसगढ़ की थीम तैयार कर रहे हैं। अब साफ दिख रहा है कि अगले साल छत्तीसगढ़ की जनता कांग्रेस के भ्रष्ट पंजे से मुक्त हो जायेगा।

और भी

स्कूल शिक्षा मंत्री डॉ. टेकाम ने दी अंतर्राष्ट्रीय साक्षरता दिवस की बधाई

 रायपुर (छत्तीसगढ़ दर्पण)। स्कूल शिक्षा मंत्री डॉ. प्रेमसाय सिंह टेकाम ने 8 सितम्बर अंतर्राष्ट्रीय साक्षरता दिवस के अवसर पर प्रदेश के नागरिकों, शिक्षाविदों, शिक्षा से जुड़े सभी लोगों, संस्थाओं और अध्ययनशील विद्यार्थियों को बधाई और शुभकामनाएं दी है।

डॉ. टेकाम ने अपने बधाई संदेश में कहा है कि राज्य में भी प्रतिवर्ष साक्षरता दिवस का आयोजन किया जाता है। इस दिन से प्रदेश में साक्षरता सप्ताह का आयोजन भी प्रारंभ किया जा रहा है, जिसमें विभिन्न वर्गों के लिए कार्यक्रम आयोजित किये जाएंगे। उन्होंने कहा है कि साक्षरता वह शक्ति है जिससे हम बड़ी से बड़ी चुनौतियों का सामना कर सकते हैं। शिक्षा हमारे जीवन में बदलाव लाती है। राष्ट्रीय शिक्षा नीति में प्रौढ़ शिक्षा और जीवंत पर्यन्त शिक्षा को महत्त्वपूर्ण स्थान प्रदान किया गया है। अब प्रौढ़ शिक्षा के स्थान पर ‘सबके लिए शिक्षा’ का उपयोग किया जायेगा। इस वर्ष से ‘‘नवभारत साक्षरता कार्यक्रम’’ प्रारंभ किया गया है। इसके अंतर्गत बुनियादी साक्षरता और अंक ज्ञान जीवन कौशल जैसे डिजिटल साक्षरता, वित्तीय साक्षरता, चुनावी साक्षरता, विधिक साक्षरता, बुनियादी शिक्षा, सतत् शिक्षा, स्वास्थ्य और स्वच्छता कार्यक्रम को शामिल किया गया है। डॉ. टेकाम ने कहा है कि शिक्षा की गुणवत्ता हेतु यह आवश्यक है कि शिक्षकों के साथ पालक भी बच्चों की शिक्षा में योगदान दें।

मंत्री डॉ. टेकाम ने प्रदेश के सभी नागरिकों, शिक्षा विभाग के सभी निकायों और शिक्षकों से अनुरोध किया है कि वे स्वयंसेवी भावना से स्वयं सेवी शिक्षक बनकर शिक्षा से वंचित व्यक्तियों को शिक्षा की मुख्य धारा में जोड़ने के लिए अपना अमूल्य योगदान दें।

और भी

जिले में प्लास्टिक कैरी बैग एव एसयूपी उपयोग पर रोक लगाने कार्रवाई की जा रही

 जशपुरनगर (छत्तीसगढ़ दर्पण)। जिले में नगरीय निकाय के अधिकारियों द्वारा होटलों, दुकानों एवं अन्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण करके प्लास्टिक कैरी बैग एवं सिंगल यूज प्लास्टिक उपयोग पर रोक लगाने की कार्यवाही की जा रही है। इसी कड़ी में आज जशपुर नगरपालिका के अमला द्वारा नगरीय निकाय के दुकानों की जांच की गई और सिंगल यूज प्लास्टिक जप्ति की कार्यवाही किया गया है।

 जांच के दौरान दल द्वारा प्लास्टिक कैरी बैग एवं सिंगल यूज प्लास्टिक विक्रेता दुकानदारों को छत्तीसगढ़ शासन के नियम की भी जानकारी दी गई। शहर में प्लास्टिक के कैरी बैग व सिंगल यूज कैरी बैग पर प्रतिबंध हेतु लगातार दुकानों व सब्जी विक्रेताओं को समझाइश दी जा रही है।

और भी

शासन की योजनाओं का समुचित क्रियान्वयन करने कलेक्टर ने दिए निर्देश

 अधिकारी ग्रामीणों को योजनाओं से करें लाभान्वित

बीजापुर (छत्तीसगढ़ दर्पण)। कलेक्टर  राजेन्द्र कुमार कटारा ने साप्ताहिक समय-सीमा की बैठक में जिले में संचालित विकास कार्यों की समीक्षा करते हुए संबंधित विभागीय अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए, जिसके अर्न्तगत नवीन आत्मानंद स्कूलों में शिक्षकों की भर्ती कर रिक्त पदों पर अविलंब नियुक्ति करने, राष्ट्रीय कृमि युक्त दिवस का सफल संचालन कर सभी 1 से 19 वर्ष के पात्र बच्चों को कृमि का दवाई पिलाने हेतु आवश्यक तैयारी की समीक्षा, शिशु संरक्षण माह के सफल आयोजन सहित नरवा, गरूवा, घुरूवा एवं बाड़ी अर्न्तगत गोबर खरीदी एवं गौमूत्र खरीदी गौमूत्र से बने कीटनाशक के विक्रय, जल-जीवन मिशन अर्न्तगत कार्यो की समीक्षा, रोजगार मिशन सहित विभिन्न विषयों पर विषय-वार समीक्षा कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए वहीं शासन की महत्वाकांक्षी योजनाओं का बेहतर ढंग से प्रचार-प्रसार करने ग्राम सभा, पंचायत बैठक, स्वास्थ्य शिविर एवं अन्य समाधान शिविर के माध्यम से ग्रामीणों के बीच जाकर उनके समस्याओं से अवगत होने विभिन्न योजनाओं को हितग्राही चयन कर योजनाओं से लाभान्वित करने के निर्देश दिए।

