खेल - Newsportal | Chhattisgarh Darpan Media Group

खेल

सेमीफाइनल में भारत-ऑस्ट्रेलिया का महामुकाबला

 चैंपियंस ट्रॉफी में मंगलवार को पहला सेमीफाइनल भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच दुबई में खेला जाएगा। नॉकआउट मैचों में हमेशा ही दोनों टीमों के बीच कड़ी टक्कर देखी जाती है। इस बार भारतीय टीम 2023 में अपने घर पर हुए विश्व कप फाइनल में मिली हार का बदला लेने के लिए मैदान में उतरेगी।

भारतीय टीम ने चैंपियंस ट्रॉफी 2025 के ग्रुप स्टेज में शानदार प्रदर्शन किया है, जिसमें तीनों मैच जीतकर टॉप पोजीशन हासिल की। अब उनकी नजरें सेमीफाइनल जीतकर फाइनल में पहुंचने पर हैं। ऑस्ट्रेलिया ने बारिश से प्रभावित अपने मैचों के बावजूद शानदार प्रदर्शन किया है। ऑस्ट्रेलिया ने इंग्लैंड के खिलाफ मैच में 352 रन के भारी भरकम लक्ष्य को 48वें ओवर में ही हासिल कर लिया था।
भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच वनडे क्रिकेट में अब तक 151 मैच खेले गए हैं, जिनमें से 84 मैच ऑस्ट्रेलिया ने जीते हैं और भारत ने 57 मैचों में जीत हासिल की है। इसके अलावा 10 मैच बिना परिणाम के रहे हैं। दोनों टीमों का हेड टू हेड रिकॉर्ड चैंपियंस ट्रॉफी और अन्य आईसीसी टूर्नामेंट्स में भी ऑस्ट्रेलिया के पक्ष में रहा है। दोनों टीमों के बीच 18 आईसीसी वनडे मैचों में से ऑस्ट्रेलिया ने 10 मैच जीते हैं, जबकि भारत ने 7 में जीत हासिल की है। आईसीसी नॉकआउट राउंड में भी भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच मुकाबले कड़े रहे हैं। दोनों टीमों ने नॉकआउट मुकाबलों में 4-4 बार जीत हासिल की है, लेकिन हाल के वर्षों में ऑस्ट्रेलिया ने भारत को लगातार तीन नॉकआउट मैचों में हराया है। भारतीय टीम के लिए यह आंकड़ा चिंता का विषय हो सकता है, क्योंकि 2011 के वर्ल्ड कप के बाद से भारत को आईसीसी नॉकआउट मैचों में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ कोई जीत नहीं मिली है।
आईसीसी नॉकआउट में भारत और ऑस्ट्रेलिया का हेड टू हेड रिकॉर्ड: 1998 में भारत ने चैंपियंस ट्रॉफी में जीत हासिल की थी, वहीं 2000 में भी भारत ने चैंपियंस ट्रॉफी में ऑस्ट्रेलिया को हराया था। इसके बाद 2003 के वनडे वर्ल्ड कप में ऑस्ट्रेलिया ने भारत को हराया, जबकि 2007 के टी20 वर्ल्ड कप में भारत ने ऑस्ट्रेलिया को मात दी। 2011 में भारत ने वनडे वर्ल्ड कप में जीत दर्ज की, लेकिन 2015 के वनडे वर्ल्ड कप के सेमीफाइनल में ऑस्ट्रेलिया ने भारत को हराकर फाइनल में प्रवेश किया। इसके बाद 2023 में ऑस्ट्रेलिया ने वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप और वनडे वर्ल्ड कप दोनों में भारत को हराया।
दूसरी तरफ, भारत की टीम इस बार बदला लेने के लिए पूरी तरह तैयार है। खासतौर पर विराट कोहली और रोहित शर्मा जैसे दिग्गज बल्लेबाजों से बड़ी उम्मीदें हैं। कोहली और रोहित का रिकॉर्ड ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ शानदार रहा है, और दोनों खिलाड़ी इस मैच में अपनी टीम के लिए बड़ा योगदान देने की कोशिश करेंगे।
कोहली ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ वनडे में 49 मैच खेले हैं, जिसमें उन्होंने 2367 रन बनाए हैं, जबकि रोहित शर्मा ने 45 मैचों में 2379 रन बनाए हैं और 8 शतक लगाए हैं। दोनों का ही औसत इन मैचों में 50 से ऊपर का रहा है। भारत को उम्मीद है कि ये दोनों अनुभवी खिलाड़ी अपनी टीम को सेमीफाइनल में जीत दिलाने में सफल होंगे।
चैंपियंस ट्रॉफी के इस सेमीफाइनल मैच में पिच भी अहम भूमिका निभाएगी। दुबई इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में स्पिनरों के लिए परिस्थितियां मुफीद रही हैं, और पिछले मैचों में भी स्पिनरों ने बीच के ओवरों में सफलता हासिल की थी। हालांकि यह सेमीफाइनल मुकाबला ताजा पिच पर होगा।
दुबई इंटरनेशनल स्टेडियम के रिकॉर्ड इस प्रकार हैं: कुल मैच 61 खेले गए हैं, जिनमें पहले बल्लेबाजी करते हुए 23 मैच जीते गए और टारगेट का पीछा करते हुए 36 मैच जीते गए। यहां का सबसे उच्चतम स्कोर 355/5 है, जबकि सबसे निम्नतम स्कोर 91 रहा है। चेज करते हुए सबसे उच्चतम स्कोर 287/8 है। पहले बल्लेबाजी करते हुए औसत स्कोर 229 रहा है।
इस मैच में एक और दिलचस्प पहलू यह है कि भारत के पास ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 'स्पिन चौकड़ी' उतारने का दांव हो सकता है। रोहित शर्मा की कप्तानी में भारत ने न्यूजीलैंड के खिलाफ चार स्पिनरों के साथ मैदान में उतरा था, और यह रणनीति सफल भी रही थी। अब देखने वाली बात यह होगी कि क्या भारत ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ भी इस रणनीति को अपनाता है, या फिर वे अपनी गेंदबाजी में कुछ बदलाव करेंगे। भारतीय स्पिनरों ने न्यूजीलैंड के खिलाफ अपने आखिरी लीग मैच में यहां 9 विकेट झटके थे, जिसमें 'मिस्ट्री स्पिनर' वरुण चक्रवर्ती ने महत्वपूर्ण योगदान दिया। इस बार भी सेमीफाइनल में स्पिनरों का प्रभाव देखने को मिल सकता है।
ऑस्ट्रेलिया की टीम के पास इस समय बेन द्वार्शुईस, ग्लेन मैक्सवेल, स्पेंसर जॉनसन और एडम जंपा हैं, जो भारत के लिए चुनौती पेश करेंगे। ऑस्ट्रेलिया के पास इस समय एडम जंपा के रूप में एक बढ़िया स्पिनर हैं और विराट कोहली के साथ उनका मुकाबला देखने लायक होगा। टीम में मार्नस लाबुशेन, ग्लेन मैक्सवेल, कूपर कोनोली, ट्रेविस हेड और स्टीव स्मिथ के रूप में पांच पार्ट टाइम स्पिनर मौजूद हैं।
भारत: रोहित शर्मा (कप्तान), शुभमन गिल, विराट कोहली, श्रेयस अय्यर, अक्षर पटेल, केएल राहुल (विकेटकीपर), हार्दिक पांड्या, रविंद्र जडेजा, हर्षित राणा, मोहम्मद शमी, कुलदीप यादव, ऋषभ पंत, वाशिंगटन सुंदर, वरुण चक्रवर्ती, अर्शदीप सिंह
ऑस्ट्रेलिया: मैथ्यू शॉर्ट, ट्रेविस हेड, स्टीव स्मिथ (कप्तान), मार्नस लाबुशेन, जोश इंग्लिस (विकेटकीपर), एलेक्स कैरी, ग्लेन मैक्सवेल, बेन द्वार्शुईस, नाथन एलिस, एडम जम्पा, स्पेंसर जॉनसन, जेक फ्रेजर-मैकगर्क, आरोन हार्डी, सीन एबॉट, तनवीर सांघा

