छत्तीसगढ़ - Newsportal | Chhattisgarh Darpan Media Group

छत्तीसगढ़

चीता प्रोजेक्ट में भी मोदी और भाजपा ने देश को गुमराह किया -कांग्रेस

 चीतों का भारत आना पूर्ववर्ती सरकारों की मेहनत का नतीजा

रायपुर (छत्तीसगढ़ दर्पण)। प्रधानमंत्री मोदी के जन्मदिन के दिन जिस प्रकार से पूरी भाजपा केंद्र सरकार और मध्यप्रदेश सरकार ने चीता इवेंट किया वह बड़ा हास्यास्पद और देश के लोगों को गुमराह करने वाला है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष मोहन मरकाम ने कहा कि चीता भारत लाने का प्रोजेक्ट 50 साल पहले शुरू हुआ था। 1972 में प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी वन्यजीव संरक्षण अधिनियम लेकर आईं। उसके बाद आईएएस अधिकारी एम-के- रंजीत सिंह ने चीतों को बचाने के लिए एक प्रोजेक्ट का आइडिया पेश किया। उस समय प्रस्ताव रखा गया था कि चीते ईरान से आएंगे। 1973 में दोनों देशों के बीच एग्रीमेंट हुआ। भारत को ईरान से चीते चाहिए थे और ईरान को भारत से शेर चाहिए थे। हालांकि कुछ समय बाद वहां सरकार बदल गई और यह मामला खटाई में पड़ गया। पहले चीतों के लिए सेंचुरी गुजरात में बननी थी लेकिन बाद में पाया गया कि वहां माहौल अनुकूल नहीं है। फिर इसकी जगह बदल कर मध्यप्रदेश की गई। इस इस दौरान पाया गया कि ईरान में चीतों की संख्या तेजी से कम हो गई है। प्रोजेक्ट फिर अटक गया।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष मोहन मरकाम ने कहा कि रंजीत सिंह रिटायर हो गए लेकिन इस प्रोजेक्ट पर वे लगे रहे। 2008-09 में उन्होंने नए सिरे से प्रस्ताव पेश किया। यूपीए सरकार में पर्यावरण मंत्री जयराम रमेश ने एक कमेटी बनाई और रंजीत सिंह को इसका अध्यक्ष बनाया। 2009 अफ्रीकन चीता लाने का प्रस्ताव बनाया तथा 2010 में मनमोहन सरकार ने प्रस्ताव स्वीकृत किया। 25 अप्रैल 2010 को तत्कालीन पर्यावरण मंत्री जयराम रमेश अफ्रीका गए और चीता देखा। 2011 में भारत सरकार द्वारा 50 करोड़ रु. चीतों के लिए दिए गए। 2012 सुप्रीम कोर्ट से चीता प्रोजेक्ट पर रोक लगा दी तथा 2019 में सुप्रीम कोर्ट से रोक हटी उसके बाद अब चीते भारत आ सके। मोदी एंड कंपनी ने सिर्फ अपना टैग लगाकर वाहवाही लेने और प्रचार करने का काम किया है। मोदी सरकार और भाजपा जिन चीतों को भारत लाना मोदी जी को ऐतिहासिक उपलब्धि बता रही उन चीतों को भारत लाने का आइडिया प्रस्ताव और मेहनत देश की पूर्ववर्ती सरकारों का है।

और भी

जिले के आंगनबाड़ी केंद्रों में किया गया पोषण माह व्यंजन प्रतियोगिता

 जशपुरनगर (छत्तीसगढ़ दर्पण)। कलेक्टर अग्रवाल के मार्गदर्शन में आंगनबाड़ी केंद्रों में पोषण माह व्यंजन प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। महिला बाल विकास विभाग के जिला कार्यक्रम अधिकारी अरूण पाण्डेय ने बताया की पोषण माह अंतर्गत आंगनबाड़ी केन्द्र में आज व्यंजन प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। स्थानीय स्तर पर उपलब्ध सामग्रियों का बेहतर उपयोग पोषकता बढ़ाकर खाने संबंधी सलाह हितग्राहियों, बच्चों के माता पिता और उपस्थित जनप्रतिनिधियों को दी गयी।

और भी

सायबर सुरक्षा जागरूकता के संबंध में जानकारी देने किया गया प्रशिक्षण

 जशपुरनगर (छत्तीसगढ़ दर्पण)। जिला पंचायत सीईओ जितेन्द्र यादव ने आज पुलिस विभाग के सभा कक्ष में जय हो टीम और युवाओं को सायबर सुरक्षा के संबंध में जानकारी दी। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन और यूनिसेफ  संस्था की ओर से सायबर सुरक्षा जागरूकता पर 5 दिवसीय प्रशिक्षण का आयोजन किया गया है। साइबर पीस फाउंडेशन से आए साइबर एक्सपर्ट नितिन पांडे समन्वयक और शिमोनी प्रसाद वरिष्ठ प्रबंधक बाहरी संचार और परियोजना की ओर से प्रशिक्षण दिया गया।

जिला पंचायत सीईओ ने बताया कि जय हो वॉलंटियर, महिला स्व सहायता समूह ,अन्य विभाग के कर्मचारी युवाओं को भी साइबर सुरक्षा से जुड़े अपराध और उनसे बचने के उपाय बताए जा रहे हैं, जिससे पुलिस विभाग और स्वयं सेवी संस्था की ओर से ग्रामीणों और आमजनों को जागरूक किया जायेगा। उन्होंने कहा कि दूरस्थ अंचल के लोगों स्कूलों, कालेज और ग्राम पंचायत में टीम सायबर सिक्योरिटी से संबंधित जानकारी देगी  है।

 
और भी

प्रधानमंत्री मोदी के प्रोत्साहन से अत्मिनिर्भर बन रहे दिव्यांग : भावना बोहरा

पीएम मोदी के 72वें जन्मदिन पर 72 दिव्यांगों को उपकरण वितरित

 कवर्धा (छत्तीसगढ़ दर्पण)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन और सेवा दिवस के अवसर पर भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश मंत्री और जिला पंचायत कबीरधाम की सभापति भावना बोहरा द्वारा ग्राम उड़िया खुर्द में दिव्यांगजनों को निःशुल्क उपकरण वितरण कर उन्हें सम्मानित किया। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 72 वें जन्मदिन के अवसर पर 72 दिव्यांगजनों को उपकरण वितरित कर उन्हें प्रोत्साहित करते हुए उनका मनोबल बढ़ाया। कार्यक्रम में उन्होंने जिले के विभिन्न क्षेत्रों में रहने वाले  दिव्यांगजनों को 50 ट्राइसिकल, 5 व्हील चेयर, 11 श्रवण यंत्र, 6 बैशाखी भेंट कर उन्हें समाज की मुख्यधारा से जोड़ने का सराहनीय कार्य किया।