विभिन्न त्यौहारों को मद्देनजर शांति समिति की नियमित बैठक लेने एवं गणेश विसर्जन के दौरान सुरक्षात्मक व्यवस्था करने नदी, तालाबों में स्थान चिन्हित करने सहित आवश्यक निर्देश दिए। बैठक में सीईओ जिला पंचायत  रवि कुमार साहू, एसडीएम बीजापुर पवन कुमार प्रेमी, संयुक्त कलेक्टर  सुमन राज सहित जिला स्तर के वरिष्ठ अधिकारी, एसडीएम तहसीलदार, सीएमओ नगरीय निकाय एवं सीईओ जनपद पंचायत उपस्थित थे।

 

 

और भी

पटना की सड़कों पर आवारा मवेशियो का हुजूम

 बैकुन्ठपुर (छत्तीसगढ़ दर्पण)। पटना नगर के आस पास ग्राम के किसान इन दिनो आवारा मवेशियों के आतंक के परेशान है।पटना क्षेत्र में कई ग्राम पंचायतों में लाखों की लागत से गौठान बने हुए हैं मगर उन गौठानों में एक भी मवेशी नहीं हैं। इन दिनो आवारा व पालतू मवेशियों का झुंड़ हमेशा पटना नगर सड़कों में देखा जा सकता है। जबकी आवारा घूमने वाले मवेशियों को आश्रय देने के लिए प्रदेश सरकार ने नरवा, घुरवा और बाड़ी योजना चलाई है। गांव गांव में बने गौठान भी इसी योजना का एक हिस्सा है।


बता दें कि पटना शहर से गुजरे नेशनल हाईवे क्रमांक 43 सड़क पर आए दिन वाहनों से टकराकर मवेशियों की मौत हो रही है। बीती दो से तीन माह के भीतर तीन दर्जन से अधिक मवेशियो की अलग अलग स्थानों पर दुर्घटना के चलते मौत हो चुकी है। वहीं सड़क पर आने जाने वाले दर्जनो मोटरसाइकल सवार राहगीर भी आवारा मवेशियों से टकराने मे गंभीर चोटें आई है। पिछले कई महीनों से लगातार यह सिलसिला चली आ रही है। बीते 3 माह के भीतर पटना में करीब तीन दर्जनो  मवेशियों की मौत सड़क में चलने वाले वाहनों से टकरा जाने से हो चुकी है। बताया जाता है की कुछ लोग रात के अधेरे मे ट्रकों व पिकअप में भर कर पटना बाहर जंगलों में ले जाकर छोड़ देते है। बाद मे वही मवेशी रिहायशी इलाको के सड़कों पर विचरण करते रहते है और रात में किसानों के खेतों में पहुंचकर फसलों को नुकसान भी पहुंचा रहे हैं। पटना नगर के आस पास ग्राम करजी कटोरा रनई कोचिला के सैकड़ो किसानो के लगभग 10 एकड़ मे लगी फसलो को चट कर चुके है।जनप्रतिनिधियों ने किसानों की समस्याओं को देखते हुए कुछ पहले पटना तहसीलदार भीष्म पटेल से व थाना प्रभारी से मांग किये थे कि पटना सड़कों पर घूम रहे आवारा मवेशियों की रोक थाम के लिए समुचित उपाय करें जिससे कि राहगीरों से मवेशी सुरक्षित रह सकें।

 

 

और भी

समूह से जुड़कर कविता की आर्थिक स्थिति में आया बदलाव, यूनिफॉर्म सिलाई और अगरबत्ती निर्माण से हुई सशक्त

 गरियाबंद (छत्तीसगढ़ दर्पण)। फिंगेश्वर विकासखंड के ग्राम बेलटुकरी की कविता देवांगन समूह से जुड़कर अपनी एक नई पहचान बना ली है। सामान्य मजदूरी करने वाली कविता आज एक सफल उद्यमी भी बन गई है। पांच सदस्यी परिवार में भरणपोषण और भविष्य के सपने भी पूरा करना चुनौतीपूर्ण कार्य था। जय परमेश्वरी स्वसहायता समूह में जुडऩे से पहले कविता देवांगन गृहणी और मजदूरी का कार्य करती थी। पति के द्वारा सिलाई का कार्य किया जाता था। जो उनके परिवार की आर्थिक स्थिति को सुधारने के लिए पर्याप्त नहीं था। लेकिन समूह से जुड़कर अपने परिवार की आर्थिक स्थिति को सुधारने हेतु उन्होंने समूह के माध्यम से ऋण लेकर कुछ आजीविका गतिविधि प्रारंभ करने की सोची। 

