खेल - Newsportal | Chhattisgarh Darpan Media Group

खेल

आईपीएल के सबसे महंगे खिलाड़ी बने स्टार्क, केकेआर ने 24 करोड़ में ख़रीदा...

नई दिल्ली: इंडियन प्रीमियर लीग-2024 के लिए दुबई में खिलाड़ियों की नीलामी हो रही है। इस मिनी ऑक्शन में 332 खिलाड़ियों की किस्मत का फैसला होना है, जिसमें 216 भारतीय और 116 विदेशी प्लेयर्स हैं. इन 332 खिलाड़ियों को 19 सेट में विभाजित किया गया है। लिस्ट में 23 प्लेयर ऐसे हैं, जिनका बेस प्राइस 2 करोड़ रुपए है।


सबसे महंगे खिलाड़ी बने मिचेल स्टार्क
इस नीलामी में मिचेल स्टार्क ने इतिहास रच दिया है। मिचेल स्टार्क आईपीएल इतिहास के सबसे महंगे खिलाड़ी बन गए है। कोलकता नैट राइडर्स की टीम ने मिचेल स्टार्क को 24.75 करोड़ रुपए की बोली लगाकर अपनी टीम में शामिल कर लिया है। कोलकाता नाइट राइडर्स ने मिचेल स्टार्क को 24.75 करोड़ रुपए की रिकॉर्डतोड़ कीमत में खरीदा है। मिचेल स्टार्क का बेस प्राइस दो करोड़ रुपये था। स्टार्क को खरीदने के लिए गुजरात टाइटन्स ने भरसक प्रयास किया, लेकिन अंत में वह केकेआर से नहीं जीत पाई।

 

 

और भी

भारत-साउथ अफ्रीका टेस्ट सीरिज 26 से

 टखने की चोट से जूझ रहे मोहम्मद शमी का खेलना मुश्किल

नई दिल्ली: भारत और साउथ अफ्रीका के बीच दो टेस्ट मैचों की सीरीज खेली जाएगी।  भारत और साउथ अफ्रीका के बीच पहला टेस्ट 26 दिसंबर को सेंचुरियन में होगा। दूसरा टेस्ट केपटाउन के न्यूलैंड्स में है। टेस्ट सीरीज के लिए टीम इंडिया का कप्तान रोहित शर्मा को बनाया गया है। वहीं साउथ अफ्रीका के कैप्टन टेम्बा बावुमा हैं। लेकिन अब टेस्ट सीरीज से पहले ही टीम इंडिया के लिए बड़ी खबर सामने आई है। भारतीय टीम के एक स्टार तेज गेंदबाज का टेस्ट सीरीज में खेलना मुश्किल लग रहा है। क्रिकबज की रिपोर्ट के मुताबिक मोहम्मद शमी का साउथ अफ्रीका के खिलाफ टेस्ट सीरीज में भाग लेना मुश्किल है। रिपोर्ट में आगे कहा गया है कि अगर उन्हें साउथ अफ्रीका के खिलाफ दोनों मैचों से बाहर कर दिया जाता है तो कोई आश्चर्य की बात नहीं होगी। शमी टखने की चोट से जूझ रहे हैं और वह बाकी प्लेयर्स के साथ साउथ अफ्रीका का सफर नहीं करेंगे। भारतीय कप्तान रोहित शर्मा 15 दिसंबर को साउथ अफ्रीका के लिए रवाना होंगे। वहीं कप्तान के अलावा विराट कोहली, जसप्रीत बुमराह, आर. अश्विन, नवदीप सैनी और हर्षित राणा दुबई के रास्ते साउथ अफ्रीका के लिए उड़ान भरेंगे।

बीसीसीआई ने टीम चयन के मौके पर ही क्लियर कर दिया था कि शमी का इस समय इलाज चल रहा है और उनकी उपलब्धता फिटनेस पर निर्भर है। वह इस समय टखने की चोट से पीडि़त हैं और उन्हें गेंदबाजी करते समय दर्द हो रहा था। मोहम्मद शमी ने पिछले कुछ समय से टीम इंडिया के लिए अच्छा प्रदर्शन किया है। उन्होंने वनडे वल्र्ड कप 2023 में भारत के लिए 24 विकेट अपने नाम किए थे और वर्ल्ड कप में भारत के लिए सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज हैं।

और भी

वर्ल्ड कप 2023 हार के बाद रोहित शर्मा का आया रिएक्शन, कहा- 'आगे बढ़ना पड़ता है'

नई दिल्ली: वर्ल्ड कप 2023 फाइनल में ऑस्ट्रेलिया से मिली हार को अभी भी भारतीय फैंस भूल नहीं पाए हैं। इस हार से सिर्फ फैंस ही नहीं बल्कि खिलाड़ी भी अछूते नहीं रहे। वहीं अब भारतीय कप्तान रोहित शर्मा का बयान सामने आया है। ऑस्ट्रेलिया से खिताब हारने के बाद रोहित शर्मा ने पहली बार खुलकर बात की और एक वीडियो में बताया कि उन्होंने इस हार से बाहर आने के लिए क्या किया?

इस दौरान रोहित ने कहा कि फाइनल के बाद, वापस आना और आगे बढ़ना शुरू करना बहुत कठिन था। यही कारण है कि मैंने फैसला किया कि मुझे अपना दिमाग इससे बाहर निकालना होगा। लेकिन फिर, मैं जहां भी था, मुझे एहसास हुआ कि लोग मेरे पास आ रहे थे और वे सभी हमारे प्रयास की सराहना कर रहे थे। हमने कितना अच्छा खेला है। मैं उन सभी के लिए महसूस कर सकता हूं। वे सभी, हमारे साथ उस वर्ल्ड कप को उठाने का सपना देख रहे थे।

 


भारतीय कप्तान ने आगे कहा कि, इस पूरे अभियान के दौरान हम जहां भी गए, वहां सबसे पहले स्टेडियम में आने वाले सभी लोगों और घर से देखने वाले लोगों से भी बहुत समर्थन मिला। उस डेढ़ महीने की अवधि में लोगों ने हमारे लिए जो किया है मैं उसकी सराहना करना चाहता हूं। लेकिन फिर, अगर मैं इसके बारे में ज्यादा से ज्यादा सोचता हूं तो मुझे काफी निरासा होती है कि हम पूरे रास्ते तक जाने में सफल नहीं हो पाए।

 


रोहित ने खुलासा किया कि फैंस ने उन पर प्यार बरसाना जारी रखा और जब भी वह उनसे मिले तो उन्होंने टीम और उनकी सराहना की है। 

