छत्तीसगढ़ - Newsportal | Chhattisgarh Darpan Media Group

छत्तीसगढ़

डिप्टी सीएम साव के अनुमोदन पर सड़क निर्माण के लिए 36.61 करोड़ स्वीकृत

रायपुर: राज्य शासन के लोक निर्माण विभाग ने मुंगेली, रायगढ़ राजनांदगांव, रायपुर, जशपुर, बस्तर और सूरजपुर जिले में विभिन्न सड़कों के निर्माण के लिए 36 करोड़ 60 लाख 50 हजार रुपए मंजूर किए हैं। उप मुख्यमंत्री तथा लोक निर्माण मंत्री अरुण साव के अनुमोदन के बाद विभाग ने 18 कार्यों के लिए कुल 39 करोड़ 58 लाख 99 हजार रुपए की प्रशासकीय स्वीकृति प्रदान की है।

लोक निर्माण विभाग द्वारा मुंगेली जिले के लोरमी विकासखंड में रहंगी नाला पर उच्च स्तरीय पुल एवं पहुंच मार्ग के लिए एक करोड़ 85 लाख रुपए, खैरवार बघमार से अमलडीही मार्ग के लिए एक करोड़ 84 लाख रुपए, लोरमी विकासखंड के डी-1 नहर से पठारी कांपा मार्ग के लिए दो करोड़ तीन लाख रुपए और अखरार से श्मशान घाट पहुंच मार्ग के लिए एक करोड़ 38 लाख रुपए मंजूर किए गए हैं।

विभाग द्वारा रायगढ़ जिले के लोहरसिंग-लिंजीर मार्ग के चौड़ीकरण व मजबूतीकरण के लिए एक करोड़ 76 लाख रुपए, राजनांदगांव के पारीखुर्द में आंगनबाड़ी से श्मशान घाट पहुंच मार्ग के लिए 79 लाख 42 हजार रुपए, ईरा में गौठान से मुक्तिधाम पहुंच मार्ग के लिए एक करोड़ 70 लाख रुपए, रायपुर में बजाज कॉलोनी, एन.एम.डी.सी. कॉलोनी, प्रियदर्शिनी नगर, वल्लभ नगर चतुर्दिक मार्ग के डामरीकरण के लिए दो करोड़ 81 लाख रुपए, कटोरा तालाब, शैलेन्द्र नगर, पुराना राजेन्द्र नगर मार्ग के डामरीकरण के लिए दो करोड़ 51 लाख रुपए तथा मठपुरैना-रावतपुरा चतुर्दिक मार्ग के डामरीकरण के लिए दो करोड़ 80 लाख रुपए की प्रशासकीय स्वीकृति प्रदान की गई है।

लोक निर्माण विभाग ने जशपुर जिले में मस्कामारा-लवाकेरा मुख्य मार्ग के लिए एक करोड़ 81 लाख रुपए, राज्यीय राजमार्ग-17 से पुटकेला पहुंच मार्ग के लिए दो करोड़ 89 लाख रुपए, बस्तर जिले के खंडसरा-सारेगांव मार्ग के लिए दो करोड़ 95 लाख रुपए, सोनारपाल-चपका मार्ग के लिए दो करोड़ 96 लाख रुपए, करंदोला रानीगुड़ा से राष्ट्रीय राजमार्ग-30 तक सड़क निर्माण के लिए एक करोड़ 66 लाख रुपए तथा सूरजपुर जिले के श्रीराम वनगमन पथ के मिसिंग लिंक मार्ग रकसगंडा जलप्रपात पहुंच मार्ग के लिए दो करोड़ 54 लाख रुपए मंजूर किए हैं। रायपुर के सिविल लाइन स्थित नवीन विश्राम भवन में फर्नीचर और फिनिशिंग संबंधी कार्य के लिए विभाग द्वारा दो करोड़ 98 लाख 49 हजार रुपए स्वीकृत किए गए हैं।

और भी

दामाखेड़ा पहुंचे सीएम साय, हेलीपैड पर हुआ स्वागत

बलौदाबाजार: जिले के सिमगा विकासखंड अंर्तगत दामाखेड़ा में माघपूर्णिमा पर आयोजित होने वाले विश्व प्रसिद्ध सतगुरू कबीर संत समागम, दामाखेड़ा मेला में पहुंचे मुख्यमंत्री विष्णु देव साय का हेलीपैड में स्थानीय जनप्रतिनिधियों और प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों ने गर्मजोशी से स्वागत किया गया। हेलीपैड पर अतिथियों का पूर्व विधायक शिवरतन शर्मा, आईजी अमरेश कुमार मिश्रा, कलेक्टर चंदन कुमार, एसएसपी सदानंद कुमार सहित बड़ी संख्या में पहुंचे जनप्रतिनिधि एवं ग्रामीणों ने गुलदस्ता भेंटकर आत्मीय स्वागत किया। इस मौके पर उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा, खाद्य मंत्री दयालदास बघेल, लुण्ड्रा विधायक प्रबोध मिंज भी उपस्थित रहे।

 

 

और भी

रसीद गुमी तो पार्किंग वाले ने वसूले 2 हजार, रेलवे ने ठेकेदार पर लगाया 50 हजार का जुर्माना

बिलासपुर: रेलवे स्टेशन में पार्क की गई गाड़ी की रसीद गुम जाने पर ठेकेदार ने यात्री से 2000 रुपये वसूल लिए। शिकायत मिलने पर वाणिज्य प्रबंधक ने 50 हजार रुपये का जुर्माना लगाया है।