अपने इस सोच को उन्होंने समूह में जुड़कर पूरा किया। कविता द्वारा समूह पुस्तक संचालन व सीआरपी सक्रिय महिला के संबंध में प्रशिक्षण लिया गया। जिससे वे हिसाब-किताब के रख-रखाव व लेन-देन के संबध में जानकारी हासिल की। समूह से जुडऩे के बाद उन्होंने अपने आय और गतिविधियों को बढ़ाने के लिए लोन लेना प्रारंभ किया। उन्होंने सिलाई युनिफार्म के लिए दो बार में 75 हजार रुपए व एक बाद अगरबत्ती मशीन व कच्चा माल के लिए डेढ़ लाख रुपए का लोन लिया व अपना व्यवसाय प्रारंभ किया। इन गतिविधियों के माध्यम से वे समूह के और नजदीक जाकर सामूहिक गतिविधि और क्रियाकलापों में सक्रिय भूमिका निभाने लगी। उन्होंने कहा कि जब से वे एनआरएलएम अंतर्गत बिहान से जुड़ी हुई है, तब से एनआरएलएम  अंतर्गत सरकार की नई नई योजनाओं के बारे में जानकारी मिली। जिससे ग्राम संगठन के माध्यम से पहली बार में 50 हजार रूपये ऋण लेकर यूनिफार्म सिलाई का कार्य प्रारंभ किया। यह कार्य अच्छे से चलने लगा तब बैंक लिकेंज के माध्यम से ऋण लेकर दूसरे दिदियों को भी सिलाई हेतु कपड़ा उपलब्ध कराने ज्यादा मात्रा में कपड़े का टेंडर लिया गया। इसके पश्चात् कोविड-19 की स्थिति में इनकी आजीविका गतिविधि से बहुत प्रभावित हुई और कविता को सिलाई के लिए यूनिफार्म का टेण्डर मिलना कम हो गया। जिससे उनकी आर्थिक स्थिति प्रभावित हो गई। तभी कलस्टर के माध्यम से मेडिसनल गाउन सिलने का कार्य दीदी को प्राप्त हुआ। 

यह कार्य समाप्त होने के बाद समूह के समस्त सदस्यों की ओर से अगरबत्ती निर्माण कर एक नई आजीविका की शुरुआत की जिसके लिए समूह की समस्त दीदियों की ओर से ऋण लेकर अगरबत्ती निर्माण मशीन खरीदा गया। जिससे वर्तमान में इनकी आर्थिक स्थित सुदृढ़ हो गई है। कविता को सिलाई कार्य व अगरबत्ती निर्माण कार्य से प्रतिमाह 9 हजार रूपये की आमदनी प्राप्त हो जाती है। कविता भविष्य में रूई बत्ती और धूपबत्ती का निर्माण कार्य भी आरंभ करना चाहती है व अपनी आर्थिक स्थिति को और आधिक सुदृढ़ करना चाहती है।

और भी

वेसलियन अंग्रेजी माध्यम स्कूल में 31 बालकों को दिया गया प्रवेश

राजनांदगांव (छत्तीसगढ़ दर्पण)। जिला शिक्षा अधिकारी आरएल ठाकुर ने बताया कि शिक्षा का अधिकार अधिनियम के तहत निजी विद्यालयों के 25 प्रतिशत आरक्षित सीट पर प्रवेश दिया जाता है। जिसकी संपूर्ण कार्रवाई विभागीय पोर्टल के माध्यम से की जाती है। वर्तमान सत्र 2022-23 में वेसलियन उच्चतर माध्यमिक अंग्रेजी माध्यम में शिक्षा का अधिकार के तहत कक्षा नर्सरी में 25 व कक्षा पहली में 7 सीटें आरक्षित थी। आरक्षित सीट के विरूद्ध लोक शिक्षण संचालनालय से ऑनलाईन लॉटरी के माध्यम से 31 बालकों का चयन कर प्रवेश दिया गया है।

उन्होंने बताया कि प्रथम चरण की लॉटरी में चयन नहीं होने वाले आवेदकों का स्टेट्स वेटिंग प्रदर्शित होता है। प्रथम चरण की लॉटरी पश्चात् रिक्त सीटों के लिए पुन: द्वितीय चरण की लॉटरी केवल वेटिंग वाले आवेदनों को ही प्राथमिकता नहीं दिया जाता। बल्कि नवीन आवेदनों व वेटिंग में लंबित आवेदनों को लॉटरी में समान अवसर दिया जाता है। मानवीय प्रक्रिया से पोर्टल पर रिक्त प्रदर्शित हो रहे सीटों पर प्रवेश संभव नहीं है।

और भी

एम्पलॉय-एम्पलॉयर्स मीट में साक्षात्कार के साक्षी बने मंत्री भेंडिया व अन्य अतिथिगण

 8 सितम्बर को नर्सिंग व सिक्योरिटी गार्ड के लिए लिया जाएगा साक्षात्कार

बालोद (छत्तीसगढ़ दर्पण)। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के मंशा अनुरूप बालोद जिला प्रशासन की ओर से जिले के अधिक से अधिक युवा-युवतियों को रोजगार व स्वरोजगार प्रदान करने के लिए जिला मुख्यालय बालोद के महादेव भवन गंजपारा में आयोजित एम्पलॉय-एम्पलॉयर्स मीट के दौरान महिला व बाल विकास मंत्री  अनिला भेंडिया व अतिथियों ने वहॉ चल रहे साक्षात्कार का अवलोकन किया। 

उल्लेखनीय है कि नियोजक संस्थाओं की ओर से योग्य अभ्यर्थियों के चयन के लिए अलग-अलग कक्षों में साक्षात्कार का आयोजन किया गया था। मंत्री भेंडिया व अतिथियों ने स्वयं कक्ष में पहुॅचकर साक्षात्कार का अवलोकन किया। इस दौरान विधायक संगीता सिन्हा, नगर पालिका परिषद बालोद के अध्यक्ष विकास चोपड़ा, जिला पंचायत सदस्य चंद्रप्रभा सुधाकर सहित कलेक्टर डॉ. गौरव कुमार सिंह, पुलिस अधीक्षक  जितेन्द्र कुमार यादव व अन्य अधिकारीगण उपस्थित थे। उल्लेखनीय है कि एम्पलॉय-एम्पलॉयर्स मीट के अंतर्गत महादेव भवन में 8 सितम्बर को नर्सिंग व सिक्योरिटी गार्ड के पद के लिए साक्षात्कार लिया जाएगा।

