खेल - Newsportal | Chhattisgarh Darpan Media Group

खेल

प्रदेश में छत्तीसगढ़िया ओलंपिक का आगाज 17 से

रायपुर: छत्तीसगढ़ शासन द्वारा छत्तीसगढ़िया ओलंपिक 2023-24 का आयोजन हरेली त्योहार के दिन 17 जुलाई से शुरू किया जाएगा। छत्तीसढ़िया ओलंपिक 6 चरणों में लगभग ढ़ाई महीने तक आयोजित होगी।

मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की विशेष पहल पर छत्तीसगढ़ के पारंपरिक खेल गतिविधियों को ग्रामीण एवं नगरीय क्षेत्रों में प्रोत्साहित करने, प्रतिभागियों को मंच प्रदान करने और उनमें खेलों के प्रति जागरूकता बढ़ाने तथा खेल भावना का विकास करने के लिए छत्तीसगढ़िया ओलंपिक खेल का आयोजन किया जा रहा है।

बच्चों से लेकर बुजुर्ग तक तीन आयु वर्ग में होंगे प्रतिभागी

खेल विभाग के अधिकारियों ने यहां बताया कि छत्तीसगढ़िया ओलंपिक खेल प्रतियोगिता में बच्चे से लेकर बुजुर्ग तक हिस्सा ले सकेंगे। प्रतियोगिता में दलीय एवं एकल श्रेणी में 16 तरह के पारम्परिक खेलों को शामिल किया गया है। इस बार के ओलंपिक में एकल श्रेणी में रस्सीकूद एवं कुश्ती को भी जोड़ा गया है।

छत्तीसगढ़िया ओलम्पिक के आयोजन का दायित्व ग्रामीण क्षेत्रों के लिए पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग और नगरीय क्षेत्रों के लिए नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग को सौंपा गया है। प्रतियोगिता का समापन 27 सितंबर 2023 को होगा।

छत्तीसगढ़िया ओलम्पिक खेल में दलीय श्रेणी में गिल्ली डंडा, पिट्टूल, संखली, लंगड़ी दौड़, कबड्डी, खो-खो, रस्साकसी और बांटी (कंचा) जैसी खेल विधाएं शामिल की गई हैं। वहीं एकल श्रेणी की खेल विधा में बिल्लस, फुगड़ी, गेड़ी दौड़, भंवरा, 100 मीटर दौड़, लम्बी कूद, रस्सी कूद एवं कुश्ती शामिल हैं।

अधिकारियों ने बताया कि छत्तीसगढ़िया ओलम्पिक का आयोजन ग्रामीण एवं नगरीय क्षेत्रों में सबसे पहले राजीव युवा मितान क्लब स्तर पर प्रतियोगिता 17 जुलाई से 22 जुलाई तक नॉकआउट पद्धति से होगा। वहीं दूसरा स्तर जोन है, जिसमें 8 राजीव युवा मितान क्लब को मिलाकर एक क्लब होगा।

इसका आयोजन 26 जुलाई से 31 जुलाई तक होगा। विकासखंड एवं नगरीय क्लस्टर स्तर पर आयोजन 7 अगस्त से 21 अगस्त तक होगा। जिला स्तर पर आयोजन 25 अगस्त से 04 सितंबर तक होगा। संभाग स्तर पर आयोजन 10 सितंबर से 20 सितंबर तक होगा और अंतिम में राज्य स्तर खेल प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी। जिसका की आयोजन 25 सितंबर से 27 सितंबर तक होगा।

छत्तीसगढ़िया ओलम्पिक में आयु वर्ग को तीन वर्गों में बांटा गया है। इसमें प्रथम वर्ग 18 वर्ष की आयु तक, दूसरा वर्ग 18-40 वर्ष आयु सीमा तक और तीसरा वर्ग में 40 वर्ष से अधिक उम्र के प्रतिभागी शामिल होंगे। इस प्रतियोगिता में महिला एवं पुरुष दोनों वर्ग में प्रतिभागी भाग ले सकेंगे।

अधिकारियों ने बताया कि छत्तीसगढ़िया ओलंपिक में विकासखंड व नगरीय क्लस्टर स्तर पर विजेता प्रतिभागियों से लेकर राज्य स्तर के विजेता प्रतिभागियों को प्रभाणपत्र एवं पुरस्कार राशि प्रदान की जाएगी। विकासखंड व नगरीय क्लस्टर स्तर प्रथम आने वाल विजेता खिलाड़ियों को 1000 रूपए, द्वितीय स्थान आने पर 750 रूपए एवं तीसरा स्थान आने पर 500 रूपए की पुरस्कार राशि एवं प्रमाणपत्र प्रदान किए जाएंगे।

इसी तरह जिला स्तर पर प्रथम आने वाल विजेता प्रतिभागियों को 2000 रूपए की राशि, द्वितीय आने पर 1500 रूपए और तीसरे स्थान आने पर 1000 रूपए की राशि सहित प्रमाणपत्र प्रदान किए जाएंगे। संभाग स्तर पर विजेता प्रतियोगियों को प्रथम आने पर 3000 रूपए, द्वितीय आने पर 2500 रूपए एवं तीसरे स्थान पाने वाले खिलाड़ियों को 2000 रूपए एवं प्रमाण पत्र प्रदान किए जाएंगे।

राज्य स्तर पर ओलंपिक के अंतिम आयोजन में प्रथम आने वाले प्रतिभागियों को 5000 रूपए, द्वितीय आने पर 4500 रूपए एवं तीसरे स्थान आने वाले खिलाड़ियों को 4000 रूपए की राशि और प्रमाणपत्र प्रदान किए जाएंगे।

 

 