जानकारी के मुताबिक बुधवार को एक रेल यात्री अपनी गाड़ी लेने पार्किंग पर गया लेकिन उसकी पार्किंग रसीद गुम हो गई थी। वहां मौजूद पार्किंग कर्मचारी ने दो हजार रुपये की मांग की। यात्री ने कहा कि नियम तो सिर्फ 50 रुपये जुर्माने और आरसी बुक की प्रतिलिपि देने की है। मगर, कर्मचारी ने दो हजार रुपये के बिना गाड़ी देने से मना कर दिया। यात्री ने मजबूरन दो हजार रुपये दिए। इस दौरान उसके साथी ने पूरे लेनदेन का वीडियो बना लिया। यात्री ने इस क्लिपिंग के साथ रेल मंत्री के ट्विटर पेज पर शिकायत दर्ज कराई। रेल मदद एप में भी शिकायत दर्ज करा दी। इसके बाद रेलवे के अधिकारी हरकत में आए।

वाणिज्य प्रबंधक ने मामले की जांच कराई। शिकायत सही पाये जाने पर उन्होंने 50 हजार रुपये का जुर्माना पार्किंग ठेकेदार पर लगाया। साथ ही चेतावनी दी है कि यात्रियों से तय राशि से अधिक वसूली करने और दुव्र्यवहार करने पर ठेका निरस्त कर दिया जाएगा। यह पहला मौका है कि पार्किंग में अधिक राशि वसूल करने को लेकर इतनी अधिक राशि का जुर्माना लगाया गया।  ज्ञात हो कि हाल ही में रेलवे के गेट पर एंट्री करने के दौरान पार्किंग शुल्क वसूल करने का मामला हाईकोर्ट में सुना गया था। इसके बाद गेट पर पार्किंग ठेकेदारों की मनमानी कम हुई है।

 

 

और भी

पीएम विश्वकर्मा योजना के प्रशिक्षणार्थियों को दिये गये प्रमाण-पत्र

दंतेवाड़ा: कार्यालय महाप्रबंधक जिला व्यापार उद्योग केन्द्र द्वारा प्राप्त जानकारी अनुसार प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजनान्तर्गत एक दिवसीय जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन जिला ग्रंथालय दन्तेवाड़ा में सूक्ष्म लघु एवं मध्यम उद्योग मंत्रालय, रायपुर (एमएसएमई) एवं जिला व्यापार एवं उद्योग केन्द्र के तत्वाधान में किया गया था। कार्यक्रम में एमएसएमई रायपुर के सहायक निर्देशक अरविन्द तिवारी द्वारा परंपरागत कारीगरों एवं शिल्पकारों को पीएम विश्वकर्मा योजना के संबंध में आवेदन करने, प्रशिक्षण प्राप्त करने की प्रक्रिया एवं आधुनिक औजार, टूलकिट प्रदान करने व वित्तीय सहायता प्राप्त करने के संबंध में विस्तृत जानकारी दी गई। इसके साथ ही उनके द्वारा पीएम विश्वकर्मा योजना के प्रथम बैच के प्रशिक्षणार्थियों को प्रमाण पत्र वितरण किया गया। उक्त कार्यशाला में लगभग 200 हितग्राहियों ने भाग लिया।

जागरूकता कार्यक्रम में जनप्रतिनिधि, जसबीर नेगी, सहायक जन शिक्षण संस्थान के अधिकारी, कामनी पटनायक, लाइवलीहुड प्राचार्य, कृतेश हिरवानी, जिला व्यापार एवं उद्योग केन्द्र के महाप्रबंधक, फिलीप तिग्गा सहित विभागीय अधिकारी कर्मचारी, जिले के पारंपरिक व्यवसाय से जुड़े कारीगरों/शिल्पकार बड़ी संख्या में उपस्थित रहें।

और भी

राजिम माघी पुन्नी मेला अब कुंभ कल्प मेला के नाम से जाना जाएगा

सदन में संशोधन विधेयक पारित

रायपुर: राजिम में हर साल आयोजित होने वाला माघी पुन्नी मेला अब ‘कुंभ कल्प मेला’ के नाम से जाना जाएगा। विपक्ष की मांग पर संशोधन विधेयक पर फैसला मतदान के जरिए हुआ, जिसमें संशोधन विधेयक के पक्ष में 43 तो विपक्ष में 30 वोट पड़े। संस्कृति मंत्री बृजमोहन अग्रवाल ने सदन में संशोधन विधेयक पेश किया। भाजपा विधायक अजय चंद्राकर ने विधेयक के पक्ष में अपनी बात रखते हुए कहा कि पिछली सरकार ने छत्तीसगढ़ की संस्कृति और इतिहास से छेड़छाड़ की। अजय चंद्राकर के बयान पर पक्ष और विपक्ष के बीच नोक-झोंक शुरू हो गई।विपक्षी सदस्यों ने राजिम माघी पुन्नी मेले का नाम बदलने पर आपत्ति जताई। अटल श्रीवास्तव ने कहा कि हमारी संस्कृति को मिटाने की कोशिश न करें। इस पर अजय चंद्राकर ने कहा कि सिर्फ नाम में ही संशोधन हो रहा है, लेकिन इसी से राजिम का गौरव जुड़ा है। चर्चा के दौरान अटल श्रीवास्तव और सुशांत शुक्ला के बीच तीखी बहस हुई। विधेयक पर मंत्री बृजमोहन अग्रवाल ने कहा कि राजिम में कुंभ का स्वरूप मिलने के बाद लाखों लोग आने लगे हैं। राज्य भर में 5 हजार स्थानों पर माघी पुन्नी मेला होता है। कुंभ देश में सिर्फ चार स्थानों पर होता है। छत्तीसगढ़ की संस्कृति को आगे बढ़ाने कुंभ का नाम दिया। वेद पुराणों में महानदी को चित्रोत्पला कहा गया है। मंत्री ने कहा कि राजिम का धार्मिक महत्व है, यहां लोग अस्थि विसर्जन करते हैं। हम इस विधेयक के माध्यम से प्रदेश की संस्कृति को बढ़ा रहे हैं। माघी पुन्नी मेले के स्थान पर कुंभ कल्प मेला नाम दिया जा रहा है। संशोधन विधेयक पर विपक्ष ने मत विभाजन की मांग की, जिस पर पक्ष में 43 तो वहीं विपक्ष में महज 30 वोट पड़ने के साथ विधेयक पारित हुआ।