और भी

कलेक्टर ने साप्ताहिक जनदर्शन में सुनी आमजनता की समस्याएं

गरीब परिवार के चार लोगों को जनदर्शन में मिला राशनकार्ड

 बिलासपुर (छत्तीसगढ़ दर्पण)। कलेक्टर  सौरभ कुमार ने आज साप्ताहिक जनदर्शन में बड़ी संख्या में लोगों से मुलाकात कर उनकी फरियाद सुनी। उन्होंने अत्यंत जरूरतमंद एवं गरीब परिवार के चार लोगों का मौके पर ही राशनकार्ड बनवाकर वितरित किया। जनदर्शन में आज विभिन्न तरह की सामूहिक एवं व्यक्तिगत 35 मामलों की सुनवाई हुई।

        जनदर्शन में तत्काल सुलझने वाले प्रकरणों का जहां मौके पर ही निराकरण किया गया, वहीं गंभीर किस्म के कुछ प्रकरणों को टीएल पंजी में दर्ज करते हुए समय-सीमा में अधिकारियों को निराकरण कर रिपोर्ट प्रस्तुत  करने के निर्देश दिए गए। कलेक्टर से आज रतनपुर तहसील के ग्राम उमरमरा निवासी कुंती बाई,  भागबली और  शिवमंगल सहित अन्य लोगों ने मुलाकात कर बताया कि अरपा भैंसाझार के डूब क्षेत्र में पानी के भराव के कारण उनकी भूमि डूब गई है। भूमि के मुआवजे की रकम नहीं मिलने की शिकायत सभी ने सामूहिक रूप से की। कलेक्टर ने टीएल पंजी में उनके आवेदन को रखते हुए एसडीएम कोटा को मामले के निराकरण के निर्देश दिए। रतनपुर तहसील के ग्राम पंचायत सेमरा के ग्रामीणों ने आवेदन देकर शासकीय भूमि पर कुछ लोगों के द्वारा कब्जा किए जाने की जानकारी देते हुए बेजा कब्जा हटाने का अनुरोध किया। कलेक्टर ने उनका आवेदन एसडीएम कोटा को सौंपते हुए तत्काल कार्यवाही करने के निर्देश दिए। देवरीखुर्द निवासी श्री ललीत पंत ने नामांतरण फौती आदेश की नकल प्राप्त करने के लिए आवेदन दिया। उन्होंने बताया कि विगत तीन वर्षाें से तमाम कोशिशों के बावजूद उन्हें नकल प्राप्त नहीं हुई है। सीपत तहसील के ग्राम मचखण्डा के श्री महेत्तर राम कैवर्त ने वृद्धा पेंशन राशि के लिए आवेदन दिया। जनपद पंचायत मस्तूरी के मुख्य कार्यपालन अधिकारी मामले को देखेंगे। इसके अलावा शहर के टिकरापारा निवासी श्री आनंदराम ने बच्चों की पढ़ाई के लिए फीस मुआफी एवं बीमारी के इलाज के लिए आवेदन दिया। जिला शिक्षा अधिकारी एवं मुख्य चिकित्सा अधिकारी इस मामले को देखेंगे।

 

 

और भी

2 पैसेंजर स्पेशल गाड़ियों का परिचालन पुन: प्रारम्भ किया जा रहा है, देखें टाइम टेबल...

 रायपुर (छत्तीसगढ़ दर्पण)। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे से चलने वाली 2 पैसेंजर स्पेशल गाड़ियों का परिचालन पुनः प्रारम्भ किया जा रहा है । जिसमें 08280/08279 रायपुर-कोरबा-रायपुर पैसेंजर स्पेशल तथा 08734/08733 बिलासपुर-कोरबा-बिलासपुर पैसेंजर स्पेशल शामिल है।


इन गाड़ियों की समय सारणी :
गाड़ी संख्या 08280 रायपुर-कोरबा पैसेंजर स्पेशल का परिचालन 20 सितम्बर से आगामी सूचना तक प्रतिदिन किया जाएगा । यह गाड़ी रायपुर से 18.30 बजे छूटेगी तथा 19.38/1940 बजे भाटापारा, 21.05/21.10 बजे बिलासपुर, 22.15/22.17 बजे चांपा होते हुये 23.20 बजे कोरबा स्टेशन पहुंचेगी ।
 
गाड़ी संख्या 08279 कोरबा-रायपुर पैसेंजर स्पेशल का परिचालन 21 सितम्बर से आगामी सूचना तक प्रतिदिन किया जाएगा । यह गाड़ी  कोरबा से 08.15 बजे छूटेगी तथा 09.03/09.05 बजे चांपा, 10.10/10.20 बजे बिलासपुर, 11.16/11.18 बजे भाटापारा होते हुये 13.20 बजे रायपुर स्टेशन पहुंचेगी।

गाड़ी संख्या 08734 बिलासपुर-कोरबा पैसेंजर स्पेशल का परिचालन 20 सितम्बर से आगामी सूचना तक प्रतिदिन किया जाएगा । यह गाड़ी बिलासपुर से 09.30 बजे से छूटेगी, चांपा 10.30/10.32 बजे एवं 11.30 बजे कोरबा स्टेशन पहुंचेगी।

गाड़ी संख्या 08733 कोरबा-बिलासपुर पैसेंजर स्पेशल का परिचालन 20 सितम्बर से आगामी सूचना तक प्रतिदिन किया जाएगा । यह गाड़ी कोरबा से 13.35 बजे छूटेगी तथा  14.32/14.34 बजे चांपा, 15.40 बजे बिलासपुर स्टेशन पहुंचेगी ।