और भी

कार्लोस अल्कारेज बने विम्बलडन के नए चैम्पियन

दिल्ली:टेनिस जगत को नया सितारा मिला। 20 साल के कार्लोस अल्कारेज ने रविवार देर रात विम्बलडन मेंस सिंगल्स फाइनल का खिताब जीता।

उन्होंने 36 साल के नोवाक जोकोविच को 4 घंटे 42 मिनट तक चले मुकाबले में कड़ी मशक्कत के बाद 1-6, 7-6, 6-1, 3-6, 4-6 से हराया।

सर्बिया के जोकोविच 10 साल बाद विम्बलडन फाइनल हारे, वह 4 बार से लगातार खिताब जीत रहे थे। उन्हें आखिरी बार 2013 में ग्रेट ब्रिटेन के एंडी मरे ने फाइनल में हराया था।

वर्ल्ड नंबर-1 अल्कारेज ने वर्ल्ड नंबर-2 जोकोविच के लगातार 34 जीत के सिलसिले को भी तोड़ा। स्पेनिश युवा अल्कारेज का यह पहला विम्बलडन खिताब है, वह चैम्पियनशिप में अपना 12वां मैच ही खेल रहे थे। टेनिस में यह उनका दूसरा ग्रैंड स्लैम है, उन्होंने पिछले साल US ओपन जीता था।

20 साल की बादशाहत खत्म की
20 साल के अल्कारेज ने टेनिस में 20 साल लम्बी बिग-4 की बादशाहत खत्म की। वह 2003 के बाद बिग-4 के अलावा विम्बलडन जीतने वाले पहले खिलाड़ी बने। 2002 में ऑस्ट्रेलिया के लेटन हेविट ने विम्बलडन मेंस सिंगल्स का खिताब जीता था। 2003 से 2022 तक बिग-4 प्लेयर्स ही विम्बलडन जीत रहे थे। बिग-4 यानी नोवाक जोकोविच (23 ग्रैंड स्लैम), राफेल नडाल (22 ग्रैंड स्लैम), रोजर फेडरर (20 ग्रैंड स्लैम) और एंडी मरे (2 विम्बलडन) हैं।

अल्कारेज बोले- जोकोविच मेरे आदर्श हैं और रहेंगे...
विम्बलडन चैम्पियन कार्लोस अल्कारेज ने कहा, 'मैं जब बच्चा था, जोकोविच का खेल देखकर ही मुझे टेनिस से प्यार हुआ। मैंने कई बार आपके स्टाइल में खेलने की प्रैक्टिस की है। आप मेरे आदर्श हैं और रहेंगे...'

'विम्बलडन जीतना मेरे लिए सपने के सच होने जैसा है। मैंने कभी नहीं सोचा था कि सिर्फ 20 साल की उम्र में विम्बलडन चैम्पियन बनूंगा। मुझे खुद पर गर्व है। मुझे ग्रास कोर्ट से अब प्यार हो गया। मैं बेशक वर्ल्ड नंबर-1 हूं, पर अभी बहुत छोटा हूं। मेरे खेल को लेकर सभी फैसले माता-पिता और कोच लेते हैं।'

जोकोविच बोले- यकीन नहीं हो रहा मैं हार गया
जोकोविक ने मैच के बाद कहा, 'मैंने इस कोर्ट पर कई मुकाबले जीते। यहां हारना मेरे लिए इमोशंस से भरा रहा, यकीन नहीं हो रहा मैं आज जीत नहीं पाया। अल्कारेज ने शानदार खेल दिखाया, वह जीत डिजर्व कर रहे थे। उन्होंने घास कोर्ट पर बहुत कम मैच खेले थे, मुझे लगा कि क्ले और हार्ड कोर्ट पर ही अल्कारेज अच्छा कर सकते हैं, लेकिन जिस तरह उन्होंने घास पर खेल दिखाया, बेहद शानदार था।'

और भी

पहले ही दिन रोहित ने की शानदार कप्तानी, लिए बड़े फैसले

नई दिल्ली: भारत और वेस्टइंडीज के बीच दो टेस्ट मैचों की सीरीज चल रही है। बुधवार से पहले टेस्ट मुकाबला शुरू हो चुका है। टीम इंडिया के गेंदबाजों ने पहले ही दिन कमाल का खेल दिखाया। वेस्टइंडीज को सिर्फ 150 रन के स्कोर पर रोक दिया।  उम्मीद है कि टीम इंडिया 3 दिन के अंदर ही ये मुकाबला अपने नाम करने में सफल हो जाएगी।

शानदार गेंदबाजी के अलावा टीम के लिए फील्डरों ने कमाल की फील्डिंग की। पहले ईशान किशन ने और फिर गिल ने कमाल का कैच शॉर्ट लेग पर पकड़ा। इसके साथ ही रोहित ने कमाल की कप्तानी की। ऐसे-ऐसे फैसले लिए कि वेस्टइंडीज की टीम बाहर ही नहीं निकल सकी। मुकाबले में कप्तान रोहित ने पिच को अच्छे से पढ़ा। जडेजा और अश्विन दोनों को प्लेइंग में जगह दी। इसका नतीजा ये हुआ कि दोनों ने मिलकर 8 विकेट वेस्टइंडीज के चटका दिए।

अमूमन वेस्टइंडीज में तेज गेंदबाजों का बोलबाला रहता है। पर कल स्पिनर्स ने वेस्टइंडीज को फ्री होकर नहीं खेलने दिया। पिच के अलावा रोहित ने अपने बेस्ट फील्डर बेस्ट जगह पर लगाए। नतीजा ये हुआ कि कई अच्छे कैच देखने को मिले। कई कैच तो ऐसे थे कि जिन्हें देखकर सभी हैरान रह गए। लो कैच को ईशान किशन, गिल ने शानदार तरीके से पकड़ा।