इस अवसर पर भावना बोहरा ने कहा कि सबसे पहले मैं भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को जन्मदिन की बधाई प्रेषित करती हूँ और भगवान श्रीराम से उनके सुदीर्घ एवं स्वस्थ जीवन की कामना करती हूँ, जिनके सेवाभाव से प्रेरित होकर हमने आज इस कार्यक्रम का आयोजन किया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जिस प्रकार राष्ट्र सेवा सर्वप्रथम की अवधारणा के साथ देश के हर व्यक्ति, वर्ग एवं समुदाय के हित और देश के विकास के लिए निरंतर कार्य किया है वह हम सभी के लिए एक आदर्श है। एक आदर्श जनप्रतिनिधि एवं देश के प्रधान सेवक कैसा होता है, उसकी परिभाषा व जिम्मेदारियों को उन्होंने अपने व्यक्तित्व से प्रदर्शित कर हम सभी का मार्गदर्शन किया है। कई लोग ऐसे होते हैं जो किसी हादसे के कारण अंग गँवा देते हैं और कुछ लोग ऐसे होते हैं जिनमें यह जन्मजात होता है ऐसे लोगों को कई नामों से पुकारा गया लेकिन प्रधानमंत्री ने उन्हें दिव्यांगजन नाम से संबोधित कर हमारे दिव्यांगजनों के प्रति जो अपनी भावना व्यक्त की और उनका सम्मान किया है वह वन्दनीय है। दिव्यांगजनों के प्रति उनका स्नेह, उन्हें प्रोत्साहन और समाज की मुख्यधारा से उन्हें जोड़ते हुए एक प्रमुख स्थान देने के लिए उनके द्वारा किये जा रहे सार्थक कार्यों से प्रेरणा लेकर ही हमने आज यह कार्यक्रम का आयोजन करते हुए उनके जन्मदिन के अवसर पर अपने ओर से एक छोटी सी भेंट प्रेषित करने का प्रयास किया है।

उन्होंने आगे कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हमारे दिव्यांगजनों के उत्थान के लिए कई कार्य किये हैं और योजनाओं का संचालन कर रहें हैं। सुगम्य भारत अभियान के माध्यम से दिव्यांगजनों के जीवन में कई सकारात्मक परिवर्तन आएं हैं। प्रधानमंत्री ने दिव्यांगजनों पर अगर कोई अत्याचार करता है, उन्हें परेशान करता है, तो इससे जुड़े नियमों को सख्त किया है। दिव्यांगों की नियुक्ति के लिए विशेष अभियान चलाए। सरकारी नौकरियों में दिव्यांगों के लिए आरक्षण 3% से बढ़ाकर 4% कर दिया है। उच्च शिक्षा संस्थानों में दाखिले के लिए भी दिव्यांगों का आरक्षण 3 प्रतिशत से बढ़ाकर 5 प्रतिशत कर दिया गया है। मोदी सरकार ही है जिसने पहली बार दिव्यांगजनों के अधिकारों को स्पष्ट करने वाला कानून लागू किया। इस कानून का एक बहुत बड़ा लाभ ये हुआ है कि पहले दिव्यांगों की जो सात अलग-अलग तरह की वर्ग  होती थी, उसे बढ़ाकर 21 कर दिया गया। इन सभी परिवर्तन एवं कार्यों से आज हमारे देश के दिव्यांग अपने हौसले, व आत्मबल से देश, प्रदेश के विकास में अपनी सक्रीय भूमिका निभाते हुए हमें आत्मगौरव की अनुभूती प्रदान कर रहें हैं।

भावना बोहरा ने कहा कि टोक्यो पैरालंपिक में भारतीय खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन कर इतिहास रचते हुए सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया और 5 स्वर्ण, 8 रजत और 6 कांस्य पदक जीतकर हम सभी का सम्मान विश्व में बढ़ाया । अपने इसी सामर्थ्य और आत्मविश्वास के साथ हमारे देश के दिव्यांगजन नए भारत के निर्माण में उचित भागीदारी आवश्यक है। चाहे वो उद्योग हों, सेवा का क्षेत्र हो या फिर खेल का मैदान, दिव्यांगों के कौशल को निरंतर प्रोत्साहित किया जा रहा है। आज हमने भी उनके आत्मबल को बढ़ाने एवं उन्हें प्रोत्सहित करने के लिए आज निःशुल्क उपकरण वितरण कर उन्हें सम्मानित करने का एक छोटा सा प्रयास किया है। हमें विश्वास है कि हमारे इस प्रयास से हमारे जिले के दिव्यांग भाई-बहनों को मानसिक व शारीरिक रूप से संबल मिलेगा उनका यही संतोष हमारे लिए सबसे बड़ी उपलब्धि है अमूल्य धन है और आगे भी हम हमारे दिव्यांग भाई-बहनों की हर संभव सहायता के लिए निरंतर प्रयासरत रहेंगे। विगत वर्ष भी हमने सेवा दिवस के अवसर पर क्षेत्र की जरूरतमंद महिलाओं जिन्होंने कोरोना संक्रमण के दौरान अपने घरों के मुखिया को खोया है और पूरे घर की जिम्मेदारी जिनके कन्धों पर हैं उन्हें सिलाई मशीन भेंट कर उनका मनोबल बढ़ाने का कार्य किया था। आज मुझे ख़ुशी है कि हमारे उस प्रयास से उनके जीवन में सकारातमक परिवर्तन आया होगा और आर्थिक रूप से उनके सशक्तिकरण में सहयोग प्राप्त हुआ होगा।

विदित हो कि भावना बोहरा द्वारा विगत वर्षों से कबीरधाम जिले सहित अन्य आस-पास के जिलों में जनसेवा का कार्य किया जा रहा है। जरूरतमंद लोगों की सहायता करने के लिए उनके घरों तक मदद पहुँचाने के लिए लगातार अपनी सेवाएँ दे रहीं हैं। भावना बोहरा द्वारा जिला पंचायत क्षेत्र क्रमांक 12 की महाविद्यालयीन छात्राओं हेतु घर से महाविद्यालय एवं महाविद्यालय से घर आने-जाने हेतु तीन निःशुल्क बसों का शुभारम्भ किया गया जिससे  थान खम्हरिया, सहसपुर लोहारा एवं कवर्धा महाविद्यालय में पढ़ने वाली छात्राओं को इसका लाभ मिल रहा है। उनके द्वारा संचालित दो निःशुल्क एम्बुलेंस सेवा के माध्यम से कबीरधाम जिले के साथ-साथ आस-पास के जिले में रहने वाले हजारों परिवारों को भी घर से अस्पताल एवं अस्पताल से घर आने-जाने की सुविधा उपलब्ध हो रही है। इसके साथ ही क्षेत्रवासियों के बेहतर स्वास्थ्य हेतु अरोग्यम निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर, सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्रों में ऑक्सीजन कंसंट्रेटर, महिला शसक्तीकरण हेतु नारी सम्मान अलंकरण, मेरी सखी आत्मसुरक्षा कार्यक्रम, महिलाओं को सिलाई मशीन, सेनेटरी पैड वेंडिंग मशीन की स्थापना, कोरोना योद्धा सेवा सम्मान, निःशुल्क राशन वितरण, किसानों के लिए हलधर सम्मलेन, क्षेत्र के प्रमुख स्थानों में शुद्ध पेयजल आपूर्ति के लिए वाटर कूलर की स्थापना, योग दिवस पर शिविर का आयोजन, हमर गाँव हरियर गाँव अभियान के तहत वृक्षारोपण जैसे कई जनहित के कार्य निरंतर किये जा रहें हैं।

