मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी श्रीमती रीना बाबासाहेब कंगाले ने किया मतदान
मतदान प्रारंभ होने के 15 मिनट पहले ही पहुंच गई थीं मतदान केंद्र, सभी मतदाताओं से मतदान करने की अपील की
मतदान प्रारंभ होने के 15 मिनट पहले ही पहुंच गई थीं मतदान केंद्र, सभी मतदाताओं से मतदान करने की अपील की
रायपुर: दक्षिण क्षेत्र में पहले व दूसरे चरण के मतदान में रिकार्ड बनने के बाद अब मध्य व उत्तर क्षेत्र की बारी है। चार लोकसभा सीटों में 2019 के लोकसभा चुनाव की अपेक्षा मौजूदा वर्ष में रिकार्ड कायम हुआ है। अब बाकी सात सीटों पर भी मतदान का नया कीर्तिमान स्थापित होने की उम्मीद जताई जा रही है। पहले व दूसरे चरण के मतदान में 2.2 प्रतिशत की बढ़ोतरी दर्ज की गई थी। तीसरे चरण के सात सीटों पर 2019 के चुनाव में 71.14 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया था। लोकसभा चुनाव के दौरान प्रदेश की 11 लोकसभा सीटों पर लागू आचार संहिता के दौरान अब तक लगभग 121 करोड़ रुपये के सामानों की जब्ती हुई है। निर्वाचन कार्यालय के मुताबिक लोकसभा चुनाव-2019 में 11 सीटों पर लगभग 10.50 करोड़ के कीमत के सामानों की जब्ती की गई थी। एक जनवरी से 16 मार्च 2024 तक 66 करोड़ रुपये व 16 से मार्च से अब तक 55.18 करोड़ रुपये की जब्ती की गई है। अब तक कुल 121 करोड़ रुपये के कीमत के सामानों को निर्वाचन कार्यालय ने जब्त किए गए हैं। निर्वाचन अधिकारियों के मुताबिक प्रवर्तन एजेंसियों की कार्रवाई में अलग-अलग वस्तुओं में साड़ी, पायल, बिछिया, घड़ियां आदि सामान की जब्ती हुई है।
रायपुर: स्वामी आत्मानंद स्कूल योजना का नाम बदलने की भाजपा सरकार की योजना पर पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा है कि अगर ऐसा होता है तो यह दुर्भाग्यजनक होगा और ऐसा करके भाजपा समाज में ग़लत संदेश देगी और बाद में पछताएगी। उन्होंने कहा कि राजनीतिक व्यक्तियों के नाम से चल रही योजनाओं का नाम बदलना भाजपा की फितरत रही है पर छत्तीसगढ़ के एक विश्वविख्यात संत और आध्यात्मिक व्यक्ति के नाम पर चल रही योजना का नाम बदलने से पता चलता है कि अब भाजपा को संतों और धार्मिक व्यक्तियों से भी दिक्कत होने लगी है।
उन्होंने कहा है कि स्वामी विवेकानंद का रायपुर से नाता रहा है और इसीलिए स्वामी आत्मानंद ने छत्तीसगढ़ में रामकृष्ण परमहंस और स्वामी विवेकानंद भावधारा का प्रचार प्रसार करने का फ़ैसला किया था. समाजसेवा को उन्होंने सर्वोच्च प्राथमिकता दी थी. श्री बघेल ने कहा कि जब छत्तीसगढ़ में भीषण सूखा पड़ा था तब उन्होंने मंदिर निर्माण के लिए एकत्रित दान राशि को सूखा राहत कार्यों में लगाने का फ़ैसला किया था. वे जीवनपर्यंत स्वामी विवेकानंद के ‘दरिद्र नारायण’ की अवधारणा का पालन करते रहे और रामकृष्ण मिशन विवेकानंद आश्रम के माध्यम से ग़रीबों और ज़रूरतमंदों की सहायता करते रहे।
भाजपा के नेताओं को भूपेश बघेल ने सलाह दी है कि वे चाहें को नाम बदलने से पहले पूर्व मुख्यमंत्री व वर्तमान विधानसभा अध्यक्ष डॉ रमन सिंह से भी चर्चा कर लेनी चाहिए क्योंकि डा सिंह विवेकानंद आश्रम के हॉस्टल में रह चुके हैं और स्वामी आत्मानंद के सानिध्य में रहे हैं।
भूपेश बघेल ने कहा है कि भले ही नाम बदलने की राजनीति भाजपा की विरासत में है पर स्वामी आत्मानंद के नाम पर बनी योजना का नाम बदलने से पहले उन्हें विचार कर लेना चाहिए कि इस निर्णय से छत्तीसगढ़ की जनता की भावना किस तरह आहत होगी और भाजपा को बाद में पछताना होगा।
कोरबा: कोरबा जिले में लोकतंत्र का महापर्व 7 मई को मतदान प्रारंभ होने के साथ शुरू हो जाएगा। इस पर्व की तैयारी को लेकर सोमवार सुबह से ही मतदान दल अपने-अपने मतदान केद्रों की ओर बसों से रवाना हुई। कोरबा जिले के चार विधानसभा में से दो विधानसभा कोरबा और रामपुर के लिए मतदान दल आईटी कॉलेज झगरहा तथा पाली-तानाखार एवं कटघोरा विधानसभा के लिए शासकीय मुकुटधर कॉलेज कटघोरा से मतदान दल बसों से रवाना हुई।
