छत्तीसगढ़ - Newsportal | Chhattisgarh Darpan Media Group

छत्तीसगढ़

भूपेश कैबिनेट की मीटिंग 26 को, इन नीतियों पर लग सकती है मुहर

 रायपुर: भूपेश कैबिनेट की बैठक 26 सितंबर को होगी होगी, जिसमें धान खरीदी की नीति पर मुहर लग सकती है। यह बैठक मुख्यमंत्री निवास में सुबह 11 बजे से होगी। बैठक में राजीव न्याय योजना की तीसरी किस्त का भी भुगतान किया जाएगा। इस बार 130 लाख मैट्रिक टन धान खरीदी का अनुमानित लक्ष्य रखा गया है। बैठक में धान खरीदी की नीति पर मुहर लगेगी। बताया जा रहा कि बैठक में ही न्याय योजना की तीसरी किस्त का भुगतान किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने राजीव न्याय योजना की तीसरी किस्त का भुगतान इसी माह करने की घोषणा की थी। इसके अलावा महिला समृद्धि सम्मेलन में बेरोजगारी भत्ता की एक किस्त जल्द जारी करने का ऐलान किया था। कैबिनेट में दोनों प्रस्ताव पर मुहर लग सकती है।

 

 

और भी

शहर में चलेगा,पट्टा वितरण अभियान, गरीबों को मिलेंगे पट्टे

 15 दिवस के भीतर शहर में बटेंगे 15 हजार पट्टे, कलेक्टर ने दिए आवश्यक निर्देश

कोरबा: शहर में गरीबों को शीघ्र ही आवासीय पट्टे बाँटे जाएँगे। छत्तीसगढ़ नगरीय क्षेत्रों के आवासहीन व्यक्ति को पट्टाधृति अधिकार अधिनियम 2023 के अंतर्गत 15 दिवस में लगभग 15 हजार पट्टे दिए जाएंगे। इसके लिए अभियान चलाया जाएगा। कलेक्टर  सौरभ कुमार ने पट्टा वितरण को लेकर आज एसडीएम सहित अन्य अधिकारियों की समीक्षा बैठक ली और दिशा निर्देश देते हुए कहा कि आवश्यक प्रक्रियाओं को पूर्ण कर, क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों के माध्यम से लोगों को पट्टा वितरण सुनिश्चित किया जाए।

कलेक्टर  सौरभ कुमार ने बैठक में निर्देशित किया कि अगले सप्ताह 27-28 सितम्बर से शहरी क्षेत्रों में पट्टा वितरण प्रारंभ किया जाए। उन्होंने एसईसीएल, सीएसईबी, सिंचाई विभाग सहित अन्य क्षेत्रों में पट्टा वितरण को लेकर किसी तरह की समस्या आने पर उसका निराकरण करते हुए पात्र लोगों को इस योजना का लाभ दिलाने कहा है। कलेक्टर ने पाली और पोड़ी उपरोड़ा ब्लॉक में 1200 से अधिक वन अधिकार पट्टो के वितरण के निर्देश देते हुए छूटे हुए लोगों का सर्वे कराने, ग्राम सभा में प्रस्ताव के आधार पर नाम शामिल करने के सम्बंध में भी आवश्यक दिशा निर्देश दिए। गौरतलब है कि शासन द्वारा वर्षों से काबिज परिवारों को छत्तीसगढ़ नगरीय क्षेत्रों के आवासहीन व्यक्ति को पट्टाधृति अधिकार अधिनियम 2023 के अंतर्गत पट्टे वितरित किए जाएंगे। इसके लिए एसईसीएल सहित अन्य क्षेत्रों में वर्षों से रह रहे परिवारों को पात्रतानुसार पट्टा प्रदान किया जाएगा। कलेक्टर सौरभ कुमार के निर्देशन में पट्टे वितरण के लिए प्राधिकृत अधिकारियों द्वारा आवश्यक तैयारी लगभग पूरी कर ली गई है। शहर में रहने वाले लगभग 15 हजार परिवारों को पट्टा वितरण करने के अलावा पाली और पोड़ी उपरोड़ा क्षेत्रों के 1200 से अधिक परिवारों को वन अधिकार पट्टे वितरित किए जाएंगे।

छत्तीसगढ़ नगरीय क्षेत्रों के आवासहीन व्यक्ति को पट्टाधृति अधिकार अधिनियम, 2023 अंतर्गत पात्र/अपात्र परिवार का होगा निर्धारण -

ऐसे व्यक्ति जो छत्तीसगढ़ के स्थानीय निवासी प्रमाण पत्र प्राप्त करने की पात्रता रखता हो, जो आवासहीन हो, जो संबंधित नगरीय निकाय की मतदाता सूची में दर्ज हो, उसके कुटुम्ब की वार्षिक आय रूपए 2,50,000 (दो लाख पचास हजार रूपये) से अधिक न हो, जिसके कुटुम्ब में कोई व्यक्ति केन्द्र सरकार, राज्य सरकार या इनके उपक्रम की शासकीय सेवा में चतुर्थ श्रेणी को छोड़कर) नहीं हो और न ही अधिवक्ता, इंजीनियर, डॉक्टर चार्टर्ड एकाउन्टेड जैसा व्यवसायिक सेवा में हो, और न ही निर्वाचित जन प्रतिनिधि हो तथा उसे या उसके कुटुम्ब के किसी सदस्य को पूर्व में उसी नगरीय निकाय में कोई शासकीय भूमि आवंटित नहीं की गई हो पात्र होंगे।

ऐसे व्यक्ति, जो अधिनियम के अंतर्गत पात्रता रखते हों, नगर पालिक निगम क्षेत्र में 600 वर्गफीट भूमि से अनाधिक शासकीय भूमि, जिस पर उनका कब्जा 5 वर्ष या इससे अधिक हो (20 अगस्त 2017 से पूर्व), विकास योजना में निर्धारित भू-उपयोग से निरपेक्ष रहते हुए पट्टे के लिये पात्र समझे जायेंगे।

भूमि के कब्जे के संबंध में सत्यापन हेतु आधार दस्तावेज निम्नानुसार होंगे -

भारत निर्वाचन आयोग / राज्य निर्वाचन आयोग की सूची, विद्युत देयक /विद्युत संयोजन का दस्तावेज, टेलीफोन बिल, स्थानीय नगरीय निकाय का संपत्तिकर / समेकित कर पंजी, जलकर भुगतान दस्तावेज,  भवन अनुज्ञा / दुकान अनुज्ञा, अधिनियम के अधीन प्रदत्त पट्टाधृति पट्टे, तथा पाँच वर्ष के पूर्व में जारी आधार कार्ड या ड्राईविंग लाईसेंस।

कब्जे की अतिरिक्त भूमि का व्यवस्थापन कंडिका (3) निर्धारित सीमा से अधिक भूमि होने पर अतिरिक्त भूमि के व्यवस्थापन नहीं कराये जाने की दशा में अतिरिक्त भूमि का कब्जा छोड़े या हटाये जाने पश्चात् ही कब्जाधारी को पट्टे की पात्रता होगी, अन्यथा वह अपात्र माना जायेगा।

 

 

और भी

दसवीं पास युवतियों को मिल रही साॅफ्टवेयर इंजीनियर की ट्रेनिंग

 कलेक्टर ने किया निरीक्षण, महिला सुरक्षा कर्मी की तैनाती के दिए निर्देश

रायपुर: रायपुर सहित आसपास के जिलों की 83 युवतियों को कम्प्यूटर साॅफ्टवेयर इंजीनियरिंग की निःशुल्क ट्रेनिंग जिला प्रशासन द्वारा दिलायी जा रही है। इस ट्रेनिंग से दसवीं कक्षा पास इन युवतियों-महिलाओं के लिए अमेजन, नेटवेस्ट, एप्प स्क्रिप, मैक्यूरी, एक्सेंचर जैसी मल्टीनेशनल कंपनियों में साॅफ्टवेयर इंजीनियर की जाॅब गारंटी का रास्ता खुल रहा है। लाभाण्डी में इन युवतियों-महिलाओं को साॅफ्टवेयर इंजीनियरिंग का पूरी तरह निःशुल्क और आवासीय प्रशिक्षण दिया जा रहा है।