इस अवसर पर शिवनाथ वर्मा जिला उपाध्यक्ष, भाजपा जिला महामंत्री रोशन दुबे,शिव कुमार चंद्रवंशी मंडल अध्यक्ष पिपरिया, चंदन पटेल मंडल अध्यक्ष कवर्धा ग्रामीण, बसंत शर्मा जिला कार्यकारिणी सदस्य, भाजपा महामंत्री रणवीरपुर राजेन्द्र साहू, महामंत्री रणवीरपुर धरमपाल कौशिक, युवा मोर्चा मंडल अध्यक्ष मनोज वैष्णव, महामंत्री सोहननाथ शिवोपासक, कोषाध्यक्ष हेमंत ठाकुर, तिलक सेन, रूपेश कौशिक, रवि राजपूत, अशोक पटेल, लालाराम साहू, रतन पटेल, ध्रवदत्त दुबे, प्रमोद दस मानिकपुरी, पुनाराम राजपूत, जयसिंह ठाकुर, राजू पारख, बसंत बोहरा, परमानंद शर्मा, दुर्गा वैष्णव, मीना पटेल, वेदवती खुसरो, तारेश्वरी राजपूत, चेतन शुक्ला, भोजलाल साहू, सत्रुघन तिवारी, संतोष शर्मा, नरेश साहू, कोमल साहू, सुरेश कौशिक, शिवम कौशिक, तोरणदास वैष्णव, धनेश साहू, सत्रुघन यादव, टीकमचंद साहू, नारायण, पुष्पा सोनी, मनोज पांडेय, दिनेश कौशिक, गिरधर साहू, किशन साहू, दिलीप साहू, खेलावन साहू, नाथू कौशिक, विशाल धुर्वे, अरविंद सिंह राजपूत, भूपेंद्र वर्मा, कौशल वैष्णव, सुरेश साहू, विशाल धुर्वे, सरोज चंद्राकर सहित सभी मंडल व प्रकोष्ठ के पदाधिकारी एवं कार्यकर्तागण, विशिष्ठजन, भावना समाज सेवी संस्थान के सदस्य एवं सैकड़ों की संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित थे।

और भी

खाद्य मंत्री ने जनसंवाद में सुनी लोगों की समस्याएं

 अम्बिकापुर (छत्तीसगढ़ दर्पण)। छत्तीसगढ़ शासन के खाद्य, नागरिक आपूर्ति व उपभोक्ता संरक्षण मंत्री अमरजीत भगत शनिवार को राजीव भवन में आयोजित जनसंवाद कार्यक्रम में शामिल हुए। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में उपस्थित लोगों ने अपने समस्या तथा मांग से संबंधित लगभग 216 आवेदन दिए। मंत्री भगत ने संबंधित विभागों को आवेदन के निराकरण के लिए तत्काल निर्देशित किया। कार्यक्रम में तृतीय लिंग समुदाय के लोगों सहित 18 लोगों को शिक्षा, ईलाज और स्वरोजगार के लिए 1 लाख 65 हजार रुपए का स्वेच्छानुदान राशि का चेक प्रदान किया गया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंत्री भगत ने कहा कि आम जनता की हर समस्या का उचित समाधान होना आवश्यक है। इसके लिए उचित पहल के साथ समाधान होना आवश्यक है। सकारात्मक पहल के साथ जनसंवाद कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। जनसंवाद कार्यक्रम में आम जनता से प्राप्त समस्याओं से संबंधित आवेदनों का त्वरित निराकरण किया जाएगा। इस अकसर पर खाद्य आयोग के अध्यक्ष गुरप्रीत सिंह बाबरा, पार्षद दीपक मिश्रा, इरफान सिद्दीकी सहित अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित थे।

और भी

तेलंगाना के विकाराबाद और रंगारेड्डी जिले से सकुशल छुड़ाकर लाए गए 24 श्रमिक

 जगदलपुर (छत्तीसगढ़ दर्पण)। बस्तर जिला प्रशासन की ओर से तेलंगाना में बंधक बनाए गए 24 श्रमिकों को सकुशल छुड़ाकर लाया गया। ये श्रमिक तेलंगाना के विकाराबाद और रंगारेड्डी जिले में हैदराबाद प्लाईवुड कंपनी में काम कर रहे थे।

श्रमिकों को छुड़ाने की यह कार्यवाही संसदीय सचिव रेखचंद जैन को मिली शिकायत के बाद की गई। संसदीय सचिव जैन को जगदलपुर के नेतानार ग्राम के संजय नाग ने सूचना दी कि हैदराबाद प्लाईवुड कंपनी में बस्तर के कुछ मजदूर काम कर रहे हैं, जिनका एटीएम, आधार कार्ड आदि मालिक की ओर से जमा कर लिया गया है, वहीं मजदूरी भी नहीं दी जा रही है। संसदीय सचिव ने इस मामले में की जानकारी कलेक्टर चंदन कुमार को देते आवश्यक कार्यवाही के संबंध में कहा। इस पर कलेक्टर कुमार ने राजस्व निरीक्षक जगन्नाथ चालकी, श्रम निरीक्षक नमिता जॉन, पुलिस हवलदार धनसिंह बघेल और सिपाही जयंती कश्यप की अगुवाई में एक दल का गठन किया और उन श्रमिकों को छुड़ाने के लिए तेलंगाना भेजा।

 

इस दल के सदस्यों ने विकाराबाद के कलेक्टर व जिला दंडाधिकारी विकाराबाद से सम्पर्क किया और हैदराबाद प्लाईवुड कंपनी मे कार्यरत बस्तर संभाग छत्तीसगढ़ के सभी 24 श्रमिको को 17 सितंबर को सकुशल जगदलपुर वापस लाने में सफल हुई। श्रमिकों को नियोजकों की ओर से उनकी बकाया मजदूरी 2 लाख 63 हजार 100 रुपए का भुगतान भी दल की ओर से कराया गया। इनमें बस्तर और कोंडागांव के पांच-पांच दंतेवाड़ा और नारायणपुर के चार-चार श्रमिक, बीजापुर और काकेंर के तीन-तीन श्रमिक शामिल थे। छुड़ाए गए सभी श्रमिकों ने जगदलपुर पहुंचकर कलेक्टर चंदन कुमार से भेंट की और सकुशल घर वापसी के लिए जिला प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया। श्रम पदाधिकारी पंकज बिचपुरिया ने अन्य जिलों के श्रमिकों को उनके गृह ग्राम तक रवानगी के लिए संबंधित जिलों के श्रम विभाग को सौंपने की कार्यवाही की। इसके साथ ही श्रमिकों को समझाइस दी गयी, कि भविष्य मे ग्राम सचिव को बिना किसी पूर्व सूचना के अन्य प्रान्तों अथवा जिले से बाहर न जाएं।

और भी

जिला पंचायत सीईओ ने किया आदर्श कुदरगढ़, खर्रा, करौती गौठानों का निरीक्षण

सूरजपुर (छत्तीसगढ़ दर्पण)। जिला पंचायत सीईओ कोसम ने आदर्श गौठान ओडग़ी ब्लॉक कुदरगढ़, खर्रा, करौती का निरीक्षण किया। जिले के ग्रामीण क्षेत्रों के चयनित गौठानों को आजीविका के केन्द्र के रूप में विकसित करने के लिए वहां महात्मा गांधी रूरल इंडस्ट्रीयल पार्क बनाया जाएगा। इसे स्थानीय, शासकीय और अन्य आवश्यकताओं को पूरा करने के लिए ग्रामीण उत्पादन एवं सेवा केन्द्र के रूप में विकसित किया जाएगा। ग्रामीण क्षेत्रों में आजीविका एवं रोजगार को बढ़ावा देेने के उद्देश्य से इन इंडस्ट्रियल पार्क में निजी उद्यमियों को उद्यम लगाने प्रोत्साहित किया जाएगा। दो अक्टूबर गांधी जयंती के अवसर पर महात्मा गांधी रूरल इंडस्ट्रियल पार्क के कार्यों का शिलान्यास व लोकार्पण किया जाएगा। इस संबंध में बैठक लेकर शासन के निर्देशानुसार सभी आवश्यक अधोसंरचना तैयार करने व रूरल इंडस्ट्रीयल पार्क की स्थापना एवं गतिविधियों के संचालन के संबंध में व्यापक दिशा-निर्देश दिए है।