कलेक्टर अजीत वसंत, पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी, निगम आयुक्त श्रीमती प्रतिष्ठा ममगाई ने कोरबा विधानसभा क्षेत्र के मतदान केंद्रों के लिए रवाना हो रही महिला मतदान दल के बसों को हरी झण्डी दिखाकर रवाना किया। इस दौरान उन्होंने बस पर चढ़कर महिला मतदान दलों को ऑल द बेस्ट कहकर लोकतंत्र के इस महापर्व में शामिल होने पर बधाई एवं शुभकामनाएं दी और उनका उत्साहवर्धन किया। आईटी कॉलेज से अपने दल में ईवीएम के साथ बसों में रवाना होती महिलाओं में मतदान कराने का न सिर्फ उत्साह था अपितु चेहरे पर मुस्कान के साथ लोकतंत्र के पर्व में शामिल होने और भागीदार बनने की खुशी भी थी।
कोरबा लोकसभा अंतर्गत कोरबा विधानसभा के 249 मतदान केंद्रों सहित जिले के अन्य 30 संगवारी केद्रों में महिला मतदान दलों द्वारा मतदान कराया जाएगा। कोरबा जिले में कलेक्टर अजीत वसंत के नेतृत्व में पहली बार महिलाओं को कोरबा विधानसभा में सम्पूर्ण मतदान केंद्र के लिए जिम्मेदारी दी गई है। निर्वाचन कार्य में जिम्मेदारी मिलने पर खुद को बहुत गौरवान्वित महसूस करते हुए महिला मतदान दल के कर्मचारियों ने खुशी जताई है। ईवीएम के साथ मतदान केंद्र के लिए रवाना होती मतदान अधिकारी श्रीमती नेहा सिंह ने बताया कि हम महिलाएं सभी प्रकार के कार्य कर सकती हैं। निर्वाचन आयोग ने जो जिम्मेदारी दी है उसे भी पूरा करेंगे। उन्होंने कहा कि बहुत पहले कई देशों में महिलाओं को मतदान करने का अधिकार नहीं था, आज हम जैसी महिलाओं को मतदान कराने की जिम्मेदारी भी मिलने लगी है। इससे हम सभी को खुशी के साथ गर्व भी महसूस होता है।
पीठासीन अधिकारी के रूप में मतदान केंद्र के रवाना होती खुशबू खान ने बताया कि मेरी पहली बार ड्यूटी लगी है, इस कार्य को करने में किसी प्रकार का संकोच नहीं है। बहुत खुशी की बात है कि हमें यह जिम्मेदारी मिली है और इस जिम्मेदारी को पूरा करेंगे। पीठासीन अधिकारी के रूप में श्रीमती एम. धनलक्ष्मी ने बताया कि वह तीसरी बार निर्वाचन कार्य करने जा रहीं हैं। इस कार्य से उन्हें गर्व की अनुभूति होती है। उन्होंने कहा कि आज महिलाएं सभी क्षेत्रों में काम कर सकती हैं। निर्वाचन का दायित्व जिम्मेदारी और गंभीरता से जुड़ा हुआ है। हम सभी इसे गंभीरता और जिम्मेदारी के साथ में निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशानुसार संपादित करेंगे। मतदान अधिकारी के रूप में श्रीमती हेमलता राठौर, ममता यादव, अलखनंदा दत्ता, अभिलाषा विश्वकर्मा, श्रीमती कल्पना लहरे तथा सुरक्षा डयूटी में आई प्रतिभा राय सहित अन्य महिलाओं ने कहा कि हम सभी महिलाएं बहुत ही उत्साहित हैं कि महिला टीम इतनी बड़ी जिम्मेदारी का काम करने जा रहीं हैं, यह सब कोरबा जिले के गर्व की बात है। उन्होंने कहा कि महिलाएं किसी से कम नहीं हैं, हमें जो जिम्मेदारी मिली है उसे पूरा करके बताएंगे। सभी महिलाओं ने लोकतंत्र के इस पर्व में खुद की भागीदारी पर खुशी जताई है।
लोकसभा निर्वाचन 2024 अंतर्गत कोरबा में मतदान 7 मई को प्रातः 7 बजे से शाम 6 बजे तक होना है। कोरबा लोकसभा के अंतर्गत कोरबा विधानसभा सीट में इस बार मतदान कराने के लिए जिन अधिकारी-कर्मचारियों की डयूटी लगाई गई है, उनमें सभी महिलाएं शामिल है। कोरबा विधानसभा के 249 बूथों पर लगभग 1150 महिला कर्मचारी होंगी। इसके साथ ही 69 माइक्रों आब्जर्वर, अनेक सेक्टर अधिकारी, सुरक्षा की जिम्मेदारी भी महिलाओं के हाथों सौंपी गई है। जिले के अन्य तीन विधानसभा में 10-10 संगवारी मतदान केंद्र भी बनाएं गए हैं। इन संगवारी मतदान केंद्रों में भी कुल 180 महिलाओं की ड्यूटी लगी है।
राजिम: राजिम थाना क्षेत्र के दुतकैया ग्राम में स्थित शिवालय को 30 अप्रैल की रात कुछ असमाजिक तत्वों ने न केवल खंडित किया था, बल्कि उस पर शराब भी उड़ेल दी थी। शिवालय तोड़ने वाले असली गुनहगारों को गिरफ्तार करने की मांग को लेकर हिंदू संगठन ने शनिवार को राजिम में नेशनल हाईवे जाम किया। विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल के सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने पंडित श्यामाचरण शुक्ल में एकत्रित होकर नेशनल हाइवे 130 सी को जाम कर दिया। जाम के चलते दोनो छोर में वाहनों की लंबी कतार लग गई। इसकी जानकारी मिलते ही एसडीएम अर्पिता पाठक और पुलिस अफसर मौके पर पहुंचकर अब तक हुई कार्रवाई से अवगत कराया। बाकी आरोपियों को जल्द गिरफ्तारी करने का भरोसा दिलाया, जिसके बाद जाम को बहाल किया गया।