मुश्किल को आसान दोनों खिलाड़ियों ने बना दिया था। रोहित की कप्तानी ऐसी रही कि उसका असर उनकी बल्लेबाजी में भी देखने को मिला। रोहित का आत्मविश्वास सातवें आसमान पर था। हर एक शॉट्स रोहित के बल्ले के बीचो बीच में से निकल रहे थे। उम्मीद करते हैं कि रोहित अपनी पारी को बड़ी जरूर बनाएंगे। 

 

और भी

भारतीय टीम ने इंडोनेशिया ओपन का खिताब जीता

 दिल्ली-भारत की जोड़ी चिराग शेट्टी और सात्विक साईराज ने इंडोनेशियाई ओपन जीता। चिराग-सात्विक की जोड़ी ने मलेशियाई दूसरी वरीयता प्राप्त हारून चिया और वूई यिक सोह को सीधे सेटों में 21-17, 21-18 से हराया।

चिराग-सात्विक की जोड़ी BWF वर्ल्ड टूर सुपर 1000 का खिताब जीतने वाली पहली भारतीय जोड़ी बनी। इतना ही नहीं, बल्कि वे चारों BWF वर्ल्ड टूर खिताब - सुपर 100, सुपर 300, सुपर 500, सुपर 750 और सुपर 1000 जीतने वाली एकमात्र भारतीय जोड़ी हैं।

दोनों पक्षों ने बहुत कड़ा संघर्ष किया, और जीत हासिल की

फाइनल में भारतीय टीम और मलेशियाई टीम के बीच कड़ा मुकाबला हुआ। दोनों पक्षों के बीच कांटे की टक्कर हो गई। इंडियन स्टार्स ने 2-0 के स्कोर के साथ सीधे मैच जीत लिया। पहले गेम में भारतीय टीम ने मलेशियाई खिलाड़ियों को 21-17 से हराया। इसके बाद दूसरे गेम का स्कोर 21-18 रहा। दूसरे शब्दों में, दो खेलों के परिणाम के बीच का अंतर 5 अंकों से कम है।

43 मिनट तक चले इस खेल में शुरुआत में मलेशियाई खिलाड़ी को फायदा हुआ। भारतीय, जो 7 अंक से पीछे थे, ने जोरदार वापसी की और स्कोर 7-7 से बराबर कर दिया। उसके बाद, दोनों पक्षों ने 9-9 की बराबरी पर संघर्ष किया। अंत में भारतीय जोड़ी ने 1-0 की बढ़त बना ली और पहला गेम 21-17 से जीत लिया।

दूसरे गेम में दोनों पक्षों के बीच जोरदार मुकाबला हुआ। स्कोर का पीछा करते हुए 6 अंक हो गए हैं। भारतीय गोल्फरों ने इसके बाद बढ़त बना ली और अंत तक इसे बरकरार रखा।

और भी

भारत को ऑस्ट्रेलिया ने 209 रन से हराया, जीता वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप का खिताब

दिल्ली (छत्तीसगढ़ दर्पण) वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप का फाइनल मुक़ाबला भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच लंदन के द केनिंग्टन ओवल मैदान में खेला गया। इस मुक़ाबले में ऑस्ट्रेलिया ने शानदार प्रदर्शन करते हुए भारत को 209 रन से विशाल अंतर से हरा दिया है। इसी के साथ ऑस्ट्रेलिया पहली बार WTC चैम्पियन बन गई है। वहीं क्रिकेट के तीनों फॉर्मेट में वर्ल्ड चैम्पियन बनाने वाली पहली टीम है। इतना ही नहीं ऑस्ट्रेलिया आईसीसी की सभी ट्रॉफी जीतने वाली पहली टीम भी है।

इस मैच में भारत ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया और ऑस्ट्रेलिया को बल्लेबाजी करने का न्योता दिया। भारत का यह फैला बेहद खराब साबित हुआ और ऑस्ट्रेलिया ने भारतीय गेंदबाजों की जमकर धुनाई की। ऑस्ट्रेलिया ने ट्रेवीस हेड और स्टीव स्मिथ के शतकों की मदद से पहली पारी में 469 रन बनाए। ट्रेविस हेड ने 174 गेंद में 163 रन और स्टीव स्मिथ 268 गेंद में 121 रन की शानदार पारी खेली थी। जवाब में भारतीय टीम 296 रन ढेर हो गई थी। भारत के लिए अजिंक्य रहाणे ने 89 और शार्दुल ठाकुर ने 51 रन की पारी खेली थी। वहीं रवींद्र जडेजा ने भी 48 रन बनाए थे। ऑस्ट्रेलिया को पहली पारी में 173 रन की बढ़त मिली थी।

दूसरी पारी में एक बार फिर ऑस्ट्रेलिया ने बेहतरीन बल्लेबाजी की और 8 विकेट खोकर 280 रन बनाए। ऑस्ट्रेलिया ने चौथे दिन लांच के बाद पारी घोषित की और भारत को 444 रनों का लक्ष्य दिया है। यह लक्ष्य टेस्ट क्रिकेट के इतिहास्स में सबसे बड़े लक्ष्यों में से एक था। लेकिन फिर भी भारतीय फैंस को उम्मीद थी कि भारत कोई न कोई चमत्कार करेगा और इस लक्ष्य को पाने कि कोशिश करेगा। लेकिन ऐसा नहीं हुआ और भारतीय टीम एक बार फिर ताश के पत्तों कि तरह बिखर गई।