कलेक्टर डाॅ. सर्वेश्वर भुरे ने शुक्रवार को लाभाण्डी के ट्रेनिंग सेंटर पहुंचकर प्रशिक्षण और आवासीय व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने हाॅस्टल वार्डन से प्रशिक्षणार्थियों के लिए उपलब्ध सुविधाओं की पूरी जानकारी ली और फिर प्रशिक्षार्थी युवतियों से भी बातचीत की। डाॅ. भुरे ने प्रशिक्षण केन्द्र में महिला सुरक्षाकर्मी तैनाती के लिए पुलिस प्रशासन को पत्र भेजने के निर्देश नगर निगम आयुक्त को दिए। उन्होंने प्रशिक्षणार्थियों के लिए आवासीय व्यवस्था और खानपान के बारे में भी पूछा। डाॅ. भुरे ने प्रशिक्षणार्थियों को गुणवत्ता पूर्ण पौष्टिक भोजन देने के निर्देश अधिकारियों को दिए।

रायपुर जिला प्रशासन द्वारा स्कूल ऑफ़ प्रोग्रामिंग के रूप में दो सौ सीटर आवासीय कोडिंग प्रोग्राम शुरू किया गया है। जिला प्रशासन और नव गुरूकूल संस्था द्वारा इस 18 महीने के निःशुल्क साॅफ्टवेयर इंजीनियरिंग प्रोग्राम के लिए युवतियों-महिलाओं का चयन स्क्रिनिंग और सेमीनार के माध्यम से किया गया है। प्रशिक्षण के लिए बेरोजगारी भत्ता प्राप्त करने वाली युवतियों-महिलाओं को प्राथमिकता दी गई है। प्रारंभिक चरण में न्यूनतम दसवीं कक्षा पास 83 युवतियां और महिलाएं साॅफ्टवेयर इंजीनियरिंग का प्रशिक्षण ले रहीं है। इस प्रशिक्षण के लिए ग्यारहवीं, बारहवीं की सभी विषयों या संकायों की छात्राओं के साथ-साथ बीए, बीएससी, बीटेक, बीसीए की छात्राएं भी इस साॅफ्टवेयर इंजीनियरिंग कोर्स में शामिल है। सफलता पूर्वक प्रशिक्षण पूरा करने पर इन सभी युवतियों-महिलाओं को अमेजन, नेटवेस्ट, एप्प स्क्रिप, मैक्यूरी, एक्सेंचर जैसी मल्टीनेशनल कंपनियों में जाॅब की गारंटी रहेगी। प्रशिक्षण में शामिल होने वाली छात्राओं को लैपटाॅप भी दिया गया है। यहां साॅफ्टवेयर इंजीनियरिंग प्रोग्रामिंग के साथ-साथ प्रशिक्षणार्थिंयों को इंग्लिश कम्यूनिकेशन और लीडरशिप भी सिखाई जा रही है।

और भी

मुख्यमंत्री निवास में मायका का प्यार पाकर गदगद हुई महिलाएं

 तीजा-पोरा तिहार मनाने बड़ी संख्या में महिलाएं पहुंची सीएम हाउस

रायपुर: मुख्यमंत्री बघेल शुक्रवार को अपने निवास परिसर में तीजा पोरा तिहार के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम एवं राज्य स्तरीय महिला सम्मेलन में शामिल हुए। छत्तीसगढ़ के इस पारम्परिक त्यौहार को बड़े ही हर्षोल्लास के साथ मनाने मुख्यमंत्री निवास में बड़ी संख्या में महिलाएं पहुंची। यहां महिलाएं मायका का प्यार पाकर खुशी से गदगद हुई। मुख्यमंत्री बघेल इस मौके पर महिलाओं से रू-ब-रू होते हुए कहा कि तीजा-पोरा माताओं-बहनों की खुशियों और छत्तीसगढ़ का महत्वपूर्ण पारम्परिक त्यौहार है।

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के साथ उनकी धर्मपत्नी श्रीमती मुक्तेश्वरी बघेल सहित परिवार के लोग शामिल हुए। साथ ही खाद्य एवं संस्कृति मंत्री अमरजीत भगत, राज्य खनिज विकास निगम के अध्यक्ष गिरीश देवांगन भी इस अवसर पर उपस्थित थे। इस दौरान छत्तीसगढ़ में मुख्यमंत्री बघेल के नेतृत्व में राज्य सरकार द्वारा महिलाओें के हित में संचालित योजनाओं का जिक्र करते हुए उससे लाभान्वित महिला हितग्राहियों श्रीमती सरिता साहू, ज्योति मिथलेश, शांति चंद्रा, रेखा साहू, जयंती तथा उर्वशी वर्मा आदि ने भी अपना अनुभव साझा किया और मुख्यमंत्री के प्रति आभार व्यक्त किया।


 
मुख्यमंत्री बघेल ने कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए कहा कि समाज में महिलाओं का महत्वपूर्ण स्थान होता है। छत्तीसगढ़ में हम शुरूआत से ही महिलाओं के मान-सम्मान को बढ़ाने का कार्य निरंतर कर रहे हैं।  इस कड़ी में महिलाओं को आर्थिक और सामाजिक रूप से संपन्न बनाने के लिए हर संभव पहल की जा रही है और इसके लिए कई नई-नई योजनाएं बनाकर कार्यक्रमों का संचालन बखूबी किया जा रहा है।

मुख्यमंत्री बघेल ने आगे बताया कि छत्तीसगढ़ में महिलाओं के हित में हो रहे कार्यों के फलस्वरूप आज इनकी स्थिति में काफी बदलाव आए है। वे राज्य में आर्थिक रूप से ही नहीं बल्कि सामाजिक रूप से भी संपन्न होकर तेजी से आगे बढ़ रहे हैं। उन्होंने अवगत कराया कि प्रदेश में गोधन न्याय योजना के तहत् निर्मित गौठानों में बड़े तादाद में महिलाओं को आर्थिक गतिविधियों से जोड़ा गया है।  इसी तरह वनोपज संग्रहण, बिहान आदि योजनाओं के माध्यम से उन्हें आय और रोजगार के लिए साधन सुगमता से उपलब्ध हो गए हैं। वर्तमान में प्रदेश में लाखों महिलाओं को इसका सीधा-सीधा लाभ मिल रहा है। उन्होंने इस दौरान शिक्षा, स्वास्थ्य सहित जनहित में संचालित मुख्यमंत्री सुपोषण योजना, स्वामी आत्मानंद स्कूल तथा मुख्यमंत्री हाट बाजान क्लीनिक आदि योजनाओं के बारे में विस्तार से उल्लेख किया।

और भी

छत्तीसगढ़ में भारी वर्षा व वज्रपात के आसार: मौसम विभाग

 अगस्त का महीना सूखा रहने के बाद सितंबर के 21 दिनों में हुई बारिश ने छत्तीसगढ़ में वर्षा की कमी पूरी कर दी है। एक जून से लेकर 21 सितंबर तक प्रदेश में 977 मिमी वर्षा हुई है, जो सामान्य से 11 फीसद कम है। बीते 21 दिनों में ही यानि एक सितंबर से लेकर 21 सितंबर तक प्रदेश में 241 मिमी बारिश हुई है।

प्रदेश में एक-दो स्थानों पर गरज-चमक के साथ भारी वर्षा और वज्रपात होने की संभावना है, जबकि अधिकांश स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा या छींटे पड़ने के आसार हैं। प्रदेश में दो दिनों के बाद वर्षा की गतिविधियों में कमी होने की संभावना है। इसके साथ ही अधिकतम तापमान में भी क्रमिक बढ़ोतरी होगी।

मौसम विभाग का कहना है कि अभी आने वाले कुछ दिन प्रदेश में मौसम का मिजाज ऐसा ही रहेगा। सितंबर में हुई बारिश के चलते ही किसानों के चेहरे खिलने लगे है, साथ ही जलाशयों का जलस्तर भी बढ़ा है। प्रदेश में अब 16 जिलों में सामान्य वर्षा, तीन जिलों में ज्यादा वर्षा और आठ जिलों में कम वर्षा हुई है। प्रदेश में ज्यादा बारिश वाले तीन जिलों में रायपुर, बीजापुर और मुंगेली जिला है।