 

और भी

नड्डा की सभा में शामिल होंगे सरिया मण्डल के 123 नेता

 रायगढ़ (छत्तीसगढ़ दर्पण)। भारतीय जनता पार्टी ने अगले साल होने वाले छत्तीसगढ़ विधानसभा चुनाव की तैयारियां तेज कर दी हैं। चुनाव की तैयारियों की लिहाज से भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगतप्रकाश नड्डा 9 सितंबर के रायपुर पहुंच रहे हैं। जेपी नड्डा की उपस्थिति में रायपुर कुशाभाऊ ठाकरे परिसर में एक बड़ा कार्यकर्ता सम्मेलन होने जा रहा है, इसके लिए प्रदेश, जिला स्तर की बैठक उपरांत मण्डल स्तरों की बैठकें लगातार चल रही हैं।


इसी तारतम्य में प्रदेश भाजपा कार्यसमिति सदस्य द्वय गुरूपाल सिंह भल्ला एवं जगन्नाथ पाणिग्राही, सरिया मण्डल भाजपा प्रभारी श्रीमती मीरा धरम जोल्हे ने सरिया मण्डल भाजपा कार्यसमिति की कामकाजी बैठक ली। बैठक में पार्टी संगठन द्वारा निर्धारित विभिन्न विषयों में कार्यकर्ताओं से चर्चा करने के पश्चात 9 सितंबर को रायपुर में होने वाली विशाल कार्यकर्ता सम्मेलन में सरिया मण्डल से भाग लेने वाले अपेक्षित कार्यकर्ताओं को उनके आवागमन में किसी भी प्रकार का कोई परेशानी ना हो इस दृष्टि से मण्डल स्तर पर कैलाश पण्डा को प्रभारी तथा परदेशी प्रधान, चूड़ामणि पटेल, गजपति डनसेना, स्वप्निल स्वर्णकार, जयरतन पटेल और भागीरथी साहू को सह प्रभारी बनाया गया। वहीं वाहन की जिम्मेदारी जगन्नाथ पाणिग्राही, गोविन्द अग्रवाल, कैलाश पण्डा, स्वप्निल स्वर्णकार, गजपति डनसेना, भोपाल पटेल, सागर पटेल समेत अन्य पदाधिकारियों को बांटी जा रही है।

कार्यकर्ताओं में जोश भरेंगे जेपी नड्डा
भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष बूथ जीतो-चुनाव जीतो नीति के अनुसार कार्यकर्ताओं को मतदान केन्द्र स्तर तक पार्टी को मजबूत करने और मतदाताओं से लगातार सम्पर्क में रहने का मंत्र देते हुए कार्यकर्ताओं में जोश भरेंगे।

कार्यक्रम में सरिया मण्डल अंतर्गत प्रदेश कार्यसमिति सदस्य, जिला पदाधिकारी कार्यसमिति सदस्य, मोर्चा के जिला पदाधिकारी, प्रकोष्ठ के संयोजक व सह संयोजक, मण्डल भाजपा पदाधिकारी, मोर्चा के मण्डल अध्यक्ष, नगर पंचायत के पार्षद, शक्ति केन्द्र के संयोजक, सह संयोजक व पालकगण, जनपद सदस्यगण तथा बूथ के अध्यक्ष समेत तकरीबन 123 लोग कार्यकर्ता सम्मेलन में शिरकत करेंगे।

बैठक में गुरुपाल सिंह भल्ला, जगन्नाथ पाणिग्राही, मीरा धरम जोल्हे, कैलाश पण्डा, परदेशी प्रधान, गोविन्द अग्रवाल, चूड़ामणि पटेल, राधामोहन पाणिग्राही, अरूण शराप, रतीन्द्र राय, रामकुमार नायक, सेवकराम पटेल, जयरतन पटेल, लोकनाथ नायक, गजपति डनसेना, जनक पटेल, जान्हवी साहू, द्रोपदी नायक, गीतांजलि शराफ, राजकिशोर पाणिग्राही, शशि डनसेना, रत्नाकर प्रधान, मोतीलाल स्वर्णकार, राधाकांत देहरी, रामलाल ठाकुर, तुलाराम डनसेना, शुकदेव दुआन, सुरेश पटेल, ईश्वर साहू, भागिरथी साहू, सागर पटेल, पनिक सिदार, पवन साहू, सुदन प्रधान, बुद्धेश्वर सामल, सुरेन्द्र प्रधान, भुवनेश्वर प्रधान, विजय अग्रवाल, मित्रभानु मालाकार, नारायण प्रधान, नलकुमार नायक, सौदागर यादव, संतोष मराठा, नूतन स्वर्णकार, मनोज मेहर, जगदीश साहू, दासरथी पटेल, उग्रसेन पटेल, उदेमणी सोनवानी, बाबूलाल साहू, देवानंद सामल, अभिमन्यु डनसेना, दामोदर पटेल, रोशन पटेल, भोपाल पटेल, नित्यानंद बारिक, मोहित प्रधान, रूपराम डनसेना, किशोर साहू, वृन्दावन प्रधान, दुश्यन्त पाणिग्राही, भीम निषाद, मनोहर सिदार, नरेश पटेल, अजय खड़िया सहित सैकड़ों की संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

 

 