मिली जानकारी के अनुसार, 1 मई की सुबह लगते ही ग्रामीण बोधन साहू ने मामले की शिकायत राजिम थाने में की थी। राजिम पुलिस ने 295 भादवी के तहत मामला पंजीबद्ध कर मामले की जांच शुरू कर दिया। पुलिस ने अगले दिन अहमद खान नाम के आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू किया। जिसमें आरोपी ने एक नाबालिग और अन्य समेत 3 लोग मिलकर घटना को अंजाम देने की बात स्वीकार की थी। जिसके बाद पुलिस ने एक आरोपी को 3 मई को जेल दाखिल करा दिया। एक नाबालिग समेत सफी खान नाम का आरोपी पुलिस गिरफ्त से बाहर था। लेकिन कहा जा रहा है कि, इसे भी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
हिंदू संगठनों के पदाधिकारियों ने लगाया खानापूर्ति का आरोप
इधर हिंदू संगठनों के पदाधिकारी शिशुपाल सिंह राजपूत और गौरीशंकर कश्यप ने कहा कि, घटना के असली गुनहगारों को नही पकड़ा गया है। बल्की जो आदतन आरोपी है, जिसे दूसरे वारदात में गिरफ्तारी किया जाना था। उसकी गिरफ्तारी कर खाना पूर्ति का आरोप लगाया गया है। इस मामले में फिलहाल अभी पुलिस कुछ भी कहने से बच रही है।
धमतरी: जिले के नगरी-सिहावा क्षेत्र के जंगल में 25-28 सदस्यीय सिकासेर दल के हाथी विचरण कर रहे हैं। तेंदूपत्ता तोड़ने केरेगांव वन परिक्षेत्र के जंगल में गई ग्राम ग्राम डोकाल निवासी सुरेखा बाई 42 वर्ष को हाथी ने पटक-पटक कर मार डाला। इन दिनों जिले में तेंदूपत्ता संग्रहण का कार्य चल रहा है, इसलिए वनांचल के ग्रामीण तेंदूपत्ता तोड़ने जंगल जा रहे हैं। इस घटना से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। यह हाथी शाम के बाद केरेगांव के जंगल से नरहरा होकर सिंगपुर के जंगल पहुंच गया है।
केरेगांव के जंगल में दो मई की सुबह दल से बिछड़ा एक हाथी ग्राम पंडरीपानी से पालावाड़ी की ओर आगे बढ़ रहा था। दो मई की सुबह तेंदूपत्ता तोड़ने जंगल गई ग्राम डोकाल निवासी सुरेखा बाई का सामना इस हाथी से हो गया। महिला को देखते हमला कर हाथी ने उसे पटक- पटक कर मार डाला। महिला अपने पति और गांव वालों के साथ सुबह पांच बजे जंगल गई थी। 7.30 बजे हाथी ने उस पर पर हमला कर दिया। सुरेखा की मौके मौत हो गई।
सूचना मिलने के बाद केरेगांव पुलिस और वन विभाग टीम ने वहां पहुंची। शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम कराया। उल्लेखनीय है कि धमतरी वनमंडल के नगरी परिक्षेत्र के ग्राम तुमबाहरा, चारगांव, मटियाबाहरा, भैंसामुड़ा, गजकन्हार, बिलभदर, डोंगरडुला, कल्लेमेटा के जंगल में भ्रमण करते हुए 12 से 15 सदस्यीय हाथियों का दल केरेगांव वन परिक्षेत्र की ओर आगे बढ़ रहा था।
निगरानी दल ने गांवों में मुनादी करवाकर ग्रामीणों को सचेत रहने समझाईश दी थी। सिकासेर दल के 25 से 28 हाथियों का दल संबलपुर, आमाली, गोरेगांव, फरसियां के जंगल में भ्रमण करते हुए देखे गए थे। अब ये हाथी फरसियां से आगे बढ़कर छिपली, खुदुरपानी, निर्राबेड़ा के जंगल में पहुंच गए हैं।
10 से अधिक लोगों को कुचलकर मार चुके हाथी
धमतरी जिले में अब तक हाथियों ने 10 से अधिक लोगाें को कुचल कर मार चुके हैं। गंगरेल बांध के डूबान क्षेत्र में हाथियों के हमले से पहली मौत विश्रामपुर निवासी संजू मंडावी की हुई। इसके बाद 29 सितंबर 2022 को सिलतरा के पास चनागांव निवासी प्रियेश नेताम की माैत हुई। उसका दोस्त संदीप कुंजाम गंभीर रूप से घायल हो गया। बिरनासिल्ली निवासी कमार युवती सुक बाई, पाइकभाठा निवासी भूमिका मरकाम,पांवद्वार निवासी बुधलाल, पारधी में सुखमा बाई कमार की मौत हो चुकी है। अप्रैल 2020 में नगरी निवासी सिमरन साहू 11 वर्ष अपने पिता शेखर साहू के साथ महुआ बीनने नगरी रेंज के तुमबाहरा के जंगल गई थी। महुआ बिन रही थी, तभी हाथी आ गया। हाथी को देखकर लड़की व पिता भागने लगे, लेकिन लड़की हाथी की चपेट में आ गई। हाथी ने छात्रा को कुचल कर मार डाला। भालुचुआ गांव के कमारपारा निवासी कमला बाई को हाथियों ने पटक-पटक कर मारा डाला था।