 
और भी

खेलो इण्डिया : तीन महिला टीम ने भाग लेकर किया बेहतरीन प्रदर्शन

 कलेक्टर रोहित व्यास के मार्गदर्शन एवं खेल अधिकारी दुर्गेश्वरी सिंह के नेतृत्व में खेलो इण्डिया के तहत अस्मिता सिटी लीग हॉकी आयोजन का विगत दिवस सम्पन्न हुआ।

आयोजन कार्यक्रम में मुख्य अतिथि नगरपालिका के नवनिर्वाचित अध्यक्ष अरविन्द भगत के द्वारा मॉ सरस्वती जी के छायाचित्र पर दीप प्रज्जवलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। अस्मिता सिटी लीग हॉकी में तीन महिला टीम ने भाग लेकर अपने जौहर का बेहतरीन प्रदर्शन किया। इनमें कन्या क्रीड़ा परिसर जशपुर ने प्रथम स्थान, कन्या महाविद्यालय जशपुर द्वित्तीय स्थान एवं शा.म.ल.बा.कन्या उ.मा.वि. जशपुर तृतीय स्थान प्राप्त किए। इस अवसर पर आशुतोष कुमार राय, संतोष ठाकुर, अजीत कुमार शुक्ला, शांति एक्का, प्रदीप चौरसिया, कु. सुष्मिता कुजूर, कु. सुप्रिया तिग्गा, अनीस अहमद, नजारियुस तिग्गा, अंजलुस तिर्की कार्यक्रम में उपस्थित थे।

और भी

भारत ने न्यूजीलैंड को 44 रनों से हराया

  स्पिनर वरुण चक्रवर्ती के दमदार प्रदर्शन से भारत ने ग्रुप ए के अंतिम मुकाबले में न्यूजीलैंड को 44 रनों से हराया। भारत का ग्रुप चरण में अजेय अभियान जारी रहा और टीम ने तीनों मैच जीतकर ग्रुप ए में शीर्ष पर रहते हुए इस चरण का अंत किया। भारत का सामना अब सेमीफाइनल में ऑस्ट्रेलिया से चार मार्च को दुबई में होगा। ऑस्ट्रेलिया की टीम ग्रुप बी में दूसरे स्थान पर रही थी। वहीं, एक अन्य सेमीफाइनल में पांच मार्च को न्यूजीलैंड की भिड़ंत दक्षिण अफ्रीका से लाहौर में होगी। 

 

भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए श्रेयस अय्यर की अर्धशतकीय पारी के दम पर 50 ओवर में नौ विकेट पर 249 रन बनाए थे। लक्ष्य का पीछा करते हुए केन विलियमसन ने 81 रन बनाए, लेकिन न्यूजीलैंड की टीम 45.3 ओवर में 205 रन पर ऑलआउट हो गई। भारत के लिए वरुण ने शानदार प्रदर्शन किया और 10 ओवर में 42 रन देकर पांच विकेट झटके। वरुण का चैंपियंस ट्रॉफी में यह पहला ही मैच था और वह चमक बिखेरने में सफल रहे। न्यूजीलैंड एक समय अच्छी स्थिति में था, लेकिन वरुण ने दमदार प्रदर्शन कर भारत के पक्ष में रुख पलट दिया। भारत की ओर से वरुण के अलावा कुलदीप यादव ने दो विकेट लिए, जबकि हार्दिक पांड्या, अक्षर पटेल और रवींद्र जडेजा को एक-एक विकेट मिला।

 

दिलचस्प बात यह है कि भारत इस मुकाबले में चार स्पिनर और दो तेज गेंदबाजों के साथ उतरा था। भारतीय टीम को चार स्पिनर उतारने का फायदा मिला क्योंकि न्यूजीलैंड के नौ विकेट स्पिनरों ने ही झटके। भारत की ओर से मोहम्मद शमी एकमात्र गेंदबाज रहे जो खाली हाथ रहे। उन्होंने हालांकि, इस मैच में सिर्फ चार ओवर गेंदबाजी की। 

 

न्यूजीलैंड की ओर से विलियमसन के अलावा कोई बल्लेबाज अच्छा प्रदर्शन नहीं कर सका। कीवी टीम के लिए कप्तान मिचेल सैंटनर ने 28 रन, टॉम लाथम ने 14, डेरिल मिचेल ने 17, विल यंग ने 22, रचिन रवींद्र ने 6, ग्लेन फिलिप्स ने 12 और मैट हेनरी ने दो रन बनाए। काइल जैमिसन नौ रन बनाकर नाबाद लौटे। 

 

 

और भी

सेमीफाइनल में पहुंचते ही लगा झटका, धाकड़ खिलाड़ी चोटिल, टीम के सामने खड़ा हुआ बड़ा संकट

 इंग्लैंड के खिलाफ चैंपियंस ट्रॉफी 2025 मैच में एडेन मारक्रम साउथ अफ्रीका टीम के कार्यवाहक कप्तान की भूमिका में नजर आए। टीम के नियमित कप्तान टेम्बा बावुमा की गैरमौजूदगी में मारक्रम ने टीम की कमान संभाली। इस मैच में साउथ अफ्रीका ने इंग्लैंड को हराकर शान से सेमीफाइनल में अपनी जगह पक्की की। कराची में खेले गए मैच में पहले बल्लेबाजी करते हुए इंग्लैंड की टीम महज 179 रन पर ढेर हो गई। इसके जवाब में साउथ अफ्रीका ने रस्सी वैन डेर डुसेन और हेनरिक क्लासेन के दम पर 180 रनों का टारगेट 3 विकेट खोकर 29.1 ओवरों में हासिल कर लिया।

इंग्लैंड के खिलाफ साउथ अफ्रीका जीत हासिल करने में कामयाब रही लेकिन एडेन मारक्रम चोटिल हो गए। मारक्रम को ये चोट उस समय लगी जब वह इंग्लैंड के खिलाफ बतौर कार्यवाहक कप्तान मैदान पर फील्डिंग करने उतरे। इस दौरान उन्हें हैमस्ट्रिंग में चोट लग गई। इसके बाद वह मैदान से बाहर चले गए और पूरे समय मैदान के बाहर ही रहे। इस स्थिति में हेनरिक क्लासेन ने कप्तानी का जिम्मा संभाला और इंग्लैंड को 39 ओवर के भीतर समेट दिया।

 

 

और भी

पूर्व क्रिकेटर कपिल देव ने नवा रायपुर गोल्फ कोर्स की तारीफ

 छत्तीसगढ़ ओपन गोल्फ टूर्नामेंट में छत्तीसगढ़ आए पूर्व क्रिकेटर कपिल देव ने छत्तीसगढ़ गोल्फ कोर्स की  सुविधाओं की जमकर तारीफ की है। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ आकर मुझे बहुत मजा आया। मुझे उम्मीद नहीं थी कि यहां भी गोल्फ हो सकता है। बहुत ही बढ़िया गोल्फ कोर्स है। व्यवस्थाएं बेहतरीन थी। हम चाहते हैं कि यहां हर साल गोल्फ हो। छत्तीसगढ़ गोल्फ डेस्टिनेशन बन जाए।  गोल्फ कोर्स अच्छा है। सराउंडिंग इतनी अच्छी है कि मैं शब्दों में बयान नहीं कर नहीं कर सकता। मैं सभी से चाहूंगा कि वे रायपुर  आए और इस खूबसूरत गोल्फ कोर्स का आनंद उठाएं।
और भी

भारत ने पाकिस्तान को 6 विकेट से हराया, सेमीफाइनल में पहुंची टीम...