मौसम विभाग का भी कहना है कि अब प्रदेश में पर्याप्त बारिश हो चुकी है,विशेषकर सितंबर माह की बारिश ने तो बारिश की कमी पूरी कर दी है। हालांकि अभी भी सरगुजा क्षेत्र में बारिश कम हुई है। मौसम विज्ञानियों का कहना है कि शनिवार से मौसम का मिजाज बदलेगा। प्रदेश में हल्की से मध्यम वर्षा होने के साथ ही तापमान में मामूली बढ़ोतरी शुरू होगी।

रायपुर जिले में हुई 1237.1 मिमी बारिश
एक जून से लेकर 21 सितंबर तक रायपुर जिले में 1237.1 मिमी बारिश हो चुकी है,जबकि सामान्य रूप से इतने दिनों में यहां 1005.3 मिमी बारिश होनी थी। इस प्रकार रायपुर जिले में हुई बारिश सामान्य से 23 फीसद ज्यादा है। पिछले वर्ष की तुलना में भी रायपुर जिले में काफी ज्यादा बारिश हुई है।

बीजापुर में सर्वाधिक 1624.1 मिमी तो सरगुजा में सबसे कम 488.1 मिमी बारिश
एक जून से लेकर 21 सितंबर तक बीजापुर जिले में सर्वाधिक 1624.1 मिमी बारिश हुई है,जो सामान्य से 27 फीसद ज्यादा है। इसके साथ ही सरगुजा जिले में सबसे कम बारिश 488.1 मिमी बारिश हुई है,जो सामान्य से 59 फीसद कम है।

मुख्य मार्गों के साथ गली मुहल्लों में पानी
बारिश के चलते इन दिनों रायपुर के विभिन्न क्षेत्रों में मुख्य मार्गों के साथ ही गली-मुहल्लों में जलभराव हो गया है। विशेषकर कमल विहार क्षेत्र, पचपड़ी नाका, प्रोफेसर कालोनी, पुरानी बस्ती क्षेत्र सहित कई इलाकों में पानी भरा हुआ है। कुछ क्षेत्रों में तो सड़कों में बड़े बड़े गढ्डे होने के कारण उनमें पानी भरा हुआ है।

और भी

मंत्री अकबर ने भगवान गणेश का दर्शन कर लिया आशीर्वाद

कवर्धा: केबिनेट मंत्री व कवर्धा विधायक मोहम्मद अकबर ने गणेश चतुर्थी पर भगवान गणेश का दर्शन कर पूजा अर्चना की। मंत्री अकबर ने बुधवार को कवर्धा विधानसभा क्षेत्र के ग्राम लोहझरी, सारंगपुर, गंडई कला, अचानकपुर, भंडार और ग्राम अमरौडी के गणेश पंडाल पहुँच कर विधिवत पूजा-अर्चना कर प्रदेश और जिले की खुशहाली-समृद्धि की कामना की और आशीर्वाद लिया।

मंत्री अकबर कबीरधाम जिले के एक दिवसीय प्रवास पर थे। मंत्री अकबर के साथ राज्य पिछड़ा वर्ग आयोग के सदस्य महेश चंद्रवंशी, जिला पंचायत उपाध्यक्ष प्रतिनिधि होरी साहू, पीतांबर वर्मा, कृषि उपज मंडी अध्यक्ष नीलकंठ साहू, उपाध्यक्ष चोवाराम साहू, बोड़ला नगर पंचायत अध्यक्ष श्रीमती सावित्री साहू, जिला पंचायत सदस्य मुखीराम मरकाम, अगमदास अनंत, राजकुमार तिवारी, विरेन्द्र जांगड़े, गणेश गुप्ता सहित जनप्रतिनिधियों ने भी पूजा अर्चना कर आशीर्वाद लिया।

और भी

घर के बाड़ी में मिली युवक ली लाश, सदमे में परिवार

कोरबा: एक युवक की घर के आंगन में फांसी के फंदे पर लटकी हुई लाश मिली है। घटना से इलाके में सनसनी फैल गई और घटनास्थल पर ग्रामीणों की भीड़ एकत्रित हो गई। घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस मर्ग कायम कर जांच में जुट गई है। युवक के शव को फांसी के फंदे से नीचे उतार कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। प्रथम दृष्टया ये आत्महत्या बताई जा रही है। यह मामला मानिकपुर चौकी क्षेत्र का है।

जानकारी के अनुसार, मानिकपुर चौकी क्षेत्र अंतर्गत रापाखर्रा बस्ती के निवासी 22 वर्षीय छोटू उरांव नामक युवक ने खुदकुशी कर ली। घर के आंगन में लकड़ी के सहारे उसका शव फंदे पर लटका मिल। पुलिस मौके पर पहुंचकर जांच में जुट है।

मृतक के भाई सुरेंद्र ने बताया कि सात भाइयों में मृतक सबसे छोटा था। पिछले दो साल से सभी भाइयों का बंटवारा होने के बाद एक ही आंगन में अलग-अलग घर बनाकर अपने-अपने परिवार के साथ रहते हैं। मृतक का शादी नहीं हुआ था रोजी मजदूरी कर वह जीवन यापन करता था। बुधवार कि रात सब खाना खाने के बाद अपने-अपने कमरे में सोने चले गए। गुरुवार की सुबह जब उसके पिता शौच के लिए उठे तो घर के आंगन में फांसी के फंदे पर लटका हुआ देखे और परिवार के अन्य सदस्यों को उठा कर जानकारी दी।

मानिकपुर चौकी प्रभारी प्रेम साहू ने बताया कि मृतक के परिजनों का बयान दर्ज किया गया है पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। पीएम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का स्पष्ट कारण पता चल सकेगा।

 

 

और भी

गोलबाजार में गणपति के सर पर सजा 35 लाख के सोने का मुकुट

रायपुर: छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के विविध जगहों के पंडालों में गणेश प्रतिमा स्थापित होने के साथ ही सुबह-शाम पूजन, आरती में भक्ति उल्लास छाने लगा है।

गणेश प्रतिमाओं में खास आकर्षण गोलबाजार में व्यापारियों के नेतृत्व में स्थापित पंडाल में गणेशजी की प्रतिमा के सिर पर सजाया गया सोने का मुकुट है। 750 ग्राम मुकुट की कीमत 35 लाख रुपये से अधिक है।

 थाल में सजाकर निकाली मुकुट की शोभायात्रा
समिति के सदस्यों ने मुकुट को थाल में सजाकर शोभायात्रा निकाली। शाम को आरती से पहले गणेशजी को मुकुट पहनाया गया। इस दौरान भाजपा के क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जामवाल, प्रदेश संगठन महासचिव पवन साय, पूर्व मंत्री बृजमोहन अग्रवाल, समिति के सदस्य केदार अग्रवाल आदि ने सिर पर मुकुट थामकर पैदल चले और भगवान गणेश प्रतिमा के सिर पर मुकुट को विराजित किया।

 सीसीटीवी से निगरानी
शाम को आरती के दौरान गणेश प्रतिमा पर मुकुट को सजाया जाता है, रात्रि में पंडाल के पट बंद होने से पूर्व मुकुट को उतार लिया जाता है। गणेश पंडाल के आसपास सीसीटीवी से निगरानी की जा रही है।

मुंबई-पूना से मिली प्रेरणा
शफी बजरंग नवयुवक मित्र मंडल गणेशोत्सव समिति हनुमान मंदिर गोलबाजार के केदारनाथ गुप्ता बताते हैं कि मुंबई में लालबाग के महाराजा और पूना में दगड़ू सेठ हलवाई मंदिर में सजे सोने के मुकुट से प्रेरणा लेकर सोने का मुकुट बनाने का निर्णय लिया गया। इसके लिए गोलबाजार के सभी व्यापारियों ने सहयोग किया।

श्रीकृष्ण लीला की झांकी
इस साल श्रीकृष्ण लीला पर आधारित झांकी बनाई गई है। झांकी में सुदामा चरित्र, राधारानी को मेहंदी लगाते श्रीकृष्ण, मीराबाई को दर्शन देते और झूला झूलते हुए झांकी आकर्षण का केंद्र है।