दूसरी पारी में विशाल लक्ष्य का पीछा करते हुए भारतीय टीम ने शानदार शुरुआत की। रोहित और गिल ने 41 रन की साझेदारी की, लेकिन 18 रन के निजी स्कोर पर गिल विवादित तरीके से आउट हो गए। इसके बाद रोहित भी 43 रन के निजी स्कोर पर नाथन लियोन का शिकार बने। वहीं, चेतेश्वर पुजारा 27 रन बनाकर कमिंस का शिकार बने। इसके बाद विराट कोहली और अजिंक्य रहाणे ने बेहतरीन साझेदारी की और भारतीय टीम मैच में बनी हुई है। चौथे दिन का खेल खत्म होने तक भारत का स्कोर तीन विकेट पर 164 रन था। विराट कोहली 44 और रहाणे 20 रन बनाकर खेल रहे थे।

लेकिन आखिरी दिन भारत के लिए अच्छा नहीं रहा। 179 रन के स्कोर पर भारत का चौथा विकेट गिरा। विराट कोहली 78 गेंद में 49 रन बनाकर आउट हुए। ऑफ स्टंप के बाहर की गेंद पर उन्होंने शॉट खेलने की कोशिश की और बोलैंड की गेंद पर स्टीव स्मिथ ने शानदार कैच पकड़ा। इसके तुरंत बाद रवींद्र जडेजा खाता खोले बिना पवेलियन लौट गए। बोलैंड ने उन्हें विकेटकीपर एलेक्स कैरी के हाथों कैच कराया।

212 रन के स्कोर पर भारत को बहुत बड़ा झटका लगा। पहली पारी में भारत के लिए शानदार बल्लेबाजी करने वाले अजिंक्य रहाणे 108 गेंद में 46 रन बनाकर आउट हो गए। मिचेल स्टार्क ने उन्हें विकेटकीपर एलेक्स कैरी के हाथों कैच कराया। इसके तुरंत बाद शार्दुल ठाकुर को नाथन लियोन ने डक पर आउट किया।

220 रन के स्कोर पर भारत का आठवां विकेट गिरा। उमेश यादव 12 गेंद में एक रन बनाकर आउट हुए। मिचेल स्टार्क ने उन्हें विकेटकीपर एलेक्स कैरी के हाथों कैच कराया। इसी के साथ लगातार दूसरी बार टेस्ट चैंपियनशिप के फाइनल में भारत हार गया और ऑस्ट्रेलिया चैम्पियन बन गया। ऑस्ट्रेलिया के लिए नाथन लियोन ने चार, स्कॉट बोलैंड ने तीन, मिचेल स्टार्क ने दो और पेट कमिंस ने एक विकेट झटके।

और भी

बर्लिन में ओलिम्पिक ग्रीष्‍मकालीन खेल के लिए भारतीय दल रवाना

नई दिल्ली (छत्तीसगढ़ दर्पण) सरकार ने वर्तमान ओलंपिक के लिए अब तक चार सौ पचास करोड़ रूपये व्‍यय किए हैं। यह राशि प्रशिक्षण, उपकरणों और अन्‍य सुविधाओं पर व्‍यय की गई है। आवश्यकता होने पर सरकार और अधिक सहयोग देगी ताकि पेरिस ओलंपिक-2024 में भारत नये रिकॉर्ड बना सके। 

केन्‍द्रीय खेल मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर ने नई दिल्‍ली में आयोजित एक समारोह में कहा कि भारत ने पिछले ओलंपिक, पैरालम्पिक और राष्ट्रमंडल खेलों में अब तक का सर्वोत्तम प्रदर्शन किया है। समारोह का आयोजन इसी महीने बर्लिन में होने वाले ग्रीष्मकालीन ओलम्पिक 2023 के लिए एक सौ अठानवे भारतीय खिलाड़ियों की टीम भेजने के अवसर पर किया गया था।

श्री ठाकुर ने कहा कि खिलाड़ियों के लिए लक्षित ओलंपिक पोडियम योजना शुरू करने के साथ खेल के लिए बजट बढ़ाया गया है। केन्‍द्र ने एशियाई खेलों की तैयारी के लिए अब तक दो सौ बीस करोड़ रूपये से अधिक मंजूर किये हैं। खेल मंत्री ने विश्वास व्‍यक्‍त किया कि इस वर्ष चीन में होने वाले एशियाई खेलों में भारत अब तक का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करेगा।

और भी

स्वितोलिना को हराकर सेमीफाइनल में पहुंचीं सबालेंका

पेरिस (छत्तीसगढ़ दर्पण) बेलारूस की एरिना सबालेंका ने मंगलवार को फ्रेंच ओपन के एकतरफा क्वार्टरफाइनल मुकाबले में यूक्रेन की एलिना स्वितोलिना को सीधे सेटों में हराकर सेमीफाइनल में प्रवेश कर लिया।

कोर्ट फिलिप-चैट्रियर पर खेले गये मुकाबले में सबालेंका ने स्वितोलिना को 6-4, 6-4 के सीधे सेटों में मात दी। पिछले साल रूस और बेलारूस के यूक्रेन पर संयुक्त आक्रमण के बाद रूसी या बेलारूसी खिलाड़ियों के साथ हाथ मिलाने से इनकार करने वाली स्वितोलिना और सबालेंका के बीच मुकाबले का सभी को बेसब्री से इंतजार था।

 

और भी

विश्व टेस्ट चैंपियनशिप से पहले आस्ट्रेलिया को बड़ा झटका, हेजलवुड टीम से बाहर

नई दिल्ली (छत्तीसगढ़ दर्पण)भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच 7 जून से विश्व टेस्ट चैंपियनशिप का फाइनल मैच खेला जाएगा। यह मैच इंग्लैंड के द ओवल में होगा। दोनों टीमों ने मुकाबले की तैयारी कर ली है। लेकिन इससे पहले ऑस्ट्रेलिया टीम को बड़ा झटका लगा है। कीवी ने अपने टीम में बदलाव किया है। चोटिल जोश हेजलवुड को रिप्लेस कर दिया है। उनके बदले में माइकल नेसर को टीम में शामिल किया गया है।