28 हजार मजदूर तेंदूपत्ता संग्रहण में लगे
जिले में तेंदूपत्ता संग्रहण के लिए 26 हजार 800 मानक बोरा का लक्ष्य रखा गया है। 27 समितियों के अंतर्गत 238 फड़ हैं। जहां 238 गांवों के लोग तेंदूपत्ता संग्रहण करेंगे। अधिकांश जगहों में दो मई गुरूवार से तोड़ाई और संग्रहण कार्य शुरू हुआ। मजदूरों को प्रति मानक बोरा 5500 रुपये के हिसाब से मजदूरी दी जायेगी।
रायपुर: छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने दो टूक कह दिया है कि नक्सलियों और भ्रष्टाचारियों की उनकी सरकार में खैर नहीं है। भ्रष्टाचारी पूर्व मुख्यमंत्री हो या आम आदमी, गलत किया है तो जेल जाना ही पड़ेगा। मुख्यमंत्री साय ने मीडिया से बातचीत में उक्त बातें कही।
उन्होंने कहा कि 2018 विधानसभा चुनाव के समय कांग्रेस पार्टी ने लोकलुभावन जन घोषणा पत्र जारी किया था। जिसमें 36 वादे थे, उनको पूरा समय मिला सरकार चलाने का लेकिन एक भी वादा पूरा नहीं कर पाए। साथ ही पांच वर्षों में कांग्रेस पार्टी ने छत्तीसगढ़ को अपराध और भ्रष्टाचार का गढ़ बना दिया था। कोयला, बालू, शराब, डीएमएफ राशि में घोटाला जैसे बहुत से घोटाले कर जनता के विश्वास से उतर चुकी थी। भाजपा के सभी कार्यकर्ताओं ने शीर्ष और प्रदेश नेतृत्व के आह्वान पर एकजुट होकर काम किया जिसके कारण हमें अच्छी सफलता मिली।
नक्सलियों के खिलाफ चल रहे अभियान पर सीएम साय ने कहा कि इसका श्रेय तो डबल इंजन सरकार को जाता है। जिसके तहत हम मजबूती से लड़ पाए हैं और केंद्र से बहुत सहयोग भी मिला है। प्रधानमंत्री और गृह मंत्री ने नक्सलवाद खत्म करने का संकल्प लिया है। प्रदेशवासियों ने देखा है कि पिछले चार महीने में लगातार नक्सली मारे जा रहे हैं, आत्मसमर्पण भी कर रहे हैं और ये बड़ी सफलता हमारे सैनिकों को मिल रही हैं।
शुक्रवार को रायपुर पश्चिम रायपुर उत्तर विधानसभा में करेंगे रोड शो।
रायपुर: रायपुर लोकसभा प्रत्याशी विकास उपाध्याय ने गुरुवार को रायपुर ग्रामीण विधानसभा मे विशाल रोड शो किया। विधानसभा के अंतर्गत आने वाले सभी ब्लॉकों में गांव में रोड शो के माध्यम से कांग्रेस के पक्ष में वोट अपील की। उन्होंने रायपुर ग्रामीण के अंतर्गत आने वाले कबीर नगर वाल्मिकी आवास से रोड शो की शुरुआत की जो सोनडोंगरी गोगांव गोंदवारा भानपुरी मोवा दलदल सिवनी सड्डू अवंती विहार लाभांडी पुराना अमलीडीह लालपुर कृष्णा नगर बोरियाखुर्द डुंडा देवपुरी डुमरतराई में ख़त्म हुआ।
जगह-जगह रोड शो का कार्यकर्ताओं ने भव्य स्वागत किया,आतिशबाजियों फूल मालाओं के साथ विकास उपाध्याय का स्वागत किया। जगह-जगह महिलाओं ने रायपुर लोकसभा प्रत्याशी विकास उपाध्याय का आरती उतार कर उनका अभिनंदन किया। रोड शो के दौरान ग्रामीण विधानसभा के अंतर्गत आने वाले दो ब्लाकों में कर्यकर्ताओं की बैठके भी ली। चौक चौराहे में सभा के माध्यम से लोगों को संबोधित भी किया। विकास उपाध्याय ने कहा कि देश में लगातार महंगाई,बेरोजगारी बढ़ती जा रही है आम जनता महंगाई से त्रस्त है मोदी सरकार ने 100 दिन में महंगाई कम करने की बात कही थी लेकिन वह इस मुद्दे पर विफल रही,घरेलू महिलाएं महंगाई के नाम से परेशान हैं जिसको ध्यान में रखते हुए कांग्रेस पार्टी ने महालक्ष्मी नारी न्याय गारंटी की घोषणा की है जिसमें केंद्र में कांग्रेस की सरकार बनते ही महिलाओं को ₹8333 की आर्थिक सहायता दी जाएगी जिनसे उनकी स्थिति में सुधार आएगी और महंगाई से राहत भी मिलेगी।
इस दौरान उनके साथ पंकज शर्मा महापौर नंदलाल देवांगन कृपाराम निषाद सहदेव व्यवहार माधव साहू प्रमोद मिश्रा हेमंत पटेल विजय टंडन जीत सिंह केशव सिंह विनोद कश्यप कमलेश मिश्रा अशरफ सोनू शर्मा कमलेश मिश्रा सहित सैकड़ो कार्यकर्ता उपस्थित थे।