 
और भी

जिले में अवैध प्लाटिंग पर जारी रहेगी कार्रवाई : कलेक्टर

 जांजगीर-चांपा (छत्तीसगढ़ दर्पण)। कलेक्टर सिन्हा ने आज कलेक्टोरेट परिसर के सभाकक्ष में सप्ताहिक समय-सीमा की बैठक ली। बैठक में उन्होंने जिले के अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति छात्रावासों के अधोसंरचना में सुधार करते हुए हॉस्टलों का कायाकल्प परिवर्तित करने कहा है। उन्होंने उपस्थित राजस्व अधिकारियों को जिले में अवैध प्लाटिंग करने वालों पर नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने उपस्थित सभी अधिकारियों और जिला शिक्षा अधिकारी को शासकीय कार्यालयों और स्कूलों में समस्त अधिकारी-कर्मचारी और शिक्षकों की निर्धारित समय पर उपस्थिति सुनिश्चित करने कहा तथा अतिरिक्त कलेक्टर को उपस्थिति सुनिश्चित करने के लिए आकस्मिक जांच करते हुए अनुपस्थित अधिकारियों कर्मचारियों पर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए है। शासन की महत्वपूर्ण योजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन के लिए कलेक्टर ने सभी विभागों को आपसी समन्वय से बेहतर कार्य करने कहा है।
 

कलेक्टर सिन्हा ने जिले में मुख्यमंत्री सुपोषण योजना के बेहतर संचालन के लिए अनुविभागीय अधिकारी राजस्व और जिला स्तरीय अधिकारियों को आंगनबाड़ी केन्द्रों का अकास्मिक जांच करने के निर्देश दिए हैं। बैठक में कलेक्टर ने कहा कि जिले के गौठानों का विकास एक ऐसे प्रदर्शन केन्द्र के रूप में करें, जिससे किसान और ग्रामीण प्रेरित होकर बेहतर कार्य सीख सके और लाभान्वित हो सकें। उन्होंने जिले के सभी अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति हॉस्टलों के अधोसंरचना में सुधार के लिए अभियान चलाकर कार्य करने कहा। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को छात्रावासों का अधोसंरचना विकास इस भावना से करने कहा जैसे हम अपने खुद के बच्चों के लिए रहने की व्यवस्था चाहते है। उन्होंने छात्रावासों के किचन, बच्चों के रहने की जगह, शौचालय के उचित व्यवस्था और नियमित साफ-सफाई के लिए अभियान चलाकर कार्य करने कहा तथा संबंधित अधिकारियों को जल्द से जल्द कार्ययोजना बनाकर उपलब्ध कराने कहा। उन्होंने जिले में अब तक बनाये गये जाति प्रमाण पत्रों की जानकारी ली तथा स्कूली बच्चों के लिए अभियान चलाकर तेजी से जाति प्रमाण पत्र बनाये जाने कहा। उन्होंने कहा कि यदि किसी विद्यार्थी के परिवार के किसी सदस्य का जाति प्रमाण पत्र बनाया जा चुका है तो उस आधार पर नियमानुसार संबंधित विद्यार्थी का भी जाति प्रमाण पत्र बनाए, जिससे विद्यार्थियों को अनावश्यक परेशानी ना हो। कलेक्टर ने बैठक में अनुविभागीय अधिकारी राजस्व, तहसीलदार, नायब तहसीलदार सहित समस्त राजस्व अमले को राजस्व प्रकरणों के निराकरण और गिरदावरी के कार्यों में तेजी लाने कहा तथा पटवारियों का अपने मुख्यालयों में नियमित उपस्थिति सुनिश्चित रखने के निर्देश दिए।

इसके साथ ही कलेक्टर ने बैठक में जिले के आत्मानंद स्कूलों में कार्यरत शिक्षकों की संख्या, खाली पदों की संख्या, मुख्यमंत्री हाट बाजार क्लिनिक योजना, राजीव युवा मितान क्लब, जल जीवन मिशन, खाद-बीज उपलब्धता, लोक सेवा गारंटी, हिमोग्लोबिन टेस्टिंग की अद्यतन स्थिति, जन शिकायत के प्रकरण आदि की जानकारी ली तथा आवश्यक निर्देश दिए। बैठक में उपस्थित सभी विभागों के अधिकारियों को स्थानांतरण नीति के तहत प्रस्ताव बनाकर जल्द से जल्द जानकारी उपलब्ध कराने कहा गया है। बैठक में जिला पंचायत सीईओ डॉ. फरिहा आलम सिद्दीकी, वनमंडलाधिकारी सौरभ सिंह, अपर कलेक्टर  एस.पी.वैद्य सहित सभी विभागीय अधिकारी उपस्थित थे।

सी-मार्ट के उत्पादों का सभी शासकीय विभागों में करें खरीदी : 

समय-सीमा की बैठक में कलेक्टर सिन्हा ने शिक्षा विभाग, आदिम जाति विकास विभाग, चिकित्सा विभाग, महिला व बाल विकास विभाग सहित अन्य सभी विभागों को सी-मार्ट के उत्पादों का खरीदी करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि महिला स्व-सहायता समूहों द्वारा तैयार उत्पादों को सी-मार्ट में विक्रय किया जाता है। जिन शासकीय विभागों की ओर से आवश्यकतानुसार बाजार से सामग्री क्रय की जाती है, यदि वह सामग्री सी-मार्ट में उपलब्ध है, तो ऐसी सामग्रीयों की खरीदी बाजार से न करके सी-मार्ट से की जाएं।

कोविड वैक्सीनेशन के कार्यों में लाएं तेजी : 