सीईओ ने प्रत्येक रीपा में लिए जाने वाली गतिविधियों के लिए समेकित डिटेल प्रोजेक्ट रिपोर्ट तथा ब्लूप्रिंट तैयार कर प्रत्येक उद्यम के लिए पृथक-पृथक बिजनेस प्लान के आधार पर कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए और उद्यम स्थापित करने इच्छुक स्थानीय युवाओं, स्व सहायता समूहों को चिन्हांकित करने कहा। उन्होंने रीपा के क्रियान्वयन के संबंध में अब तक की गई कार्यवाही की विस्तार से जानकारी ली तथा कार्य में प्रगति लाने के निर्देश दिए।

 
और भी

जिला चिकित्सालय सूरजपुर में 100 से अधिक कीमोथेरेपी का हुआ सफल संचालन

 सूरजपुर (छत्तीसगढ़ दर्पण)। कलेक्टर जिला सूरजपुर इफ्फत आरा के निर्देशानुसार व मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी जिला सूरजपुर डॉ. आर.एस. सिंह व सिविल सर्जन सह मुख्य अस्पताल अधीक्षक डॉ. शशी तिर्की के मार्गदर्शन में एन.पी.सी.डी.सी.एस. कार्यक्रम अंतर्गत जिला चिकित्सालय सूरजपुर के दीर्घायु यूनिट के माध्यम से अभी तक 100 से अधिक कैंसर ग्रसित मरीजों का कीमोथेरेपी (इंजेक्टेबल) सफलतापूर्वक प्रदान किया गया है। जिसमें से मल्टीपल मायलोमा- 42, स्तन कैंसर- 14, मुख कैंसर- 10, अंडाशय कैंसर- 7, पित्त की थैली का कैंसर- 06, फेफड़ा कैंसर- 5, जांघ के कैंसर- 5, कोलॉन कैंसर- 3 कैंसर रैक्टम- 1 गर्भाशय मुख कैंसर- 1, टी शेल लिम्फोमा- 2 पिशाब की थैली कैंसर- 5 के मरीजों का सफलता पूर्वक उपचार किया गया। 

जिला चिकित्सालय में दीर्घायु यूनिट की स्थापना होने से कैंसर से ग्रसित मरीजों में संतोष व्याप्त हैं। मुख्य चिकित्सा व स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. आर.एस.सिंह तथा सिविल सर्जन सह मुख्य अस्पताल अधीक्षक डॉ. शशी तिर्की के कुशल नेतृत्व में जिला चिकित्सालय सूरजपुर में दीर्घायु यूनिट का सफलतापूर्वक संचालन किया जा रहा है। जिला नोडल अधिकारी (एन.सी.डी.) डॉ. दीपक जायसवाल की ओर से बताया गया कि गर्भाशय मुख कैंसर की स्क्रीनिंग के लिए व्ही.आई.ए. जांच की सुविधा जिला चिकित्सालय के साथ-साथ जिले के सभी सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्रों में नि:शुल्क प्रदान की जा रही है तथा इसको विस्तार करते हुए भविष्य में सभी प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र व हेल्थ एण्ड वेलनेस सेंटर के माध्यम से प्रदान किया जाएगा तथा व्ही.आई.ए. रिपोर्ट धनात्मक पाये जाने पर सीन- 1 व सीन- 2 के मरीजों को मशीन थर्मल एबलेशन के माध्यम से प्रशिक्षित डॉक्टर व स्टॉफ  नर्स के माध्यम से नि:शुल्क उपचार प्रदान की जाएगी। दीर्घायु यूनिट के सफल संचालन में डॉ. दीपक जायसवाल, डॉ. अनीस राम तथा वर्षा एक्का के साथ-साथ जिला चिकित्सालय के सभी अधिकारी, कर्मचारियों का विशेष योगदान रहा है।

और भी

प्रशासन को जवाबदेही बनाना सूचना के अधिकार का मूल उद्देश्य : मुख्य सूचना आयुक्त राउत


अपने निर्णय को समय सीमा में कार्यान्वित कराना प्रथम अपीलीय अधिकारी का दायित्व : अग्रवाल

 जांजगीर-चांपा (छत्तीसगढ़ दर्पण)। राज्य मुख्य सूचना आयुक्त एम के राउत ने आज जिला पंचायत के सभागार में सूचना का अधिकार विषय पर आयोजित जिला स्तरीय कार्यशाला को सम्बोधित करते हुए कहा कि प्रशासन को पारदर्शी और जवाबदेही बनाना सूचना के अधिकार का मूल उद्देश्य है। उन्होंने कहा कि आम नागरिक सूचना का अधिकार के लिए शुल्क अदा किया है, तो उसे समय सीमा में जानकारी उपलब्ध कराना आवश्यक है। बीपीएल का राशन कार्ड मान्य नहीं है, किन्तु नगरीय क्षेत्र के सीएमओ और ग्रामीण क्षेत्रों के आवेदन के साथ मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत की ओर से जारी प्रमाण पत्र मान्य है। बी पी एल के आवेदक को 50 पृष्ठ या 100 रुपए की जानकारी नि:शुल्क देना है, अधिक पृष्ठ की जानकारी होने पर अवलोकन करने आग्रह करें। इस कार्यशाला में कलेक्टर जांजगीर चांपा तारन प्रकाश सिन्हा, कलेक्टर सक्ती नूपुर राशि पन्ना, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी फरिहा आलम, अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) सक्ती रैना जमील, अपर कलेक्टर एस पी वैद्य, राज्य सूचना आयोग के संयुक्त संचालक धनंजय राठौर भी उपस्थित थे। 

इस कार्यशाला में मुख्य सूचना आयुक्त ने कहा कि सूचना का अधिकार के तहत आवेदक शुल्क के रुप में संलग्न नान ज्युडिशियल स्टाम्प, ई-स्टाम्प, चालान, भारतीय पोस्टल आर्डर, नगद, बैंक ड्राफ्ट के रूप में जमा करता है, तो आवेदक को निर्धारित समय सीमा में जानकारी रजिस्ट्री डाक से भेंजे। उन्होंने कहा कि जहां (विभाग) में नकल लेने का प्रावधान है, वहां आवेदक को नकल (प्रतिलिपि) के लिए आवेदन करने पत्र जरुर भेजें। उन्होंने कहा कि आयोग के निर्णय का पालन करते हुए जवाब अवश्य दें। राउत ने कहा कि सूचना का अधिकार अधिनियम आम जनता की भलाई के लिए बनाया गया है। नागरिकों की ओर से शासकीय योजनाओं, कार्यक्रमों और कार्यों की जानकारी मांगने पर निर्धारित समय सीमा में आवेदक को जानकारी उपलब्ध कराने का दायित्व हमारा है। शासकीय कार्यों, दस्तावेजों और कार्यक्रमों को विभागीय वेबसाईट में प्रदर्शित करें, ताकि आम नागरिक को सूचना का अधिकार अधिनियम के तहत आवेदन लगाने की जरूरत ही ना पड़े। 

 
 
 