रायपुर लोकसभा प्रत्याशी विकास उपाध्याय शुक्रवार को शाम 4 बजे पश्चिम एवं उत्तर विधानसभा मे रोड शो करेंगे।रोड शो की शुरुआत टाटीबंध से होगी जो आमनाका पेट्रोल पंप डगनिया रायपुरा सुंदर नगर स्वीपर कॉलोनी जी ई रोड राजकुमार कॉलेज चौबे कॉलोनी समता कॉलोनी अग्रसेन चौक कबीर नगर चौक रामनगर खालबाड़ा पहाड़ी चौक मंगल बाजार शुक्रवारी बाजार गुढ़ियारी हनुमान मंदिर अवधपुरी मैदान दुर्गा चौक पैराडाइज होटल खमतराई फ़ाफ़ाडीह देवेंद्र नगर नई मंडी पंडरी अवंती बाई चौक शंकर नगर टर्निंग प्वाइंट कैनाल रोड होते हुए तेलीबांधा श्याम नगर छत्तीसगढ़ क्लब मोती बाग शास्त्री चौक काफी हाउस जयस्तंभ चौक शारदा चौक एमजी रोड रामसागर पारा तात्यपारा आजाद चौक से होते हुए गांधी पुतला के पास रोड शो का समापन किया जाएगा।जिसमें कांग्रेस के तमाम नजन उपस्थित रहेंगे।
रायपुर: लोकसभा चुनाव सिर पर है। चार दिनों के बाद तीसरे चरण में रायपुर लोकसभा के लिए मतदान होना है। लेकिन चुनावी परीक्षा में अफसरों से लेकर माइक्रो आब्जर्वर तक फेल होते नजर आ रहे हैं। दरअसल, लोकसभा चुनाव में मतदान केंद्रों की कमान संभालने वाले मतदानकर्मियों का चार दिन का प्रशिक्षण कार्यक्रम दो चरणों में पूरा हो चुका है। तकरीबन साढ़े आठ हजार पोलिंग अफसरों को प्रशिक्षण देने के बाद परीक्षा ली गई। इसमें 827 अफसर फेल हो गए हैं, जिसमें माइक्रो आब्जर्वर सहित कई अन्य अफसर शामिल हैं। आयोग द्वारा इस बार मतदानकर्मियों की आनलाइन परीक्षा लेकर योग्यता की जांच की गई।
इसमें वस्तुनिष्ठ प्रश्नों के चार विकल्पों में से सही उत्तर चुनना था। परीक्षा सबमिट होने के बाद रिजल्ट भी दिया गया है। ट्रेनिंग के बाद हुई परीक्षा में 8,483 पोलिंग अफसर शामिल हुए थे। अभी तक दो चरणों की प्रक्रिया में पोलिंग अफसर और माइक्रो आब्जर्वर समेत 827 लोग फेल हो गए हैं। चुनाव से पहले चुनाव आयोग ने नियुक्त किए गए रिटर्निंग और सहायक रिटर्निंग अधिकारियों को ट्रेनिंग दी। वहीं, परीक्षा में पोलिंग अफसरों के साथ ही माइक्रो आब्जर्वर को शामिल किया गया था। इस दौरान 234 माइक्रो आब्जर्वर शामिल हुए, जिनमें से 19 फेल हो गए हैं।
उनके डाउट क्लियर कर फिर ट्रेनिंग दी गई है। परीक्षा में चुनाव से जुड़ी गतिविधियों को लेकर सवाल पूछे गए थे। इस परीक्षा में पास होना अनिवार्य किया गया है। जिन अफसरों का मूल्यांकन कम आया उन्हें फिर से परीक्षा देकर पास होना होगा। परीक्षा में मतदाता सूची पुनरीक्षण के कार्यों से लेकर नाम जोड़ने और हटाने की प्रक्रिया पर भी सवाल किए गए थे। इसके अलावा इलेक्ट्रानिक वोटिंग मशीन, बैलेट पेपर, मतदान केंद्रों के निर्धारण, स्वीप गतिविधियां, दिव्यांगजनों से वोटिंग कराने का फार्मूला, मतदान और मतगणना केंद्रों पर कर्मचारियों की तैनाती व सुरक्षा व्यवस्था, विवाद की स्थिति में अपनाई जाने वाली प्रक्रिया की जानकारी मांगी गई थी।
रायपुर: विष्णु सरकार ने राज्य के मीसा बंदियों की पेंशन फिर से शुरू कर दी है। विष्णुदेव सरकार ने कुछ महीने पहले ही पेंशन फिर से शुरू करने की घोषणा की थी। इस पर अमल करते हुए सरकार ने पेंशन की राशि जारी कर दी है। राज्य सरकार की तरफ से न केवल पेंशन जारी किया गया है बल्कि 5 साल का बकाया भुगतान भी किया जा रहा है। इसके लिए करीब साढ़े 35 करोड़ रुपये जिलों को जारी किए गए हैं।
स्वस्थ लोकतंत्र के लिए मतदान जरूरी साथ ही मतदाताओं का जागरूक होना भी आवश्यक
एक सौ से ज्यादा आईएमए डॉक्टरों ने लिया फैसला
बिलासपुर: मतदान करने वाले लोगों को इलाज शुल्क (ओपीडी) में आधी छूट दी जायेगी। मतदान के दूसरे दिन 8 मई को यह छूट मिलेगी। इण्डियन मेडिकल एसोसिएशन (आईएमए) ने स्वीप अभियान में हिस्सेदारी निभाते हुए इस आशय का निर्णय लिया है। एक सौ से ज्यादा संघ के सदस्यों ने अपने अस्पतालों में छूट दिये जाने पर सहमति जताई है। संघ के प्रतिनिधि मण्डल ने जिला कलेक्टर अवनीश शरण से मुलाकात कर इस निर्णय से अवगत कराया। उन्होंने इस आशय का कलेक्टर को ज्ञापन भी सौंपा। कलेक्टर ने आईएमए के इस निर्णय की सराहना करते हुए ओपीडी शुल्क में आधी छूट के लिए धन्यवाद दिया है। उन्होंने कहा कि इससे लोग मतदान के लिए प्रेरित होंगे और विशेषकर शहरी इलाकों में मतदान प्रतिशत बढ़ेगा। लाभ पाने के लिए उन्हें अमिट स्याही लगे उंगली और सेल्फी युक्त फोटो दिखाना होगा। इस अवसर पर एसपी रजनेश सिंह, निगम आयुक्त अमित कुमार, सीएमएचओ डॉ. प्रभात श्रीवास्तव सहित आईएमए के अध्यक्ष डॉ. अखिलेश देवरस, सचिव डॉ. सौरभ लुथरा सहित आईएमए के पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित थे। उन्होंने शतप्रतिशत मतदान के लिए संकल्प भी लिया और सभी से मतदान करने की अपील भी की है।