 चैंपियंस ट्रॉफी में रविवार को भारत और पाकिस्तान के बीच दुबई में मुकाबला खेला गया। पाकिस्तान ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया। पाकिस्तान की टीम 49.4 ओवर में 241 रन पर ऑलआउट हो गई। जवाब में भारत ने 42.3 ओवर में चार विकेट गंवाकर लक्ष्य हासिल कर लिया। भारत ने चैंपियंस ट्रॉफी में अब दो मैच जीत लिए हैं और सेमीफाइनल में पहुंच चुकी है। वहीं, पाकिस्तान की टीम लगभग चैंपियंस ट्रॉफी से बाहर हो गई है। उसे अब अन्य टीमों के नतीजों पर निर्भर रहना होगा।


विराट कोहली ने वनडे करियर का 51वां शतक जड़ा
विराट कोहली ने वनडे करियर का 51वां शतक लगाया। वह 111 गेंद 100 रन बनाकर नाबाद रहे। एक वक्त ऐसा लग रहा था कि पाकिस्तान विराट को शतक नहीं बनाने देने की साजिश रच रहा है। शाहीन वाइड पर वाइड फेंक रहे थे। 43वें ओवर में भारत को जीत के लिए चार रन और कोहली को शतक के लिए पांच रन चाहिए थे। 43वें ओवर की पहली गेंद पर कोहली ने एक रन लिया। फिर अगली गेंद पर अक्षर ने एक रन लिया। तीसरी गेंद पर विराट ने चौका लगाकर शतक भी पूरा किया और भारत को जीत भी दिलाई।

भारत ने चैंपियंस ट्रॉफी में अब दो मैच जीत लिए हैं और सेमीफाइनल में पहुंच चुकी है। वहीं, पाकिस्तान की टीम लगभग चैंपियंस ट्रॉफी से बाहर हो गई है। उसे अब अन्य टीमों के नतीजों पर निर्भर रहना होगा। भारत के दो मैचों के बाद चार अंक हैं, जबकि पाकिस्तान दो मैचों में खाता नहीं खोल सका है। अब पाकिस्तान का एकमात्र मैच बांग्लादेश के खिलाफ है। वहीं, सोमवार को न्यूजीलैंड का सामना बांग्लादेश से है। अगर कीवी टीम यह मैच जीतती है, तो बांग्लादेश और पाकिस्तान दोनों बाहर हो जाएंगे।

भारत की पारी
242 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम की शुरुआत अच्छी नहीं रही थी। रोहित आक्रामक खेलने की कोशिश में शाहीन अफरीदी की गेंद पर क्लीन बोल्ड हो गए। वह 15 गेंद पर तीन चौके और एक छक्के की मदद से 20 रन बनाकर आउट हुए। इसके बाद शुभमन गिल और विराट कोहली ने पारी संभाली। दोनों ने दूसरे विकेट के लिए 69 रन की साझेदारी निभाई। गिल अर्धशतक से चूक गए। वह 52 गेंद में सात चौके की मदद से 46 रन बनाकर आउट हुए। उन्हें अबरार अहमद ने क्लीन बोल्ड किया। इसके बाद कोहली के साथ भारत को जीत तक ले जाने की जिम्मेदारी श्रेयस अय्यर ने संभाली। दोनों ने तीसरे विकेट के लिए 114 रन की साझेदारी निभाई। खुशदिल शाह ने श्रेयस अय्यर को इमाम के हाथों कैच कराया। वह 67 गेंद पर पांच चौके और एक छक्के की मदद से 56 रन बनाकर आउट हुए। इसके बाद कोहली ने अक्षर के साथ मिलकर टीम इंडिया को जीत दिलाई।

पाकिस्तान की पारी
इससे पहले पाकिस्तान की टीम 49.4 ओवर में 241 रन पर ऑलआउट हो गई थी। भारत ने वनडे में लगातार पांचवें मैच में विपक्षी टीम को 50 ओवर के अंदर ऑलआउट किया है। भारत की ओर से कुलदीप ने सबसे ज्यादा तीन और हार्दिक पांड्या ने दो विकेट झटके। पहले बल्लेबाजी करते हुए पाकिस्तान को बाबर आजम और इमाम उल हक ने सधी हुई शुरुआत दिलाई। दोनों के बीच पहले विकेट के लिए 41 रन की साझेदारी हुई। इस साझेदारी को हार्दिक पांड्या ने तोड़ा। उन्होंने बाबर को विकेटकीपर राहुल के हाथों कैच कराया। वह 26 गेंद पर पांच चौके की मदद से 23 रन बना सके। इसके अगले ही ओवर में इमाम उल हक भी रन आउट हो गए। वह 26 गेंद में 10 रन बना सके। 47 रन पर दो विकेट गिर जाने के बाद सऊद शकील और कप्तान मोहम्मद रिजवान ने पारी संभाली।

दोनों के बीच तीसरे विकेट के लिए 104 रन की साझेदारी हुई। इस बीच शकील ने वनडे करियर का चौथा अर्धशतक लगाया। इस साझेदारी को अक्षर पटेल ने तोड़ा। उन्होंने रिजवान को क्लीन बोल्ड किया। वह 77 गेंद में तीन चौके की मदद से 46 रन बनाकर आउट हुए। उनके आउट होते ही फिर से विकेट की झड़ी लग गई। शकील भी 76 गेंद में पांच चौके की मदद से 62 रन बनाकर हार्दिक पांड्या का शिकार बने। तैयब ताहिर चार रन और सलमान अली आगा 19 रन बनाकर आउट हुए। सलमान को कुलदीप और तैयब को जडेजा ने पवेलियन भेजा। शाहीन अफरीदी खाता नहीं खोल सके। नसीम शाह 14 रन और हारिस रऊफ आठ रन बनाकर आउट हुए। हर्षित राणा ने खुशदिल शाह को कोहली के हाथों कैच कराया और पाकिस्तान की पारी समेट दी। खुशदिल ने 39 गेंद में दो छक्के की मदद से 38 रन की पारी खेली। कुलदीप और हार्दिक के अलावा हर्षित राणा, अक्षर और जडेजा को एक-एक विकेट मिला।

 

 