 

 

और भी

सीएम साय को केंद्रीय मंत्रियों, मुख्यमंत्रियों ने दी जन्मदिन की शुभकामनाएं...

रायपुर: मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का आज जन्मदिन है। सुबह से ही बधाई का सिलसिला जारी है। सोशल मीडिया में तो बधाई की बाढ़ सी आ गई है। प्रधानमंत्री से लेकर कई राज्यों के मुख्यमंत्री उन्हें जन्मदिन की बधाई दे रहे हैं।


केन्द्रीय जनजातीय कार्य और कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री अर्जुन मुंडा ने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय को जन्मदिन की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी है। साथ ही उन्होंने साय के सदैव स्वस्थ,सुखी और दीर्घायु रहने की कामना की है।

मुख्यमंत्री साय को उत्तरप्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जन्मदिन की शुभकामनाएं सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर दी हैं। अपने शुभकामना संदेश में योगी आदित्यनाथ ने लिखा कि प्रभु श्रीराम से प्रार्थना है कि आपको उत्तम स्वास्थ्य और सुदीर्घ जीवन प्रदान करें। आप छत्तीसगढ़ महतारी की सेवा में निरंतर समर्पित रहें।

केन्द्रीय जनजातीय कार्य और कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री अर्जुन मुंडा ने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय को जन्मदिन की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी है। साथ ही उन्होंने साय के सदैव स्वस्थ,सुखी और दीर्घायु रहने की कामना की है।

मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय को जन्मदिन की बधाई दी है।

उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भी सीएम साय को जन्मदिन की शुभकामनाएं सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर दी हैं। अपने शुभकामना संदेश में धामी ने लिखा कि बाबा केदारनाथ आपको सुदीर्घ,आरोग्यपूर्ण एवं सुखद जीवन प्रदान करें। मुख्यमंत्री साय ने अपने जन्मदिन पर शुभकामना संदेश के लिए धामी के प्रति हार्दिक आभार व्यक्त किया है।

 

 

और भी

छत्तीसगढ़ केनाईन एसोसिएशन (डॉग शो) 25 फरवरी को

 रायपुर: छत्तीसगढ़ केनाईन एसोसिएशन द्वारा हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी डॉग शो का आयोजन 25 फरवरी 2024 दिन रविवार समय

12 बजे से सप्रे शाला मैदान, बूढ़ा तालाब रोड रायपुर में रखा गया हैं।
इस शो के माध्यम से कुत्तो की भिन्न -भिन्न प्रजातियां देखने को मिलता है व उनके स्वभावो का परिचय प्राप्त होता है।
कुत्तो की सकारात्मक तरीके से रख -रखाव की जानकारी प्रदान की जाती है।
इस शो में विभिन्न राज्यों से कुत्ते भाग लेने आयेंगे, जिससे हमारे प्रदेश का गौरव बढ़ता है।
इस शो के माध्यम से कुत्तो के प्रशिक्षण से सम्बंधित जानकारी प्राप्त होती है।
इस शो में कुत्तो की 40 से 50 विभिन्न नस्लें देखने को मिलेगी।
इस शो में केवल कुत्तो के प्रदर्शन हेतु ही फीस रखी गयी है, बाकी सभी दर्शकों हेतु निशुल्क व्यवस्था है।
कुत्तो की नस्ल से सम्बंधित राष्ट्रीय संथा केनल क्लब ऑफ इण्डिया से सम्बंधित जज (निर्णायक) होंगे जिनका नाम श्री राजीव
चौधरी जी है जो कि दिल्ली से है।
और भी