बता दें कि तेज गेंदबाज हेजलवुड एड़ी की चोट से जूझ रहे हैं। इस वजह से उन्हें अहम मुकाबले से बाहर कर दिया गया है। हेजलवुड आईपीएल 2023 में RCB का हिस्सा थे। वह आईपीएल सीजन की शुरुआत में चोटिल हो गए थे। पहला हाफ मिस करने के बाद हालांकि उन्होंने वापसी की, लेकिन फिर चोटिल होकर स्वदेश लौट गए।

हेजलवुड की जगह शामिल किये गए माइकल नेसर ने अपने करियर में सिर्फ दो टेस्ट मैच खेले हैं। वहीं हाल ही में हुए काउंटी चैंपियनशिप में शानदार प्रदर्शन किया है। 5 मैचों में 19 विकेट चटकाए हैं। एक मुकाबले में उन्होंने शतकीय पारी भी खेली। 

 
और भी

यशकीरत का एशियन गेम्स के लिए इंडिया कैंप में चयन

चंडीगढ़ (छत्तीसगढ़ दर्पण)। शहर की फेसिंग खिलाड़ी यशकीरत कौर हेयर का चयन चीन में होने वाले एशियन गेम्स के लिए इंडिया कैंप में किया गया है। कैंप में शामिल होने पर उनकी फेसिंग कोच चरणजीत कौर ने खुशी जाहिर करते हुए कहा कि यह शहर के युवा फेसिंग खिलाडिय़ों के लिए बेहतरीन उदाहरण हैं, जिससे युवा खिलाड़ी उभरकर सामने आएगे।

उन्होंने कहाकि कैंप के बाद फाइनल खिलाडिय़ों का चयन फेडरेशन की तरफ से किया जाएगा। हमें उम्मीद हैं कि वह टीम में भी जगह बनाएगी। इसके साथ ही उन्होंने बताया कि खेलो इंडिया यूनिवर्सिटी गेम्स में बुधवार को यशकीरत कौर हेयर ने रजत पदक हासिल किया हैं। भारत सरकार के मिशन ओलंपिक के लिए शुरू किए गए अभियान खेलो इंडिया में भी चंडीगढ़ से यशकीरत कौर एकमात्र तलवारबाज है। जिसका चयन हुआ है।

खेलो इंडिया अभियान केतहत पूरे देश में अलग अगल खेलो की टीमों को बनाया है। जो कि अगले ओलंपिक खेलों में देश की ओर से शिरकत करेगी। जो खिलाड़ी इस अभियान के तहत चुने गए हैं। उन्हें एक साल के 1 लाख 20 हजार रुपये भी मिल रहे हैं।

 

 

और भी

केरला ब्लास्टर्स एफसी ने प्रबीर दास के साथ 3 साल का करार किया

नई दिल्ली (छत्तीसगढ़ दर्पण)केरला ब्लास्टर्स एफसी ने फुल-बैक प्रबीर दास की सेवाएं हासिल कर ली हैं, जिन्होंने क्लब के लिए तीन साल का करार किया है। क्लब ने गुरुवार को यह घोषणा की। दास ने अतीत में एटीके एफसी, एटीके मोहन बागान और बेंगलुरु एफसी का प्रतिनिधित्व किया है, आगामी इंडियन सुपर लीग (आईएसएल) सीजन में पीली जर्सी दान करेंगे।

पश्चिम बंगाल के इस फुटबॉलर ने आईएसएल में 106 मैच खेले हैं और उनके नाम सात असिस्ट हैं। उन्होंने अपने करियर में अब तक 63 मौके बनाए हैं और खुद को लीग में सर्वश्रेष्ठ अटैकिंग फुल-बैक में से एक के रूप में विकसित किया है।

फ्लैंक्स के ऊपर और नीचे दौड़ने की उनकी क्षमता मुख्य कोचों को सामरिक लचीलापन प्रदान करती है, क्योंकि वह बैक फोर के साथ-साथ बैक थ्री में समान रूप से प्रभावी ढंग से काम कर सकते हैं।

केरला ब्लास्टर्स स्पोर्टिग के निदेशक कारोलिस स्किंकिस ने एक मीडिया विज्ञप्ति में कहा, प्रबीर दास को खिताब जीतने के अनुभव के साथ टीम में शामिल किया गया है। हम उम्मीद करते हैं कि एक वरिष्ठ खिलाड़ी के रूप में उनकी उपस्थिति से टीम के युवा सदस्यों पर सकारात्मक प्रभाव पड़ेगा।

उन्होंने कहा, उन्होंने विभिन्न टूर्नामेंटों में भारत के कुछ सर्वश्रेष्ठ फुटबॉलरों के साथ और उनके खिलाफ खेला है और यह ज्ञान उनके कौशल के साथ मिलकर टीम के लिए फायदेमंद साबित होना चाहिए। मैं प्रबीर को आगामी सत्र के लिए शुभकामनाएं देता हूं।

इस बीच, दास सीजन के अपने पहले घरेलू खेल में केरला ब्लास्टर्स एफसी के प्रशंसकों द्वारा स्वागत किए जाने की उम्मीद कर रहे हैं। ऑस्ट्रेलियाई फारवर्ड जौशुआ सोतिरियो की सेवाएं लेने के बाद दास केरला ब्लास्टर्स एफसी की गर्मियों में दूसरी साइनिंग हैं।

 

 