 

 
और भी

जूनियर महिला टेनिस खिलाड़ियों को समर्थन देने के लिए लांच हुआ ‘प्रोजेक्ट ग्रैंडस्लैम’

नई दिल्ली: पिछले पांच वर्षों में कोई भी भारतीय महिला टेनिस खिलाड़ी जूनियर ग्रैंडस्लैम में जगह नहीं बना सकी है जिससे चिंतित होकर ‘लक्ष्य स्पोर्ट्स एंड अमलगम स्टील’ ने ‘प्रोजेक्ट ग्रैंडस्लैम’ लांच किया है। इस महत्वकांक्षी परियोजना का मकसद कड़ी प्रक्रिया के जरिये चुनी गयी पांच खिलाड़ियों को पूर्ण समर्थन देना होगा। इसके अंतर्गत युवा खिलाड़ियों का जमीनी स्तर पर मार्गदर्शन देने के अलावा विश्व स्तरीय टेनिस खिलाड़ी के रूप में तैयार करने के लिए पूर्ण सहायता दी जायेगी। पहले चरण में माया राजेश्वरन, प्रिशा शिंदे, काशवी सुनील, ऐश्वर्या जाधव, ऋषिता रेड्डी, नैनिका रेड्डी, याशिका शौकीन, सेजल भुटाडा और आकृति सोनकुसारे को इस परियोजना के लिए छांटा गया है।

कोल्हापुर में हाल में हुई राष्ट्रीय प्रतियोगिता के जरिये करीब 100 खिलाड़ियों को पहचाना जायेगा और फिर उनके प्रदर्शन को देखकर इस सूची में नौ खिलाड़ियों को रखा जायेगा। इसके बाद परियोजना के जरिये मदद के लिए चार या पांच खिलाड़ियों को चुना जायेगा।

 

 

और भी

भारत ने T20 सीरीज पर किया कब्जा

रायपुर: भारत ने ऑस्ट्रेलिया को हराकर सीरीज़ अपने नाम कर लिया है। भारत की टीम ने रायपुर के शहीद वीर नारायण सिंह इंटरनेशनल स्टेडियम में 175 रनों का लक्ष्य दिया था। जिसके बाद ऑस्ट्रेलिया की टीम ने शुरुआत तो बहुत ज्यादा रनों के साथ की लेकिन भातरीय स्पिनरों ने अपनी गेंदबाजी से भारत को जीत दिलाई।

 

टीम इंडिया और ऑस्ट्रेलिया के बीच पांच मैचों की टी20 सीरीज का चौथा मुकाबला आज खेला जा रहा हैं. दोनों टीमों के बीच यह मुकाबला शहीद वीर नारायण सिंह अंतर्राष्ट्रीय स्टेडियम में खेला जा रहा हैं. टीम इंडिया की कमान सूर्यकुमार यादव के हाथों में है. वहीं ऑस्ट्रेलियाई टीम के कप्तान मैथ्यू वेड है. सूर्यकुमार यादव की कप्तानी में ही टीम इंडिया ने शुरुआती दो मुकाबलों में जीत दर्ज की थीं।

 

 

और भी

विजय हजारे ट्रॉफी में तमिलनाडु ने बंगाल को पांच विकेट से हराया

मुंबई: विजय हजारे ट्रॉफी के ग्रुप मुकाबलों में सोमवार तमिलनाडु, कर्नाटक,राजस्थान, आंध्र प्रदेश, मुंबई, पुड्डुचेरी,   गुजरात ने अपने-अपने मुकाबलों में जीत दर्ज की। तमिलनाडु ने क्रिकेट क्लब ऑफ इंडिया में विजय हजारे ट्रॉफी ग्रुप ई मुकाबले में बंगाल को पांच विकेट से हराया।

आज यहां गीली आउटफील्ड के कारण देरी से बल्लेबाजी करने उतरी बंगाल को तमिलनाडु के गेंदबाजों के सामने कड़ी परीक्षा का सामना करना पड़ा और उसने चार ओवर में 12 रन पर तीन विकेट गंवा दिये थे लेकिन उसके बाद

अभिषेक पोरेल (14), अनुष्टुप मजूमदार (11), शाकिर हबीब गांधी (19) और शाहबाज़ अहमद (20) सभी ने अच्छी शुरुआत की। लेकिन बंगाल को बड़ी पारी में बदलने में असफल रहे और पूरी टीम 23.4 ओवर में 84 रन पर सिमट गई।

तमिलनाडु के लिए संदीप वारियर ने 23 रन देकर चार विकेट, टी नटराजन ने 20 रन देकर दो विकेट, बाबा अपराजित ने 18रन देकर दो विकेट, आर साई किशोर और वरुण चक्रवर्ती ने एक-एक बल्लेबाज को आउट किया।

85 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी तमिलनाडु के बल्लेबाजों को भी शुरुआत के बाद बंगाल के गेंदबाजों के खिलाफ कड़ी चुनौती का सामना करना पड़ा। दिनेश कार्तिक की अगुवाई वाली टीम ने 65 रन पर पांच विकेट खो दिए, लेकिन बाबा इंद्रजीत (नाबाद 17) और शाहरुख खान (नाबाद 9) ने धैर्य से खेलते हुए तमिलनाडु को जीत दिलाई।

बंगाल के लिए मोहम्मद कैफ ने 12 गेंद पर दो विकेट लिये, ईशान पोरेल 40 गेंद पर दो विकेट और आकाश दीप 27 रन पर एक विकेट सर्वश्रेष्ठ गेंदबाज रहे।

तीन मैचों में दो जीत के बाद बंगाल बुधवार को अपने चौथे ग्रुप मैच में मध्य प्रदेश से भिड़ेगा। वहीं एक अन्य मुकाबले में कर्नाटक ने दिल्ली को 6 विकेट से हराया। कर्नाटक बनाम दिल्ली मुकाबले में पहले बल्लेबाजी करने उतरी दिल्ली की टीम 36.3 ओवर में सिर्फ 143 रन ही सकी।

आयुष बदोनी ने मैच में 100 रन की शानदार पारी खेली। कर्नाटक के लिए विधाथ कावेरप्पा और वासुकि कौशिक ने 3-3 विकेट लिए। कर्नाटक की टीम ने 27.3 ओवर में चार विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया। कर्नाटक की ओर से देवदत्त पडिक्कल ने 70 रन बनाये।