और भी

भारत ने बंगलादेश को छह विकेट से हराया

 मोहम्मद शमी (पांच विकेट) और हर्षित राणा (तीन विकेट) की शानदार गेंदबाजी के बाद शुभमन गिल (नाबाद 101 ) के शतक, केएल राहुल (नाबाद 41) और रोहित शर्मा (41) रनों की बेहतरीन पारियों की बदौलत भारत ने गुरुवार को चैंपियंस ट्रॉफी के दूसरे मुकाबले में 21 गेंदें शेष रहते बंगलादेश को छह विकेट से हरा दिया।

बंगलादेश के 228 रन के जवाब में बल्लेबाजी करने उतरी भारत की कप्तान रोहित शर्मा और शुभमन गिल की सलामी जोड़ी ने अच्छी शुरुआत करते हुए पहले विकेट के लिए 69 रन जोड़े। 10वें ओवर में तसकीन अहमद ने रोहित शर्मा को आउट कर बंगलादेश को पहली सफलता दिलाई। रोहित शर्मा ने 36 गेंदों में सात चौकों की मदद से (41) रनों की पारी खेली। विराट कोहली (22), श्रेयस अय्यर (15) और अक्षर पटेल (आठ) रन बनाकर आउट हुये।

 
 

इसके बाद बल्लेबाजी करने आये के एल राहुल ने शुभमन गिल से पारी को संभाला। शुभमन गिल ने 129 गेंदो में नौ चौके और दो छक्कों की मदद से (नाबाद 101) रनों की पारी खेली। के एल राहुल ने 47 गेंदों में एक चौके और दो छक्का लगाते हुए (नाबाद 41) रन बनाये। के एल राहुल ने तनजीम हसन साकिब की गेंद पर छक्का लगाकर भारत को जीत दिलाई। भारत ने 46.3 ओवर में चार विकेट पर 231 रन बनाकर छह विकेट से मुकाबला जीता।

 
 

बंगलादेश की ओर से रिशाद हुसैन ने दो विकेट लिये। तसकीन अहमद और मुस्तफिज़ुर रहमान ने एक-एक बल्लेबाज को आउट किया।

और भी

भारतीय हॉकी टीम ने स्पेन को 2-0 से हराया

 भारत ने एफआईएच हॉकी प्रो लीग 2024-25 में रविवार को स्पेन को 2-0 से हरा दिया। टीम की इस जीत में मनदीप सिंह और दिलप्रीत सिंह ने अहम भूमिका निभाई।

भारतीय पुरुष हॉकी टीम ने शानदार वापसी करते हुए भुवनेश्वर के कलिंगा हॉकी स्टेडियम में खेले गए एफआईएच हॉकी प्रो लीग में स्पेन को 2-0 से हराया। पहले मैच में 1-3 से हार झेलने के बाद भारत ने रविवार को शानदार प्रदर्शन किया। मनदीप सिंह (32) और दिलप्रीत सिंह (39) के गोलों ने भारत को इस सत्र की पहली जीत दिलाई।

 
 

भारत का डिफेंस पिछले मुकाबले की तुलना में काफी बेहतर था। भारतीय टीम ने स्पेनिश टीम को रोके रखा। दूसरे क्वार्टर में भारत ने गेंद पर दबदबा बनाए रखा और गोल करने के लिए कड़ी मेहनत की, लेकिन स्पेन का डिफेंस मजबूत रहा। 18वें मिनट में पेनल्टी कॉर्नर मिलने के बावजूद भारत गोल नहीं कर सका और दोनों टीमें हाफटाइम तक 0-0 से बराबरी पर रहीं।

आखिरकार 32वें मिनट में भारतीय टीम को सफलता मिली। मनदीप सिंह ने पेनल्टी कॉर्नर से रिबाउंड का फायदा उठाते हुए दिलप्रीत सिंह की मदद से गेंद को गोलपोस्ट में भेज दिया। इस गोल ने भारतीय टीम को जोश से भर दिया और सिर्फ सात मिनट बाद भारत ने अपनी बढ़त दोगुनी कर दी। दिलप्रीत सिंह ने 39वें मिनट में गोल कर दिया।

 
 

जीत के बाद स्पेन के खिलाफ मुकाबले में कप्तानी कर रहे हार्दिक सिंह ने आईएएनएस से कहा कि आज सभी खिलाड़ियों ने अच्छा प्रदर्शन किया। पिछले मुकाबले में जो भी गलतियां थीं, उस पर काम किया गया। भारतीय टीम अच्छे से खेल रही है और हमारा डिफेंस भी काफी मजबूत है। हमें उम्मीद है कि टीम अगले मैच में भी अच्छा प्रदर्शन करेगी।

खिलाड़ी अमित रोहिदास ने कहा कि पहले मैच और आज स्पेन के खिलाफ खेले गए मैच में काफी अंतर था। भारतीय टीम ने आज अच्छा प्रदर्शन किया और जीत हासिल की। जर्मनी के खिलाफ भी इसी तरह के प्रदर्शन की कोशिश करेंगे। साथ ही पेनल्टी कॉर्नर के दौरान जो खामियां रहीं, उन्हें दूर करने का काम किया जाएगा। उल्लेखनीय है कि भारत का अगला मुकाबला 18 फरवरी को जर्मनी से होगा।