विकसित भारत संकल्प यात्रा: शिविर में 5721 लोगो ने जमा किए आवेदन

भिलाई: भिलाई निगम क्षेत्र में 13 दिनो से चल रहे विकसित भारत संकल्प यात्रा 2.0 का अंतिम पढ़ाव सोमवार को एच.सी.एल. कालोनी सेक्टर 6 एवं मंकिनम्मा मंदिर डोम शेड के पास खुर्सीपार में आयोजित किया गया। 26 शिविर में 5721 लोगो ने शासन के विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से लाभान्वित होने आवेदन जमा किये। निगम क्षेत्र के विभिन्न वार्डो में प्रात: 9 से सायं 5 बजे तक प्रतिदिन दो शिविर दो पाली में लगाया गया। केन्द्र सरकार द्वारा भेजे गये विकसित भारत संकल्प यात्रा का बस शिविर स्थल पर पहुॅचते ही जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों के द्वारा भारत माता एवं छत्तीसगढ़ महतारी के तैल्य चित्र पर माल्यापर्ण एवं दीप प्रज्जवलित कर शिविर का शुभारंभ किया जाता रहा है, इसके बाद उपस्थित सभी नागरिक विकसित भारत बनाने का संकल्प लिए। शिविर में प्रधानमंत्री आवास योजना, उज्जवला गैस योजना, पी.एम. विश्वकर्मा, महतारी वंदन, आयुष्मान कार्ड, आधार कार्ड, स्वास्थ्य परीक्षण, टी.बी.रोग निदान, मुद्रा लोन स्वनिधि लोन के काउन्टर पर पहुॅच कर लोगो ने योजना की जानकारी प्राप्त किये और लाभान्वित होने फार्म भरे। शिविर स्थल पर अतिथियो द्वारा उज्जवला गैस योजना के गैस किट तथा स्व निधि का प्रमाण पत्र लाभान्वित हितग्राहियो को प्रदान किये। केन्द्र सरकार द्वारा जारी कलेन्डर एवं योजनाओ के पुस्तक तथा पाम्पलेट का वितरण नागरिको को किया गया।

 

 

और भी

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी 20 फरवरी को नवीन केन्द्रीय विद्यालय भवन का करेंगे वचुअर्ल लोकार्पण

 कवर्धा: प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी 20 फरवरी को 20.56 करोड़ रुपए से निर्मित कबीरधाम जिले के महराजपुर स्थित नवीन केन्द्रीय विद्यालय भवन का वचुअर्ल लोकार्पण करेंगे। कलेक्टर जनमेजय महोबे ने आज नवीन केन्द्रीय विद्यालय भवन के वचुअर्ल लोकार्पण की तैयारियों का जायजा लिया। यहां बताया गया कि लोकार्पण की सभी तैयारी पूरी कर ली गई है। 

इस लोकार्पण समारोह में छत्तीसगढ़ के उपमुख्यमंत्री एवं गृहमंत्री विजय शर्मा, सांसद संतोष पाण्डेय, पंडरिया विधायक भावना बोहरा, जिला पंचायत अध्यक्ष सुशीला रामकुमार भट्ट को विशेष रूप से आमंत्रित किया गया है। कार्यक्रम में कलेक्टर एवं अध्यक्ष विद्यालय प्रबंध समिति केन्द्रीय विद्यायल जनमेजय महोबे, जिला पंचायत सीईओ संदीप कुमार अग्रवाल, उपायुक्त विनोद कुमार, सहायक आयुक्त रविन्द्र कुमार, विवेक कुमार चौहान और केन्द्रीय विद्यालय डोंगरगढ़ एसआर कुजुर भी शामिल होंगे। इसके अलावा अन्य गणमान्य जनप्रतिनिधियों को भी आमंत्रित किया गया है।

 

उल्लेखनीय है कि केन्द्रीय विद्यालय भवन निर्माण कार्यो की आधारशीला वर्ष 2017 में रखी गई थी। वर्तमान में केन्द्रीय विद्यालय कक्षा 11वीं तक संचालित है। जिसमें 486 विद्यार्थी अध्यनरत है। अध्यनरत विद्यार्थियों में 248 छात्र और 238 छात्राएं शामिल है। नवीन केन्द्रीय विद्यालय भवन में सभी कक्षाएं उच्च स्तरीय तरीके से बनाएं गए है। परिसर में खेल, संगीत सहित सांस्कृतिक कार्यक्रमों के लिए पर्याप्त जगह तैयार किए गए है। केन्द्रीय विद्यालय वर्तमान में आउटडोर स्टेडियम परिसर में संचालित हो रही है।  

और भी

आयुष्मान कार्ड बनाने महाअभियान 21 व 22 फरवरी को

समस्त छुटे हुए बी.पी.एल. व ए.पी.एल. राशन कार्डधारी परिवारों को मिलेगा मुफ्त इलाज

सूरजपुर: आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना अंतर्गत आयुष्मान कार्ड से वंचित हितग्राहियों का आयुष्मान कार्ड निर्माण के लिए कलेक्टर रोहित व्यास के आदेशानुसार, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत व मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी के मार्गदर्शन में जिले में 21 एवं 22 फरवरी 2024 को आयुष्मान कार्ड बनाने के लिए महा अभियान का आयोजन किया जा रहा है। जिसमें जिले के स्वास्थ्य विभाग, पंचायत विभाग, महिला बाल विकास विभाग व अन्य विभागों के सहयोग से जिले के लगभग 1.56 लाख विकासखण्डवार (भैयाथान -24318, ओड़गी 23853, प्रतापपुर -24730, सूरजपुर -35841, रामानुजनगर -23201, प्रेमनगर -9728) तथा नगरीय निकायों में (जरही 1138, प्रतापपुर -1079, प्रेमनगर-733, सूरजपुर -6909, बिश्रामपुर -2339 भटगाँव -2577)