राज्य सूचना आयोग के आयुक्त अशोक अग्रवाल ने कार्यशाला में स्पष्ट किया कि जनसूचना अधिकारी समय सीमा में आवेदक को जानकारी उपलब्ध कराने में असमर्थ है, तो आवेदक प्रथम अपीलीय अधिकारी के पास अपील कर सकता है और प्रथम अपीलीय अधिकारी निर्णय देने के बाद उसे समय सीमा में कार्यान्वित कराना प्रथम अपीलीय अधिकारी का दायित्व है। उन्होंने जनसूचना अधिकारियों से कहा कि जब आवेदक सूचना का अधिकार के तहत आवेदन प्रस्तुत करता है, तो आवेदन पत्र को ध्यान से पढ़े, आवेदन पत्र में एक से अधिक विषय की जानकारी चाही गई है, तो केवल एक विषय की जानकारी आवेदक को दी जा सकती है। इसी तरह सशुल्क जानकारी देने की स्थिति पर शुल्क की गणना भी आवेदक को दी जाए और आवेदक की ओर से शुल्क जमा करने के पश्चात् ही वांछित जानकारी की फोटोकॉपी  उपलब्ध कराई जाएं। 

 
 
 

अग्रवाल ने कहा कि जनसूचना अधिकारी और प्रथम अपीलीय अधिकारी आयोग के नोटिस का जवाब जरूर दें, जवाब नहीं मिलने पर आयोग अर्थदंड और क्षतिपूर्ति लगा सकता है। उन्होंने कहा कि यदि आवेदक की ओर से चाही गई जानकारी आपके कार्यालय से संबंधित नहीं है, तो उसे संबंधित कार्यालय को 5 दिवस के भीतर आवेदन पत्र को अंतरित किया जाएं। उन्होंने कहा कि शासन और प्रशासन को पारदर्शी बनाने के लिए ही सूचना का अधिकार अधिनियम बनाया गया है। जन सूचना अधिकारी अधिनियम के नियमों और उनकी बारीकियों को समझ सकें, इसलिए इस कार्यशाला का आयोजन किया गया है। सभी जनसूचना अधिकारी और प्रथम अपीलीय अधिकारी आवेदक को जवाब देते समय अपना नाम स्पष्ट रूप से उल्लेख करें। इसके साथ ही अग्रवाल ने कहा कि आवेदक को जानकारी देते समय जनसूचना अधिकारी का नाम, पदनाम का भी स्पष्ट उल्लेख किया जाना चाहिए।

 
 
 

राज्य सूचना आयुक्त धनवेन्द्र जायसवाल ने कहा कि सरकारी गतिविधियों को पूर्णत: पारदर्शी बनाना है। आवेदक को समय-सीमा के भीतर जानकारी दें अन्यथा निर्धारित समय-सीमा 30 दिन के बाद आवेदक को नि:शुल्क जानकारी देनी होगी। जायसवाल ने कहा कि सूचना आयोग पेनाल्टी लगाने वाली संस्था नहीं है, लेकिन जानबूझकर जानकारी नहीं देने अथवा गलती करने पर जनसूचना अधिकारी पर पेनाल्टी लगाना जरूरी हो जाता है। ऐसी स्थिति से जनसूचना अधिकारी को बचना चाहिए। 

जायसवाल ने कहा कि हर नागरिक को जानने का मौलिक अधिकार है। सूचना का अधिकार अधिनियम सरकार के कार्यो को पारदर्शी बनाता है। इसमें पहली कड़ी जनसूचना अधिकारी हैं, इसलिए जनसूचना अधिकारी अधिनियम के तहत प्राप्त आवेदनों को स्वयं पढ़े। इससे गलती की संभावना कम होगी। इसमें जानकारी देने की समय-सीमा और शुल्क निर्धारित है। जनसूचना अधिकारी इसका विशेष ध्यान रखें। उन्होंने कहा कि एक आवेदक के आवेदन को एक से अधिक विभाग को अंतरण नहीं करना है।    

 
 
 

कार्यशाला में राज्य सूचना आयुक्तगण और राज्य सूचना आयोग ने जनसूचना अधिकारियों और प्रथम अपीलीय अधिकारी के प्रश्नों और शंकाओं का समाधान किया। सूचना का अधिकार अधिनियम 2005 की विस्तृत जानकारी प्रोजेक्टर के माध्यम से प्रदर्शित किया गया। सूचना का अधिकार अधिनियम 2005 के तहत इस एक दिवसीय कार्यशाला में सभी विभाग के जनसूचना अधिकारी और प्रथम अपीलीय अधिकारी के अलावा जनपद पंचायत के जनसूचना अधिकारी और प्रथम अपीलीय अधिकारी (मुख्य कार्यपालन अधिकारी) बड़ी संख्या में उपस्थित थे।

और भी

बच्चों का स्वास्थ्य सुधारने को आंगनबाड़ी में लगी पोषण व्यंजनों की प्रदर्शनी

 रायपुर (छत्तीसगढ़ दर्पण)। बच्चों की सेहत को दुरुस्त रखने के लिए प्रदेश भर में 1 सितंबर से पोषण माह चलाया जा रहा है। इस दौरान आंगनबाड़ी केन्द्रों में विविध कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में आंगनबाड़ी केंद्र में पोषण व्यंजनों की प्रदर्शनी भी लगाईं जा रही है जिसमें लोगों को पोषक पदार्थों के महत्त्व के बारे में जागरूक किया जा रहा है।

इस सम्बन्ध में गुढ़ियारी सेक्टर की सुपरवाइजर रीता चौधरी ने बताया: “पोषण माह के तहत गुढ़ियारी के आंगनबाड़ी केंद्र में रेडी टू ईट से बने पोषण व्यंजनों की प्रदर्शनी लगाई गई।जिसमें तरह तरह के व्यंजन सामग्री बनाकर बच्चों की माताओं को पोषक तत्वों के प्रति जागरूक किया जा रहा है। पोषण प्रदर्शनी के दौरान लोगों को बताया जा रहा है कि किस तरह हम रेडी टू ईट फ़ूड से बच्चों के लिये रुचिकर व्यंजन बना सकते हैं। क्योंकि एक ही प्रकार का भोजन करने से बच्चों का मन भर जाता है। थोड़ा सा नया करने से बच्चों को अलग अलग प्रकार के व्यंजन बनाकर दिए जा सकते हैं।“



आगे उन्होंने बताया: “रेडी टू ईट से हलवा, बर्फी, रोटी एवं लड्डू भी बनाया जा सकता है। कार्यक्रम में केंद्र पर आयी 31 गर्भवती महिलाओं, 27 शिशुवती माताएं और हितग्राहियों को विस्तार से पोषण आहार के विषय में जानकारी दी गई। शिशुवती माताओं को बच्चे के लिए मां के दूध के महत्व के बारे भी में बताया गया। शिशुवती माताओं को विशेष रूप से यह भी जानकारी दी गयी कि मां के दूध से बच्चे को जो पौष्टिक आहार मिलते हैं, वह किसी भी भोजन में मौजूद नहीं होते हैं।“



आंगनबाड़ी केंद्र पर आई हितग्राही सुनीता कहती है: “यहां से मिलने वाला रेडी टू ईट फ़ूड बच्चों को नियमित रूप से देने के लिए कहा जाता है। लेकिन आज आंगनबाड़ी में रेडी टू ईट से बनी सामग्री के बारे में जिस प्रकार जानकारी दी गई इससे निश्चित रूप से बच्चों के लिए रुचिकर व्यंजन बनाकर दिया जा सकता है और बच्चे बहुत चाव से खाएंगे।“

यह बना व्यंजन
पोषण प्रदर्शनी के दौरान खुरमी,चीला, लड्डू और हलवा बनाया गया। जिसे बच्चों और बड़ों ने बड़े ही चाव खाया।