 
और भी

आरसीबी ने आईपीएल 2025 के लिए कप्तान का किया एलान

  रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) ने आगामी आईपीएल सीजन के लिए नए कप्तान की घोषणा कर दी है। आरसीबी ने गुरुवार को बताया कि रजत पाटीदार टीम के नए कप्तान होंगे और टीम उनके नेतृत्व में अपने पहले खिताब की तलाश में उतरेगी। कप्तान की दौड़ में स्टार बल्लेबाज विराट कोहली भी शामिल थे, लेकिन टीम प्रबंधन ने पाटीदार के नाम का एलान किया।

पाटीदार के पास कप्तानी का अनुभव 

रजत पाटीदार शुरुआत से ही कप्तान बनने की दौड़ में शामिल थे। पाटीदार उन चुनिंदा खिलाड़ियों में शामिल हैं जिन्हें फ्रेंचाइजी ने आगाजी सीजन के लिए रिटेन किया था। पाटीदार के पास सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी और विजय हजारे ट्रॉफी में मध्य प्रदेश की कप्तानी करने का अनुभव है।

31 वर्षीय पाटीदार ने मध्य प्रदेश को अपनी कप्तानी में सैयद मुश्ताक अली टी20 ट्रॉफी के फाइनल में पहुंचाया था, लेकिन टीम को खिताबी मुकाबले में मुंबई से पांच विकेट से हार का सामना करना पड़ा था। पाटीदार टूर्नामेंट में सर्वाधिक रन बनाने वाले दूसरे बल्लेबाज थे। उनसे आगे अजिंक्य रहाणे थे जिन्होंने 10 मैचों में 61 के औसत और 186.08 के स्ट्राइक रेट से 428 रन बनाए थे।

और भी

लीजेंड 90 लीग: लो स्कोरिंग मुकाबले में राजस्थान किंग्स की दुबई जाइंट्स पर शानदार जीत

  रायपुर के शहीद वीर नारायण सिंह इंटरनेशनल स्टेडियम में आयोजित लीजेंड 90 लीग का दूसरा दिन का पहला मुकाबला काफी थ्रिलिंग रहा।

शुक्रवार शाम 4 बजे से राजस्थान किंग्स और दुबई जाइंट्स के बीच शुरू हुआ यह मुकाबला लो स्कोरिंग रहा। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी राजस्थान की शुरुआत कुछ खास नहीं रही और ल्यूक फ्लेचर की दूसरी ही गेंद पर गौरव तोमर अपना विकेट गंवा बैठे, हालांकि फिल मस्टर्ड ने दूसरा छोर संभाले रखा और जय किशन कोशवाल के साथ मिलकर कुछ अच्छे शॉट्स लगाए, लेकिन छठे ओवर में रवि बल्हारा ने 22 रन के व्यक्तिगत स्कोर पर उन्हें भी पवेलियन भेज दिया। जिसके बाद जयकिशन कोशवाल ने पारी को संभालने की कोशिश की, लेकिन 25 रन के स्कोर पर वह भी दीपांश कुमार का शिकार हो गए। जिसके बाद टीम पूरी तरह से लड़खड़ा गई और एक के बाद एक विकेट गिरते चले गए। अंत में रजत सिंह ने पारी को कुछ हद तक संभाला और 18 गेंदों में 30 रनों की महत्वपूर्ण पारी खेलकर टीम को 111 रनों के सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचाया।

लक्ष्य का पीछा करने उतरी दुबई जाइंट्स ने भी रिचर्ड लेवी के रूप में दूसरी ही गेंद ने अपना पहला विकेट गंवा दिया, लेकिन उनके साथ बल्लेबाजी करने आए केविन ओ ब्रायन ने एक छोर मजबूती से संभाले रखा। उन्होंने 34 गेंदों में 7 चौके और 3 छक्कों की मदद से 55 रनों की पारी खेली। इस समय तक मैच पूरी तरह से दुबई जाइंट्स की पकड़ में नजर आ रहा था, लेकिन राजस्थान की कसी हुई गेंदबाजी के आगे दुबई की एक न चली। हालांकि किथुरुआन विथांगे ने टीम के लिए 25 रन जरूर जोड़े, बाकी टीम की धीमी बल्लेबाजी के चलते टीम 4 रन से इस मुकाबले को हार गई। 3 ओवरों में 12 लेकर 2 विकेट चटकाने वाले अंकित राजपूत को मैन ऑफ द मैच के पुरस्कार से नवाजा गया।

मैच का आखिरी और सबसे महत्वपूर्ण ओवर डाल रहे सुदीप त्यागी ने कहा कि, “मेरा सिंपल प्लान था कि मुझे यॉर्कर ही डालने हैं और बीच-बीच में थोड़ी वेरिएशन करनी है। विकेट आज थोड़ा धीमा था। इस फॉर्मेट को खेलकर बहुत मज़ा आ रहा है और ऐसे में टीम की जीत में योगदान दे पाना शानदार अनुभव है।”

जीत पर खुशी जाहिर करते हुए टीम के मालिक गौरव सचदेवा ने कहा कि, "आज टीम का पहला मैच था, धीमा पिच होने के चलते टीम महज 111 रन ही बना सकी, लेकिन यह हमारे लिए कोई नई बात नहीं थी, इससे पहले भी हम श्रीलंका में हुई एलसीटी में ऐसी ही चुनौतियों से लड़कर विजेता बने थे।" मैन ऑफ द मैच रहे अंकित राजपूत पर बोलते हुए उन्होंने आगे कहा कि, "अंकित ने ऐसे थ्रिलर मुकाबले में जिस तरह से कप्तानी और बॉलिंग दोनों ही बातों को बखूबी निभाया, वह निश्चित तौर तारीफ के काबिल हैं और मैं उम्मीद करता हूं कि आगे भी वह टीम को ऐसे ही जीत दिलाते रहेंगे।"