और भी

छत्तीसगढ़ में मानसून फिर हुआ सक्रिय, भारी बारिश की चेतावनी

रायपुर: छत्तीसगढ़ में मौसम का मिजाज फिर से बदल गया है और मानसून सक्रिय हो गया है। इसके प्रभाव से गुरुवार को प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में भारी वर्षा की संभावना है। भारी वर्षा का क्षेत्र मुख्य रूप से सरगुजा संभाग और उससे लगे जिले रहेंगे। इसके साथ ही तापमान में भी गिरावट आएगी।


मौसम विभाग का कहना है कि आने वाले कुछ दिन अभी मौसम का मिजाज ऐसा ही रहेगा।मौसम विज्ञानी एचपी चंद्रा ने बताया कि एक निम्न दाब का क्षेत्र उत्तर पश्चिम बंगाल की खाड़ी और उससे लगे तटीय पश्चिम बंगाल ओडिशा तट पर है। इसके प्रभाव से गुरुवार को प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में हल्की से मध्यम वर्षा होगी। इसके साथ ही कुछ क्षेत्रों में भारी वर्षा के साथ ही बिजली भी गिरेगी।

दिनभर रही उमस से देर शाम बारिश ने दिलाई राहत
बीते कुछ दिनों से बारिश न होने के कारण उमस बढ़ने लगी थी और इसके प्रभाव से बुधवार को दिनभर उमस रही। देर शाम रायपुर सहित प्रदेश के कई क्षेत्रों में मौसम का मिजाज बदला और गरज चमक के साथ तेज बारिश हुई। देर रात तक रुक रुक कर बारिश होती रही। इस बारिश ने उमस से राहत दिलाई। रायपुर का अधिकतम तापमान 33.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया,जो सामान्य से दो डिग्री सेल्सियस ज्यादा रहा। इसके साथ ही न्यूनतम तापमान भी 27.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया,जो सामान्य से तीन डिग्री सेल्सियस ज्यादा रहा।

शहर के मुख्य मार्ग के साथ गली मुहल्लों में जलभराव
शाम की तेज बारिश के चलते शहर के विभिन्न क्षेत्र जैसे जयस्तंभ चौक, टैगोर नगर, पचपड़ी नाका क्षेत्र, पुरानी बस्ती, प्रोफेसर कालोनी, कमल विहार क्षेत्र सहित कई इलाकों में जलभराव हो गया। मौसम विज्ञानियों का कहना है कि अभी कुछ दिनों तक रायपुर सहित कई क्षेत्रों में मौसम का मिजाज ऐसा ही रहेगा।

 

 

और भी

प्रियंका गांधी पहुंची छत्तीसगढ़, सीएम बघेल ने किया स्वागत

 रायपुर: कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा गुरुवार सुबह छत्तीसगढ़ पहुंची। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने रायपुर एयरपोर्ट पर उनका स्वागत किया।

प्रियंका गांधी आज भिलाई के जयंती स्टेडियम में आयोजित महिला समृद्धि सम्मेलन में शामिल होंगी। भिलाई के सेक्टर-06 स्थित जयंती स्टेडियम में दोपहर एक बजे महिला समृद्धि सम्मेलन का आयोजन किया गया है। प्रियंका गांधी का पहली बार भिलाई आगमन हो रहा है।

सम्मेलन में मुख्यमंत्री भूपेश बघेल महिलाओं को सौगात देंगे। इस अवसर पर 1010 महिला समूहों को महिला कोष की ऋण योजना से और 285 महिलाओं को सक्षम योजना से 12 करोड़ 01 लाख रुपये का ऋण आरटीजीएस के माध्यम से सीधे खाते में भेजा जाएगा।

महिला समृद्धि सम्मेलन में 309 करोड़ रुपये की सौगात
भिलाई के जयंती स्टेडियम में गुरुवार को आयोजित महिला समृद्धि सम्मेलन में मुख्यमंत्री भूपेश बघेल जिले को 309 करोड़ 65 लाख 86 हजार रुपये के 186 विकास कार्यों की सौगात देंगे। इन विकास कार्यों में भूमिपूजन और लोकार्पण भी शामिल हैं। इस सम्मेलन में कांग्रेस के दिग्गज नेता भी शामिल होंगे। बुधवार को आयोजन स्थल पर तैयारियों को अंतिम रूप देने जिला व पुलिस प्रशासन के अधिकारी दिनभर डटे रहे। कांग्रेस नेताओं ने भी आयोजन स्थल पर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

सम्मेलन के लिए आयोजन स्थल पर 50-50 मीटर के पांच बड़े डोम शेड बनाए हैं। जिसकी चौड़ाई 50 मीटर व लंबाई 35 मीटर है। कुल 250 मीटर चौड़ा और 175 मीटर लंबा शेड बना है। इसमें एक मुख्य मंच है। जिसमें मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी सहित कांग्रेस के अन्य दिग्गज नेता मौजूद रहेंगे। सभा स्थल में प्रवेश के लिए 16 प्रवेश द्वार बनाए गए हैं।

मुख्य प्रवेश द्वार बैडमिंटन कोर्ट जहां से वीआइपी प्रवेश करेंगे। सभा स्थल पर 22 एलइडी स्क्रीन लगाया गया है। साथ ही डोम शेड के बाहर विभिन्न स्टाल बनाए गए है। जिसमें छत्तीसगढ़ की संस्कृति, परंपरा, की झलक दिखाई जाएगी। दुर्ग सांसद विजय बघेल ने महिला समृद्धि सम्मेलन में भीड़ जुटाने के लिए प्रशासन पर निजी स्कूल संचालकों पर जबरदस्ती दबाव बनाए जाने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि निजी स्कूल संचालकों को स्कूल में परीक्षा निरस्त कर स्कूल बसों को देने कहा जा रहा है।

महिला समूहों को लाने सौंपी गई जिम्मेदारी
कार्यक्रम का नाम महिला समृद्धि सम्मेलन रखा गया है। लिहाजा प्रदेश भर से महिला समूहों को लाने की जिम्मेदारी सभी निकायों को सौंपी गई है। निकायों द्वारा महिलाओं को लाने की व्यापक तैयारी की जा रही है। वाहन आदि की व्यवस्था की जा रही है।

पार्किंग स्थल तय
ट्रेफिक डीएसपी सतीश ठाकुर ने बताया कि अलग -अलग दिशाओं से आने वाले वाहनों के लिए पार्किंग व्यवस्था तय कर दिया गया है। कवर्धा, नांदगांव, दुर्ग से आने वाले वाहनों के लिए सेक्टर-10 स्कूल, सेक्टर-7 स्कूल में पार्किंग व्यवस्था की गई है। रायपुर से आने वाले वाहनों के लिए डीपीएस चौक रिसाली के पास पार्किंग व्यवस्था की गई है।

शहर के प्रमुख चौक-चौराहों पर भी तैनात रहेंगे जवान
बड़े नेताओं के आगमन को देखते हुए सभा स्थल पर बुधवार से ही पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। इसके लिए अतिरिक्त पुलिस बल भी मंगाया गया है। गुरुवार को सुबह प्रदेश भर से आई महिला पुलिस बल मौके पर तैनात कर दी जाएंगी। एएसपी सिटी संजय ध्रुव ने बताया कि सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए सभा स्थल के अलावा शहर के प्रमुख चौक चौराहों पर भी बल लगाया गया है।

और भी

हाईकोर्ट ने कांग्रेस की फर्जी एफआईआर को खारिज कर दिया : डॉ. रमन सिंह

 टूलकिट मामले, पीएससी घोटाले महिला और आरक्षण बिल को लेकर किया संवाद

 

रायपुर: पूर्व मुख्यमंत्री और भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने बुधवार को अपने निवास स्थान रायपुर में पत्रकारवार्ता करते हुए टूलकिट मामले, पीएससी घोटाले महिला और आरक्षण बिल को लेकर संवाद किया। इस दौरान उन्होंने पत्रकारों को संबोधित करते हुए टूलकिट मामले में हाई कोर्ट कांग्रेस की एफआईआर को खारिज करने पर कहा कि हाई कोर्ट ने मेरे खिलाफ किए गए कांग्रेस के फर्जी एफआईआर को खारिज कर दिया है।