रायपुर: भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश प्रभारी नितिन नबीन ने कोरबा में आयोजित संवाददाता सम्मलेन को संबोधित करते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ में आज जो वातावरण है कहीं न कहीं आज मोदी मय वातावरण दिख रहा है। आज पूरे वातावरण में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के काम और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की गारंटी लोगों की जुबान पर हैं। पहली बार छत्तीसगढ़ पूरी तरह से कीर्तिमान रचेगा और छत्तीसगढ़ की सभी 11 सीटें कमल के रूप में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की झोली में जाएगी। आज छत्तीसगढ़ के सभी लोकसभा क्षेत्र में हमने भ्रमण किया है और सभी जगहों में हम मजबूत हैं और जिस प्रकार से माहौल है उसे देखकर लग रहा है कि जिस तरह से हमें 2023 के विधानसभा चुनाव में जो समर्थन मिला उससे और अधिक इस बार भी भारतीय जनता पार्टी को समर्थन मिल रहा है।
नितिन नबीन ने प्रदेश की पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार के भ्रष्टाचार के बारे में चर्चा करते हुए कहा कि जिस प्रकार से यहां भ्रष्टाचार हुए हैं यहां के लोगों के जहन में अभी भी है। जिस प्रकार से कांग्रेस और चरण दास महंत और उनके जो समर्थक है वह भी कहीं ना कहीं भ्रष्टाचार में संयुक्त पाए गए हैं। वे सब करप्शन में भूपेश बघेल के शागिर्द बने रहे चाहे शिव डहरिया हो या फिर चरणदास महंत हो। इन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लिए अपमानजनक शब्दों का प्रयोग एवं अभद्र टिप्पणियां की है। आज जनता उनको जवाब देने के लिए खड़ी है चाहे जांजगीर लोकसभा क्षेत्र हो या फिर कोरबा जनता उन्हें जवाब देने के लिए तैयार है।
भाजपा प्रदेश प्रभारी नितिन नबीन ने पत्रकारों द्वारा पूछे गए सवाल के जवाब में कहा कि भूपेश बघेल की सीट बच रही हैं क्या? दावा कर सकते हैं। महंत जी की लाठी ने डबल प्रहार किया है जो खेल खेला है जनता तो उसका जवाब दे रही है और महंत ने भूपेश बघेल से अपनी पुरानी दुश्मनी का हिसाब कर लिया है। एक अन्य सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि जिसने सनातन परंपराओं पर चोट पहुंचाई सनातन धर्म का अपमान किया कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष के पुत्र के विरोध में कांग्रेसियों ने कुछ नहीं बोला। आज उनको शिव का अवतार बनने की इच्छा हो रही हैं उस समय टोपी पहनने बेताब थे। कांग्रेसी नेता राम को हराएंगे बोलते हैं भगवान श्री राम एक परंपरा है भारत की संस्कृति है भारत का संस्कार है। त्रेता में भगवान राम ने रावण को हराया था और इस समय कलयुगी रावणों की हार होगी।
पत्रकार वार्ता में पूर्व विधायक अकलतरा सौरभ सिंह, प्रदेश मीडिया सह प्रभारी अनुराग अग्रवाल भी मौजूद रहे।
रायपुर: छत्तीसगढ़ में तेज धूप की वजह से भीषण गर्मी पड़ रही है। आने वाले दिनों में तापमान में बढ़ोतरी होगी। प्रदेश में आ रहे नमी हवाओं का असर खत्म हो चुका है। इससे मौसम शुष्क रहेगा। इससे तेज धूप के साथ गर्म हवाएं चलने की संभावना है। प्रदेश के आठ जिलों में अधिकतम तापमान 40 डिग्री से पार है। कई जगहों पर पारा 42 और 43 डिग्री तक पहुंच चुका है।
मौसम विभाग के अनुसार, प्रदेश में आगामी पांच दिनों में अधिकतम तापमान में दो से तीन डिग्री सेल्सियस बढ़ाने की संभावना है। इसके बाद तापमान में कोई परिवर्तन की संभावना नहीं है। मौसम एक्सपर्ट का कहना है कि बंगाल की खाड़ी से आ रही नमी हवाओं का असर छत्तीसगढ़ में खत्म हो चुका है। इससे प्रदेश में मौसम शुष्क रहेगा। तेज दूध के साथ भीषण गर्मी पड़ने की संभावना है।