आयुष्मान कार्ड से वंचित हितग्राहियों के आयुष्मान कार्ड बनाने हेतु घर-घर जाकर, टोले मोहल्ले में शिविर लगाकर, स्कूलों में आँगनबाड़ियों में शिविर लगाकर आयुष्मान कार्ड बनाया जायेगा। इसी तारतम्य में शिविर आयोजन कर जिले के समस्त विभाग की ओर से आयोजित विशेष अभियान जिले के समस्त आयुष्मान मित्रों, हेल्थ एण्ड वेलनेस सेंटर (सीएचओ), रोजगार सहायक / सचिवों, आर.एच.ओ./द्वितीय ए.एन.एम., एन.आर.एल.एम. बैंक सखी, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एवं मितानिनों द्वारा छुटे हुए समस्त हितग्राहियों का निःशुल्क आयुष्मान कार्ड बनाया जा रहा है।

 
और भी

महतारी वंदन योजना के अंतर्गत समस्त आवेदनों की समय सीमा में हो जांच : अमिताभ जैन

 दुर्ग: छत्तीसगढ़ शासन के मुख्य सचिव अमिताभ जैन ने विडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से समीक्षा बैठक ली। जिसमें उन्होंने महतारी वंदन योजना, सड़क सुरक्षा तथा जेल विभाग से संबंधित योजनाओं की समीक्षा की। उन्होंने कलेक्टर ऋचा प्रकाश चौधरी को महिला बाल विकास के अंतर्गत संचालित महतारी वंदन योजनाओं के संबंध में निर्देश दिये। उन्होंने कहा कि महतारी वंदन योजना के अंतर्गत सभी आवदेनों की जांच समय सीमा में किए जाएं। 

कलेक्टर ने बताया कि जिले में लगभग 3 लाख के ऊपर आवेदन प्राप्त हुये जिनकी जांच की जा रही है। मुख्य सचिव ने कहा कि आवेदन में दस्तावेजां की जांच करने उपरांत पात्र-अपात्र आधार की सूची समय-सीमा के भीतर जारी करें। सभी आवेदनों का सत्यापन शीघ्रता से पूर्ण करें। उन्होंने सड़क सुरक्षा को लेकर निर्देश देते हुये कहा कि सभी नागरिकों को जागरूक करने के लिए अभियान चलाये जाएं। दो पहिया वाहन चालकों को हेलमेट व चार पहिया वाहन चालकों को सीट बेल्ट लगाना अनिवार्य है। उन्होंने विशेष तौर पर शहरी क्षेत्र, हाईवे एवं अन्य व्यस्ततम आवाजाही के स्थान पर जनता को जागरूक करने के निर्देश दिए। विडियो कान्फ्रेंसिंग के दौरान सीईओ जिला पंचायत अश्विनी देवांगन, जिला परिवहन अधिकारी शैलाभ साहू, आयुक्त नगर निगम लोकेश चन्द्राकर, देवेश ध्रुव तथा अशीष देवांगन के साथ जेल अधीक्षण आर.आर.राय व अन्य अधिकारी उपस्थित थे।

और भी

पोर्टल पर नियमित एंट्री करने के दिए निर्देश

 जशपुरनगर: सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पत्थलगांव सभाकक्ष में खंड चिकित्सा अधिकारी ने की समीक्षा बैठक ली। बैठक में सेक्टर सुपरवाइजर तथा समस्त उप स्वास्थ्य केंद्र से आर एच ओ, सी एच ओ एवं सीएचसी के डाटा संबंधी स्टाफ उपस्थित रहे। 

बैठक में सिकल सेल स्क्रीनिंग, आई डी एसपी, एन सी डी, एच डब्लू सी, एन टी ई पी, एन एल ई पी समेत समस्त राष्ट्रीय कार्यक्रमों का समीक्षा किया। शिशु संरक्षण माह और पल्स पोलियो की जानकारी दी गई। बीपीएम, बीडीएम द्वारा आई डी एसपी, एन सी डी, एन एम एच पी, एच डब्लू सी पोर्टल में एंट्री संबंधी समस्याओं का निराकरण कर आवश्यक प्रशिक्षण दिया गया। आर एच ओ, सी एच ओ एवं सीएचसी  को एच डब्लू सी पोर्टल डेली मंथली, वैलनेस एक्टिविटी की एंट्री समय पर पूर्ण करने के लिए निर्देश दिए।

और भी

विवेक शुक्ला ने एसपी जांजगीर-चांपा का पदभार ग्रहण किया

 जांजगीर-चांपा: आईपीएस विवेक शुक्ला ने 17 फरवरी को जांजगीर-चांपा के नए पुलिस अधीक्षक का पदभार ग्रहण कर लिया। इस दौरान जिले के समस्त राजपत्रित अधिकारी व रक्षित निरीक्षक प्रदीप कुमार जोशी थाना प्रभारी जांजगीर, थाना प्रभारी चाम्पा, एवं कार्यलयीन स्टाफ उपस्थित रहे।

एसपी शुक्ला ने कार्यभार ग्रहण करने बाद सभी अधिकारियों को बेहतर पुलिसिंग करने निर्देशित किया।

और भी

29 फरवरी तक कर सकते हैं राशन कार्ड नवीनीकरण

ऑनलाइन राशनकार्ड नवीनीकरण की प्रक्रिया

दुर्ग: शासन से प्राप्त आदेशानुसार जिले में 25 जनवरी 2024 से राशनकार्डों का नवीनीकरण का कार्य प्रारंभ किया जा रहा है। नवीनीकरण आवेदन प्रस्तुत करने के 2 विकल्प है (अ) राशनकार्डधारी अपने एन्ड्रायड फोन से खाद्य विभाग के पोर्टल अथवा गूगल प्ले स्टोर से राशनकार्ड नवीनीकरण “सिटीजन एप“ डाउनलोड कर इन्सटाल कर सकते है।