साथ ही उन्होंने कांग्रेस सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ में कांग्रेस की ये जो सरकार है इसे अपराधी चला रहे है, मैं ऐसा इसलिए कह रहा हूँ क्योंकि ऊपर से नीचे तक जितने इस सरकार में जितने अधिकारी हैं उसमें कोई जेल में है, तो कोई बेल में है, कोयला घोटाले में इनके अधिकारी 7 महीने से जेल में हैं, मुख्यमंत्री की निज सचिव सौम्य चौरसिया जेल में है, मुख्यमंत्री के सलाहकार विनोद वर्मा पर जुए-सट्टे का आरोप है यहाँ तक की खुद मुख्यमंत्री बेल पर है, ये अपराधियों की सरकार है, इन्होने एफआईआर को हथियार की तरह उपयोग किया है।

आपको बता दें कि पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह के एक सोशल मीडिया पोस्ट को लेकर यह एफआईआर कराई गई थी। इसके साथ ही भाजपा प्रवक्ता संबित पात्रा पर भी इसी तरह के पोस्ट को लेकर एफआईआर हुई थी जिसमें उन्होंने कांग्रेस द्वारा मोदी सरकार को विदेशी मीडिया में बदनाम करने की बात कही थी।

पूर्व सीएम ने आगे कहा कि ये कांग्रेसियों की मानसिकता है उनके काले कारनामों के खिलाफ कोई बोले तो उस पर एफआईआर करवाकर अभिव्यक्ति की आजादी को दबाने की कोशिश करते हैं। लेकिन इस मामले में आज उच्च न्यायालय ने कांग्रेस के इस फ़र्जी एफआईआर को ख़ारिज कर दिया है और एक बार फिर कांग्रेस को अपनी करतूतों के कारण हार का सामना करना पड़ा है।

आगे उन्होंने सीजीपीएससी मामले को लेकर कहा कि सीजीपीएससी जैसे संवैधानिक संस्थान में घोटाला कर, सरकारी नौकरियों की नीलामी करने वाली इस भष्ट सरकार के खिलाफ हमारे पूर्व गृहमंत्री और रामपुर विधायक ननकीराम कंवर ने उच्च न्यायालय में पिटिशन लगाई थी जिसे उच्च न्यायालय ने स्वीकार करते हुए 18 मेरिट होल्डर्स जो कांग्रेसी नेताओं और अधिकारयों से सम्बंधित हैं उनकी नियुक्ति पर रोक लगाते हुए सरकार को फटकार लगाई है, ये प्रदेश के युवाओं के हित में हमारे प्रयासों के सफल होने का संकेत है।

साथ ही महिला आरक्षण को लेकर उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश की महिलाओं के प्रति संवेदनशीलता दिखाते हुए 27 साल से लंबित महिला आरक्षण बिल को मंजूरी दिलवाई है, हमें पूर्ण विश्वास है कि नए संसद भवन में यह जरुर कानून बनेगा।

और भी

नक्सल प्रभावित इलाकों में हमने विकासात्मक कार्यों को बढ़ावा दिया : भूपेश बघेल

 मुख्यमंत्री ‘मिरर नॉउ समिट-छत्तीसगढ़ पाथ टू प्रोग्रेस‘ में हुए शामिल

रायपुर: मुख्यमंत्री बघेल बुधवार को रायपुर स्थित निजी होटल में ‘मिरर नॉउ समिट-छत्तीसगढ़ पाथ टू प्रोग्रेस‘ कार्यक्रम में शामिल हुए। मुख्यमंत्री बघेल ने छत्तीसगढ़ के विकास को लेकर शासन की योजनाओं के क्रियान्वयन और सकारात्मक परिणामों पर अपनी बातें रखी।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ जैसे भौगोलिक रूप से छोटे राज्यों में भी बेहतर काम हो रहे है और यहां लोग खुशहाल है।उन्होंने कहा कि देश की आधी से अधिक आबादी किसान है और छतीसगढ़ में तो 75 फीसदी से अधिक लोग खेती-किसानी से जुड़े है। हमने किसानी को फायदे का व्यवसाय बनाया और उन्हें उपज का सही दाम देने का काम किया है। हमारी प्राथमिकता न केवल कृषि केंद्रित रही बल्कि इसके समानांतर हमने वनांचल में रहने वाले लोगों के सामाजिक व आर्थिक सशक्तिकरण की दिशा में प्रभावी काम किया है।   

उन्होंने गोधन न्याय योजना से किसानो व पशुपालकों के जीवन में आए बदलावों पर अपनी बात रखते हुए कहा कि हमने इसे लागू करने से पहले शासन स्तर पर लंबा अध्ययन किया और उसके बाद ही लोगों को इससे जोड़ा गया। अब तक 265 करोड़ रुपये की गोबर की खरीदी और लगभग 300 करोड़ रूपये की वर्मीकम्पोस्ट तैयार हो चुका है। साथ ही 10 हजार 200 गौठानों में से 6500 गौठान स्वावलंबी हो चुके है। उन्होंने कहा कि गौठान में आजीविका के लिए बहुत सारी एलाइड गतिविधियां संचालित हो रही है और 13 हजार से अधिक स्व-सहायता समूहों की 2 लाख से अधिक महिलाओं को रोजगार मिल रहा है।  

मुख्यमंत्री ने कहा कि नक्सल प्रभावित इलाकों का दायरा घटा है और इन इलाकों में हमने विकासात्मक कार्यों को बढ़ावा दिया। अब वनांचलों में 67 प्रकार के वनोपज की खरीदी कर रहे है। वन उत्पादोें के वैल्यू एडिशन से मुनाफे में बढ़ोत्तरी हुई है। मुझे खुशी है कि देश का सबसे बड़ा मिलेट प्लांट छत्तीसगढ़ में स्थापित किया गया है। और समर्थन मूल्य में इसकी भी खरीदी की जा रही है।

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री के सलाहकार प्रदीप शर्मा, कृषि उत्पादन आयुक्त डॉ कमलप्रीत सिंह, मिरर नाउ के मैनेजिंग एडिटर निकुंज गर्ग उपस्थित थे।

 

और भी

मुख्यमंत्री ने नगर निगम को 65 करोड़ की सौगातें

दुर्ग: मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने नगर निगम भिलाई अंतर्गत सेक्टर 01 नेहरू सांस्कृतिक भवन में आयोजित आभार सम्मेलन में शिरकत करने के पूर्व यहां पर 65 करोड़ 75 लाख 12 हजार रूपए लागत के 48 कार्यों का लोकार्पण/भूमिपूजन किया। जिसमें 22 करोड़ 50 लाख 28 हजार रूपए लागत के 19 कार्यों का लोकार्पण तथा 43 करोड़ 24 लाख 84 हजार रूपए लागत के 29 कार्यों का भूमिपूजन शामिल है। इस अवसर पर गृहमंत्री ताम्रध्वज साहू, विधायक देवेंद्र यादव, महापौर नीरज पाल एवं अन्य जनप्रतिनिधि और गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।

मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने सभी को गणेश चतुर्थी की बधाई दी। भिलाई हमारा मिनी भारत कहलाता है। हर धर्म, हर भाषा के लोग प्रेम से यहां एक साथ रहते हैं। भिलाई की अपनी समस्याएं हैं। भिलाई को भी रोजगार, विकास के लिए जूझना पड़ा है। जब प्लांट को यहां जमीन दी गई थी तो इन्हें कम्युनिटी डेवलपमेंट के लिए दी गई थी ताकि यहां स्वास्थ्य, शिक्षा, मूलभूत सुविधाओं का विकास कर रहे, लेकिन ऐसा नहीं हुआ। यहां के लोग लगातार संघर्ष करते हुए, आपके जीवनभर की कमाई आपने भिलाई स्टील प्लांट को दे दिया, लेकिन आपको हक़ नहीं मिला। आपके मेहनत के वजह से और यहां के जनप्रतिनिधि की वजह से आज लगभग 500 लोगों की रजिस्ट्री हो गई है। प्लांट यदि राज्य सरकार को वापस कर दे तो जमीन का मालिकाना हक आपका हो जाएगा। आज 23 साल बीत गया। अब आपको आपकी जमीन वापस मिलेगी। आपको बिजली बिल हाफ योजना का लाभ मिल रहा है। चाहे पेयजल हो, स्वामी आत्मानंद अंग्रेजी माध्यम स्कूल हो, सबका लाभ आप सभी को मिले। यही मैं कहना चाहता हूं। हमने टाटा के साथ एमओयू किया ताकि हमारी आईटीआई को अपडेट किया जा सके। इससे 10 हजार से ज्यादा युवाओं को रोजगार मिलेगा। हम लगातार नौकरियां दे रहे हैं, हमने लगभग 20 हजार शिक्षकों की भर्ती की। हम लगातार आपके विकास के लिए काम कर रहे हैं।