एक दूसरे मैच में राजस्थान क्रिकेट टीम और उत्तर प्रदेश क्रिकेट टीम के बीच एक बेहद ही रोमांचक मैच देखने को मिला। पहले बल्लेबाजी करते हुए राजस्थान की टीम ने 211 रन बनाए थे। भुवनेश्वर कुमार ने शानदार गेंदबाजी करते हुए चार विकेट लिये। 212 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी उत्तर प्रदेश की टीम 151 रन पर ही ऑलआउट हो गई। राहुल चाहर ने राजस्थान के लिए पांच विकेट लिए।

अन्य मुकाबलों में आंध्र प्रदेश की टीम ने असम को पांच विकेट से हराया। मुंबई ने रेलवे पर 26 रन से जीत दर्ज की। पुडुचेरी ने सिक्किम को आठ विकेट हराया। गुजरात ने अरुणाचल प्रदेश को आठ विकेट से हराया। विदर्भ ने महाराष्ट्र को पांच विकेट से और मध्य प्रदेश ने पंजाब को 88 रन से हराया। केरल, झारखंड, उत्तराखंड, छत्तीसगढ़ और वडोदरा ने भी अपने अपने मुकाबले जीते। बिहार और जम्मू कश्मीर के बीच मुकाबला रद्द रहा।

 
और भी

7वीं एलीट पुरुष राष्ट्रीय मुक्केबाजी का नेतृत्व करेंगे शिव थापा, अमित पंघाल

नई दिल्ली: छह बार के एशियाई चैंपियनशिप पदक विजेता शिव थापा (63.5 किग्रा) और 2019 विश्व चैंपियनशिप के रजत पदक विजेता अमित पंघाल (51 किग्रा) 7वीं एलीट पुरुष राष्ट्रीय मुक्केबाजी चैंपियनशिप में प्रतिस्पर्धा करने वाले शीर्ष मुक्केबाजों में से होंगे। यह चैंपियनशिप 25 नवंबर से एक दिसंबर तक शिलांग, मेघालय में आयोजित की जाएगी।

असम के शिव, जिन्होंने पिछले संस्करण में स्वर्ण पदक जीता था, उसी उपलब्धि को दोहराना चाहेंगे, जबकि सर्विसेज का प्रतिनिधित्व करने वाले अमित पंघाल भी प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक जीतने का लक्ष्य रखेंगे। अन्य बड़े नाम जो एलीट मेन्स नेशनल्स के 7वें संस्करण में प्रतिस्पर्धा करते नजर आएंगे, उनमें टोक्यो ओलंपियन आशीष कुमार (80 किग्रा), 2021 एशियाई चैंपियन संजीत (92 किग्रा), 2021 यूथ वर्ल्ड चैंपियन सचिन (57 किग्रा), टोक्यो ओलंपिक क्वार्टर फाइनलिस्ट सतीश ( 92+किग्रा) और 2022 सीडब्ल्यूजी रजत पदक विजेता सागर (92किग्रा) आरएसपीबी के लिए खेलेंगे।

आशीष हिमाचल प्रदेश का प्रतिनिधित्व करेंगे जबकि संजीत, सतीश और सचिन सर्विसेज के लिए रिंग में उतरेंगे। प्रतियोगिता में पदक जीतने के लिए 13 भार वर्गों में प्रतिस्पर्धा करने वाली 35 इकाइयों के 350 से अधिक मुक्केबाज भाग लेंगे। टीम एसएससीबी को टूर्नामेंट के पिछले संस्करण में चैंपियन का ताज पहनाया गया था, जो हरियाणा के हिसार में आयोजित किया गया था, जिसमें 6 स्वर्ण, 1 रजत और 3 कांस्य पदक सहित 10 पदक शामिल थे।

और भी

एयरफोर्स की ताकत बनेंगे 12 फाइटर जेट

मुंबई: भारतीय वायुसेना की ताकत में और इजाफा होने वाला है। केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार ने इंडियन एयर फोर्स को 12 Su-30MKI फाइटर जेट्स के अधिग्रहण की मंजूरी दे दी है। इसके लिए केंद्र सरकार ने 10,000 करोड़ रुपए का टेंडर भी जारी कर दिया है। माना जा रहा है कि दिसंबर के अंत तक एचएएल इसके लिए रिस्पांड करेगा। भारत सरकार का यह कदम वायुसेना की ताकत बढ़ाने के उद्देश्य से उठाया जा रहा है।

केंद्र सरकार ने कहा कि पिछले 20 वर्षों में अलग-अलग दुर्घटनाओं में वायु सेना ने 12 सुखोई फाइटर जेट्स खो दिए हैं। अब केंद्र सरकार की पहल से सभी 12 फाइटर जेट्स की भरपाई की जाएगी। केंद्र सरकार की मानें तो हिंदुस्तान एयरोनॉटिक्स लिमिटेड ही इसका निर्माण करेगा। इसमें भारत से ही 60 प्रतिशत कल पुर्जे इस्तेमाल किए जाएंगे। इन 12 फाइटर जेट्स के आने से भारतीय वायु सेना के फ्लीट में 260 सुखोई फाइटर जेट्स हो जाएंगे।

यह इंडियन एयर फोर्स की ताकत बनने के साथ ही दुश्मन देशों के लिए भी खतरे की घंटी होगा। केंद्र सरकार लगातार भारतीय सेना, एयरफोर्स और नेवी को मजबूत कर रहा है। इसी कड़ी में यह टेंडर जारी किया गया है।

 
और भी

वनडे विश्व कप में स्टेडियम में रिकॉर्ड दर्शकों के पहुंचने के बावजूद प्रारूप के भविष्य पर सवाल

नई दिल्ली: विश्व कप विजेता कप्तान पैट कमिंस ने खुद स्वीकार किया है कि उन्हें फिर से 50 ओवर के क्रिकेट से प्यार हो गया है, लेकिन मौजूदा समय में एकदिवसीय प्रारूप की भविष्य में प्रासंगिकता को लेकर बहस जारी है।   इसमें कोई शक नहीं कि भारत विश्व क्रिकेट की धड़कन है और 45 दिनों तक चले विश्व कप के अधिकांश मैचों  के दौरान स्टेडियम खचाखच भरे रहे। यह कोई आश्चर्य की बात नहीं है कि भारत ने अब तक के सबसे अधिक दर्शकों वाले वनडे विश्व कप का आयोजन किया है। भारत में हाल में संपन्न हुए वनडे विश्व कप के मैचों को 12 लाख 50 हजार दर्शकों ने स्टेडियम में जाकर देखा जो हर चार साल में होने वाली इस प्रतियोगिता का नया रिकॉर्ड है। दर्शकों का यह उत्साह हालांकि द्विपक्षीय श्रृंखला में शायद ही बरकरार रहे।