 
और भी

आईसीसी विमेंस वर्ल्डकप में 17 गेंदों में जीता भारत

 आईसीसी विमेंस अंडर-19 टी-20 विश्वकप में भारत ने मलेशिया को 10 विकेट से हरा दिया। मलेशिया की टीम 14.3 ओवर 31 रन पर सिमट गई। इस लक्ष्य को टीम इंडिया ने 2.5 ओवर में हासिल कर लिया। इससे पहले साउथ अफ्रीका के खिलाफ समाओ की टीम 16 रन पर ऑलआउट हो गई थी। भारत की तरफ से वैष्णवी शर्मा ने कमाल की गेंदबाजी करते हुए हैट्रिक ली। उन्होंने 4 ओवर की गेंदबाजी में 5 रन देकर 5 विकेट झटके। आयुषी शुक्ला को 3 और वीजे जोषिता को 1 विकेट मिला। वहीं, 32 रन के आसान लक्ष्य के सामने भारतीय बल्लेबाजी ने ताबड़तोड़ बल्लेबाजी की। गोंगाड़ी त्रिशा ने 27 रन बनाए।  

भारत को ग्रुप ए में 2 लगातार जीत मिली। इससे पॉइंट्स टेबल में टीम पहले स्थान पर पहुंच गई। इससे पहले उसने वेस्टइंडीज को 9 विकेट से हराया था। कुआलालंपुर के बयूमास ओवल मैदान पर पहले बैटिंग करते हुए मलेशिया की शुरुआत अच्छी नहीं रही।

और भी

इंग्लैंड के खिलाफ टी20 सीरीज में शमी की वापसी

 इंग्लैंड के खिलाफ 22 जनवरी से शुरु हो रही पांच मैचों की टी20 श्रृखंला के लिये शनिवार शाम भारतीय टीम की घोषणा कर दी गयी। सूर्य कुमार यादव की अगुवायी वाली 15 सदस्यीय टीम में भारत के तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी को शामिल किया गया है।

22 जनवरी को भारतीय टीम कोलकाता में इंग्लैंड के खिलाफ पहला मैच खेलेगी। शमी ने 2023 के विश्वकप में अपना पिछला अंतर्राष्ट्रीय मैच खेला था। इसके बाद उन्हे एड़ी की चोट और घुटने की तकलीफ के चलते मैदान से बाहर रहना पड़ा।

 
और भी

खेलों को बढ़ावा देने किए जा रहे हर संभव प्रयास: मंत्री श्रीमती राजवाड़े

 महिला एवं बाल विकास मंत्री श्रीमती लक्ष्मी राजवाड़े ने कहा है कि मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में खेलों को बढ़ावा देने के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे है। राज्य में खेल अधोसंरचनाओं का तेजी से विकास किया जा रहा है, जिससे प्रदेश के खिलाड़ियों को नेशनल और इंटरनेशनल लेवल पर अपनी प्रतिभा प्रदर्शन करने के लिए भरपूर मौके मिले। वें आज सूरजपुर जिले के ग्राम पंचायत बरौन्धी में ग्रामीण अंचल आधारकार्ड फुटबॉल प्रतियोगिता के समापन कार्यक्रम को संबोधित कर रही थी।


महिला एवं बाल विकास मंत्री श्रीमती राजवाड़े ने खिलाड़ियों के बीच पहुंचकर उनका उत्साहवर्धन किया। उन्होंने कहा कि खेल प्रतियोगिताओं से खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा को निखारने के लिए बेहतर मौका मिलता है। खेल के मैदान में खिलाड़ियों को खेलता देख एक अलग ही अनुभूति होती है। उन्होंने खिलाड़ियों को राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर राज्य का नाम रोशन करने के लिए अपनी शुभकामनाएं दी। इस अवसर पर अनेक जनप्रतिनिधि, खेल प्रेमी तथा ग्रामीणजन मौजूद थे।
और भी

टीम इंडिया का स्कोर 60 रन, कोहली-यशस्वी कर रहे बल्लेबाजी

 भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच खेली जा रही 5 मैचों की बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी 2024-25 का चौथा मुकाबला ऐतिहासिक मेलबर्न क्रिकेट ग्राउंड में खेला जाएगा।

बॉक्सिंग-डे टेस्ट के पहले दिन का खेल खत्म होने पर मेजबान ऑस्ट्रेलियाई टीम ने अपनी पहली पारी में 6 विकेट के नुकसान पर 311 रन बना लिए थे, जिसमें स्टीव स्मिथ 68 और पैट कमिंस 8 रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे थे।

 

वहीं अब कंगारू टीम की नजरें जहां दूसरे दिन के खेल में स्कोर को 400 रनों के पार पहुंचाने पर होंगी तो वहीं भारतीय टीम उनकी पहली पारी को जल्द समेटना चाहेगी।

 

 

और भी

अनमोलप्रीत बने सबसे तेज शतक जड़ने वाले भारतीय

 विजय हजारे ट्राफी के एक मैच में अरुणाचल प्रदेश के खिलाफ पंजाब के अनमोलप्रीत सिंह ने मात्र 35 गेंदों में शतक पूरा किया।

इस कारनामे के साथ वह लिस्ट ए में सबसे तेज शतक लगाने वाले भारतीय बन गये हैं। इस मामले में जैक फ़्रेज़र-मक्गर्क (29 गेंदें) और एबी डिविलियर्स (31 गेंदें) उनसे आगे हैं।