मुख्यमंत्री द्वारा लोकार्पित कार्यों में 29 लाख 82 हजार रूपए लागत से जोन 01 नेहरू नगर वार्ड क्रमांक 1, 2, 3 के मार्गाे के सीमेंटीकरण नाली निर्माण एवं सिवरेज लाईन कार्य, 30 लाख रूपए लागत से जोन 1 नेहरू नगर वार्ड क्रमांक 4, 5, 6 मार्गों का सीमेंटीकरण एवं नाली निर्माण पुलिया निर्माण कार्य, 25 लाख रूपए लागत से जोन 1 नेहरू नगर वार्ड क्रमांक 7, 9, 10 के मार्गों का सीमेंटीकरण एवं नाली निर्माण एवं पुलिया निर्माण कार्य, 29 लाख 96 हजार रूपए की लागत से जोन 1 नेहरू नगर वार्ड क्रमांक 11,12,13 के मार्गों का सीमेंटीकरण एवं नाली निर्माण एवं पुलिया निर्माण कार्य, 25 लाख 77 हजार रूपए की लागत से जोन 1 नेहरू नगर वार्ड क्रमांक 17, 18 के मार्गों का सीमेंटीकरण कार्य, 98 लाख 9 हजार रूपए लागत से जोन 1 नेहरू नगर वार्ड क्रमांक 4 एवं 5 में बायपास रोड से कोसा नगर पुलिया तक डामरीकृत मार्गों का नवीनीकरण कार्य , 90 लाख रूपए की लागत से जोन 2 वैशाली नगर वार्ड 14 शांति नगर दशहरा मैदान का उन्नयन कार्य, 1 करोड़ के लागत से जोन 2 वैशाली नगर गौरव पथ से आजाद चौक होते हुए मुक्तिधाम सामने एवं पापुलर सायकल स्टोर्स से आजाद चौक तक डामरीकृत मार्ग का उन्नयन कार्य,  1 करोड़ रूपए की लागत से जोन 2 वैशाली नगर इंदिरा चौक से दुबे पानपैलेस होते हुए भगत सिंह चौक से सड़क 9 हनुमान मंदिर तक एवं जोन 2 कार्यालय के आस-पास मार्गों में डामरीकरण एवं उन्नयन कार्य, 64 लाख 15 हजार रूपए के लागत से जोन 4 शिवाजी नगर वार्ड 40 मुक्तिधाम एवं दर्री तालाब का सौंदर्यीकरण कार्य, 84 लाख रूपए के लागत से जोन 4 शिवाजी नगर वार्ड 42, 43, 44 में उद्यान का जिर्णाेधार व  सामुदायिक भवन निर्माण कार्य, 1 करोड़ 22 लाख 73 हजार रूपए लागत से जोन 4 शिवाजी नगर वार्ड 45 में बीएसपी कन्याशाला के पिछे ग्राउंड में प्रकाश व्यवस्था एवं डिजिटल कम्प्यूटर लाईब्रेरी उदय मंडल में भवन निर्माण एवं जिम सामग्री प्रदाय कार्य , 1 करोड़ 36 लाख रूपए लागत से जोन 4 शिवाजी नगर वार्ड 46 एवं 50 में नवीन कालेज ग्राउंड में प्रकाश व्यवस्था दुर्गा मंदिर का जीर्णाेद्धार बाबा बालक नाथ तालाब का सौंदर्यीकरण कार्य, 7 करोड़ की लागत से जोन 4 शिवाजी नगर खुर्सीपार अंतर्गत बीपीओ सेंटर का निर्माण कार्य , 40 लाख रूपए लागत से जोन 5 वार्ड 57, 59, 60 में चौनलिंक फैसिंग, डोम सेड सौंदर्यीकरण एवं फेवर ब्लाक कार्य, 1 करोड़ 66 लाख लागत से जोन 5 वार्ड 57, 52, 64, 66 में स्मार्ट सड़क अतिरिक्त कक्ष उद्यान कक्ष सेंट्रल एवेन्यू पाथ्वे एवं नाली निर्माण कार्य, 1 करोड़ 41 लाख 16 हजार रूपए लागत से जोन 5 वार्ड 70 हुड़को में वाचनालय डामरीकरण एवं नवीनीकरण फेवर ब्लाक बोर खनन बैडमिंटन कोर्ट आंगनबाड़ी निर्माण कार्य, 2 करोड़ 10 लाख रूपए की लागत से पंडित जवाहर लाल नेहरू प्लेनेटेरियम कार्य तथा 57 लाख रूपए लागत से जोन 1 नेहरू नगर शहीद स्मृति स्थल सौंदर्यीकरण कार्य शामिल है।


भूमिपूजन कार्यों में 74 लाख 96 हजार रूपए लागत के जोन 1 नेहरू नगर वार्ड जोन 01 नेहरू नगर वार्ड क्रमांक 1, 2, 3 के मार्गों के सीमेंटीकरण नाली निर्माण एवं सिवरेज लाईन एवं भवनों के नवीनीकरण कार्य, 81 लाख 63 हजार रूपए लागत के जोन 1 नेहरू नगर वार्ड क्रमांक 4, 5, 6 के मार्गों का सीमेंटीकरण एवं नाली निर्माण, तालाब सौंदर्यीकरण एवं भवनों का नवीनीकरण कार्य, 74 लाख 93 हजार रूपए लागत के जोन 1 नेहरू नगर वार्ड क्रमांक 7, 8, 9 के मार्गों का सीमेंटीकरण एवं नाली निर्माण एवं पुलिया निर्माण एवं भवनों को नवीनीकरण कार्य, 74 लाख 98 हजार रूपए लागत के जोन 1 नेहरू नगर वार्ड क्रमांक 10, 11, 12, के मार्गों का सीमेंटीकरण एवं नाली निर्माण एवं पाईप लाईन विस्तारीकरण एवं भवनों का नवीनीकरण कार्य, 74 लाख 97 हजार रूपए लागत के जोन 1 नेहरू नगर वार्ड 13, 17 18 के मार्गों का सीमेंटीकरण नाली निर्माण एवं भवनांे का नवीनीकरण कार्य, 1 करोड 23 लाख 82 हजार रूपए  लागत के जोन 1 नेहरू नगर वार्ड  4, 11, 12 के फेवर ब्लाक लगाने का कार्य, 73 लाख 82 हजार रूपए लागत के जोन 2 वैशाली नगर वार्ड 14, 19, 20 के मार्गों का सीमेंटीकरण कार्य, 48 लाख 45 हजार रूपए लागत के जोन वैशाली नगर वार्ड 28, 29 के मार्गों के सीमेंटीकरण कार्य, 73 लाख 86 हजार रूपए लागत के जोन वैशालीनगर वार्ड 15, 16, 22 के मार्गों का सीमेंटीकरण एवं नाली निर्माण कार्य, 75 लाख रूपए लागत के जोन 3 मदर टेरेसा वार्ड 30, 31, 32 में मार्गों का सीमेंटीकरण नाली निर्माण एवं सिवर लाईन कार्य, 75 लाख रूपए लागत के जोन 3 मदर टेरेसा वार्ड 33, 34, 35 में मार्गाे का सीमेंटीकरण एवं नाली  निर्माण कार्य,  50 लाख रूपए लागत के जोन 3 मदर टेरेसा वार्ड 36 एवं 37 में मार्गाे का सीमेंटीकरण एवं नाली निर्माणकार्य, 75 लाख रूपए लागत से जोन 3 मदर टेरेसा वार्ड 52, 53, 54 में विभिन्न विकास कार्य, 50 लाख रूपए लागत के जोन 3 मदर टेरेसा वार्ड 55, 56 में उद्यान सौंदर्यीकरण बैडमिंटन कोर्ट, डोम शेड निर्माण कार्य, 42 लाख 9 हजार रूपए जोन 4 शिवाजी नगर वार्ड 39, 40 में सीमेंटीकरण, बोर खनन, सार्वजनिक मंच कार्य, 66 लाख 49 हजार रूपए लागत के जोन 4 शिवाजी नगर वार्ड 41, 42, 43 में सामुदायिक भवन उद्यान विकास प्रकाश व्यवस्था एवं अन्य विकास कार्य, 41 लाख 6 हजार रूपए लागत के जोन 4 शिवाजी नगर वार्ड 44, 45, 46 में सार्वजनिक भवन, प्रकाश व्यवस्था, मंच विस्तारीकरण, उद्यान विकास एवं अन्य कार्य, 88 लाख 97 हजार रूपए लागत के जोन 4 शिवाजी नगर वार्ड 47, 48, 49 में वालीबाल कोर्ट प्रकाश व्यवस्था उद्यान विकास पाईप लाईन विस्तारीकरण जिम समाग्री फाउंटेन एवं अन्य विकास कार्य, 93 लाख 71 हजार रूप्ए लागत के जोन 4 शिवाजी नगर वार्ड 50, 51 फाउंटेन में साउंड सिस्टम नाली निर्माण व सार्वजनिक मंच निर्माण कार्य, 2 करोड़ 71 लाख 24 हजार रूपए लागत के जोन 4 शिवाजी नगर खुर्सीपार जोन 1 वार्ड 38, 39, 42 में शिवर लाईन बिछाने एवं चेम्बर बनाने का कार्य, 4 करोड़ 64 लाख 68 हजार रूपए लागत के जोन 4 शिवाजी नगर खुर्सीपार जोन 2 वार्ड 45, 50 में सिवर लाईन बिछाने एवं चेंबर बनाने का कार्य, 2 करोड़ 42 लाख 91 हजार रूपए लागत के जोन 4 शिवाजी नगर खुर्सीपार जोन 3 वार्ड 48, 49 में सिवर लाईन बिछाने एवं चेंबर बनाने का कार्य, 45 लाख 57 हजार रूपए लागत के जोन 5 सेक्टर 6 वार्ड 57, 58, 59, 60 में नाली निर्माण, बोर खनन, फेवर ब्लाक, बैडमिंटनकोर्ट, डोम शेड निर्माण कार्य, 55 लाख रूपए लागत केे जोन 5 सेक्टर 6 वार्ड 61, 62, 63 में सार्वजनिक मंच, फेवर ब्लाक, बोर खनन, वाटर एटीएम व सीमेंटीकरण कार्य, 28 लाख 98 हजार रूपए लागत के जोन 5 वार्ड 64, 65 में सीमेंटीकरण पाइप लाईन विस्तारीकरण वाटर एटीएम स्थापना सौदर्यीकरण बैडमिंटन कोर्ट मंच निर्माण कार्य, 20 लाख 96 हजार रूपए लागत के जोन 5 सेक्टर 6 वार्ड हुड़को ंमें सार्वजनिक मंच, शेड निर्माण, प्रकाश व्यवस्था, फेवर ब्लाक निर्माण कार्य तथा 16 करोड़  91 लाख  रूपए लागत के उच्च स्तरीय जलागार, क्लीयर वाटर राईजिंग मेन एवं वितरण पाईप लाइन बिछाने का कार्य शामिल है।