एप ओपन करने पर स्क्रीन पर तीन विकल्प प्रदर्शित होंगे। पहला राशनकार्ड नवीनीकरण, दूसरा राशनकार्ड नवीनीकरण की स्थिति जांचे एवं तीसरा राशनकार्ड नवीनीकरण कैसे करें। राशनकार्ड नवीनीकरण आवेदन हेतु प्रथम विकल्य “राशनकार्ड नवीनीकरण“ चुनें। राशनकार्ड नवीनीकरण हेतु दो विकल्प राशनकार्ड में प्रदर्शित क्यू आर कोड स्कैन कर तथा राशनकार्ड नम्बर एवं राशनकार्ड में दर्ज मोबाईल नम्बर सत्यापन द्वारा दिखेंगे। क्यूआर कोड स्कैन अथवा मोबाईल नम्बर सत्यापित होने पर राशनकार्ड की ई-केवाईसी सहित अन्य जानकारियां प्रदर्शित होंगी। जानकारियों के नीचे अंकित घोषणा पत्र के बॉक्स में चयन कर राशनकार्ड नवीनीकरण आवेदन बटन को दबाना होगा। (जिन सदस्यों का ई-केवाईसी अपूर्ण है ऐसे सदस्यों का आधार एवं राशनकार्ड की प्रति संबंधित उचित मूल्य दुकान में जमा करें)। राशनकार्ड नवीनीकरण आवेदन स्वीकार होने पर स्क्रीन पर संदेश प्रदर्शित होगा। जो उपभोक्ता उपरोक्त कार्यवाही नहीं कर सकते, वे उपभोक्ता राशनकार्ड तथा सदस्यों का आधार, मूल प्रति एवं छायाप्रति के साथ अपने शास.उ.मू. दुकानदार से संपर्क कर उपरोक्त प्रक्रिया पूर्ण करा सकेंगे, किन्तु राशनकार्ड एवं मोबाईल नम्बर विकल्प से नवीनीकरण किये जाने की स्थिति में राशनकार्ड में संलग्न मोबाईल भी लेकर जाना होगा। राशनकार्ड नवीनीकरण की अवधि 25 जनवरी 2024 से 29 फरवरी 2024 तक राशनकार्डों में संशोधन, नाम जोड़ने, नाम काटवाने एवं नया राशन कार्ड बनाने का कार्य बंद रहेगा।

और भी

महतारी वंदन योजना के लिए हेल्पलाइन नंबर जारी

टोल फ्री नंबर 18002334448 पर फोन कर हितग्राही ले सकते हैं जानकारी

रायपुर: महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा महतारी वंदन योजना से संबंधित जानकारी और समस्या के समाधान के लिए राज्य स्तरीय कंट्रोल रूम की स्थापना की गई है, जिसका हेल्पलाइन नंबर 18002334448 है। इस टोल फ्री नंबर पर सुबह 10 बजे से शाम 6 बजे तक संपर्क किया जा सकता है।

राज्य स्तर पर महिला एवं बाल विकास विभाग को योजना के क्रियान्वयन के लिए नोडल विभाग बनाया गया है। विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार महतारी वंदन योजना के तहत राज्य शासन द्वारा ऑनलाइन एवं ऑफलाइन दोनों माध्यमों से आवेदन स्वीकार किए जा रहे हैं। आवेदन के लिए ऑनलाइन पोर्टल https://www.mahtarivandan.cgstate.gov.in  तथा मोबाइल एप्प बनाया गया है। ग्राम पंचायत, आंगनबाड़ी केंद्र, परियोजना कार्यालय व नगरीय निकायों में वार्ड स्तर पर शिविरों का आयोजन कर महिलाओं से आवेदन लिया जा रहा है। हितग्राहियों के लिए महतारी वंदन योजना के ऑनलाइन पोर्टल पर आवेदन पत्र की स्थिति ज्ञात करने की सुविधा भी प्रदान की गई है। इसकी सहायता से हितग्राही अपना रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर या आधार नंबर दर्ज कर अपने आवेदन पर की गई कार्यवाही के संबंध में जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।

और भी

सीएम साय 24 को करेंगे राजिम कुंभ कल्प मेला का शुभारंभ : बृजमोहन

रायपुर: राजिम कुंभ की शुरुआत होने से पहले राज्य सरकार ने कुंभ कल्प का लोगो लॉन्च कर दिया है। विधानसभा में इसकी जानकारी देते हुए सांस्कृतिक मंत्री बृजमोहन अग्रवाल ने लोगो प्रदर्शित किया। उन्होंने बताया कि 24 फरवरी को राजिम कुंभ कल्प का शुभारंभ होगा। यह शुभारंभ सीएम साय करने वाले हैं। कुंभ कल्प की शुरुआत होने के बाद 4 मार्च को संत समागम प्रारंभ होने जा रहा है। जिसे विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह शुरू करेंगे। वहीं 8 मार्च को यानी शिवरात्रि के दिन राजिम कुंभ का समापन हो जाएगा।


राजिम कुंभ में छत्तीसगढ़ी कलाकारों के साथ-साथ राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय कलाकार शामिल होंगे। यह कलाकार भजन गायन के जरिए राजीव कुंभ की महिमा को पूरे देश में फैलाएंगे। इसको लेकर मंत्री बृजमोहन अग्रवाल ने कहा कि, कांग्रेस इस देश में भ्रष्टाचार की जननी है। मोदी जी ने कहा है ना मैं खाऊंगा ना खाने दूंगा। इसलिए भ्रष्टाचार की जननी को समाप्त करना देश में सबसे ज्यादा जरूरी है।