कलेक्टर ने जिले में अब तक कराये गये कोविड वैक्सीनेशन के कार्यों की अद्यतन स्थिति की जानकारी ली तथा स्वास्थ्य विभाग, अनुविभागीय अधिकारी राजस्व, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद, तहसीलदार तथा संबंधित अधिकारियों को योजनाबद्ध ढंग से टीकाकरण के कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए है।

गोधन न्याय योजना के कार्यों की हुई समीक्षा :

कलेक्टर सिन्हा ने समय-सीमा की बैठक के पश्चात गोधन न्याय योजना के कार्यों की भी समीक्षा की। उन्होंने अब तक हुए गोबर खरीदी, गोबर विक्रेताओं की संख्या, खाद बिक्री, खाद की पैकिंग, गौ-मूत्र खरीदी आदि महत्वपूर्ण बिंदूओं पर विस्तार से जानकारी ली तथा आवश्यक निर्देश दिए। कलेक्टर ने गौठानों में मछली पालन, बतख पालन, मशरूम, बाड़ी जैसी गतिविधियां संचालित करते हुए प्रत्येक गौठान में आजिविका मूलक गतिविधियों का जल्द से जल्द शुरूआत करने कहा है। उन्होंने जिले में गोधन न्याय योजना के बेहतर क्रियान्वयन के लिए गौठानवार मानिटरिंग करने के निर्देश दिए है।

 
और भी

राहुल बचाओ यात्रा निकाल रही है कांग्रेस : रंजना

 रायपुर (छत्तीसगढ़ दर्पण)। छत्तीसगढ़ प्रदेश भाजपा प्रवक्ता विधायक रंजना साहू ने कांग्रेस कार्यसमिति सदस्य कुमारी शैलजा व राज्य के आबकारी मंत्री कवासी लखमा पर निशाना साधते हुए कहा है कि कांग्रेस राहुल बचाओ यात्रा निकाल रही है। इन्हें भारत  जोड़ो यात्रा की जगह कांग्रेस जोड़ो और कांग्रेस खोजो यात्रा निकालनी चाहिए। कश्मीर से कन्याकुमारी तक देश को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पहले ही जोड़ चुके हैं। अटलजी ने स्वर्णिम चतुर्भुज के जरिये देश की चारों दिशाओं को जोड़ दिया था। धारा 370 के खात्मे के साथ मोदी ने देश को एक सूत्र में पिरो दिया है। श्रीराम जन्मभूमि पर रामलला के भव्य मंदिर के शिलान्यास के साथ देश की चेतना को जोड़ दिया है। मुस्लिम महिलाओं को तीन तलाक से मुक्ति दिलाकर, सभी महिलाओं को चूल्हे से मुक्ति दिलाकर, स्वच्छ शौचालय, आवास दिलाकर मोदी ने सारे देश की मातृशक्ति को जोड़ दिया है। देश के हर वर्ग को, जन जन को मोदी ने जोड़ दिया है। कांग्रेस के लिए केवल एक ही काम बचा है, राहुल गांधी की रीलांचिंग। कांग्रेस के भीतर तो यह एकदम आसान है लेकिन देश की जनता के सामने कांग्रेस उन राहुल का कौन सा चेहरा लेकर जाना चाहती है, जिन्हें उनकी पारिवारिक सीट कहलाने वाली अमेठी की जनता ने तक ठुकरा दिया। पलायनवादी राहुल केरल के वायनाड में ठिकाना तलाशने मजबूर हुए। देश भर के कांग्रेस का ऐसा सफाया हो गया कि लोकसभा में विपक्ष के नेता तक की पात्र नहीं रही। ऐसी कांग्रेस जिस पिटे पिटाये चेहरे को दूल्हा बनाये घूमना चाहती है, वह स्वतंत्रता सेनानियों की हजारों करोड़ की धरोहर हड़प लेने के मामले का आरोपी है।

रंजना साहू ने कहा कि कुमारी शैलजा और आबकारी मंत्री कवासी लखमा छत्तीसगढ़ में जिस तथाकथित  जोड़ो यात्रा के प्रमोटर बनकर भाजपा पर देश तोड़ने का बेहद तुच्छ आरोप लगा रहे हैं, उन्हें यह बताना चाहिए कि कांग्रेस में चार पांच दशक तक पसीना बहाने वाले नेता जिस नेतृत्व की असलियत उजागर करते हुए कांग्रेस  छोड़कर जा रहे हैं, वह नेता अगर जोड़ने में सक्षम होता तो कांग्रेस छोड़ो यात्रा क्यों निकल रही है। आये दिन पुराने नेता कांग्रेस छोड़ रहे हैं। कई चले गए, कई जाने को तैयार बैठे हैं। लखमा को तो अब एक ऐसी यात्रा का प्रायोजक बन जाना चाहिए, जो अगले चुनाव का जनघोषणा पत्र लिखने वाले की तलाश में आयोजित की जा सकती है। क्योंकि पिछले चुनाव के घोषणावीर तो वादे पूरे न होने पर अपनी ही सरकार पर तीर चला रहे हैं।