क्या सामग्री होती है रेडी टू ईट में
रेडी-टू-ईट फूड का पैकेट गर्भवती महिला, धात्री माता एवं 6 माह से लेकर 3 वर्ष तक के बच्चे एवं 3 से 6 वर्ष तक के बच्चों को दिया जाता है। एक महीने  में दो बार इसका वितरण किया जाता है रेडी-टू-ईट फूड में प्रोटीन, कार्बोहाइड्रेट, फाइबर, विटामिन और खनिज भरपूर मात्रा में होता है।

और भी

लोक कलाकार थिरमन दास अस्वस्थ, डॉ. महंत ने जाना हाल

 कोरबा (छत्तीसगढ़ दर्पण)। अंचल के छत्तीसगढ़ी लोक कलाकार थिरमन दास महंत की तबियत बिगड़ने पर उन्हें गहन उपचार के लिए रायपुर रेफर किया गया है। थिरमन दास महंत के अस्वस्थ होने की जानकारी मिलने पर विधानसभा के अध्यक्ष डॉ. चरणदास महंत ने रामकृष्ण केयर हास्पिटल पहुंचकर चिकित्सकों से थिरमन दास के स्वास्थ्य की जानकारी ली। डॉ. महंत ने थिरमन दास और अस्पताल पहुंचे उनके परिजनों से मुलाकात कर शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की। डॉ. महंत ने चिकित्सकों से चर्चा कर उत्तम स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराने निर्देशित किया।

और भी

दो ट्रकों में भिड़ंत के बाद लगी आग, ड्राइवर की मौत...

 मुंगेली (छत्तीसगढ़ दर्पण)। जिले में बड़ा हादसा हुआ है। 2 ट्रकों की आपस की टक्कर में ट्रक ड्राइवर की जिंदा जलकर मौत हो गई। हादसा सरगांव नेशनल हाईवे की बताई जा रही है। सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस मामले की जांच में जुटी है।


जानकरी के अनुसार, सरगांव नेशनल हाईवे पर दो ट्रकों की आपस में जोरदार टक्कर हो गई। लोहे से भरी ट्रक ने कोयले से भरी ट्रक को जबरदस्त टक्कर मार दी। इस घटना में कोयले से लदी ट्रक ड्राइवर की मौत हो गई। हादसा इतना भयंकर था कि मिनटों में ही कोयले से लदा ट्रक मिनटों में जलकर राख हो गया। स्थानीय लोगों ने तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दी। फायर ब्रिगेड को भी तुरंत घटना की जानकारी दी गई, लेकिन जब तक फायर ब्रिगेड की गाड़ी मौके पर पहुंचती, ट्रक जलकर ख़ाक हो चुका था। फिलहाल पुलिस ने चालक के शव को पीएम के लिए भेजकर जांच में जुट गई है।

 

 

और भी

कुनकुरी के 100 सीटर बालिका छात्रावास को बनाया गया है मॉडल छात्रावास

 बालिकाओं की सुविधा का विशेष ध्यान रखा गया है

जशपुरनगर (छत्तीसगढ़ दर्पण)। जिला प्रशासन द्वारा दूरस्थ अंचल के आदिवासी बच्चों को उच्च शिक्षा की सुविधा देने के लिए बेहतर कार्य कर रही है। शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि, रोजगार, स्वरोजगार के क्षेत्र में सार्थक कार्य किया जा रहा है। आज शिक्षा से बच्चों की तस्वीर बदल रही है और बच्चे अपना बेहतर भविष्य बना रहे हैं।

आदिम जाति विभाग के अंतर्गत संचालित छात्रावासों को मॉडल छात्रावास के रूप में विकसित किया जा रहा है। कुनकुरी विकासखंड के आदर्श शासकीय पोस्ट मैट्रिक कन्या छात्रावास में 100 बालिकाएं सर्व सुविधायुक्त छात्रावास का रहकर उच्च शिक्षा ले रही हैं। 11वीं से स्नातक तक की बालिकाएं रहती हैं।  

कलेक्टर रितेश कुमार अग्रवाल के मार्गदर्शन  और आदिम जाति कल्याण विकास विभाग के सहायक आयुक्त बी.के.राजपूत के दिशा-निर्देश में बालिकाओं को घर जैसा माहौल मिले इसके लिए छात्रावासों को मॉडल छात्रावास के रूप में विकसित किया जा रहा है। छात्रावास में बालिकाओं के भोजन करने के लिए डायनिंग टेबल-कुर्सी, कम्प्यूटर लैब, किचन गार्डन, फूल-पौधे लगाकर गार्डन तैयार किया गया हैै। बालिकाओं की सुरक्षा को देखते हुए सी.सी.टी.व्ही कैमरा भी लगाया गया है।

आदिम जाति विकास विभाग के अंतर्गत संचालित छात्रावास में छात्रावास अधीक्षिका देवकी सारथी ने बताया कि बालिकाओं की सुविधा का विशेष ध्यान रखा गया है। छात्रावास में महिला गार्ड, महिला स्वास्थ्य कर्मचारी भी नियुक्त किए गए हैं और समय-समय पर बच्चों का स्वास्थ्य परीक्षण भी कराया जाता है। किचन गार्डन में तैयार सब्जियों का भी उपयोग भोजन में किया जाता है। इसके साथ ही दीवारों पर जशपुर के पारंपरिक, सांस्कृतिक कलाकृतियों को भी चित्रण कर दर्शाया गया है। दीवारों पर सुन्दर श्लोक, सुचिवार और जिले व विकासखण्डों के अधिकारियों का नाम व संपर्क नम्बर भी अंकित किया गया हैं।

 

 

और भी

टीईटी परीक्षा 18 को : 88 केन्द्रों में 70 हजार परीक्षार्थी होंगे शामिल

 रायपुर (छत्तीसगढ़ दर्पण)। छत्तीसगढ़ व्यावसायिक परीक्षा मंडल रायपुर द्वारा 18 सितंबर को छत्तीसगढ़ शिक्षक पात्रता परीक्षा ली जाएगी। इस परीक्षा में लगभग 70 हजार परिक्षार्थियों के शामिल होने की उम्मीद है।परीक्षा के लिए प्रशासन द्वारा सभी तैयारियां पूरी कर ली गई है। राजधानी रायपुर में इसके लिए 88 परीक्षा केन्द्र अनाए गए है। टीईटी की परीक्षा 18 सितंबर को दो पालियों में होगी। पहली पाली की परीक्षा सुबह 9.30 बजे से दोपहर 12.15 बजे ली जाएगी। दूसरी पाली की परीक्षा दोपहर 2 बजे से शाम 4.45 बजे तक होगी। इस परीक्षा के सुचारू रूप से संचालन हेतु रूचि शर्मा, डिप्टी कलेक्टर, रायपुर को नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है। परीक्षा के लिए 15 उड़नदस्ते बनाए गए है। इसके साथ ही कलेक्टर कार्यालय के कक्ष क्रमांक 6 में कंट्रोल रूम भी स्थापित किया गया है। कंट्रोल रूम को दूरभाष क्रमांक 0771-2413233 है। परीक्षा के दौरान सभी परीक्षार्थियों एवं अधिकारियों-कर्मचारियों को कोविड-19 महामारी के दिशानिर्देशानुसार सोशल डिस्टेसिंग सेनेटाईजेशन मास्क पहनना एवं अन्य सभी दिशा निर्देशो का पालन करना अनिवार्य होगा ।

 

 

और भी

मंत्री अकबर 19 को कवर्धा में आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों में होंगे शामिल