कैबिनेट बैठक में लिया था फैसला
दरअसल, 9 फरवरी को बजट के बाद साय कैबिनेट की अहम बैठक हुई थी। इस बैठक में राजिम कुंभ कल्प मेले को फिर से शुरू करने का फैसला लिया गया था। राजिम पुन्नी मेला की जगह अब राजिम कुंभ कल्प मेला नाम कर गया है।

और भी

चुनावी बॉन्ड पर कोर्ट का निर्णय लोकतंत्र के लिए वरदान : पूर्व मुख्य चुनाव आयुक्त

नई दिल्ली: सुप्रीम कोर्ट ने चुनावी बॉन्ड को असंवैधानिक मानते हुए इस योजना को रद्द कर दिया है। इस निर्णय के उपरांत भारत के पूर्व मुख्य चुनाव आयुक्त एसवाई क़ुरैशी ने कहा कि पिछले 5-7 वर्षों में सर्वोच्च न्यायालय से हमें मिला यह सबसे ऐतिहासिक निर्णय है।

पूर्व मुख्य चुनाव आयुक्त ने कहा कि सुप्रीम कोर्ट का यह निर्णय लोकतंत्र के लिए एक बड़ा वरदान है। हम सभी पिछले कई वर्षों से इसके बारे में चिंतित थे। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र से प्यार करने वाले इसका विरोध कर रहे थे। मैंने खुद कई लेख लिखे और कई बार बात की। हमने जो भी मुद्दा उठाया था, फैसले में उसका निपटारा किया गया है।

चुनावी बॉन्ड के मुद्दे को सुप्रीम कोर्ट ले जाने वाली याचिकाकर्ता डॉ. जया ठाकुर का कहना है कि सूचना का अधिकार अधिनियम हमें दान के पैसे के बारे में पूछने का अधिकार देता है। यदि इसका खुलासा नहीं किया जाता है तो यह निश्चित रूप से उल्लंघन है।

उन्होंने कहा कि सुप्रीम कोर्ट का यह है फैसला हमारे लिए बड़ी जीत है। चुनावी बॉन्ड रद्द करने की हमारी मांग आज पूरी हो गई है। इस विषय पर सुप्रीम कोर्ट के वरिष्ठ अधिवक्ता और कांग्रेस सांसद विवेक तन्खा का कहना है कि इस निर्णय की देश को बहुत जरूरत थी। यह लोकतंत्र को ख़त्म करने की योजना थी और केवल एक सरकार के पक्ष में थी।

सुप्रीम कोर्ट के फैसले का स्वागत करते हुए शिव सेना (यूबीटी) का कहना है कि चुनावी बॉन्ड योजना के तहत यह छिपाया जाता था कि राजनीतिक दलों और सरकार को कहां से फंड मिल रहा है, लेकिन आज से चुनाव आयोग को सबकुछ बताना होगा। यह बहुत बड़ा फैसला है।

इस फैसले का स्वागत करते हुए कांग्रेस से राज्यसभा सांसद जयराम रमेश ने कहा कि सुप्रीम कोर्ट ने सरकार की काफ़ी प्रचारित-प्रसारित चुनावी बॉन्ड योजना को संसद द्वारा पारित कानूनों के साथ-साथ भारत के संविधान का भी उल्लंघन माना है।

चुनावी बॉन्ड को असंवैधानिक करार दिए जाने का फ़ैसला स्वागत योग्य है। यह नोटों पर वोट की शक्ति को मजबूत करेगा। इस फ़ैसले की प्रतीक्षा लंबे समय से की जा रही थी। सरकार 'चंदादाताओं' को विशेष तरह के अधिकार और छूट दे रही है, जबकि 'अन्नदाताओं' के साथ अन्याय पर अन्याय करती जा रही है।

जयराम रमेश ने कहा कि हमें यह भी उम्मीद है कि सुप्रीम कोर्ट इस बात पर भी ध्यान देगा कि चुनाव आयोग लगातार वोटर वेरिफिएबल पेपर ऑडिट ट्रेल (वीवीपैट) के मुद्दे पर राजनीतिक दलों से मिलने से इनकार कर रहा है। यदि मतदान प्रक्रिया में सब कुछ पारदर्शी और साफ़ है तो फिर समय न देने की ज़िद क्यों।