खिलाड़ी और इस खेल को दिल से चाहने वाले टेस्ट क्रिकेट को पसंद करते हैं लेकिन टी20 प्रारूप से दर्शक ज्यादा प्रेरित और रोमांचित होते हैं। इस प्रारूप का इस्तेमाल खेल को वैश्विक स्तर पर बढ़ावा देने के लिए किया जा रहा है। डिजिटल युग में एकाग्र होकर क्रिकेट देखने का दायरा पहले से कहीं कम हो गया है। इसके साथ ही सभी के पास एक वनडे मैच के लिए आठ घंटे बिताने का समय और उत्साह नहीं है। भारत में आईसीसी वनडे विश्व कप यह साबित करने में सफल रहा कि इस खेल की वैश्विक स्पर्धा को देखने के लिए लोग तैयार हैं लेकिन द्विपक्षीय एकदिवसीय श्रृंखला को लेकर यह विश्वास नहीं जगता है। ऐसे में यह सवाल उठता है: क्या वनडे मैच केवल विश्व कप वर्ष में ही खेले जाने चाहिए? अगर नहीं, तो क्या वसीम अकरम और सचिन तेंदुलकर जैसे दिग्गजों की सलाह पर प्रारूप में बदलाव किया जाना चाहिए। भारतीय टीम अगले साल सिर्फ छह एकदिवसीय मैच खेलेगी जबकि पाकिस्तान का अगला एकदिवसीय मुकाबला नवंबर 2024 में है। यह हाल तब है जबकि यह देश 2025 में चैम्पियंस ट्रॉफी (2025) की मेजबानी करेगा। विश्व कप के दौरान अकरम ने इस प्रारूप को 50 के बजाय 40 ओवरों का करने की वकालत की तो वही तेंदुलकर काफी समय से इसमें ‘रोमांच’ बढ़ाने के लिए मैचों को 25-25 ओवरों की चार पारियों में बदलना चाहते हैं। अकरम से ‘फॉक्स स्पोर्ट्स’ से कहा, ‘‘ मुझे अभी वनडे क्रिकेट से थोड़ी समस्या है। आजकल एक दिवसीय क्रिकेट में आप बहुत कम देखते हैं कि बीच के ओवरों (लगभग 30वें ओवर के आस पास) में कुछ दिलचस्प होता है। अगर 40 ओवर का प्रारूप होगा तो उस समय अधिक रोमांच होगा।’’

उन्होंने कहा, ‘‘मुझे नहीं पता कि यह होने वाला है या नहीं, लेकिन मुझे लगता है कि 40 ओवर अधिक दिलचस्प होंगे, खासकर द्विपक्षीय श्रृंखला के लिए। आजकल के दर्शक, हम जानते हैं कि उनके पास समय नब्बे के दशक की तुलना में कम है। हमें इसे टी20 प्रारूप और सोशल मीडिया के अनुकूल बनाना होगा।’’ तेज गेंदबाजी में उनके जोड़ी वकार यूनुस ने आईसीसी को सुझाव दिया कि लगभग 30 ओवर के बाद गेंदबाजी टीम से एक गेंद वापस ली जाये। उन्होंने कहा, ‘‘ एकदिवसीय क्रिकेट बहुत हद तक बल्लेबाजों के अनुकूल है। आईसीसी को मेरा सुझाव होगा कि 30 ओवर के बाद दो में से एक गेंद वापस ले ली जाये। इससे गेंद पूरे खेल के दौरान 35 ओवर पुरानी होगी और गेंदबाजों को रिवर्स स्विंग करने का मौका मिलेगा।

रिवर्स स्विंग की कला को बचाने के लिए यह जरूरी है।’’ कमिंस ने विश्व चैंपियन बनने के बाद कहा कि उन्हें इस प्रारूप से प्यार है। उन्होंने कहा, ‘‘ हम जीत गए शायद इसलिए भी मुझे इस विश्व कप में फिर से वनडे से प्यार हो गया। मेरा मतलब है, विश्व कप का इतना समृद्ध इतिहास है, मुझे यकीन है कि यह लंबे समय तक बना रहेगा। हां, पिछले कुछ महीनों में बहुत सारे अद्भुत मैच, बहुत सारी अद्भुत कहानियां हैं। इसलिए, मुझे लगता है कि यह निश्चित रूप से बरकरार रहेगा।

 

 

और भी

तीरंदाजी के फाइनल में पहुंची शीतल देवी

बैंकाक: हांगझोऊ पैरा एशियाई खेलों में स्वर्णिम प्रदर्शन के बाद जम्मू कश्मीर की शीतल देवी ने एशियाई पैरा तीरंदाजी चैम्पियनशिप में भी शानदार प्रदर्शन करते हुए फाइनल में जगह बना ली है। बिना भुजाओं की तीरंदाज शीतल ने सेमीफाइनल में अपनी ही साथी सरिता को 143-138 से हराया। सरिता ने तीसरे स्थान की लड़ाई में भारत की ज्योति बालियान को 139-135 से हराकर कांस्य पदक जीता। ये दोनों ही तीरंदाज माता वैष्णो श्राइन बोर्ड अकादमी, कटरा से संबंधित हैं। इसी अकादमी के एक अन्य तीरंदाज जम्मू के राकेश कुमार ने भी फाइनल में जगह बनाई।

कंपाउंड के ओपन वर्ग में शीतल का फाइनल में मुकाबला सिंगापुर की नूर स्याहिदाह आलिम से होगा, जिन्होंने सेमीफाइनल में ज्योति को 150-138 से पराजित किया। पुरुषों के कंपाउंड ओपन वर्ग के सेमीफाइनल में राकेश कुमार ने जापान के यूआ ओए को 143-142 से पराजित किया। 38 वर्षीय राकेश सड़क दुुर्घटना में बुरी तरह जख्मी हो गए थे। उनके शरीर के निचले हिस्से ने काम करना बंद कर दिया था। इसके बाद वह व्हील चेयर पर आ गए। परिवार के सदस्यों को खोने के बाद वह बमुश्किल सदमें से उबरे। उसके बाद उन्होंने तीरंदाजी को अपनाया और यहां झंडे गाड़े।

 
और भी

कुमामोटो मास्टर्स जापान बैडमिंटन टूर्नामेंट में प्रणय की हार

दिल्ली: कुमामोटो मास्टर्स जापान बैडमिंटन टूर्नामेंट में भारत की दौड़ प्री-क्वार्टर फाइनल में एचएस प्रणय की हार के साथ समाप्त हो गई। प्रणय ने पहला गेम जीतने के बाद अपनी बढ़त खो दी और अंततः एक घंटे और 13 मिनट तक चले मैच में 21-19, 16-21, 19-21 के स्कोर के साथ चीनी ताइपे के 12वीं रैंकिंग वाले चोउ तिएन चेन से हार गए।