और भी

छत्तीसगढ़ में फिर लौटा मानसून, बारिश के आसार

रायपुर: छत्तीसगढ़ में कुछ दिनों के ब्रेक के बाद अब वापस से मानसून की गतिविधियां बढ़ने वाली है। बुधवार से अगले तीन दिनों तक वर्षा की गतिविधियों में उत्तर छत्तीसगढ़ में वृद्धि होने के आसार है।

इसके अलावा प्रदेश के अनेक स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा होने के साथ ही छींटे पड़ने की संभावना है।

वहीं, अधिकांश स्थानों पर गरज-चमक के साथ वज्रपात होने की संभावना जताई जा रही है। साथ ही राजधानी में मौमस मेघमय रहने के साथ ही संध्या या रात्रि तक शहर के कुछ भाग में वर्षा होने के आसार हैं।

साथ ही अधिकतम तापमान 32.0 डिग्री सेल्सियस व न्यूनतम तापमान 26.0 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान लगाया जा रहा है।

वहीं, मंगलवार को उत्तरी छत्तीसगढ़ में बारिश देखने को मिली। सर्वाधिक 9 सेमी की वर्षा पेंड्रा में देखने को मिली। हालांकि मध्य सहित दक्षिणी छत्तीसगढ़ का इलाका सूखा रहा। राजधानी में दिनभर तेज धूप और उमस ने लोगों को परेशान किया। इसी बीच प्रदेश में अधिकतम तापमान 36.2 डिग्री सेल्सियस तिल्दा में, जबकि न्यूनतम तापमान 22.2 डिग्री सेल्सियस नारायणपुर में दर्ज किया गया।

इन क्षेत्राें में हुई वर्षा
उत्तरी छत्तीसगढ़ में मंगलवार से ही मानसून की सक्रियता बढ़ गई है। इस हिसाब से पेंड्रा में सर्वाधिक नौ सेमी, कुसमी में आठ सेमी, पेंड्रा रोड में सात सेमी, चांपा, पंडरिया, रामानुजगंज, बैकुंठपुर में तीन सेमी, डभरा, भैयाथान, सरायपाली, जैजैपुर, शिवरीनरायण, बरमकेला, बगीचा, सारंगढ़, धरमजयगढ़ में दो सेमी, कोरबा, प्रेमनगर, सक्ती, जांजगीर, खरसिया, केशकाल सहित अन्य क्षेत्रों एक और इसके अलावा कुछ क्षेत्राें में एक सेमी से भी कम वर्षा दर्ज की गई।

इस तरह का बन रहा सिस्टम
उत्तर-पश्चिम और उससे लगे मध्य बंगाल की खाड़ी में चक्रवाती परिसंचरण स्थित है। एक निम्न दबाव का क्षेत्र पश्चिम बंगाल-ओडिशा के तट में बंगाल की खाड़ी के उत्तर-पश्चिम में 7.6 किमी ऊंचाई तक विस्तारित है और दक्षिण-पश्चिम की ओर झुका हुआ है। जिसके अगले दो दिनों में ओडिशा और झारखंड की ओर बढ़ने की संभावना है। वहीं, मानसून द्रोणिका जैसलमेर, कोटा, गुना, सीधी, रांची तथा निम्न दाब का क्षेत्र और उसके बाद दक्षिण-पूर्व की ओर और पूर्व-मध्य बंगाल की खाड़ी तक विस्तारित है।

और भी

मुख्यमंत्री ने दी नुआखाई की शुभकामनाएं

 रायपुर: मुख्यमंत्री बघेल ने प्रदेशवासियों और विशेष रूप से उत्कल समाज के लोगों को नुआखाई पर्व की बधाई और शुभकामनाएं दी हैं। मुख्यमंत्री ने अपने शुभकामना संदेश में कहा है कि उत्कल समाज द्वारा गणेश चतुर्थी के दूसरे दिन ऋषि पंचमी को नुआखाई त्यौहार मनाया जाता है। यह त्यौहार नई फसल के आगमन, धरती एवं भगवान के वंदन और किसान भाईयों के बंधुत्व और एकत्व का प्रतीक है। इस त्यौहार पर नई फसल को भगवान में अर्पण के बाद एक साथ भोजन और मेलजोल से सामाजिक संबंधों में प्रगाढ़ता बढ़ती है। उन्होंने सभी प्रदेशवासियों के लिए सुख, समृद्धि और खुशहाली की कामना की है।

और भी

सिख युवक की हत्या के विरोध में बंद रहा दुर्ग-भिलाई

मुआवजे व सरकारी नौकरी देने पर धरना खत्म

भिलाई: गदर-2 फिल्म देखने के दौरान हिंदुस्तान जिंदाबाद कहने पर मलकीत सिंह नामक युवक की पांच लोगों के द्वारा की गई हत्या के विरोध में लोग उबल पड़े। बीते दो दिनों से थाने के सामने धरना देने के बाद भाजपा और छत्तीसगढ़ सिख संगठन के आव्हान पर सोमवार को दुर्ग जिला स्वस्फूर्त बंद रहा।