 
और भी

पंप तकनिशियन व अधिकारियों का ऊर्जा संरक्षण विषय पर एक दिवसीय प्रशिक्षण संपन्न

दुर्ग: भारत सरकार के ऊर्जा दक्षता ब्यूरो द्वारा नगरीय निकाय एवं लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के तकनिशियन व अधिकारियों को ऊर्जा संरक्षण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से ऊर्जा दक्ष पंपों के उपयोग हेतु संभाग स्तरीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन आज जिला पंचायत सभाकक्ष दुर्ग में किया गया। कार्यशाला में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी अश्वनी देवांगन तथा  विनायक नातू और राकेश साहू विशेष रूप से उपस्थित रहें। प्रशिक्षण कार्यक्रम में क्रेडा जोनल कार्यालय के अधीक्षण अभियंता भानु प्रताप के द्वारा संभाग स्तरीय नगरीय निकाय एवं लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के तकनिशियन व अधिकारियों को ऊर्जा संरक्षण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से ऊर्जा दक्ष पंपों के उपयोग हेतु प्रशिक्षण कार्यक्रम के महत्व को बताया गया। बडे़ नगरीय निकायों में पेयजल प्रदाय पंप व जल वितरण प्रणाली के बारे में विस्तृत जानकारी दी गई। इसे वर्तमान में उपयोग होने वाले स्टार रेटेड पंपों का उपयोग कर विद्युत की खपत को कम किया जा सकता है। जो ऊर्जा संरक्षण के क्षेत्र में प्रभावी महत्व को बताया गया। पंपों की क्षमता एवं जल वितरण प्रणालियों को नवीन टेक्नोलाजी का उपयोग कर पंप हाउस की दक्षता को बढ़ाया जा सकता है। पंपों एवं पाईप लाईन के रखरखाव में भी लागत को कम किया जा सकता है।

विनायक नातू द्वारा छत्तीसगढ़ शासन के द्वारा ऊर्जा संरक्षण के क्षेत्र में किये जा रहे विभिन्न प्रकार के कार्यक्रम प्रचार प्रसार व योजनाओं के बारे में जानकारी दी गई। छत्तीसगढ़ शासन के द्वारा ऊर्जा संरक्षण को बढावा देने के लिये नगरीय निकायों में सौर संयंत्र स्थापित किये जा रहे है और पेयजल हेतु पंपों में ऊर्जा दक्ष पंप एवं स्टार रेटिंग पंप का प्रयोग को बढ़ावा देने की आवश्यकता बताए हैं। इस वर्ष दुर्ग शहर को स्मार्ट सिटी के रूप में विकसित करने हेतु घरों में सौर संयंत्र स्थापित किये जाऐंगें जिससे कि आमजनों को बिजली के बिल में राहत मिलेगी। जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री अश्वनी देवागंन के द्वारा प्रशिक्षार्थियों को इस प्रकार की कार्यशाला के आयोजन में होने वाले लाभ के बारे में  बताया गया इस प्रकार के प्रशिक्षण में विभिन्न पंप निर्माता कंपनियों के प्रतिनिधियों के द्वारा ऊर्जा दक्ष पंप की स्थापना व रखरखाव की जानकारी दी जाती है, जो कि प्रशिक्षार्थियों के कार्यक्षेत्र के लिये उपयोगी सिद्ध होता हैं तथा प्रशिक्षार्थियों को कम समय में अधिक तकनीकी जानकारी प्राप्त होती है, जिसका उपयोग अपने कार्य को अधिक दक्षता से करने में सक्षम हो सके एवं सभी प्रशिक्षार्थियों को शुभकामनाएं दी गई।

प्रशिक्षण कार्यक्रम में उपस्थित ग्रुण्डफॉस पंप इंडिया प्रा.लि. के एस रमेश सिनियर मेनेजर चेन्नई व देबातोश मिश्रा सिनियर मेनेजर भुनेश्वर के द्वारा जल प्रदाय पंपों में नवीन टेक्नोलॉजी ऊर्जा दक्ष पंपों के साथ आईइ-5  पंप (वर्टिकल इनलाईन) नगरीय निकायों में प्रयोग होने वाले सबमर्सिबल पंप एवं वेस्टेज वॉटर पंप के संचालन संधारण के बारे में विस्तृत जानकारी प्रदान की गई। इन पंपों के सुरक्षा के लिये भी बहुत महत्वपूर्ण जानकारी प्रदान की गई। प्रशिक्षार्थियों को प्रदेश के विभिन्न नगरीय निकायों में उपयोग होने वाले पंपों के केस स्टडी के बारे में भी बताया गया।

इस प्रशिक्षण में नगरीय निकाय दुर्ग, भिलाई, चरोदा, रिसाली, कुम्हारी, सुपेला एवं लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग विकासखण्ड दुर्ग, पाटन, धमधा के पंप तकनीशियन के साथ साथ क्रेडा विभाग के भी पंप तकनीशियन एवं अधिकारी सम्मिलित हुए।

प्रशिक्षण के द्वितीय चरण में फिल्ड विजिट में नगर निगम भिलाई के 66 एम.एल.डी. प्लांट (जल शुद्धिकरण संयंत्र) में प्रशिक्षार्थियों को उपयोग होने वाले पंपों व जल शुद्धिकरण संयंत्र की विभिन्न प्रक्रियाओं एवं पंपों का जीवांत प्रदर्शन के बारे में नगर निगम भिलाई के अधीक्षण अभियंता संजय शर्मा एवं सहायक अभियंता ब्रिजेश श्रीवास्तव, उप अभियंता अर्पित बंजारे के द्वारा जानकारी प्रदान की गई।

प्रशिक्षण के सफल आयोजन में क्रेडा जिला कार्यालय के जिला प्रभारी संकेत द्विवेदी, कबीरधाम जिले से जिला प्रभारी धर्मेन्द्र लहरे, जिला प्रभारी राजनांदगांव पूर्णिमा गुप्ता, के अलावा जोनल कार्यालय के ऊर्जा संरक्षण प्रभारी नितेश बंछोर, हरीष श्रीवास्तव, श्रीमती तारिका दामले, वर्षा बघेल, हेमराज बंजारे, यामिनी देवांगन, दिनेश चंद्रा, श्रीमती सुचिता सोनी व अन्य अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहें।

 

 

और भी