और भी

पहली बार सुपर 500 टूर्नामेंट के शीर्ष-आठ में जॉर्ज

बैंकॉक (छत्तीसगढ़ दर्पण) भारत के युवा प्रतिभावान शटलर किरण जॉर्ज ने थाईलैंड ओपन में अपना विजय अभियान आगे बढ़ाते हुए गुरुवार को प्री-क्वार्टरफाइनल में चीन के वेंग होंग यांग को हराकर पहली बार सुपर 500 टूर्नामेंट के क्वार्टरफाइनल में प्रवेश कर लिया। जॉर्ज ने मात्र 39 मिनट चले पुरुष एकल मुकाबले में होंग यांग को 21-11, 21-19 से मात दी। यांग ने पहले चरण में भारत के किदांबी श्रीकांत को हराया था। जॉर्ज अब क्वार्टरफाइनल में फ्रांस के टोमा जूनियर पोपोव से भिड़ेंगे।

और भी

शतरंज की दुनिया का अग्रणी देश बनने वाला है भारत : कार्लसन

नई दिल्ली (छत्तीसगढ़ दर्पण) पांच बार के विश्व चैंपियन मैगनस कार्लसन ने देश से उभरती प्रतिभाओं की सराहना करते हुए कहा है कि भारत जल्द ही शतरंज की दुनिया का अग्रणी देश बनने वाला है। कार्लसन ने ग्लोबल चेस लीग (जीसीएल) की ओर से मंगलवार को जारी एक विज्ञप्ति में कहा, मुझे लगता है कि भारत में अभी बहुत कुछ सही हो रहा है। यह दुनिया का अग्रणी शतरंज देश बनने वाला है, कुछ ही समय की बात है।

कार्लसन को 21 जून से दो जुलाई के बीच दुबई में होने वाले जीसीएल के लिये 'आइकन खिलाड़ी' चुना गया है। यह आयोजन टेक महिंद्रा और अंतरराष्ट्रीय शतरंज महासंघ (फिडे) के तत्वावधान में किया जा रहा है। जीसीएल अपने तरह की पहली शतरंज लीग है जहां दुनिया भर के सितारे छह अलग-अलग टीमों का प्रतिनिधित्व करेंगे।

कार्लसन ने जीसीएल के बारे में कहा, इसका (जीसीएल) हिस्सा बनना मेरे लिये एक रोमांचक अवसर है। ऐसा कुछ पहले बोर्ड पर नहीं किया गया है। मैं इस प्रारूप के भविष्य को देखने के लिये उत्साहित हूं। उन्होंने कहा, मैं भारतीय खिलाड़ियों की रोमांचक युवा पीढ़ी के साथ और उनके खिलाफ प्रतिस्पर्धा करने के लिये उत्सुक हूं। इस टूर्नामेंट के बारे में वास्तव में अच्छी चीजों में से एक यह है कि पुरुष और महिलाएं एक ही मंच पर एक दूसरे के खिलाफ प्रतिस्पर्धा कर सकते हैं।

लीग में छह टीमें डबल राउंड-रॉबिन प्रारूप में कुल 10-10 मैच खेलेंगी। लीग चरण के समापन के बाद शीर्ष दो टीमें दो जुलाई, 2023 को फाइनल के लिये क्वालीफाई करेंगी और विजेता को विश्व चैंपियन फ्रेंचाइजी टीम का ताज पहनाया जाएगा।

 
और भी

आईपीएल 2023: मुंबई ने लखनऊ को 81 रनों से हराया

दिल्ली (छत्तीसगढ़ दर्पण) इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2023 का एलिमिनेटर मुकाबला लखनऊ सुपर जाएंट्स (एलसीजी) और पांच बार की चैम्पियन मुंबई इंडियंस (एमआई) के बीच खेला गया।

चेन्नई के एम ए चिदंबरम स्टेडियम में खेले गए इस मैच में मुंबई इंडियंस ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए लखनऊ सुपर जाएंट्स को 81 रनों के बड़े अंतर से हरा दिया। इस जीत के साथ मुंबई दूसरे क्वालिफायर में पहुंच गई है। जहां उनका मुक़ाबला गत चैम्पियन गुजरात टाइटन्स से होगा।

मुंबई के लिए आकाश मधवाल ने रिकॉर्ड तोड़ गेंदबाजी की और 3.3 ओवर में 5 रन देकर 5 विकेट लिए। इसी के साथ मधवाल ने दिग्गज स्पिन गेंदबाज अनिल कुंबले के रिकॉर्ड की बराबरी कर ली है।

कुंबले ने भी 2009 में मात्र 5 रन देकर 5 विकेट झटके थे। इस जीत के साथ मुंबई का प्लेऑफ में शानदार प्रदर्शन जारी है। मुंबई ने इससे पहले 5 बार प्लेऑफ में जगह बनाई है और हर बार खिताब जीता है।

इस मैच में मुंबई इंडियंस ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। मुंबई के बल्लेबाजों ने जैसी शुरुआत की थी उससे ऐसा लग रहा था कि टीम 200 के करीब रन बनाएगी।

लेकिन नवीन उल हक़ की बेनहतरीन गेंदबाजी ने मुंबई के बल्लेबाजों को ऐसा करने से रोक दिया। मुंबई ने निर्धारित 20 ओवर में 8 विकेट खोकर 182 रन बनाए। मुंबई के लिए सबसे ज्यादा 41 रन कैमरून ग्रीन ने बनाए।

उनके अलावा सूर्यकुमार यादव ने 33, तिलक वर्मा ने 26 और नेहल वधेरा ने 23 रनों की पारी खेली। लखनऊ सुपर जाएंट्स के लिए नवीन उल हक़ ने 4 ओवर में 38 रन देकर चार विकेट झटके।

जवाब में में लखनऊ की टीम 16.3 ओवर में सिर्फ 101 रन पर ही सिमट गई। लखनऊ के लिए सबसे ज्यादा 40 रन मार्कस स्टोइनिस ने बनाए। वहीं दीपक हुडा ने 15 और काइल मेयर्स ने 18 रन की पारी खेली।