दुनिया के सातवें नंबर के भारतीय खिलाड़ी पिछले महीने हांगझोऊ में एशियाई खेलों में कांस्य पदक जीतने के बाद पहली बार खेल रहे थे। वह पीठ की चोट के कारण डेनमार्क और फ्रेंच ओपन से हटने के बाद कोर्ट पर लौटे। लक्ष्य सेन, प्रियांशु राजावत और पुरुष युगल के शीर्ष वरीय सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी अपने-अपने शुरुआती दौर में ही बाहर हो गए।

 

कुमामोटो मास्टर्स जापान एक बीडब्ल्यूएफ सुपर 500 टूर्नामेंट के परिणाम पेरिस 2024 ओलंपिक के लिए खिलाड़ियों की क्वालीफाइंग रैंकिंग में योगदान देंगे। योग्यता विंडो मई 2023 में शुरू हुई और अप्रैल 2024 में समाप्त होगी। भारतीय बैडमिंटन खिलाड़ी 21 नवंबर से शेनझेन में शुरू होने वाले सुपर 750 टूर्नामेंट चाइना मास्टर्स में भाग लेंगे।

 

 

 
और भी

Sa Vs Aus : बारिश ने रोका मैच, 4 विकेट खोकर दक्षिण अफ्रीका ने बनाये 44 रन

कोलकाता: कोलकाता के ईडन गार्डेन्स स्टेडियम में वनडे विश्व कप 2023 के दूसरे सेमीफाइनल में ऑस्ट्रेलिया का सामना दक्षिण अफ्रीका से है। भारतीय टीम ने बुधवार को न्यूजीलैंड को हराकर फाइनल में जगह बनाई और आज यह तय हो जाएगा कि खिताबी मुकाबले में टीम इंडिया के सामने कौन सी टीम होगी। जब दक्षिण अफ्रीका और ऑस्ट्रेलिया लीग स्टेज में भिड़े थे तो तेम्बा बावुमा की टीम ने कंगारुओं को करारी शिकस्त दी थी। दक्षिण अफ्रीका ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया है।


कोलकाता में बारिश की वजह से खेल रुक गया है। दक्षिण अफ्रीका ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 14 ओवर में चार विकेट खोकर 44 रन बना लिए हैं। हेनरिच क्लासेन और डेविड मिलर क्रीज पर हैं। ऑस्ट्रेलिया के लिए जोश हेजलवुड और मिचेल स्टार्क ने दो-दो विकेट लिए हैं। अगर बारिश की वजह से आज मैच पूरा नहीं हो पाता है तो कल रिजर्व डे है और कल यह मैच पूरा होगा। अगर कल भी बारिश होती है और मैच पूरा नहीं होता है तो अंक तालिका में बेहतर स्थिति में रहने के कारण दक्षिण अफ्रीका की टीम फाइनल में पहुंच जाएगी।

 

 

और भी

Ind Vs Nz : भारत ने न्यूजीलैंड को दिया 398 रन का लक्ष्य...

मुंबई: विश्वकप के पहले सेमीफइनल की पहली पारी समाप्त हो चुकी है। 4 विकेट खोकर भारत ने 397 रन बनाये। रोहित की पलटन टूर्नामेंट में अजेय रहने वाली इकलौती टीम है। भारतीय टीम ने लीग स्टेज के अपने सभी 9 मैचों में जीत दर्ज करते हुए सेमीफाइनल में जगह बनाई है।


न्यूजीलैंड के खिलाफ खेलते हुए आज टीम इंडिया की आक्रामक बल्लेबाजी देखने को मिली। विराट कोहली और श्रेयस अय्यर का शतक हो या राहुल शर्म की तूफानी ओपनिंग। मैच की बात करें तो कप्तान रोहित शर्मा 29 गेंद में 47 रन बनाकर आउट हुए। टिम साउदी की गेंद पर छक्का लगाने के प्रयास में उन्होंने केन विलियम्सन को कैच थमा दिया। यह काफी मुश्किल कैच था, लेकिन विलियम्सन ने शानदार कैच पकड़ा। इसके बाद विराट कोहली और शुभमन गिल ने पारी संभाली। इस दौरान शुभमन गिल ने 41 गेंद में अपना वनडे क्रिकेट का 13वां अर्धशतक पूरा किया। लेकिन शुभमन गिल 65 गेंद में 79 रन बनाकर पवेलियन लौट गए हैं। वे आउट नहीं हुए। मुंबई की गर्मी की वजह से उन्हें समस्या हुई और वापस जाना पड़ा। इसके बाद श्रेयस अय्यर और विराट कोहली ने मोर्चा संभाला और आक्रामक बल्लेबाजी शुरू की। विराट कोहली ने वनडे में अपना 50वां शतक पूरा किया और सचिन तेंदुलकर का रिकॉर्ड तोड़ा।

 

327 रन पर भारत का दूसरा विकेट गिरा। विराट कोहली 113 गेंद में 117 रन बनाकर आउट हो गए। उन्होंने अपनी पारी में नौ चौके और दो छक्के लगाए। इसके बाद श्रेयस अय्यर के साथ लोकेश राहुल ने मोर्चा संभाला। श्रेयस अय्यर ने 67 गेंद में अपना शतक पूरा किया। उन्होंने लगातार दूसरे मैच में शतकीय पारी खेली और टीम इंडिया को बड़े स्कोर तक ले गए हैं। 48 ओवर के बाद भारत का स्कोर 366 रन था। इसके बाद 381 रन पर भारत का तीसरा विकेट गिरा। श्रेयस अय्यर 70 गेंद में 105 रन बनाकर आउट हो गए। उन्होंने अपनी पारी में चार चौके और आठ छक्के लगाए।

 


टिम साउथी पारी का 50वां ओवर करने आए। उन्‍होंने पहली ही गेंद पर सूर्यकुमार यादव को ग्‍लेन फिलिप्‍स के हाथों कैच आउट कराया। सूर्या ने 2 गेंदों में एक रन बनाया। इसके बाद शुभमन गिल आए और सिंगल लिया। केएल राहुल ने तीसरी गेंद पर वाइड लांग ऑन की दिशा में छक्‍का जमाया। चौथी गेंद पर राहुल बीट हुए। पांचवीं गेंद पर राहुल ने लेग साइड में चौका जमाया। आखिरी गेंद पर राहुल ने चौका जमाया। इस तरह भारत की पारी का समापन हुआ। इस ओवर में 15 रन बने और एक विकेट आया।