प्रदेश में मौसम का मिजाज कुछ दिनों तक ऐसे ही रहने की संभावना है। अभी मौसम में कोई विशेष परिवर्तन होने की संभावना नहीं है। बीते दिनों प्रदेश में एक-दो जगह पर हल्की बारिश दर्ज की गई है। कटेकल्याण और जगदलपुर में बारिश होने की वजह से तापमान में थोड़ी सी गिरावट आई है। इन जगहों पर भी आज सुबह से तेज धूप निकली हुई है।
प्रदेश में सबसे गर्म डोंगरगढ़ रहा है। यहां सर्वाधिक अधिकतम तापमान 43.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं सबसे कम न्यूनतम तापमान नारायणपुर में 21 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। राजधानी रायपुर में सुबह से ही तेज धूप के साथ भीषण गर्मी पड़ रही है। यहां अधिकतम तापमान 42 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 28.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है।
प्रदेश में इन दिनों तेज धूप के साथ भीषण गर्मी पड़ रही है। साथ ही अधिकतम तापमान 43 डिग्री तक पहुंच चुका है। डोंगरगढ़ में 43.4 डिग्री सेल्सियस, रायपुर में 42 डिग्री, माना एयरपोर्ट में 41.5 डिग्री, बिलासपुर में 42.4 डिग्री, पेंड्रा रोड में 40.4 डिग्री, अंबिकापुर में 40.5 डिग्री, दुर्ग में 42.4 डिग्री और राजनांदगांव में 42 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान दर्ज किया गया है।
ध्वजारोहण, प्रभु भक्ति में शामिल होने की स्वीकृति प्रदान की
रायपुर: मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने मंगलवार को सीमंधर स्वामी जैन मंदिर व जिनकुशल सूरि जैन दादाबाड़ी के ध्वजारोहण व जन्मकल्याणक महोत्सव की पत्रिका का विमोचन किया। इस अवसर पर दादाबाड़ी ट्रस्ट के अध्यक्ष संतोष बैद , महासचिव महेन्द्र कोचर , ट्रस्टी द्वय जय सांखला व योगेश बंगानी ने गुलाब फूल से मुख्यमंत्री का स्वागत किया।
इस अवसर पर ट्रस्ट की ओर से शाल ओढ़ाकर मुख्यमंत्री का अभिनंदन किया गया और पत्रिका व श्रीफल से मुख्यमंत्री को ध्वजारोहण कार्यक्रम में 2 व 3 मई के लिए आमंत्रित किया गया। मुख्यमंत्री साय ने रात्रिकालीन प्रभु भक्ति में सम्मिलित होने की स्वीकृति प्रदान की। ट्रस्ट के अध्यक्ष संतोष बैद व महासचिव महेन्द्र कोचर ने मुख्यमंत्री साय को जैन गौशाला की स्थापना संबंधित जानकारी भी दी। मुख्यमंत्री ने जैन गौशाला हेतु हरसंभव मदद की बात कही।
मोहला: कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी एस जयवर्धन की अध्यक्षता में जिला स्तरीय पुनर्वास समिति की बैठक जिला कार्यालय मोहला मानपुर अंबागढ़ चौकी के सभा कक्ष में आयोजित किया गया। बैठक में मुख्य बिंदु नक्सल पीड़ित व्यक्तियों, परिवारों, आत्मसमर्पित नक्सलियों को समाज की मुख्य धारा में जोड़े जाने के उद्देश्य से सुरक्षा एवं पुनर्वास के लिए तथा नक्सली घटना में मृत व्यक्ति के परिवारों के सदस्य को शासकीय नौकरी अथवा आर्थिक सहायता प्रदान करने पुनर्वास करने के साथ-साथ पीड़ित परिवार के बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, बेहतर आवास, एवं दैनिक मूलभूत सुविधा उपलब्ध कराये जाने के संबंध में चर्चा किया गया। संबंधित कार्यों के क्रियान्वयन व निराकरण के संबंध में विभागीय अधिकारीयों द्वारा विस्तृत समीक्षा किया गया। बैठक में जिले के पुनर्वास समिति द्वारा नक्सल पीड़ितों के आश्रितों एवं उनके परिवार के लोगों के कल्याण के लिए आगे की कार्यवाही राहत राशि एवं उनके पुनर्वास के लिए समिति द्वारा निर्णय लिया गया। बैठक में समिति द्वारा जिले में 4 अप्रैल 2024 को ग्राम पीटेमेटा निवासी प्रेम सिंह घावड़े की नक्सली घटना में मृत्यु होने पर उनके आश्रित श्रीमती दसाय बाई उम्र 25 को नक्सल पीड़ित राहत एवं पुनर्वास योजना के अंतर्गत आर्थिक सहायता राशि 5 लाख रुपए राहत राशि एवं अन्य सुविधाएं जैसे आवास, स्वास्थ्य बीमा योजना का लाभ एवं यात्री बसों में छूट दिया जाने का पुनर्वास समिति द्वारा निर्णय लिया गया है। बैठक में संयुक्त कलेक्टर श्रीमती प्रेमलता चंदेल, परियोजना निदेशक हेमंत ठाकुर, उप संचालक कृषि जे एल मांडवी, जिला शिक्षा अधिकारी फत्तेलाल कोसरिया, सहायक आयुक्त श्रीकांत दुबे उपस्थित थे।