बंद के दौरान भाजपा ने खुर्सीपार में रैली निकालकर विरोध किया। प्रदर्शन में शामिल होने के लिए पहुंचे सिख समाज के लोगों ने खुर्सीपार थाना के सामने एक घंटे तक नेशनल हाईवे पर सड़कजाम किया। बंद को छत्तीसगढ़ चेम्बर आफ कामर्स, भाजपा के साथ आम आदमी पार्टी के नेताओं ने भी समर्थन दिया।

इधर, सोमवार की शाम मृतक के स्वजन को 10 लाख रुपये के मुआवजे और मृतक की पत्नी को सरकारी नौकरी देने पर सहमति बनने के बाद धरना समाप्त कर दिया गया। अब मंगलवार को मलकीत सिंह के शव का पोस्टमार्टम और अंतिम संस्कार किया जाएगा।

 भाजपा सांप्रदायिक रंग देने की कर रही कोशिश
पूरे घटनाक्रम को लेकर मुख्यमंत्री बघेल ने कहा कि आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया गया है। भाजपा नेता जबरदस्ती घटना को सांप्रदायिक रंग देने की कोशिश कर रहे हैं। युवक फिल्म देखने गए थे और बहस के बाद हत्या हुई है, जो दुर्भाग्यजनक है। मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा के पास अब कोई मुद्दा नहीं है, इसलिए इस तरह की घटना को सांप्रदायिक रंग देने की कोशिश की जा रही है। इसके अलावा भाजपा नेताओं को कुछ आता भी नहीं है।

और भी

छत्तीसगढ़ में जी-20 बैठक: विदेशी मेहमानों ने खाया चीला, लाल भाजी

रायपुर: नया रायपुर में आयोजित जी-20 की बैठक का मंगलवार को दूसरा और अंतिम दिन है।


इससे पहले सोमवार को इस बैठक का पहला दिन रहा। दुनिया भर से आए विषय विशेषज्ञों ने वैश्विक आर्थिक मामलों पर चर्चा की। विदेशी डेलीगेट्स छत्तीसगढ़िया व्यंजन और पारंपरिक नृत्य का लुत्फ में भी लिया।

मेफेयर लेक रिजॉर्ट में ब्रिटेन, फ्रांस, जापान, मैक्सिकों, चीन और जर्मनी जैसे देशों के लोगों को चीला, लाल भाजी, कढ़ी, मुनगा जैसे व्यंजन परोसे गए। देर शाम विदेशी मेहमानों के लिए छत्तीसगढ़ी पारंपरिक लोक नृत्यों का कार्यक्रम भी आयोजित किया गया। पंथी नृत्य और बस्तर का मशहूर गौर नृत्य डेलीगेट्स ने देखा।

नया रायपुर में लगा अफ्रीकन पेड़
विदेश मेहमानों ने नवा रायपुर में अफ्रीकी ट्यूलिप का पेड़ लगाया। ये अफ्रीकन पेड़ वहां सदियों से औषधीय उपयोग में लाया जाता है। त्वचा में जलन, बुखार, कब्ज, पेट दर्द, में ये काम आता है। नवा रायपुर के अटल नगर स्थित सेक्टर-24 में चल रहे ऐतिहासिक जी-20 को और भी यादगार बनाने के लिए जी-20 वाटिका तैयार की गई है।



65 अलग-अलग प्रतिनिधिमंडल के सदस्यों ने यहां पौधे लगाए। एनटीपीसी कार्यालय के पास स्थित एकात्म पथ पर ओवल शेप का गार्डन तैयार किया गया है। 1.2 हेक्टेयर में विकसित जी-20 वाटिका का लैंडस्केप एरिया 9376 स्क्वायर मीटर का है।

इसमें आकर्षक लाइटिंग की व्यवस्था की गई है। इस गार्डन में सात प्रकार के फॉक्स टेल, मोलसारी, सीता अशोक, कचनार, अफ्रीकन ट्यूलिप ट्री, पिंक पोई और ट्री ऑफ गोल्ड पौधे लगाए गए हैं।

पुरखौती मुक्तांगन में देखा छत्तीसगढ़
जी-20 में शामिल सदस्यों को पुरखौती मुक्तांगन ले जाया गया। जहां वे छत्तीसगढ़ की कला-संस्कृति से रूबरू हुए। छत्तीसगढ़ संस्कृति के तहत जनजाति जीवनशैली, छत्तीसगढ़ के पारंपरिक लोक नृत्य, लोक कला, बस्तर दशहरा, आमचो गांव को देखकर डेलीगेट्स एक्साइटमेंट के भाव से भरे दिखे।



ये हुआ बैठक में
भारत की जी-20 अध्यक्षता के तहत जी-20 फ्रेमवर्क कार्य समूह (एफडब्ल्यूजी) की चौथी और अंतिम बैठक 18 सितंबर को नवा रायपुर में आयोजित हुई। बैठक के पहले दिन की अध्यक्षता भारत सरकार के वित्त मंत्रालय की सलाहकार चांदनी रैना और एचएम ट्रेजरी, ब्रिटेन की मुख्य आर्थिक सलाहकार सैम बेकेट ने किया।



पहले दिन नवीनतम वैश्विक आर्थिक दृष्टिकोण और प्रमुख व्यापक आर्थिक मुद्दों के संबंध में नीति मार्गदर्शन पर चर्चा आयोजित की गई। दूसरे सत्र में अमेरिका, ब्राजील, कनाडा और दक्षिण अफ्रीका के विशेषज्ञों द्वारा वैश्विक आर्थिक परिदृश्य पर प्रेंजेटेशन दिया।

आर्थिक सहयोगिता विकास संगठन (ओसीएडी), अंतरराष्ट्रीय श्रम संगठन (आईएलओ), विश्व व्यापार संगठन (डब्ल्यूटीओ) ने प्रेजेंटेशन दिए और इसके बाद सवाल-जवाब का दौर चला। चीन, दक्षिण कोरिया और जर्मनी के विशेषज्ञों ने भी जानकारी दी।

19 को ये होगा
आज होने वाली बैठक में मजबूत, टिकाऊ, संतुलित और समावेशी विकास पर चर्चा होगी। इसमें ब्रिटेन की अध्यक्षता में अर्जेंटीना, इंडोनेशिया के विशेषज्ञों की ओर से जानकारी दी जाएगी। समापन ब्राजील करेगा।

और भी

छत्तीसगढ़ में फिर लगातार बारिश के आसार : मौसम विभाग

रायपुर: छत्तीसगढ़ में फिर से मौसम का मिजाज बदलने वाला है और बुधवार से प्रदेश भर में लगातार बारिश शुरू होगी। साथ ही बारिश का दायरा भी बढ़ेगा।

मौसम विभाग का कहना है कि मंगलवार को भी प्रदेश के कुछ क्षेत्रों में भारी बारिश हो सकती है,साथ ही आने वाले तीन दिनों तक तापमान में कोई विशेष बदलाव नहीं होगा। विशेषकर रायपुर व जगदलपुर में गरज चमक के साथ बारिश हो सकती है।

प्रदेश भर में 15 सितंबर तक 937.6 मिमी वर्षा हो गई है। रायपुर जिले में भी 1000 मिमी से ज्यादा वर्षा हो चुकी है। अब फिर से प्रदेश में मौसम का मिजाज बदलेगा और वर्षा का दौर शुरू होगा।

बारिश थमी तो बढ़ी उमस
बारिश थमते ही अब उमस में फिर से बढ़ोतरी हो गई है। सोमवार को रायपुर का अधिकतम तापमान 33.5 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 25.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। अधिकतम तापमान सामान्य से दो डिग्री ज्यादा और न्यूनतम तापमान सामान्य से एक डिग्री सेल्सियस ज्यादा रहा। मौसम विज्ञानियों का कहना है कि अब मौसम का मिजाज बदलेगा और लोगों को गर्मी से राहत मिलने वाली है।

यह बन रहा सिस्टम
मौसम विभाग ने बताया कि मानसून द्रोणिका मध्य समुद्र तल पर जैसलमेर, अजमेर, शिवपुरी, सीधी, दीघा और उसके बाद दक्षिण पूर्व की ओर मध्य बंगाल की खाड़ी तक विस्तारित है। इसके प्रभाव से प्रदेश के कुछ क्षेत्रों में मंगलवार को भारी वर्षा की संभावना है,इसके साथ ही बिजली भी गिर सकती है।

और भी