 

 

 
और भी

Aus vs Afg : अफगानिस्तान ने ऑस्ट्रेलिया को दिया 292 रन का लक्ष्य

मुंबई: विश्व कप 2023 के 39वें मैच में ऑस्ट्रेलिया का सामना अफगानिस्तान से है। मंगलवार को यह मैच मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में खेला जा रहा है। शुरुआती कुछ मैच गंवाने के बाद अफगानिस्तान की टीम शानदार फॉर्म में चल रही है। उसने अपने पिछले पांच में से चार मैच जीते हैं। वहीं, ऑस्ट्रेलिया ने शुरुआती दो मुकाबले गंवाने के बाद लगातार पांच मैच जीते हैं। ऐसे में सेमीफाइनल में पहुंचने की जंग में दोनों के बीच कड़ी टक्कर देखने को मिल सकती है। अफगानिस्तान ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 291 रन बनाए हैं।

292 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए ऑस्ट्रेलिया की शुरुआत बेहद खराब रही है। ट्रेविस हेड खाता खोले बिना आउट हो चुके हैं। नवीन उल हक ने उन्हें विकेटकीपर इकरम अलीखिल के हाथों कैच कराया। अब वॉर्नर के साथ मिचेल मार्श क्रीज पर हैं। 5 ओवर के बाद ऑस्ट्रेलिया का स्कोर 33/1 है।


पहले बल्लेबाजी करते हुए अफगानिस्तान की शुरुआत अच्छी नहीं रही थी। रहमनुल्लाह गुरबाज 25 गेंद में 21 रन बनाकर आउट हुए थे। इसके बाद रहमत शाह और इब्राहिम जादरान ने दूसरे विकेट के लिए 83 रन की साझेदारी निभाई। रहमत 30 रन बनाकर मैक्सवेल की गेंद पर आउट हुए। इसके बाद इब्राहिम ने कप्तान हशमतुल्लाह शाहिदी के साथ तीसरे विकेट के लिए 52 रन की साझेदारी की। शाहिदी 26 रन बनाकर आउट हुए। अजमतुल्लाह ओमरजई भी 22 रन बनाकर पवेलियन लौट गए। मोहम्मद नबी 12 रन बना सके। इस बीच इब्राहिम ने वनडे करियर का पांचवां शतक लगाया। वह विश्व कप में अफगानिस्तान की ओर से शतक जड़ने वाले पहले खिलाड़ी बने।


इब्राहिम 143 गेंद में आठ चौके और तीन छक्के की मदद से 129 रन बनाकर नाबाद रहे। वहीं, राशिद ने 18 गेंद में 35 रन की पारी में दो चौके और तीन छक्के लगाए। ऑस्ट्रेलिया की ओर से जोश हेजलवुड ने दो विकेट लिए। वहीं, मिचेल स्टार्क, ग्लेन मैक्सवेल और एडम जाम्पा को एक-एक विकेट मिला।

और भी

NZ vs Pak : पाकिस्तान के सामने 41 ओवर में 342 रन का लक्ष्य

बेंगलुरु: विश्व कप 2023 के 35वें मुकाबले में शनिवार को पाकिस्तान का सामना न्यूजीलैंड से है। यह मैच बेंगलुरु के चिन्नास्वामी स्टेडियम में खेला जा रहा है। पाकिस्तान और न्यूजीलैंड के बीच मुकाबले में हारने वाली टीम के लिए आगे का रास्ता मुश्किल हो जाएगा। वहीं, जीतने वाली टीम अंतिम-चार के लिए दावा ठोकेगी। पाकिस्तान ने अपने पिछले मैच में बांग्लादेश को हराया था। वहीं, न्यूजीलैंड की टीम पिछले तीन मैच गंवा चुकी है। पाकिस्तान के कप्तान बाबर आजम ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया।

 

बारिश की वजह से ओवर्स में कटौती की गई है। अब पाकिस्तान को 50 ओवर में 402 रन की जगह 41 ओवर में 342 रन का लक्ष्य मिला है। पाकिस्तान ने 21.3 ओवर में एक विकेट पर 160 रन बना लिए हैं। यानी उन्हें अब 19.3 ओवर में 182 रन की जरूरत है। शाम छह बजकर 20 मिनट पर मैच शुरू हो जाएगा। बारिश के कारण खेल रुकने तक पाकिस्तान ने 21.3 ओवर में एक विकेट पर 160 रन बना लिए हैं।  बारिश के बाद खेल शुरू हो चुका है और बाबर आजम ने अपना अर्धशतक भी पूरा कर लिया है। फखर शतक लगाकर खेल रहे हैं। दोनों के बीच 170 रन की साझेदारी हो चुकी है। 24 ओवर के बाद पाकिस्तान का स्कोर 179/1 है।

 

न्यूजीलैंड की शुरुआत अच्छी रही थी। डेवोन कॉन्वे और रचिन रवींद्र ने पहले विकेट के लिए 68 रन की साझेदारी निभाई। कॉन्वे 39 गेंद में 35 रन बनाकर आउट हुए। इसके बाद चोट से वापसी कर रहे केन विलियम्सन ने रचिन रवींद्र के साथ 180 रन की साझेदारी निभाई। इस बीच रचिन ने इस विश्व कप का अपना तीसरा शतक जड़ा। वह न्यूजीलैंड के लिए किसी एक विश्व कप में तीन शतक लगाने वाले पहले खिलाड़ी बने। वहीं, विलियम्सन 79 गेंद में 10 चौके और दो छक्के की मदद से 95 रन बनाकर आउट हुए। शतक लगाने के बाद मिचेल भी अपना विकेट दे बैठे। वह 94 गेंद में 15 चौके और एक छक्के की मदद से 108 रन बनाकर आउट हुए। इसके बाद डेरिल मिचेल 18 गेंद में 29 रन, मार्क चैपमैन 27 गेंद में 39 रन, ग्लैन फिलिप्स ने 25 गेंद में 41 रन की पारी खेली। मिचेल सैंटनर 17 गेंद में 26 रन और टॉम लाथम दो रन बनाकर नाबाद रहे। वसीम के अलावा हसन अली, इफ्तिखार अहमद और हारिस रऊफ को एक-एक विकेट मिला। शाहीन अफरीदी ने इस मैच में 90 रन दिए और उन्हें कोई विकेट नहीं मिला। 24 वनडे पारियों में यह पहली बार है जब शाहीन अफरीदी बिना विकेट लिए रहे हैं।