इन बल्लेबाज को अलावा बाकी कोई भी बल्लेबाज दहाई का आंकड़ा भी नहीं छू पाया। मुंबई के आकाश मधवाल ने पांच विकेट लिए। क्रिस जोर्डेन और पीयूष चावला ने एक-एक विकेट लिए।

और भी

मेरे पास संन्यास का फैसला करने के लिए 8-9 महीने का समय: धोनी

चेन्नई (छत्तीसगढ़ दर्पण)। महेंद्र सिंह धोनी अपने भविष्य के प्रयासों को निर्धारित करने के लिए शांत और धैर्यवान बने रहे। क्वालीफायर 1 में गत चैंपियन गुजरात टाइटन्स (जीटी) पर जीत के साथ चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) को आईपीएल 2023 के फाइनल में पहुंचाने के बाद, धोनी ने कहा कि उनके पास यह तय करने के लिए पर्याप्त समय है कि क्या वह आईपीएल का एक और संस्करण खेलेंगे।

चेन्नई ने मंगलवार रात एमए चिदंबरम स्टेडियम में क्वालीफायर-1 में गुजरात को 15 रन से हरा दिया। इस जीत के साथ सुपर किंग्स रिकॉर्ड 10वें आईपीएल फाइनल में पहुंच गई है।

2023 आईपीएल के शुरू होने के बाद से धोनी की संभावित सेवानिवृत्ति के बारे में अटकलें चल रही हैं, यह संकेत देते हुए कि यह संस्करण आईपीएल में उनकी अंतिम उपस्थिति को चिह्न्ति कर सकता है।

मैच के बाद की प्रस्तुति में जब वह बातचीत के लिए गए तो चेपॉक की विशाल भीड़ से धोनी धोनी की आवाजें लग रही थीं।

 

 

और भी

आईसीसी महिला टी20 वर्ल्ड कप क्वालिफायर की मेजबानी करेगा युगांडा

कंपाला (छत्तीसगढ़ दर्पण)अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) ने आईसीसी महिला टी20 वर्ल्ड कप क्वालीफायर के अंतिम दौर की मेजबानी के लिए युगांडा को चुना है। युगांडा क्रिकेट एसोसिएशन (यूसीए) के मुख्य कार्यकारी अधिकारी एलन मुगुमे ने इस फैसले की पुष्टि की।

राजधानी कंपाला के लुगोगो क्रिकेट ओवल में होने वाला इवेंट 7-18 दिसंबर को है। मेजबान युगांडा सहित आठ टीमें इसमें हिस्सा लेंगी -- जिम्बाब्वे, तंजानिया, रवांडा, नाइजीरिया, नामीबिया और दो अन्य सहित टीमें इसमें हिस्सा लेंगी।

आईसीसी के अनुसार, शीर्ष दो टीमें अफ्रीका का प्रतिनिधित्व करने के लिए वैश्विक क्वालीफायर के लिए खेलेंगी। महिला टी20 विश्व कप 2024 बांग्लादेश में आयोजित किया जाएगा। यूसीए के संचालन प्रबंधक जोशुआ म्वांजा ने युगांडा को इस आयोजन की मेजबानी देने के लिए आईसीसी को धन्यवाद दिया।

म्वांजा ने कहा, हम टी20 महिला क्वालीफायर की मेजबानी करने के लिए उत्साहित हैं। यह इस विश्वास को दर्शाता है कि आईसीसी के पास इतने बड़े आयोजन की मेजबानी करने की हमारी क्षमता है। युगांडा ने 2017 में नामीबिया में अफ्रीकी क्षेत्रीय क्वालीफायर जीतने के बाद नीदरलैंड में 2018 में टी20 महिला वैश्विक क्वालीफायर में खेला था।

और भी

इतिहास रचने वाली बस्तर की बेटियों का जोरों शोरों से स्वागत

जगदलपुर (छत्तीसगढ़ दर्पण)। 6वीं राष्ट्रीय मिक्स मार्शल आर्ट प्रतियोगिता, लखनऊ (उत्तर प्रदेश) में 17 से 21 मई तक आयोजित हुई। जिसमें बस्तर जिला और बस्तर मार्शल आर्ट्स अकादमी की बेटियों ने 5 स्वर्ण और एक कांस्य पदक प्राप्त किया जिसमे अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी पलक नाग ने फिर से सीनियर वेल्टर वेट में  स्वर्ण पदक प्राप्त किया, वही माही डोंगरे ने यूथ सी 57 किग्रा स्वर्ण पदक, येजीन श्रेया सुना ने यूथ सी 44किग्रा स्वर्ण पदक, तनुप्रिया दत्ता ने यूथ बी 44 कि.ग्रा. स्वर्ण पदक, सेमीकॉन्टेक्ट में श्रिया शर्मा ने बॉटम वेट में स्वर्ण पदक और माही मेश्राम ने यूथ ए 52 किग्रा. में कांस्य पदक प्राप्त किया। इन सभी खिलाड़ियों के प्रथम आगमन पर शहर में जोरों शोरों से स्वागत किया गया।