9 ग्राम पंचायतों के हितग्राहियों को वितरित करेंगे नवीनीकृत राशन कार्ड

 कवर्धा (छत्तीसगढ़ दर्पण)। वन,परिवहन, आवास पर्यावरण, विधि विधायी एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री मोहम्मद अकबर आगामी 19 सितम्बर सोमवार को अपने कवर्धा विधानसभा क्षेत्र में आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों में शामिल होगे। जिला प्रशासन द्वारा 19 सितम्बर को पिपरिया नगर पंचायत में राजस्व शिविर, क्षेत्र के लोगों के लिए ड्राईविंग लर्निंग लाइसेंस शिविर का आयोजन किया गया है। इसके अलावा ग्राम बिरकोना और रबेली में सर्वभौम पीडीएस योजना के तहत नवीनीकृत राशन कार्ड वितरण का आयोजन किया गया है। इसके अलावा मंत्री अकबर जिला कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में खैरबनाकला क्षेत्र के ग्राम महराजपुर, लालपुर कला, कांपा, जेवड़नकला, तारों, बेंदरची, बांधा और सरेखा के हितग्राहियों को नवीनीकृत राशन कार्ड वितरण करेंगे।

उल्लेखनीय है कि राज्य शासन के कैबिनेट मंत्री एवं कवर्धा विधायक मोहम्मद अकबर कबीरधाम जिले का दौरा कर क्षेत्र के किसानों, ग्रामीणजनों एवं युवाओं की समस्याओं, मांग और उनके शिकायतों से सीधे संवाद कर रूबरू हो रहे है। इसी क्रम में किसानों और ग्रामीणां की राजस्व संबंधित समस्याओं के समाधान व उनके निराकरण दिशा में पहले करते हुए तहसील स्तर एवं विकासखण्ड मुख्यालय स्तर में राजस्व शिविर का आयोजन किया जा रहा है। इसी तारतम्य में कवर्धा विकासखण्ड के नगर पंचायत पिपरिया में 19 सितम्बर को राजस्व शिविर का आयोजन किया जाएगा। इसी तरह युवाओं के लिए जिला परिवहन कार्यालय द्वारा ड्राइविंग लर्निंग लाइसेंस शिविर का आयोजन किया जाएगा। आसपास के ग्राम पंचायतों के युवा, किसान इस राजस्व एवं ड्राइविंग लर्निंग लाइसेंस में शामिल हो सकते है। इससे पहले कवर्धा विकासखण्ड के सहसपुर लोहारा और बोडला विकासखण्ड मुख्यालय में राजस्व शिविर और ड्राईविंग लर्निंग लाईसेंस शिविर का आयोजन किया जा चुका है।



ग्राम बिरकोना में रवेली में सर्वभौम पीडीएस योजना के तहत नवीनकृत राशन कार्ड वितरण का आयोजन किया गया है। ग्राम बिरकोना में आयोजित नवीनीकृत राशन कार्ड वितरण शिविर में ग्राम पंचायत बम्हनी,बंदौरा, मड़मड़ा, ठकुराईनठोला, रधुनाथपुर, धमकी, झलका, नवापारा, बाधुटोला, सोहागपुर, छांटा झा, लासाटोला, बदराडीह, महराटोला, मैनपुरी,  ग्राम छिरहा, घोठिया, लीमो, बीरूटोला, नवागांव तिवारी, जुनवानी, भीमपुरी, दुल्लापुर, मगरदा, सोनपुरी, कुटेली, , कोठार,  चरडांगरी, झिरना, गोरखपपुर, कोठार, चरडोंगरी, नवागांव फरीद, सारंगपुरखुर्द, जमुनिया, घुघरीखुर्द, मरपा, घुघरीकला, खुंटु नेवारी, जोराताल, नवघटा, सेमो, भेलभांवर, बैजलपुर, कोको, बानों, पथर्रा, जोगीपुर, खैरवार, आंछी, मक्के, दलपुरूवा, खैरझिटीकला, मोहगांव, गांगपुर, दरगंवा, छांटा, नवाघटा, खाम्ही, धरमुपरा, भेदली, कुटकीपारा, थुवाडीह पालीगुढा, परसवारा, बिरकोना,खैरझिटीखुर्द, धरमपुरा, मानिकचौरी, गिरमिट्टी ग्राम पंचायत जिंदा और दुबहा के  हितग्राही व ग्रामीणजन शामिल हो सकते है।



इसी प्रकार ग्राम पंचायत रबेली में भी नवीनीकृत राशन कार्ड वितरण का आयोजन किया गया है। इस आयोजन में ग्राम रबेली, सोनबरसा, राम्हेपुरखुर्द, सुरजपुरा, सिंघनपुरी, लालपुरकला, मदनपुर, नेवारीगुड़ा, दुल्लापुर, कान्हाभैरा, लखनपुरकला, जेवड़नखुर्द जरती, दशरंगपुर खुर्द, दौजरी, बरबसपुर, घुमसा, नाउडीह,बीजाझोरी, डबराभाठ, जवेड़नखुर्द ,बांझी मौहा, बदुराकछार, सिंघनपुरी, कोदवा, बिजई, बदुराकछार, बोधईकुण्डा, खैरीपार, सुखाताल, और ग्राम खडौदाखुर्द के हितग्राही व ग्रामीणजन शामिल होगे।

और भी

मंत्री अकबर ने 5 विपत्तिग्रस्त परिवारों को वितरित किए 13 लाख के चेक

 कवर्धा (छत्तीसगढ़ दर्पण)। वन, परिवहन, आवास एवं पर्यावरण, जलवायु परिवर्तन मंत्री तथा कवर्धा विधायक मोहम्मद अकबर ने गुरूवार को कबीरधाम प्रवास के दौरान ग्राम परसवारा, रघुनाथपुर और ग्राम खैरझिटीकला में 3 विपत्तिग्रस्त परिवार को 12 लाख रूपए चेक वितरण किया। अकबर ने विपत्तिग्रस्त परिवारों के घर पहुंचकर उनका दुख-दर्द बांटा और अपनी संवेदना प्रकट की। वन मंत्री ने चेक वितरण करते हुए विपत्तिग्रस्त परिवार के सदस्यों से कहा कि वह इस चेक को बैंक में जमा कर राशि प्राप्त कर सकते है। उन्होंने विपत्तिग्रस्त परिवार से चर्चा करते हुए कहा कि एक विधायक होने के नाते सदैव आपके सभी दुख-दर्द में शामिल रहूंगा और नियमानुसार योजनाओं का लाभ के माध्यम से सदैव समस्याओं का समाधान करने का प्रयास करता रहूंगा।

मंत्री अकबर द्वारा आबीसी-6-4 के तहत कवर्धा तहसील के ग्राम परसवारा निवासी रोशन पटेल की सर्पदंश से मृत्यु हो जाने पर विपत्तिग्रस्त मनोज पटेल (मृतक के पिता) को, ग्राम रघुनाथपुर निवासी तिरेखा नारंग की आकाशीय बिजली गिरने से मृत्यु हो जाने पर विपत्तिग्रस्त गेंदलाल नारंग (मृतिका के पति) को और ग्राम खैरझिटीकला निवासी धनैयाबाई की आगजनी  से मृत्यु हो जाने पर विपत्तिग्रस्त चिंताराम (मृतिका के पुत्र) को राजस्व पुस्तक परिपत्र (आबीसी-6-4) के तहत चार-चार लाख रूपए का चेक प्रदान किया। इसी तरह मंत्री अकबर ने ग्राम कुण्डपानी निवासी अशोक यादव को आकाशीय बिजली गिरने से उनके 7 नग मवेशी, 3 नग दूधारू गाय, 1 नग बछड़ा, 3 नग गाय की मृत्यु हो जाने पर 90 हजार रूपए और ग्राम शीतलपानी निवासी शेर सिंह बैगा को उनके 1 नग बैल की विषैले जीव के काटने से मृत्यु होने पर 20 हजार रूपए प्राकृतिक आपदा के तहत चेक वितरण किया। इस अवसर पर क्रेडा के सदस्य कन्हैया अग्रवाल , जिला पंचायत उपाध्यक्ष प्रतिनिधि होरी साहू, नीलकंठ चंद्रवंशी, कलीम खान, धनुकराम वर्मा, पार्षद अशोक सिंह, कृषि उपज मंडी अध्यक्ष नीलकंठ साहू, उपाध्यक्ष चोवा राम साहू,  गोरेलाल चंद्रवंशी, ग्राम खैरझिटी के सरपंच पवन चंद्रौल, लेखा राजपुत, रजपाल साहू, सीताराम साहू, केवल चंद्रवंशी सहित अन्य जनप्रतिनधि विशेष रूप से उपस्थित थे।