और भी

वर्ल्ड कप 2023 में भारत की लगातार सातवीं जीत, श्रीलंका को हराकर टीम इंडिया की सेमीफाइनल में एंट्री

मुंबई: गुरुवार को मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में खेले गए भारत और श्रीलंका के बीच मुकाबले में भारतीय टीम की शानदार जीत हुई है। इस दौरान भारत ने श्रीलंका को 302 रनों के बड़े अंतर से परास्त कर सेमीफाइनल में जगह बना ली है। इसके साथ ही वर्ल्ड कप 2023 में भारतीय टीम अजेय बढ़त के साथ सेमीफाइनल में पहुंचने वाली पहली टीम बन गई है। वहीं पॉइंट्स टेबल में 14 अंकों के साथ भारतीय टीम टॉप पर काबिज हो गई है। जबकि रनों  के लिहाज से वर्ल्ड कप इतिहास की दूसरी सबसे बड़ी जीत हासिल करने वाली टीम बन गई है। वहीं भारतीय टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 50 ओवर में 8 विकेट के नुकसान पर 357 रन का पहाड़ खड़ा किया था। जिसके जवाब में श्रीलंकाई टीम महज 19.4 ओवर में 55 रन पर ही सिमट गई। इस दौरान मोहम्मद शमी ने धमाकेदार गेंदबाजी करते हुए 5 विकेट अपने नाम किए। उन्होंने 5 ओवर में महज 18 रन देकर 5 विकेट चटकाए। इसके अलावा मोहम्मद सिराज ने तीन जबकि जसप्रीत बुमराह और रविंद्र जडेजा ने एक-एक विकेट हासिल किया। इसके साथ ही शमी को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। 

वहीं श्रीलंका की पारी की शुरुआत बेहद खराब रही। पहले ओवर की पहली ही गेंद पर जसप्रीत बुमराह ने श्रीलंका टीम को पहला झटका दिया। इस दौरान पाथुम निसांका पहली ही गेंद पर पवेलियन लौट गए। दूसरे ओवर में मोहम्मद सिराज ने धमाकेदार अंदाज में गेदंबाजी करते हुए पहली ही गेंद पर दिमुथ करुणारत्ने को एलबीडब्ल्यू कर दिया। इसके बाद दूसरे ओवर की पांचवीं गेंद पर सदीरा समरविक्रमा कैच आउट हुए। सिराज ने इन दोनों ही बल्लेबाजों को डक आउट किया। चौथे ओवर में सिराज ने पहली ही गेंद पर कुसल मेंडिस को क्लीन बोल्ड कर श्रीलंका को चौथा झटका दिया। कप्तान मेंडिस एक रन ही बना सके। इसके साथ ही सिराज ने कहर बरपाया और लगातार चार विकेट चटका दिए। 

जबकि टॉस गंवा कर भारतीय टीम ने निर्धारित 50 ओवर में 8 विकेट के नुकसान पर 357 रन बनाए। इस दौरान शुबमन गिल (92), विराट कोहली (88) और श्रेयस अय्यर (82) अपने शतक से चूक गए। वहीं श्रीलंका की तरफ से दिलशान मदुशंका ने 5 विकेट अपने नाम किए। उन्होंने 10 ओवर में 80 रन देकर 5 विकेट चटकाए। 

हालांकि, भारत की शुरुआत अच्छी नहीं रही। पहले ओवर की दूसरी ही गेंद पर मदुशंका ने भारत को रोहित शर्मा के रूप में बड़ा झटका दिया। कप्तान रोहित महज 4 रन बनाकर अपना विकेट गंवा बैठे। इसके बाद शुबमन गिल और विराट कोहली ने टीम इंडिया के लिए बखूबी मोर्चा संभाला। दोनों के बीच दूसरे विकेट के लिए 189 रन की महत्वपूर्ण साझेदारी हुई। लेकिन 30वें ओवर में गिल के आउट होने के बाद ये पार्टनरशिप खत्म हो गई। उसके बाद भारत ने तीसरा विकेट विराट कोहली के रूप में गंवाया। कोहली को मदुशंका ने 32वें ओवर में पवेलियन भेजा। केएल राहुल और श्रेयस अय्यर ने चौथे विकेट के लिए 60 रन की साझेदारी की. राहुल ने 19 गेंदों में 21 रन बनाए। राहुल को दुष्मंथा चमीरा ने 40वें ओवर में हेमंथा को लपकवाया।

सूर्यकुमार यादव बड़ी पारी नहीं खेल सके। उन्होंने 9 गेंदों में 12 रन बाए। सूर्या को मदुशंका ने 42वें ओवर में आउट किया। फिर अय्यर और रविंद्र जडेजा ने छठे विकेट के लिए 57 रन जोड़े लेकिन अय्यर 56 गेंदों में 82 रन की अहम पारी खेलकर मदुशंका के शिकार बन गए। फिर अय्यर के बाद शमी जडेजा का साथ देने आए लेकिन वो भी महज 2 रन बनाकर रनआउट हो गए। फिर भारत का आखिरी विकेट रविंद्र जडेजा के रूप में आउट हुए। जडेजा ने 24 गेंदों में 35 रन की अहम पारी खेली।

 

 

और भी

IND vs SL : भारत का स्कोर 240 रन के पार, शतक से चूके विराट-गिल...

मुंबई: विश्व कप 2023 के 33वें मुकाबले में गुरुवार को भारत का सामना श्रीलंका से है। यह मैच मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में खेला जा रहा है। टीम इंडिया छह में से छह मुकाबले जीतकर मजबूत स्थिति में है, जबकि श्रीलंका ने छह में से सिर्फ दो मैच जीते हैं। चार मैचों में उन्हें हार का सामना करना पड़ा है। आज जीत से भारत सेमीफाइनल में अपनी जगह लगभग पक्की कर लेगा। वहीं, श्रीलंका के लिए यह करो या मरो मुकाबला है। हार से उसका रास्ता बेहद मुश्किल हो जाएगा। श्रीलंका ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला लिया।


श्रीलंका के कप्तान कुसल मेंडिस ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला लिया। उन्होंने प्लेइंग-11 में एक बदलाव किया है। धनंजय डिसिल्वा की जगह स्पिनर दुशान हेमंता को टीम में शामिल किया गया है। वहीं, भारतीय कप्तान रोहित शर्मा ने प्लेइंग-11 में कोई बदलाव नहीं किया है। यानी श्रेयस अय्यर, सूर्यकुमार और शमी खेलते दिखेंगे। हमेशा की तरह रोहित इस बार भी टॉस में कॉन्फिडेंट दिखे। उन्होंने कहा कि हम टॉस जीतते तो पहले बल्लेबाजी का ही फैसला करते। इस वजह से टॉस का ज्यादा असर नहीं है।