ये सभी खिलाड़ी बस्तर मार्शल आर्ट अकादमी में प्रैक्टिस करते है ये दूसरा साल है जिसमें मिक्स मार्शल आर्ट प्रतियोगिता में बस्तर की बेटियों ने अपना जौहर दिखाया है और इतिहास रच रही है। जिन खिलाड़ियों ने स्वर्ण पदक प्राप्त किए है वो आगामी होने वाले अंतर्राष्ट्रीय प्रतियोगिता में भारत देश का प्रतिनिधित्व करेंगे ।इसकी इस उपलब्धि  पर एमएमए इंडिया के अध्यक्ष शरीफ बापू, एमएमए इंडिया के जॉइंट सेक्रेटरी और छत्तीसगढ़ मिक्स मार्शल आर्ट एसोसिएशन के सेक्रेटरी नितिन सिंह और एमएमए इंडिया की राष्ट्रीय मेडिकल कमीशन की अध्यक्ष और छतीसगढ़ मिक्स मार्शल आर्ट एशोसिएशन की कोषाध्यक्ष डॉ दिव्या खरे और सर्टिफाइड कोच व रेफरी कु. ममता पांडेय ने बधाई दी और साथ ही रोजविन दास, बस्तर मार्शल आर्ट अकादमी के अध्यक्ष विजयपाल सिंह, सचिव भगत सोनी, संरक्षक गौतम कुंडू, सर्टिफाइड कोच व रेफरी मार्कण्डेय सिंह, परमेन्द्र माला, एम. प्रशांत नायडू, गुरप्रीत कौर सैनी, ज्योति कुमार और इनके परिवार वालों ने भी बधाई एवम शुभकामनाएं  दी है।

 

 

और भी

नीरज चोपडा पुरूषों की भाला फैंक प्रतियोगिता में विश्‍व के नम्‍बर एक खिलाडी बने

नई दिल्ली  (छत्तीसगढ़ दर्पण)। टोक्यो ओलंपिक में स्वर्ण पदक विजेता भारतीय नीरज चोपड़ा पुरुषों की भालाफेंक स्पर्धा में विश्व के नंबर एक खिलाड़ी बन गए हैं। विश्व एथलेटिक्स की ओर से जारी रैंकिंग में नीरज चोपड़ा 14 सौ 55 अंकों के साथ शीर्ष पर हैं। वे ग्रेनेडा के एंडरसन पीटर्स से 22 अंक आगे हैं। नीरज चोपड़ा 30 अगस्त 2022 से अभी तक विश्व रैंकिंग में दूसरे स्थान पर थे, लेकिन पीटर्स को पीछे छोड़कर वे इस सप्ताह शीर्ष पर पहुंच गए हैं।

चेक रिपब्लिक के याकूब वादलेज्च 14 सौ 10 अंको के साथ तीसरे और जर्मनी के जुलियन वेबर 13 सौ 85 अंकों के साथ चौथे स्थान पर हैं, जबकि पाकिस्तान के अरशद नदीम 13 सौ छह अंकों के साथ पांचवें स्थान पर हैं।

 

 

और भी

डेनियल मेदवेदेव ने होल्गर रून को हराकर इटली ओपन टेनिस का खिताब जीता

नई दिल्ली (छत्तीसगढ़ दर्पण)। विश्व के नंबर तीन टेनिस खिलाड़ी रुस के दानिल मेदवेदेव ने फाइनल में डेनमार्क के होल्गर रुन को 7-5, 7-5 से हराकर इटली ओपन टेनिस में पुरुष सिंगल्स का खिताब जीत लिया। मेदवेदेव का इस वर्ष का यह पांचवा खिताब है और वे विश्व रैंकिंग में दूसरे स्थान पर पहुंच गए हैं।

पुरुष डबल्स का खिताब मोनाको के ह्यूगो नाइस और पोलैंड के जेन जेलिंस्की ने अपने नाम किया। फाइनल में इस जोड़ी ने नीदरलैंड के रोबिन हैसे और बोटिक वैन डी जैंड्सचुल्प की जोड़ी को 7-5, 6-1 से हराया। महिला डबल्स में ऑस्ट्रेलिया की स्टॉर्म हुन्टर और बेल्जियम की एलिस मर्टेंस की जोड़ी ने अमरीका की कोको गॉफ और जेसिका पेगुला की जोड़ी को 6-4, 6-4 से पराजित किया।

इससे पहले कजाकिस्तान की एलिना रिबाकिना ने महिला सिंगल्स के फाइनल में यूक्रेन की एनेहेलिना कलिनिना पर जीत हासिल की। कलिनिना घायल होने के कारण पूरा मैच नहीं खेल पायीं। मैच से बाहर होने के समय रिबाकिना 6-4, एक-शून्य से आगे थी। विश्व के नंबर तीन टेनिस खिलाड़ी रुस के दानिल मेदवेदेव ने फाइनल में डेनमार्क के होल्गर रुन को 7-5, 7-5 से हराकर इटली ओपन टेनिस में पुरुष सिंगल्स का खिताब जीत लिया। मेदवेदेव का इस वर्ष का यह पांचवा खिताब है और वे विश्व रैंकिंग में दूसरे स्थान पर पहुंच गए हैं।

पुरुष डबल्स का खिताब मोनाको के ह्यूगो नाइस और पोलैंड के जेन जेलिंस्की ने अपने नाम किया। फाइनल में इस जोड़ी ने नीदरलैंड के रोबिन हैसे और बोटिक वैन डी जैंड्सचुल्प की जोड़ी को 7-5, 6-1 से हराया। महिला डबल्स में ऑस्ट्रेलिया की स्टॉर्म हुन्टर और बेल्जियम की एलिस मर्टेंस की जोड़ी ने अमरीका की कोको गॉफ और जेसिका पेगुला की जोड़ी को 6-4, 6-4 से पराजित किया।

इससे पहले कजाकिस्तान की एलिना रिबाकिना ने महिला सिंगल्स के फाइनल में यूक्रेन की एनेहेलिना कलिनिना पर जीत हासिल की। कलिनिना घायल होने के कारण पूरा मैच नहीं खेल पायीं। मैच से बाहर होने के समय रिबाकिना 6-4, एक-शून्य से आगे थी।

और भी