और भी

भारतीय महिला अंडर-19 टीम ने बंगलादेश को 41 रनों से हराया

 जी तृषा (52) की अर्धशतकीय पारी के बाद आयुशी शुक्ला (तीन विकेट), पारुनिका सिसोदिया और सोनम यादव (दो-दो विकेट) की शानदार गेंदबाजी के दम पर रविवार को भारतीय महिला टीम ने अंडर -19 एशिया कप ने बंगलादेश को 41 रनों से हरा दिया है।

भारत के 117 रनों के जवाब में बल्लेबाजी करने उतरी बंगलादेश की महिला टीम की शुरुआत बेहद खराब रही और 24 रन पर अपने दो विकेट गवां दिये। मोसम्मत एवा (शून्य) और सुमैया अख्तर (आठ) रन बनाकर आउट हुई।

भारतीय गेंदबाजी आक्रमण के आगे बंगलादेश के बल्लेबाज पस्त दिखे। फहमिदा छोया (18) और जुयैरिया फिरदौस (22) के अलावा बंगलादेश का कोई भी बल्लेबाज दहाई आंकड़े तक नहीं पहुंच सका। भारतीय गेंदबाजों ने बंगलादेश की पूरी टीम को 18.3 ओवर में 76 रन पर ढ़ेरकर मुकाबला 41 रनों से जीत लिया।

 

और भी

ड्रॉ पर समाप्त हुआ गाबा टेस्ट, सीरीज फिलहाल 1-1 से बराबर

 भारतीय क्रिकेट टीम और ऑस्ट्रेलिया क्रिकेट टीम के बीच ब्रिसब्रेन क्रिकेट ग्राउंड में खेला गया तीसरा टेस्ट ड्रॉ रहा। जीत के लिए मिले 275 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए भारत ने अपनी दूसरी पारी में जब 8/0 का स्कोर बनाया, तब दोनों कप्तानों की सहमति के बाद मैच को ड्रॉ पर समाप्त किया गया। 3 मैचों के बाद फिलहाल सीरीज 1-1 से बराबरी पर है। ऑस्ट्रेलिया ने पहली पारी में ट्रेविस हेड (152) और स्टीव स्मिथ (101) के शतकों की बदौलत 445 का स्कोर बनाया। जवाब में भारतीय टीम ने केएल राहुल (84) और रविंद्र जडेजा (77) की पारियों की मदद से 260 रन बनाए। इसके बाद मजबूत बढ़त हासिल करने वाली ऑस्ट्रेलियाई टीम ने अपनी दूसरी पारी 89/7 पर घोषित की। आखिर में बारिश के खलल के बीच पांचवें दिन के दौरान मैच ड्रॉ पर समाप्त हुआ।

पहली पारी के दौरान हेड ने अपने टेस्ट करियर का 9वां शतक और भारत के खिलाफ तीसरा टेस्ट शतक लगाया। वह 18 चौकों की मदद से 152 रन बनाकर आउट हुए थे। हेड अपनी दूसरी पारी में 17 रन बनाकर आउट हुए। वह मौजूदा सीरीज में 400 से अधिक रन बना चुके हैं। उन्होंने अपने टेस्ट करियर में अब तक 44.22 की औसत से 3,582 रन बनाए। वह 9 शतक के अलावा 17 अर्धशतक लगा चुके हैं।

 

हेड ने भारतीय क्रिकेट टीम के खिलाफ 13 टेस्ट खेले हैं, जिसमें 51.09 की औसत के साथ 1,124 रन बनाए हैं। इस बीच उन्होंने 3 शतक और 4 अर्धशतक अपने नाम किए हैं। उन्होंने इस सीरीज से पहले भारत के खिलाफ पिछला टेस्ट शतक विश्व टेस्ट चैंपियनशिप 2021-23 के फाइनल में बनाया था। मौजूदा बॉर्डर-गावस्कर सीरीज में उनके स्कोर क्रमशः 11, 89, 140, 152 और 17 रन हैं।

और भी

गावस्कर को रास नहीं आया अश्विन के संन्यास लेने का फैसला

 भारतीय टीम के दिग्गज बल्लेबाज सुनील गावस्कर को ऑफ स्पिनर रविचंद्रन अश्विन के संन्यास लेने का फैसला रास नहीं आया है। गावस्कर ने अश्विन के संन्यास के समय पर सवाल खड़े किए हैं और कहा है कि इस स्पिनर को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ चल रही बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी के बाद यह फैसला लेना चाहिए था। अश्विन ने गाबा में खेले गए तीसरे टेस्ट मैच के बाद अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास ले लिया था। 

अश्विन के संन्यास लेने की चर्चा उस वक्त शुरू हो गई थी जब भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच गाबा टेस्ट के पांचवें दिन जब बारिश के कारण मैच रुका और अश्विन विराट कोहली के साथ ड्रेसिंग रूम में काफी देर चर्चा करते दिखे थे। कोहली बहुत देर तक अश्विन से बात करते रहे और इस दौरान उनके कंधे पर हाथ रखे हुए थे। बात खत्म होने के कारण कोहली अश्विन से गले मिले। इन तस्वीरों के सामने आने के बाद यह संकेत मिलने लगे कि अश्विन कुछ बड़ा फैसला ले सकते हैं। इसके कुछ देर बाद ही अश्विन कप्तान रोहित शर्मा के साथ प्रेस कॉन्फ्रेंस में गए और उन्होंने संन्यास की घोषणा कर दी। 

 

 

और भी