 

भारत को पहले ही ओवर में बड़ा झटका लगा। दिलशान मदुशंका पहले ओवर में गेंदबाजी के लिए आए। पहली ही गेंद पर रोहित ने फाइन लेग बाउंड्री पर चौका लगाया। इसके बाद अगली ही गेंद पर मदुशंका ने रोहित शर्मा को क्लीन बोल्ड किया। वह दो गेंद में चार रन बना सके। ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ ओपनिंग मैच के बाद यह पहली बार है जब रोहित सस्ते में निपट गए हैं।

 



पांचवें ओवर में दिलशान मदुशंका की गेंद पर शुभमन गिल का कैच छूटा था। चरिथ असलंका कैच नहीं ले सके। तब शुभमन आठ रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे थे। इसके बाद छठे ओवर की पहली गेंद पर दुष्मंथा चमीरा ने अपनी ही गेंद पर कोहली का कैच छोड़ दिया। उस वक्त कोहली 10 रन बना सके थे। इसी ओवर में कैच छूटने के बाद कोहली ने दो चौके जड़े। फिर सातवें ओवर में भी कोहली ने दो चौके लगाए। विराट कोहली ने 50 गेंद में अर्धशतक जड़ा। यह उनके वनडे करियर का 70वां अर्धशतक रहा। विराट कोहली के बाद शुभमन गिल ने भी 55 गेंद में अर्धशतक जड़ा। यह उनके वनडे करियर का 11वां अर्धशतक रहा। शुभमन गिल 92 गेंद में 92 रन बनाकर आउट हो चुके हैं। उन्होंने अपनी पारी में 11 चौके और दो छक्के लगाए। मदुशंका ने उन्हें कुसल मेंडिस के हाथों कैच कराया। इसके बाद विराट कोहली 94 गेंद में 88 रन बनाकर आउट हो गए। उन्होंने अपनी पारी में 11 चौके लगाए। दिलशान मदुशंका ने उन्हें निसांका के हाथों कैच कराया। कोहली अपने 49वें वनडे शतक से चूक गए। अब श्रेयस के साथ लोकेश राहुल क्रीज पर हैं। 38 ओवर में 247 रन का स्कोर हो गया है।

दोनों टीमें इस प्रकार हैं
भारत: रोहित शर्मा (कप्तान), शुभमन गिल, विराट कोहली, श्रेयस अय्यर, केएल राहुल (विकेटकीपर), सूर्यकुमार यादव, रवींद्र जडेजा, कुलदीप यादव, मोहम्मद शमी, जसप्रीत बुमराह, मोहम्मद सिराज।

श्रीलंका: पथुम निसांका, दिमुथ करुणारत्ने, कुसल मेंडिस (कप्तान/विकेटकीपर), सदीरा समरविक्रमा, चरिथ असलांका, एंजेलो मैथ्यूज, दुशान हेमंता, महीश तीक्ष्णा, कसुन रजिथा, दुष्मंत चमीरा, दिलशान मदुशंका।

 

 

 
और भी

पाकिस्तान ने बांग्लादेश को सात विकेट से हरा सेमी-फाइनल की रेस से किया बाहर

दिल्ली: वर्ल्ड कप 2023 का 31वां मुक़ाबला पाकिस्तान और बांग्लादेश के बीच खेला गया। कोलकाता के ईडन गार्डेंस स्टेडियम में खेले गए इस मैच में पाकिस्तान को लगातार चार हार के बाद जीत मिली है।

पाकिस्तान ने मोहम्मद वसीम जूनियर और शाहीन अफरीदी की बेहतरीन गेंदबाजी के बाद सलामी बल्लेबाज फखर जमान और अब्दुल्ला शफीक के अर्धशतकों की मदद से बांग्लादेश को 7 विकेट से हरा दिया।

 



इस हार के साथ बांग्लादेश आधिकारिक तौर पर वर्ल्ड कप 2023 में सेमी-फाइनल की रेस से बाहर हो गया है। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए बांग्लादेश ने पाकिस्तान के सामने 205 रनों का लक्ष्य रखा था। जिसे पाकिस्तान ने 32.3 ओवर में तीन विकेट खोकर हासिल कर लिया। पाकिस्तान के लिए फखर जमान ने बेहतरीन बल्लेबाजी की। लेकिन वे अपने शतक से चूक गए। फखर ने 74 गेंद में तीन चौके और सात सिक्स की मदद से 81 रनों की पारी खेली।

 



फखर के अलावा अब्दुल्ला शफीक ने 69 गेंद पर 2 सिक्स और 9 चौके की मदद से 68 रन बनाए। पाकिस्तान के कप्तान बाबर आजम का बल्ला इस मैच में नहीं चला। वह 16 गेंद पर नौ रन बनाकर आउट हुए। वहीं विकेट कीपर बल्लेबाज मोहम्मद रिजवान ने 21 गेंद पर 26 और इफ्तिखार अहमद 15 गेंद पर 17 रन बनाकर नाबाद रहे। बांग्लादेश के लिए मेहदी हसन मिराज ने तीनों विकेट लिए।

 



इससे पहले बांग्लादेश की टीम 45.1 ओवर में 204 रन ही बना सकी। उसके लिए सबसे ज्यादा रन महमूदुल्ला ने बनाए। उन्होंने 56 रन की पारी खेली। लिटन दास 45, कप्तान शाकिब अल हसन 43 और मेहदी हसन मिराज 25 रन बनाकर आउट हुए। पाकिस्तान के लिए मोहम्मद वसीम जूनियर और शाहीन अफरीदी ने तीन-तीन विकेट लिए। हारिस रऊफ को दो सफलता मिली। इफ्तिखार अहमद और उसामा मीर ने एक-एक विकेट अपने नाम किया।

इस हार के बाद बांग्लादेशी टीम विश्व कप से बाहर हो गई। वह टूर्नामेंट से बाहर होने वाली पहली टीम बनी। उसके सात मैचों में दो अंक ही हैं। बाकी बचे दो मैचों में जीत के बावजूद उसके छह अंक ही होंगे। दूसरी ओर, पाकिस्तान के अब सात मैचों में छह अंक हो गए हैं। अगर वह अपने बाकी बचे दोनों मुकाबलों में जीत हासिल कर लेता है तो सेमीफाइनल में पहुंच सकता है।

और भी