बीजापुर: भैरमगढ़ ब्लॉक में इंद्रावती नदी पर निर्माणधीन उच्च स्तरीय पुल का निरीक्षण करते हुए कलेक्टर ने आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। ज्ञात हो कि विगत 8 अप्रैल को कलेक्टर ने कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए थे और उनकी उपस्थिति में गर्डर लांचिग का कार्य शुरू हुआ था। यह पुल जिले के विकास एवं अर्न्तजिला आवागमन के लिए बहुत ही महत्वपूर्ण एवं कारगर साबित होगा बीजापुर से रायपुर की दूरी में भी कमी आएगी। इन्द्रावती नदी उस पार बसे 12 पंचायत के ग्रामीणों के साथ नारायणपुर के माड़ क्षेत्र ओरछा के लोगो को आवागमन में सुविधा होगी। पुल के महत्व को देखते हुऐ कलेक्टर पाण्डेय ने गंभीरतापूर्वक पुल निर्माण के कार्य में तेजी लाने लगातार निगरानी रखते हुऐ आवश्यक दिशा-निर्देश दिए जिसके परिणाम स्वरूप लगभग सभी पिलर में गर्डर लांचिग का कार्य पूर्ण हो सका।
कलेक्टर आज पुल का निरीक्षण कर नदी उस पार के क्षेत्र का अवलोकन कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। ज्ञात हो कि पुल की कुल लंबाई 648 मीटर है। जिसमें पुल पर गर्डर लांचिंग का कार्य किया गया है। गर्डर लांचिंग के बाद अब ढलाई का कार्य तेजी से करने के निर्देश दिए ताकि आवागमन सुचारू रूप से हो सके नारायणपुर एवं बीजापुर के लोगों को आवागमन सुलभ हो सके।
बीजापुर: जिले में 16 नक्सलियों ने आत्मसमर्पण किया है। PLGA बटालियन नंबर 1 सदस्य, LOS कमांडर, KAMS अध्यक्ष, LGS सदस्य मिलिशिया डिप्टी कमांडर सहित 16 नक्सली मुख्य धारा में शामिल हुए। आत्मसमर्पित इन नक्सलियों पर कुल 16 लाख का इनाम घोषित था। खूंखार PLGA बटालियन नंबर 1 का सदस्य अरुण कड़ती जिस पर 8 लाख का इनाम था उसने भी आत्मसमर्पण कर दिया है। इन सभी को प्रोत्साहन राशि के रूप में 25000 रूपए दिए गए हैं।
वहीं दंतेवाड़ा में लोन वार्राटू अभियान के तहत 29 अप्रैल को 23 माओवादियों ने पुलिस उप महानिरीक्षक दंतेवाड़ा कमलोचन कश्यप, पुलिस उप महानिरीक्षक सीआरपीएफ विकास कठेरिया, पुलिस अधीक्षक गौरव राय, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक स्मृतिक राजनाला,द्वितीय कमान अधिकारी सीआरपीएफ अनिल कुमार झा, सत्य नारायण तंवर एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रामकुमार बर्मन के समक्ष डीआरजी कार्यालय दंतेवाड़ा में आत्मसमर्पण किया है।
पुनर्वास योजना के तहत आत्मसमर्पित नक्सलियों की बदलेगी जिंदगी
23 आत्मसमर्पित माओवादियों में से 20 माओवादियों को डीआरजी बल दंतेवाड़ा एवं 3 माओवादियों को आर.एफ.टी. सीआरपीएफ का आत्मसमर्पण में विशेष योगदान रहा। साथ ही भटके हुए माओवादियों से अपील की गई है कि हिंसा छोड़कर समाज की मुख्यधारा से जुड़ने के लिए निकटतम थाना अथवा कैंप में सम्पर्क करें और क्षेत्र के विकास में अपना योगदान दें। पुलिस अधीक्षक ने आत्मसमर्पित माओवादियों को छत्तीसगढ़ शासन द्वारा पुनर्वास योजना के तहत 25-25 हजार प्रोत्साहन राशि एवं पुनर्वास योजना के तहत मिलने वाले सभी प्रकार के लाभ प्रदाय कराया जाएगा।
Chhattisgarh Darpan Media Group is a hindi language news platform. Founded in 2020, it’s mission is to connect people in their own local language. Chattisgarh Darpan is one of the fastest growing online news channel in Chhattisgarh, which aim is to providing local news in real time and very easy manner with truthfulness of information.
Khom Chand Sahu
Chief Editor
Cell : +91 9617946170
Email id : chhattisgarhdarpanmediagroup@gmail.com
Address : Plot No. 05, Street No.-12, Ekta Nagar, Temri, P.O. Mana Camp Raipur (Chhattisgarh) Pin Code – 492015
Contact No. :0771-4342764 +91 9752426170
Email id : chhattisgarhdarpanmediagroup@gmail.com
Website : www.chhattisgarhdarpan.com
Copyright © 2021-2026. Chhattisgarh Darpan | All Rights Reserved. Powered By : Softbit Solution