कैबिनेट मंत्री मोहम्मद अकबर ने शोक संतप्त परिवार से भेंट-मुलाकात करते हुए कहा कि किसी भी परिवार के लिए हर सदस्य का एक महत्वपूर्ण योगदान रहता है। परिवार का चाहे वह छोटा या बड़ा या घर का मुखिया हो अकास्मात रूप से परिवार को छोड़कर चले जाना उस परिवार के लिए एक अपूर्णिय क्षति होती है। उन्होंने कहा कि किसी भी परिवार की अपूर्णिय क्षति को पूर्ति तो नहीं कर पाएंगे, लेकिन इस क्षेत्र के विधायक होने के नाते उन घर परिवारों के अभिभावक के रूप में हर परिस्थितियों में उनका साथ देने सदैव तत्पर रहेंगे। उन्होंने विपत्तिग्रस्त परिवार के सदस्यों को हर संभव सहायता के लिए आश्वस्त किया।

और भी

वाह रे जनशताब्दी : आई 13 घंटे विलंब से और रवाना हुई 5 घंटे देर से

 रायगढ़ (छत्तीसगढ़ दर्पण)। जनशताब्दी एक्सप्रेस के परिचालन में सुधार नहीं हो पाने के कारण अब यात्रियों को इस ट्रेन से मोह भंग होने लगा है। वहीं गुरुवार को भी यह ट्रेन 13 घंटा देरी से रायगढ़ पहुंची और पांच घंटा देर से रवाना हुई, इस दौरान जो यात्री जनशताब्दी के टिकट लिए थे उसमें ज्यादातर यात्री दूसरे ट्रेन से निकल गए, ऐसे में यह ट्रेन पूरी तरह से खाली ही यहां से रवाना हुई, ऐसे में यात्रियों के साथ-साथ रेलवे विभाग को भी राजस्व का नुकसान हो रहा है।

गौरतलब हो कि रायगढ़ से गोंदिया व गोंदिया से रायगढ़ तक चलने वाली जनशताब्दी एक्सप्रेस का परिचालन विगत छह माह से बिगड़ा हुआ है। हालांकि पहले  दो-चार घंटा देरी से रायगढ़ पहुंचती थी तो यहां से समय से रवाना हो जाती थी, जिससे बड़ी संख्या में यात्री जाते थे, लेकिन अब विगत तीन दिनों से यह ट्रेन लगातार घंटों विलंब से आ रही है, जिसके चलते दोनों तरफ से यह ट्रेन खाली ही जा रही है। अब स्थिति ऐसी हो गई है कि यात्री तो टिकट जरूर लेते हैं, लेकिन समय से नहीं आने के कारण कुछ यात्री टिकट वापस कर देते हैं तो कुछ दूसरी ट्रेन से निकल जा रहे हैं, जिससे परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इसके बाद भी इसकी चाल में किसी प्रकार की सुधार नहीं हो पा रहा है। वहीं गुरुवार को भी जनशताब्दी एक्सप्रेस सुबह ११ बजे रायगढ़ स्टेशन पहुंची और बगैर साफ-सफाई के ही 11.40 बजे रवाना हो गई, इस दौरान इस बोगी के ट्र्रेन में यहां से मात्र 70 से 80 यात्री ही सवार हुए थे। वहीं वापसी में भी मात्र 40 से 40 यात्री ही रायगढ़ में उतरे थे। ऐसे में एक तरफ रेलवे विभाग द्वारा लाखों रुपए खर्च कर ट्रेन को चलाई जा रही है, लेकिन समय से नहीं चलने के कारण विभाग को तो नुकसान हो ही रहा है, वहीं अब यात्री भी इसमें सफर करने से कतराने लगे हैं।

पहले की अपेक्षा टिकट की संख्या हुई कम
छह माह पहले जहां जनशताब्दी एक्सप्रेस में रायगढ़ से हर दिन 300 से 400 यात्री सफर करते थे, लेकिन अब समय पर नहीं चलने के कारण हर दिन करीब 180 से 200 तक ही स्टेशन से टिकट की बिक्री हो रही है, लेकिन समय से नहीं आने के कारण इसमें से भी हर दिन ज्यादातर टिकट वापस हो जा रहे हैं, वहीं कुछ यात्री दूसरे ट्रेन से निकल जा रहे हैं, जिसके चलते इन दिनों यह ट्रेन पूरी तरह से खाली ही रवाना हो रही है।

अधिकारी नहीं दे रहे ध्यान
गौरतलब हो कि विगत कुछ दिनों से बिलासपुर जोन के अंदर तिसरी व चौथी लाईन के कनेक्टीबिटी के लिए ट्रेनों का परिचालन लगातार रद्द किया जा रहा था, लेकिन अब लगभग काम होने के बाद भी जो यात्री ट्रेने चल रही है, उसको किसी भी स्टेशन में 15 से 30 मिनट तक खड़ी कर दी जाती है, जिससे अपने गंतव्य तक जाते-जाते घंटों विलंब हो जा रही है, इसके बाद भी रेलवे अधिकारी यात्री ट्रेनों को समय पर चलाने कोई ठोस कदम नहीं उठा रहे हैं। जिसका खामियाजा यात्रियों को भुगतना पड़ रहा है।

और भी

स्वच्छता ही सेवा 15 सितंबर से 2 अक्टूबर तक

 दंतेवाड़ा (छत्तीसगढ़ दर्पण)। स्वच्छता ही सेवा 15 सितंबर से 2 अक्टूबर तक ग्रामीण क्षेत्रों में स्वच्छता को प्रोत्साहित करने के लिए स्वच्छता ही सेवा अभियान चलाया जा रहा है। जिसमें जिला व विकासखंड स्तर पर अभियान का शुभारंभ किया गया है। जिसमें विभिन्न गतिविधियां (श्रमदान, स्वच्छता रैली, स्वच्छता शपथ, हाथ धुलाई) आदि का आयोजन करते हुए स्वच्छग्राही समूहों की ठोस व तरल अपशिष्ट आंकलन के लिए सर्वेक्षण, गांवों में जागरूकता अभियान, कचरे की सफाई के लिए आयोजन निर्माण, गांवो के सार्वजनिक स्थलों की सफाई, कचरे के उचित निपटान, गंदे पानी उचित निपटान, सोख्ता गढे का निर्माण व सफाई, जल स्त्रोतों के समीप पौधा रोपण, धार्मिक व पर्यटन स्थलों की साफ-सफाई सिंगल यूज प्लास्टिक पर प्रतिबंध गोबर गैस संयंत्रों की मरम्मत, स्कूलों में प्रतियोगिताओं जैसे कार्यक्रमों का आयोजन किया गया।

 
और भी