और भी

झीठ सीएचसी में एक ही दिन 5 सीजेरियन डिलीवरी, इनमें से 3 क्रिटिकल

 दुर्ग (छत्तीसगढ़ दर्पण)। झीठ सीएचसी में एक ही दिन में पांच सीजेरियन डिलीवरी हुई है। इनमें से तीन क्रिटिकल हैं। अस्पताल में बढ़ती हुई सुविधाओं के चलते यह आपरेशन संभव हो पाए हैं। उल्लेखनीय है कि पिछले महीने ही यहां पर गायनिक और चाइल्ड स्पेशलिस्ट की नियुक्ति हुई है। इस संबंध में जानकारी देते हुए बीएमओ डा आशीष शर्मा ने बताया कि इनमें से तीन आपरेशन बड़े जटिल थे। एक में बच्चा डिस्ट्रेस में था और एक मामले में गर्भनली फंसी हुई थी। एक मामले में काफी देर से पेशेंट आई थी। सजग टीम ने शानदार परफार्म किया और आपरेशन हो गये। दो डिलीवरी यद्यपि सीजेरियन हुई पर इसमें जटिलता कम थीं। कलेक्टर पुष्पेंद्र मीणा ने पूरी टीम को बधाई दी है। एसडीएम विपुल गुप्ता ने बताया कि अस्पताल में अभी गायनिक स्पेशलिस्ट डा दीपिका की नियुक्ति हुई है। उनके साथ डा कथूरिया और चाइल्ड स्पेशलिस्ट डा विजेता ने भी सर्जरी में मदद की। उल्लेखनीय है कि दुर्ग जिले में मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की मंशानुरूप तेजी से स्वास्थ्य के ढांचे को अपडेट किया गया है और सभी सीएचसी में सीसेक्शन आरंभ हो गये हैं। एक ही दिन में कुम्हारी अस्पताल में विगत महीने 7 सीजेरियन डिलीवरी हुई थी और पाटन में इनकी संख्या पांच थी। उल्लेखनीय है कि झीठ में डाक्टरों की नई नियुक्ति के बाद अब तक इस महीने 20 सीजेरियन डिलीवरी हो चुकी है। इससे पहले लोगों के पास रायपुर और दुर्ग जाने का विकल्प ही बचता था। अब अच्छी स्वास्थ्य सुविधा घर के पास ही शुरू होने से लोगों को काफी राहत मिली है।

और भी

नेत्रहीन दिव्यांग बालिका को मिलेगा इलेक्ट्रानिक टैबलेट, जनदर्शन में पहुंचा था आवेदन

 दुर्ग (छत्तीसगढ़ दर्पण)। कलेक्टर जनदर्शन में मंगलवार को एक नेत्रहीन दिव्यांग बालिका अपनी शिक्षा संबंधी समस्याओं को लेकर कलेक्टर के समक्ष् पहुंची थी। 18 वर्ष की आवेदिका के कथनानुसार वह अपना भविष्य उच्च शिक्षा में देखती है। जिसके लिए शिक्षण सत्र के बाद खाली समय में भी बेहतर पढ़ाई के लिए उसने लेपटॉप की मांग की थी। कलेक्टर ने दिव्यांग आवेदिका के पढ़ाई के संबंध में भी जानकारी ली जिसमें उसने बताया कि वर्तमान में वह बी.एस.सी. फर्स्ट इयर की छात्रा है और उसे ब्रेल लिपि भी आती है। इसी ब्रेल लिपि का उपयोग कर वह दैनिक न्यूज पेपर को दूसरों की सहायता से पढ़वा कर ब्रेल लिपि में तब्दील करती है, जिससे अन्य नेत्रहीन दिव्यांग भी समाचार का हिस्सा बन सके और ज्ञान को आत्मसात कर सके। इस बात पर कलेक्टर ने आवेदिका को शाबाशी भी दी और उसके पढ़ाई के प्रति रूचि को देखते हुए समाज कल्याण विभाग के उपसंचालक से मदद हेतु प्रवाधानों पर चर्चा की और चर्चा के उपरांत उन्होंने आवेदिका को इलेक्ट्रॉनिक टैबलेट मुहैया कराने के लिए संबंधित अधिकारी को निर्देशित किया।

इसके आलावा बैकुंठधाम भिलाई वार्ड नंबर 32 से भी एक आवेदन प्रस्तुत हुआ था। जिसमें वहां के क्षेत्र में रहने वाली गर्भवती महिलाओं के लिए ए.एन.एम. की मांग की गई है। आवेदन के अनुसार क्षेत्र में 50 के लगभग गर्भवती महिलाएं और 02 वर्ष तक के बच्चों की संख्या लगभग 120 है। इसलिए आवेदक का निवेदन है कि महिलाओं के रेगुलर चेकअप के लिए और बच्चों के टीकाकरण के लिए वार्ड में ए.एन.एम. की सुविधा दी जाए। कलेक्टर ने आवेदन की गंभीरता को देखते हुए सीएमएचओ को आवेदन प्रेषित किया।

कलेक्ट्रेट सभागार में उपस्थित संबंधित अधिकारियों के बीच में लगातार जनदर्शन के आवेदनों का निराकरण किया जा रहा है। आज भी कलेक्टर के समक्ष् 72 जनदर्शन के आवेदन पहुंचे थे। कलेक्टर पुष्पेन्द्र कुमार मीणा ने सभी लोगों के आवेदन का आवलोकन गंभीरता पूर्वक करते हुए उपस्थित संबंधित अधिकारियों को ग्राम सचिवालय में नोडल नियुक्त कर जनदर्शन की तर्ज पर जनसमस्या निवारण केन्द्र बनाने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने इस चर्चा में कहा कि दूरस्थ ग्रामीण क्षेत्र से व्यक्तियों के लिए कई बार कलेक्ट्रेट आना संभव नहीं हो पाता है ऐसे में जनहित को ध्यान में रखते हुए ग्राम सचिवालय के क्लस्टर बनाकर वहां नोडल नियुक्त किए जाएंगे। जहां ग्रामीण जन नोडल के समक्ष अपना आवेदन प्रस्तुत करेंगे। यह आवेदन जिले के संबंधित अधिकारियों के पास छंटनी होकर पहुचेंगे, इस प्रकार जनहित के कार्यों के लिए एक श्रृंखला निर्मित होगी।

और भी